Blog

  • झारखंड इमेजिंग एक्सपो ’25: गया के वरिष्ठ छायाकार रूपक सिन्हा सम्मानित

    झारखंड इमेजिंग एक्सपो ’25: गया के वरिष्ठ छायाकार रूपक सिन्हा सम्मानित

    रांची: झारखंड फोटोग्राफिक्स एसोसिएशन सेंट्रल के तत्वावधान में आयोजित झारखंड इमेजिंग एक्सपो ’25 में गुरुवार को गया के प्रख्यात छायाकार रूपक सिन्हा को उनके छायांकन के क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। रांची के खेलगांव स्थित स्टेडियम के प्रेक्षागृह में आयोजित इस भव्य समारोह में सैकड़ों लोग उपस्थित थे, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ रूपक सिन्हा के सम्मान का स्वागत किया।

    वरिष्ठ छायाकार रूपक सिन्हा

    समारोह में रूपक सिन्हा को मोमेंटो, पुष्प गुच्छ और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झारखंड फोटोग्राफिक्स एसोसिएशन सेंट्रल के अध्यक्ष बापी घोषाल ने कहा, “रूपक सिन्हा का छायांकन के क्षेत्र में योगदान प्रेरणादायी है। उनकी कला ने न केवल तकनीकी उत्कृष्टता को प्रदर्शित किया, बल्कि भावनाओं और कहानियों को भी जीवंत किया है। उन्हें सम्मानित करना हमारे लिए गर्व का क्षण है।”

    एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी गब्बर भाई ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा, “रूपक सिन्हा जैसे कलाकार छायांकन की दुनिया में एक मिसाल हैं। उनके कार्य ने नई पीढ़ी के फोटोग्राफरों के लिए एक ऊंचा मानदंड स्थापित किया है। आज उन्हें सम्मानित कर हमारा संगठन और इसके सभी सदस्य गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।”

    झारखंड इमेजिंग एक्सपो ’25 का यह आयोजन फोटोग्राफी के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और अनुभवी कलाकारों को सम्मान देने का एक मंच रहा। समारोह में उपस्थित फोटोग्राफरों, कला प्रेमियों और गणमान्य व्यक्तियों ने इस आयोजन को छायांकन कला के उत्सव के रूप में सराहा। रूपक सिन्हा ने सम्मान ग्रहण करने के बाद अपने संक्षिप्त उद्बोधन में आयोजकों और उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

  • डीडीयू मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान: 1714 यात्री पकड़े गए, 8.73 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

    डीडीयू मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान: 1714 यात्री पकड़े गए, 8.73 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

    देवब्रत मंडल

    डीडीयू मंडल में मंगलवार को रेलवे ने एक बड़े पैमाने पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों पर सख्त कार्रवाई की गई। इस मेगा ड्राइव के तहत डीडीयू, गया, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, भभुआ और जपला जैसे प्रमुख स्टेशनों पर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक फोर्ट्रेस चेकिंग की गई। अभियान में मंडल के सभी स्क्वाड, टिकट जांच कर्मी, वाणिज्य निरीक्षक, पर्यवेक्षक और अधिकारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

    किन रूट्स पर हुई गहन जांच?

    इस अभियान में बक्सर-डीडीयू, वाराणसी-डीडीयू, सासाराम-डीडीयू, आरा-सासाराम, गढ़वा रोड-डेहरी ऑन सोन, किउल-गया, गोमो-गया और पटना-गया जैसे व्यस्त रेल खंडों से गुजरने वाली सभी ट्रेनों को निशाना बनाया गया। प्रीमियम ट्रेनों, मेल/एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों की भी गहन जांच की गई। बिना टिकट या अनुचित टिकट के साथ पाए गए यात्रियों से नियमानुसार जुर्माना वसूला गया।

    अभियान के परिणाम

    शाम 6 बजे तक मिली जानकारी के अनुसार, डीडीयू मंडल में 1714 बिना टिकट या अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे कुल 8 लाख 73 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। गया जंक्शन पर भी यह अभियान जोर-शोर से चला, जिसमें सहायक वाणिज्य प्रबंधक (एसीएम), मुख्य टिकट निरीक्षक (सीआईटी), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीमें शामिल रहीं।

