Blog

  • नालों की सफाई व्यवस्था से नाराज नगर आयुक्त ने लिया कड़ा एक्शन, जुर्माना, वेतन बंद और पदमुक्त

    नालों की सफाई व्यवस्था से नाराज नगर आयुक्त ने लिया कड़ा एक्शन, जुर्माना, वेतन बंद और पदमुक्त

    देवब्रत मंडल

    समीक्षा बैठक करते नगर आयुक्त

    नगर आयुक्त कुमार अनुराग द्वारा शहर में नगर निगम द्वारा की जा रही है नालों की सफाई की समीक्षा की गई। समीक्षा में स्वच्छता पदाधिकारी मौजूद रहे। साथ में ही, वैसे वार्डों के जमादारों को बैठक में बुलाया गया था जिनकी नाला सफाई में प्रगति सबसे खराब है। एजेंसी के प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित थे जिनको मानव बल उपलब्ध कराने हेतु चयन किया गया है।

    जल जमाव को स्वाभाविक बताया गया, इससे निबटने के उपाय

    स्वच्छता पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि कल दो घंटे के अवधि में काफी तेज वर्षा हुई। इसके बावजूद सभी मुख्य पथों एवं स्थानों से जल जमाव दो घंटे के अंदर हट गया। नगर आयुक्त द्वारा कहा गया कि तेज वर्षा के कारण ये स्वाभाविक है कि जल जमाव हो सकता है परन्तु ये नगर निगम का दायित्व है कि कहीं भी बारिश के बाद जल जमाव की स्थिति बनी नहीं रहे एवं एक घंटे के अंदर सीवर एवं नालों से होते हुए पानी को निकासी हो जाए। इसको सुनिश्चित करने के लिए ये महत्वपूर्ण है कि नालों की सफाई अच्छे तरह से हो और जो क्रिटिकल पॉइंट्स है वहां पे अभियंताओं एवं स्वच्छता पदाधिकारी का दायित्व है कि स्वयं ध्यान दिया जाए कि क्या उपाय किए जा सकते है जिस से की जल जमाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

    चार सदस्यीय कमेटी गठित, 24 घन्टे में प्रतिवेदन मांगा गया

    शहर के प्रमुख स्थान जहां वर्षों से जल जमाव होता आया है जैसे कि निगम कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट परिसर, वहां के लिए चार सदस्य कमेटी का गठन किया गया जो भौगोलिक दृष्टि को ध्यान में रखते हुए 24 घंटे के अंदर प्रतिवेदन समर्पित करेंगी सुझाव को लेकर जिस से की इन सब स्थानों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ में ही, QRT (Quick Response Team) का गठन किया गया है जो दोनों पालियों में निरंतर अपना कार्य करेगी और शहर के वैसे स्थानों जहां पे जल निकासी को लेकर समस्या आ रही है, वहां पर मशीन एवं मानव बल के माध्यम से जल निकासी हेतु कार्य करेगी।

    इन वार्डों में सफाई की स्थिति अच्छी नहीं, हुआ एक्शन

    समीक्षा में पाया गया है कि कुल 14 वार्डों में नालों की सफाई की स्थिति अच्छी नहीं है। सभी वार्ड जमादारों से उपरोक्त की समीक्षा की गई एवं पाया गया कि जमादारों का प्रवेक्षण संतोषजनक नहीं है। नगर आयुक्त द्वारा वार्ड 41, 44, 06, 43, 46,15, 35, 27, 11, 39, 26, 38, 17 एवं 37 के वार्ड जमादारों का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया। निर्देश दिया गया कि जब तक कार्य में तेजी नहीं आ जाती है तब तक इन सभी का वेतन स्थगित रहेगा। सभी सफाई प्रवेक्षकों को अगले चार दिनों में प्रगति प्रतिवेदन के साथ पुनः समीक्षा के लिए बुलाया गया है। साथ ही, वार्ड 37 के सफाई जमादार पर करवाई करते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाने का निर्देश दिया है। समीक्षा में पाया गया कि न ही वह कार्यों में रुचि ले रहे है और न ही बैठक में आते हैं। कार्य में उनकी प्रगति नगण्य है।

