Blog

  • फतेहपुर में शराब तस्कर बेखौफ: पुलिस वाहन को टक्कर मारकर मौके से भागे

    फतेहपुर में शराब तस्कर बेखौफ: पुलिस वाहन को टक्कर मारकर मौके से भागे

    फतेहपुर: बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर बेखौफ होकर अवैध धंधे को अंजाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार सुबह फतेहपुर थाना क्षेत्र के गोपी मोड़-गुरपा मार्ग पर शराब माफियाओं ने पुलिस पर हमला कर दिया। झारखंड से शराब की बड़ी खेप आने की सूचना पर गश्ती पर निकली फतेहपुर पुलिस की वैन को तस्करों ने जानबूझकर टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

    टक्कर मारकर फरार हुए तस्कर

    क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन

    जानकारी के अनुसार, फतेहपुर पुलिस को झारखंड से शराब लाए जाने की खबर मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने गोपी मोड़ के पास घेराबंदी की। तभी गुरपा की ओर से आ रही एक चारपहिया वाहन ने पुलिस वैन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस हमले के बाद आरोपी वाहन और शराब छोड़कर मौके से फरार हो गए।

    पुलिस ने जब्त की अवैध शराब

    घटना के बाद पुलिस ने तत्काल इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तस्कर भागने में सफल रहे। फतेहपुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि मौके से शराब और तस्करी में इस्तेमाल की गई गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। इस मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद तस्कर लगातार अवैध शराब की सप्लाई में सक्रिय हैं। पुलिस प्रशासन पर हुए इस हमले ने शराब माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस को उजागर कर दिया है। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस सतर्क हो गई है और तस्करों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी कर रही है।

  • सरस्वती इंग्लिश अकादमी का 10वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, मुख्य अतिथि ने शिक्षा के महत्व पर दिया जोर

    सरस्वती इंग्लिश अकादमी का 10वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, मुख्य अतिथि ने शिक्षा के महत्व पर दिया जोर

    फतेहपुर (गया): प्रखंड क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रसिद्ध  सरस्वती इंग्लिश अकादमी, रघुनाथपुर ने अपना 10वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस भव्य आयोजन में शिक्षा और संस्कृति का सुंदर समागम देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत मानस (राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारतीय शिक्षण संघ) ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए छात्रों को प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय के निर्देशक से क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए निःशुल्क प्रवेश देने की अपील की, जिससे शिक्षा का प्रकाश हर वर्ग तक पहुंचे।

    मूर्तिकार की प्रेरणादायक कहानी से अभिभावकों को मिली सीख

    कार्यक्रम के मौके पर उपस्थित अतिथि

    कार्यक्रम के दौरान ब्रिज राज (गया जिला अध्यक्ष, भारतीय शिक्षण संघ) ने एक प्रेरणादायक कहानी के माध्यम से अभिभावकों को महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने एक मूर्तिकार और पत्थर की कथा सुनाई, जिसमें एक मूर्तिकार पत्थर से पूछता है कि क्या मैं तुम्हें तराशकर मूर्ति बना दूं? डर के कारण एक पत्थर मना कर देता है, लेकिन दूसरा पत्थर हर चोट और ठोकर सहने के लिए तैयार हो जाता है। परिणामस्वरूप, मूर्तिकार उसे एक सुंदर शिव प्रतिमा का रूप देता है, जिसे लोग पूजने लगते हैं। उन्होंने इस कथा के जरिए समझाया कि ठीक इसी तरह शिक्षक भी बच्चों को अपने ज्ञान से संवारते और गढ़ते हैं, जिससे वे एक सफल और सम्मानित इंसान बनते हैं।

    बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोहा

    कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने गीत-संगीत, नृत्य और नाटक की शानदार प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।

    • “चक दे इंडिया” गाने पर मनमोहन के जोशीले डांस ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया।
    • “मां तुझे सलाम” गीत पर नन्हे-मुन्ने बच्चों की भावनात्मक प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
    • “छोटा बच्चा जान के…” गाने पर बच्चों की मासूम और मनोरंजक प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके शानदार प्रदर्शन पर तालियों की गड़गड़ाहट से मंच गूंज उठा।
    भारत मानस, अध्यक्ष भारतीय शिक्षण संघ, और विद्यालय निर्देशक विमलेश कुमार

