धनबाद | पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल में रेलवे संपत्तियों की चोरी के मामले में एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना सहित कुल सात लोगों को चोरी की संपत्तियों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरोह का मास्टरमाइंड रेलवे में कार्यरत एक निजी आउटसोर्सिंग कंपनी का कर्मचारी बताया गया है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर RPF की एक विशेष टीम गठित की गई। यह टीम अनुराग मीणा (वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त) और सुरेश कुमार मिश्रा (सहायक सुरक्षा आयुक्त) के नेतृत्व में तथा धनबाद पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दी।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में शामिल हैं:
राणा प्रताप पासवान (उम्र – 30 वर्ष), पिता – रामदेव पासवान, निवासी – गांधी रोड, धनसार, धनबाद (आउटसोर्सिंग कंपनी का कर्मचारी व गिरोह का मुखिया)
सतीश कुमार (काल्पनिक नाम)
आलोक कुमार (काल्पनिक नाम)
छोटू कुमार सोनी उर्फ छोटकी मुर्गिया
विनोद सोनी उर्फ बड़की मुर्गिया
इसके अतिरिक्त चोरी की रेल संपत्तियां खरीदने वाले दो रिसीवर प्रभुलाल और फेकू साव, दोनों धनसार थाना क्षेत्र के निवासी, को भी हिरासत में लिया गया है। आरपीएफ निरीक्षक अजय प्रकाश ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से की गई, जिसमें चोरी की गई रेल संपत्तियों की बरामदगी भी हुई है। मामले में आरपीएफ पोस्ट धनबाद में कांड संख्या 07/25 दिनांक 05.04.2025, धारा 3 RP (UP) ACT के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन दो अभियुक्तों के नाम काल्पनिक रूप में दर्ज हैं, वे पूर्व में दर्ज कांड संख्या 01/25, दिनांक 05.04.2025, U/S 3 RP (UP) ACT में पहले से ही वांछित हैं। सभी आरोपियों को रेलवे न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बेलागंज: रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और उत्साह के साथ मनाने के लिए बेलागंज थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को थानाध्यक्ष धनंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला, जिसका उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाना और असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देना था। यह कदम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आनंद कुमार के निर्देश पर उठाया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने बेलागंज बाजार, सब्जी मार्केट, बेल्हाड़ी मोड़, सिदानी, बेल्हाड़ी बाजार, लोदीपुर, नेउरी बाजार और काली मंदिर जैसे प्रमुख इलाकों का दौरा किया। इस मौके पर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “रामनवमी के इस पावन अवसर पर सभी लोग मिलजुल कर उत्सव का आनंद लें। लेकिन जो भी असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों की खैर नहीं होगी।”
पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पर्व के दौरान सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा, सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र पर कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को तुरंत रोका जा सके।
फ्लैग मार्च में अपर थानाध्यक्ष अरविंद किशोर सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि इससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहेगा।
पटना: आज बापू टावर, पटना के सभागार में आयोजित मगही महोत्सव में गया घराने के प्रख्यात कलाकारों ने अपनी कला का ऐसा जादू बिखेरा कि श्रोता मंत्रमुग्ध हो उठे। इस संगीतमय शाम की शुरुआत पंडित राजन सिजुवार के शास्त्रीय गायन से हुई, जिन्होंने राग भीमपलासी में ख्याल प्रस्तुत कर माहौल को भावपूर्ण बना दिया। इसके बाद राग मिश्र भैरवी में उनकी ठुमरी ने श्रोताओं के दिलों को छू लिया। दर्शकों की फरमाइश पर पंडित जी ने चैती गायन भी प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
