Blog

  • सावधान! कल गया से धनबाद के बीच 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रायल ट्रेन, रेलवे ट्रैक से दूर रहें

    सावधान! कल गया से धनबाद के बीच 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रायल ट्रेन, रेलवे ट्रैक से दूर रहें

    गया – पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल में शुक्रवार, 04 अप्रैल 2025 को हाई-स्पीड ट्रायल किया जाएगा। इस दौरान एलएचबी रेक युक्त एक विशेष ट्रायल ट्रेन गया से धनबाद के बीच 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। रेलवे प्रशासन ने आमजन को सतर्क रहने और रेलवे ट्रैक से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है।

    स्पीड ट्रायल का शेड्यूल और उद्देश्य

    डीडीयू-गया-प्रधानखांटा (धनबाद) रेलखंड में ट्रेन संचालन की गति को 160 किमी प्रति घंटा तक बढ़ाने के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार किए गए हैं। इस ट्रायल के तहत ट्रेन सुबह 11:00 बजे डीडीयू से रवाना होकर दोपहर 3:00 बजे धनबाद पहुंचेगी और फिर वापस डीडीयू लौटेगी। इस दौरान रेलवे पटरियों, सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जाएगी।

    जनता के लिए रेलवे की चेतावनी – सतर्क रहें, नियमों का पालन करें

    रेलवे प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है और सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य किया है—

    • रेलवे ट्रैक से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और मवेशियों को भी दूर रखें।
    • समपार फाटकों पर सभी संकेतों और निर्देशों का पालन करें।
    • बंद समपार फाटक से रेलवे ट्रैक पार न करें।
    • स्टेशनों पर यात्री केवल फुट ओवर ब्रिज (FOB) का उपयोग करें।
    • रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश न करें।

    रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति लापरवाही करता है और किसी दुर्घटना का शिकार होता है, तो उसकी जिम्मेदारी स्वयं व्यक्ति की होगी, न कि रेलवे की।

    असावधानी पड़ सकती है भारी, सतर्क रहें!

    हाई-स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रैक पर कोई भी चूक गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। रेलवे प्रशासन ने स्थानीय अधिकारियों से भी सहयोग की अपील की है ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जनहित में रेलवे द्वारा जारी इस चेतावनी का पालन करें और कल के दिन विशेष सतर्कता बरतें।

  • गया जंक्शन पर लगे एटीएम मशीन में लगी आग, मच गई अफरातफरी, रेल का संसाधन फेल, फायर ब्रिगेड ने पांच मिनट में पाया काबू

    गया जंक्शन पर लगे एटीएम मशीन में लगी आग, मच गई अफरातफरी, रेल का संसाधन फेल, फायर ब्रिगेड ने पांच मिनट में पाया काबू

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन स्थित टिकट बुकिंग कार्यालय के बाहरी हिस्से में लगी हिताची कंपनी की एटीएम मशीन में बुधवार देर रात अचानक आग लग गई, जिससे वहां मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। आग बुझाने के लिए रेलवे के संसाधन नाकाफी साबित हुए, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई। मात्र पांच मिनट के भीतर पहुंची फायर ब्रिगेड ने तुरंत कार्रवाई कर आग पर काबू पा लिया, जिससे एटीएम में रखे नोट जलने से बच गए।

    यात्री की सतर्कता से टला बड़ा नुकसान

    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 12 बजे के बाद, एक यात्री जब एटीएम से पैसे निकालने पहुंचा, तो उसने मशीन से धुआं उठते देखा। स्थिति को भांपते हुए उसने रेलवे थाना जाकर तत्काल सूचना दी। रेलवे थाना में ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक बीरेंद्र प्रसाद ने टिकट बुकिंग कार्यालय को आग की सूचना दी। तुरंत ही वरिष्ठ रेलकर्मी रामजी सिंह अपने सहयोगी के साथ अग्निशमन यंत्र लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन रेलवे के चार अग्निशमन सिलेंडर भी आग पर काबू नहीं पा सके। इस बीच, रेलवे पुलिस के अधिकारी बीरेंद्र प्रसाद ने फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी। फायर ब्रिगेड की टीम तीन से चार मिनट के अंदर मौके पर पहुंची और अपनी मुस्तैदी से आग को फैलने से रोक दिया।