    चेतावनी के साथ लगाया गया पेनाल्टी

    नगर आयुक्त ने सभी सफाई जमादारों से कहा कि पूरे वार्ड की सफाई की मूल जिम्मेदारी आपकी है एवं अगर आपके द्वारा कार्य में कोताही बरती जाती है तो पूरे वार्ड में गंदगी की स्थिति बनी रहती है। कार्यों को लेकर सजग बने और निरंतर कार्यों का प्रवेक्षण करें। अगर यही स्थिति बनी रही, तो वैसे जमादारों को पद से मुक्त कर उन वार्डों के सफाई के प्रवेक्षण का कार्य अन्य को दिया जायेगा। साथ में ही, एजेंसी जिसको मानव बल हेतु निगम के द्वारा रखा गया था, के इकरारनामा के शर्तों के हिसाब से 50,000 रुपए का पेनल्टी लगाया गया।

    देवब्रत मंडल

  • ऑपरेशन सतर्क: आरपीएफ और जीआरपी ने पकड़ी 10.125 लीटर अंग्रेजी शराब

    ऑपरेशन सतर्क: आरपीएफ और जीआरपी ने पकड़ी 10.125 लीटर अंग्रेजी शराब

    देवब्रत मंडल

    गया रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक युवक को 10.125 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा। यह कार्रवाई दिनांक 26.05.2025 को निरिक्षक प्रभारी बनारसी यादव के निर्देशन में की गई।

    कार्रवाई की जानकारी:

    • समय और स्थान: दिनांक 26.05.2025 को समय करीब 10.30 बजे पीएफ संख्या 01 पर पुलिस निरीक्षक कार्यालय से दक्षिण महिला शौचालय के पास।
    • पकड़: एक नौजवान लड़का पुलिस बल को देखते ही भागने छिपने लगा, जिसे घेर कर पकड़ा गया।

    बरामद शराब की जानकारी:

    • मात्रा: 10.125 लीटर (27 बोतल अदद इंपीरियल ब्लू रिजर्व ग्रीन व्हिस्की प्रत्येक 375 ml)
    • मूल्य: ₹ 5940/-
    • बैच नंबर और लेबल: IBR 346 दिनांक 20.01.2025, FOR SALE IN PUNJAB ONLY

    आरोपी की जानकारी:

    • नाम: प्रिंस कुमार
    • उम्र: 19 वर्ष
    • पिता: पिंटू खटीक
    • पता: बजरंग नगर वार्ड नंबर 27, झुमरी तिलैया थाना झुमरी तलैया, जिला कोडरमा (झारखंड)

    आगे की कार्रवाई:

    • जप्ती और गिरफ्तारी: मौके पर जप्ती सूची बनाकर जप्त शराब और आरोपी को जीआरपी थाना गया ले जाया गया।
    • मुकदमा दर्ज: पकड़े गए व्यक्ति के विरुद्ध कांड संख्या 153/25 दिनांक 26.05.2025 अंतर्गत धारा 30(a) बिहार प्रोहिबिशन एंड एक्साइज अमेंडमेंट एक्ट 2022 दर्ज किया गया।

    इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम रेलवे परिसर में अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह से सजग है।

  • ऑपरेशन जीवन रक्षा: गया जंक्शन पर आरपीएफ ने बचाई स्कूली बच्ची की जान, जानें कैसे और कहां की है छात्रा

    ऑपरेशन जीवन रक्षा: गया जंक्शन पर आरपीएफ ने बचाई स्कूली बच्ची की जान, जानें कैसे और कहां की है छात्रा

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन के एफओबी पर छात्रा और आरपीएफ

