Blog

  • जिले का एक गांव ऐसा, जहां स्कूल नहीं, पानी की टंकी टावर पर लगाने के बजाय यात्री शेड की छत पर रख दिया गया

    जिले का एक गांव ऐसा, जहां स्कूल नहीं, पानी की टंकी टावर पर लगाने के बजाय यात्री शेड की छत पर रख दिया गया

    देवब्रत मंडल

    गया जिले के फतेहपुर प्रखंड का एक गांव है रेंगैनी। जो कि नौडीहा झुरांग पंचायत अंतर्गत आता है। इस गांव में सरकारी स्कूल नहीं है। यहां के बच्चों को 7-8 किमी की दूरी तय कर किसी दूसरे गांव में पढ़ने के लिए जाना पड़ता है।

    यात्री शेड की छत पर रख दिया गया पानी का टंकी

    इस गांव में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल जल की कहानी जानकर आश्चर्य होता है कि इस योजना के तहत जलापूर्ति के लिए तो टावर लगाने का काम कर दिया गया है लेकिन पानी की टंकी टावर के ऊपर लगाने के बजाय यात्री शेड के छत पर रख दिया गया है। गांव वाले कहते हैं कि ये अधूरा काम हुआ है। टंकी टॉवर पर होना चाहिए पर यात्री शेड की छत पर लगा दिया गया है।

    कई जगहों पर नाली निर्माण नहीं कराया जा सका


    गांव में रहनेवाले लोगों के लिए सड़क पक्की तो नहीं बनाई गई है पर ईंट सोलिंग के लिए पेवर ब्लॉक नजर आया। कई जगहों पर नाली निर्माण के लिए लोग इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नाली नहीं बने रहने से काफी परेशानी होती है।

    कई बार सांसद और विधायक को पत्राचार कर चुके हैं


    यहां के रहनेवाले एक सभ्य व्यक्ति सुनील कुमार बताते हैं कि इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद और विधायक को कई बार पत्राचार कर चुके हैं। इनका कहना है गांव में स्कूल नहीं होने से बच्चे 7-8 किमी की दूरी जंगल के रास्ते तय कर पढ़ने के लिए आते जाते हैं। बरसात हो जाड़ा। गर्मी हो या फिर और कोई मौसम। बच्चों को परेशानी होती है।
    उन्होंने बताया हाल ही में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को इस गांव में एक स्कूल नहीं होने से उत्पन्न समस्या से अवगत कराया गया है। ग्रामीणों ने इस गांव में एक स्कूल बनवाने की मांग की है।

  • गया जी नगर निगम के वार्ड नंबर 04 में जल जमाव की समस्या का निकाला गया समाधान, पार्षद ने की पहल

    गया जी नगर निगम के वार्ड नंबर 04 में जल जमाव की समस्या का निकाला गया समाधान, पार्षद ने की पहल

    देवब्रत मंडल

    जेसीबी मशीन से जल निकासी

    गया जी नगर निगम के वार्ड नंबर 04 अंतर्गत छोटकी नवादा पाँचबिगहिया में जल जमाव की समस्याओं से परेशान थे। नागरिकों ने पार्षद अनुपमा कुमारी और सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप कुमार मंडल से गुहार लगाई। इसके बाद पार्षद ने रविवार की सुबह 10 बजे नगर निगम के जेसीबी मशीन मंगवा कर जल जमाव की समस्या का अस्थायी रूप से हल निकालने में जुट गए।

    स्थानीय लोगों ने किया पहल का स्वागत

    स्थानीय लोगों ने वार्ड पार्षद के द्वारा की गई इस पहल का स्वागत किया है। लोगों ने बताया कि पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के बाद भारी जल जमाव हो गया था, जिससे यहां के नागरिक परेशान थे।

    पार्षद ने कहा-सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती हूं

    जल जमाव

    वार्ड पार्षद अनुपमा कुमारी ने कहा कि क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर सड़क से लेकर निगम बोर्ड की बैठक में अपनी आवाज उठाने का काम कर रहे हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को अपनी समस्या मानकर उसका हल निकालने में जहां तक संभव होता है, वे करती रहती हैं।

  • सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में लगभग तीनगुना वृद्धि, जुलाई माह से मिलेंगे 11 सौ रुपये, लोगों ने सीएम के प्रति जताया आभार

    सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में लगभग तीनगुना वृद्धि, जुलाई माह से मिलेंगे 11 सौ रुपये, लोगों ने सीएम के प्रति जताया आभार

    देवब्रत मंडल

    बिहार के मुख्यमंत्री सह जनता दल यू के राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कर दिया है। अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत विधवा महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को अब हर महीने ₹400 की जगह अब हर महीने 1100 रुपए पेंशन मिलेगी। इस ऐतिहासिक काम के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आभार एवं धन्यवाद प्रकट करते हैं। बिहार के लाचार- विवस लोगों को पेंशन की राशि बढ़ा कर आर्थिक मदद किया। श्री कुमार ने बताया कि सभी लाभार्थियों को जूलाई महीने से पेंशन बढी हुई दर पर मिलेगी। सभी लाभार्थियों के खाता में यह राशि महीने के 10 तारीख को भेजना सुनिश्चित किया जायेगा।
    वृद्धजनों, विधवा और दिव्यांगजनों के पेंशन की वृद्धि किए जाने पर मुख्यमंत्री को बधाई देने वाले में बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष पूर्व वार्ड पार्षद डॉ. विनोद कुमार मंडल, महामंत्री परमानंद सिंह, जदयू नेता श्रवण केवट, दिनेश ठाकुर, श्रीकांत चंद्रवंशी, नरेश चौहान, इंद्र ठाकुर, जवाहर लाल साव, रामा चंद्रवंशी, पप्पू चंद्रवंशी, सरस्वती देवी, मुन्नी पटेल, उषा पटेल, रामविलास शर्मा, राजकुमार अकेला, मो आरिफ़ हुसैन, भरत चंद्रवंशी, भीम विश्वकर्मा हरेंद्र दांगी, कैलाश चंद्रवंशी विष्णु देव प्रजापति, दयानंद विश्वकर्मा, मो इमरान अंसारी, मंदीप प्रजापति, बैजनाथ शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता वार्ड नं 04 के पार्षद प्रतिनिधि दिलीप मंडल व अन्य है।

  • शराब की तस्करी में युवती भी हुई शामिल, गया जंक्शन पर युवक और युवती साथ पकड़े गए, कई सवाल अनुत्तरित

    शराब की तस्करी में युवती भी हुई शामिल, गया जंक्शन पर युवक और युवती साथ पकड़े गए, कई सवाल अनुत्तरित

    देवब्रत मंडल

    जब्त शराब व गिरफ्तार तस्कर एवं पुलिस

    अवैध शराब के कारोबार में अब युवतियां भी शामिल हो गई हैं। एक युवती के पास से अच्छी खाशी शराब बरामद की गई है। साथ में एक युवक भी पकड़ा गया है। जिसके पास से भी शराब बरामद हुई है। लेकिन पुरुष(युवक) और महिला(युवती) के बीच कैसा सम्बंध है ये रेलवे सुरक्षा बल द्वारा या रेल पुलिस द्वारा न तो पूछा गया और न ही मीडिया को इसके बारे में जानकारी दी गई। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केवल इतना बताया गया है कि 19 वर्ष की महिला और 18 वर्ष का पुरुष शराब तस्करी कर झारखंड से लाकर ऊंचे दामों पर बिहार में बेचता है। कहाँ बेचता है? कहाँ ले जाना था? कहां से किस स्टेशन से किस ट्रेन से गया जंक्शन पहुंचे थे दोनों? कुछ नहीं बताया गया है। हो सकता है पुलिस अब इस कांड में आगे की जांच में इन सारी बातों का पता लगाएगी। एक सवाल यहां भी रह जाता है कि आखिर सुबह सुबह झारखंड की ओर से कौन ट्रेन गया जंक्शन आई थी जिससे दोनों शराब लेकर उतरे थे? क्योंकि आरपीएफ एवं जीआरपी ने यह संयुक्त कार्रवाई सुबह 06 बजे की है। बहरहाल, आरपीएफ के इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया है कि गया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों व्यक्ति झारखंड से शराब लाकर बिहार में बेचने के लिए ले जा रहे थे। गिरफ्तार युवती युवक के लिबास में थीं।

