Blog

  • गया जंक्शन पर शराब तो मानपुर जंक्शन पर पकड़ी गई लकड़ी, गया से जुड़े हुए हैं माफियाओं के तार

    गया जंक्शन पर शराब तो मानपुर जंक्शन पर पकड़ी गई लकड़ी, गया से जुड़े हुए हैं माफियाओं के तार

    देवब्रत मंडल

    रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ट्रेन से लाई गई शराब और लकड़ी को जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक बात सामने आ रही है कि लकड़ी गया-कोडरमा ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड के बंसकटवा स्टेशन पर लोड किया गया था जबकि बरामद शराब झारखंड सरकार द्वारा निर्मित है। ऐसे में यह स्वाभाविक रूप से कहा जा सकता है कि झारखंड क्षेत्र से लकड़ी और शराब माफियाओं के तार जुड़े हुए हैं।

    आरपीएफ इंस्पेक्टर का है कहना

    आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव ने बताया कि मानपुर जंक्शन पर खड़ी ट्रेन से कई बंडल लकड़ी उतारा गया था लेकिन पता नहीं चल पाया कि लकड़ियों को किसने यहां उतारा है। उन्होंने बताया कि ट्रेन में सफर करने वाले एक यात्री ने पूछताछ करने पर बताया कि लकड़ियों के गट्ठर बंसकटवा स्टेशन पर कुछ लोगों द्वारा लोड किया किया गया था।

    धनबाद जंक्शन से सफर करने वाले यात्री ने बताया किस स्टेशन पर लोड किया गया

    मानपुर जंक्शन पर ट्रेन से उतारे गए लकड़ियों के गट्ठर

    यात्री धनबाद से इसी ट्रेन में सफर कर रहे थे, जिस ट्रेन से लकड़ियों के गट्ठर मानपुर जंक्शन पर उतारा गया था। जिसे जब्त कर अज्ञात लोगों के विरुद्ध कांड दर्ज किया गया। श्री यादव ने बताया कि गया जंक्शन पर लावारिश हालात में रहे थैला से विदेशी शराब की बोतलें आरपीएफ एवं जीआरपी द्वारा की जा रही संयुक्त निगरानी के दौरान बरामद हुई है। इस संबंध में भी अज्ञात लोगों के विरुद्ध कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई के जीआरपी द्वारा की जा रही है।

    उठ रहे सवाल आखिर माफियाओं के तार किससे जुड़े हैं

    अब एक सवाल यहां ये उठता है कि आखिर तस्कर क्यों नहीं पकड़े गए। दूसरा सवाल यह उठता है कि कहीं न कहीं लकड़ी और शराब माफियाओं के तार गया व मानपुर जंक्शन के आसपास के इलाके से जुड़े हुए हैं। तभी तो तस्कर इन स्टेशनों पर माल को उतरवा कर ऊंची कीमतों पर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचा रहे हैं। जो गहन या सघन जांच का विषय है।

  • सरकारी शिक्षक दिनेश पासवान का कट्टा लहराते वीडियो वायरल, शादी समारोह में हिंसक झड़प और फायरिंग, 8 हिरासत में

    मगध लाइव डेस्क। गया जिले के टनकुप्पा थाना क्षेत्र स्थित परसावां गांव में शुक्रवार शाम को शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब दो गोतिया पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान सरकारी शिक्षक दिनेश पासवान का देसी कट्टा लहराते और फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि एक महिला ने लाठी से मारने की शिकायत की है।

    वीडियो

    पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

    तीन साल पुरानी रंजिश बनी विवाद की जड़
    स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस हिंसक झड़प की पृष्ठभूमि में तीन साल पुराना एक प्रेम विवाह है। परसावां गांव के तीन युवक पहले शहर में साथ रहकर पढ़ाई कर रहे थे। उसी दौरान उनमें से एक युवक ने गांव की ही एक लड़की से कोर्ट मैरिज कर ली थी। दोनों एक ही जाति और गोतिया से थे, लेकिन लड़की के परिजनों को यह विवाह मंजूर नहीं था। तभी से दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी हुई थी।

