Tag: gaya junction east central railway

  • गया जंक्शन पर ‘शोले’ स्टाइल में चल रहा पानी का अवैध धंधा: ‘बीरू-ओझा जी’ की जोड़ी, ‘भगत जी’ का गोदाम, ‘मैडम’ की जमीन

    गया जंक्शन पर ‘शोले’ स्टाइल में चल रहा पानी का अवैध धंधा: ‘बीरू-ओझा जी’ की जोड़ी, ‘भगत जी’ का गोदाम, ‘मैडम’ की जमीन

    डेल्हा साइड में डीप फ्रीजर लगाकर ठंडा किया जा रहा पानी, अवैध वेंडरों से बेच रहे बोतल; स्टॉल संचालकों का आरोप- सिपाही और वाणिज्य विभाग के पर्यवेक्षक की मिलीभगत

    देवब्रत मंडल| गया


    गया: बिहार के गया जंक्शन पर अवैध कारोबार की जड़ें इतनी गहरी हो चुकी हैं कि अब यहाँ पानी बेचने के धंधे में भी ‘शोले’ फिल्म के किरदारों की एंट्री हो गई है। आरोप है कि यहाँ ‘बीरू’ पानी की टंकी पर चढ़कर ‘वसंती’ के लिए नहीं, बल्कि एक ‘ओझा जी’ के साथ मिलकर यात्रियों के लिए ‘ओझाई’ कर रहा है।

    दरअसल, गया में भीषण गर्मी के बीच यात्रियों की प्यास का फायदा उठाकर प्लेटफॉर्म पर अवैध रूप से पानी की बोतल बेचने का संगठित गिरोह सक्रिय है। अधिकृत एजेंसी द्वारा स्टॉलों पर रेल नीर उपलब्ध कराए जाने के बावजूद, हर प्लेटफॉर्म पर अवैध वेंडर खुलेआम बोतलें बेच रहे हैं।

    ‘मैडम’ की जमीन, ‘भगत जी’ का गोदाम


    सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गया जंक्शन के डेल्हा साइड में रहने वाली एक ‘मैडम’ की जमीन को किराए पर लिया गया है। इस भूखंड पर ‘भगत’ नामक व्यक्ति ने कमरे का निर्माण कर कई डीप फ्रीजर लगा रखे हैं। इन्हीं फ्रीजर में पानी की बोतलों को ठंडा किया जाता है।

    ‘ओझा जी-बीरू’ की टीम करती है सप्लाई


    बताया जाता है कि यहीं से ‘ओझा जी’ की मदद से ‘बीरू’ और उसके साथी ठंडे पानी की बोतलों को प्लेटफॉर्म पर लाते हैं। इसके बाद अवैध वेंडरों के जरिए ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को बेचा जाता है। स्थानीय भाषा में इसे ‘पानी के बोतल की भूत की ओझाई’ कहा जा रहा है।

    स्टॉल संचालकों में आक्रोश


    गया जंक्शन पर कई अधिकृत स्टॉल संचालित हैं, जिन्हें रेल प्रशासन को किराया और बिजली बिल देना पड़ता है। इसके बावजूद उनकी बिक्री न के बराबर है। एक स्टॉल संचालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, “हमारे यहाँ से रेल नीर कम बिकता है। जितना माल हम एक दिन में नहीं बेच पाते, उतना अवैध वेंडर कुछ घंटों में बेच देते हैं।”

    सिपाही और पर्यवेक्षक पर शक की सुई


    स्टॉल संचालकों का आरोप है कि इस अवैध धंधे के पीछे एक सिपाही की भूमिका सामने आ रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस धंधे को रोकने की जिम्मेदारी जिन पर है, वाणिज्य विभाग के उसी पर्यवेक्षक स्तर के रेलकर्मी की भूमिका पर भी शक की सुई घूम रही है।

    फिलहाल रेल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन यात्रियों की मजबूरी और रेल राजस्व को हो रहे नुकसान को देखते हुए इस ‘ओझाई’ पर जल्द लगाम लगाना जरूरी है।

  • गया जंक्शन बन रहा विश्वस्तरीय: CAO ने किया पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण, PM मोदी कर सकते हैं नए स्टेशन का उद्घाटन

    गया जंक्शन बन रहा विश्वस्तरीय: CAO ने किया पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण, PM मोदी कर सकते हैं नए स्टेशन का उद्घाटन

    देवब्रत मंडल

    फोटो: निरीक्षण करते CAO राजीव गुप्ता व DRM उदय सिंह मीना

    गया, 22 जून 2026

    अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नया रूप ले रहे गया जंक्शन के पुनर्विकास कार्यों में अब तेजी आ गई है। सोमवार को पूर्व मध्य रेल मुख्यालय से गया पहुंचे मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण (दक्षिण) राजीव गुप्ता ने जंक्शन पर चल रहे कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके इस दौरे के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि 2026 के अंत तक गया जंक्शन एयरपोर्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हो जाएगा।

    हर पहलू की बारीकी से समीक्षा


    CAO राजीव गुप्ता ने डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना और निर्माण, इंजीनियरिंग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ मुख्य स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आवागमन व्यवस्था और फुट ओवर ब्रिज का गहन अवलोकन किया।