    गिरफ्तार व्यक्तियों की जानकारी

    1. नेहा कुमारी उर्फ प्रीति, उम्र 19 वर्ष, पिता मनीष कुमार, ग्राम+थाना मखदुमपुर, वार्ड नंबर 11, जिला जहानाबाद, बिहार
    2. छोटू कुशवाहा, उम्र 18 वर्ष, पिता भुनेश्वरी प्रसाद, साकिन हड़ैल, वार्ड नंबर 11, थाना विष्णुगंज, जिला जहानाबाद, बिहार

    बरामद शराब

    • महिला के बैग से:
      • Sterling Reserve B7 Original Blended Whisky – 3 बोतल (750 ML प्रत्येक), कीमत 740×3 = 2220 रुपये
      • Sterling Reserve B7 Original Blended Whisky – 8 बोतल (375 ML प्रत्येक), कीमत 370×8 = 2960 रुपये
    • पुरुष के बैग से:
      • Blender Pride Ultra Premium Whisky – 3 बोतल (750 ML प्रत्येक), कीमत 1050×3 = 3150 रुपये
      • Iconiq White Elite International Grain Whisky – 6 बोतल (375 ML प्रत्येक), कीमत 350×6 = 2100 रुपये

    कुल बरामद शराब और इसकी कीमत

    कुल बरामद शराब का वजन 9.750 लीटर है और इसकी कीमत 10,430 रुपये है। दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जीआरपी थाना गया ले जाया गया, जहां कांड संख्या 183/25 दिनांक 21.06.25 अंतर्गत धारा 30(a) बिहार मध निषेध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

  • पीपुल फर्स्ट एजुकेशन चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में स्लम एरिया के अध्यनरत बच्चों ने किया योगाभ्यास

    पीपुल फर्स्ट एजुकेशन चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में स्लम एरिया के अध्यनरत बच्चों ने किया योगाभ्यास

    देवब्रत मंडल

    योग शिविर में संस्था में अध्ययनरत बच्चे

    पीपुल फर्स्ट एजुकेशन चेरिटेबल ट्रस्ट के बैनर तले संस्था की अध्यक्षा गोपा सिन्हा ने संस्था में अध्ययनरत बच्चों के साथ अंतराष्ट्रीय योग दिवस मनाते हुए बच्चो को योग की विभिन्न पद्धति बताई। इसके साथ ही बच्चों को यह संदेश दिया कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ रहने के लिए अपने व्यस्त समय में से कम से कम आधा घंटा ही योग करना आवश्यक है। इसलिए सभी बच्चे प्रतिदिन सुबह के समय में योग आवश्यक रूप से करें। श्रीमती सिन्हा ने कहा कि 21 जून 2025 को 11वां अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ की थीम पर मनाया जा रहा है। इसलिए सभी लोग स्वस्थ रहने के लिए योग करे और पृथ्वी को संरक्षित करने के लिए पेड़ जरूर लगाएं। इस कार्यक्रम में संस्था के प्रशासनिक पदाधिकारी राकेश रंजन मिश्रा, समन्वयक जाहिद अख्तर, निशा कुमारी, संध्या कुमारी, मनोज कुमार, पारस नाथ, सुशील कुमार, कहकशा अम्बर एवं संस्था में अध्ययनरत स्लम क्षेत्र के बच्चे एवं अन्य लोग उपस्थित हुए।

  • रोस्टर के अनुसार समय पर डॉक्टर अस्पतालों में रहें मौजूद: डीएम

    रोस्टर के अनुसार समय पर डॉक्टर अस्पतालों में रहें मौजूद: डीएम

    डीएम ने रिव्यू मीटिंग में स्वास्थ्य सेवाओं की ली अद्यतन जानकारी

    देवब्रत मंडल

    स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक करते डीएम


    गया जिलाधिकारी शशांक शुंभकर ने स्वास्थ्य पदाधिकारियों को बेहतर कार्य करने के लिए कहा है। उन्होंने स्वास्थ्य पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सक समय पर उपस्थित रहें और इसका अनुश्रवण वरीय स्वास्थ्य पदाधिकारी अवश्य करें। उन्होंने कहा कि रोस्टर के अनुसार स्वास्थ्यकर्मी व चिकित्सक स्वास्थ्य संस्थानों पर मौजूद रहें।

    नया रोस्टर तैयार कर स्वास्थ्य संस्थानों पर डिस्प्ले किया जाएगा

    नये रोस्टर बना कर अग्रसरित करें और सिविल सर्जन द्वारा इसका अनुमोदन प्राप्त करें। रोस्टर को स्वास्थ्य संस्थानों में डिस्पले होना चाहिए ताकि आमजन को चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी मिल सके। सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर आवश्यक दवाईयां मौजूद रहे और इसे सुनिश्चित किया जाये।

    डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं तथा योजनाओं का जाना हाल

    इसके पहले जिला पदाधिकारी आमजन को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा योजनाओं का हाल जानने शनिवार को जिला स्वास्थ्य समिति की रिव्यू मीटिंग की। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस मीटिंग के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं में हुई उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी गयी। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. राजाराम प्रसाद, डीपीएम नीलेश कुमार सहित वरीय स्वास्थ्य पदाधिकारी मौजूद थे।

    डीपीएम ने विस्तार से दी आधारभूत संरचनाओं की जानकारी

    डीपीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं तथा आधारभूत संरचनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला में विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर मिलने वाली सुविधाओं, एसएनसीयू, सहित ब्लड बैंक, एक्स रे, डायलिसिस, सीटी स्कैन तथा अन्य सुविधाओं की विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि जून 2025 में भाव्या के माध्यम से कई स्वास्थ्य केंद्रों पर शतप्रतिशत ओपीडी ऑनलाइन के माध्यम से इलाज किया गया है। जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर आवश्यक सभी दवाईयां मौजूद हैं। मुफ्त औषधि वाहन के माध्यम से दवा का वितरण किया जा रहा है। स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी आवश्यक जांच की सुविधा मौजूद है।

  • ये कोई झील या तालाब नहीं, यह गया जंक्शन है, अंदर शेड से भी टपकता है पानी, तो कहीं शेड ही नहीं

    ये कोई झील या तालाब नहीं, यह गया जंक्शन है, अंदर शेड से भी टपकता है पानी, तो कहीं शेड ही नहीं

    देवब्रत मंडल

    ये गया जी का गया जंक्शन है। ये नजारा किसी झील या तालाब का नहीं। यात्री आएं तो किधर से और जाएं तो जाएं कैसे। यह तो बस बरसात की पहली झलक है और अभी पूरा पिक्चर बाकी है। अंदर यात्री शेड से पानी टपकता है। कई प्लेटफॉर्म पर तो शेड भी नहीं बना है। गया जंक्शन को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तर्ज पर बनाने की कवायद कब से शुरू है और कब बनकर तैयार होगा इसकी कोई निश्चित समय सीमा कोई भी बताने को तैयार नहीं। अधिकारी आते हैं और निर्देशों की झड़ी लगा कर चल देते हैं।

    मामला वहीं पर खत्म। गुणवत्तापूर्ण निर्माण की गारंटी नहीं है और इसके लिए कोई पैमाना भी तय नहीं। जिधर देखें उधर ही मुसीबत। डेल्हा साइड से लेकर मुख्य प्रवेश द्वार(पूरब दिशा) की दशा देखने के बाद हर यात्री यही कहते सुने जाते हैं, “इससे कब मुक्ति मिलेगी? बहरहाल, करोडों रुपये अबतक खर्च हो चुके हैं लेकिन यात्रियों को असुविधा का ही सामना करना पड़ रहा है। पार्सल कार्यालय, आरएमएस कार्यालय, रेल थाना से लेकर आरपीएफ पोस्ट तक के रास्ते पर पैदल चलना मुश्किल।

    यही हाल डेल्हा साइड में है। अतिक्रमण और कीचड़युक्त रास्ते से यात्रियों का आना जाना हो रहा है। आने वाले पितृपक्ष मेला  में भी बारिश होती ही है तो स्वाभाविक है कि देश विदेश से गया जी आने वाले पिंडदानियों को परेशानी होगी। विकास कार्य गतिमान है लेकिन असुविधा भी साथ साथ चल रही है। बारिश होने पर प्लेटफॉर्म पर रहे यात्रियों को जो परेशानी हो रही है वो अलग। वर्तमान में जो प्रतीक्षालय है उसकी भी दशा ठीक नहीं। पूरब दिशा से प्लेटफॉर्म पर आने वाले मार्ग की स्थिति अच्छी नहीं।

