गया, 18 फरवरी 2026: पूर्व मध्य रेलवे के रेसुब पोस्ट एवं जीआरपी गया द्वारा ऑपरेशन सर्तक के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में तीन व्यक्तियों को 30.375 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 32,400 रुपये है।
गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर गश्त के दौरान रेसुब और जीआरपी के जवानों ने तीन व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में पाया। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास से 81 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मुकेश कुमार, विकास कुमार और सोनू कुमार के रूप में हुई है। ये सभी व्यक्ति अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे हरियाणा से शराब खरीदकर लाए थे और बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने के लिए ले जा रहे थे।
जीआरपी थाना गया में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में रेसुब और जीआरपी के जवानों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
12397 गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस से दो यात्रियों की जान चले जाने की घटना के बाद इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच शुरू हो गई है। प्रारंभिक जांच में इस दुखद घटना के लिए उन दोनों यात्रियों की ही गलती सामने आई है, जिनके इस हादसे में घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। घटना सोमवार को गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 06 पर उस वक्त हुई थी जब महाबोधि एक्सप्रेस की रेक प्लेटफॉर्म पर प्लेस कर रही थी।
मंगलवार को डीडीयू मंडल मुख्यालय के क्षेत्रीय अधिकारी(एरिया ऑफिसर) आर. के. सिंह गया जंक्शन पर इस हादसे की मंडल स्तरीय जांच को लेकर पहुंचे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि क्षेत्रीय अधिकारी श्री सिंह को इस घटना की जांच के लिए यहां भेजा गया है जो इस हादसे से जुड़ी सभी पहलुओं की सूक्ष्मता से जांच कर रहे हैं। जांच में क्या सामने आया है, इस निष्कर्ष पर अबतक नहीं पहुंच सके हैं।
प्रारम्भिक जांच में मृत यात्रियों की गलती सामने आई
रेलवे सूत्रों ने बताया कि सोमवार को हुए इस हादसे के बाद स्थानीय पर्यवेक्षक स्तर के पदाधिकारियों की एक टीम ने जांच की थी। इस जांच में कई बातें सामने आई थी।
# जिसमें एक जिस स्थान पर हादसा हुआ उस जगह पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए थे
# दूसरी बात कि प्लेटफॉर्म नंबर 06 पर कोच इंडिकेशन बोर्ड नहीं हैं।
# जांच टीम ने पाया है कि एक यात्री(युवक) चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था और उसी युवक के पीठ पर प्रौढ़ यात्री उसे पकड़ कर चढ़ने लगे थे और उनका संतुलन बिगड़ गया। फलतः दोनों यात्री प्लेटफॉर्म और कोच के मध्य गैप में गिर गए। परिणाम स्वरूप दोनों की मौत हो गई।
# जांच में यह भी बात सामने आई है कि घटना के दिन यात्रियों को लाइन लगाकर कोच में नहीं बिठाया गया था। जबकि जवानों की तैनाती प्लेटफॉर्म पर थी, यात्रियों की भीड़ अपेक्षाकृत कम थी।
उच्चस्तरीय जांच में शामिल हैं ये लोग
सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को गया जंक्शन पर जांच करने आए डीडीयू जंक्शन के एरिया ऑफिसर आर. के. सिंह के अलावा सहायक सुरक्षा आयुक्त हरमंगत सिंह, सहायक मंडल अभियंता ऋषिकेश मीना एवं अन्य शामिल हैं। ये सभी उस स्थान पर भी गए, जहां घटना(प्लेटफॉर्म नंबर 06 पर) हुई थी। बता दें कि हादसे की वजह से सोमवार को महाबोधि एक्सप्रेस 14:40 बजे खुली थी। इस घटना में रेलवे को कोई क्षति नहीं पहुंची है। मृतकों में एक गया जिले के बाराचट्टी का व दूसरा जहानाबाद जिले के थे।