    निरीक्षण के दौरान कार्यों की गुणवत्ता, संरक्षा-सुरक्षा और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    एयरपोर्ट जैसी मिलेंगी सुविधाएं


    गया जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। पुनर्विकास के बाद यहां यात्रियों को रूफ प्लाजा, आधुनिक वेटिंग हॉल, एस्केलेटर, लिफ्ट, एग्जीक्यूटिव लाउंज, बेहतर पार्किंग और दिव्यांग फ्रेंडली सुविधाएं मिलेंगी। स्टेशन का नया स्वरूप अंतरराष्ट्रीय पर्यटन शहर गया की छवि के अनुरूप होगा।

    रेलवे अस्पताल और कॉलोनी का भी जायजा


    मुख्य निरीक्षण के बाद मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने संबंधित अधिकारियों के साथ गया जंक्शन स्थित रेल अनुमंडल अस्पताल और पास की रेलवे कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। रेलकर्मियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

    नवंबर में PM मोदी कर सकते हैं उद्घाटन


    रेलवे सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल नवंबर में गया आ सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि इसी दौरे में वे गया जंक्शन के नए स्वरूप का लोकार्पण करेंगे। CAO के निरीक्षण को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।

    अधिकारियों का मानना है कि अगर इसी गति से काम चला तो 2026 के अंत तक गया जंक्शन पूरी तरह अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हो जाएगा और यहां से सफर करने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट जैसा अनुभव मिलेगा।

  • VVIP के लिए बदला ट्रेन का प्लेटफॉर्म: मंत्री जी की सुविधा को गया जंक्शन पर डाउन अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस 1 नंबर पर ली गई, यात्रियों ने मंत्री से किए सवाल

    VVIP के लिए बदला ट्रेन का प्लेटफॉर्म: मंत्री जी की सुविधा को गया जंक्शन पर डाउन अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस 1 नंबर पर ली गई, यात्रियों ने मंत्री से किए सवाल

    देवब्रत मंडल

    आमतौर पर 2/3 नंबर पर आती है ट्रेन, मंत्री की सुरक्षा और स्वास्थ्य कारणों से रेलवे सिस्टम में बदलाव; यात्री बोले- क्या आम आदमी के लिए भी ऐसा हो सकता है?

    गया, 20 जून 2026।

    रसूखदारों के लिए रेलवे में भी नियम बदल जाते हैं। शुक्रवार को गया जंक्शन पर ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब एक केंद्रीय मंत्री की सुविधा के लिए डाउन लाइन की ट्रेन को अप लाइन वाले प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ले लिया गया।

    आमतौर पर 2/3 पर आती है ट्रेन, पर मंत्री जी के लिए बदला रूट

    12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस डीडीयू की तरफ से डाउन लाइन से आती है और गया जंक्शन पर आमतौर पर प्लेटफॉर्म नंबर 2 या 3 पर ली जाती है। लेकिन शुक्रवार को इस ट्रेन में एक केंद्रीय मंत्री सफर कर रहे थे।

    मंत्री जी की उम्र और स्वास्थ्य कारणों को देखते हुए रेलवे ने ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर लेने का फैसला किया। ट्रेन सुबह 08:18 बजे प्लेटफॉर्म-1 पर आई और 5 मिनट के ठहराव के बाद 08:23 बजे सियालदह के लिए रवाना हो गई।

    यात्रियों को समय से दी गई सूचना

    रेलवे ने प्लेटफॉर्म बदलने की सूचना समय रहते अनाउंस कर दी थी। 2/3 नंबर प्लेटफॉर्म या अन्य जगहों पर इंतजार कर रहे अजमेर-सियालदह के सभी यात्री 1 नंबर प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए थे। इससे यात्रियों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई।

    रेलवे ने बताईं 3 वजहें, सुरक्षा सबसे अहम

    रेलवे सूत्रों के मुताबिक प्लेटफॉर्म बदलने की तीन वजहें थीं:

    1. प्लेटफॉर्म-3 पर मालगाड़ी खड़ी थी।
    2. प्लेटफॉर्म-2 से कुछ देर पहले ही 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस खुली थी, इसलिए मार्जिन कम था।
    3. सबसे अहम- मंत्री जी की सुरक्षा व्यवस्था। भीड़भाड़ वाले प्लेटफॉर्म पर उतारने से बचने को प्राथमिकता दी गई।

    ‘सिस्टम में भी किया गया बदलाव’

    अंदरखाने की खबर है कि अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस को 1 नंबर प्लेटफॉर्म पर लेने के लिए रेलवे के ट्रेन परिचालन सिस्टम में भी बदलाव किया गया। आमतौर पर 1 नंबर पर अप लाइन की ट्रेनें ही ली जाती हैं। यह बदलाव सिर्फ इसलिए किया गया ताकि मंत्री जी को सुगमता से और सुरक्षित उतारा जा सके।

    यात्रियों के मन में सवाल

    इस घटना ने आम यात्रियों के मन में सवाल खड़े कर दिए हैं- “क्या VVIP के लिए भारतीय रेल में ऐसा भी होता है?”

