Blog

  • रामनवमी को लेकर फतेहपुर में प्रशासन सतर्क, एसडीओ और डीएसपी ने की शांति समिति बैठक व फ्लैग मार्च

    रामनवमी को लेकर फतेहपुर में प्रशासन सतर्क, एसडीओ और डीएसपी ने की शांति समिति बैठक व फ्लैग मार्च

    फतेहपुर प्रखंड में रामनवमी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में प्रखंड के झुरांग, रघवाचक सहित अन्य क्षेत्रों में एसडीओ किसलय श्रीवास्तव और वजीरगंज कैंप डीएसपी सुनील कुमार पांडेय के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जुलूस समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों से विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा उनकी राय ली गई।

    बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से बताया कि रामनवमी जुलूस के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और अफवाह फैलाने वालों की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    प्रशासन ने जुलूस समिति के सदस्यों से अपील की कि वे केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग पर ही जुलूस निकालें। बैठक के बाद एसडीओ और डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।

  • लोग हो जाएं सावधान: 04 अप्रैल को डीडीयू-गया-मानपुर रेल खंड पर 160 किमी प्रति घंटे की गति से चलेगी ट्रायल ट्रेन

    स्टेशनों पर यात्रियों से फुट ओवर ब्रिज के इस्तेमाल करने की अपील

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत डीडीयू -गया-प्रधानखांटा (धनबाद) रेलखंड में रेल परिचालन की 160 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति क्षमता तक वृद्धि हेतु अवसंरचना उन्नयन कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 04.04.2025, शुक्रवार को डीडीयू मंडल के अंतर्गत डीडीयू-गया-मानपुर रेलखंड में ट्रेन का 160 किमी प्रतिघंटा की अधिकतम गति के साथ परिचालन हेतु स्पीड ट्रायल किया जाना है। इस ट्रायल ट्रेन का परिचालन का समय निर्धारित नहीं किया गया है कि किस वक्त 160 किमी की स्पीड से चलेगी ट्रायल ट्रेन। रेल प्रशासन ने लोगों से अपील किया है कि इस दौरान रेलवे लाइन से आवश्यक दूरी बनाकर रखें ताकि किसी तरह की अनहोनी नहीं हो जाए।

    Video courtesy: Sreejeet biswas

    डीडीयू मंडल द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि डीडीयू मंडल के अंतर्गत डीडीयू-गया-मानपुर रेलखंड में 160 किमी प्रति घंटा पर दोनों ओर से प्रस्तावित स्पीड ट्रायल को देखते हुए 04.04.2025 शुक्रवार को दिन भर रेलवे ट्रैक से पर्याप्त सुरक्षात्मक दूरी बनाए रखें। सभी जनसामान्य रेल लाइन के निकट न आएं तथा मवेशियों को भी रेल लाइन से दूर रखें। सभी समपार फाटक पर सभी संकेतों एवं निर्देशों का पालन करें। अनाधिकृत स्थान से या बंद समपार फाटक से रेलवे लाइन पार न करें। स्टेशनों पर सभी लोग एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए उपलब्ध फुट ओवर ब्रिज का प्रयोग करें। सभी संरक्षा नियमों का पालन करें। यदि किसी भी प्रकार की दुर्घटना होती है तो इसके लिए रेल प्रशासन जिम्मेवार नहीं होगा।