    विद्यालय के निर्देशक विमलेश कुमार ने सभी अतिथियों को बुके देकर सम्मानित किया उन्होंने विद्यार्थियों व अभिभावकों को थॉमस एल्वा एडिसन के बल्ब आविष्कार और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन चरित्र की प्रेरक कहानियों से प्रेरित किया।

    इस अवसर पर डॉ. शिवकुमार शर्मा (नालंदा जिला अध्यक्ष, भारतीय शिक्षण संघ), ब्रिज राज (गया जिला अध्यक्ष, भारतीय शिक्षण संघ), विनोद मेहरवार (गया जिला सचिव, भारतीय शिक्षण संघ), उदय कुमार (जिला सह सचिव, भारतीय शिक्षण संघ), नवीन मिश्रा (शेरघाटी अनुमंडल अध्यक्ष), रामावतार प्रसाद (प्रखंड अध्यक्ष, BSS फतेहपुर), रामदीप सिंह (जिला उपाध्यक्ष, BSS गया), प्रेम कुमार (जिला पार्षद, वार्ड 42) , डॉ. सनोज कुमार , गौरीशंकर विद्यार्थी ,मिथलेश कुमार और मुकेश यादव (पैक्स अध्यक्ष, धरहरा कलां) ,  ,सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने शिक्षा के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। समापन समारोह में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभी अतिथियों और अभिभावकों को उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

  • टिकारी एसडीपीओ के पहल पर कुंभ का भटका वृद्ध पहुंचा अपने घर झारखंड

    टिकारी संवाददाता: कुम्भ स्न्नान कर लौट रहे झारखंड का एक वृद्ध रास्ता भटककर पंचानपुर पहुंच गये। जहां घंटो भटकने और स्थानीय थाना की पुलिस और डायल 112 का सहयोग नही मिलने के कारण घंटो भटकते रहे। जिसके बाद एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल ने स्वयं पहल कर उनके स्वजनों का पता कर उन्हें पंचानपुर में होने की जानकारी दी। जानकारी के अनुसार पंचानपुर थाना क्षेत्र के लखीबाग के समीप ग्रामीणों ने एक अनजान वृद्ध को देखा। जब पूछताछ की तो वृद्ध ने बताया कि कुम्भ स्नान कर लौट रहे थे इसी क्रम में रास्ता भटक गये है। वृद्ध की पहचान झारखंड राज्य के भुरकुंडा थानाक्षेत्र के पतरातू ग्राम निवासी 60 वर्षीय जगमोहन प्रजापति के रूप में हुई।

    ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना व डायल 112 को दी लेकिन कोई कार्रवाई नही हुआ। इसी क्रम में शनिवार की देर रात्रि एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल विशेष समकालीन अभियान के तहत पंचानपुर पहुंचे। एसडीपीओ को वृद्ध के रास्ता भटकने की जानकारी मीडिया द्वारा दी गई। जिसके बाद वृद्ध द्वारा बताये गये सम्बंधित थाना से एसडीपीओ ने सम्पर्क स्थापित किया और वृद्ध के स्वजन को सूचना दी गई। साथ ही वृद्ध को तत्काल पंचानपुर थाना परिसर में रखवाते हुए एसडीपीओ ने आर्थिक मदद कर संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। रविवार की देर शाम उनके स्वजन थाना पहुंचे और वृद्ध को अपने साथ ले गये।

    डायल 112 व स्थानीय थाना ने नही की मदद ग्रामीणों के अनुसार वृद्ध के भटक कर क्षेत्र में आने की सूचना डायल 112 को दी गई। जानकारी मिलने के बाद डायल 112 की टीम पहुंची भी लेकिन कोई कार्रवाई नही की और वृद्ध को उसी हालत में छोड़ कर चली गई। वहीं जब मामले की जानकारी पंचानपुर थाना को दी गई तो पंचानपुर थाना की पुलिस ने भी बिना जांच पड़ताल किये रेलवे स्टेशन भेज देने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया। एसडीपीओ के पंचानपुर पहुंचने पर स्थानीय पुलिस टीम हरकत में आई।