पंडित राजन सिजुवार के साथ तबले पर संगत करने वाले दिनेश कुमार मौआर ने अपने शानदार वादन से सभी का मन मोह लिया। उनकी उंगलियों से निकली हर थाप ने प्रदर्शन में जान डाल दी, जिसे देखकर दर्शकों ने जोरदार तालियों से अपनी प्रशंसा व्यक्त की। वहीं, सारंगी पर श्री विनायक सहाय की मधुर संगत ने इस प्रस्तुति को और भी संजीदा बना दिया। उनकी सारंगी की सुमधुर तानें श्रोताओं के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गईं। हरमोनियम पर सर्वोत्तम कुमार ने भी अपने कुशल वादन से इस संगीतमय समारोह को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
इस अवसर पर उपस्थित दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था। हर प्रस्तुति के बाद तालियों की गूंज और समर्थन ने इस कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजकों ने सभी कलाकारों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अंग वस्त्र, मोमेंटो और पौधे भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान न केवल कलाकारों की प्रतिभा का कद्रदान था, बल्कि मगही संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक बना।
मगही महोत्सव का यह आयोजन न सिर्फ संगीत प्रेमियों के लिए एक सौगात साबित हुआ, बल्कि गया घराने की समृद्ध परंपरा को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सफल रहा। बापू टावर का सभागार आज कला और संस्कृति के इस अनुपम संगम का साक्षी बना।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अप्रैल को तमिलनाडु के दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वे रामनवमी के पावन अवसर पर देश के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री रेल पुल, नए पंबन रेल पुल, का उद्घाटन करेंगे। यह ऐतिहासिक आयोजन न केवल भारतीय इंजीनियरिंग की उत्कृष्टता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि तमिलनाडु के विकास में एक नया अध्याय भी जोड़ेगा। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही, वे रामेश्वरम से तांबरम (चेन्नई) के लिए एक नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।
नए पंबन रेल पुल का उद्घाटन और इसका महत्व
दोपहर करीब 12 बजे रामेश्वरम में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नए पंबन रेल पुल का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे सड़क पुल से एक ट्रेन और एक जहाज को हरी झंडी दिखाएंगे, साथ ही इस अनूठे वर्टिकल लिफ्ट पुल के संचालन का अवलोकन करेंगे। 550 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित यह पुल 2.08 किलोमीटर लंबा है और इसमें 99 स्पैन शामिल हैं। इसका सबसे खास हिस्सा 72.5 मीटर लंबा वर्टिकल लिफ्ट स्पैन है, जो 17 मीटर की ऊंचाई तक उठ सकता है। यह डिज़ाइन समुद्री जहाजों की निर्बाध आवाजाही को सुनिश्चित करने के साथ-साथ ट्रेन संचालन को भी सुगम बनाता है।
यह पुल स्टेनलेस स्टील सुदृढीकरण, उच्च श्रेणी के सुरक्षात्मक पेंट और पूरी तरह से वेल्डेड जोड़ों के साथ बनाया गया है, जिससे इसकी स्थायित्व बढ़ती है और रखरखाव की आवश्यकता कम होती है। विशेष पॉलीसिलोक्सेन कोटिंग इसे जंग से बचाती है, जो कठोर समुद्री वातावरण में इसकी लंबी उम्र सुनिश्चित करती है। भविष्य की मांगों को ध्यान में रखते हुए इसे दोहरी रेल पटरियों के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिससे यह आने वाले दशकों में भी प्रासंगिक बना रहेगा।