    फायर ब्रिगेड की तत्परता ने बचाए नोट

    फायर बिग्रेड के पदाधिकारी के अनुसार “सूचना मिलते ही हमारी टीम तीन से चार मिनट में पहुंच गई और तुरंत ही आग पर काबू पा लिया गया। एटीएम में रखे सभी नोट सुरक्षित हैं। हालांकि, मौके पर एटीएम कंपनी का कोई कर्मचारी या गार्ड नहीं मिला।” खबर लिखे जाने तक आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।

  • रामनवमी शोभायात्रा के लिए प्रशासन ने जारी किए सख्त सुरक्षा निर्देश, बिना लाइसेंस जुलूस निकालने पर होगी कार्रवाई

    रामनवमी शोभायात्रा के लिए प्रशासन ने जारी किए सख्त सुरक्षा निर्देश, बिना लाइसेंस जुलूस निकालने पर होगी कार्रवाई

    गया: रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन के लिए गया जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शेरघाटी प्रखंड सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।

    शोभायात्रा के लिए कड़े दिशा-निर्देश

    जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि इस वर्ष रामनवमी पर्व 6 अप्रैल को मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से शोभायात्रा सह जुलूस निकलेगा, जिसे पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। शोभायात्रा मार्ग पर जर्जर बिजली के तारों को जल्द से जल्द बदलने के लिए विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया है।

    अनुमंडल पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को शांति समिति के सदस्यों को सक्रिय रखने और शोभायात्रा को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में प्रशासन का सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विवादास्पद गानों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा, और लाउडस्पीकर से बजाए जाने वाले गानों की प्रशासनिक मंजूरी अनिवार्य होगी।

    अनुज्ञप्ति और निर्धारित मार्ग का पालन अनिवार्य

    प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस के किसी भी प्रकार की शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं होगी। आयोजकों को जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग का ही पालन करना होगा। इसके अलावा, सभी शोभायात्राओं को अनिवार्य रूप से रात 11:00 बजे तक समाप्त कर देने के निर्देश दिए गए हैं।

    संवेदनशील क्षेत्रों की कड़ी निगरानी

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे स्थानों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी और ड्रोन से निगरानी अनिवार्य होगी।

    कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

    शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स की विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी, और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

    प्रशासन के अन्य महत्वपूर्ण निर्देश

    • शोभायात्रा मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
    • सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल आपूर्ति के लिए पानी के टैंकर लगाए जाएंगे।
    • पुलिस बल शोभायात्रा के आगे और पीछे अनिवार्य रूप से तैनात रहेगा।
    • संवेदनशील इलाकों में लगातार फ्लैग मार्च किया जाएगा।
    • डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
    • सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर का उपयोग करेंगे।

    24×7 नियंत्रण कक्ष सक्रिय

    किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं। हेल्पलाइन नंबर 0631-2222253/59 पर शिकायत या जानकारी दी जा सकती है। इस महत्वपूर्ण बैठक में एडीएम विधि व्यवस्था, विशेष कार्य पदाधिकारी, सिविल सर्जन, एसएसपी शेरघाटी, सीडीपीओ शेरघाटी, डीपीआरओ, बीडीओ, सीओ सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

    प्रशासन ने गया जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रामनवमी पर्व मनाएं और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

  • कम संसाधन में लक्ष्य पाना टिकारी शाखा की बड़ी उपलब्धि सफल अभिकर्ता हुए सम्मानित

