गया रेल थाना में गिरफ्तार गिरफ्तार अपराधी व रेल थानाध्यक्ष सहित पुलिस पदाधिकारी
गया रेलवे स्टेशन परिसर से गया रेल थाना की पुलिस ने एक आर्म्स सप्लायर को दो देशी पिस्टल कई जिंदा कारतूस व कटर व छेनी के साथ बुधवार की सुबह गिरफ्तार किया है। जिसे विशेष पूछताछ की जा रही है। बताया गया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर गया जंक्शन के विभिन्न प्लेटफॉर्म व बाहरी परिसर में रेल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह बल के जवानों के साथ सघन जांच अभियान चला रहे थे। इसी क्रम में एक युवक को संदिग्ध हालात में देखा गया। जिससे पूछताछ की गई तो घबराने लगा। बताया गया कि मेटल डिटेक्टर से जांच के क्रम रेल थानाध्यक्ष श्री सिंह का संदेह और गहरा गया। जिसे पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। जिसके पास रहे एक थैले से दो देशी कट्टा, एक दर्जन जिंदा कारतूस, लोहे(शटर) को काटने वाला एक बड़ा कटर, एक बड़ा छेनी बरामद किया गया है।
थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि ये आर्म्स किस उद्देश्य से लेकर पकड़ा गया युवक रेलवे स्टेशन आया है। पकड़ा गया युवक अपना पता वारसलीगंज बता रहा है। जिसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया इस गिरोह में कौन कौन लोग इसके साथ शामिल है, इसका पता भी लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया युवक ने पूछताछ के क्रम में यह बात बता रहा है कि कुछ दिन पहले ही आर्म्स एक्ट के तहत जेल गया था, 10-12 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया है। थानाध्यक्ष ने बताया पकड़े युवक का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
डीडीयू मंडल द्वारा मंगलवार को पूर्व निर्धारित टिकट चेकिंग मेगा ड्राईव के आलोक में डीडीयू, गया, सासाराम, डेहरी ओन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, भभुआ एवं जपला आदि स्टेशन पर फोर्ट्रेस चेक प्रातः 06.00 से 22.00 बजे तक करने का निर्णय लिया गया था l जिसमें मंडल के समस्त स्क्वाड – स्टैटिक एवं स्लीपर के टिकट जाँच कर्मी, वाणिज्य निरीक्षक/पर्यवेक्षक सहित सभी वाणिज्य अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यतः बक्सर -डीडीयू खंड, वाराणसी- डीडीयू, सासाराम-डीडीयू, आरा- सासाराम खंड, गढ़वा रोड- डेहरी ऑन सोन, किउल-गया, गोमो-गया एवं पटना-गया खंड से आने एवं जानेवाली सभी ट्रेनों को लक्ष्य कर गहन जाँच किया गया, जिसमें प्रीमियम एवं मेल/एक्सप्रेस के साथ-साथ पेसेंजर ट्रेन को भी चेक किया गया तथा बिना टिकट/अनुचित टिकट पर यात्रा करते हुए पकड़े गए व्यक्तियों से नियमानुसार जुर्माने की राशि वसूल की गयी। सभी स्टेशनों पर किलाबंदी जाँच कर बिना टिकट/अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों को नियमित टिकट लेकर चलने हेतु प्रेरित किया गया। खबर प्रेषित किए जाने तक डीडीयू मंडल द्वारा लगभग 1768 बिना टिकट व अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया है, जिनसे जुर्माने के रूप में लगभग 9 लाख 53 हजार रुपये की राशि वसूली गयी है। मेगा ड्राइव जारी है जो रात्रि दस बजे तक चलेगा। इस तरह के टिकट चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक १ गया में चल रहे केंद्रीय विद्यालय संगठन