  • वार्ड नं 04 में भारी जलजमाव, पार्षद सहित आमलोगों को घर तक पहुंचना हुआ मुश्किल

    वार्ड नं 04 में भारी जलजमाव, पार्षद सहित आमलोगों को घर तक पहुंचना हुआ मुश्किल

    देवब्रत मंडल

    वार्ड नं 04 छोटकी नवादा पाँचबिगहिया

    गया नगर निगम के वार्ड नं 04 अंतर्गत पिछले चार दिनों से भारी जलजमाव बरकरार है। जल जमाव के कारण आम नागरिकों के साथ यहां रहने वाले लोगों को घर तक पहुंच पाना मुश्किल हो गया है।

    आमजन सहित वार्ड पार्षद भी हैं परेशान

    गया जी शहर में जल जमाव की समस्या को देखने व समझने के लिए नगर आयुक्त के नेतृत्व में उनके अधीनस्थ पदाधिकारियों ने कई इलाकों में भ्रमण किया है लेकिन इस क्षेत्र की समस्याओं को देखने के लिए कोई नहीं आए। यहां रह रहे रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवार के अलावा अन्य नागरिकों का कहना है कि इस समस्या से केवल वे परेशान नहीं हैं, बल्कि वार्ड पार्षद भी इस समस्या से परेशान हैं।

    लोगों के घरों तक आने जाने के लिए सड़क व नाली निर्माण जरूरी

    लोगों के घर के पास जलजमाव

    स्थानीय लोगों ने कहा कि इस क्षेत्र में न तो नाली का निर्माण कराया जा सका है और न तो सड़क ही बनाया गया है। जिसके कारण बरसात के मौसम में रामशिला-प्रेतशिला मुख्य पथ से इस क्षेत्र में रहने वाले लोग पूरी तरह कट जाते हैं।

    पार्षद के घर भी इसी मोहल्ले में है

    स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में केवल आमलोग ही नहीं निवास करते हैं बल्कि वार्ड नं 04 की पार्षद अनुपमा कुमारी के भी आवास हैं। जिन्हें भी अपने घर तक आने जाने में परेशानी होती है। यहां तक कि आम जनता अपने काम को लेकर पार्षद के घर तक आना पड़ता है लेकिन इस समस्या के कारण उन्हें भी परेशानी होती है।

    वार्ड पार्षद का ध्यान आकृष्ट कराया गया

    जल जमाव

    इस क्षेत्र के लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में नाली और सड़क नहीं बनने से उत्पन्न हो रही समस्याओं से वार्ड पार्षद को अवगत कराया गया है। पार्षद ने कहा है कि इस समस्या को लेकर निगम बोर्ड की बैठक में निगमायुक्त को अवगत कराया जाएगा। लोगों ने बताया कि पार्षद ने भरोसा दिलाया है कि इस समस्या का निदान करवाने की दिशा में पहल की जा रही है।

    जल निकासी की लोगों ने की मांग

    इस क्षेत्र के लोगों ने नगर आयुक्त से मांग की है कि जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मोटर लगाकर पानी की निकासी कराया जाए। साथ ही निगम के सम्बंधित अभियंता को क्षेत्र में भ्रमण कर पथ एवं नाली निर्माण की संभावनाएं तलाश कर योजना को स्वीकृति प्रदान करवाने की कृपा की जाए।

  • अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस पर आजाद पार्क में महिलाओं की अनोखी पहल, कहा-योगासन और वृक्ष दोनों जरुरी

    अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस पर आजाद पार्क में महिलाओं की अनोखी पहल, कहा-योगासन और वृक्ष दोनों जरुरी

    देवब्रत मंडल

    आजाद पार्क में योगाभ्यास करती महिलाएं

    अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस के मौके पर गया जी में कई जगहों पर योगाभ्यास और योगासन किए गए। वहीं गया जी शहर के आजाद पार्क में प्रतिदिन यहां टहलने के लिए आने वाली महिलाओं की एक समूह ने कुछ अलग की सोच के साथ एक नई पहल की।

    जल जीवन हरियाली के महत्व को समझा


    सबसे पहले तो महिलाएं योगाभ्यास कीं। इसके बाद जल, जीवन, हरियाली के महत्व को आपस में साझा कीं और पार्क में पौधरोपण कीं। इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि जब पर्यावरण प्रदूषण रहित रहेगा तभी योगासन करने से शरीर, मन एवं समाज को हम स्वस्थ रख पाएंगे।