    हालांकि रेलवे ने यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए समय से अनाउंसमेंट कराया, लेकिन प्लेटफॉर्म बदलने और सिस्टम में फेरबदल की खबर चर्चा का विषय बन गई है।

    यात्रियों ने मंत्री से किए सवाल

    कुछ यात्री पटना से खुलकर रांची जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। यह ट्रेन भी लेट थी। कुछ यात्री मंत्री जी से सवाल कर बैठे कि जनशताब्दी एक्सप्रेस लेट हो रही है जिससे आम यात्री परेशान हैं। इस पर मंत्री जी ने पास खड़े एक अधिकारी से पूछ लिया कि जनशताब्दी क्यों लेट है तो उन्हें बताया गया है जट डुमरी स्टेशन पर ब्लॉक लिया गया है जिसके कारण यह ट्रेन बिलंब से आ रही है। इसके बाद यात्री संतुष्ट हुए।

  • सुरक्षा के दावों की खुली पोल: गया जंक्शन बना अपराधियों का अड्डा, गंगा-दामोदर एक्सप्रेस सॉफ्ट टारगेट

    सुरक्षा के दावों की खुली पोल: गया जंक्शन बना अपराधियों का अड्डा, गंगा-दामोदर एक्सप्रेस सॉफ्ट टारगेट

    एक महीने में मोबाइल, मंगलसूत्र, पर्स की झपटमारी; पत्रकार की बाइक तक चोरी, गिरफ्तारी के बाद भी नहीं थम रहीं वारदातें

    देवब्रत मंडल

    गया, 17 जून 2026। रेलवे की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के तमाम दावों के बीच गया जंक्शन पर यात्रियों के साथ आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। यहां कई गिरोह सक्रिय हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जून महीने में हुई घटनाओं ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। आम यात्रियों व लोगों का कहना है कि सोना लूटकांड के बाद बदले गए पुलिस पदाधिकारी और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के योगदान देने के बाद उम्मीद की जा रही थी कि गया जंक्शन अपराधमुक्त हो सकता है लेकिन उनकी उम्मीदें भी अब टूटने लगी है।

    गंगा-दामोदर एक्सप्रेस: अपराधियों की पहली पसंद

    ट्रेन नंबर 13330 गंगा-दामोदर एक्सप्रेस अपराधियों के लिए सॉफ्ट टारगेट बन गई है। इसी ट्रेन में जून में 4 बड़ी वारदातें हुईं:

    1. S-5 कोच, बर्थ-11: यात्री का मोबाइल गायब।
    2. S-6 कोच, बर्थ-4: महिला यात्री के गले से मंगलसूत्र झपटा। ट्रेन खुलते ही वारदात।
    3. S-3 कोच, बर्थ-12: महिला यात्री का मोबाइल झपटकर अपराधी फरार।
    4. S-1 कोच, सीट-35: यात्री की जेब से मोबाइल फोन चोरी।

    दूसरी ट्रेनों में भी वारदात

    1. 13307 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस: S-1 कोच में बर्थ 73, 74, 78 पर धनबाद से DDU जा रहे परिवार का लेडीज पर्स चोरी। पर्स में 3000 रुपये कैश था। गया जंक्शन पहुंचने से कुछ पहले घटना।
    2. 15137 ट्रेन: B-1 कोच, बर्थ-44 के पास से बिहारशरीफ से डेहरी-ऑन-सोन जा रहे यात्री का पिट्ठू बैग चोरी।
    3. प्लेटफॉर्म पर: एक यात्री का लहसुन का बोरा गायब हुआ, बाद में मिल गया।

    महाबोधि एक्सप्रेस में सीट बेचने वाला गिरफ्तार

    महाबोधि एक्सप्रेस में सीट बेचने का मामला भी सामने आया। पीड़ित महिला यात्री की शिकायत पर रफीगंज निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पहले गया जंक्शन पर अवैध रूप से पानी बेचता था।

    NRI महिला और पत्रकार भी बने शिकार

    1. अप्रवासी भारतीय महिला श्वेता शर्मा के बच्चे का पासपोर्ट समेत सामान चोरी।
    2. पुष्पा देवी नामक महिला यात्री के साथ भी चोरी।
    3. दो पत्रकार भी शिकार: आकाशवाणी अरुणाचल प्रदेश में कार्यरत पत्रकार की बाइक गया जंक्शन के बाहरी परिसर, RMS ऑफिस के पास से चोरी हो गई। वहीं एक का पर्स प्लेटफॉर्म पर गायब हो गया।

    ‘शिकायतें कम, घटनाएं ज्यादा’

    कई यात्री ऐसी घटनाओं को अपनी लापरवाही समझकर शिकायत दर्ज नहीं कराते। इससे अपराध का सही आंकड़ा सामने नहीं आता।

    गिरोह के कुछ सदस्य और पॉकेटमार गिरफ्तार भी हुए हैं, लेकिन गया जंक्शन पर अपराधियों का बोलबाला कायम है। यात्रियों का सामान गायब होने के बाद उन्हें पुलिस-कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

    ‘ट्रेन में सुखद यात्रा’ की बात अब बेमानी लगती है। यात्री सवाल उठा रहे हैं कि जब सुरक्षा के इतने दावे हैं तो गया जंक्शन पर रोज अपराध क्यों हो रहे हैं?