इस पुल का सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व भी अत्यधिक है। रामायण के अनुसार, राम सेतु का निर्माण रामेश्वरम के पास धनुषकोडी से शुरू हुआ था। यह पुल रामेश्वरम को मुख्य भूमि से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और वैश्विक मंच पर भारतीय इंजीनियरिंग की एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में स्थापित होगा।
रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन और जनसभा
पुल के उद्घाटन के बाद, दोपहर करीब 12:45 बजे प्रधानमंत्री रामेश्वरम के प्राचीन और पवित्र रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। यह मंदिर चार धामों में से एक है और भगवान शिव को समर्पित है, जो इसे धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष बनाता है। रामनवमी के अवसर पर यह दौरा सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को और बढ़ाता है।
इसके बाद, दोपहर 1:30 बजे रामेश्वरम में आयोजित एक जनसभा में प्रधानमंत्री जनता को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर वे तमिलनाडु के लिए कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे, जिससे राज्य के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।
8,300 करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाएं
प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान तमिलनाडु में 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं में शामिल हैं:
एनएच-40 का वालाजापेट-रानीपेट खंड: 28 किलोमीटर लंबे इस खंड को चार लेन में बदला जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में यातायात सुगम होगा।
एनएच-332 का विलुप्पुरम-पुदुचेरी खंड: 29 किलोमीटर लंबे इस हिस्से का चौड़ीकरण होगा, जो पुदुचेरी और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
एनएच-32 का पूंडियनकुप्पम-सत्तनाथपुरम खंड: 57 किलोमीटर लंबा यह खंड चार लेन का बनेगा, जिससे औद्योगिक और वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
एनएच-36 का चोलापुरम-तंजावुर खंड: 48 किलोमीटर लंबे इस हिस्से का चौड़ीकरण तंजावुर जैसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक शहरों तक पहुंच को आसान बनाएगा।
इनके अलावा, रामेश्वरम-तांबरम (चेन्नई) के बीच नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ भी इस दौरे का हिस्सा है। यह ट्रेन सेवा यात्रियों के लिए सुविधाजनक और तेज़ परिवहन का विकल्प प्रदान करेगी।
सामाजिक और आर्थिक प्रभाव
ये परियोजनाएं तमिलनाडु के कई तीर्थस्थलों और पर्यटन स्थलों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। शहरों के बीच की दूरी कम होने से मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों और बंदरगाहों तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा, ये सड़कें और रेल सेवाएं स्थानीय किसानों को अपने कृषि उत्पादों को नजदीकी बाजारों तक पहुंचाने में सक्षम बनाएंगी। स्थानीय चमड़ा उद्योग, लघु उद्योग और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी इन परियोजनाओं से बल मिलेगा, जिससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा तमिलनाडु के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। नए पंबन रेल पुल का उद्घाटन भारतीय इंजीनियरिंग की क्षमता को दर्शाता है, जबकि रेल और सड़क परियोजनाएं राज्य के विकास को नई गति देंगी। रामनवमी के अवसर पर यह आयोजन धार्मिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक पहलुओं का एक अनूठा संगम है। यह कदम न केवल तमिलनाडु बल्कि पूरे देश के लिए बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा।
जब तक इस धरती पर रहूँगा, विकास का कार्य करता रहूँगा – कुमार सर्वजीत ,विधायक बोधगया