  • राजकीय महोत्सव से केसपा की महिमा में लगा चार चांद : केंद्रीय मंत्री

    राजकीय महोत्सव से केसपा की महिमा में लगा चार चांद : केंद्रीय मंत्री

    टिकारी संवाददाता: गया जिला के टिकारी प्रखंड अंतर्गत मां तारा नगरी केसपा में पहली बार राजकीय महोत्सव का आयोजन किया गया। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा आयोजित महोत्सव का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बिहार सरकार के मंत्री डा. प्रेम कुमार, क्षेत्रीय विधायक डा. अनिल कुमार, बजीरगंज के भाजपा विधायक बिरेन्द्र सिंह, एडीएम परितोष कुमार, एसडीएम सुजीत कुमार, एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल एवं मुखिया इंद्रमणि देवी आदि मंचासीन अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन के साथ हुआ। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ व मां तारा की स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया।  महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री मांझी ने अपने मगही अंदाज में संबोधित करते हुए महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए टिकारी से लारी कुर्था तक डबल लेन की सड़क बनाने का आश्वाशन दिया। गांव की पुरातात्विक पहचान की जानकारी व खोज के लिए केंद्र सरकार एवं पुरातत्व विभाग से बात करने की बात कही। मांझी ने सनातन धर्म की बात करते हुए कहा कि यह एक ऐसा धर्म है जो विश्व बंधुत्व का ज्ञान देता है। सभी से अपील करते हुए कहा कि पूर्व की धरोहर को याद रखेंगे तो सन्मार्ग पर चलेंगे। मां तारा की विस्तृत प्रभाव होने के कारण विधयाक के प्रयास से क्षेत्र को राजकीय महोत्सव का तोहफा मिला है। मंत्री डा. प्रेम कुमार ने कहा कि मां तारा के दर्शन से ऊर्जा मिलती है। एनडीए की सरकार में राज्य का विकास होने की बात कही। उन्होंने अप्रैल माह में मंगलागौरी महोत्सव के आयोजन की जानकारी दी। वंही क्षेत्रीय विधायक डा. अनिल कुमार ने कहा कि पांच बार मां तारा की शरण में आकर चुनाव लड़ा जिनमे से चार बार विजयी हासिल हुई। दूर दूर तक मां तारा की महिमा फैली है। तारा महोत्सव के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था। राजकीय महोत्सव इसी का प्रतिफल है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के कोंचेश्वर स्थान में सावन महोत्सव का आयोजन की स्वीकृति मिलने की बात कही। डा. कुमार ने सावन माह में भव्य महोत्सव के आयोजन होने की बात कही।

    वजीरगंज विधायक वीरेंद्र कुमार सिंह ने तारा महोत्सव के आयोजन पर जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में जनता की मांग पूरी की जाती है जिससे क्षेत्र विकसित बनता है। वहीं गांव के ग्रामीण प्रो गिरजेश सिंह ने मां तारा की महत्ता बताई व बुद्ध से भी गांव के जुड़े होने की बात बताई। एडीएम परितोष कुमार ने महोत्सव की विस्तार से जानकारी दी। धन्यवाद ज्ञापन टिकारी एसडीएम सुजीत कुमार ने प्रेषित की। मंच पर वरीय अधिवक्ता मुकेश शर्मा, शम्भू केशरी, हिमांशु शेखर एवं प्रशासन के अधिकारी विराजमान थे। इससे पूर्व कस्तूरबा विद्यालय के बच्चों द्वारा आगत अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया। जिला प्रशासन की ओर से अपर समाहर्ता परितोष कुमार ने तारा महोत्सव के आयोजन पर प्रकाश डालते हुए मां तारा देवी की महिमा का बखान किया।

  • गया के केसपा में सांस्कृतिक महोत्सव: भक्तिमय गीतों पर झूमे श्रोता, इंदु सोनाली की प्रस्तुति ने बांधा समा

    टिकारी संवाददाता (गया): केसपा में आयोजित राजकीय महोत्सव के उद्घाटन सत्र के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने हर किसी को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत पटना से आए अमरनाथ पांडेय व उनकी टीम द्वारा विद्यापति के प्रसिद्ध गीत “जय जय भैरवी असुर भय हारी” पर शानदार सामूहिक नृत्य से हुई। उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद बिहार की पारंपरिक संस्कृति की झलक दिखाते हुए लौंडा नाच की प्रस्तुति हुई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

    स्थानीय लोक गायिका प्रो. सुलेखा रमैया और नंदिनी भारद्वाज ने भक्ति गीतों से समां बांध दिया। उनकी सुमधुर आवाज़ ने कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया। भजन गायिका माधव प्रिया की soulful प्रस्तुति ने भी दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

    कार्यक्रम के अंत में मशहूर पार्श्व गायिका इंदु सोनाली ने जब “केसपा के मां तारा देवी” पर आधारित मधुर भजन गाया, तो पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में डूब गया। सोनाली के सुरों में मां तारा देवी का नाम सुनते ही श्रोता अपनी सीट से खड़े हो गए और तालियों के साथ झूमने लगे। उनके सुपरहिट भजन “गया जिला के केसपा गऊआं, यहां बाटे माई तारा हो” पर श्रोता नाचने को मजबूर हो गए। इंदु सोनाली की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया और केसपा महोत्सव की इस शाम को यादगार बना दिया।