    कम संसाधन में लक्ष्य पाना टिकारी शाखा की बड़ी उपलब्धि सफल अभिकर्ता हुए सम्मानित

    टिकारी संवाददाता: भारतीय जीवन बीमा शाखा कार्यालय टिकारी में बुधवार को अभिकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ मंडल प्रबंधक एवं विपणन प्रबंधक की उपस्थिति में आयोजित समारोह में वरिष्ठ मंडल प्रबंधक राजेश आनंद ने टिकारी शाखा से जुड़े सभी अभिकर्ताओं व कर्मियों को शाखा का लक्ष्य पूरा करने पर प्रसन्नता जताते हुए सबों को बधाई दी। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभिकर्ताओं को विशेष रूप से उन्होंने सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में एलआईसी अभिकर्ताओं के लिए सही संस्थान है। जहां आने वाले समय में निगम का सारा कार्य डिजिटल होगा। जिससे अभिकर्ता सहित बीमा धारकों को सुलभ सुविधा मिलेगी और आने वाले समय में निगम का कार्य और बेहतर होगा। वही विपणन प्रबंधक अभय कुमार सुमन ने कहा कि वित्तिय वर्ष 2024-25 में टिकारी एसओ का व्यवसाय उत्कृष्ट व सराहनीय रहा है और इसे निरन्तर जारी रखने की आवश्यकता है। टिकारी शाखा व्यवसाय में पटना डिविजन 1 में दूसरा एवं जोन में सातवां स्थान प्राप्त करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि लगन हो तो संसाधन कोई मायने नहीं रखता। जिसका जीवंत उदाहरण टिकारी शाखा है। कम संसाधन में अपना लक्ष्य को पूरा किया है। इस मौके पर अभिकर्ता राकेश कुमार, शैलेन्द्र कुमार वत्स, रमेश कुमार, रजनी कुमारी, देवेन्द्र कुमार, शंभू शाही सहित विकास अधिकारी एवं सीएलआई उपस्थित थे। सम्मान समारोह की अध्यक्षता शाखा प्रबंधक विनय कुमार ठाकुर ने किया।

  • टिकारी के प्रसिद्ध पंचदेवता घाट पर राजकीय छठ महोत्सव की उठी मांग

    टिकारी के प्रसिद्ध पंचदेवता घाट पर राजकीय छठ महोत्सव की उठी मांग

    टिकारी संवाददाता: लोक आस्था और विश्वास का महापर्व छठ पूजा का महत्व सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अतुलनीय है। यह पर्व समाज में सामूहिकता और एकता का प्रतीक है। टिकारी राज के जमाने से पंचदेवता घाट छठ पर्व के लिए कई मायनों के अतिमहत्वपूर्ण माना जाता है। टिकारी राज के जमाने का बना मंदिर और विशाल तालाब इस बात का गवाह है कि छठ पर्व और पंचदेवता का संबंध सदियों पुराना है। छठ पर्व का विशाल मेला हर वर्ष लगता है। लेकिन यह आज तक जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के उपेक्षा का शिकार होता आ रहा है। अब जबकि कोंच में कोचेश्वर मंदिर और टिकारी के केसपा में मां तारा देवी के नाम पर राजकीय महोत्सव शुरू हो गया है, तो पंचदेवता छठ घाट के प्राचीनता, ऐतिहासिकता व लोकपर्व की महानता के मद्देनजर यंहा भी छठ पर्व को राजकीय महोत्सव का रूप देने की मांग उठने लगी है। पंच देवता छठ घाट के राजकीय समारोह की मांग को लेकर कई लोगों ने अपनी बात रखी है। यह मांग इसलिए उठी है ताकि छठ महापर्व के दौरान लोगों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से पूजा-अर्चना करने का अवसर मिल सके।

    इस मांग के पीछे का मुख्य उद्देश्य यह भी है कि छठ घाट पर लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सकें, जैसे कि साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, और अन्य आवश्यक सुविधाएं। इसके अलावा, राजकीय समारोह के तहत छठ घाट की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा सकेगा। साथ छठव्रतियों की सुविधा के लिए धर्मशाला, पार्किंग, लाइट आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित हो सके। पंचदेवता घाट पर राजकीय छठ महोत्सव मनाने की मांग करने वालों में नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद सागर कुमार, मंदिर के पुजारी कामता बिंद, सेवा भारती के अध्यक्ष नरेश प्रसाद, पूर्व सरपंच रामाशीष प्रजापति, प्रमोद यादव, महेश प्रसाद, किशोरी यादव, पूर्व जिला पार्षद सह कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि सत्येन्द्र नारायण, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वाल्मीकि प्रसाद, बृजमोहन शर्मा सहित दर्जनों लोग शामिल हैं।