    यात्रियों को नियमित टिकट की सलाह

    अभियान के दौरान सभी स्टेशनों पर किलाबंदी जांच की गई और यात्रियों को नियमित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित किया गया। मंडल मुख्यालय ने स्पष्ट किया कि इस तरह के टिकट चेकिंग अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। डीडीयू मंडल ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर संबंधित श्रेणी के कोच में ही यात्रा करें। साथ ही, अन्य यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

  • गया जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई: लाखों रुपए के मादक पदार्थ के साथ चार लोगों को आरपीएफ व जीआरपी की टीम ने दबोचा

    देवब्रत मंडल

    रेलमार्ग से नशीली वस्तुओं के परिवहन पर इन दिनों गया जंक्शन पर चौकसी बढ़ा दी गई है। दो दिन पहले जहां रेल थाना की पुलिस ने करीब आठ किलोग्राम गांजे के साथ एक तस्कर को जेल की सलाखों के पीछे धकेल दिया था। वहीं इसके अगले ही दिन रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए के गांजे के साथ कई लोगों को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
    इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट गया के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि उनके नेतृत्व आरपीएफ गया के प्रधान आरक्षी संजय कुमार राय, आरक्षी आलोक कुमार सक्सेना एवं आरक्षी देवेंद्र प्रसाद साथ, जीआरपी गया के अधिकारी व जवान संयुक्त रूप से गया रेलवे स्टेशन पर आपराधिक गतिविधि की निगरानी रख रहे थे। प्लेटफार्म संख्या 01/सी पर पुलिस बल को देखकर तीन व्यक्ति अचानक भागने लगे। जिसे घेर कर पकड़ लिया गया।

    नाम पता पूछने पर सभी ने अपना अपना नाम (1)भोला ठाकुर उम्र-52 वर्ष, पिता-सतनारायण ठाकुर, पता-गेधर, थाना-खीरहर, जिला-मधुबनी, बिहार (2)अनिल कुमार उम्र-32 वर्ष पिता-चंद्रपाल कुमार पता-बडनावा, थाना-बिनौली, जिला-बागपत, उत्तर प्रदेश (3) भरत शर्मा उम्र-42 वर्ष, पिता-कौशल शर्मा पता गली नंबर-4 न्यू शास्त्री नगर, दिल्ली बताया। इन सभी के बैग की तलाशी ली गई तो कुल 16.482 KG गांजा बरामद हुआ। उन्होंने बताया बरामद गांजे की अनुमानित कीमत ₹ 2,47,275/ है। बता दें कि रेल पुलिस ने बरामद आठ किग्रा गांजे की कीमत करीब आठ लाख रुपए आंकी है। देखा जाए तो रेल पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में दो दिनों के अंदर करीब ₹ 3,27,225/- मूल्य के प्रतिबंधित नशीली पदार्थ गांजे को जब्त कर चुकी है।

  • बिहार के गया में श्राद्ध कर्म से लौटते वक्त दर्दनाक हादसा: एक ही परिवार के चार लोगों की तालाब में डूबकर मौत

    बिहार के गया में श्राद्ध कर्म से लौटते वक्त दर्दनाक हादसा: एक ही परिवार के चार लोगों की तालाब में डूबकर मौत

    बिहार के गया जिले के वजीरगंज प्रखंड में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। वजीरगंज थाना क्षेत्र के दखिनगांव के पास फोरलेन बाइपास पर एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में सहवाजपुर गांव निवासी 43 वर्षीय शशिकांत शर्मा, उनकी 40 वर्षीय पत्नी रिंकी देवी, 17 वर्षीय बेटा सुमित आनंद और 5 वर्षीय बेटा बालकृष्ण शामिल हैं। यह परिवार बिहारशरीफ में श्राद्ध कर्म से लौट रहा था, जब यह त्रासदी हुई।

    हादसे का भयावह मंजर

    रात करीब 12 बजे दखिनगांव के पास पुल से गुजरते वक्त स्कॉर्पियो अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराकर नीचे तालाब में गिर गई। गाड़ी में सवार ड्राइवर सिंटू किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहा और जोर-जोर से मदद के लिए चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के एक होटल संचालक ने तुरंत ग्रामीणों को इकट्ठा किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने जेसीबी की मदद से स्कॉर्पियो को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक चारों की सांसें थम चुकी थीं। प्रारंभिक जांच में दम घुटने को मौत का कारण माना जा रहा है।