  • टिकारी: मउ आहर से 16 वर्षीय युवती का शव बरामद, डूबने से मौत की आशंका

    टिकारी (संवाददाता): टिकारी के मउ आहर से सोमवार को पुलिस ने एक 16 वर्षीय युवती का शव बरामद किया। मृतका की पहचान मउ थाना क्षेत्र के लशकरगंज गांव निवासी कमलेश यादव की पुत्री आरती कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार को सामने आई, जब डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि आहर में एक युवती का शव दिखाई दे रहा है।

    मउ थाने के एसएचओ राहुल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आहर से शव को बाहर निकाला। शव की शिनाख्त के बाद मृतका के परिजनों को सूचित किया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल, गया भेज दिया गया।

    एसएचओ के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवती की मौत आहर में डूबने के कारण होने की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने कहा, “पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों से शिकायत मिलने के बाद मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और आगे की जानकारी रिपोर्ट के आधार पर उपलब्ध होगी।

  • बेलागंज: सोनपुर छठ घाट पर छठ पूजा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

    बेलागंज: आगामी छठ महापर्व को लेकर सोनपुर छठ घाट पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के लोगों की भागीदारी के साथ संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सदर अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) किसलय श्रीवास्तव ने की, जिसमें विधि व्यवस्था के लिए डीएसपी रवि प्रकाश सिंह, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राघवेंद्र शर्मा, अंचल अधिकारी (सीओ) गजानंद मेहता, थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

    बैठक में छठ पूजा के दौरान घाट पर आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। पानी की गहराई, लाइटिंग की व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, छठव्रतियों के ठहरने की सुविधा और श्रद्धालुओं के लिए समुचित संसाधनों पर विशेष ध्यान दिया गया। वरीय अधिकारियों ने बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष को इन सभी पहलुओं पर कार्य करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

    बीडीओ राघवेंद्र शर्मा ने बताया, “छठ महापर्व को लेकर सदर एसडीओ के नेतृत्व में यह बैठक आयोजित की गई। इस दौरान घाट पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को मनाने की अपील की गई है।” उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

    अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में यह भी तय किया गया कि छठ घाट पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।

  • ब्रेकिंग: गया शहर के रामशिला पहाड़ पर लगी आग, फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची, राहत कार्य जारी

    देवब्रत मंडल

    गया शहर के उत्तरी क्षेत्र में रामशिला पहाड़ पर लगे पेड़ पौधे व झाड़ियों में सोमवार की शाम आग लग गई। अचानक लगी आग के बाद पहाड़ पर बसे लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना क्षेत्रीय वार्ड नं 06 के पार्षद को दी। पार्षद प्रतिनिधि जो कि आज ईद मना रहे हैं ने बताया कि आग कैसे लगी इसका पता नहीं चल पाया है लेकिन स्थानीय लोगों में आग लगने के कारण अफरा तफरी मच गया है।
    इधर इसकी सूचना फायर स्टेशन अफसर को मिलते ही तत्काल राहत टीम को कि घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिली है। रेस्क्यू टीम आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी है। इधर स्थानीय लोगों ने बताया कि आग धीरे धीरे फैल रही है। खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है।

  • गया जंक्शन पर ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत तीन शराब तस्कर गिरफ्तार, 40,000 रुपये की शराब बरामद

    देवब्रत मंडल

    गया: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गया जंक्शन पर ‘ऑपरेशन सतर्क’ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आरपीएफ और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के संयुक्त प्रयासों से की गई, जिसमें लगभग 40,000 रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की गई। पकड़े गए तस्करों को रेल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

    आरपीएफ पोस्ट गया के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि यह अभियान रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्रों में शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान आरपीएफ के उपनिरीक्षक धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर एक के हावड़ा छोर पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। तलाशी के दौरान तीन व्यक्तियों के पास से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।

