Blog

  • गया शहर से दो बड़ी खबर: वार्ड पार्षद पर चली गोली, बाल बाल बचे, वहीं जमीन विवाद में गोली लगने से एक की हालत गंभीर

    गया शहर से दो बड़ी खबर: वार्ड पार्षद पर चली गोली, बाल बाल बचे, वहीं जमीन विवाद में गोली लगने से एक की हालत गंभीर

    देवब्रत मंडल

    वार्ड पार्षद गोपाल पासवान के पैर में लगी गोली के निशान

    गया शहर से इस वक्त दो बड़ी खबर सामने आ रही है। वार्ड नं 10 के पार्षद गोपाल पासवान को लक्षित कर गोली मारी गई थी लेकिन वे बाल बाल बच गए। गोली इनके दाहिने पैर के जांघ के पास छूती हुई निकल गई। पार्षद श्री पासवान ने बताया कि उन्हें लक्षित कर गोली मारी गई थी लेकिन शुक्र रहा कि गोली जांघ को छूती हुई निकल गई है। वे बाल बाल बच गए हैं। उन्होंने बताया कि गोली चलाने वाले कि उन्होंने पहचान कर ली है। इस संबंध में उनका कहना है कि वे डेल्हा थाना पहुंच कर अपना बयान दर्ज कराएंगे।

    निजी नर्सिंग होम में घायल दिनेश यादव

    इधर, चंदौती थाना क्षेत्र के कंडी नवादा क्षेत्र के कंडी नवादा गांव में जमीनी विवाद को लेकर गोली चलने की खबर है। गोली आकाश दीप नामक एक युवक को लगी है जबकि इस लड़ाई में दिनेश यादव को गहरी चोट आई है। दोनों का इलाज शहर के एपी कॉलोनी स्थित एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। आकाश दीप की हालत नाजुक बताई जा रही है। जो आईसीयू में हैं। इन घायलों के परिजनों का कहना है कि गोली मारने की पहचान कर ली है। वो भी उन्हीं के गांव का रहनेवाला है।

    खबर अपडेट की जा रही है…

  • देशव्यापी आम हड़ताल अब 20 मई की जगह 9 जुलाई को, देशभर में वर्तमान परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार के बाद लिया गया निर्णय

    देशव्यापी आम हड़ताल अब 20 मई की जगह 9 जुलाई को, देशभर में वर्तमान परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार के बाद लिया गया निर्णय