फतेहपुर (गया): बोधगया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सबदो, पंचायत पहाड़पुर, प्रखंड फतेहपुर में आज सबदो बड़का आहार के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया गया। यह शिलान्यास बिहार सरकार के पूर्व कृषि मंत्री एवं बोधगया के लोकप्रिय विधायक कुमार सर्वजीत के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।
इस ऐतिहासिक मौके पर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने माननीय विधायक का भव्य स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। आहार के जीर्णोद्धार से क्षेत्र में जल संचयन की सुविधा बेहतर होगी और कृषि कार्यों में भी वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा, “जब तक इस धरती पर रहूँगा, विकास का कार्य करता रहूँगा। मेरी कोशिश रहती है कि मेरे क्षेत्र के लोग खुशहाल रहें और सभी जाति-धर्म के लोग आपसी भाईचारे के साथ जीवन यापन करें।”
ग्रामीणों में इस पहल को लेकर भारी उत्साह देखा गया। लोगों ने इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत के पदाधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पूर्व मध्य रेल के डीडीयू जंक्शन से 160 किमी प्रति घंटा की गति से चली ट्रायल ट्रेन को गया जंक्शन पर पहुंचने में केवल 1:50 घंटा का समय लगा। चीते की तरह तेज गति से चल रही यह ट्रेन मानो बुलेट ट्रेन से कम नहीं। गया जंक्शन पर जब यह ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 02 पर आई तो यहां पहले से मौजूद धनबाद रेल मंडल प्रबंधक और गया जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह तथा इनके साथ पूर्व मध्य रेल के अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
10:46 में डीडीयू से खुली और 12:36 में पहुंच गई गया जंक्शन
जानकारी के अनुसार ट्रायल ट्रेन को डीडीयू से पूर्व निर्धारित समय के अनुसार सुबह 10:30 में खुलना था लेकिन डीडीयू से यह ट्रेन 10:46 में खुली। जहां से खुलने के बाद हवा से बातें करते हुए चीते की तरह ट्रायल ट्रेन गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर दोपहर बाद करीब 12:36 में प्रवेश कर गई। डीडीयू से गया जंक्शन की दूरी 205 किमी है तो इस दूरी को तय करने में ट्रायल ट्रेन को केवल एक घंटा 50 मिनट का समय लगा।
Video
रेल लाइन पर परिंदा भी नजर नहीं आया, आरपीएफ लोगों को कर रहे थे सचेत
डीडीयू-गया जंक्शन के बीच इस ट्रायल ट्रेन के लिए बनाए गए पाथ(रूट)पर परिंदा भी नजर नहीं आ रहे थे। रेलवे लाइन के किनारे रेलवे सुरक्षा बल की टीम पारखी नजर बनाए हुए थी। किसी को भी रेलवे लाइन को पार करने से मनाही करते हुए लाउड स्पीकर से बार बार सावधान कर थे। लोगों को रेलवे लाइन से दूरी बनाए रखने के लिए स्कोर्ट करते नजर आए।
गया जंक्शन के बाद मानपुर जंक्शन से सुरक्षित थ्रू निकल गई ट्रेन
गया जंक्शन पर जब ट्रायल ट्रेन पहुंची तो डीडीयू मंडल के डीआरएम इस ट्रेन से उतर गए। साथ में इनके अधीनस्थ पदाधिकारी भी। यहां से धनबाद मंडल के डीआरएम और उनकी टीम इस ट्रेन पर सवार हुए। कुछ देर के लिए गया जंक्शन पर रुकने के बाद ट्रेन प्रधानखुनता(धनबाद) के लिए खुली। चंद मिनटों में यह ट्रेन नार्थ आउटर केबिन(बागेश्वरी गुमटी) से होते हुए थ्रू मानपुर जंक्शन क्रॉस कर गई। यहां स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार एवं परिचालन विभाग के कर्मचारियों ने ट्रेन को सुरक्षित पास कराया।
कुछ भी कहने से परहेज कर गए रेल महाप्रबंधक
ट्रायल ट्रेन से गया जंक्शन पर आए रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह से जब magadhlive के इस संवाददाता(संपादक) ने ट्रायल ट्रेन के उद्देश्यों और इसके बारे में कुछ सवाल किए तो कुछ भी कहने से परहेज कर गए। बता दें कि पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक श्री सिंह और इनके साथ कई अधिकारी इस ट्रेन में डीडीयू से चलकर धनबाद मंडल के प्रधानखुनता तक विंडो ट्रेलिंग करते हुए जा रहे थे।