  • टिकारी में छठ महापर्व की रौनक, सभी प्रमुख घाटों पर चाक-चौबंद व्यवस्था

    टिकारी में छठ महापर्व की रौनक, सभी प्रमुख घाटों पर चाक-चौबंद व्यवस्था

    टिकारी संवाददाता: लोक आस्था एवं विश्वास का चार दिवसीय महान लोक पर्व छठ को लेकर टिकारी के प्रसिद्ध पंचदेवता घाट सजधज कर तैयार है। नगर परिषद प्रशासन द्वारा सफाई, रोशनी, सुरक्षा, खोया पाया सूचना केंद्र, पेयजल आदि की व्यवस्था की गई हैं। पंचदेवता मंदिर प्रबंध समिति, सेवा भारती व स्थानीय छठ पुजा समिति द्वारा भी मेला के सफल और सुंदर आयोजन हेतु भरपूर तैयारी की गई है। घाट की व्यवस्था देख रहे सफाई निरीक्षक श्रीनारायण ने बताया कि पंचदेवता घाट पर मोरहर नदी में अर्ध्य अर्पण हेतु पानी के लिए 10 अहोर और कपड़ा बदलने के लिए 20 चेंजिंग पंडाल का निर्माण किया गया है। इसके अलावे पानी के तीन टैंकर की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार मोरहर नदी में चकमठ घाट पर 1, डुमरशन घाट पर 2 और जोलह बिगहा में एक घाट का निर्माण किया गया है।
    इन जगहों पर श्रद्धालु करेंगे अर्ध्य अर्पण
    1 सिमुआरा सूर्य मंदिर 2 मउ सूर्य मंदिर
    3 पाण्डे विगहा सूर्य मंदिर 4 खनेटु सूर्य मंदिर
    5 रेवई सूर्य मंदिर 6 लाव सूर्य मंदिर
    7 अकबरपुर सूर्य मंदिर आदि।

    इसके अलावे मोरहर नदी में पंचानपुर घाट, नेपा घाट, पडरिया घाट, लक्खीबाग घाट, कुसाप घाट, रूपसपुर घाट, गहरपुर घाट, फेनागी घाट रकसिया घाट, पंचमहला घाट, सिंघापुर घाट, निमसर घाट, बाजितपुर घाट, गुलजाना घाट, पुरा घाट, अर्क ढिबरिया घाट, अलालपुर घाट, पनशाला घाट आदि।
    उक्त छठ घाटों पर कार्य करने वाली प्रमुख स्वयं सेवी संगठन, संस्थाएं सामाजिक कार्यकर्ता प्रशासन के दिशा निर्देश के आलोक में छठ मेला को बेहतर बनाने में प्रमुख कार्य के साथ सामाजिक गतिविधियों को कार्यरूप दिया गया हैं। यथा साफ सफाई, रोशनी, शुद्ध पेयजल, सुरक्षा, ट्रैफिक कंट्रोल, मेडिकल कैम्प आदि।

  • पुलिस अधिकारी द्वारा जबरन हाजत में बंद करने से पीएचडी की प्रवेश परीक्षा देने से हुआ वंचित, डीएसपी से लगाया न्याय की गुहार

    पुलिस अधिकारी द्वारा जबरन हाजत में बंद करने से पीएचडी की प्रवेश परीक्षा देने से हुआ वंचित, डीएसपी से लगाया न्याय की गुहार