    देवब्रत मंडल

    श्रोत:इंटरनेट

    जयवर्धन कुमार, संयोजक भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र, गया जिला कमिटी ने कहा कि केंद्रीय ट्रेड यूनियनों का मंच देशव्यापी आम हड़ताल अब 9 जुलाई 2025 को आयोजित करेगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और स्वतंत्र सेक्टोरल फेडरेशनों/संघों के संयुक्त मंच की बैठक 15 मई 2025 को नई दिल्ली में आयोजित की गई, जिसमें 20 मई 2025 को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल की तैयारी की समीक्षा की गई। इस बैठक में पहलगाम में हुए क्रूर आतंकवादी हमले में 26 निर्दोष लोगों की हत्या और उसके बाद भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई की पृष्ठभूमि में देश में उत्पन्न राजनीतिक घटनाक्रमों पर भी विचार किया गया। इधर, ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के गया इकाई के सचिव मुकेश सिंह ने कहा कि संयुक्त मंच ने 9 मई को जारी अपने बयान में पहलगाम में निर्दोष लोगों पर हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की थी। मंच ने सरकार से अपील की थी कि वह देश के भीतर इस संकट की घड़ी में नफरत फैलाने वाले अभियान चला रहे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। नेताद्वय ने बताया कि मीटिंग में देशभर में, विशेष रूप से जम्मू और कश्मीर में, आतंकवाद और नफरत के खिलाफ कामगारों की एकजुटता और उनके सामूहिक विरोध को भी सराहा गया। देशभर में वर्तमान परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार करने के बाद, देश के जिम्मेदार और देशभक्त नागरिकों का प्रतिनिधित्व करते हुए संयुक्त मंच ने देशव्यापी आम हड़ताल की तिथि को 20 मई से बढ़ाकर 9 जुलाई 2025 करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय श्रम संहिताओं के क्रियान्वयन और श्रमिकों, किसानों तथा आम जनता की अन्य जायज मांगों के हक में लिया गया है। यह भी तय किया गया कि 20 मई को सभी राज्य की राजधानियों, जिलों, औद्योगिक क्षेत्रों और कार्यस्थलों पर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किए जाएंगे। इसीआरकेयू के वरिष्ठ नेता मिथलेश कुमार का कहना है कि ये अत्यंत दुखद है कि देश में आतंकवादी हमले और उससे उत्पन्न संवेदनशील स्थिति के बावजूद नियोक्ताओं का वर्ग, केंद्र और कई राज्यों की सरकारों के सहयोग से, श्रमिकों पर हमले जारी रखे हुए हैं। कार्य के घंटे एकतरफा रूप से बढ़ाए जा रहे हैं। वैधानिक न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा लाभों का उल्लंघन किया जा रहा है। विशेष रूप से संविदा श्रमिकों की छंटनी बेरोक-टोक की जा रही है। यह सब बदनाम श्रम संहिताओं को चुपके से लागू करने के प्रयास हैं। वहीं, बार-बार आग्रह करने के बावजूद न तो सरकार ने केंद्रीय ट्रेड यूनियनों से मिलने की जहमत उठाई, न ही भारतीय श्रम सम्मेलन का आयोजन किया, जबकि देश के कोने-कोने से हड़ताल की नोटिसें दी जा चुकी हैं। इस पृष्ठभूमि में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और स्वतंत्र सेक्टोरल फेडरेशनों/संघों का संयुक्त मंच देशभर के कामगारों और उनकी यूनियनों से अपील किया है कि वे आम हड़ताल की तैयारियों को और तेज करें और 9 जुलाई 2025 को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल को ऐतिहासिक सफलता बनाएं। नेताओं ने भारत सरकार से मांग की है कि वह ट्रेड यूनियन आंदोलन के इस सकारात्मक रुख का सम्मान करे और श्रम संहिताओं सहित श्रमिकों की कामकाजी परिस्थितियों और अधिकारों से संबंधित अन्य जायज मुद्दों पर कोई भी एकतरफा और उकसावेपूर्ण कदम उठाने से परहेज करे। खासकर इस कठिन समय में जब पूरा देश होकर गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है।

  • कानून केवल अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों के अधिकारों का संरक्षक है: राजेन्द्र प्रसाद

    कानून केवल अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों के अधिकारों का संरक्षक है: राजेन्द्र प्रसाद