  • गया जंक्शन पर परीक्षा को लेकर उमड़ेगी भीड़: 13-28 जून तक 40 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी पहुंचेंगे, भीड़ नियंत्रण की तैयारी अधूरी

    गया जंक्शन पर परीक्षा को लेकर उमड़ेगी भीड़: 13-28 जून तक 40 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी पहुंचेंगे, भीड़ नियंत्रण की तैयारी अधूरी

    देवब्रत मंडल

    दानापुर रेल मंडल की तैयारी

    बिहार पुलिस आरक्षी और रेलवे एनटीपीसी सीबीटी-1 परीक्षा को लेकर गया जंक्शन पर 13 जून से 28 जून तक परीक्षार्थियों का भारी दबाव रहेगा। इस दौरान कुल 40,118 अभ्यर्थी गया के विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा देंगे। बावजूद इसके, गया जंक्शन पर भीड़ नियंत्रण को लेकर कोई विशेष तैयारी नहीं की गई है।

    कब-कब कितने परीक्षार्थी पहुंचेंगे गया

    1. बिहार पुलिस आरक्षी परीक्षा:

    • 14.06.26: 13,296
    • 17.06.26: 13,296
    • 24.06.26: 5,409
    • 28.06.26: 6,911
      (कुल: 38,912 अभ्यर्थी)

    2. एनटीपीसी सीबीटी-1 परीक्षा:
    13 जून से 20 जून तक रोज 1000+ अभ्यर्थी। 17 जून का आंकड़ा अभी स्पष्ट नहीं।
    (कुल: 10,807+ अभ्यर्थी)

    इनमें पटना गया, नवादा, जहानाबाद, औरंगाबाद, रोहतास, यूपी के चंदौली (मुगलसराय) और झारखंड के भी कई जिलों से परीक्षार्थी शामिल होंगे।

    गया जंक्शन की तैयारी का हाल

    परीक्षा को लेकर भीड़ नियंत्रण की तैयारियों पर पूछने पर स्टेशन प्रबंधक ने कहा, “गया जंक्शन पर भीड़ नियंत्रण के लिए हम हमेशा तैयार रहते हैं। परीक्षा को लेकर कोई विशेष सूचना नहीं आई है। अतिरिक्त भीड़ होने पर यार्ड में खड़े रेक को स्पेशल ट्रेन बनाकर चलाते हैं।”

    सुरक्षा को लेकर समन्वय नहीं


    जब पूछा गया कि आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय प्रशासन के साथ कोई बैठक या प्लानिंग हुई है? तो जवाब मिला, “ऐसी कोई बैठक या समन्वय स्थापित नहीं की गई है।”

    जबकि दानापुर रेल मंडल ने स्पेशल ट्रेन की तैयारी कर ली है और पटना जंक्शन पर सुरक्षा अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है।

    विकास कार्य बनेगा मुसीबत

    गया जंक्शन पर चल रहे विकास कार्यों के कारण प्लेटफॉर्म पर जगह-जगह लोहे के छड़ और निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी है। भीषण गर्मी में ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के साथ परीक्षार्थियों की भीड़ बढ़ने पर हादसे की आशंका है।

    जरूरत:

    भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ सुरक्षा, खानपान और पीने के पानी का बेहतर इंतजाम करना होगा।

    क्या होना चाहिए

    1. अतिरिक्त फोर्स: आरपीएफ-जीआरपी की तैनाती बढ़ाई जाए
    2. हेल्प डेस्क: परीक्षार्थियों के लिए पूछताछ केंद्र बने
    3. पानी-शेड: भीषण गर्मी में पीने के पानी और छाया की व्यवस्था
    4. स्पेशल ट्रेन: दानापुर की तर्ज पर गया से भी स्पेशल ट्रेन चलाई जाए
    5. निर्माण सामग्री हटे: प्लेटफॉर्म से लोहे के छड़ और मलबा तुरंत हटाया जाए

    गया जंक्शन डीडीयू मंडल का मुख्य स्टेशन है। 15 दिन में 40 हजार से ज्यादा परीक्षार्थियों के आने से रेल प्रशासन को अभी से ठोस प्लानिंग करनी होगी, वरना अव्यवस्था फैलने की संभावना है।

  • भीषण गर्मी में तपता रहा गया जंक्शन, यात्री शेड की कमी से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

    भीषण गर्मी में तपता रहा गया जंक्शन, यात्री शेड की कमी से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