पटना संभाग के त्रिदिवसीय खो-खो प्रतियोगिता बालक वर्ग के दूसरे दिन विभिन्न मैच आयोजित हुए। जिसमें अंडर 14 बालक वर्ग में पूल मैचों के बाद प्रथम सेमी फाइनल में केवि जवाहर नगर ने केवि आरा को एक पारी व सात अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफ़ाइनल में केवि एन टी पी सी कहलगांव ने केवि खगड़िया को कांटे के मैच में एक अंक से हराया। तृतीय स्थान के लिए हुए मैच में केवि खगड़िया ने केवि आरा को 13 के मुकाबले 11अंकों से हराया। वहीं अंडर 17 बालक वर्ग खो खो प्रतियोगिता में पूल मैचों के उपरान्त हुए सेमी फाइनल में केवि जवाहर नगर को केवि आरा ने हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफ़ाइनल में केवि सोनपुर ने केवि ए एफ एस पूर्णिया को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पूल मैचों में केवी क्रमांक 1 गया की टीम ने पहले मैच में केवी एनटीपीसी कहलगांव को 12–14 से हराया किन्तु अगले मैच में केवी पूर्णिया से हार कर प्रतियोगिता से बाहर हो गई। तृतीय स्थान के मैच के पूर्व आज के मुख्य अतिथि अनुग्रह नारायण सिंह एडीएम विशेष कार्यक्रम गया सह नामित अध्यक्ष विद्यालय विकास समिति ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा टॉस किया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि खेलने से शारीरिक विकास के साथ साथ मानसिक विकास साहचर्य की भावना बढ़ती है।उसके पूर्व प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथि का हरित स्वागत किया।
गया आरपीएफ की टीम ने गया के मानपुर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला और उसके साथ रही दो मासूम बच्चों की जान बचाने में कामयाब रही। यदि गया जंक्शन पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होते और आरपीएफ सक्रिय नहीं होते तो महिला और बच्चों के साथ कुछ भी अनहोनी हो सकती थी। आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि गया शहर के मानपुर के तेली टोला की रहने वाली एक महिला अपने दो छोटे छोटे बच्चों के साथ प्लेटफॉर्म पर ईधर उधर चलहलकदमी कर रही थी। जिसकी गतिविधियों पर नजर आरपीएफ की उपनिरीक्षक पूनम कुमारी की पड़ गई। जो कि कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर तैनात थी। जो सीसीटीवी के फुटेज को कंट्रोल रूम में लगे स्क्रीन पर नजर रख रही थीं। पूनम कुमारी ने देखा कि प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक महिला दो बच्चों को लेकर इधर उधर कर रही हैं। श्री यादव ने बताया कि इसकी सूचना ड्यूटी पर तैनात पदाधिकारी व जवानों को दी गई। इसके बाद महिला को और उसके साथ रहे बच्चों को पूछताछ की तो बताई कि पति से झगड़ा कर सोमवार को घर से निकल कर गया जंक्शन पर चली आई। अपनी तंग आर्थिक स्थितियां के बारे में रोते हुए बच्चों के साथ जान दे देने के लिए स्टेशन पर आने की बताई। इसके बाद महिला व उनके बच्चों को संरक्षित करते हुए महिला द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर बात कर गया आरपीएफ पोस्ट पर बुलाया गया। इंस्पेक्टर श्री यादव ने बताया कि महिला के पति और उसकी ननद पोस्ट पर आई। जिन्होंने बताया कि घर से चले जाने के बाद से खोजबीन कर ही रहे थे कि आरपीएफ के द्वारा फोन पर पत्नी और बच्चों के बारे में बताया कि रेलवे स्टेशन पर है। श्री यादव ने बताया समझाने बुझाने के बाद पति के साथ घर जाने के लिए तैयार हो गईं। इसके लिए महिला के पति और परिवार के लोगों ने आरपीएफ के इस नेक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यदि आरपीएफ सक्रिय नहीं होती तो कुछ भी अनहोनी हो सकती थी।
पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत डेहरी-ऑन-सोन के ट्रैक डिपो से सामानों की आपूर्ति में हुए घोटाले और रिश्वतखोरी मामले की सीबीआई जांच में कई तथ्य सामने आए हैं। तथ्यों एवं सबूतों को आधार बनाकर सीबीआई ने एक मामला दर्ज करते हुए कई रेलकर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई के बाद रेलवे की विजिलेंस की एक टीम मंगलवार की सुबह गया जंक्शन के पी-वे कार्यालय व यहां के स्टोर में जांच के लिए पहुंची। सूत्रों के अनुसार डेहरी-ऑन-सोन के ट्रैक डिपो में हुई घोटाले तथा रिश्वत लेने के मामले सामने आने के बाद विजिलेंस की जांच टीम गया के आईओडब्ल्यू कार्यालय सह स्टोर के कर्मचारियों से पूछताछ व दस्तावेज की जांच की है।
आइए जानते हैं क्या है मामला, मनी ट्रांसफर के माध्यम से कमीशन/रिश्वत का लेनदेन
सीबीआई को पता चला है कि विभिन्न आपूर्तिकर्ता फर्मों ने निर्माण विभाग महेंद्रू घाट, ईसी रेलवे के स्टोर्स द्वारा आवश्यक ट्रैक फिटिंग से संबंधित विभिन्न वस्तुओं के क्रय आदेश दिए और सामग्री निर्माण विभाग, ट्रैक डिपो, डेहरी-ऑन-सोन के स्टोर्स में आपूर्ति की गई। आरोप यह है कि निजी आपूर्तिकर्ताओं द्वारा फिश प्लेट, ईआरसी, नट बोल्ट, एलसी फिटिंग आदि वस्तुओं की डिलीवरी देते समय, कंपनियों/फर्मों के एजेंट आपूर्ति आदेश के अनुसार आपूर्ति की गई वस्तुओं की रसीद/पावती देने के लिए गार्ड के माध्यम से निर्माण विभाग के स्टोर्स के एसएसई, पी-वे को मनी ट्रांसफर के माध्यम से कमीशन/रिश्वत देते थे।
सबसे पहले डेहरी-ऑन-सोन में सीबीआई जांच शुरू हुई
सीबीआई को विश्वसनीय स्रोत से सूचना प्राप्त होने पर, दिनांक 24.04.2025 को 17:15 बजे से 23:30 बजे तक, कार्यालय एसपी, सीबीआई, एसीबी, पटना की सीबीआई टीम द्वारा एसडीजीएम, सतर्कता, ईसीआर , डेहरी-ऑन-सोन के अधिकारियों के सहयोग से कार्यालय एसएसई/पी-वे, इंजीनियरिंग/निर्माण, ईसीआर, डेहरी-ऑन-सोन में संयुक्त औचक जांच की गई।
जांच के क्रम में ये तथ्य आए सामने
जांच के क्रम में राज कुमार, एसएसई, पी-वे (निर्माण), डेहरी-ऑन-सोन टीम के सदस्यों को यह विवरण नहीं दिखा पाए कि उन्हें आखिरी बार सामग्री कब प्राप्त हुई थी और आपूर्तिकर्ता फर्म का नाम क्या था। इसके बाद, टीम ने उनसे उन वस्तुओं का विवरण प्रदान करने के लिए विशेष अनुरोध किया, जो इस कार्यालय को जनवरी, 2024 से 24 अप्रैल, 2024 की अवधि के दौरान विभिन्न आपूर्तिकर्ता फर्मों/कंपनियों से प्राप्त हुईं और उनकी मांग के आधार पर विभिन्न कार्यालयों को पुनः जारी की गईं। इस अवधि के लिए विभिन्न विभागों को जारी आपूर्ति एवं मांग पत्र से संबंधित चालान की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध टीम द्वारा किया गया, लेकिन राज कुमार ने यह जानकारी टीम के सदस्यों को नहीं दिखाई, ताकि इसका भौतिक सत्यापन किया जा सके। राजकुमार ने टीम के सदस्यों को बताया कि उनके कार्यकाल फरवरी 2025 से लेकर आज तक आपूर्तिकर्ता फर्मों द्वारा कोई भी सामान आपूर्ति नहीं किया गया है। उन्होंने टीम को यह भी बताया कि एच.एन. चौबे, एस.एस.ई. की सेवानिवृत्ति के पश्चात उन्हें बिना किसी सक्षम प्राधिकारी की औपचारिक स्वीकृति के डेहरी ऑन-सोन में स्टोर पी-वे निर्माण के कार्य में सहायता के लिए अनौपचारिक रूप से नियुक्त किया गया था।