हादसे के बाद सबक, लाइन में यात्रियों को लगाया गया
हादसे से सबक लेकर आरपीएफ के द्वारा मंगलवार को महाबोधि एक्सप्रेस के सामान्य कोच के सामने यात्रियों को सुरक्षित जगह दिलाने के लिए बैरिकेटिंग की गई। वृद्ध, लाचार एवं बच्चों को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित कोच में बिठाया गया। बता दें इस ट्रेन में चार जनरल(सामान्य) बोगी लगते हैं। दो इंजन के साइड में और दो गार्ड/एसएलआर कोच से सटे होते हैं।
गया जी शहर के सिकड़िया मोड़ पर से फुटपाथी दुकानदारों को हटा दिए जाने के बाद उनके समक्ष रोजी रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई थी। इसके बाद यहां के फुटपाथी दुकानदारों ने स्ट्रीट वेंडर एसोसिएशन के समक्ष रखा। एसोसिएशन ने पहल की। इसके बाद मंगलवार से पुनः यहां के फुटपाथ पर दुकानें लगाई गई। इस बात की जानकारी देते हुए स्ट्रीट वेंडर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमरनाथ गिरि ने बताया कि जिस जगह पर दुकानें बंद करा दी गई थी, उन दुकानों के संचालक ने जब यह समस्या रखी तो मंगलवार को एसोसिएशन के लोग सिकड़िया मोड़ पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हटाए गए सभी दुकानदारों को भारत सरकार के गाइडलाइंस के अनुसार लाइसेंस जारी किया गया है। जो टाउन वेंडिंग कमिटी के नियमानुसार ये सभी अपनी अपनी दुकानों का संचालन करते हैं। निगम प्रशासन को या अतिक्रमण के नाम पर इन दुकानदारों को हटाने गए कई पदाधिकारी को स्ट्रीट(टाउन) वेंडिंग कमिटी के नियमों की जानकारी नहीं है और इन्हें हटाने की कार्रवाई की गई जो गलत है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को सारे नियमों से नगर निगम के सिटी मैनेजर तथा सम्बंधित पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके पश्चात हटाए गए स्ट्रीट वेंडरों को फिर से बसा दिया गया है। ताकि रोजी रोटी पर और इनके व्यवसाय पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़े। इस मौके पर एसोसिएशन के जिला सचिव कृष्णदेव पांडेय, सिकड़िया मोड़ फुटपाथ दुकानदार संघ के अध्यक्ष व सभी सदस्य मौजूद थे। इधर एक चर्चा है कि स्टेशन रोड स्थित कुछ फुटपाथी दुकानदारों ने अपनी दुकानें रेल क्षेत्र में लगा दी थी। जिसकी किसी ने इसकी सूचना विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार तक पहुंचा दी। इसके बाद आनन फानन में कोतवाली थाना, ट्रैफिक पुलिस तथा आरपीएफ के पदाधिकारियों तक दुकानों को हटवाने का आदेश पहुंचा तो दुकानें हटवा दी गई।
गया जंक्शनगया जिलाध्यक्ष को माल्यार्पण करते एआईआरएफ के नेता
आईजेयू के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने के लिए गया जी से श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल कर्नाटक के लिए मंगलवार को रवाना हुआ। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की गया जिला इकाई के अध्यक्ष रंजन सिन्हा ने बताया कि जिला कोषाध्यक्ष जय प्रकाश के नेतृत्व में पत्रकारों का दल अधिवेशन में शामिल होने के लिए प्रस्थान किया। इस अवसर पर संगठन से जुड़े पत्रकारों ने अधिवेशन से महत्वपूर्ण निष्कर्ष निकलने की उम्मीद जताई और पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की बात कही।