    शादी समारोह में फैली अफरा-तफरी
    शुक्रवार को गांव के रामप्यारे पासवान के दो बेटों की शादी थी। शादी की रस्मों के दौरान महिलाएं और कुछ पुरुष देवपूजन के लिए जा रहे थे, तभी दिनेश पासवान अपने परिजनों के साथ पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। वीडियो में दिनेश पासवान हाथ में देसी कट्टा लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।

    पुलिस पर पक्षपात का आरोप
    झड़प के बाद मौके पर पहुंची टनकुप्पा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान एक पक्ष ने पुलिस पर दुर्व्यवहार और पक्षपात का आरोप भी लगाया है। वजीरगंज डीएसपी सुनील कुमार पांडे ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुए हैं और केस दर्ज कर जांच की जा रही है। कुल 8 लोगों को फिलहाल हिरासत में लिया गया है।

    तनावपूर्ण माहौल, पुलिस बल अलर्ट पर
    घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त बल को अलर्ट कर दिया है। वायरल वीडियो को आधार बनाकर पुलिस तकनीकी जांच भी कर रही है।

  • पानी की बर्बादी के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा प्रतिकूल प्रभाव, नगर निगम बेपरवाह

    पानी की बर्बादी के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा प्रतिकूल प्रभाव, नगर निगम बेपरवाह

    देवब्रत मंडल

    छोटकी नवादा, सोई पर फटे पाइप लाइन

    गया नगर निगम जलापूर्ति को लेकर बड़े बड़े ढोल पीट कर लोगों को दावे के साथ भरोसा दिला रहा है कि गर्मी में पानी के लिए लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा। लाखों रुपए की योजना पारित की जाती है लेकिन जमीनी हकीकत है कि पानी की बर्बादी रोकने के लिए निगम के पास मानो कोई योजना नहीं है या फिर इसकी परवाह करने वाला कोई नहीं। गया नगर निगम के वार्ड नं 04 अंतर्गत छोटकी नवादा, सोई पर नमक स्थान पर जलापूर्ति पाइप पिछले कई दिनों से फटा हुआ है। जिसके कारण दो तरह की समस्याओं से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले अप्रैल महीने से ही जलापूर्ति का मेन पाइप फटा हुआ है। जिससे संबंधित जनप्रतिनिधि एवं निगम प्रशासन को अवगत कराया गया,परंतु इसके लिए कोई पहल नहीं की गई। नतीजा हजारों लीटर पानी यूं ही बर्बाद हो रहा है। साथ ही लोगों के घरों में गंदा/दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। जिसके पीने से गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने सोमवार को पुनः फटे हुए पाइप से हो रही पानी की बर्बादी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करते हुए संबंधित अधिकारियों व निगम के जनप्रतिनिधियों का ध्यानाकृष्ट कराते हुए इस समस्या के शीघ्र निदान की आस लगाए हुए हैं।

  • गया शहर के बारी रोड स्थित एक कबाड़ी दुकानदार को आरपीएफ की टीम ने एक आरोपी के निशानदेही पर किया गिरफ्तार, जानें क्यों

    गया शहर के बारी रोड स्थित एक कबाड़ी दुकानदार को आरपीएफ की टीम ने एक आरोपी के निशानदेही पर किया गिरफ्तार, जानें क्यों