    गयाजी के रेलवे स्टेशन पर एक बीमार स्कूली बच्ची को समय पर चिकित्सा मुहैया कराकर उसकी जान बचाई गई। यह घटना दिनांक 26.05.2025 को घटी, जब सीसीटीवी में तैनात महिला आरक्षी नंदनी कुमारी ने हावड़ा फुट ओवर ब्रिज पर एक अचेत अवस्था में पड़ी महिला यात्री की सूचना ड्यूटी ऑफिसर उनि/अजय तिग्गा को दी।

    आरपीएफ की तत्परता:

    • सूचना मिलते ही कार्रवाई: उ.नि./अजय तिग्गा ने तुरंत स्टेशन मास्टर और रेलवे हॉस्पिटल को सूचित किया और प्लेटफॉर्म ड्यूटी में तैनात म.आ./सोनिका कुमारी, म.आ./प्रीति कुमारी तथा आ. राजेश रंजन के साथ हावड़ा फुट ओवर ब्रिज के पास पहुंचे।
    • बच्ची को अस्पताल पहुंचाया: उपस्थित बल सदस्यों के सहयोग से बीमार बच्ची को अविलम्ब रेलवे हॉस्पिटल गया पहुंचाया गया।

    बच्ची की पहचान और परिजनों से संपर्क:

    • नाम और पता: बच्ची के स्कूल बैग में मिले नोटबुक से उसका नाम दीपिका कुमारी और घर का मोबाइल नंबर मिला।
    • परिजनों से संपर्क: आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव ने बताया उपरोक्त नंबर पर संपर्क करने पर बच्ची के भाई आर्यन कुमार से बात हुई, जिन्होंने बताया कि वह दीपिका कुमारी के भाई हैं और शेखपुरा जिले के कसार थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

    चिकित्सा और परिजनों का आगमन:

    • रेलवे डॉक्टर का इलाज: रेलवे डॉक्टर रवि शंकर पांडे ने बच्ची का इलाज किया और बताया कि वह पहले से अब ठीक है।
    • परिजनों का आगमन: कुछ समय बाद बच्ची के भाई आर्यन कुमार, मामा राजेश कुमार और घर के अन्य सदस्य रेलवे अस्पताल गया पहुंचे।

    आरपीएफ की सराहनीय कार्रवाई:

    आरपीएफ पोस्ट गया के अधिकारी और बल सदस्यों ने सही समय पर बच्ची को इलाज के लिए रेलवे अस्पताल पहुंचाया और उसकी जान बचाई। इस कार्य के लिए बच्ची के परिजनों ने आरपीएफ को धन्यवाद दिया।

  • गयाजी में मेघ गर्जन के साथ हुई बारिश में मंदिर का फर्श गया टूट, शिवलिंग भी टूटकर तालाब में गिरा, लोगों की उमड़ी भीड़

    गयाजी में मेघ गर्जन के साथ हुई बारिश में मंदिर का फर्श गया टूट, शिवलिंग भी टूटकर तालाब में गिरा, लोगों की उमड़ी भीड़

    देवब्रत मंडल

    टूटे फर्श और स्थापित शिवलिंग नीचे गिरा

    गया जी में सोमवार को मेघ गर्जन के साथ हुई बारिश के दौरान गया शहर के उत्तरी हिस्से रामशिला मोड़ पर स्थित एक मंदिर का फर्श (सतह) टूट गया। सतह(फर्श) पर ही शिवलिंग स्थापित था। जो टूटे सतह(फर्श) के साथ इस मंदिर के नीचे तालाब में जा गिरा। इस घटना की जानकारी जैसे ही लोगों तक पहुंची, यहां भीड़ उमड़ पड़ी। लोग शिवलिंग की तलाश शुरू कर दिए हैं। खबर लिखे जाने तक शिवलिंग नहीं मिला है। आस्थावान इसे प्राकृतिक आपदा और भगवान की लीला मान कर चल रहे हैं।