    गांव में छाया मातम

    शशिकांत शर्मा अपने क्षेत्र के जाने-माने किसान थे, जबकि उनका बड़ा बेटा सुमित स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय था और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा हुआ था। एक ही परिवार के चार लोगों की अचानक मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाते वक्त ग्रामीणों ने भावुक होकर एंबुलेंस रोक दी और सवाल उठाया, “जब परिवार में कोई बचा ही नहीं, तो यह औपचारिकता किसके लिए?” इस हादसे ने शशिकांत की बुजुर्ग मां को भी गहरे सदमे में डाल दिया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।

    जांच में जुटा प्रशासन

    घटनास्थल पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंच चुके हैं और हादसे के कारणों की पड़ताल जारी है। प्रारंभिक अनुमान में तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी को वजह माना जा रहा है। पुलिस ने ड्राइवर से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि घटना की सही तस्वीर सामने आ सके। इस बीच, गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस अपूरणीय क्षति से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।

  • चलती ट्रेन से बच्चे ने फेंक दिया था मोबाइल, आरपीएफ ने माँ को सुरक्षित लौटाया

    गया। यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। चलती ट्रेन से एक छोटे बच्चे द्वारा फेंके गए मोबाइल को आरपीएफ ने न सिर्फ खोज निकाला, बल्कि सुरक्षित रूप से उसकी मां तक पहुंचा भी दिया।

    जानकारी के अनुसार, यात्री मंजू कुमारी (उम्र लगभग 32 वर्ष), निवासी रघुनाथपुर बरदहा, थाना बलियापुर, जिला धनबाद, ट्रेन संख्या 12382 से यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान उनका मोबाइल उनके छोटे बच्चे द्वारा ट्रेन से बाहर फेंक दिया गया। इस घटना के बाद उन्होंने रेल मदद पोर्टल के जरिए सहायता की गुहार लगाई।

    सूचना मिलते ही गया आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक बनारसी यादव के निर्देश पर यार्ड ड्यूटी में तैनात प्रधान आरक्षी मनीष कुमार एवं आरक्षी के.के. सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोबाइल को अप/डाउन यार्ड से बरामद कर लिया। बरामद मोबाइल को गया आरपीएफ पोस्ट में सुरक्षित रखा गया और परिवादी को इसकी सूचना दी गई।

    इसके बाद मंजू कुमारी गया आरपीएफ पोस्ट पहुंचीं, जहां उप निरीक्षक मोनिका कुमारी द्वारा उचित दस्तावेज़ों के सत्यापन के बाद मोबाइल उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। मंजू कुमारी ने आरपीएफ गया की तत्परता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि रेलवे की यह सेवा यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत है।

  • गया पुलिस की बड़ी कामयाबी: 50,000 रुपये का इनामी कुख्यात अपराधी फोटु यादव गिरफ्तार

    ✍️दीपक कुमार

    गया: बिहार के गया जिला पुलिस ने अपराध के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई को जारी रखते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के कुख्यात अपराधियों में शुमार और कई संगीन मामलों में वांछित 50,000 रुपये के इनामी अपराधी फोटु कुमार उर्फ फोटु यादव को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), गया के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसका मकसद जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

    गठित हुई विशेष टीम, तकनीकी सहायता से मिली सफलता

    गया पुलिस ने फोटु यादव की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक (विशेष व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था। इस टीम में चंदौती थाना के थानाध्यक्ष, स्थानीय पुलिस कर्मी और तकनीकी शाखा के विशेषज्ञ शामिल थे। पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए पुलिस ने लगातार सूचनाएं जुटाईं और छापामारी अभियान चलाया। अपराधी की धरपकड़ के लिए 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था, जिसने इस अभियान को और गति दी।

    शेरघाटी में चढ़ा पुलिस के हत्थे

    सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फोटु यादव शेरघाटी थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीम ने शेरघाटी बस स्टैंड पर दबिश दी। वहां एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सशस्त्र बलों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान फोटु कुमार उर्फ फोटु यादव, पिता स्वर्गीय विजय यादव, निवासी जगनडी, थाना प्रतापपुर, जिला चतरा (झारखंड) के रूप में बताई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर चंदौती थाना ले जाया गया।

