देवब्रत मंडल

गया। गया-डीडीयू रेलखंड पर चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद सूचना मिलने पर गया रेल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
गया रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार ने बताया कि गया-डीडीयू रेलखंड के कष्ठा स्टेशन के समीप एक महिला यात्री के ट्रेन से गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही रेल थाना से पदाधिकारी को घटनास्थल भेजा गया, जहां महिला का शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 60 वर्ष प्रतीत होती है। शव के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल या अन्य ऐसा सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके।
रेल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजते हुए पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतका की पहचान कर सकता है या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है, तो तत्काल गया रेल थाना को सूचना दें, ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।