  • मनुष्य को शक्ति का अहंकार नहीं करना चाहिए

    मनुष्य को शक्ति का अहंकार नहीं करना चाहिए

    टिकारी संवाददाता: टिकारी प्रखंड अंतर्गत अमरपुर गांव में आयोजित पंचकुंडीय विष्णु महायज्ञ के छठे दिन शनिवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राघवेन्द्रसरकार की कथा का श्रोताओं ने खूब आनंद लिया। कथावाचक डा. राम कृष्ण संजीवन जी महाराज ने सीता स्वयंवर एवं भगवान राम का वन गमन की चर्चा विस्तार से किया। उन्होंने कथा में बताया कि जिस धनुष को बड़े-बड़े शूरवीर हिला नहीं सके वह धनुष भगवान राम के हाथों में आते हीं टूट गया। भगवान परशुराम के क्रोधित होने पर भी उन्होंने शांत चित से उनके गुस्से को अपने वाणी से ठंडा कर दिया। उन्होंने कहा कि पुरषोत्तम राम कभी भी अपनी शक्ति का अहंकार नहीं दिखाया। जिस दौर में एक से अधिक पत्नी रखना राजा की शान का प्रतीक हुआ करता था, उस दौर में भगवान राम ने एक पत्नी रखकर नारी धर्म का मान सम्मान बढ़ाया।

    भगवान राम के राज्याभिषेक की सारी तैयारी हो चुकी थी। लेकिन पिता के वचनों का मान रखने के लिए अयोध्या का राज सिंहासन त्याग कर वन में जाना स्वीकार किया। डा. संजीवन ने कहा कि त्याग मनुष्य को महान बनाता है। इसलिए प्रत्येक मनुष्य में त्याग की भावना होनी चाहिए। भगवान राम ने एक आदर्श पुत्र का उदाहरण पेश किया। भगवान राम ने पुत्र, भाई, पति और मित्र हर रूप में एक आदर्श को स्थापित किया। हमें अपने बच्चों को बचपन से राम कथा सुनानी चाहिए। ताकि उनमें भी भगवान राम के संस्कार आ सके। इस पवित्र भूमि पर जन्म लेना गर्व की बात है।

  • गया में नाबालिग युवती से दुष्कर्म का असफल प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

    टिकारी संवाददाता: टिकारी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में नाबालिग युवती से दुष्कर्म करने का प्रयास करने का मामला सामने आया। मामले में आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार रविवार को दोपहर में खेत में आलू चुनने पहुंची एक नाबालिग किशोरी के साथ गांव के ही एक अधेड़ व्यक्ति द्वारा जबरन दुष्कर्म करने का असफल प्रयास किया गया। इस दौरान किशोरी द्वारा हल्ला करने के बाद आरोपित छोड़ कर भाग गया। जिसके बाद डायल 112 को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने पीड़िता नाबालिग को लेकर थाना लाई। घटना की जानकारी के बाद टिकारी थाना की पुलिस दल बल के साथ गांव पहुंची। जहां पुलिस को देख आरोपी भागने लगा। पुलिस ने लगभग दो किमी पीछा कर गहरपुर ग्राम के समीप से पकड़ लिया। आरोपित की पहचान महमन्ना ग्राम निवासी 45 वर्षीय मिथिलेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच व अग्रिम कार्यवाई में जुटी है।

  • गया पुलिस का बड़ा खुलासा: अवैध संबंध के विवाद में हुई थी पूर्व नक्सली की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

    गया पुलिस ने वजीरगंज थाना क्षेत्र के जमुआंवा गांव में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का खुलासा करते हुए 17 दिन के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे अवैध संबंधों की वजह से हुए विवाद का मामला सामने आया है।

    हत्या का मामला और पुलिस की त्वरित कार्रवाई

    7 फरवरी 2025 को अज्ञात अपराधियों ने पूर्व नक्सली रामविलास मांझी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गया पुलिस के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आनंद कुमार ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), वजीरगंज के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया।

    तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि हत्या में संलिप्त एक आरोपी सिवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। तत्पश्चात, विशेष टीम ने छापेमारी कर जितेंद्र चौहान (पिता- गोरेलाल चौहान, निवासी- हरिविगहा, थाना वजीरगंज, गया) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र चौहान ने पूछताछ में हत्या की साजिश और अपना जुर्म कबूल लिया। उसने बताया कि मृतक रामविलास मांझी का एक महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसे लेकर अक्सर झगड़े होते रहते थे। इसी विवाद के कारण उसने अपने सहयोगी के साथ मिलकर सबल और खंती से मारकर हत्या कर दी।

    हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद, अन्य आरोपी की तलाश जारी

    गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए सबल और खंती बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस अभी अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस संबंध में डीएसपी सुनील पांडेय ने मिडिया को बताया कि इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। इसके लिए तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी जारी है।

  • ब्रेकिंग न्यूज: SSB और गया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात नक्सली बिफन यादव गिरफ्तार

    गया: सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 29वीं वाहिनी और एजीआर-एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात नक्सली बिफन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह लंबे समय से कई संगीन मामलों में वांछित था।

    गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

    गया जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि छकरबंधा थाना क्षेत्र में वांछित नक्सली बिफन यादव (पिता: बीपत यादव) अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही एसएसबी 29वीं वाहिनी और एजीआर-एसटीएफ की एक विशेष टीम का गठन किया गया। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे सुरक्षा बलों ने समन्वित रणनीति के तहत छापेमारी कर बिफन यादव को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

    कई संगीन मामलों में वांछित था बिफन यादव

    गिरफ्तार नक्सली बिफन यादव नक्सली गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय था और छकरबंधा थाना कांड संख्या 17/सीएल तथा डुमरिया थाना कांड संख्या 111/14 समेत कई अन्य गंभीर मामलों में वांछित था। सुरक्षा एजेंसियों को उसकी लंबे समय से तलाश थी।

    संयुक्त अभियान में मिली सफलता

    इस अभियान को सफल बनाने में गया एजीआर-एसटीएफ और एसएसबी 29वीं वाहिनी, डुमरिया की टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नक्सल विरोधी इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। गिरफ्तारी के बाद बिफन यादव को डुमरिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके साथ और कौन-कौन लोग नक्सली संगठन में सक्रिय हैं।

    Report By: Diwakar Mishra Dumariya Correspondent

  • मोबाइल ट्रेड एसोसिएशन गया का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न, संजीव बरनवाल बने अध्यक्ष

    मोबाइल ट्रेड एसोसिएशन गया का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न, संजीव बरनवाल बने अध्यक्ष

    Report By: Deepak Kumar

    गया: मोबाइल ट्रेड एसोसिएशन गया के 2025-2027 सत्र के लिए चुनाव सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए, जिसमें सभी पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया। इस चुनाव में संजीव बरनवाल को एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया, जबकि पीयूष गुप्ता को सचिव और श्याम अग्रवाल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

    कार्यकारी समिति में शामिल नए सदस्य

    इसके अलावा, संगठन की कार्यकारी समिति के लिए राकेश कुमार, दीपक कुमार, साहिल कुमार और शंकर कुमार को सदस्य के रूप में चुना गया। इन सभी पदाधिकारियों और कार्यकारी समिति के सदस्यों को व्यापारिक समुदाय का पूरा समर्थन मिला। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जो एक निजी प्रतिष्ठान में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस समारोह में मोबाइल ट्रेड एसोसिएशन के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर एवं सम्मान पत्र प्रदान कर स्वागत किया गया।

    व्यापारियों को मजबूत संगठन का आश्वासन

    इस अवसर पर संजीव बरनवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे एसोसिएशन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का हरसंभव प्रयास करेंगे। सचिव पीयूष गुप्ता ने कहा कि एसोसिएशन व्यापारियों की आवाज को बुलंद करने के लिए हमेशा सक्रिय रहेगा और व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

    कार्यक्रम के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और नए नेतृत्व को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सभी ने एकजुट होकर एसोसिएशन को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।

  • टिकारी: लाव के प्रकांड विद्वान विजय मिश्र का आकस्मिक निधन, पंचायत के मुखिया बुलेट बाबा को पितृशोक