    हत्या के मामले में थी तलाश

    फोटु यादव की गिरफ्तारी पिछले साल 29 अक्टूबर 2024 को चंदौती थाना क्षेत्र में हुई हत्या की घटना से जुड़ी है। उस दिन इंग्लिश गांव के पास अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया था। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायल को गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के बयान के आधार पर चंदौती थाना में कांड संख्या 410/24 दर्ज किया गया, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ। जांच में फोटु यादव की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

    पहले भी हुई थी कार्रवाई

    इस मामले में पुलिस ने पहले ही तेजी दिखाते हुए तीन अन्य आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। फोटु यादव की गिरफ्तारी के साथ इस हत्याकांड के एक प्रमुख आरोपी को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है।

    अपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल जारी

    पुलिस सूत्रों के अनुसार, फोटु यादव का अपराधिक इतिहास गहरा हो सकता है। उसकी अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या वह झारखंड और बिहार के अन्य जिलों में हुए अपराधों से जुड़ा था। इस बीच, इस मामले से संबंधित अन्य फरार अपराधियों की तलाश में छापामारी तेज कर दी गई है।

    पुलिस का संकल्प: अपराध पर लगाम

    वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने इस गिरफ्तारी को पुलिस की मेहनत और रणनीति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, “जिले में अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए हमारी टीम दिन-रात काम कर रही है। यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी कुख्यात अपराधी सलाखों के पीछे नहीं पहुंच जाते।” पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा की भावना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

    अपराधियों के लिए सख्त संदेश

    फोटु यादव जैसे कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी से गया पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अपराध के खिलाफ उसकी जीरो टॉलरेंस नीति अब और सख्त होगी। यह कार्रवाई न केवल पुलिस की सतर्कता को दर्शाती है, बल्कि अपराधियों के लिए एक चेतावनी भी है कि कानून से बचना अब मुमकिन नहीं।

  • रामनवमी पर्व पर निकली श्रीराम शोभायात्रा, चाकन्द और बेलागंज में सौहार्दपूर्ण माहौल, पुलिस की रही कड़ी निगरानी

    गया: भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर्व के अवसर पर गया जिले के बेलागंज, चाकन्द समेत अन्य कस्बों में शोभायात्रा हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। विभिन्न गांवों से श्रद्धालुओं ने पारंपरिक परिधान में भाग लेते हुए श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल रहा।

    चाकन्द थाना क्षेत्र में निकली रामनवमी शोभायात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एसएसपी आनंद कुमार, एएसपी अनवर जावेद अंसारी, डीएसपी (विधि व्यवस्था) रविप्रकाश सिंह और थानाध्यक्ष अवध किशोर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। जुलूस की निगरानी के लिए संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन कैमरे और वीडियोग्राफी के माध्यम से सतत निगरानी रखी गई।

    शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और जयघोष के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

    वहीं बेलागंज थाना क्षेत्र में भी रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शोभायात्रा के समापन तक सुरक्षा व्यवस्था संभाली और हर स्थान पर निगरानी बनाए रखी। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की सक्रियता एवं संयमित प्रयासों के चलते रामनवमी का यह पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

  • आईआईएम बोधगया ने अपने 7वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में 471 छात्रों को प्रदान की स्नातक उपाधि

    आईआईएम बोधगया ने अपने 7वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में 471 छात्रों को प्रदान की स्नातक उपाधि

    News Desk: भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बोधगया ने अपने 7वें वार्षिक दीक्षांत समारोह का आयोजन किया, जिसमें 471 छात्रों ने तीन प्रतिष्ठित शैक्षणिक कार्यक्रमों से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इस समारोह में मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) से 310, एमबीए डिजिटल बिजनेस मैनेजमेंट (डीबीएम) से 91 और एमबीए अस्पताल एवं हेल्थकेयर मैनेजमेंट (एचएचएम) से 70 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। यह आयोजन संस्थान के फ्लैगशिप एमबीए प्रोग्राम के साथ-साथ डीबीएम और एचएचएम के पहले बैचों के स्नातक का प्रतीक बना, जो उद्योग-केंद्रित और भविष्योन्मुखी शिक्षा पर आईआईएम बोधगया के बढ़ते फोकस को दर्शाता है।