धनबाद मंडल के पायलट और गार्ड गया से लेकर गए ट्रेन
रेलवे सूत्रों ने बताया कि डीडीयू से गया जंक्शन तक इस ट्रायल ट्रेन को लेकर डीडीयू मंडल के पायलट और गार्ड लेकर आए थे और यहां से प्रधानखुनता तक धनबाद मंडल के क्रू और गार्ड लेकर गए। बताया गया कि इस ट्रेन के पायलट डब्ल्यू. हेरेंज और सहायक लोको पायलट एमएस अली थे और गार्ड ए. खान थे जो कि धनबाद मंडल के हैं।
गया: गया जिला पुलिस और विशेष कार्य बल (STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 8 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात नक्सली ब्रिजेश कुमार सिंह उर्फ ब्रिजेश सिंह उर्फ ब्रजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी मंगलवार, 01 अप्रैल 2025 को शुरू हुई एक सिलसिलेवार कार्रवाई का परिणाम है, जिसमें दो अन्य नक्सलियों को पहले ही पकड़ा जा चुका था। गुरुवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी सुनील पांडेय ने इस ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी साझा की।
डीएसपी पांडेय ने बताया कि 01 अप्रैल को गया पुलिस ने दो नक्सलियों, विक्रम कुमार उर्फ कैलु यादव और लाला शर्मा उर्फ लाल शर्मा, को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर खुफिया जानकारी मिली कि कोंच थाना क्षेत्र के डबुर गांव में कुख्यात नक्सली ब्रिजेश सिंह छिपा हुआ है। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), गया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), वजीरगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में मुफस्सिल थानाध्यक्ष, अन्य पुलिसकर्मी और STF के जवान शामिल थे।
ऑपरेशन का विवरण
डीएसपी ने बताया कि विशेष टीम ने डबुर गांव में छापेमारी की, जहां ब्रिजेश सिंह पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। सशस्त्र बलों की तत्परता से उसे धर दबोचा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम ब्रिजेश कुमार सिंह, पिता स्वर्गीय नेमन सिंह, निवासी डबुर, थाना कोंच, जिला गया बताया।
अपराध का इतिहास
ब्रिजेश सिंह 2016 से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ मुफस्सिल थाना में दर्ज कांड संख्या 412/16 के तहत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। यह मामला 05 सितंबर 2016 का है, जब नक्सलियों ने बुढ़ीपैमार नदी पर एक निर्माण कंपनी के बेस कैंप पर हमला किया था। हमले में नक्सलियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की, रुपये और मोबाइल लूटे, और लेवी न देने पर मशीनों में आग लगा दी थी। इस मामले में भादवि की धारा 147, 148, 149, 323, 341, 386, 453, 379 के साथ-साथ यूएपी एक्ट और सीएलए एक्ट की धाराएं लगाई गई थीं। इस कांड में ब्रिजेश की संलिप्तता सामने आई थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचता रहा।
अन्य नक्सलियों पर कार्रवाई
डीएसपी पांडेय ने बताया कि इस मामले में पहले ही 8 अन्य नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ब्रिजेश की गिरफ्तारी के साथ इस कांड के प्रमुख आरोपियों में से एक और सलाखों के पीछे पहुंच गया है। पुलिस अब उसके अपराधिक इतिहास की गहन जांच कर रही है और अन्य फरार नक्सलियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।
डीएसपी ने यह भी घोषणा की कि इस सफल ऑपरेशन में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा, “यह गया पुलिस और STF की संयुक्त मेहनत का नतीजा है। हम नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