    देवब्रत मंडल

    कार्यक्रम में शामिल पदाधिकारी

    बिहार विक्टिम 2014 योजना के अंतर्गत उर्दू मध्य विद्यालय गेवाल बिगहा गयाजी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) गयाजी के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मदन किशोर कौशिक के दिशा निर्देश एवं जिला विधिक प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास की देखरेख में जिला विधिक जागरूकता कार्यक्रम रविवार क़ो आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य “बिहार विक्टिम 2014” योजना के अंतर्गत छात्रों को उनके विधिक अधिकारों की जागरूकता के सम्बन्ध में विशेष रूप से जानकारी देने हेतु किया गया। अपराध पीड़ितों के अधिकारों और सरकारी सहायता योजनाओं के विषय में जानकारी देना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उदेश्य है। राजेन्द्र प्रसाद, अधिवक्ता, सिविल कोर्ट गयाजी के द्वारा छात्रों एवं विद्यालय प्रशासन को संबोधित करते हुए बातया गया जिसमे बिहार विक्टिम 2014 योजना का परिचय “बिहार विक्टिम कंपेन्सेशन स्कीम 2014” (Bihar Victim Compensation Scheme, 2014) राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की गई एक कल्याणकारी योजना है। जिसका उद्देश्य अपराधों से पीड़ित व्यक्तियों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। यह योजना विशेष रूप से उन मामलों में लागू होती है जहाँ पीड़ित को शारीरिक, मानसिक या आर्थिक क्षति हुई हो। योजना के अंतर्गत बलात्कार, एसिड अटैक, मानव तस्करी, यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, हत्या या हत्या का प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में पीड़ितों को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित राशि प्रदान की जाती है, ताकि समाज मे वे अपनी सामान्य जीवनचर्या को पुनः स्थापित कर सकें। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यापक युसूफ आलम द्वारा स्वागत भाषण से हुई। जिसमें उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रयासों की सराहना की। इसके पश्चात अधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद ने प्रभावी एवं सरल भाषा में छात्रों को बताया और समझाया कि “कानून केवल अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों के अधिकारों का संरक्षक है।” उन्होंने कहा कि “बिहार विक्टिम योजना 2014” का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी अपराध का शिकार व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे। पीड़ितों के अधिकार और सहायता श्री प्रसाद ने छात्रों को बताया कि अपराध का शिकार होने के बाद सिर्फ एफ.आई.आर. दर्ज कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीड़ित व्यक्ति को योजना के अंतर्गत उचित लाभ और सहायता मिलनी चाहिए। इसी उद्देश्य से यह योजना बनाई गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ कोई गंभीर अपराध होता है, तो वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समक्ष आवेदन दे कर सहायता राशि प्राप्त कर सकता है। यह सहायता पीड़ित की स्थिति, क्षति की गंभीरता और घटना की प्रकृति के अनुसार दी जाती है। उन्होंने छात्राओं को विशेष रूप से यह बताया कि अगर उनके साथ या उनके आस-पास किसी लड़की या महिला के साथ कोई अपराध होता है, तो वह डरें नहीं, बल्कि कानून की सहायता लें। डीएलएसए में निःशुल्क सहायता उपलब्ध है और कोई भी व्यक्ति वहां जाकर अपने अधिकारों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है।
    छात्राओं की सहभागिता और प्रश्नोत्तर सत्र कार्यक्रम के दौरान छात्र छात्रों ने बड़ी सक्रियता दिखाई। कई छात्राओं ने बलात्कार पीड़ितों को मिलने वाली राशि, सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, दस्तावेजों की आवश्यकता, और शिकायत कैसे दर्ज करानी है, जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे। श्री प्रसाद ने बड़े धैर्यपूर्वक और सरल शब्दों में समझाते हुए सभी सवालों के उत्तर दिए। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ित को सहायता देने के लिए एक विधिक समिति बनाई जाती है, जो यह तय करती है कि किसे कितनी राशि की सहायता दी जाए।
    साथ ही यह भी बताया गया कि यदि पीड़ित नाबालिग है, तो उसके अभिभावक की मदद से भी आवेदन किया जा सकता है।  विद्यालय के प्राचार्या ने डीएलएसए और अधिवक्ता राजेन्द्र प्रसाद को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम से हमलोगो और छात्राओं में न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि अपने अधिकारों के प्रति सजग भी होतें हैं। उन्होंने कहा कि समाज के लिए यह आवश्यक है कि कानून की जानकारी स्कूल स्तर से ही दी जाए ताकि बच्चे समाज के सजग और सशक्त नागरिक बनकर उभरें। इस मौके पर जिला विधिक प्राधिकार के रामपुर थाना के सब इंस्पेक्टर उमेश उरांव, प्रधान सहायक प्रतुल कुमार, उमेश कुमार पांडे शिक्षक एवं शिक्षिका अजीत विदुषी, जुलेखा, नुसरत, नगमा, परवीन नाज, फातिमा कोशीन ताक्सिन आरा समसी खातून नीलोफर नहीर सम अवतार के राय आदि उपस्थित रहे।

  • त्वरित कार्यवाही:सरकारी अस्पतालों में स्तनपान सेंटर के निर्माण में हुए घोटाले की जांच त्रिस्तरीय कमेटी करेगी:डीएम

    त्वरित कार्यवाही:सरकारी अस्पतालों में स्तनपान सेंटर के निर्माण में हुए घोटाले की जांच त्रिस्तरीय कमेटी करेगी:डीएम