    देवब्रत मंडल

    कड़ी धूप से बचते यात्री


    गया जी। बुधवार को गया शहर में पड़ रही भीषण गर्मी और झुलसा देने वाले तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया। इसका असर गया जंक्शन पर भी साफ तौर पर देखने को मिला, जहां कई प्लेटफॉर्मों पर पर्याप्त यात्री शेड नहीं होने के कारण यात्रियों को चिलचिलाती धूप में ट्रेन का इंतजार करना पड़ा।
    गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 से लेकर 7/8 तक कई स्थानों पर यात्री शेड की कमी देखने को मिली। ऐसे में यात्री तेज धूप और उमस के बीच घंटों ट्रेन की प्रतीक्षा करने को विवश रहे। भीषण गर्मी के कारण प्लेटफॉर्मों पर बैठे यात्रियों के चेहरे पर परेशानी साफ झलक रही थी।
    इधर, डीडीयू मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीणा के गया आगमन को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों में तैनात रेलकर्मी भी तपती धूप के बीच अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते नजर आए। कई रेलकर्मी गर्मी और धूप से परेशान दिखे, लेकिन ड्यूटी के कारण उन्हें लगातार मैदान में बने रहना पड़ा।
    हालांकि रेलवे द्वारा गया जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तर्ज पर विकसित करने की योजनाओं पर काम किया जा रहा है, लेकिन मौजूदा समय में मूलभूत यात्री सुविधाओं की कमी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

    बगैर यात्री शेड के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3


    पटना से गया पहुंचे यात्री अशोक कुमार ने बताया कि स्टेशन पर पर्याप्त यात्री शेड नहीं होने से यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में प्लेटफॉर्म पर खड़ा रहना बेहद मुश्किल हो जाता है।
    वहीं महिला यात्री नीरू ने शिकायत करते हुए कहा कि स्टेशन के वाटर बूथों से ठंडे पानी के बजाय गर्म पानी निकल रहा था। उन्होंने बताया कि मजबूरी में उन्हें पीने के लिए पानी खरीदना पड़ा।
    एक वृद्ध यात्री राम सुंदर ने स्टेशन की संरचनात्मक सुविधाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 से अन्य प्लेटफॉर्मों पर जाने के लिए बने फुट ओवरब्रिज अपेक्षाकृत संकरे हैं। साथ ही सीढ़ियां भी बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाजनक नहीं हैं। इससे विशेष रूप से वृद्ध यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
    यात्रियों का कहना है कि गया जंक्शन के आधुनिकीकरण के साथ-साथ यात्री शेड, शीतल पेयजल और सुगम आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं पर भी प्राथमिकता के आधार पर ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को भीषण गर्मी और अन्य मौसमीय परिस्थितियों में राहत मिल सके।

  • गया जंक्शन पुनर्विकास सहित मंडल की विभिन्न निर्माण परियोजनाओं पर हुई विस्तृत समीक्षा बैठक

    गया जंक्शन पुनर्विकास सहित मंडल की विभिन्न निर्माण परियोजनाओं पर हुई विस्तृत समीक्षा बैठक

    देवब्रत मंडल

    मुख्यालय एवं मंडल अधिकारियों ने प्रगति, समन्वय एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े विषयों पर किया विचार-विमर्श, गुणवत्ता, संरक्षा एवं नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष बल

    पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में आज पूर्व मध्य रेल के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण-दक्षिण) श्री राजीव गुप्ता तथा मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना के बीच एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर आयोजित इस बैठक में पूर्व मध्य रेल मुख्यालय एवं मंडल के संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में विशेष रूप से गया जंक्शन पुनर्विकास परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान स्टेशन पर विकसित यात्री सुविधाओं, यात्री सुरक्षा, प्लेटफॉर्म अधोसंरचना, पैसेंजर प्लेटफॉर्म शेल्टर, फुट ओवर ब्रिज, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी एवं उपयोगिता सेवाओं, कोच एवं ट्रेन इंडिकेशन प्रणाली, साइनेज, दिव्यांगजन सुविधाओं, पार्किंग, पहुंच मार्ग, स्टेशन परिसंचरण क्षेत्र तथा यात्रियों की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

    समीक्षा बैठक में शामिल अधिकारी

    बैठक में इसके अतिरिक्त पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन –जिवनाथपुर तृतीय लाइन परियोजना पर त्वरित कार्यवाही की रूपरेखा पर चर्चा की गई। अधिकारियों द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, संरक्षा तथा परिचालन दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय, गुणवत्ता मानकों के अनुपालन तथा परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया। बैठक में मंडल की विकासात्मक प्राथमिकताओं के अनुरूप आगे की कार्ययोजना पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

  • गया जंक्शन: नाजायज़ कृत्यों पर रोक लग पाना हो रहा मुश्किल, अनियमितताओं की लंबी फेहरिस्त है यहां

    गया जंक्शन: नाजायज़ कृत्यों पर रोक लग पाना हो रहा मुश्किल, अनियमितताओं की लंबी फेहरिस्त है यहां

    देवब्रत मंडल

    सोशल साइट्स पर वायरल हो रही तस्वीर

    कभी कभी आंखें कलम उठाने को मजबूर कर देती है। किसी खबरों से नजर चुराना भी पत्रकारों के लिए बड़ा ही कठिन हो जाता है। वो भी उन परिस्थितियों में जब आम आदमी के साथ कुछ नाजायज़ हो रहा हो। खैर, आम आदमी सुबह से देर रात तक सोशल साइट्स को निहारते रहते हैं। खास तो खास होते हैं। गया जंक्शन पूर्व मध्य रेल का एक ऐसा रेलवे स्टेशन है, जिस पर रेल मंत्रालय तक की नजर बराबर रहती है। विशेष कर आजकल। जब इसका स्वरूप विश्वस्तरीय बन रहा है।