इस मौके पर आल इंडिया रेलवे फेडरेशन के वरिष्ठ नेता ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के केंद्रीय कोषाध्यक्ष सह गया जंक्शन के एसएस मिथलेश कुमार, स्ट्रीट वेंडर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमरनाथ गिरि, सचिव कृष्ण देव पांडेय, स्टेशन रोड फुटपाथ दुकानदार संघ के अध्यक्ष मनीष कुमार, वरिष्ठ पत्रकार देवव्रत मंडल ने डेलीगेट के सदस्यों को अंगवस्त्र देकर व माला पहनाकर गया जंक्शन से रवाना किया। इस मौके पर कई गणमान्य कर्नाटक के लिए रवाना हुए प्रतिनिधिमंडल के लोगों फूल माला से स्वागत किया। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के गया जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा ने कहा कि उनके जिलाध्यक्ष बनने के बाद इंडियन जॉर्नलिस्ट यूनियन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी का दो दिवसीय अधिवेशन कर्नाटक में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बिहार से जयप्रकाश सिंह(जहानाबाद), नवीन कुमार(शेखपुरा) तथा पटना से कई वरिष्ठ पत्रकार साथी इस अधिवेशन में भाग लेने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारों के हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अधिवेशन में चर्चा होने वाले हैं। जिसमें बिहार के पत्रकारों की समस्याओं को जोरदार तरीके से रखा जाएगा। श्री सिन्हा ने बताया कि इस बार के अधिवेशन में उनकी मांग रहेगी कि अगला राष्ट्रीय अधिवेशन गया जी में होना चाहिए।
खबरें केवल वो नहीं होती है जो अधिकारी कहते हैं या बताते हैं। खबरें वो भी होती है जिसके पीछे छिपी हकीकत दिखाई देती है। जो कुछ और बयां करती है। आइए आज ‘मगध लाइव’ कुछ ऐसे ही खबर का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आपके सामने रखने की कोशिश कर रहा है। पिछले दिनों डिजिटल इंडिया में ‘मुर्दों ने अंगूठा…’ रिपोर्ट के माध्यम से सच्चाई को सामने रखना चाहा। जो राशन वितरण प्रणाली से जुडी हुई है। इस एक रिपोर्ट के माध्यम से सच सबके सामने लाने की कोशिश की है। अब रेलवे से एक रिपोर्ट आई है जो रेलवे की रिपोर्ट का पोस्टमार्टम रिपोर्ट कहा जा सकता है।
लगी दुकानें और ग्राहक(फ़ाइल चित्र)
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
दिनांक 16 फरवरी। साल 2026 और दिन सोमवार। रेलवे के कुछ विभाग के स्थानीय पदाधिकारियों ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। कार्रवाई की तारीफ करनी चाहिए क्योंकि ये काबिले तारीफ़ है। करोड़ों रुपए की रेलवे की जमीन पर से दुकानें, अस्थायी झोपड़ियों और ठेले(चलंत दुकान) हटाए(रिमूव) गए।
रिपोर्ट पर इन सभी के संयुक्त हस्ताक्षर
संयुक्त रिपोर्ट तैयार की गई। इस कार्रवाई में शामिल स्थानीय रेल प्रशासन स्टेशन प्रबंधक, वाणिज्य पर्यवेक्षक (सामान्य), वरीय अनुभाग अभियंता(कार्य) और निरीक्षक प्रभारी आरपीएफ पोस्ट, गया ने अपने अपने विभाग के वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट से अवगत कराया। कहें तो ईमानदारी की सबूत पेश करने जैसी बात है। जो लग रहा है कि सीना चौड़ा कर बताया कि हम लोगों ने मिलकर बहुत बड़ा काम कर दिखाया है।
फ़ाइल फोटो
मामला डेल्हा साइड एक नंबर गुमटी से जुड़ा
मामला पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल के गया जंक्शन का है। साइड डेल्हा का बताया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि 32 झोपड़ी, 15 दुकानें एवं 11 ठेला को यहां से हटाकर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त किया गया। जमीन जितनी मुक्त कराई गई उसका रकबा दो हजार वर्ग मीटर है और इसकी कीमत 5 करोड़ रुपए बताई गई है।