    देवब्रत मंडल

    जिप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष

    रविवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में जिला परिषद के अध्यक्ष नैना देवी एवं उपाध्यक्ष डॉ शीतल प्रसाद यादव द्वारा गया जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में सभी सीएचसी, सदर अस्पताल में ब्रेस्ट फीडिंग कॉर्नर (स्तन पान सेंटर) के लिए 10X10 का एल्युमीनियम पार्टीशन के माध्यम से स्थापना किए जाने की योजना को लेकर इसमें घोटाले की बात कही थी। उपाध्यक्ष श्री यादव ने बताया था कि इस योजना के तहत किसी भी अस्पताल में इसका निर्माण नहीं कराया गया है। जबकि भुगतान भी हो चुका है। अब इसी मामले को लेकर डीएम ने त्वरित कार्यवाही शुरू करते हुए त्रिसदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। ये श्री यादव द्वारा उठाए गए सवाल का यह असर है। श्री यादव ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए मामले को मीडिया के सामने इस घोटाले को लाते हुए कहा था कि यह आश्चर्य की बात है कि जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा बगैर इसका निर्माण कराए ही इस मद की राशि का भुगतान भी कर दिया गया। श्री यादव ने इस मामले की मगध प्रमंडलीय आयुक्त व जिला पदाधिकारी से जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की थी। 
    सोशल मीडिया पर खबर आने के कुछ घन्टे बाद ही डीएम डॉ त्यागराजन एसएम ने इसके जांच के आदेश दे दिए हैं। जिप उपाध्यक्ष ने इसके लिए डीएम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि आशा करते हैं कि इसके लिए जो भी लोग दोषी पाए जाते हैं तो बहुत जल्द ही उनपर कड़ी कार्रवाई होगी।
    डीएम ने कहा कि विभिन्न सोशल मीडिया पर राज्य स्वास्थ्य समिति गया द्वारा अस्पतालों में बिना कार्य के राशि निकासी संबंधित मामले की खबर प्रसारित हो रही है। जिला पदाधिकारी गया डॉ. त्यागराजन एसएम ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अस्पतालों में बिना कार्य हुए राशि निकासी की जांच हेतु त्रि-सदस्यीय कमेटी का गठन करते हुए तीन दिनों के अंदर जांच करते हुए जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इस कमेटी में उप-विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता विभागीय जांच एवं अनुग्रह नारायण मगध मेडीकल अस्पताल के अधीक्षक को नामित किया है।

  • फतेहपुर में तूफान और बारिश ने मचाई तबाही, सलैया कलां पैक्स गोदाम की छत उड़ी, अनाज भीगा

    शनिवार की दोपहर फतेहपुर प्रखंड में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ आई बारिश ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी। सबसे ज्यादा नुकसान सलैया कलां गांव में हुआ, जहां पैक्स गोदाम की करकट की छत तेज आंधी में उड़ गई। छत उड़ते ही गोदाम में रखे धान की बोरियां और जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) का अनाज भीग गया।

    पैक्स अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि यह सब इतना अचानक हुआ कि कुछ समझने या बचाव करने का मौका ही नहीं मिला। “छत उड़ गई और देखते ही देखते पूरा अनाज पानी में भीग गया। बहुत नुकसान हुआ है,” उन्होंने कहा।

    विनोद कुमार ने बताया कि इस घटना की जानकारी उन्होंने तुरंत प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी दिलीप जोशी को मोबाइल पर कॉल कर दी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का आकलन कर जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए, ताकि किसानों और आम लोगों को दिक्कत न हो। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक आंधी इतनी तेज थी कि कई पेड़ गिर गए, कई जगह बिजली के तार भी गिरने की खबर है।