    देवब्रत मंडल

    चोरित रेल संपत्ति के साथ पदाधिकारी व जवान

    गया स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त कार्रवाई में एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया, जिसके पास से रेलवे कोच में उपयोग होने वाले 4 नल बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि वह रेलवे कोच से नल चोरी कर कबाड़ की दुकान में बेचता है। उसकी निशानदेही पर कबाड़ की दुकान में छापेमारी की गई, जहां से 18 और नल बरामद हुए। दुकान संचालक को भी गिरफ्तार किया गया। इस मामले में सबसे पहले करीमगंज कब्रिस्तान के पास रहने वाले मो साहिल उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया गया था। जिसके पास से चार नल बरामद हुए। इसी के निशानदेही पर मो सईद को बारी रोड स्थित कबाड़ी दुकानदार को रेल संपति को खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरपीएफ के निरीक्षण पोस्ट प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि दुकान से 18 नल बरामद किए गए। दोनों पर राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पानी की बर्बादी का आरोप है। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट गया पर केस दर्ज किया गया और दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

  • जिला अवर निबंधन कार्यालय परिसर में रह रहे नाटे कद काठी वाले रामावतार नामक व्यक्ति की दुर्घटना में हुई मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

    देवब्रत मंडल

    गया शहर के किरानीघाट चौराहे के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गया जिला अवर निबंधन कार्यालय परिसर रजिस्ट्री के काम से आने वाले लोगों की मदद करने वाले नाटे कद काठी के रामवतार नामक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना शुक्रवार की अल सुबह की बताई जा रही है। मृतक गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के गोपी मोड़ के पास रायसिर गांव का रहने वाले थे। जो गया अवर निबंधन कार्यालय परिसर में ही दस्तावेज नवीस संघ के शेड में ही रह रहे थे। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि सुबह में रामवतार दुःखहरणी माता के मंदिर में रोज की तरह प्रणाम कर आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए निकले थे। यहां से प्रणाम कर वे कुछ दूर आगे बढ़े थे तो किरानी घाट चौराहे के पास किसी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे रामावतार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। इसी भीड़ को देख गया शहर के शाहमीर तकिया मोहल्ले के रहनेवाले एक सज्जन नजदीक पहुंचे तो देखा कि  व्यक्ति का जीवन अस्पताल ले जाने पर बच सकता है। उन्होंने रामवतार को गोद में उठाकर रिक्शा पर लेकर जयप्रकाश नारायण अस्पताल पहुंचे। जिन्होंने अस्पताल में रहे स्टाफ से इलाज शुरू करने का आग्रह किया लेकिन इलाज शुरू नहीं किया जा सका। अधिक रक्तस्राव के कारण अस्पताल परिसर में ही दम तोड़ दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही निबंधन कार्यालय के कुछ कर्मचारी अस्पताल पहुंचे तो देखा कि रामावतार की मौत हो चुकी है। यहाँ पर मौजूद रहे कर्मचारी सत्येंद्र प्रसाद आदि लोगों का कहना है कि यदि समय से इलाज शुरू कर दिया जाता तो शायद इसकी जान बचाई जा सकती थी।

  • मई दिवस के अवसर विभिन्न संगठनों ने निकाला जुलूस एवं की आमसभा, इसीआरकेयू ने किया रक्तदान

    मई दिवस के अवसर विभिन्न संगठनों ने निकाला जुलूस एवं की आमसभा, इसीआरकेयू ने किया रक्तदान