    मेघ गर्जन और बारिश के बीच हुई अप्रत्याशित घटना

    स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक मेघ गर्जन हुआ। तेज बारिश होने लगी। लोग अपने घरों और आसपास के दुकानों में शरण ले चुके थे। जब बारिश रूकी तो एक श्रद्धालु शिव मंदिर में स्थापित शिवलिंग को प्रणाम करने पहुंचे तो देखा कि मंदिर का सतह(फर्श) टूटा हुआ है और शिवलिंग नहीं है। इसकी जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंची तो लोगों की भीड़ लग गई।

    तालाब पर बना काफी पुराना है यह मंदिर

    गौरैया मंदिर का प्रवेश द्वार

    स्थानीय लोगों ने बताया कि यह गौरैया स्थान है। जो काफी पुराना है। इस स्थान पर पुराना तालाब हुआ करता था। जो कालांतर में विलुप्त होने लगा है। यही पर स्थानीय लोगों के सहयोग से एक शिव मंदिर का निर्माण कराया गया था। मंदिर निर्माण के लिए तालाब के हिस्से पर पिलर दिया गया। इसके बाद शिवलिंग की स्थापना की गई थी। आसपास के लोगों के अलावा दूर दराज के लोग भी श्रद्धा भाव से गौरैया स्थान मंदिर में पूजा अर्चना करने आते हैं। पास बने शिव मंदिर में नित्य दिन पूजा पाठ भी लोग करने आते हैं।

    कुछ लोग इसे ईश्वरीय कोप बता रहे हैं, तो कोई भगवान की लीला

    यहां लगी भीड़ में रहे लोग इस घटना को किसी ईश्वरीय सत्ता का प्रकोप बता रहे थे तो कई लोग भगवान की लीला कह रहे थे। लोग कहते सुने गए कि यह मंदिर काफी पुराना है और लोगों की आस्था इस मंदिर से जुड़ी हुई है।

    शिवलिंग ढूंढ कर निकालने की कवायद

    अब जबकि शिवलिंग तालाब के अंदर जा गिरा है तो इसे ढूंढ कर निकालने की कवायद में लोग जुट गए हैं। यहां मौजूद लोगों द्वारा जितनी मुंह उतनी बातें की जाने लगी है।

    शुक्र रहा कि मंदिर की सतह धंसने वक्त कोई श्रद्धालु नहीं थे

    स्थानीय लोगों ने बताया जिस वक्त बारिश हो रही थी। मेघ गर्जन हो रहा था। उस वक्त इस शिव मंदिर के गर्भ गृह में कोई श्रद्धालु नहीं थे। यदि कोई श्रद्धालु यहां होते तो वे भी तालाब में गिर जाते। हालांकि तालाब कितना गहरा है। इसके बारे में कोई अनुमान नहीं लगाया जा सकता है लेकिन आस्था और आपदा के बीच लोग तरह तरह की चर्चा कर रहे हैं।

  • वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी: तीन युवकों को आरपीएफ ने किया गिरफ्तार, सभी आरोपी गया के रहनेवाले

    वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी: तीन युवकों को आरपीएफ ने किया गिरफ्तार, सभी आरोपी गया के रहनेवाले

    देवब्रत मंडल

    रफीगंज पोस्ट में गिरफ्तार आरोपियों के साथ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक राम सुमेर व जवान
    File photo

    वाराणसी से रांची जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाले तीन युवकों को आरपीएफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। यह घटना 21 मई को गया-डीडीयू रेलखंड पर रफीगंज-कष्ठा रेलखंड पर हुई थी, जिसमें ट्रेन के इंजन और दो बोगियों के शीशे टूट गए थे।

    गिरफ्तार युवकों की जानकारी:

    • नाम: सौरव कुमार, मुन्ना कुमार और नीतीश कुमार
    • पता: शेरपुर गांव, घुठिया पंचायत, चंदौती थाना क्षेत्र