  • कुष्ठ अस्पताल के रोगियों को नहीं मिल रहे पेंशन, बीडीओ से मिले प्रदेश अध्यक्ष

    कुष्ठ अस्पताल के रोगियों को नहीं मिल रहे पेंशन, बीडीओ से मिले प्रदेश अध्यक्ष

    मामला नगर प्रखंड के जमने में संचालित कुष्ठ अस्पताल के रोगियों का

    देवब्रत मंडल

    गया जिले के सदर अनुमंडल अंतर्गत चूरी पंचायत के जमने गांव में एक कुष्ठ रोगियों के लिए अस्पताल संचालित हो रहे हैं। ये अस्पताल मिशन द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। इस अस्पताल में रह रहे मरीजों को सरकार द्वारा संचालित शताब्दी कुष्ठ कल्याण योजना के तहत मिलने वाले पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। इस बात की जानकारी जब बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष गया नगर निगम के पूर्व पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डॉ विनोद कुमार मंडल को यहां के मरीजों ने दी तो इस दिशा में पहल करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिले।
    डॉ विनोद कुमार मंडल ने बताया कि शनिवार को चूरी पंचायत के जमने में संचालित कुष्ठ अस्पताल के रोगियों से मिलकर उनकी समस्याओं को देखा और सुना।
    उन्होंने बताया कि यहां के मरीजों को शताब्दी कुष्ठ कल्याण योजना के तहत दिए जाने वाले पेंशन की राशि से यहां के मरीज वंचित हैं। शनिवार को इसको लेकर वे बीडीओ राकेश कुमार से मिले। उन्हें इन सारी बातों और इन मरीजों की समस्याओं से अवगत कराया गया। श्री मंडल ने बताया प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार रोगियों से मिलकर उनकी परेशानियों को सुना और समझा। इनके बाद बीडीओ श्री कुमार ने अविलंब एक शिविर आयोजित कर पेंशन भुगतान करवाने की दिशा में सहयोग का भरोसा दिलाया। इस मौके पर अस्पताल के कई मरीज भी मौजूद थे।

  • बड़ी कार्रवाई: 9700 विभिन्न ब्रांड के शराब के स्टीकर बरामद, गया में अंग्रेजी शराब की रिफिलिंग का पर्दाफाश

    बड़ी कार्रवाई: 9700 विभिन्न ब्रांड के शराब के स्टीकर बरामद, गया में अंग्रेजी शराब की रिफिलिंग का पर्दाफाश

    देवब्रत मंडल

    File photo

    गया पुलिस ने मगध मेडिकल थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब की रिफिलिंग और कारोबार के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गोपी बिगहा के समीप एक मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब और रिफिलिंग की सामग्री जब्त की।

    जब्त सामग्री में शामिल हैं:

    • 9700 विभिन्न ब्रांड के शराब के स्टीकर
    • खाली बोतलें और ढक्कन
    • 95 लीटर स्प्रिट
    • 144 बोतल अंग्रेजी शराब
    • 174 कैन बियर

    पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं और शराब माफिया की पहचान और तलाश के लिए जांच शुरू की है। एक कार का नंबर भी मिला है जिसका इस्तेमाल शराब माफिया द्वारा किया जा रहा था। पुलिस जल्द ही शराब माफिया को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

  • ‘ऑपरेशन सिंदूर’: भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम को देखना है तो देखें तस्वीरों को, राष्ट्रध्वज के रंगों से प्रकाशमान डीडीयू मंडल

    ‘ऑपरेशन सिंदूर’: भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम को देखना है तो देखें तस्वीरों को, राष्ट्रध्वज के रंगों से प्रकाशमान डीडीयू मंडल

    देवब्रत मंडल

    ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की एक ऐतिहासिक सफलता है। इसने आतंकवाद और उसके मददगारों को करारा जवाब दिया है। सेना के शौर्य और पराक्रम ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। वीर सेना के सम्मान में भारतीय रेलवे ने एक खास पहल की है। पूरे देशभर के स्टेशनों को तिरंगे के रंगों से रोशन किया जा रहा है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में भी पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, सासाराम और डेहरी ऑन सोन जैसे प्रमुख स्टेशनों और कार्यालयों को राष्ट्रध्वज के रंगों में सजाया गया है। सेना के सम्मान के साथ इस पहल का उद्देश्य है आमजन में देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना को सशक्त करना। यह सभी के लिए गर्व का क्षण है। आतंकवाद अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारत का लक्ष्य शांति और प्रगति है, और इस संकल्प में रेलवे सदैव भारतीय सेना के साथ रहा है।