    दीक्षांत समारोह की शुरुआत आईआईएम बोधगया के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य डॉ. जनमेजया सिन्हा के स्वागत भाषण से हुई। अपने प्रेरणादायक संबोधन में डॉ. सिन्हा ने कहा, “जहां आप हैं, वहां से शुरू करें, जो आपके पास है उसका उपयोग करें और जो आप कर सकते हैं, वह करें।” उनके शब्दों ने उपस्थित छात्रों और दर्शकों में उत्साह का संचार किया।

    संस्थान की निदेशक डॉ. विनीता सिंह सहाय ने वर्ष 2024-25 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें शैक्षणिक उत्कृष्टता, बुनियादी ढांचे के विकास और वैश्विक सहयोग पर प्रकाश डाला गया। प्लेसमेंट के आंकड़े साझा करते हुए उन्होंने बताया कि तीनों कार्यक्रमों के 441 पात्र उम्मीदवारों में से 370 से अधिक छात्रों को सफलतापूर्वक प्लेसमेंट प्राप्त हुआ। एमबीए बैच के शीर्ष 25% छात्रों ने औसतन 18 लाख रुपये प्रति वर्ष (एलपीए), डीबीएम के शीर्ष 25% ने 21 एलपीए और एचएचएम के शीर्ष 25% ने 15 एलपीए का औसत सीटीसी हासिल किया। समग्र बैच औसत क्रमशः एमबीए के लिए 12 एलपीए, डीबीएम के लिए 12 एलपीए और एचएचएम के लिए 11 एलपीए रहा। डेलॉइट, पीडब्ल्यूसी, एक्सेंचर, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा पावर जैसी प्रमुख कंपनियों ने भर्ती में हिस्सा लिया, जिसमें कंसल्टिंग, बीएफएसआई, आईटी और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्र शामिल रहे।

    समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। तीन श्रेणियों में स्वर्ण पदक प्रदान किए गए: चेयरमैन स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक और सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए आईआईएम बोधगया स्वर्ण पदक। एमबीए प्रोग्राम से मिहिर शॉ (चेयरमैन स्वर्ण पदक), अनिकेत कुमार गुप्ता (निदेशक स्वर्ण पदक) और गौड़ श्रीप्रसाद अरुण (सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन) सम्मानित हुए। डीबीएम प्रोग्राम से अंकिता (चेयरमैन स्वर्ण पदक), उदित अग्रवाल (निदेशक स्वर्ण पदक) और स्वप्निल संजय नरखेड़े (सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन) को पुरस्कार मिला। वहीं, एचएचएम प्रोग्राम से सत्यम कुमार (चेयरमैन स्वर्ण पदक), अभिनबा मन्ना (निदेशक स्वर्ण पदक) और आदर्श (सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन) को सम्मानित किया गया।

    समारोह का समापन ओएनजीसी के चेयरमैन और सीईओ अरुण कुमार सिंह के मुख्य अतिथि संबोधन के साथ हुआ। अपने प्रेरक भाषण में उन्होंने छात्रों से कहा, “एक बार जब आप चौड़ाई हासिल कर लें, तो गहराई पर ध्यान दें। शुद्ध लेने वाले के बजाय शुद्ध देने वाले बनें। सच्चा नेतृत्व लेने से ज्यादा देने से आता है।” उनके शब्दों ने जिम्मेदारी और दीर्घकालिक विकास का संदेश दिया।

  • बेलागंज के सिलौंजा मोड़ पर भीषण हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौत

    बेलागंज (गया): बेलागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलौंजा मोड़ के समीप रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार 45 वर्षीय चितरंजन कुमार की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब कोरमथु गांव निवासी चितरंजन अपनी मोटरसाइकिल से बेलागंज स्थित अपने आवास से गया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी, जिसके परिणामस्वरूप उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

    घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, किंतु परिजनों के पहुंचने तक भीड़ ने शव को पुलिस के हवाले करने में देरी की। इस कारण कुछ समय के लिए सड़क की एक लेन पर यातायात प्रभावित रहा। परिजनों के आगमन के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गया भेज दिया।

    हादसे की सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) गजानन मेहता, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) डॉ. राघवेंद्र कुमार शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बेलागंज थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि परिजनों से लिखित शिकायत प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक के खिलाफ जांच शुरू कर चुकी है।

  • शादी की तैयारी कर रहा था किसान, आग में राख हुए 580 बोझा गेहूं – बोला: अब बहन की शादी कैसे करूंगा?