06 जून 2025 को 42 दुकानें हटाई गई थी
कार्रवाई की कागजी रिपोर्ट पर खुश होने वाले स्थानीय प्रशासन को याद करने या रखने की जरूरत है। अब यदि उन्हें याद नहीं है तो ‘मगध लाइव’ याद दिलाने की कोशिश कर रहा है। शायद इससे याद आ जाए। 16 फरवरी 2026 के पहले 06 जून 2025 को इसी जगह पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई थी। उस वक्त जो संयुक्त रिपोर्ट ऊपर तक भेजी गई थी, उसमें मछली, मुर्गा, मीट, सब्जी, फल, चाट, चाय की 42 दुकानें/ठेला हटा दिए जाने की बात कही गई थी।
आठ महीने तक फिर कैसे दुकानें चलती रही
पूर्व की रिपोर्ट भी स्पष्ट रूप से चिल्ला चिल्ला कर कहती है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी और 16 फरवरी की भी रिपोर्ट कह रही है कि अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है। अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि पूर्व की रिपोर्ट में जब दुकानें हटा दिए जाने के दावे किए गए थे तो आखिर फिर आठ महीने तक दुकानें फिर कैसे चलती रही? जबकि 06 जून 2025 की हुई कार्रवाई और 16 फरवरी 2026 को हुई कार्रवाई के बीच उनमें से किसी पदाधिकारी का न तो तबादला हुआ और न दायित्व बदले गए।
क्या आठ महीने में एक बार भी किसी ने विजिट नहीं किया
आठ महीने तक क्या इनमें से कोई एक भी पदाधिकारी डेल्हा साइड गुमटी नंबर एक की तरफ नहीं विजिट किया? यदि नहीं किया गया तो क्यों? और जब किया गया तो दुकानें कैसे चलती रही? यह ताजी कार्रवाई फिर क्यों करने की आवश्यकता पड़ गई? यदि सभी अपने अपने दायित्व तथा कर्तव्यों का निर्वहन ‘ईमानदारी पूर्वक’ नहीं किए होंगे तभी तो फिर से इस जगह पर दुकानें सज धज कर तैयार हो गई होगी।
डीआरएम विजिट के दौरान खुद देख चुके थे तो…
दरअसल, जो अंदर तहखाने से जो खबर आई है कि पिछले दिनों डीडीयू के डीआरएम गया जंक्शन का विजिट करते वक्त ये काले कारनामे को समझ गए थे। दुकानें सजी दिखाई पड़ गई थी और बातें दूर तक चली गई। इसके बाद 16 फरवरी 2026 को एक बार फिर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई मजबूरी बन गई थी।
…और अंत में
मगध लाइव की इस रिपोर्ट पर आपकी क्या राय है, अपनी प्रतिक्रियाओं से अवगत कराते रहेंगे ताकि हमारी टीम आप तक सच से रूबरू करवाते रहें।
अवैध शराब के खिलाफ जारी अभियान के दौरान गया जिला मद्य निषेध विभाग की एक टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने गया जिले के डोभी चेकपोस्ट के पास एक उजला रंग के टाटा सफारी कार (पंजीयन संख्या BR-11PA-9954) से अवैध विदेशी शराब एवं बीयर परिवहन करने के क्रम में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सफारी वाहन में भारी मात्रा में बियर एवं विदेशी शराब की कई पेटी(कैरेट) में छिपाकर लादी हुई थी। मद्य निषेध विभाग के सहायक आयुक्त प्रिय रंजन ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें एक नाबालिग लड़का भी शामिल है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों में वाहन चालक जिनिश कुमार पिता सुरेश प्रसाद सिंह, साकिन सहदुल्लाहपुर, थाना गंगा ब्रिज, जिला- वैशाली (बिहार), उम्र 30 वर्ष, शोभराज सिंह, पिता चंद्रशेखर सिंह, साकिन सहदुल्लाहपुर, थाना गंगा ब्रिज, जिला-बैशाली (बिहार), उम्र 31वर्ष तथा शिव कुमार(बदला हुआ नाम) पिता आर. के. सिंह, साकिन सैदपुर गणेश, थाना बिदुपुर, जिला-बैशाली (बिहार) का नाम शामिल है। उन्होंने बताया विदेशी शराब एवं बीयर की कुल मात्रा 184.740 लीटर बरामद की है। गिनती करने पर 381 बोतल हुआ है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई है। अनुसंधान के उपरान्त आरोप पत्र समर्पित किया जायेगा। छापामार दल में मद्य निषेध विभाग के एएसआई बन्टी यादव, विजय कुमार, हलेन्द्र कुमार, धर्मेन्द्र बैठा तथा मद्यनिषेध विभाग के सिपाही, सैप एवं होमगार्ड के जवान शामिल थे।