    वार्ड पार्षद के नेतृत्व में संपन्न हुआ कार्यक्रम


    आज का संपूर्ण कार्यक्रम वार्ड नं 20 के पार्षद सशक्त स्थायी समिति के पूर्व सदस्य धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व और इनके इसी बेहतर परिकल्पना के साथ हुआ। पार्षद धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि योगाभ्यास उतना ही जरूरी है जितना पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाना। उन्होंने कहा कि इस पार्क में हर दिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों से महिला, पुरुष और बच्चे टहलने और स्वास्थ्य लाभ को लेकर आते हैं। उन्होंने बताया कि योगाभ्यास के साथ साथ वृक्ष के महत्व पर चर्चा की गई। इसके बाद महिलाओं ने पौधरोपण कर समाज और देश को एक नई प्रेरणा दी।

    पार्षद ने कहा-वृक्ष हम सभी के जीवन लिए बहुत जरूरी

    पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल महिलाएं


    उन्होंने बताया कि इस पार्क के एक हिस्से में जल, जीवन, हरियाली को लेकर पौधे लगाए गए हैं। जिनका संरक्षण भी करते हुए वर्षों से आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन के लिए उतना ही जरूरी है जितना कि योगाभ्यास।

    महिलाओं ने पार्षद के इस नेक काम की सराहना की

    पौधा लगाती महिला

    इस मौके पर उपस्थित महिलाओं ने वार्ड पार्षद श्री कुमार की इस प्रकार की सोच की सराहना करते हुए लोगों से अपील किया कि जीवन में योगाभ्यास करना उतना ही जरूरी है, जितना कि वृक्ष का होना जरूरी है। कहा कि जबतक पर्यावरण शुद्ध नहीं होगा तो योगासन का प्रभाव हम सभी के जीवन पर उतना असरदार नहीं होगा। इसलिए सभी को कम से कम एक पौधा लगाने के साथ साथ उसका संरक्षण करना भी बेहद जरूरी हो चला है।

  • गया में 3 लाख का इनामी नक्सली अखिलेश सिंह भोक्ता ने किया आत्मसमर्पण, 60 जिंदा आईईडी और एक सेमी-ऑटोमेटिक राइफल बरामद

    गया में 3 लाख का इनामी नक्सली अखिलेश सिंह भोक्ता ने किया आत्मसमर्पण, 60 जिंदा आईईडी और एक सेमी-ऑटोमेटिक राइफल बरामद

    देवब्रत मंडल

    गया जिले में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली जब 3 लाख रुपये के इनामी हार्डकोर नक्सली अखिलेश सिंह भोक्ता ने आत्मसमर्पण कर दिया। अखिलेश ने गया एसएसपी आनंद कुमार के समक्ष समर्पण करते हुए पुलिस को 60 जिंदा आईईडी और एक सेमी-ऑटोमेटिक राइफल की जानकारी दी, जिन्हें छकरबंदा के जंगलों में प्लांट किया गया था।

    आत्मसमर्पण के बाद की कार्रवाई

    CRPF, SSB और BSAP के सहयोग से सभी विस्फोटकों को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया। अखिलेश से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं और विस्फोटक या हथियार तो नहीं छिपाए गए हैं।

    अखिलेश की नक्सली गतिविधियां

    अखिलेश पर कुल 17 से अधिक नक्सली घटनाओं में केस दर्ज हैं। प्रमुख घटनाओं में शामिल हैं:

    • 2017 में आमस थाना क्षेत्र में सोलर प्लांट में आगजनी
    • 2018 में देव थाना क्षेत्र में युवक की हत्या और सात गाड़ियों को जलाना
    • 2019 में लुटुआ थाना क्षेत्र में IED ब्लास्ट में इंस्पेक्टर की शहादत
    • 2021 में डुमरिया में चार ग्रामीणों की फांसी देकर हत्या
    • 2025 में छकरबंदा में युवक की गोली मारकर हत्या

    सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ

    अधिकारियों ने बताया कि अखिलेश को सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति के तहत सभी लाभ मिलेंगे। फिलहाल उससे गहन पूछताछ चल रही है।

    नक्सल नेटवर्क को करारा झटका

    एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि लगातार छापेमारी, दबिश और दबाव के चलते संगठन के कई सदस्य या तो मारे जा चुके हैं या आत्मसमर्पण कर चुके हैं। अखिलेश का समर्पण नक्सली नेटवर्क को एक बड़ा झटका माना जा रहा है।