    टिकारी संवाददाता: पंचानपुर थाना में पदस्थापित वर्क पुलिस अधिकारी पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए डीएसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही अपने शिकायत का आवेदन वरीय पुलिस अधिकारियों को भी भेजा है। पीड़ित पंचानपुर के लभरा ग्राम निवासी उपेंद्र प्रसाद ने अपने शिकायत में कहा है कि पंचानपुर थाना में पदस्थापित पुलिस अधिकारी अक्षय लाल पिछले 22 मार्च को उन्हें काल कर थाना में बुलाया और गाली गलौज करते हुए बिना किसी मुकदमें के हाजत में बन्द कर दिया। मामले की सूचना पर जब पुत्र निरंजन कुमार जानकारी लेने थाना पहुंचा तो उसे भी हाजत में बन्द कर दिया गया। इस कारण 23 मार्च को पुत्र निरंजन का आयोजित पीएचईडी में प्रवेश की परीक्षा में शामिल होने से वंचित रह गया। पुत्र परीक्षा का एडमिट कार्ड दिखाते हुए परीक्षा में जाने देने की गुहार लगाता रहा। लेकिन उन्होंने एक न सुनी।

    पुलिस अधिकारी अक्षय लाल द्वारा एक स्टाम्प पेपर पर दवाब देकर हस्ताक्षर करवाने के बाद थाना से जाने की इजाजत दी। उपेंद्र ने उक्त आशय के अपने शिकायत पत्र को एसएसपी के साथ डीजीपी, आईजी, डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर एवं पंचानपुर एसएचओ को निबंधित डाक से भेजते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस अधिकारी अक्षय लाल ने बताया कि उपेंद्र के ही पुत्र रंजन कुमार ने दुकान से बाहर करने व मारपीट करने का शिकायत थाना में की थी। जिसके आलोक में उपेंद्र को बुलाकर दोनो पक्ष के बीच आपसी समझौता कराया गया था। उसके द्वारा लगाया गया आरोप को बेबुनियाद है।

  • झारखंड की नाबालिग लड़की घर से भागी, गया जंक्शन पर आरपीएफ ने किया रेस्क्यू, परिजन आ रहे लड़की को लेने

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन पर बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी सतर्कता दिखाते हुए एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू किया। झारखंड की रहने वाली यह लड़की घरवालों से नाराज होकर ट्रेन से भाग गई थी। समय रहते आरपीएफ को सूचना मिली और त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बचा लिया गया।

    कैसे हुई पूरी कार्रवाई?

    गया आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि बुधवार को डीडीयू सिक्योरिटी कंट्रोल से सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 18624 हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के गार्ड ब्रेक के पास एक लड़की सामान्य कोच में यात्रा कर रही है, जो घर से नाराज होकर भागी हुई है। कंट्रोल से लड़की का फोटो भी प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर आरपीएफ टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।

    गया रेलवे स्टेशन पर जब यह ट्रेन प्लेटफार्म संख्या 06 पर पहुंची, तो उनि अजय तिग्गा, सउनि संजय कुमार सिंह और महिला आरक्षी नंदनी कुमारी की टीम ने तलाश शुरू की। गार्ड ब्रेक से सटे सामान्य कोच में लड़की की पहचान फोटो से मिलान करके की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह घरवालों से नाराज होकर भागी थी।लड़की से पूछताछ के दौरान उसने अपने पिता का मोबाइल नंबर दिया, जिसके बाद आरपीएफ ने तुरंत उनके परिजनों को सूचित किया। परिजन जल्द ही गया जंक्शन पहुंच रहे हैं।

    चाइल्ड हेल्प डेस्क को सौंपी गई जिम्मेदारी

    आरपीएफ निरीक्षक ने बताया कि लड़की किसी अनहोनी या मानव तस्करी का शिकार न हो, इसके मद्देनजर चाइल्ड हेल्प डेस्क, गया को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद चाइल्ड हेल्प डेस्क की सुपरवाइजर पुनीता कुमारी आरपीएफ पोस्ट पहुंचीं। सभी औपचारिकताओं के बाद लड़की को आगे की देखरेख और उचित कानूनी कार्रवाई के लिए चाइल्ड हेल्प डेस्क को सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया, बल्कि किसी भी संभावित अनहोनी से उसे बचाया जा सका। इस पूरे मामले में आरपीएफ और चाइल्ड हेल्प डेस्क की टीम ने सराहनीय कार्य किया।