गया जंक्शन पर सोमवार को एक साथ दो व्यक्तियों की मौत 12397 अप गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस की चपेट में आने से हो गई। मृतकों की पहचान हो गई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गया जंक्शन पर अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। दोनों की जान लापरवाही बरतने से हुई बताई गई है।
बताया गया कि सोमवार को 12397 अप गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस वाशिंग पिट लाइन से रेडी हो कर गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 06 पर प्लेस कर रही थी। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रुकने का इंतजार कई लोग कर रहे थे लेकिन कुछ लोग रनिंग अवस्था में सीट लेने की होड़ में थे और ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गैप में गिर गए। इसी क्रम में यह दर्दनाक घटना हो गई।
गया जंक्शन के एक पदाधिकारी ने इस घटना पर कहा कि ट्रेन की रेक अभी प्लेटफॉर्म पर प्लेस ही कर रही थी कि इंजन से सटे तीसरे बोगी में चढ़ने के लिए कुछ लोग कोशिश कर रहे थे। इसी क्रम में यह हादसा हुआ है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि ऐसी गलती नहीं करें। चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने जैसी गलती नहीं करें।
इस घटना की सूचना मिलते ही गया रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार और आरपीएफ के पदाधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों की पहचान करा ली गई है। मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हावड़ा-नई दिल्ली ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ जाने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास बताई गई है। जिसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को गया रेल थाना की पुलिस ने बरामद कर पहचान में जुट गई है।
रेल ट्रैक पास करने के क्रम में हुई घटना
घटना सोमवार को गया-कोडरमा रेलखंड पर पहाड़पुर स्टेशन पर हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुई जब टाटानगर से चलकर गया की ओर आ रही टाटा-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस पहाड़पुर स्टेशन से थ्रू पास कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक व्यक्ति पहाड़पुर स्टेशन के डाउन लाइन को पार कर दूसरे प्लेटफॉर्म पर जा रहा था। इसी दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस पहाड़पुर स्टेशन से होकर गुजर रही थी और इसी ट्रेन की चपेट में आ गया।
गया रेल थाना की पुलिस ने शव को बरामद किया
शव क्षत विक्षत हालत में देख किसी ने इसकी सूचना आरपीएफ को दी। आरपीएफ ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी गई। जिन्होंने इसकी सूचना गया रेल थाना को दी। गया रेल थाना से पहाड़पुर स्टेशन पहुंचे पुलिस पदाधिकारी ने शव को कब्जे में लेने के बाद गया पहुंच गए हैं। यहां आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतक की उम्र लगभग 50 के आसपास बताई गई है जिसकी पहचान नहीं हो सकी है। मृतक के पास किसी तरह का पहचान पत्र नहीं होना बताया गया है।