    आरपीएफ की कार्रवाई:

    आरपीएफ की टीम ने वंदे भारत एक्सप्रेस के फ्रंट सीसीटीवी कैमरे से फुटेज निकाली और फुटेज के आधार पर तीनों युवकों को गिरफ्तार किया। सीनियर कमांडेंट जेथिन बी राज ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार किया गया।

    घटना के बाद की कार्रवाई:

    • प्राथमिकी दर्ज: रफीगंज आरपीएफ पोस्ट पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
    • जांच: रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

    इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन ट्रेन को नुकसान पहुंचा था। आरपीएफ की इस कार्रवाई से रेलवे परिसर में सुरक्षा को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ेगा।

  • कलम की जय, मानवता की विजय: गयाजी में मंदिर और मस्जिद के पास सड़क पर वेदना से तड़प रही वृद्ध महिला की दास्तां

    कलम की जय, मानवता की विजय: गयाजी में मंदिर और मस्जिद के पास सड़क पर वेदना से तड़प रही वृद्ध महिला की दास्तां

    देवब्रत मंडल

    सड़क पर तड़प रही वृद्ध महिला


    गयाजी शहर में दुखहरणी मंदिर है। यहीं पर शहर का जामा मस्जिद भी। इसी जगह पर एक वृद्ध महिला बिल्कुल ही लाचार पड़ी हुई थी। वदन पर वस्त्र नाम मात्र। दुर्बल, दुखिया पर अनगिनत लोगों की नजर गई होगी। किसी ने सुध लेना मुनासिब नहीं समझा। क्यों नहीं समझा ये गंभीर चिंता से ज्यादा चिंतन करने का विषय है।
    बात 24 मई 2025 की है। इस असहाय और लाचार वृद्ध महिला किसी की माँ होंगी। निःसंतान भी हो सकती हैं। इसके बारे में कोई विशेष जानकारी नहीं है। दुनियां में जितने भी दर्द होते होंगे, उस दर्द से तड़प रही इस वृद्ध महिला पर एक व्यक्ति की दृष्टि पड़ गई। उसकी अंतरात्मा ने उसे झकझोर दिया। मानवता जागृत हुई। उसने पुलिस विभाग के 112 नंबर को डायल कर मदद करने के लिए मुक्तकंठ खोले। इनकी आवाज डायल 112 तक पहुंची भी पर आश्वासन की घूंट पिला दी गई। कई घन्टे बीत गए, पुलिस मदद करने को समय से नहीं आई। दिन से रात हो गई। इस व्यक्ति के मन की व्यथा और टीस मारने लगी। रात नौ बजे के बाद फिर डायल 112 को आवाज लगाई। वही रट रटाया आश्वासन मिला और रात गुजर गई।
    अगले दिन रविवार की सुबह जब मंदिर में घन्टी बजने लगी। मस्जिद से अज़ान दिया जाने लगा तो इस सहृदयी व्यक्ति, जिसमें मानवता कूट कूट कर भरी हुई थी को लगा कि बुढ़िया को सहायता प्रदान करा दिया होगा। लेकिन इस व्यक्ति की सोच और सच्चाई में काफी फर्क था। बुढ़िया कल से भी अधिक तकलीफ़ में थी। किसी वाहन से इसके हाथ को गहरी चोट भी पहुंच गई थी। रक्त बह रहे थे। तब इस व्यक्ति से रहा नहीं गया। इन्होंने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ magadhlive news को आवाज लगाई।
    उक्त सारे वाक्यात से जब हम अवगत हुए तो लगा कि अब कलम ही दोनों की वेदना(वेदना से तड़पती वृद्ध महिला और सहृदयी मो. नौशाद) को दूर कर सकता है। एक रिपोर्ट बनाने से पहले एक जिम्मेदार पुलिसकर्मी को इन सारी घटनाओं और सच्चाई से रूबरू कराया(फोटो और वीडियो भेजकर)। इन्होंने भी अपनी ड्यूटी निभाई और निकट के थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। परंतु ढाई घंटे बीत गए कोई नहीं आया।
    तब कलम उठाई। एक रिपोर्ट लिख कर पोस्ट कर दिया। जो कि पत्रकारिता धर्म था। खबर साहेब तक पहुंची। सभी की सक्रिय हो गए। कार्यवाही शुरू हो गई। बात पुलिस महकमे से सामान्य प्रशासन तक पहुंच गई। इसके बाद कुछ कर्मचारी आए और लाचार, वेदना से तड़प रही महिला को ले जाया गया। उम्मीद है कि प्रशासन वृद्ध महिला की शारीरिक पीड़ा को अवश्य दूर कराएगी। बात सरकार तक जाए या नहीं जाए लेकिन कलम की जय हुई और मानवता की विजय। मो. नौशाद कहते हैं- magadhlive ने लाचार और बेवस महिला के लिए कलम उठाई और जन-जन की आवाज बनी।