    देवब्रत मंडल

    1 मई दुनियाँ के मजदूरों का प्रेरणा दिवस है। मई 1886 को संयुक्त राज्य अमेरिका तथा कनाडा के मजदूरों ने अपने संगठन “फेडरेशन ऑफ आर्गनाइजड ट्रेडर्स एण्ड लेवर युनियन” के झण्डेतले आठ घण्टे काम के लिए शिकागो के हे मार्केट में अपना शान्तिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। साजिश के तहत एक बम पुलिस के उपर फेका गया। जिसके परिणाम स्वरूप पुलिस द्वारा ववर्रता पूर्वक मजदूरों पर गोली चलाई गयी और सैकड़ों मजदूरों की हत्या हुई और सैकड़ों गम्भीर रूप से घायल हुए। हे मार्केट के खुन का ही प्रतीक मजदूरों का लाल झंडा है वर्ष 1889 में अन्तराष्ट्रीय समाजवादी मजदूर संगठन ने तय किया कि हे मार्केट के मजदूरों के शहादत के याद में हम प्रत्येक वर्ष 1 मई को मजदूर दिवस मनायेगें। मजदूर आठ घंटा काम, आठ घंटा आराम और घंटा आमोद तथा उचित मजदूरी के लिए आन्दोलन करेंगे। इधर मजदूर दिवस के अवसर पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन गया शाखा द्वारा शिकागो में अमर शहीद हुए मजदूरों के याद में यूनियन कार्यालय गया में शाहिद बेदी पर पुष्पांजलि करते हुए अमर शहीदों को नमन किया गया। मई दिवस के अवसर पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन गया शाखा द्वारा अनुमंडल रेल अस्पताल गया में ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर सदस्यों द्वारा ब्लड डोनेट किया गया। ब्लड डोनेट करने वालों में प्रमुख रूप से मिथिलेश कुमार, मुकेश सिंह ,लक्ष्मण प्रसाद, नित्यानंद प्रसाद ,राजीव रंजन कुमार, नर्मदा शांडिल्य ,प्रमोद कुमार ,अजय कुमार, अरुण कुमार ओझा शामिल थे। इस अवसर पर संगठनों ने नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में जब पूंजीवादी व्यवस्था अपना वर्चस्व हर क्षेत्र में बना ली है। ये लोग आठ घंटा काम के सिद्धांत को नकारने लगे हैं। इनके व्यवस्था में प्रतिदिन नियमित मजदूरों की संख्या घट रही है ठीका मजदूरों की बहाली कर बहुत कम मजदूरी, वेतन दिया जा रहा है देश की स्थिति भी केन्द्र की मोदी सरकार श्रमिक कानून में संशोधन कर काम के घंटे को बढ़ाने की योजना रच रखी है मोदी ‘सरकार की यह कारवाई शिकागो की राज्यसत्ता जैसी दिख रही है फलस्वरूप हमें पुनः मजदूर मुक्ति के आन्दोलन तेज करना होगा। ऐसी स्थिति में मई दिवस की प्रसांगिकता और भी अधिक हो गई है। सभी मजदूर,कर्मचारी वर्ग से एकजुट होकर संघर्ष का आह्वान किया।


    संध्या में अम्बेडकर पार्क से जुलूस निकालकर चौक पर आमसभा में तब्दील हो गया। इस जुलूस में सभी ट्रेड यूनियनों के साथी शामिल हुए। उनमें सीटू के जिला संयोजक जयवर्द्धन कुमार, कपिलदेव प्रसाद सिन्हा, अरविन्द कुमार सिन्हा, शमीम अहमद, अजय कुमार वर्मा,बी एस एस आर यूनियन से अबीर अधिकारी , बिमलचंद्र मनीष,बिनोद सिंह, रितेश पाठक, सुजीत कुमार, सुमन सिन्हा,सुशांत राय, रमन कुमार, शशि कुमार,प्रिन्स कुमार, अनिल कुमार, कृष्णा, ब्रिकोडर भारती, आंगनवाड़ी सेविका सहायिका संघ से मंजू कुमारी आदि प्रमुख लोगों के नाम हैं। इसके अलावा कई कर्मचारी सहित अनेकों महिलाएं भी शामिल हुए।

  • लोको कॉलोनी में 14 साल रहे अरविंद कुमार झारखंड सरकार के अवर सचिव पद से हुए सेवानिवृत्त, नौकरी मिलने की अजीब रही है इनकी कहानी

    लोको कॉलोनी में 14 साल रहे अरविंद कुमार झारखंड सरकार के अवर सचिव पद से हुए सेवानिवृत्त, नौकरी मिलने की अजीब रही है इनकी कहानी