आइए जानते हैं कि का कैसे हुआ हादसा
बताया गया कि मृतक को जहानाबाद जाना था। जो गया जंक्शन पर आई पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस में गलती से चढ़ गया। जब उसे किसी ने बताया कि यह ट्रेन पटना/जहानाबाद नहीं जा रही है तो वह पहाड़पुर स्टेशन पर उतर गया। इसके बाद वह पुनः गया की ओर लौटने के लिए ट्रैक से होकर दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने लगा। इसी बीच डाउन लाइन से टाटा नगर-वाराणसी वंदे भारत आ रही थी। जिसकी चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
पूर्व मध्य रेल-हाजीपुर के धनबाद रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने बाल मजदूरी करवाने के लिए ले जा रहे एक तस्कर को धर दबोचा है। टीम ने तस्करों के चंगुल से उन 11 बच्चों को मुक्त कराया है जिन्हें तस्कर बोतल बनाने वाली एक कंपनी में काम कराने के लिए ट्रेन द्वारा मदुरई ले जाया जा रहा था। तस्कर कोई और नहीं, बल्कि जिस कंपनी में इन बच्चों को काम करवाने के लिए ले जा रहा था, उस कंपनी के मालिक का भतीजा ही है।
ऑपरेशन आहट के तहत हुई कार्रवाई
धनबाद जंक्शन पर पदस्थापित आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने पूछे जाने पर बताया कि सूचना मिलते ही मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त को इस बात से अवगत कराया गया। जिनके निर्देशन में पोस्ट एवं सीआईबी की टीम ऑपरेशन AAHT के तहत 11 नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू तथा बाल तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
अलेप्पी एक्सप्रेस से ले जाने वाला था तस्कर
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 13351 (अलेप्पी एक्स्प्रेस) से बड़ी संख्या में नाबालिग बच्चे को बालश्रम कराने हेतु ले जाया जाएगा। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में उनके द्वारा गठित पोस्ट एवं CIB के संयुक्त टीम के द्वारा धनबाद जंक्शन पर एक बाल तस्कर खगेश कुमार एवं 11 नाबालिग बच्चों को रोका गया।
चाचा की कंपनी के मालिक का भतीजा है तस्कर
खगेश कुमार के द्वारा बताया गया कि उसके चाचा मानव कुमार, उम्र-35 वर्ष, पिता जगेश्वर ऋषिदेव, पता- सिंघेश्वर मझौवा टोला, वार्ड नंबर-08, थाना गमहरिया, जिला-मधेपुरा (बिहार) पनेऊर रोड कलंबल चितामनी मदुरई स्थित FALCON PRE FORM कम्पनी में काम करते हैं, जिनके द्वारा बोतल बनाने वाली कम्पनी मे जोखिमपूर्ण काम कराने हेतु मजदूरों की मांग की गई थी।
आधार कार्ड में उम्र में साथ की गई थी छेड़छाड़
इसके लिए पैसे देने की बात हुई। पैसे के लालच में मैं अपने गाँव तथा आसपास के 11 (ग्यारह) बच्चों को 1,000-1,000 रुपए देकर तैयार किया। बच्चों का आधार कार्ड के अवलोकन पर संदेह होने सत्यापन हेतु धनबाद जिलान्तर्गत BIG बाजार के पास स्थित क्षेत्रीय आधार सेवा केंद्र पर चेक कराया गया तो जन्मतिथि में कूटकरण किया हुआ पाया गया, जिसके संबंध में पूछने पर बताया कि खगेश कुमार के द्वारा चेंज किया गया था। खगेश कुमार के द्वारा पैसा के लालच देकर परिजन के सहमति के बिना छोटे बच्चों को काम के लिए ले जाने का अपराध स्वीकार किया गया।
रेस्क्यू कराए गए बच्चों को चाइल्ड लाइन के हवाले