    टिकारी संवाददाता: टिकारी प्रखंड के लाव पंचायत के मुखिया आशुतोष कुमार मिश्र उर्फ बुलेट बाबा के पिता विजय मिश्र का शुक्रवार को अचानक निधन हो गया। 74 वर्षीय विजय मिश्र ने अपने गांव स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। मुखिया आशुतोष कुमार मिश्र ने बताया कि उनके पिता पिछले दो-तीन दिनों से अस्वस्थ थे, लेकिन शुक्रवार की सुबह उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। इस खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

    साहित्य और शास्त्रों के विद्वान थे विजय मिश्र

    विजय मिश्र न केवल हिन्दी और संस्कृत के प्रकांड विद्वान थे, बल्कि उर्दू भाषा के भी अच्छे जानकार माने जाते थे। वे रामायण, महाभारत, वेद, पुराण, उपनिषद और आयुर्वेद के गूढ़ ज्ञान में निपुण थे। साथ ही, विज्ञान के क्षेत्र में भी उनकी गहरी पकड़ थी। वह सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाते रहे थे। कई वर्षों तक वार्ड सदस्य के रूप में सेवा देने के अलावा, उन्होंने गांव में धनेश्वर नाथ मंदिर का निर्माण भी कराया था। उनके योगदान को ग्रामीण हमेशा याद रखेंगे।

    गांव में उमड़ा जनसैलाब, मुखिया पुत्र ने दी मुखाग्नि

    विजय मिश्र के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। उनके अंतिम यात्रा में सरपंच पारस कुमार, पैक्स अध्यक्ष कृष्ण गोपाल शर्मा, पूर्व सरपंच मिथिलेश प्रसाद, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक लवकुमार सिंह, सूर्यदेव सिंह, शिववचन सिंह, रणधीर सिंह, सुनील पाठक, बृजमोहन मिश्र, वायुनंदन मिश्र सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी। मुखिया आशुतोष कुमार मिश्र ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने विजय मिश्र के निधन को पंचायत के लिए अपूर्णीय क्षति बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।

  • गया में सीमेंट दुकान में लाखों की चोरी, बेखौफ बदमाशों ने तीसरी बार दिया घटना को अंजाम

    गया-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर चाकंद थाना क्षेत्र के चाकंद स्टेशन बाजार स्थित रौना मोड़ के समीप एक सीमेंट दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। गुरुवार की रात अज्ञात बदमाशों ने दुकान का शटर काटकर भीतर घुसने के बाद लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। अपराधियों ने केबिन का शीशा तोड़कर करीब 1.55 लाख रुपये नगद सहित कुल 9 लाख रुपये के सामान की चोरी कर ली।

    पहले भी हो चुकी है चोरी, पुलिस कार्रवाई शून्य
    पीड़ित दुकानदार राकेश रंजन ने चाकंद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके प्रतिष्ठान मां भवानी ट्रेडर्स में पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है, जिसकी एफआईआर चाकंद थाना में दर्ज है। लेकिन पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है।

    सुबह दुकान पहुंचे तो टूटा मिला ताला और शटर
    राकेश रंजन के अनुसार, वे गुरुवार की रात अपनी दुकान बंद कर घर गए थे। शुक्रवार सुबह जब दुकान पहुंचे तो देखा कि ताला टूटा हुआ था और शटर को भी काट दिया गया था। अंदर जाकर देखा तो केबिन का शीशा भी टूटा था, और उसमें रखा नगद रुपये, मोटोरोला एंड्रॉयड मोबाइल, एलईडी टीवी, सीसीटीवी कैमरे का सेटअप, हार्डडिस्क, रिंग बनाने की मशीन, आरओ मशीन सहित कई अन्य कीमती सामान गायब थे।

    पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगालने का दावा
    घटना की जानकारी मिलते ही चाकंद थानाध्यक्ष अवध किशोर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। हालांकि, पीड़ित दुकानदार का कहना है कि पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है, लेकिन किसी भी मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। लगातार हो रही घटनाओं से व्यवसायियों में भय का माहौल है और पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।