  • ‘गया जी’ को नमन! मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस साहसिक और ऐतिहासिक फैसले की चहुंओर सराहना

    ‘गया जी’ को नमन! मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस साहसिक और ऐतिहासिक फैसले की चहुंओर सराहना

    अखिल विश्व आज से उत्तर भारत की सांस्कृतिक नगरी ‘गया’ को आदरसूचक नाम ‘गया जी’ के नाम से जाना जाएगा। यह हर्ष के साथ साथ गौरव का क्षण है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस पावन भूमि की केवल सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण ही नहीं, वरण बल्कि अखिल विश्व के समक्ष अद्वितीय उदाहण के रूप में रखने का कार्य किया। हर कोने से इस पर असंख्य लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगी है।
    ‘गया’ सच में आदर और सम्मान ‘जी’ का हकदार था जो मुख्यमंत्री ने प्रदान कर एक ऐतिहासिक इबारत लिखी है। इस फैसले के लिए नीतीश कुमार प्रशंसा ही नहीं बल्कि आदर के पात्र बन गए। बिहार के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है।
    मोक्षदायिनी अन्तःसलिला फल्गु नदी पर 09 सितंबर 2022 को जब ‘गया जी’ डैम का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश ने किया था तो उस वक्त भी गया को ‘गया जी’ के नाम से सम्मानित कर एक मील का पत्थर रख दिए थे।
    ‘गया जी’ के बारे में हमारे वेद और पुराणों में जितने भी उल्लेख मिलते हैं, उसमें गया जी की पावन धरा को आदर के साथ वर्णन किया गया है। ‘गया जी’ के बारे में कई आख्यानों में इसकी चर्चा मिलती है। मोक्षभूमि और ज्ञान की भूमि गया जी और बोधगया विश्व पटल पर अपना विशेष महत्व रखता है।

    जिस गया को ‘गया जी’ के नाम से नामकरण मुख्यमंत्री नीतीश ने किया है, सच में इतिहास इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम कभी नहीं भूलेगा।
    2022 में जब फल्गु नदी पर रबर डैम बनकर तैयार हुआ था और इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जो प्रतिक्रिया आई थी, उसे भी सभी को याद करने की आवश्यकता है। यहां तर्पण करने को आने वाले लोगों में रही किसी महिला की व्यथा को उन्होंने बखूबी निभाया। जिन्होंने कहा था कि फल्गु में सालों भर पानी रहता तो तर्पण के लिए लोगों को मोक्षदायिनी फल्गु का जल सालों भर मिलता रहता। उस श्रद्धालु की भावनाएं केवल एक व्यक्ति से नहीं जुड़ी हुई थी, इस से जुड़ी हुई थी हर सनातनियों की भावना। जिसका मुख्यमंत्री ने कदर किया। डैम बने और उसका नाम ‘गया जी डैम’ रखा गया।
    उसी दिन से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शायद संकल्प लिया हो और उसकी परिणति के रूप में उत्तर भारत की सांस्कृतिक नगरी गया अब गया जी के नाम से जाना जाने लगा है।
    इस आलेख के माध्यम से सरकार से यही अपेक्षा करते हैं कि गया जंक्शन का नाम भी ‘गया जी’ करने में केंद्र की सरकार विलंब नहीं करेगी। सारे सरकारी कार्यों में अब गया की जगह ‘गया जी’ का प्रयोग किया जाना ही इस पौराणिक शहर के लिए सम्मानजनक होगा।

    देवब्रत मंडल, ‘गया जी‘

  • ट्रेन द्वारा लाई जा रही शराब और मादक पदार्थ के तस्करों पर कड़ी नजर, यार्ड और प्लेटफॉर्म पर की जा रही निगहबानी, AHTU को सशक्त बनाने की पहल

