Blog

  • नवादा के लाल मनीष कुमार हुए शहीद, लद्दाख में थे तैनात, दो माह पहले हुई थी शादी

    नवादा के लाल मनीष कुमार हुए शहीद, लद्दाख में थे तैनात, दो माह पहले हुई थी शादी

    देवब्रत मंडल

    File photo

    नवादा जिले से इस वक्त एक दुखद खबर आई है। यहां के रूपौ थाना क्षेत्र के पाण्डेय गंगौट गांव निवासी भारतीय सेना के जवान मनीष कुमार की शहादत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मनीष कुमार, जो करगिल में तैनात थे, ने 13 मई 2025 को अपनी ड्यूटी के दौरान वीरगति प्राप्त की। वह मात्र 22 वर्ष के थे और उनकी शादी दो महीने पूर्व ही हुई थी। मनीष कुमार के परिवार में उनकी पत्नी, माता-पिता और तीन भाई हैं, जिनमें से तीन भाई भारतीय सेना में कार्यरत हैं। उनकी शहादत की खबर सुनकर परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।मनीष कुमार की शहादत को याद करते हुए उनके परिवार और गांववासियों ने गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। सेना के अधिकारियों ने भी उनकी वीरता और समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।रुपौ थानाध्यक्ष ललन कुमार ने शहीद मनीष कुमार के परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके गांव का दौरा किया। सेना इस मामले की जांच कर रही है और शहीद के परिवार को उचित सम्मान और सहायता प्रदान करने की मांग की जा रही है। मनीष कुमार की शहादत भारतीय सेना के लिए एक बड़ा नुकसान है, लेकिन उनकी वीरता और बलिदान देश के लिए प्रेरणादायक रहेगा। खबर लिखे जाने तक मौत के कारणों का पता नहीं चला है। लद्दाख में रहे सैन्य अधिकारी ने इस दुखद घटना की खबर मनीष के पिता और चाची के फोन पर दी है।

  • Magadhlive की न्यूज़ पर नगर आयुक्त की लगी मुहर, सफाई करने वाले एजेंसी पर 30 से 100 प्रतिशत पेनाल्टी, खुद साफ-सफाई का लिया जायजा, सख़्त चेतावनी

    Magadhlive की न्यूज़ पर नगर आयुक्त की लगी मुहर, सफाई करने वाले एजेंसी पर 30 से 100 प्रतिशत पेनाल्टी, खुद साफ-सफाई का लिया जायजा, सख़्त चेतावनी

    देवब्रत मंडल

    शहर के प्रमुख पथों की सफाई करने वाले एजेंसी पर नगर आयुक्त ने दंडात्मक शुल्क के तौर पर  25 से 35 % पेनल्टी लगाई है। बुधवार को  नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने शहर की प्रमुख सड़कों पर साफ सफाई एवं नाला सफाई का जायजा लिया। बता दें कुछ दिन पहले magadhlive ने शहर में प्रमुख सड़कों की साफ सफाई नहीं कराए जाने को लेकर एक खबर प्रकाशित किया था। जिसमें magadhlive की टीम ने पाया था निजी ऐजेंसी द्वारा साफ सफाई नहीं कराया जा रहा है और सड़कों पर कूड़े कचरे का ढेर फैला हुआ है। फ़ीचर फोटो के साथ प्रकाशित हुई तस्वीर के बाद निगम में हड़कंप मच गया था। इसके बाद अगले दिन भी सड़कों पर पसरे कूड़े कचरे के ढेर की तस्वीरों के साथ खबर प्रकाशित हुई। तब इस पर निगम प्रशासन संज्ञान लेते हुए बुधवार(14 मई 2025) को इसकी जांच और निरीक्षण करने के लिए निकले।

    नगर आयुक्त कई सड़कों का किया औचक निरीक्षण

    निरीक्षण करते नगर आयुक्त

    नगर आयुक्त कुमार अनुराग, भाप्रसे के हवाले से बताया गया है कि नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों का निरक्षण बुधवार नगर आयुक्त द्वारा किया गया। जिसमें गेवल बीघा मोड़ से लेकर चांदचौरा मोड़ से लेकर विष्णुपद मंदिर। विष्णुपद मंदिर से बंगाली आश्रम होते हुए गोदावरी रोड स्थित मां मंगला गौरी मंदिर रोड तक का पैदल भ्रमण किया गया। वार्ड 36, वार्ड 39, वार्ड 41, वार्ड 42 एवं वार्ड 34 की प्रमुख सड़कों का निरक्षण किया गया।