    गिरफ्तार तस्करों की पहचान नगीना पासवान, पवन पासवान और विकास कुमार के रूप में हुई है, जो नवादा जिले के नादरीगंज थाना क्षेत्र के मसौढ़ी गांव के निवासी हैं। इनके कब्जे से 5 केन ‘ड्रंक 11000 प्रीमियम बियर’, 12 बोतल ‘ब्लेंडर प्राइड अल्ट्रा प्रीमियम व्हिस्की’ और 21 बोतल ‘रेड लेबल स्कॉच व्हिस्की’ जब्त की गई। जब्त शराब को मौके पर ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने अपने कब्जे में लिया।

    इस मामले में जीआरपी थाना, गया में कांड संख्या 82/25 दर्ज किया गया है, जो दिनांक 31 मार्च 2025 को बिहार उत्पाद अधिनियम (एक्साइज एक्ट) की धारा 30(a) के तहत पंजीकृत हुआ। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद तीनों आरोपियों को रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया है।

    निरीक्षक बनारसी यादव ने कहा, “यह अभियान रेलवे परिसर को अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने के लिए चलाया जा रहा है। हमारी टीम पूरी तरह सतर्क है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी।” इस सफल ऑपरेशन में आरपीएफ के कई जवान शामिल थे, जिनके सहयोग से यह कार्रवाई संभव हो सकी।

  • माता-पिता और मामा के #टॉर्चर से तंग आकर घर से भागा यूपी का 11वीं का छात्र, RPF ने गया स्टेशन पर ट्रेन से उतारा , जानें फिर क्या हुआ

    माता-पिता और मामा के #टॉर्चर से तंग आकर घर से भागा यूपी का 11वीं का छात्र, RPF ने गया स्टेशन पर ट्रेन से उतारा , जानें फिर क्या हुआ

    देवब्रत मंडल

    उत्तर प्रदेश का रहनेवाला 11वीं कक्षा का छात्र अपने माता पिता से नाराज होकर घर से भाग गया। गुस्से में कोलकाता जाने के लिए बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस में बैठ गया। इसकी सूचना जब गया जंक्शन के आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव को मिली तो उन्होंने त्वरित कार्यवाही करते हुए बच्चे को गया जंक्शन पर ट्रेन से सुरक्षित उतरवा कर चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया है।
    पोस्ट निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक नाबालिक लडका ट्रेन नम्बर 22308 बिकानेर-हावडा एक्सप्रेस के जनरल कोच में घर के परिजन से नाराज होकर भाग रहा है। जिसे रेस्क्यु करना है। इसके उपरांत उनके निर्देशन मे सउनि पवन कुमार साथ में प्रआ. ए.के. ठाकुर ने ट्रेन के गया रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म संख्या-02 पर आने पर जनरल कोच में खोजबीन किया गया तो घर से भागा हुआ नाबालिक लडका दिखाई दिया। जिसे ट्रेन से नीचे उतारा गया।

    बनारसी यादव, निरीक्षक प्रभारी, आरपीएफ पोस्ट, गया

    श्री यादव ने बताया कि पूछताछ करने पर अपना नाम, पिता का नाम थाना-पनकी, कानपुर, जिला-कानपुर, उत्तर प्रदेश मोबाइल और आधार नम्बर बताया। आगे बताया कि वह कक्षा 11वीं का छात्र है। आगे बताया कि मेरे पापा, मॉ और मामा तीनो मिलकर मुझे टार्चर कर रहे थे। इसलिए नाराज होकर अपने दोस्त के घर कोलकाता जा रहा था। जिसे सही-सही हालत में सकुशल रेस्क्यु किया गया ताकि मानव तस्करी या किसी अन्होनी का शिकार न हो जाए। बच्चे को सकुशल चाईल्ड हेल्प लाईन रेलवे गया को अग्रिम कार्यवाही हेतु सुपुर्द कर दिया गया है।

  • ब्रेकिंग न्यूज: गया-फतेहपुर मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल

    ब्रेकिंग न्यूज: गया-फतेहपुर मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल

    फतेहपुर: गया-फतेहपुर सड़क मार्ग पर ठनठनियाँ मोड़ के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जोगनी गांव निवासी राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल अपनी बाइक से गया की ओर जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक का हेलमेट भी टूटकर बिखर गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचकर घायल राहुल को इलाज के लिए गया लेकर गए हैं।