    देवब्रत मंडल

    ईश्वर कभी कभी ऐसा भी खेल खेलते हैं कि उनकी लीला को समझ पाना मुश्किल ही नहीं असंभव है। ईश्वर में आस्था रखने वाले व्यक्ति का भाग्य कैसे साथ देता है। ये वही जान सकते हैं जिनके साथ बीता है। बात झारखंड सरकार में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अवर सचिव के पद पर 30 अप्रैल को अपनी अंतिम सेवा देते हुए सेवानिवृत्त हुए अरविंद कुमार की है।

    इनकी नौकरी मिलने की कहानी भी अजीब है


    गया के लोको कॉलोनी स्थित क्वाटर नंबर 514/बी में श्री कुमार करीब 14 सालों तक रहे। सेवानिवृत्त होने से कुछ घन्टे पहले इनसे जब नौकरी में आने के बारे में जानना चाहा तो इनकी कहानी सुनकर लगा कि मेहनत करने वाले और ईश्वर के प्रति आस्था रखने वाले का भाग्य कैसे साथ देता है।
    बकौल अरविंद कुमार,
    एक वाक्या आज मैं आपको शेयर करना चाहता हूं। शायद आप इसे सुनना पसंद करेंगे।
    मैं अपनी शिक्षा पूरी कर एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रहा था। एक दिन मेरे गांव का एक लड़का मेरा आफिस में आया और एक लिफाफा दिया। बोला- ये आपके पिताजी दिए हैं। लिफाफे पर मेरा एड्रेस तथा भेजने वाले का एड्रेस ‘कार्मिक विभाग, बिहार सरकार’ लिखा था। मैंने सोंचा शायद फिर किसी की पैरवी है। मैं उसे दराज में रख दिया। करीब एक सप्ताह के बाद किसी कार्यवश उसी दराज को खोला तो मेरी नजर उसी लिफाफे पर गयी। मैं उसे खोला, तो उस लेटर में मुझे सर्टिफिकेट जांच के लिए बुलाया गया था। समय केवल तीन दिन बचे थे। मैं काफी असमंजस में पड़ गया। मैं तुरंत गया आये और फिर नवादा गया। एक मित्र ने कहा कि- आपका सहायक प्रशाखा पदाधिकारी में सेलेक्शन हो गया है। इसके बाद फिर और कुछ मित्रों से सम्पर्क किया। एक ने कहा- रुको मेरे पास पेपर(अखबार) है, जिसमें रिजल्ट निकला था। वह दौड़ कर घर जाता है और वह पेपर लाकर देखता है। उसमें मेरा भी नाम था।

    निराश और हताश हो चुके थे सेवानिवृत्त अवर सचिव


    अरविंद कुमार आगे कहते हैं कि पटना से सभी सर्टिफिकेट के साथ रेजिस्ट्रेशन नंबर भी लाना था। जो कार्मिक विभाग ने पोस्टकार्ड के माध्यम से दिया था। उसे काफी खोजा पर नहीं मिला। अरविंद कुमार कहते हैं- चूंकि एग्जाम तो बहुत देते थे। मैं निराश हो गया। निराश होकर अपने घर से थोड़ा दूर रोड किनारे दातुन से मुँह धो रहा था। अचानक हवा चलती है और सामने के कचरा में से कुछ कागज उड़ कर मेरे सामने आ जाता है। मेरी नजर कचरे में से एक पोस्टकार्ड पर पड़ती है। मैं उसे गौर से देखा तो वह वही था जिसकी मुझे तलाश थी। मैं उसे उठाया और करीब 4 बजे पटना पहुंच गया। फिर मेरे कागजातों की जांच हुई। फिर फाइनल नियुक्ति पत्र मिला। जो पटना हाईकोर्ट के पास तत्कालीन माननीय मुख्यमंत्री श्रीलालू प्रसाद जी के द्वारा सभी चयनित उम्मीदवारों को दिया गया।