    मार्च माह में एजेंसी की केवल एक गाड़ी से हीं सफाई का कार्य कराया गया

    नगर आयुक्त ने बताया कि एजेंसी के माध्यम से शहर की प्रमुख सड़कों का मैकेनिकल स्वीपिंग एवं मैनुअल स्वीपिंग कराया जा रहा है। इसमें कुल 50 km की लंबाई की सड़क को चिन्हित कर निगम बोर्ड के द्वारा एजेंसी को कार्य करने हेतु सुपुर्द किया गया है। उन्होंने बताया शर्तों के हिसाब से अप्रैल माह के अंत से एजेंसी को तीन वाहनों के माध्यम से सड़कों की साफ सफाई करवानी थी। मार्च माह में एजेंसी की केवल एक गाड़ी से हीं सफाई का कार्य कराया गया है। एजेंसी के द्वारा अब तीनों वाहन का इस्तेमाल कर कार्य कराया जा रहा है।

    मार्च महीने से साफ सफाई का कार्य कर रही है एजेंसी

    एजेंसी के द्वारा माह मार्च से कार्य संपादित किया जा रहा है जिसको नगर आयुक्त द्वारा संतोषजनक नहीं पाया गया। नगर आयुक्त ने बताया कि एजेंसी नई है एवं नए कार्य को सुचारू रूप से क्रियान्वयन करने में थोड़ा वक्त लग सकता है। उपरोक्त के आलोक में पर्याप्त समय एजेंसी को दिया गया है। पर उसके बावजूद भी एजेंसी के कार्य में पूर्ण रूप से सुधार नहीं आया है।

    इकरारनामा रद्द करने की चेतावनी, 21 स्थानों पर कचरा देखा गया

    File photo

    उन्होंने बताया आज के निरक्षण में उपरोक्त प्रमुख मार्ग में कई जगह गंदगी पाई गई। जिसको स्वयं नगर आयुक्त ने मोबाइल के माध्यम से स्वच्छ गया ऐप पे अपलोड किया। नगर आयुक्त द्वारा स्वयं मोबाइल ऐप के माध्यम से कुल 21 स्थानों पर जाकर जहां कचरा गिरा हुआ था। जिसे ऐप पर अपलोड किया गया। साथ में एजेंसी को कड़ी चेतावनी दी गई कि अगर कार्य प्रणाली में दो से तीन दिन में सुधार नहीं आता है तो इकरारनामा रद्द करते हुए करवाई की जाएगी। फिलहाल के लिए पेनल्टी एजेंसी पे लगाई जा रही है।

    आइये जानते हैं कितना लगाया गया पेनाल्टी, वाहनों में लगाए गए जीपीएस सिस्टम

    नगर आयुक्त द्वारा एजेंसी के समर्पित मैनुअल स्वीपिंग के विपत्र में पहले पंद्रह दिन का 100% एवं माह के अंतिम पंद्रह दिनों के विपत्र में 35% दंडात्मक शुल्क लगाते हुए कटौती की गई। साथ में हीं, मैकेनिकल स्वीपिंग के विपत्र में 25% राशि की कटौती की गई। एजेंसी के द्वारा सभी मैकेनिकल स्वीपिंग की गाड़ियों में 2 GPS सिस्टम लगाया गया है, जिसमें एक निगम के द्वारा लगाया गया है एवं एक एजेंसी के द्वारा खुद लगाया गया है। दोनों GPS के तुलनात्मक विवरणी के बाद हीं भुगतान की प्रक्रिया की जाती है। नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि भले हीं GPS डाटा के हिसाब से गाड़ी ने दूरी तय की परन्तु स्थल निरीक्षण में कई बार सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई थी। इसी के आलोक में एजेंसी पर दंड अधिरोपित किया गया है। एजेंसी ने गारंटी दिया है कि कार्य प्रणाली में सुधार लाया जाएगा एवं कई सारे सुधार मई माह से लागू कर भी दिए गए हैं।

    एजेंसी एवं निगम के साफ सफाई की निगरानी इसी ऐप के माध्यम से की जा रही है, लोग कर सकते हैं शिकायत

    नगर आयुक्त ने बताया कि कोई भी व्यक्ति gayaswm.in पर लॉगिन कर अपनी सफाई से संबंधित शिकायत लोकेशन के साथ पोर्टल पर दर्ज कर सकता है। साथ ही, एंड्रॉयड ऐप वाले यूजर्स स्वच्छ गया ऐप भी डाउनलोड कर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया काफी सरल है एवं मोबाइल से इसे आसानी से दर्ज किया जा सकता है। नगर आयुक्त ने बताया कि पिछले माह अप्रैल तक कुल 107 शिकायतें gayaswm पोर्टल पर प्राप्त हुई थी सफाई से संबंधित जिसमें से सभी का निष्पादन कराया गया। इसके साथ हीं, 22 सेवा request भी portal के माध्यम से प्राप्त हुई थी जैसे कि फॉगिंग एवं टैंक की सफाई। इन सभी की भी आपूर्ति ससमय की गई।

    अतिक्रमण के साथ साथ, सफाई से संबंधित दंडात्मक शुल्क भी चिन्हित लोगों पर लगाया जाएगा

    नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन कर अपना सफाई से संबंधित शिकायत दर्ज कर सकता है और इसपे निगम अपने स्तर से समय सीमा निर्धारित करते हुए करवाई करता है। कई लोग इसका लाभ भी ले रहे हैं और यही लोगों से अपेक्षा भी है।
    साथ हीं, लोगों से अपील भी की गई कि सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कहीं भी कचरा न फेंके। निगम एक निर्धारित समय में हीं सफाई का कार्य करता है। साथ ही, घर घर से कचरा उठाव का भी कार्य करता है। इसके अलावा बहुत सारे लोग इधर उधर कचरा फेंक रहे हैं जिस से की पूरी सफाई प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इस माह से अतिक्रमण के साथ साथ, सफाई से संबंधित दंडात्मक शुल्क भी चिन्हित लोगों पर लगाया जाएगा।

    नाला सफाई करने वाले ऐजेंसी से मांगा गया स्पष्टीकरण

    साथ हीं, नगर आयुक्त ने नाला सफाई के कार्यों की समीक्षा की। वार्ड 22 एवं वार्ड 41 में नाले की सफाई की धीमी गति को लेकर नाले सफाई वाले एजेंसी से स्पष्टीकरण की मांग की गई है। नाले सफाई के एजेन्सी के द्वारा बताया गया कि लगन के कारण कर्मी मिलने में कठिनाई हो रही थी परंतु अब से पर्याप्त संख्या में मजदूर उपलब्ध है एवं नाला की सफाई तय समय सीमा में पूर्ण कराई जाएगी। नगर आयुक्त ने सभी जमादारों को निर्देशित किया कि नियमित रूप से नालों की सफाई का कार्य कराया जाए ताकि समय सीमा के अंदर सफाई का कार्य समाप्त हो सके। किसी भी तरह के जल जमाव की शिकायत मिलने पर उन पर करवाई की जाएगी।

  • बोधगया में नारे पर विवाद, काफी देर तक हंगामा, जांच के दिए गए आदेश

    बोधगया में नारे पर विवाद, काफी देर तक हंगामा, जांच के दिए गए आदेश

    देवब्रत मंडल

    बोधगया में तीन दिवसीय बुद्ध जयंती समारोह का आयोजन हो रहा है, जिसमें देश-विदेश से सैकड़ों श्रद्धालु भगवान बुद्ध का दर्शन करने और पूजा-अर्चना करने पहुंच रहे हैं। इस दौरान एक विवाद खड़ा हो गया जब महाराष्ट्र से आए पर्यटकों ने जिला प्रशासन और पुलिस पर आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ के नारे लगाए और बुद्ध का जय-जयकार नहीं करने के लिए कहा। महाराष्ट्र के पर्यटकों का दावा है कि इससे उनकी भावनाएं आहत हुईं और उनके साथ मारपीट भी की गई। हालांकि, जिला magistrate ने इन आरोपों से इनकार किया और कहा कि यह किसी और मुद्दे को लेकर गलत आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, घटना वायरल वीडियो में कैद हो गई है, जिसमें नारे लगाने की आवाज सुनी जा सकती है। जिला प्रशासन ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

  • ट्रेन में चलने वाले अवैध वेंडरों ने रोक दी ट्रेन, करीब 10 मिनट रुकी हटिया-पटना-सहरसा कोसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस

    ट्रेन में चलने वाले अवैध वेंडरों ने रोक दी ट्रेन, करीब 10 मिनट रुकी हटिया-पटना-सहरसा कोसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस

    देवब्रत मंडल

    गया-पटना रेलखंड पर चलने वाली लगभग सभी ट्रेनों में(जनशताब्दी और वंदे भारत को छोड़कर) अवैध वेंडिंग का धंधा बदस्तूर जारी है। जिसका नतीजा है कि वेंडर द्वारा ट्रेन को वैक्यूम(एसीपी) कर कहीं पर भी रोक दिया जाता है। जिसके कारण निर्बाध रूप से ट्रेन के परिचालन पर असर पड़ रहा है। ताजा मामला मंगलवार को सामने आया है। गया जंक्शन से खुलने के बाद पटना की तरफ जा रही 1826 हटिया-पटना-सहरसा कोसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस 63/बी रेल समपार फाटक के पास अचानक रुक गई। यहां रहे कुछ लोग बताया कि ट्रेन में वैक्यूम कर कुछ वेंडर बोगियों में चढ़ना उतारना शुरू कर दिए थे। करीब 10 मिनट ट्रेन यहाँ पर रुकी रही। ट्रेन के सहायक पायलट इंजन से उतरकर देखना शुरू किए कि किस कोच में एसीपी यानी वैक्यूम हुआ है।