सीबीआई टीम को रजिस्टर एवं चालान नहीं दिखा सके कर्मचारी
सीबीआई ने इस स्टोर से सामान की प्राप्ति एवं वितरण से संबंधित पी-वे स्टॉक रजिस्टर के बारे में पूछे जाने पर टीम को कोई जवाब नहीं दिया गया और सीबीआई टीम को रजिस्टर एवं चालान नहीं दिखा सके। टीम को इसके अलावा कार्यालय के अन्य कर्मचारियों के बारे में पूछे जाने पर बताया कि अन्नू कुमार, खलासी और बिनोद राम, दोनों ग्रुप-डी अधिकारी, सोन नगर के स्टोर के चौकीदार के रूप में काम कर रहे हैं और बीरेंद्र, ग्रुप-डी कर्मचारी एसएसई, पी-वे कंस्ट्रक्शन स्टोर ऑफिस, डेहरी ऑन-सोन में काम कर रहे हैं, जो जांच के दौरान आराम कर रहे थे। टीम द्वारा विशेष पूछताछ किए जाने पर राज कुमार, एसएसई, पी-वे ने बताया कि बिनोद राम वर्तमान में सोननगर के स्टोर में उपलब्ध हैं। स्टोर की स्थिति और वहां रखी गई सामग्रियों को देखने के लिए सीबीआई टीम ने पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के सतर्कता अधिकारियों के साथ सोननगर के स्टोर के लिए निकले। यात्रा के दौरान बिनोद राम को सोननगर के निर्माण स्टोर में पाया। पूछताछ पर बिनोद राम ने बताया कि एक ट्रक संख्या BR26GC3231, जिसमें 15-20 टाई बार और 30-50 रेल के टुकड़े लदे हुए हैं। राज कुमार, एसएसई, पी-वे के निर्देश पर लगभग 13:00 बजे इस स्टोर परिसर के बाहर गए हैं।
मोबाइल फोन पर रुपये का हुआ लेनदेन, जांच में हुआ खुलासा
टीम ने अपनी जांच में पाया कि मोबाइल फोन लव कुमार उर्फ भीम, अनिल सिंह, एसएसई, पी-वे को भेजी गई राशि जिसे आपूर्तिकर्ता कंपनी द्वारा उनके खाते में स्थानांतरित/जमा कर दिया गया। अनिल सिंह, तत्कालीन एसएसई, पी-वे (अप्रैल, 2024 में सेवानिवृत्त) ने रुपये की रिश्वत के रूप में अनुचित लाभ प्राप्त किया था। 21.03.2024 से 02.04.2024 के दौरान ₹ 1,35,000/- लव कुमार उर्फ भीम द्वारा यह भी खुलासा किया गया कि विभिन्न आपूर्तिकर्ताओं से प्राप्त राशि अनिल कुमार सिंह को उनके परिवार के सदस्यों के खातों में भुगतान की गई थी, जो अनिल सिंह द्वारा उन्हें दिए गए थे। टीम ने पाया कि अनिल सिंह की भतीजी सुश्री अर्पिता और सुश्री प्रिया के खाते में राशि भेजी गई। इसके अलावा, कभी-कभी कमीशन की राशि नकद भी प्राप्त की जाती थी। अन्नू कुमार @ भीम द्वारा एच.एन. चौबे और राज कुमार, दोनों एस.एस.ई., पी-वे को भेजी गई राशि जिसे आपूर्तिकर्ता कंपनी द्वारा उनके खाते में स्थानांतरित/जमा किया गया। अन्नू कुमार के मोबाइल फोन जिसमें उक्त एस.एस.ई. पी-वे एच.एन. चौबे और राज कुमार के लिए आपूर्तिकर्ता से उनके निर्देशों के अनुसार कमीशन राशि की रसीद दिखाई गई है।
पार्टी का नाम जिनसे लेनदेन की हुई
सीबीआई की टीम उन पार्टियों का पता लगाई है कि किस किस पार्टी से कब कब और कितने रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है। जिसमें एक उमा नाथ का नाम है। इनके अलावा समरेश सामंता, कुणाल कुमार तिवारी और विजय कुमार पॉल का नाम सामने आया है।
टीम ने माना कि रिश्वतखोरी और हुए हैं घोटाले
