देवब्रत मंडल

गया जंक्शन पर सोमवार की रात ट्रेन नंबर 22806 आनंद विहार-भुवनेश्वर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का मोबाइल फोन झपटकर अपराधी फरार हो गया। घटना ट्रेन के S-8 कोच में हुई। वारदात के बाद यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। इस घटना के पहले गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में भी चोरी की घटना हो चुकी है।
प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर साइड में हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्री सूरज मिश्रा प्रयागराज से संबलपुर की यात्रा कर रहे थे। गया जंक्शन पर ट्रेन के ठहराव के दौरान यात्री प्लेटफॉर्म की तरफ वाली खिड़की के पास बैठे थे। मोबाइल चार्ज में लगाकर बात कर रहे थे। इसी दौरान एक अपराधी ने खिड़की के पास से यात्री का मोबाइल फोन झपटा और मौके से फरार हो गया।
इसके पहले गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में हुई थी चोरी
बताया गया कि ट्रेन गया जंक्शन पर रात 10 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर आई थी। निर्धारित अवधि ठहराव के बाद 10:06 बजे खुली। इस बीच गया जंक्शन पर सक्रिय अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है। मालूम हो कि इस घटना के पहले गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का पर्स गया जंक्शन के कुछ दूर पहले ही खिड़की से चुरा लिया गया है। इसकी शिकायत पीड़ित ने पटना रेल थाना में किया है।
सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाला जा रहा
अचानक हुई मोबाइल झपटमारी की घटना से यात्री हक्के-बक्के रह गए। बताया गया कि घटना की सूचना संबंधित सुरक्षा एजेंसी को दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। अपराधी की पहचान के लिए गया जंक्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी खंगाला जा सकता है।
जोखिम भरा साबित हो रहा सफर
गया जंक्शन पर ट्रेन के रुकने के दौरान खिड़की के पास मोबाइल लेकर बैठना यात्रियों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है। इससे पहले भी स्टेशनों पर खिड़की के पास बैठे यात्रियों से मोबाइल झपटमारी की घटनाएं सामने आती रही हैं। यात्रियों से अपील है कि ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर खड़े रहने के दौरान मोबाइल और अन्य कीमती सामान को खिड़की से दूर रखें।