    इधर, जब गया जंक्शन के आरआरआई(रूट रिले इंटरलॉकिंग) में तैनात रेलकर्मी से पूछा गया तो बताया कि ट्रेन में एसीपी होने के कारण 63/बी रेल समपार फाटक के पास रूक गई थी। वैक्यूम रिलीज होने के बाद ट्रेन पटना की ओर रवाना हुई। इधर, वैक्यूम के कारण गुमटी(रेल फाटक)  के पास ट्रेन के रुके रहने के कारण रामशिला-प्रेतशिला मार्ग पर जाम लग जाने के कारण लोग परेशान हो गए। बताया गया कि आए दिन इस जगह पर इस ट्रेन में वेंडर द्वारा वैक्यूम कर ट्रेन को रोक दिया जा रहा है। हालांकि जिस जगह पर ट्रेन रुकती है या रेल फाटक है, वह क्षेत्र दानापुर मंडल अंतर्गत आता है। जो कि जहानाबाद रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के क्षेत्राधिकार में है लेकिन रेल पुलिस अधीक्षक पटना के अंतर्गत रेल पुलिस अनुमंडल क्षेत्र गया के अंतर्गत यह क्षेत्र आता है।

    आगे की अंक में पढ़ेंगे अवैध वेंडिंग के पीछे की कहानी

  • गया जंक्शन पर बेहोश होकर एक व्यक्ति गिर पड़ा, आरपीएफ ने ‘ऑपेरशन सेवा’ के तहत पहुंचाया अस्पताल, जानें कौन है

    गया जंक्शन पर बेहोश होकर एक व्यक्ति गिर पड़ा, आरपीएफ ने ‘ऑपेरशन सेवा’ के तहत पहुंचाया अस्पताल, जानें कौन है

    देवब्रत मंडल

    प्लेटफॉर्म पर बेहोश होकर गिरा हुआ व्यक्ति

    सोमवार को गया जंक्शन पर एक व्यक्ति बेहोश होकर गिर पड़ा। जिसकी सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने व्यक्ति को रेल अनुमंडल अस्पताल पहुंचा कर ईलाज शुरू करवाया। ‘ऑपेरशन सेवा’ के तहत यात्री को जब होश आया तो व्यक्ति ने आरपीएफ की इस सेवा के लिए आभार प्रकट किया। आरपीएफ पोस्ट गया के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव ने बताया सोमवार को स्टेशन मास्टर द्वारा जारी मेमो में बताया गया कि एक व्यक्ति उम्र लगभग 45 वर्ष गया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नं 01/C पर बेहोशी की हालत में है। उन्होंने बताया ऑन ड्यूटी आरपीएफ स्टाफ एवं जीआरपी गया के स्टाफ की मदद से उक्त बेहोश व्यक्ति (नाम मनोज कुमार उम्र 45 वर्ष लगभग पिता रामस्वरूप महतो पता मानिकपुर कवादपुर जिला लखीसराय बिहार, उसके पास से मिले आईडी आधार कार्ड से प्राप्त विवरण) को रेलवे हॉस्पिटल गया पहुंचाया गया। इलाजरत व्यक्ति के द्वारा होश में आने के बाद बल सदस्यों को धन्यवाद दिया गया। उन्होंने बताया कि अब वो सुरक्षित और आराम महसूस कर रहे है। साथ घर वाले से उनकी बात हो गई है, वो लोग मुझे लेने हॉस्पिटल आ जाएंगे। बताया गया कि व्यक्ति मिर्गी नामक बीमारी से ग्रसित है।

  • चौपारण से महंगी कार में विदेशी शराब की बड़ी खेप लेकर आ रहा माफिया के साथ चालक गिरफ्तार, जानें कौन है माफिया

    चौपारण से महंगी कार में विदेशी शराब की बड़ी खेप लेकर आ रहा माफिया के साथ चालक गिरफ्तार, जानें कौन है माफिया

    देवब्रत मंडल

    बाएं चालक, दाहिने माफिया

    शराब पकड़े जाने के किस्से खबरों की सुर्खियां बटोरने के बाद भी इस पर पूर्णतया काबू नहीं हो सका है। अब तो खबरनवीस भी शराब पकड़े जाने, माफिया को दबोचने के किस्से कहानियां लिख कर मानो थक से गए हैं। अखबार या सोशल मीडिया में अवैध शराब के पकड़े जाने की खबरों को उचित स्थान नही मिल रहा है या उतनी टीआरपी नहीं बढ़ा पाता है। जितने कभी हुआ करते थे।
    बहरहाल, डोभी चेकपोस्ट पर फिर शराब पकड़ी गई। जिस वाहन से शराब लाई जा रही थी, वो भी महंगी कार है और जो शराब जब्त किए गए हैं उसकी भी कीमत ऊंची ही है। ब्रांड अलग अलग हैं। जिसकी कीमत भी लाख पार कर रही है। बिहार में तो इसकी कीमत डेढ़ गुना बताई जाती है।
    सहायक आयुक्त उत्पाद(मद्य निषेध) प्रियरंजन ने बताया कि डोभी चेकपोस्ट पर उनके अधीनस्थ सेवा देने वाले पदाधिकारी एवं बल के जवानों की एक टीम ने एक RENAULT TRIBER कार पंजीयन संख्या- BR-02BE-5920 से अवैध विदेशी शराब परिवहन करने के क्रम में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