  • अपडेट्स:गया शहर के दु:खहरणी मंदिर के पास पड़ी वृद्ध महिला का दु:ख हरने कोई नहीं आया, डायल 112 को भी सूचना दिए दिन बीत गए

    अपडेट्स:गया शहर के दु:खहरणी मंदिर के पास पड़ी वृद्ध महिला का दु:ख हरने कोई नहीं आया, डायल 112 को भी सूचना दिए दिन बीत गए

    देवब्रत मंडल

    लाचार पड़ी वृद्ध महिला

    गया शहर के दुःखहरणी मंदिर के समीप एक वृद्ध महिला कल से किसी की सहायता की जरूरत है लेकिन इसके दुख हरने को अबतक कोई नहीं आया है। आसपास के लोगों ने डायल 112 को भी फोन कर इसकी सूचना कल यानी शनिवार को दी थी। सूचक को रिस्पॉन्स में उत्तर भी दिया गया लेकिन खबर लिखे जाने के समय तक इस महिला को किसी तरह की सहायता प्रदान नहीं की जा सकी है।
    इस वृद्ध महिला के बारे में स्थानीय लोगों ने जो जानकारी दी है। उसके अनुसार किसी वाहन से इस महिला को चोट लगी है। दुर्बलता के कारण यह स्वयं को और भी असहाय महसूस कर रही है। महिला अर्धनग्न अवस्था में मंदिर के पास लाचार पड़ी हुई है। पास के ही एक व्यक्ति ने बताया कि डायल 112 को उन्होंने शनिवार को दोपहर 2 बजकर 08 मिनट में कॉल किया। इसके उन्हें बताया गया कि बहुत जल्द ही हम(पुलिस) पहुंच रहे हैं। लेकिन कोई नहीं आए।
    इस व्यक्ति ने बताया कि रात 9:39 में उन्होंने 112 नंबर डायल किया। फिर वही जवाब आया- we will reach you shortly .रविवार को दोपहर बाद इस संबंध में magadhlive जानकारी लेना चाहा तो पुलिस के एक जिम्मेदार पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि थाना को बोल दिया गया है लेकिन उसके दो ढाई घंटे बाद भी महिला उसी हालात में मंदिर के पास पड़ी हुई देखी गई है।

    खबर प्रशासन तक पहुंची तो असहाय व लाचार वृद्ध महिला को प्रशासन के द्वारा सहायता प्रदान कराई गई है। बताया गया कि सदर एसडीओ को इसके लिए निर्देश दिया गया। इसके बाद महिला को जो भी आवश्यक सहायता की जरूरत है, वो प्रदान कराया जा रहा है।

  • बिहार-झारखंड के कुष्ठ रोगियों का संयुक्त सम्मेलन गया में होगा, मुख्य अतिथि होंगे झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास

    बिहार-झारखंड के कुष्ठ रोगियों का संयुक्त सम्मेलन गया में होगा, मुख्य अतिथि होंगे झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास

    देवब्रत मंडल

    पूर्व सीएम से मुलाकात करते पूर्व वार्ड पार्षद

    झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास गया में होने वाले बिहार और झारखंड के कुष्ठ रोगियों के संयुक्त सम्मेलन में मुख्य अतिथि और उद्घाटनकर्ता के रूप में शिरकत करने की सहमति दी है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व ओडिशा के राज्यपाल रह चुके रघुवर दास से डॉ. बिनोद कुमार मंडल ने मुलाकात की है। बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के अध्यक्ष सह पूर्व वार्ड पार्षद डॉ विनोद कुमार मंडल ने बताया कि इस सम्मेलन को लेकर उन्होंने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के पूर्व राज्यपाल श्री दास से मुलाकात कर कुष्ठ रोगियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा भी की। उन्होंने बताया श्री दास से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में उनके अलावा बिहार से अनिल कुमार एवं झारखंड कुष्ठ कल्याण समिति के महासचिव मोहम्मद जियाउद्दीन भी थे।

    सम्मेलन के उद्देश्य:

    श्री मंडल ने बताया इस सम्मेलन का उद्देश्य कुष्ठ रोगियों की समस्याओं पर चर्चा करना और उनके लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के तरीकों पर विचार करना है। डॉ. बिनोद कुमार मंडल ने समाज के हर वर्ग और तबके के लोगों से कुष्ठ रोगियों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और उनके पुनर्वास के लिए काम करने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया सम्मेलन का उद्देश्य कुष्ठ रोगियों को सरकार से समान अधिकार दिलाना है।

    अब आगे की कार्रवाई में तिथि निर्धारित की जाएगी

    पूर्व राज्यपाल से मुलाकात करते प्रतिनिधिमंडल

    श्री मंडल ने बताया कि श्री दास संयुक्त सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने के लिए अपनी सहमति प्रदान की है। सम्मेलन में लिए गए निर्णयों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और कुष्ठ रोगियों के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया झारखंड कुष्ठ कल्याण समिति के लोगों से इस संयुक्त सम्मेलन को लेकर चर्चा हो चुकी है। तिथि का निर्धारण किया जाएगा।

    राष्ट्रपति रह चुके आर. वेंकटरमन की पुत्री से भी मिल चुके हैं

    डॉ. बिनोद कुमार मंडल ने कुष्ठ रोगियों के प्रति समाज में सहानुभूति और समर्थन बढ़ाने के लिए काम करने का संकल्प लिया है। इनके हितों की रक्षा को लेकर वर्षों से समर्पित डॉ विनोद कुमार मंडल अबतक देश के कई महत्वपूर्ण लोगों से मिल चुके हैं। पिछले साल भारत के राष्ट्रपति रह चुके आर. वेंकट रमण की पुत्री से मिलकर इस दिशा में पहल कर चुके हैं।

    कई राज्यों का दौरा कर वहां के कुष्ठ रोगियों से मिलकर उनकी समस्याओं को देखा

    कई राज्यों का दौरा कर वहां के कुष्ठ रोगियों के आश्रम में मिल चुके हैं। उनकी समस्याओं को करीब से देखा है। संबंधित राज्यों के राज्यपाल और सरकार से मिलकर समाज के निचले पायदान पर माने जाने वाले कुष्ठ रोगियों के सामाजिक उत्थान और इन्हें न्याय दिलाने में लगे हुए हैं।

  • वार्ड पार्षद के घर के बाहर लगे बुलेट बाइक चुरा ले गए अपराधी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

    वार्ड पार्षद के घर के बाहर लगे बुलेट बाइक चुरा ले गए अपराधी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