    सुबह में मगध लाइव की नजर फ़ेसबुक पेज पर पड़ी तो पता चला कि पिक एंड ड्रॉप करने आए एक वाहन के चालक या फिर मालिक से प्रीमियम पार्किंग शुल्क लिया गया। शिकायत करने वाले का आरोप है कि पिक एंड ड्रॉप करने आए वाहन से शुल्क(ठीकेदारी) वसूली हुई। बात में कितनी सच्चाई है ये तो मगध लाइव नहीं बता सकता है लेकिन शिकायत की जांच तो होनी ही चाहिए। जांच में क्या होता है ये तो पीड़ित बता सकते हैं या रेल प्रशासन।

    इसके पहले ऑटो रिक्शा चालक के साथ हुई नाजायज़ वसूली का मामला ऊपर तक चला गया था। अंदरूनी जांच हुई। सुनने में आया है कि कथित आरोपी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी हुई है लेकिन मगध लाइव इसकी पुष्टि नहीं कर सकता है। लेकिन कानों कान ये बात पता चला है कि वेतन में कटौती की कार्रवाई हुई है।

    गया जंक्शन पर नाजायज़ कृत्य की फेहरिस्त लंबी है। लिखने के लिए शुरू की जाए तो लोगों को पढ़ने में अरुचिकर लगने लगेगा। आज ऑटो स्टैंड की बात करें तो आप देख सकते हैं कि कितने नाजायज़ स्टैंड हैं। जहां दिन रात वाहनों की भीड़ होती है। जहां साहेब का ऑफिस है, वहीं से शुरू करें तो सब स्पष्ट दृष्टिगोचर होता है। दो सरकारी स्टैंड पर अवैध पार्किंग की सूची काफी लंबी है।

    प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेनों में नाजायज़ कृत्य हो रहे हैं। मगध लाइव कई बार सजीव चित्रण करते हुए वीडियो और फोटोज आप सभी के सामने रख चुका है लेकिन क्या मजाल कि इन अवैध कृत्यों पर कहें या नाजायज़ कारनामे पर पूर्ण विराम लगा हो। ट्रेन से हर सुबह खोवा आता है। वो भी पार्सल कार्यालय और आरएमएस कार्यालय के बीच दीवार से फांद कर सड़क पर हर दिन निकाला जा रहा है लेकिन रोके तो कौन?

    रिज़र्वेशन टिकट काउंटर पर आज भी दलाल हावी है। सुनने को मिलते हैं कि यहां इस नाजायज़ के लिए सबकी आंखें बंद करा दी गई है। हाल ही में एक बड़े न्यूज़ चैनल पर स्टिंग ऑपरेशन में खुलासा हुआ है कि आम यात्री लाइन में लगे रह जाते हैं और दलाल दोगुनी राशि लेकर कन्फर्म टिकट दिलवा देने का आश्वासन देते हैं। आखिर ये कैसे संभव होता है ये तो वही बता सकते हैं जो इसमें शामिल रहते होंगे। अमर कुमार नामक टिकट दलाल की गिरफ्तारी के बाद तो यहां गवाहों को भी मैनेज करने के लिए दवाब डाला गया था। इसकी चर्चा रेल महकमे से लेकर दलालों तक हो रही थी।

    खैर! एक बात जो नहीं कहना चाहता है मगध लाइव। फिर भी सोशल मीडिया पर तेजी से आज भी वायरल हो रहे हैं कि स्टेशन परिसर को केंद्र बनाकर जिस्मफरोशी का भी धंधा करने वाले लोग सक्रिय हैं। इसमें एक प्रौढ़ावस्था के व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है जो स्टेशन परिसर में ही दातुन और प्लास्टिक बेचने वाली एक महिला के आसपास देर शाम के बाद से अल सुबह तक भटकते रहता है। जिसकी तस्वीर भी मगध लाइव ने कुछ दिन पहले सामने लाया था।

    एक और बात, जो चर्चा में है कि ट्रेन से माफियाओं द्वारा लाई जा रही शराब की खरीद बिक्री करने वाले एक दो लोगों के नाम सामने आए हैं। जो रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित एक मंदिर के आसपास मंडराते रहते हैं। जिनके गुर्गे भी इसी मंदिर के आसपास विचरण करते रहते हैं। जिस ट्रेन से शराब आती है, ये सभी सक्रिय हो जाते हैं और उस रास्ते से ही शराब की खेप लेकर निकल जाते हैं, जहां खाकी वर्दी वालों का पहरा रहता है।

    बहरहाल, गया जंक्शन पर नाजायज़ कृत्यों की फेहरिस्त लंबी है, इसमें कौन कौन शामिल हैं, इस बात का खुलासा तब हो सकता है जब  ऐसे लोगों के मोबाईल फोन नंबर के सीडीआर खंगालने की कोशिश की जाती है।

    ऐसे ही खबरों के लिए देखते, पढ़ते रहिए magadhlive

  • जोधपुर एक्सप्रेस में भारतीय मूल की रहने वाली कैनेडियन महिला यात्री के साथ भीषण चोरी, सुरक्षा पर उठे सवाल