    शादी की तैयारी कर रहा था किसान, आग में राख हुए 580 बोझा गेहूं – बोला: अब बहन की शादी कैसे करूंगा?

    रिपोर्ट: दीपक कुमार

    गया जिले के फतेहपुर प्रखंड के डुमरीचट्टी पंचायत अंतर्गत शाहपोखर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने एक गरीब किसान परिवार की उम्मीदों को राख में मिला दिया। शनिवार देर रात करीब 12 बजे, किसान द्वारिका यादव के खेत में रखे गेहूं के करीब 580 बोझे आग की भेंट चढ़ गए। खलिहान में रखी यह फसल उस मेहनत का नतीजा थी, जिसके भरोसे द्वारिका यादव और उनके परिवार का जीवन चलता था। लेकिन अब, इस आग ने न सिर्फ उनकी आजीविका छीन ली, बल्कि उनके सपनों को भी जलाकर खाक कर दिया।

    पीड़ित किसान के बेटे श्याम सुंदर यादव ने मगध लाइव को बताया कि यह फसल उनके परिवार के लिए जीवन रेखा थी। “हम छोटे किसान हैं। इसी खेती के भरोसे मेरा घर चलता है। इस बार अच्छी फसल हुई थी, और इसी के दम पर मेरी छोटी बहन की शादी तय हुई थी। कुछ महीनों बाद उसकी शादी होनी थी,” श्याम सुंदर ने भावुक होते हुए कहा। उनकी आवाज में दर्द साफ झलक रहा था जब उन्होंने आगे कहा, “लेकिन अब ये आग मेरे पूरे परिवार के लिए संकट बन गई है। मैं अपनी बहन की शादी कैसे कर पाऊंगा? सब कुछ खत्म हो गया।”

    रात के सन्नाटे में गूंजी चीखें

    वीडियो

    शनिवार की रात जब आग की लपटें खलिहान में उठीं, तो ग्रामीणों ने शोर सुनकर मदद के लिए दौड़ लगाई। लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि ग्रामीणों के तमाम प्रयास बेकार साबित हुए। देखते ही देखते, मेहनत से उगाई गई गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।

    परिवार की गुहार: सरकार से मुआवजे की मांग

    श्याम सुंदर ने बताया कि घटना की जानकारी फतेहपुर थाने में लिखित आवेदन के जरिए दी गई है। साथ ही, अंचलाधिकारी को फोन पर सूचना दी गई है। परिवार ने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि इस संकट की घड़ी में उनकी कुछ मदद हो सके। “हमारे पास अब कुछ नहीं बचा। सरकार अगर मदद नहीं करेगी, तो हमारा परिवार कहां जाएगा?” श्याम सुंदर की यह पुकार हर उस किसान की व्यथा को बयां करती है, जो प्रकृति और परिस्थितियों की मार से जूझता है।

    एक अनसुलझा सवाल: आग कैसे लगी?

    आग लगने के कारणों की जांच अभी बाकी है। क्या यह हादसा था, या इसके पीछे कोई साजिश? ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन सच्चाई सामने आने का इंतजार है। फिलहाल, द्वारिका यादव और उनके परिवार के लिए यह घटना एक ऐसी त्रासदी बन गई है, जिसने उनकी जिंदगी को अंधेरे में धकेल दिया।

    समाज और सरकार की जिम्मेदारी

    यह घटना न सिर्फ एक परिवार की कहानी है, बल्कि उन लाखों छोटे किसानों की हकीकत को उजागर करती है, जो अपनी मेहनत और फसल के भरोसे जिंदगी चलाते हैं। अब सवाल यह है कि क्या सरकार और समाज इस परिवार के साथ खड़ा होगा? क्या द्वारिका यादव के सपने फिर से हकीकत बन पाएंगे? शाहपोखर की यह आग सिर्फ गेहूं के बोझों को नहीं जलाकर गई, बल्कि एक गरीब किसान के परिवार की उम्मीदों को भी अपने साथ ले गई।