    कहानी(आपबीती) का मकसद भी बताया इन्होंने


    श्री कुमार कहते हैं- इस कहानी को बताने का मकसद यह है कि कभी-कभी किस्मत घसीट कर भी नौकरी के दरवाजे पर पहुंचा देती है। श्री कुमार फिर कहते हैं- आपलोग (लोको कॉलोनी के लोग) याद करते हैं, इसके लिए मैं आपका बहुत आभारी हूँ। उन्होंने हमारे बारे में कहा- मैं आपकी मेहनत और यादाश्त का कायल हूँ। आशीर्वचन के रूप में कहा कि- आप काफी तरक्की करें, स्वस्थ रहें, सफलता की ऊंची बुलन्दियों को छुएं यही मेरी कामना है।

    किस किस विभागों में दी अपनी अहर्निश सेवाएं

    श्री कुमार लोको कॉलोनी, गया में लगभग 14 वर्ष रहे। उन्होंने बताया कि किस किस विभागों में अपनी सेवाएं दी। उन्होंने बताया उनकी पदस्थापन जल संसाधन विभाग, उद्योग विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग, वित्त विभाग तथा सेवानिवृत्त होने तक गृह, कारा एवम आपदा प्रबंधन विभाग के अवर सचिव के पद पर रहा। श्री कुमार मूल रूप से नवादा जिले के रहने वाले हैं।

  • अंडर 14 में केवि जवाहर नगर व अंदर 17 में केवि आरा विजेता रहे, संभागीय खो-खो प्रतियोगिता संपन्न

    देवब्रत मंडल

    पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, गया में संभाग स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता (अंडर–14 एवं अंडर–17 बालक) 2025 का समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह अत्यंत गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। अंडर-14 श्रेणी में केवी जवाहर नगर विजेता और केवी कहलगांव उपविजेता रहे, जबकि अंडर-17 श्रेणी में केवी आरा विजेता और केवी सोनपुर उपविजेता घोषित किए गए। विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस प्रतियोगिता में पटना क्षेत्र के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया और अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से सभी का मन जीता। मुख्य अतिथि डॉ. आनंद प्रकाश, प्राचार्य, पीएम श्री केवी मोकामाघाट, का विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत किया गया। विशिष्ट अतिथि एन. के. प्रसाद, तकनीकी विशेष और चंद्रशेखर राय, सचिव, गया खो-खो संघ का भी सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। मेजबान विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सौहार्द की भावना को विकसित करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि “खेलों का उद्देश्य केवल विजय नहीं, बल्कि टीम भावना, संयम और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का विकास करना है।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि “जीत या हार से अधिक महत्वपूर्ण है आपकी प्रतिबद्धता और प्रयास।” उन्होंने आयोजन समिति, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के समर्पण की भी भूरि-भूरी प्रशंसा की।
    धन्यवाद ज्ञापन श्री कृष्ण किशोर मेटारिया ने करते हुए सभी प्रतिभागियों, आयोजकों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

  • मुख्यमंत्री ने बोधगया में महाबोधि अतिथिगृह तथा गया के बिपार्ड में मेजर ध्यानचंद खेल परिसर का किया उद्घाटन, ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ की तैयारियों का लिया जायजा

    देवब्रत मंडल

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बोधगया में नवनिर्मित महाबोधि अतिथिगृह का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उ‌द्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने अतिथि गृह का निरीक्षण किया इस दौरान उन्होंने दूसरे और सातवें तल पर जाकर अतिथिगृह के कमरों एवं अन्य भागों का जायजा लिया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। 08 एकड़ में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के बने अतिथि गृह में पर्यटकों के ठहरने के लिए 120 कमरे बनाये गये हैं। देश-विदेश से आनेवाले पर्यटकों की आवश्यकताओं और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस अतिथिगृह का निर्माण कराया गया है। इस अतिथि भवन में पर्यटकों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बोधगया में प्रतिवर्ष लाखों पर्यटक और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए लिए देश-विदेश से आते हैं, जिन्हें अब ठहरने में काफी सहूलियत होगी।