घटना के संबंध में उप निरीक्षक मनीषा कुमारी के द्वारा दिए गए प्राथमिकी के आधार पर राजकीय रेल थाना धनबाद कांड संख्या 66/26, दिनांक 13/02/26, अंतर्गत धारा 137(2),143(5), 318(4), 338, 339, 3(5) BNS, 75, 81 JJ ACT दर्ज किया गया तथा अनुसंधान का जिम्मा अवर निरीक्षक उपेंद्र पासवान को दिया गया। सभी नाबालिग बच्चों को चाइल्ड हेल्प डेस्क, धनबाद के स्तर से उपस्थापना करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
मोहनपुर: बिहार में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की पारदर्शिता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला गया जिले के मोहनपुर प्रखंड का है, जहाँ तकनीक और सिस्टम की खामियों का फायदा उठाकर गरीबों के निवाले पर डाका डाला जा रहा है। मामला इतना पेचीदा है कि एक 8 साल की बच्ची, जो घर से बाहर तक नहीं गई, उसने 8 किलोमीटर दूर जाकर पॉस (PoS) मशीन पर अंगूठा लगाकर राशन उठा लिया—कम से कम सरकारी रिकॉर्ड तो यही कह रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
फतेहपुर प्रखंड के रघवाचक गांव की निवासी मुन्नी देवी (राशन कार्ड संख्या: 10340220139006110015) पिछले कई सालों से अपने गांव के डीलर से राशन ले रही थीं। जनवरी माह में जब वह राशन लेने पहुँचीं, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। डीलर ने बताया कि उनका राशन पहले ही उठाया जा चुका है। जब मामले की पड़ताल की गई तो चौकाने वाले तथ्य सामने आए:
जनवरी माह के राशन उठाव का विवरण
रिकॉर्ड के अनुसार: राशन का उठाव मशीन संख्या 123800200152 से हुआ है।
सत्यापन: परिवार की सदस्य स्वीटी कुमारी (आधार के अंतिम चार अंक: 2730) के अंगूठे के निशान से ट्रांजेक्शन सफल दिखाया गया है।
लोकेशन: यह मशीन गया जिले के ही मोहनपुर प्रखंड के अमकोला गांव के डीलर सुरेंद्र यादव की है, जो मुन्नी देवी के घर से करीब 8 किलोमीटर दूर है।
“मेरी बेटी स्वीटी मात्र 8-11 साल की है। वह कभी घर से बाहर अकेले नहीं जाती, तो 8 किलोमीटर दूर जाकर अंगूठा कैसे लगा सकती है? यह सरासर धोखाधड़ी है।” — मुन्नी देवी, पीड़ित लाभुक
POS मशीन पर स्वीटी कुमारी के आधार संख्या और पारिवारिक सदस्यों का विवरण
बड़े घोटाले की आहट?
यह कोई अकेला मामला नहीं है। पिछले कुछ समय में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहाँ:
लाभुक दूसरे राज्य में नौकरी कर रहा है, पर बिहार में उसका राशन ‘अंगूठा लगकर’ उठ गया।
इंसान मर चुका है, लेकिन सिस्टम में उसका अंगूठा ‘सजीव’ होकर राशन निकाल रहा है।
मशीन कहीं और है और लाभुक कहीं और, फिर भी सत्यापन सफल हो रहा है।
सवाल जो जवाब मांगते हैं:
क्या बिना बायोमेट्रिक क्लोनिंग या सिस्टम हैकिंग के यह संभव है?
क्या कुछ डीलरों और विभागीय मिलीभगत से ‘रिमोट एक्सेस’ के जरिए फर्जी उठाव हो रहा है?
अगर गरीब की शिकायत पर अधिकारी जांच के बजाय पल्ला झाड़ रहे हैं, तो जवाबदेही किसकी है?
सिस्टम की चुप्पी और अधिकारियों की बेरुखी
हैरानी की बात यह है कि मुन्नी देवी न्याय के लिए कई अधिकारियों के पास गई , लेकिन उन्हें कहीं से मदद नहीं मिली। जब हमारे संवाददाता ने इस मामले पर मोहनपुर की प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) सुलेखा कुमारी से संपर्क किया, तो उनका जवाब टालमटोल वाला रहा। उन्होंने पहले तो सिरे से नकार दिया कि बिना अंगूठा लगाए राशन का उठाव संभव है। लेकिन जब उन्हें याद दिलाया गया कि गया के ही बेलागंज और अन्य इलाकों में ऐसे सैकड़ों मामले (जहाँ मृत या प्रदेश में रहने वाले लोगों के नाम पर राशन उठा लिया गया) सामने आए हैं, तो उन्होंने “मैं देखती हूँ” कहकर फोन काट दिया।