जांच कर रही टीम ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि उपरोक्त लेन-देन दर्शाते हैं कि रुपए लव कुमार, प्राइवेट व्यक्ति और अन्नू कुमार, ग्रुप-डी/चौकीदार द्वारा इस कार्यालय के सामग्री आपूर्तिकर्ताओं के विभिन्न एजेंटों से अनिल सिंह ( सेवानिवृत्त), एच.एन. चौबे (सेवानिवृत्त) और राज कुमार, एसएसई, पी-वे, निर्माण, स्टोर, डेहरी ऑन-सोन के निर्देश पर रिश्वत/कमीशन के रूप में 2,15,074/- प्राप्त किए गए और उन्हें मोबाइल फोन के माध्यम से उनके खातों में स्थानांतरित कर दिया गया।
टीम ने माना है कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा बगैर मंजूरी के हुए कार्य
जांच कर रही सीबीआई की टीम ने माना है कि सक्षम प्राधिकारी की किसी भी मंजूरी के बिना अवैध रूप से उक्त निजी व्यक्ति को इन सामग्रियों को स्क्रैप मानते हुए महंगी रेलवे स्टोर सामग्री को औने-पौने दाम में देने के लिए कुल 2.10 लाख रुपये की बातचीत की थी। इन सारे तथ्यों और गवाहों के बयान को आधार बनाकर सीबीआई ने पीसी अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) की धारा 7, 8 और 12 और बीएनएस 2023 की धारा 61 (2) के तहत राज कुमार, एसएसई/पी-वे, इंजीनियरिंग/निर्माण, ईसीआर, डेहरी-ऑन-सोन, अनिल सिंह (अब सेवानिवृत्त), तत्कालीन एसएसई/पी-वे, निर्माण, स्टोर पी-वे, निर्माण (ट्रैक डिपो), डेहरी-ऑन-सोन, के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। एच. एन. चौबे (अब सेवानिवृत्त), तत्कालीन एसएसई/पी-वे, निर्माण, स्टोर पी-वे, निर्माण (ट्रैक डिपो), डेहरी-ऑन-सोन और अज्ञात लोक सेवकों और अज्ञात अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए रूबी चौधरी, उप पुलिस अधीक्षक, सीबीआई, एसीबी, पटना को सौंपा गया है।
(उपलब्ध कराई गई उक्त जानकारी सीबीआई की फ़ाइल से ली गई है)
गया से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि सीबीआई ने रेलवे के एक डिपो में छापेमारी की है। एक अभियंता और एक खलासी से पूछताछ के बाद दोनों को विशेष पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। रेलवे के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सीबीआई और रेलवे की विजिलेंस की एक टीम गया जंक्शन के एफसीआई गोदाम के स्थित सेंट्रल ट्रैक डिपो में सोमवार को दिन में पहुंची थी। यहां डिपो इंचार्ज वरीय प्रशाखा अभियंता आर. डी. चौधरी एवं कई कर्मचारियों से पूछताछ की। कई घंटों तक चली पूछताछ के बाद देर रात श्री चौधरी तथा खलासी के पद पर कार्यरत राजेश को विशेष पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। वरीय प्रशाखा अभियंता(पी-वे/टीडी/गया आर.डी. चौधरी एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी राजेश को सीबीआई द्वारा अपने साथ ले जाने की पुष्टि करते हुए एक पदाधिकारी ने बताया कि सीबीआई और रेलवे विजिलेंस की एक टीम द्वारा डिपो में जांच के लिए दिन के 11 बजे के आसपास आई थी। यहां के इंचार्ज व कुछ कर्मचारियों से लंबी पूछताछ की गई। इसके बाद रात को टीम अपने साथ ले गई। बताया गया कि जिस ट्रैक डिपो के इंचार्ज एसएसई आरडी चौधरी एवं एक खलासी को सीबीआई की टीम अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई है, उस डिपो से पूर्व मध्य रेल के सभी पांच रेल मंडल में सामानों