    अतिथि गृह का निर्माण हो जाने से पर्यटकों को यहां ठहरने में होगी सहूलियत

    महाबोधि अतिथिगृह में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बोधगया का अतिथिगृह काफी अच्छा बना है। हमलोग चाहते थे कि यहां अतिथि गृह का निर्माण कराया जाए। बहुत पहले हमने इसको लेकर योजना बनाई थी। यहां देश और विदेशों से भारी तादाद में पर्यटक आते हैं। जिनके ठहरने की व्यवस्था नहीं होने के कारण वे लोग महाबोधि मंदिर में दर्शन पूजन के बाद वापस लौट जाते थे। महाबोधि अतिथि गृह का निर्माण हो जाने से पर्यटकों को यहां ठहरने में काफी सहूलियत होगी। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने महाबोधि मंदिर में भगवान बुद्ध की पूजा अर्चना की। साथ ही उन्होंने बोधि वृक्ष की भी पूजा की और राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री को बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा प्रतीक चिह्न एवं अंग वस्त्र भेंट किया गया।

    मेजर ध्यानचंद खेल परिसर का शिलापट्ट का किया अनावरण

    इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में अवस्थित मेजर ध्यानचंद खेल परिसर का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् उन्होंने इसके विभिन्न भागों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने बिपार्ड स्थित ओपन एयर थियेटर तथा स्वीमिंग पूल का भी शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान स्वीमिंग पूल में खिलाड़ी ने तैराकी कर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ के तहत होनेवाले मुकाबलों की तैयारियों का जायजा लिया और खेल ट्रैक तथा खेल मैदान में खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जानेवाली सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025’ के शुभंकर का अनावरण किया। महाराष्ट्र के एक खिलाड़ी ने मुख्यमंत्री के समक्ष मलखम्ब खेल का प्रदर्शन किया। साथ ही 11 वर्ष के एक बच्चे और बच्ची ने योग करतब का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और उनका उत्साहवर्द्धन किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान कहा कि आप लोग मन लगाकर अभ्यास करें और प्रतियोगिता के दौरानखेल भावना के साथ अपने खेलों में बेहतर प्रदर्शन करें। ज्ञातव्य है कि बिहार में पहली बार ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ का आयोजन किया जा रहा है। 4 मई से 15 मई तक ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ का पटना, गया, राजगीर, भागलपुर और बेगूसराय में आयोजन होगा।

    इनकी भी रही गरिमामयी उपस्थिति

    इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री डॉ० प्रेम कुमार, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सह गया जिला के प्रभारी मंत्री डॉ० सुनील कुमार, विधायक अनिल कुमार, विधायक ज्योति देवी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, विधान पार्षद कुमुद वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ० सफीना ए० एन०, मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह, गया के जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

  • गया के प्रभावती अस्पताल के अधीक्षक पर महिला स्टाफ ने लगाया गंभीर आरोप, पीड़िता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

    गया के प्रभावती अस्पताल के अधीक्षक पर महिला स्टाफ ने लगाया गंभीर आरोप, पीड़िता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

    देवब्रत मंडल

    गया के प्रभावती अस्पताल में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सतेन्द्र चौधरी पर एक महिला स्टाफ ने अश्लील और गंदी बात करने, धमकी देने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद डॉ. सतेन्द्र चौधरी भूमिगत हो गए हैं और न तो अपने आवास पर हैं और न ही अस्पताल जा रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि डॉ. चौधरी उन्हें मानसिक उत्पीड़न कर रहे थे और उन्हें अपने चेंबर में बुलाकर अश्लील बातें करते थे। महिला स्टाफ द्वारा अधीक्षक पर लगाए गए आरोप को लेकर श्री चौधरी के सरकारी सिम नंबर पर कॉल कर उनका पक्ष लेने के लिए हमारे संवाददाता ने कोशिश की परंतु उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किए। इधर इस मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को इस मामले में उचित कार्रवाई करने की आवश्यकता है ताकि अस्पताल में काम करने वाले कर्मचारियों का माहौल सुरक्षित और सम्मानजनक हो सके।