शुक्रवार 04 अप्रैल 2025 को डीडीयू-गया रेलखंड पर 160 किमी/प्रति घन्टे की स्पीड से चलने वाली ट्रायल ट्रेन हवा से बातें करते हुए गया जंक्शन पर पहुंचेगी। यहां से फिर हवा से बातें करते हुए यह ट्रेन धनबाद की ओर निकल जायेगी। डीडीयू जंक्शन से गया की दूरी 205 किमी है। इस दूरी को तय करने में ट्रायल ट्रेन को केवल 1:55 घन्टे का ही समय लगेगा।
Time schedule
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 160 किमी की स्पीड से चलाई जाने वाली ट्रायल ट्रेन डीडीयू जंक्शन से सुबह 10:30 में चलेगी। जो गया जंक्शन पर 12:25 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यहां से यह ट्रेन मानपुर जंक्शन पर 12:39 में पहुंचेगी और थ्रू चलते हुए धनबाद स्टेशन के लिए बढ़ती चली जायेगी। रेलवे सूत्रों ने बताया कि इस ट्रायल ट्रेन को लेकर पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह एक विशेष ट्रेन द्वारा पटना जंक्शन से सुबह करीब 08 बजे डीडीयू(पटना-आरा रेलखंड) के लिए विंडो ट्रेलिंग करते हुए जाएंगे। जिनके साथ पूर्व मध्य रेल के अधिकारियों की एक टीम भी रहेगी। ट्रायल के दौरान आमजनों को रेल लाइन से दूरी बनाकर रहने की अपील की गई है। वहीं जंक्शन पर प्लेटफॉर्म बदलने वक्त एफओबी का प्रयोग करने की भी अपील की गई है।
नई दिल्ली, 03 अप्रैल 2025: रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अब उनके खोए या गायब हुए मोबाइल फोन को ढूंढने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दूरसंचार विभाग के साथ साझेदारी की है। इस पहल के तहत आरपीएफ, दूरसंचार विभाग के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल का उपयोग करेगा। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) में एक सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद इस योजना को पूरे भारत में लागू किया जा रहा है, जिससे देश भर के करोड़ों रेल यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
आसान प्रक्रिया से मिलेगा खोया फोन
रेल यात्रियों को अपने गुम हुए मोबाइल फोन की रिपोर्टिंग के लिए रेल मदद या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की सुविधा दी गई है। यदि यात्री प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज नहीं कराना चाहते, तो वे सीधे सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इस विकल्प को चुनने पर आरपीएफ की जोनल साइबर सेल शिकायत को पोर्टल पर अपलोड करेगी और आवश्यक विवरण भरने के बाद डिवाइस को ब्लॉक कर देगी।
यदि खोया हुआ फोन नई सिम के साथ सक्रिय पाया जाता है, तो वर्तमान उपयोगकर्ता को इसे निकटतम आरपीएफ पोस्ट पर लौटाने के लिए सूचित किया जाएगा। इसके बाद, फोन का असली मालिक संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना डिवाइस वापस प्राप्त कर सकेगा। अनुपालन न होने की स्थिति में आरपीएफ एफआईआर दर्ज कर सकती है और मामला स्थानीय जिला पुलिस को सौंपा जा सकता है। रिकवरी के बाद, शिकायतकर्ता सीईआईआर पोर्टल के जरिए फोन को अनब्लॉक करने का अनुरोध कर सकता है, जिसमें जरूरत पड़ने पर आरपीएफ सहायता प्रदान करेगी।
डिजिटल तकनीक से मजबूत होगी रेलवे सुरक्षा
प्रतीकात्मक चित्र
सीईआईआर पोर्टल के प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक मनोज यादव ने कहा, “दूरसंचार विभाग के साथ मिलकर सीईआईआर पोर्टल को संचालित करना रेलवे सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम है। डिजिटल तकनीक के उपयोग से हमारा उद्देश्य यात्रियों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस दिलाने के लिए एक पारदर्शी और प्रभावी प्रणाली स्थापित करना है। यह पहल न केवल हमारी क्षमताओं को बढ़ाएगी, बल्कि रेल यात्रियों के बीच विश्वास भी मजबूत करेगी। हम यात्री संपत्ति की सुरक्षा और रेल नेटवर्क पर सुरक्षित यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”