की आपूर्ति की जाती है। सूत्रों ने बताया कि इसके कुछ दिन पहले डीडीयू मंडल के डेहरी-ऑन-सोन में सीबीआई ने रेड किया था, जहां से भी रेलकर्मी को टीम पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। मामला ट्रांजेक्शन से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि रोहतास जिले के डेहरी में रेल सामग्री चोरी कर संपति बनाने के एक मामले में सीबीआई की नजर सोननगर स्टोर से जुड़े पूर्व अधिकारियों पर है। डेहरी और सोननगर में छापे के बाद सीबीआई ने सासाराम में एक सेवानिवृत्त रेल अधिकारी के घर पर छापा मारा था। लेकिन अधिकारी नहीं मिले। गिरफ्तार इंजीनियर राजकुमार सिंह को पूछताछ के लिए सीबीआई की टीम अपने साथ ले गई थी। जिससे कई खुलासे होने की संभावना व्यक्त की जा रही थी। इसी कड़ी में सोमवार को सीबीआई की टीम गया से एक अभियंता तथा खलासी को विशेष पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। इस संबंध में गया के सहायक मंडल अभियंता से संपर्क कर विशेष जानकारी लेने का प्रयास किया गया लेकिन इनसे बात नहीं हो सकी।
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नं. 1, गया में सोमवार को संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025 (खो-खो अंडर-14 और अंडर-17 बालक वर्ग) का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह, सहायक निदेशक, शारीरिक शिक्षा एवं खेल, दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया, विशिष्ट अतिथि एन. के. प्रसाद, तकनीकी विशेषज्ञ, क्षेत्रीय कार्यालय पटना एवं अन्य सम्मानित निर्णायकों के स्वागत से हुई। इस त्रिदिवसीय आयोजन में आनंद प्रकाश प्राचार्य केंद्रीय विद्यालय मोकामाघाट आब्जर्वर की भूमिका निभा रहे हैं। दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा भावपूर्ण सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। एक मधुर स्वागत गीत ने कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने स्वागत भाषण में टीम भावना के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से सहयोग, अनुशासन और एकजुटता का विकास होता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता का आधार बनते हैं। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे खेलों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को निखारें और हार-जीत से परे सीखने की भावना को प्राथमिकता दें। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुति दी, जिसने सभी अतिथियों का मन मोह लिया। तत्पश्चात क्षेत्रीय खेल ध्वज का आरोहण किया गया, जो एकता और समर्पण का प्रतीक रहा। शपथ ग्रहण समारोह में खिलाड़ियों ने निष्पक्षता, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ ली। तत्पश्चात, मुख्य अतिथि डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह एवं प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने औपचारिक रूप से गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। खिलाड़ियों को आशीर्वाद प्रदान किया। विशिष्ट अतिथि एन. के. प्रसाद ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में के. के. मेटरिया द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इस आयोजन में पटना संभाग के अलग अलग विद्यालयों के कुल 234 प्रतिभागी और 25 शिक्षक बतौर एस्कॉर्ट शामिल हुए। कार्यक्रम का सफल संचालन समग्र प्रभारी भीमेश्वर कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