  • रेलवे सेवा में उत्कृष्ट योगदान: अभियंता मिथलेश कुमार को ‘रेल सेवा पुरस्कार 2024’ से सम्मानित

    पहाड़पुर में पदस्थापित अनुभाग अभियंता (कर्षण-विवरण) मिथलेश कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए ‘रेल सेवा पुरस्कार 2024’ से सम्मानित किया गया। पूर्व मध्य रेलवे के मंडल प्रबंधक कमल किशोर सिन्हा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर उनकी मेहनत और समर्पण को सराहा।

    मिथलेश कुमार ने ग्रैंड कोर्ड सेक्शन में ओएचई (OHE) के अनुरक्षण कार्य एवं आरवीएनसी परियोजनाओं को तय समय से पहले पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से पहाड़पुर सेक्शन में ओएचई विफलताओं में कमी आई, जिससे रेलवे परिचालन सुचारू हुआ।

    रेलवे सेवा के अलावा, मिथलेश कुमार सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उनकी कार्यशैली और सहयोगी स्वभाव के कारण उनके अधीनस्थ कर्मचारी भी उनकी प्रशंसा करते हैं। इस सम्मान के साथ उन्होंने रेलवे क्षेत्र में न केवल अपनी दक्षता का प्रमाण दिया, बल्कि अपने समर्पण से एक मिसाल भी कायम की है।

  • गया के मतासो में MSP पर गेहूं बिक्री का रिकॉर्ड, 50 से ज्यादा किसानों ने FCI को सौंपा अनाज

    गया के मतासो में MSP पर गेहूं बिक्री का रिकॉर्ड, 50 से ज्यादा किसानों ने FCI को सौंपा अनाज

    फतेहपुर। किसानों को उनके अनाज का उचित मूल्य दिलाने और बिचौलियों से बचाने के लिए भारतीय खाद्य निगम (FCI) ने प्रखंड के मतासो में गेहूं क्रय केंद्र का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में निगम के केंद्र अधिकारी टुनटुन कुमार और मुखिया प्रतिनिधि दिलीप चौधरी ने किसानों को सम्मानित किया और उन्हें सरकारी योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

    पहले दिन 50 किसानों ने बेचा गेहूं

    केंद्र खुलते ही किसानों में उत्साह देखा गया, और पहले ही दिन 50 किसानों ने अपने गेहूं की बिक्री की। अधिकारी टुनटुन कुमार ने बताया कि सरकार की नई नीति के तहत निगम किसानों के घर-घर जाकर गेहूं खरीद रहा है। इसके अलावा, बोरा, ढुलाई और पैकेजिंग का पूरा खर्च भी निगम वहन करेगा।

    एमएसपी पर मिलेगा 2425 रुपये प्रति क्विंटल

    फतेहपुर समेत अन्य स्थानों पर भी क्रय केंद्रों की शुरुआत की गई है, जहां पंजीकृत किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के तहत प्रति क्विंटल 2425 रुपये का भुगतान किया जाएगा। क्रय अधिकारी धीरज कुमार ने बताया कि किसानों को अधिकतम 48 घंटे में भुगतान कर दिया जाता है, लेकिन इस केंद्र पर किसानों को महज एक घंटे में ही राशि का भुगतान कर दिया गया।

    बिचौलियों से बचें, सीधे सरकार को बेचें गेहूं

    अधिकारी टुनटुन कुमार ने प्रखंड के सभी किसानों से अपील की कि वे किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आएं और सीधे सरकार को अपने उत्पाद बेचकर अधिक लाभ उठाएं।

    इस केंद्र की शुरुआत से किसानों को अब उनके गेहूं की सही कीमत समय पर मिल रही है, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है।