    जोधपुर एक्सप्रेस में भारतीय मूल की रहने वाली कैनेडियन महिला यात्री के साथ भीषण चोरी, सुरक्षा पर उठे सवाल

    देवब्रत मंडल

    AI से ली गई तस्वीर(कल्पना पर आधारित)

    गया रेलवे स्टेशन: बिहार के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में से एक गया रेलवे स्टेशन पर हाल ही में हुई चोरी की घटना ने यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद यात्रियों के बीच डर और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।पीड़िता श्वेता शर्मा ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि वह अपनी नाबालिग बेटी प्रिशा शर्मा के साथ हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस (12307) से यात्रा कर रही थीं। जैसे ही ट्रेन गया स्टेशन पर रुकी, उसी दौरान उनका हैंडबैग चोरी हो गया।

    10 लाख के स्वर्णाभूषण, पासपोर्ट, आईफोन, नकद व दस्तावेज हुई चोरी

    श्वेता शर्मा के अनुसार, चोरी हुए बैग में करीब ₹10,000 नकद, लगभग ₹10 लाख के सोने के आभूषण, एक आईफोन, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। इस घटना ने न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाया है, बल्कि पहचान से जुड़े जरूरी कागजात खो जाने के कारण परेशानी और बढ़ गई है।पीड़िता ने रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से मामले की तत्काल जांच करने और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने की मांग की है।

    रेल थानाध्यक्ष का है कहना कि सूचना मिली है पर शिकायत पत्र नहीं

    वहीं गया रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है, लेकिन चोरी की सटीक लोकेशन की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि पीड़िता द्वारा डीडीयू रेल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और वहां से आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    कोडरमा स्टेशन पर ट्रेन में हुई थी सवार, जाना था जयपुर

    जानकारी के अनुसार, श्वेता शर्मा ने अपनी यात्रा कोडरमा स्टेशन से शुरू की थी। इस घटना को लेकर उनके पति नितेश शर्मा ने भी चिंता जताई है और कहा है कि इससे पूरा परिवार मानसिक रूप से काफी परेशान है। उन्होंने बताया कि वे एक व्यवसायी हैं। कई पुलिस वाले उनसे पूछताछ की है। भरोसा है कि उनकी पत्नी के पर्स में रहे सारे सामानों को जल्द ही रिकवर कर लेगी। उन्होंने गुरुवार को बताया कि वे अभी पासपोर्ट कार्यालय में कार्यवश पहुंचे हैं, विशेष जानकारी बाद में दे सकते हैं।

    नींद में थी और उसी वक्त हो गई हैंडबैग चोरी

    श्वेता शर्मा ने पुलिस को बताया है कि वह अपनी नाबालिग बेटी प्रिशा शर्मा के साथ ट्रेन नंबर 13307 गंगा सतलुज एक्सप्रेस के कोच ए-1 के सीट संख्या 4 में अपनी नाबालिग पुत्री के साथ जयपुर के लिए यात्रा कर रही थीं, नींद में उन्हें अहसास हुआ कि जब उनका हैंड बैग चोरी हो गया। तो सीट से उठकर कोच में ही उसका पीछा की लेकिन वो दूसरी कोच में चला गया। जिसके हाथ में उन्होंने चोरी गया बैग नहीं देखी तो पुनः अपने सीट पर आ गई। घटना 01 अप्रैल 2026 की सुबह में हुई है।

    चोरी गए सामानों के विवरण निम्नलिखित हैं:

    • नकद: ₹10,000
    • सोने के आह्लाद: लगभग ₹10,00,000
    • 1 आईफोन 12
    • श्वेता शर्मा का ड्राइविंग लाइसेंस
    • प्रिशा शर्मा का यूएस पासपोर्ट (नंबर A35182175)
    • श्वेता शर्मा का भारतीय पासपोर्ट (नंबर W7869359)
    • श्वेता शर्मा का कनाडियन पीआर कार्ड (नंबर 1123344974)
    • प्रिशा शर्मा का कनाडियन पीआर कार्ड (नंबर 1124691130)
    • आईसीआईसीआई बैंक डेबिट कार्ड (अंतिम 4 अंक: 4522)
    • अन्य व्यक्तिगत दस्तावेज और सामान

    कनाडा में रहती हैं झारखंड की रहने वाली पीड़ित महिला यात्री

    श्वेता शर्मा ने एफआईआर में बताया है कि उन्होंने इस मामले में भारतीय रेलवे / आरपीएफ / गया स्टेशन के कर्मचारियों के साथ जांच शुरू करने और सीसीटीवी फुटेज को संरक्षित करने का अनुरोध किया है।  जिन्होंने अपना वर्तमान पता: शिवशक्ति नगर, नियर दत्तो दुर्गा मंडप, झुमरी तिलैया, कोडरमा, झारखंड-8254409
    जबकि कनाडा का पता: यूनिट-21, 7332, 194A स्ट्रीट, सूरी बीसी, वी4एन 6के9, कनाडा बताया गया है।

    फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। साथ ही यात्रियों को सतर्क रहने और अपने सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

  • गया जंक्शन: रूठने-मनाने से लेकर वायरल वीडियो चर्चे में, नो पार्किंग के खेल ही निराले, साहेब से लेकर बाबू तक परेशान