गया शहर के उत्तरी हिस्से में रामशिला पहाड़ की तलहटी में बने रामकुंड में डूब जाने से एक व्यक्ति की मौत की खबर रविवार को सामने आई थी। घटना रविवार को दोपहर बाद की बताई गई थी। घटना की जानकारी प्राप्त होते ही मृतक को तालाब से बाहर निकालने के लिए स्थानीय तैराक लग गए थे लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी। अंत में एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। सोमवार को एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मसक्कत के बाद शव को ढूंढ निकाला। सुबह करीब छः बजे से टीम शव को ढूंढने में जुट गई थी। इस टीम के गोताखोरों को मृतक की लाश तालाब के बीचोबीच मिला। 12 बजे के आसपास लाश तालाब के तल से निकाला गया। मृतक की पहचान सोनू(28) पिता रियाज़ के रूप में की गई है। जो कि वार्ड नं 05 के वारिस नगर मोहल्ले का निवासी था। वार्ड नं 05 के पार्षद जयप्रकाश सिंह यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा पुलिस से पोस्टमार्टम नहीं कराने का आग्रह किया। इसके बाद पुलिस परिजनों को सोनू का शव सौंप दिया। पार्षद श्री यादव ने बताया उन्होंने मृतक के परिजनों से पोस्टमार्टम हेतु शव को पुलिस को सौंपे जाने की सलाह दी लेकिन परिजन ऐसा करने से इंकार कर गए तो लाश को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पार्षद ने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपए मुआवजा के रूप दिए जाने का प्रावधान है। यह बात परिजनों को बताया गया लेकिन लोग बात नहीं माने। बता दें कि रविवार को जब घटना की जानकारी लोगों तक पहुंची तो तालाब के पास लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई थी। स्थानीय तैराकों की मदद से व्यक्ति को बाहर निकालने की कोशिश की जाने लगी थी। वार्ड नं 06 के पार्षद प्रतिनिधि वसीम ने जिला प्रशासन से गोताखोर को भेजने की मांग की थी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम पहुंची थी। घटना के बाद से आसपास के क्षेत्र में रह रहे लोगों में शोक की लहर है। वार्ड पार्षद श्री यादव ने सोनू के असामयिक निधन पर गहरा शोक जताया है।
गया शहर के उत्तरी हिस्से में रामशिला पहाड़ की तलहटी में बने रामकुंड में डूब जाने से एक व्यक्ति की मौत की खबर रविवार को सामने आई थी। घटना रविवार को दोपहर बाद की बताई गई थी। घटना की जानकारी प्राप्त होते ही मृतक को तालाब से बाहर निकालने के लिए स्थानीय तैराक लग गए थे लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी। अंत में एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। इस टीम के गोताखोरों के द्वारा मृतक की तलाश शुरू कर दी गई लेकिन सोमवार की सुबह खबर लिखे जाने तक मृतक को नहीं ढूंढ पाई है। जैसा कि मृतक के बारे में सिर्फ इतना लोग बता रहे हैं कि रामकुंड के आसपास के मोहल्ला निवासी है। जो कि दिव्यांग है। रविवार को जब घटना की जानकारी लोगों तक पहुंची तो तालाब के पास लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। स्थानीय तैराकों की मदद से व्यक्ति को बाहर निकालने की कोशिश की जाने लगी। वार्ड नं 06 के पार्षद प्रतिनिधि ने जिला प्रशासन से गोताखोर को भेजने की मांग की। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम डूब गए व्यक्ति को ढूंढने में लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार डूब गया व्यक्ति वारिस नगर मोहल्ले का रहनेवाला है। जो कि दिव्यांग बताया जा रहा है। जिसके बारे में लोगों का कहना है कि वह नशीली पदार्थ का आदी है। जो कबाड़ी चुनने व बीनने का काम भी किया करता है। घटना के बारे में स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी ने उसके हाथ से नशीली द्रव्य ‘सुलेशन’ छीन कर तालाब(रामकुंड) में फेंक दिया था। इसके बाद नशे का आदि हो चुके इस व्यक्ति सुलेशन निकालने के लिए तालाब में कूद पड़ा। जिसे शायद तैरना नहीं आता था, इस कारण लोग डूबने से उसकी मौत हो जाने की आशंका जता रहे हैं। खबर प्रेषित किए जाने तक एसडीआरएफ के गोताखोर तलाश में जुटे हैं लेकिन कथित मृत व्यक्ति नहीं मिल सका है।
पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत गया जंक्शन के आरपीएफ के पोस्ट कमांडर निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव को पदभार ग्रहण किए एक महीने पूरे हुए। श्री यादव 27 मार्च 2025 को गया आरपीएफ पोस्ट का प्रभार ग्रहण किया था। इसके पहले श्री यादव धनबाद रेल मंडल के गढ़वा जंक्शन पर तैनात थे। विभागीय स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत श्री यादव का तबादला गया जंक्शन पर किया गया। जबकि गया जंक्शन पर कार्यरत आरपीएफ पोस्ट कमांडर निरीक्षक प्रभारी अजय प्रकाश का स्थानांतरण धनबाद मंडल के धनबाद जंक्शन पर किया गया था।
श्री यादव के पदभार ग्रहण किए हुए एक माह 27 अप्रैल को पूरा हो गया है। पदभार संभालने के बाद श्री यादव ने अपने अधीनस्थ सेवा दे रहे लोगों के साथ एक टीम बनाकर कार्य शुरू किया। जिसका परिणाम स्वरूप देखने को मिल रहा है कि आए दिन शराब कारोबारी(तस्कर) पकड़े जा रहे हैं। वहीं आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न प्रकार के अभियानों से यात्रियों को यात्रा के दौरान कई तरह के लाभ भी प्राप्त हो रहे हैं। मसलन यात्रा के दौरान ट्रेन में सामान छूट जाने पर शिकायतकर्ता को छुटे हुए सामानों को लौटना, घर से किसी कारणवश भाग जाने की सूचना के बाद उसे खोज कर परिवार वालों को सुपुर्द कर देना, बाल श्रम की आग में झोंकने वाले दलालों को गिरफ्तार करते हुए बच्चों को उसके चंगुल से मुक्त कराना आदि कार्य इनके नेतृत्व में किया जा रहा है। जिसकी चर्चा लोग करते सुने जाते हैं।
इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने अपने क्षेत्राधिकार में किसी प्रकार के रेल में अपराध पर नियंत्रण रखने के लिए अपना सरकारी और निजी मोबाइल नंबर को सार्वजनिक करते हुए इस कार्य में सहयोग करने की लोगों से अपील की है। वहीं अपने क्षेत्राधिकार में एरिया डोमिनेशन करते हुए अपराध में संलिप्त लोगों को एक प्रकार से चेतावनी भी देने का काम कर रहे हैं। इसी क्रम में श्री यादव अपने अधीनस्थ कर्मियों के साथ क्षेत्र में गए और लोगों से अपील की है कि रेल में अपराध पर नियंत्रण रखने के लिए आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। इसलिए उन्होंने मोबाइल नंबर जारी करते हुए कई जगहों पर पम्प्लेट भी चस्पाया और वितरित किया है।