    जब्त कार व कार्टन में शराब

    गिरफ्तार व्यक्तियों का नाम पता- सागर कुमार, (चालक) पे० किशोरी मालाकार, सा०-मनझार, थाना-परैया, जिला-गया (बिहार), उम्र 19 वर्ष करीब तथा राज कुमार, पे० चन्द्रदेव दास, सा०- कुरमावा, थाना-बाराचट्टी, जिला-गया (बिहार), उम्र-24 वर्ष करीब है। चालक ने मौके पर ही टीम को बता दिया कि उसके साथ पकड़ा गया राजकुमार का ही सारा माल है। राजकुमार केवल उसे ड्राइवर के रूप में इस्तेमाल किया है। दोनों ने बताया कि शराब चौपारण(झारखंड) से लेकर गया आ रहा था। जिसे टीम ने डोभी चेकपोस्ट के पास ही दबोच लिया। सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रियरंजन ने बताया बरामद अवैध विदेशी शराब 162.00 लीटर है। जो कार में बेखौफ होकर चल रहा था।
    अब अनुसंधान के उपरान्त आरोप पत्र समर्पित किया जायेगा। अनुसंधान में आगे क्या होता है ये तो मद्य निषेध के पदाधिकारी न कभी बताते हैं और न पत्रकार पूछना भी उचित समझते हैं। छापामार दल में रामप्रीति कुमार, निरीक्षक, प्रभात कुमार झा, निरीक्षक, विक्की कुमार, सअनि, दिलीप कुमार, सअनि विजय कुमार, सअनि तथा सैप बल एवं गृहरक्षक जवान शामिल थे

  • गया जिले में शराब माफियाओं का नेटवर्क सक्रिय, कार व टेम्पो से लाई गई विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई, चार तस्कर गिरफ्तार

    गया जिले में शराब माफियाओं का नेटवर्क सक्रिय, कार व टेम्पो से लाई गई विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई, चार तस्कर गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    चालक व यात्री बनकर वाहन के सीट के नीचे छिपाकर ला रहा था शराब, पकड़े जाने पर खुला माफियागिरी का राज

    बिहार में शराबबंदी लागू हुए करीब दस साल होने को है लेकिन शायद ही कोई ऐसा दिन होगा कि बिहार में अन्य राज्यों से लाई जा रही शराब नहीं पकड़े जाते होंगे। जहां तक बात गया जिले की करें तो सड़क मार्ग, रेलमार्ग से शराब के इस अवैध कारोबार में माफियाओं के तंत्र और जरिया काफी मजबूत नजर आते हैं। ये अलग बात है कि जांच में कभी जिला पुलिस के हत्थे तो कभी रेल पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल के चढ़ जाते हैं। गया जिला मद्य निषेध विभाग तो हर दिन किसी न किसी थाना क्षेत्र में अपने गुप्तचर के माध्यम से माफियाओं को बेकनाब कर ही ले रहे हैं।
    ताजा मामला गया जिले के डोभी चेक पोस्ट की है। सूरज कुमार, पे०- बालेश्वर यादव, सा०-तेतरिया, थाना-बाराचट्टी, जिला-गया (बिहार) एवं दीपक कुमार, पे०- नरेश यादव, सा० काहुदाग, थाना-बाराचट्टी, जिला-गया (बिहार) को मद्य निषेध विभाग की एक टीम ने गिरफ्तार किया है। जो कार से विदेशी शराब व बियर लेकर आ रहे थे। जिसकी मात्रा 118.500 लीटर है। कीमत लाख से उपर ही होगी। Maruti Suzuki कंपनी का स्विफ्ट डिजायर कार का निवंधन संख्या JH-02AM-5237 है। छापामार दल का नेतृत्व रामप्रीति कुमार, निरीक्षक कर रहे थे। साथ में इंस्पेक्टर प्रभात कुमार झा आदि भी थे। सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रियरंजन का कहना है कि अनुसंधान के उपरान्त आरोप पत्र समर्पित किया जायेगा।