    देवब्रत मंडल

    सीसीटीवी कैमरे में कैद घटना

    गया जिले के नगर प्रखंड के कोरमा पंचायत के जनप्रतिनिधि एक के घर से अपराधी बुलेट चोरी कर ले गए। इस घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जनप्रीतिनिधि की शिकायत पर चंदौती थाना की पुलिस जांच में जुट गई है। घटना शनिवार की मध्य रात्रि 12 बजे के बाद हुई है। वार्ड पार्षद पप्पु कुमार चौधरी ने बताया कि सूचना पर पुलिस(चौकीदार) आए थे। उन्हें वारदात की जानकारी देते हुए थाना को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दिया गया है। श्री चौधरी ने बताया कि शनिवार को अपना बुलेट बाइक घर के बाहर लगा कर सो गए। सुबह जब नींद खुली तो देखा कि उनकी बुलेट बाइक नहीं है। इसके बाद आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो देखा गया कि एक युवक अपने चेहरे को ढके हुए है। उनकी बाइक के लॉक को तोड़ने के बाद ले गया। करीब दो मिनट के इस सीसीटीवी फुटेज में देखा जा रहा है कि उसने घटना को अंजाम देने वक्त अपने किसी सहयोगी को भी पास बुला रहा है लेकिन वो पास नहीं आया है। कोरमा पंचायत के वार्ड नं 07 के वार्ड सदस्य पप्पू चौधरी ने बताया कि थाना में उन्होंने लिखित जानकारी दी है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करा दिया गया है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। बता दें कि श्री चौधरी भारतीय जनता पार्टी के नेता रह चुके हैं

  • गयाजी में फिर नकली दवा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: करीब 3 करोड़ रुपये की नकली दवाएं जब्त

    गयाजी में फिर नकली दवा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: करीब 3 करोड़ रुपये की नकली दवाएं जब्त

    देवब्रत मंडल

    File photo

    गया में जिला औषधि और मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आई नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र के कुमार कॉलोनी में किराये के एक मकान में छापेमारी कर करीब 3 करोड़ रुपये की नकली दवाएं जब्त की हैं। जब्त दवाओं में टेबलेट, इंजेक्शन और कुछ नशीली दवाएं भी शामिल हैं।

    कार्रवाई की जानकारी:

    • जब्त दवाओं की कीमत: करीब 3 करोड़ रुपये
    • जब्त दवाओं के प्रकार: टेबलेट, इंजेक्शन और नशीली दवाएं
    • कार्रवाई का स्थान: कोतवाली थाना क्षेत्र के कुमार कॉलोनी में किराये का एक मकान
    • कार्रवाई का कारण: मंगलवार को की गई छापेमारी में गिरफ्तार आरोपी डब्ल्यू कुमार की निशानदेही पर हुई है

    आगे की कार्रवाई:

    जब्त दवाओं की सूची बनने के बाद ही अधिकारी पूरी स्थिति स्पष्ट कर पाएंगे। नकली व नशीली दवाओं के अन्य ठिकानों की संभावनाओं को लेकर नारकोटिक्स और औषधि विभाग की टीम जुटी हुई है। जब्त दवा के नमूनों को लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

    पहले की कार्रवाई:

    इसके पहले भी करीब 4 करोड़ रुपये की नकली और नशीली दवाएं जब्त हुई थीं। बीते मंगलवार को जिला औषधि व ग्वालियर की नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त टीम ने रामशिला, छोटकी नवादा और रंग बहादुर रोड में किराए के मकानों में छापेमारी की थी, जिसमें नकली और नशीली दवाओं के बड़े धंधे का भंडाफोड़ हुआ था। जब्त दवा में कोडीन, नशा व नींद की दवा और इंजेक्शन आदि मेडिसीन आदि शामिल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जब्त दवाओं में सरकारी अस्पतालों में सप्लाई होने वाली कुछ दवाइयां भी शामिल हैं। इस मामले की भी छानबीन की जा रही है।