    ट्रेन द्वारा लाई जा रही शराब और मादक पदार्थ के तस्करों पर कड़ी नजर, यार्ड और प्लेटफॉर्म पर की जा रही निगहबानी, AHTU को सशक्त बनाने की पहल

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू, धनबाद और दानापुर रेल मंडल के क्षेत्राधिकार से होकर चलने और गुजरने वाली ट्रेनों से शराब की अवैध तस्करी के धंधे में संलिप्त तस्कर और माफियाओं पर कड़ी नजर रखने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विशेष कर झारखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे रेलवे स्टेशनों से अवैध शराब की बड़ी खेप भेजे जाने की सूचना रेल प्रशासन को प्राप्त हुई है। साथ ही मादक पदार्थ विशेष रूप से प्रतिबंधित नशीली पदार्थ गांजा की तस्करी की भी सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल एवं रेल पुलिस को इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त तस्कर और माफियाओं पर कड़ी निगरानी के लिए एक विशेष योजना के तहत रणनीति बनाई जा रही है। 

    मानव तस्करी पर भी विशेष रूप से नजर

    मानव तस्करी और खास कर बाल श्रमिकों के एक राज्य से दूसरे राज्यों में भेजे जाने की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा इस दिशा में किए गए अबतक के उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए गृह मंत्रालय ने रेल मंत्रालय को विशेष रूप से वाहन और कैमरे के लिए राशि प्रदान किया है। पूर्व मध्य रेल के सभी मंडल को उनके जरूरत के अनुसार वाहन और कैमरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही मंडल सुरक्षा आयुक्तों को AHTU टीम को सक्रिय हो कर इस दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया गया है। 

    शराब तस्करी पर निगहबानी के लिए टीम को और मजबूती से कार्य करने पर बल

    रेलवे सूत्रों ने बताया कि ट्रेन द्वारा अवैध शराब की तस्करी पर विशेष नजर रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं लेकिन शराब तस्कर ‘तीसरी आंख’ से बचने के लिए अब नए प्रयोग करने की जुगत में जुट गए। बताया जाता है कि अब शराब तस्कर और इसके पीछे छिपे माफिया स्टेशनों पर शराब लेकर न उतारने के बजाय यार्ड में या रेलवे स्टेशनों के होम सिग्नल पर ही ट्रेन के रुकने पर शराब लेकर उतर जाने की कार्ययोजना तैयार कर लिया है। ऐसे में इन जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की योजना है।

    गया जंक्शन पर कई बार पकड़ी जा चुकी है शराब और गांजा

    File photo

    जहां तक डीडीयू मंडल के गया जंक्शन की बात है तो यहां सालों से शराब और प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा पकड़ी जा चुकी है और गांजा भी। कई मामलों में इसके साथ तस्कर भी पकड़े गए हैं। विशेषकर उड़ीसा राज्य की तरफ से चलने वाली ट्रेनों में गांजे की तस्करी के मामले अबतक सामने आते रहे हैं। राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से भी गांजे की तस्करी के कुछ मामले सामने आए हैं। वहीं दिन में गया से गुजरने वाली पूरी- नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से भी गांजे की तस्करी की गुप्त सूचना आरपीएफ एवं जीआरपी को मिली है। ऐसे में गांजे और शराब की तस्करी पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

    सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम में बैठे पदाधिकारी को विशेष निर्देश

    जंक्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने वाली प्रत्येक गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां एक उपनिरीक्षक संवर्ग के पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था रेलवे सुरक्षा बल द्वारा की गई है। वहीं रेल थाना में जंक्शन के बाहर और अंदर की गतिविधियों पर ‘तीसरी आंख’ से नजर रखी जाती है। अपराध नियंत्रण से लेकर यात्रियों के साथ होने वाली किसी भी प्रकार की समस्या को कंट्रोल रूम के माध्यम से देख लिया जाता है और ऑन ड्यूटी आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम संयुक्त रूप से त्वरित कार्यवाही शुरू कर देती है। ऐसे में कंट्रोल रूम में तैनात किए जाने वाले पदाधिकारी के दायित्वों को देखते हुए उन्हें निर्देशित किया गया है।