    इधर, बाराचट्टी थाना क्षेत्र के जयगीर मोड के पास, 2. 71 माईल जीटी रोड की है। मद्य निषेध विभाग की टीम ने एक टेम्पो में छिपाकर लाई जा रही विदेश शराब की अच्छी मात्रा को जब्त किया है। सहायक आयुक्त उत्पाद प्रियरंजन बताते हैं कि टेम्पो चालक व यात्री बनकर झारखंड से शराब लाए जाने की गुप्त सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया टेम्पो चालक अपनी सीट के नीचे से लेकर यात्रियों के बैठने वाले हर सीट के नीचे छिपाकर विदेशी शराब गया जिले के बाराचट्टी थाना में प्रवेश कर गया था। सूचना पर कार्रवाई की गई तो 114 लीटर विदेशी शराब जो विभिन्न ब्रांड के थे। उसे जब्त करने की कार्रवाई करने के साथ चालक और यात्री बनकर टेम्पो पर बैठे शराब तस्करों को गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम व पता पंकज यादव पिता रामचन यादव सा० मेघन बिगहा थाना मगध युनिर्वसिटी जिला गया तथा मुकेश कुमार पिता संजय यादव सा० कठौतिया थाना धनगाई जिला गया। दोनों तस्करों ने यह बात स्वीकार किया है कि झारखंड से शराब लेकर आ रहे थे। उन्होंने बताया छापामार दल में अवर निरीक्षक स्नेहा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक, रंजीत कुमार साह, मद्यनिषेध सिपाही मोहित कुमार तथा गृह रक्षक शामिल थे।


    लाजिमी है कि शराब माफिया इसे ऊंची कीमत पर गया जिले के किसी भी इलाके में बेचते हैं। सूत्र बताते हैं कि वाहन चालक और इसके साथ पकड़े गए युवाओं को झारखंड से केवल शराब लाकर माफियाओं के द्वारा बताए गए अड्डे पर पर पहुंचाने भर का काम था। जिसे माफिया द्वारा तय ठिकाने लगाने के लिए भाड़ा और अलग से मजदूरी के रूप में कुछ रुपये दिया जाता। बहरहाल, शराब के इस अवैध कारोबार का गया जिले में एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। तभी तो आए दिन कभी ट्रेन से तो कभी वाहन से लाई जा रही शराब की छोटी बड़ी खेप कहीं न कहीं पकड़ में आ ही जा रही है। कई बार ऐसा भी हुआ होगा कि माफिया वर्दी वालों की नजरों से ओझल भी हो जाते होंगे।

  • मगध मेडिकल कॉलेज कैंपस में धमाके की आवाज के बाद छात्रों में दहशत, छात्र हॉस्टल छोड़ कैंपस में आ गए, जांच में मामला कुछ और ही निकला

    मगध मेडिकल कॉलेज कैंपस में धमाके की आवाज के बाद छात्रों में दहशत, छात्र हॉस्टल छोड़ कैंपस में आ गए, जांच में मामला कुछ और ही निकला

    देवब्रत मंडल

    धमाके के बाद छात्रों द्वारा कैमरे में कैद की गई तस्वीर

    गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज के कैंपस में बीती रात तेज धमाके की आवाज के बाद छात्रों में दहशत का माहौल बन गया। तेज धमाके की आवाज सुनने के बाद छात्र हॉस्टल के कमरे से निकल कर ग्राउंड में एकत्रित हो गए। इसके पहले छात्रों ने अपने अपने कमरों के लाइट को ऑफ कर दिए। बिजली के कनेक्शन को काट दिया। छात्रों ने बाहर निकल कर धमाके की आवाज के साथ उठने वाले धुएं को देखा और अपने अपने मोबाइल से फोटोग्राफी और वीडियो बना लिए।

    धमाके के बाद हॉस्टल के कमरे की दीवार की तस्वीर

    होस्टल की दीवारों पर काले धब्बे और दरार आने सी लकीरों को भी कैमरे में कैद कर लिया इसके बाद छात्रों ने इसकी सूचना कॉलेज प्रशासन को देते हुए कैमरे में कैद की गई तस्वीरों और वीडियो को साझा करते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। छात्रों ने बताया कि घटना 10 मई की रात 12:30 बजे 1:00 बजे के बीच की है। छात्रों ने इस धमाके को संदिग्ध मानते हुए कॉलेज प्रशासन को पूरे वाक्या से अवगत करवाया। छात्रों का कहना है कि एक जोरदार विस्फोट जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसमान में घना काला धुआं दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत कैंपस की समस्त विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई और विद्युत का मुख्य कनेक्शन काट दिया गया। छात्रों ने बताया कि NBH-1 हॉस्टल की बाहरी दीवार पर काले धुएँ के निशान (blackening) हैं और हॉस्टल का एक खंभा क्षतिग्रस्त हो गया।

    छात्रों द्वारा कॉलेज प्रशासन को उपलब्ध कराई गई तस्वीर

    इधर, जब इस तरह की घटना की सूचना मगध मेडिकल थाना को मिली तो पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच कर मुआयना किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच में ये बात सामने आई है कि वज्रपात के कारण धमाके की आवाज हुई थी। इसके कारण कॉलेज के हॉस्टल के साथ साथ आसपास के घरों की बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। उन्होंने बताया कि आसपास के कुछ घरों में भी पुलिस की टीम जांच के लिए गई थी। घर के लोगों ने बताया कि उनके घरों में बिजली के कई उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के समय हल्की बूंदाबांदी के साथ बादल गर्जन के साथ वज्रपात हुआ। जिसकी वजह से धमाके की आवाज लोगों को सुनाई पड़ी। उन्होंने बताया कि ऐसी वैसी कोई बात नहीं है, जैसा कि छात्र सोच रहे हैं। उन्होंने बताया छात्रों को डरने की कोई बात नहीं, पुलिस हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