सीईआईआर पोर्टल: मोबाइल रिकवरी का नया हथियार
दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित सीईआईआर पोर्टल, खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने और पुनर्प्राप्त करने के लिए एक शक्तिशाली डिजिटल मंच है। यह पोर्टल डिवाइस के आईएमईआई नंबर के आधार पर फोन को ब्लॉक करने की सुविधा देता है, जिससे चोरी हुए उपकरणों का अवैध उपयोग और पुनर्विक्रय रुक सकेगा। साथ ही, उन्नत ट्रैकिंग तकनीक के जरिए खोए हुए फोन की तेजी से रिकवरी संभव हो सकेगी।
“ऑपरेशन अमानत” को मिलेगी नई ताकत
आरपीएफ लंबे समय से “ऑपरेशन अमानत” के तहत यात्रियों की खोई हुई संपत्ति को उनके मालिकों तक पहुंचाने का काम कर रही है। जनवरी 2024 से फरवरी 2025 के बीच आरपीएफ ने 84.03 करोड़ रुपये मूल्य की वस्तुओं को पुनर्प्राप्त कर 1.15 लाख से अधिक यात्रियों को लाभ पहुंचाया। सीईआईआर पोर्टल के एकीकरण से इस अभियान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है, खासकर मोबाइल फोन की रिकवरी के मामले में।
पायलट प्रोजेक्ट की सफलता ने दिखाई राह
मई 2024 में नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे में शुरू किए गए पायलट प्रोजेक्ट में सीईआईआर पोर्टल की उपयोगिता साबित हुई। इस दौरान कई खोए हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक पुनर्प्राप्त किए गए और चोरी में संलिप्त लोगों को पकड़ा गया। इस सफलता के बाद अब इस पहल को देशव्यापी स्तर पर लागू किया जा रहा है। आरपीएफ को विश्वास है कि यह कदम रेल यात्रियों के लिए उनके उपकरणों की सुरक्षा और तेज रिकवरी सुनिश्चित करेगा।
यात्रियों के लिए राहत भरा कदम
यह साझेदारी न केवल तकनीकी उन्नति का प्रतीक है, बल्कि रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के प्रति भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। आने वाले दिनों में यह योजना रेलवे नेटवर्क को और भी विश्वसनीय और यात्री-अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ऑल इंडिया केंद्रीय एवं राज्य सरकार पेंशनर्स संयुक्त समिति जिला शाखा गया द्वारा केंद्र सरकार द्वारा गठित आठवें वेतन आयोग मे किए गए सिफारिश जिसमें पुराने पेंशनधारियों को अपग्रेडेशन की सुविधा से वंचित रखा गया है इसके खिलाफ केंद्र एवं राज्य सरकार के पुराने पेंशनधारियों में काफी रोष व्याप्त है। मिथिलेश कुमार, को-ऑर्डिनेटर जिला ट्रेड यूनियन संयुक्त समिति गया सह कार्यकारिणी सदस्य ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन नई दिल्ली ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि उसी के सापेक्ष में गुरुवार को प्रधान डाकघर कार्यालय गया के समक्ष पुराने पेंशनधारियों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। पुराने पेंशनधारियों की मांग है कि पुरानी पेंशन व्यवस्था की स्थिति को बरकरार रखा जाए और आठवें वेतन आयोग में की गई सिफारिश जिसमें पुराने पेंशनधारियों को अपग्रेडेशन की सुविधा से वंचित रखने का प्रावधान किया गया है को समाप्त किया जाए एवं अपग्रेडेशन की सुविधा दिया जाए। इस विरोध प्रदर्शन में महासंघ के नेता मोहम्मद शमीम अहमद महासंघ के राज्य स्तरीय नेता कपिल देव प्रसाद कोऑर्डिनेटर सह कार्यकारिणी सदस्य ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन नई दिल्ली कामरेड मिथिलेश कुमार ,अजय कुमार, रामप्रवेश प्रसाद ,अखिलेश्वर प्रसाद , राम प्रसाद ,अरविंद कुमार सिंहा ,रघुवीर पाठक, आमिर खान, अबरार हुसैन, विष्णु शंकर श्रीवास्तव के अलावा बहुत सारे केंद्र एवं राज्य सरकार के ट्रेड यूनियन नेता एवं सक्रिय सदस्य उपस्थित थे।