    गया जंक्शन: रूठने-मनाने से लेकर वायरल वीडियो चर्चे में, नो पार्किंग के खेल ही निराले, साहेब से लेकर बाबू तक परेशान

    देवब्रत मंडल

    कुछ किस्से ऐसे होते हैं जो ऑफ द रिकॉर्ड होते हैं। जिसकी पुष्टि नहीं होती है लेकिन चर्चा में आ ही जाते हैं। आइए गया जंक्शन कुछ किस्से जो जाने अनजाने चर्चा में आ ही जाते हैं।

    1. पिछले दिनों गया जंक्शन के पास एक अद्वितीय कार्यक्रम हुए। इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले एक रेलकर्मी रूठ गए थे, जिन्हें दूरभाष पर मनाने के लिए मनुहार करते एक पदाधिकारी देखे गए। मामला था कि उन्हें आमंत्रण नहीं भेजा गया था, इधर से पदाधिकारी ने कहा-सबकुछ आप ही कर रहे हैं और आप इसलिए रूठ गए कि आमंत्रित नहीं किया गया, आइए जल्द, हम सभी यहीं हैं।

    2. एक खाकी वर्दी वाले सब इंस्पेक्टर साहेब को पत्रकार के ऊपर वाले पॉकेट में रखे मोबाईल फोन से डर लगता है। साहेब भी इसी कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जब पत्रकार उनके पास पहुंचा तो झट से कह दिए-मोबाइल फोन फुलपैंट वाले पॉकेट में रखा कीजिए, नहीं तो ऊपर वाले पॉकेट से गिर जाने का डर रहता है। पत्रकार ने साहेब से कहा-डरिए नहीं! कोई रेकॉर्डिंग नहीं कर रहे हैं।

    3. पिछले दिनों गया जंक्शन पर अवैध वेंडर का एक वीडियो वायरल हुआ तो इंस्पेक्टर साहेब की धिग्गी बंध गए। उन्होंने एक व्यक्ति से कहा कि वायरल वीडियो को डिलीट करवाइये, नहीं तो वेबजह परेशानी बढ़ जाएगी। खैर वायरल वीडियो डिलीट नहीं किया गया लेकिन आगे से इस तरह का वीडियो वायरल नहीं करने के लिए अनुरोध किया गया।

    4. पिछले दिनों एक अवैध वेंडर के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की गई। पता चला कि एक खाकी वर्दी वाले के द्वारा ही अवैध वेंडर को प्लेटफॉर्म पर काम पर रखवाया गया था और उन्हीं के विभाग के पदाधिकारी ने वेंडर के खिलाफ कार्रवाई करवाया। अंत में हुआ यह कि लाइसेंस प्राप्त एक ऐजेंसी ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया कि ऐसे वेंडरों से उनका किसी तरह का लेना देना नहीं है।

    5. पिछले दिनों ऑटो कुछ चालकों को नो पार्किंग स्थल से गिरफ्तार किए जाने का मामला इन दिनों चर्चा में है। रेलवे के उच्चाधिकारियों तक मामला पहुंच गया है। अब शिकायतकर्ता ने उच्चाधिकारियों को ट्वीट कर कहा है बगैर उचित और निष्पक्ष जांच के मामले को बंद कर दिया गया है जो पूरी तरह गलत और न्याय के विरूद्ध कार्यवाही है।

    6. पिछले दिनों गया जंक्शन पर आला अधिकारियों की फौज खड़ी थी और साफ सफाई कर रहे मजदूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खबर के रूप में आई तो संबंधित विभाग के पर्यवेक्षक की क्लास लग गई, आगे से इस तरह की गलतियां नहीं हो, सतर्क रहने की सलाह दी गई।

    7. नो पार्किंग स्थल से कथित रूप से गिरफ्तार किए गए ऑटो रिक्शा चालकों के मामले में साहेब को सफाई देना पड़ रहा है। साहेब ने वरीय अधिकारियों को बताया है कि इस साल 28 मार्च तक नो पार्किंग में कार्रवाई करते हुए 190 से अधिक ऑटो चालक को गिरफ्तार कर उतने ही मुकदमे किए गए हैं। जबकि हर दिन/रात में स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में टिकट बुकिंग घर के सामने से लेकर कई जगहों पर जैसे प्रवेश द्वार(प्लेटफॉर्म नम्बर एक) के पास, डेल्हा साइड में प्रवेश-निकास द्वार के पास बेतरतीब ऑटो आपको लगे दिखाई देंगे।

    8. ऑटो स्टैंड(पूरब दिशा) के लिए निर्धारित स्थल है। जिसके लिए 930 वर्गमीटर रेलवे ने जमीन आवंटित कर रखा है लेकिन इससे हटकर आने जाने मार्ग पर या यत्र तत्र ऑटो व ई रिक्शा लगे रहते हैं लेकिन न तो वाणिज्य विभाग के पर्यवेक्षक और न तो इसे देखने वाले अन्य संबंधित पदाधिकारी ही कुछ कर पाते हैं, सुनने में आता है कि यहां सब कुछ ‘सेट’ है

    ।