  • कम उम्र की आठ लड़कियों के आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा कर बालिग बनाकर ले जाया जा रहा था तमिलनाडु, आरपीएफ ने धनबाद जंक्शन पर रोका

    कम उम्र की आठ लड़कियों के आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा कर बालिग बनाकर ले जाया जा रहा था तमिलनाडु, आरपीएफ ने धनबाद जंक्शन पर रोका

    देवब्रत मंडल

    09/05/25 को मुखबिर खास से धनबाद आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी अजय प्रकाश को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 13351 अलेप्पी एक्स्प्रेस से बड़ी संख्या में नाबालिग बच्चों को बाल मजदूरी हेतु ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद एक टीम गठित किया गया। सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई। पाया गया कि 15 से 20 लड़कियों का झुंड प्लेटफार्म संख्या 6/7 पर जाते देखा जा रहा है। जिनमे कुछ लड़कियाँ नाबालिग लग रही थी। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि उनके नेतृत्व में तत्काल गठित टीम द्वारा सत्यापन किया गया एवं पाया गया कि कुल 17 लड़कियों में से 8 लड़की नाबालिग हैं।

    जिसमें सात लड़की का धनबाद जिलान्तर्गत SSLNT, Dhanbad के पास स्थित आधार सेवा केंद्र में सत्यापन करने पर सातों लड़कियों की उम्र 18 वर्ष से कम पाया गया। जांच में पता चला कि आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा कर 18 वर्ष से अधिक उम्र दिखाते हुए अपने साथ ले जाया जा रहा था।  एक लड़की का आधार कार्ड बिल्कुल गलत पाया गया। आधार कार्ड में किसी अन्य लड़की का नाम पाया गया। आठ लड़कियों में से सात बच्ची झारखंड के गिरीडीह जिला के और एक बच्ची उत्तर प्रदेश के बाराबांकी जिला के रहने वाली पाई गई। इंस्पेक्टर अजय प्रकाश ने अपने वरीय अधिकारियों को जानकारी देते हुए कहा है कि आठ लड़कियों को ले जाने वाले तीन तस्कर (1) सुमित कुमार, उम-23 वर्ष, पिता अमरेन्द्र शर्मा, पता- हसनपुर सूरत थाना – शाहपुर पटोरी जिला समस्तीपुर (2) बेबी देवी, उम्र-36 वर्ष, पति – प्रमोद कुमार महतो, पता- तरंगाबस्ती, थाना चंद्रपुरा, जिला- बोकारो (झारखंड) तथा (3)अंजनी कुमारी, उम्र-24 वर्ष, पिता – रामु महतो, पता-तोपचांची अंबाडीह, थाना तोपचांची, जिला- धनबाद की रहने वाले हैं। जिनकी गिरफ्तारी की गई।उन्होंने बताया कि आवश्यक पूछताछ के क्रम में बताया गया कि सभी बच्चियों को तिरुप्पुर, तमिलनाडु ले जाया जा रहा है। सभी के पास से यात्रा टिकट भी बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि आगे की जांच में ज्ञात हुआ कि भारत सरकार के द्वारा चलाए जा रहे दीनदयाल अंतोदय योजना एवं मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत JSDMS (JHANBAD SKILL DEVELOPMEN MISSION SOCIETY) संगठन अंतर्गत अलारगो (चंद्रपुरा) मे स्थित विजनरी नोलेज एवं मैनेजमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड में सभी को 3 महीने का सिलाई की ट्रेनिंग दी जा रही थी। इन सभी को तिरुपुर स्थित S.P APPARELS. LTD में नौकरी दिलाने ले जाया जा रहा था। उन्होंने बताया शाहिना इस्लाम के द्वारा एक लिखित शिकायतपत्र दिया गया। जिसके आधार पर कांड संख्या- 34/25, DTD 09/05/25, U/S – 137(2) 143(5)/318(4)/ 338/339/3(5)BNS, 75/81JJ ACT दर्ज किया गया। नाबालिक सभी 8 बच्चियों को चाइल्ड हेल्प डेस्क धनबाद को अग्रिम कार्यवाही के लिए सुपुर्द किया गया। 18 वर्ष से अधिक सभी 09 महिलाओं को एनजीओ के सेंटर मैनेजर सुजीत कुमार मिश्रा एवं ट्रेनिंग ट्रेनर संध्या रानी को उचित हिदायत के साथ लिखित रूप में सुपुर्द कर दिया गया।

  • अजब खेल की गज़ब कहानी: गया रेल थाना में शराब बरामदगी से लेकर कांड दर्ज होने तक जानें क्या-2 हुआ

    अजब खेल की गज़ब कहानी: गया रेल थाना में शराब बरामदगी से लेकर कांड दर्ज होने तक जानें क्या-2 हुआ

    देवब्रत मंडल

    जब्त शराब के साथ पुलिस पदाधिकारी व बल के जवान

    बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद गया जंक्शन पर अनगिनत बार शराब पकड़ी गई है। कई मौके ऐसे में सामने आए हैं कि तस्कर भी पकड़े गए हैं। अनेकों बार लावारिस हालात में बरामदगी हुई है। ताजा मामला 09 मई 2025 की है। पांच पिट्ठू बैग में छुपा कर पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से तस्करों द्वारा लाई गई विदेशी शराब पकड़ी गई है। यह ट्रेन दोपहर बाद गया जंक्शन पर आई थी। दिन के उजाले में प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर पार्सल कार्यालय के पास से पांच पिट्ठू बैग को सबसे पहले तो किसी सिपाही ने या पुलिस पदाधिकारी ने उतारते हुए देखा होगा या किसी खास मुखबिर ने इसकी सूचना दी होगी।

    क्या कहते हैं रेल थानाध्यक्ष

    रेल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने जो बातें अपने वरीय अधिकारियों को बताई है, वही बातें मीडिया से भी साझा की गई है। श्री सिंह ने बताया है कि रेल थाना गया कांड संख्या–132/25, दिनांक–09.05.25 धारा–30(a) बिहार मध निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम 2022 (अज्ञात ) के विरुद्ध दर्ज की गई। जबकि घटना तिथि–10.05.25 बता रहे हैं। चलिए हो सकता है ये लिपिकीय भूल हो सकती है या हो गई होगी।

    अब इस बात पर गौर करें कि किसने देखा कि इसी कोच से बैग उतारा गया

    रेल थानाध्यक्ष ने जैसा बताया है कि- घटनास्थल– गया जंक्शन प्लेटफार्म 1 पर खड़ी गाड़ी संख्या–12801 पुरषोत्तम exp के इंजन के दूसरे साधारण बोगी से उतार कर पार्शल office के पास। जब स्पष्ट रूप से कहा गया है कि साधारण बोगी से उतार कर पार्सल ऑफिस के पास रखा गया तो किसने ये बात बताई? यदि पुलिस पदाधिकारी यह कह रहे हैं तो उन्होंने उतारने वाले तस्करों को क्या देखते हुए भी नहीं पकड़ सके। या चुपचाप उतारते हुए देखते रहे और तस्कर को फरार होने दिया। यदि मुखबिर खास ने ये बात बताई होगी तो पार्सल कार्यालय के पास और यही पर आरएमएस ऑफिस के पास सीसीटीवी के कैमरे लगे हुए हैं। अवश्य ही किसी न किसी कैमरे में तस्करों को बोगी में से बैग लेकर उतरते हुए उसकी गतिविधियां कैद हुई होगी। जिसे तत्काल कंट्रोल रूम से देखकर तस्कर की पहचान हो सकती थी। जिसे ढूंढ कर निकाला जा सकता था या पहचान की जा सकती है।

    बरामदगी–पांच पिट्ठू बैग में अंग्रेज़ी शराब

    1.king fisher strong beer 500 ml का 27 पीस,

    Royal stag deluxe whisky 375 ml ka 10 बोतल ,
    Signeture whisky 375 ml का 10 बोतल,
    4.Royal stag deluxe whisky 750 ml का 02 बोतल ,
    Royal stag deluxe whisky 375 ml ka 10 बोतल ,सभी पर for sale in jharkhand only, कुल मात्रा 26.250 लीटर बरामद हुआ।

    कई स्तर के पदाधिकारियों करेंगे इस कांड की जांच

    इस कांड के वादी –पुअनि निरंजन प्रसाद, रेल थाना गया हैं। जो वर्तमान में पदस्थापित हैं और संभव है कि इन्होंने ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी थानाध्यक्ष को दी है।
    इस कांड के अनुसंधानकर्ता–SI कृष्ण कुमार, रेल थाना गया में पदस्थापित हैं। जो इस कांड की जांच करेंगे। इसके बाद कई स्तर पर कांड का supervision किया जाएगा। पहले रेल थानाध्यक्ष, फिर गया रेल अंचल के पुलिस निरीक्षक, इनके बाद गया रेल अनुमंडल के पुलिस उपाधीक्षक। इसके बाद रेल एसपी तक इस कांड का पर्यवेक्षण रिपोर्ट पहुंचेगा।

    अंततः

    अब इस शराब की बरामदगी से लेकर कांड के दर्ज होने से बाद कांड में फाइनल चार्जशीट दाखिल करने तक जितनी भी आवश्यक कागजी परिक्रियाओं को पूरा किया जाना है, उसमें तो वक्त लगेगा लेकिन शराब बरामदगी की कहानी कुछ अजब गजब है।