Blog

  • बेलागंज स्वास्थ्य केंद्र में बिना सर्जन चल रहा था ऑपरेशन, फर्जी डॉक्टर ने किए बंध्याकरण, हंगामे के बाद ओटी से भागा

    बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को आयोजित विशेष बंध्याकरण शिविर के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। अधिकृत सर्जन के समय पर न पहुंचने के कारण एक अवैध नर्सिंग होम संचालक ने महिलाओं का बंध्याकरण करना शुरू कर दिया। जब परिजनों को इस अनियमितता की जानकारी मिली, तो उन्होंने विरोध जताते हुए हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख अवैध चिकित्सक ऑपरेशन थिएटर (ओटी) छोड़कर फरार हो गया।

    शिविर में कुल 36 महिलाओं का पंजीकरण किया गया था, जिनके साथ बड़ी संख्या में उनके परिजन भी मौजूद थे। तय कार्यक्रम के अनुसार, ऑपरेशन के लिए अधिकृत सर्जन को समय पर पहुंचना था, लेकिन देर शाम तक कोई चिकित्सक उपलब्ध नहीं हुआ। इसी बीच, बेलागंज में संचालित एक अवैध नर्सिंग होम के संचालक ने स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर महिलाओं का बंध्याकरण करना शुरू कर दिया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित एएनएम भी वहां उपस्थित थी। जब परिजनों को पता चला कि एक अनधिकृत चिकित्सक ऑपरेशन कर रहा है, तो उन्होंने कड़ा विरोध जताया। इस दौरान तीन महिलाओं का ऑपरेशन हो चुका था। हंगामे की सूचना मिलते ही अवैध चिकित्सक मौके से भागने में सफल रहा।

    स्वास्थ्य प्रबंधक बिजेंद्र कुमार ने बताया कि वे जिला मुख्यालय में बैठक में थे, तभी उन्हें इस घटना की सूचना मिली। उन्होंने तुरंत जिला स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय कुमार ने बताया कि विशेष बंध्याकरण शिविर का संचालन शिवा नारायण एजेंसी द्वारा किया जाता है, जो प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को शिविर आयोजित करती है। देर शाम सूचना मिली कि बिना अधिकृत सर्जन के ऑपरेशन किया जा रहा है, जिसपर तत्काल रोक लगा दी गई। घटना के बाद कई महिलाएं बिना ऑपरेशन कराए ही घर लौट गईं, जबकि भर्ती मरीज देर रात तक अधिकृत चिकित्सक के आने का इंतजार करती रहीं।

  • गया और जहानाबाद का शराब माफिया 227 बोतल विदेशी शराब के साथ हुआ गिरफ्तार, थम नहीं रहा यह अवैध कारोबार

    देवब्रत मंडल

    गया जिले में अवैध शराब के परिवहन व बिक्री पर पूर्णतया रोक लगाने के लिए एक ओर जहां जिला पुलिस बल कोशिश कर रही है। वहीं मद्य निषेध विभाग द्वारा भी निरंतर प्रयास जारी है लेकिन शराब माफिया मानो दोनों की आंखों में धूल झोंककर आए दिन अपने कारोबार को करने में लगे हुए हैं। इस अवैध धंधे में शामिल लोगों के बारे में लोगबाग से कहते सुने जाते हैं कि शराब कारोबारी दिन दुगनी रात चौगुनी तरक्की कर रहे हैं। ऐसे ही लोगों के खिलाफ पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम लगातार अपनी कार्रवाई कर रही है। परंतु यह सिलसिला शराबबंदी लागू होने के बाद नहीं थम पाया है। इसी क्रम में गया जिला मद्य निषेध विभाग की एक टीम टेम्पो से ले जा रहे भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गया जिले के सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रिय रंजन ने बताया कि एक काले रंग के तीन पहिया पियाजियो आपे टेम्पू से शराब पकड़ी गई है। जिसका रजि. नं० बीआर-02 पीए-4262 है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

    उन्होंने बताया पटना-डोभी मुख्य मार्ग एनएच-83 पर जिंदापुर स्थित टोल प्लाजा के आगे ग्राम-शेखवारा, थाना- मगध विश्वविद्यालय, जिला-गया के पास की गई कार्रवाई में चन्दन कुमार, पिता स्व. गरीबन चौधरी, श्रीपुर, थाना बेलागंज, जिला गया एवं प्रिंस कुमार, पिता कमलेश चौधरी, साकिन मांदिल, थाना-परसबिगहा, जिला- जहानाबाद को गिरफ्तार किया गया है। जिसके कब्जे से 48 केन बियर तथा 179 बोतल व्हिस्की बरामद करते हुए वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया छापामार दल में अभिषेक कुमार, अवर निरीक्षक, सअनि रौशन कुमार, सअनि नूतन कुमारी एवं गृहरक्षक जवान शामिल थे।

  • केंद्रीय विद्यालय के पूर्व छात्रों का भावुक मिलन, 47 साल बाद फिर जगी यादें

    केंद्रीय विद्यालय के पूर्व छात्रों का भावुक मिलन, 47 साल बाद फिर जगी यादें

    गया के पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में एक ऐतिहासिक और भावनात्मक पुनर्मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह विशेष सम्मेलन उन पूर्व छात्रों के लिए था, जिन्होंने 47 साल पहले इसी विद्यालय में शिक्षा ग्रहण की थी। वर्षों बाद अपने पुराने दोस्तों और शिक्षकों से मिलने की खुशी उनके चेहरों पर झलक रही थी।

    दीप प्रज्वलन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

    समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने अपने स्वागत संबोधन में कहा, “आज का दिन हमारे लिए बेहद खास है। हमारे पुराने छात्र फिर से हमारे बीच हैं, यह हमारे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है।”

    यादों का सफर: जब 47 साल बाद मिले सहपाठी

    इस सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से पूर्व छात्र पहुंचे, जिनमें समरेंद्र कुमार भी शामिल थे। उन्होंने कहा, “यह विद्यालय हमारे जीवन की नींव रहा है। आज 47 साल बाद फिर से अपने साथियों और शिक्षकों से मिलकर भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा है।”

    पुराने दोस्तों ने एक-दूसरे को गले लगाया, अपने बचपन के दिनों को याद किया और विद्यालय के प्रांगण में घूमते हुए पुरानी यादों को ताजा किया। कई पूर्व छात्रों ने साझा किया कि यह विद्यालय न केवल उनकी शिक्षा का केंद्र था, बल्कि यहां उन्होंने जीवन के महत्वपूर्ण सबक भी सीखे।

    सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा

    कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जिसके बाद संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने माहौल को संगीतमय बना दिया। पूर्व छात्रों ने भी मंच पर आकर अपने हुनर का प्रदर्शन किया, जिससे यह सम्मेलन और भी यादगार बन गया।

    विदाई के साथ मिला दोबारा मिलने का वादा

    सम्मेलन के समापन पर प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि हमारे पूर्व छात्र आगे भी हमारे साथ जुड़े रहेंगे और इस रिश्ते को और मजबूत बनाएंगे।”

    इस भावुक मिलन ने साबित कर दिया कि समय बीत सकता है, लेकिन यादें और संबंध कभी पुराने नहीं होते। पूर्व छात्रों ने एक-दूसरे से वादा किया कि वे फिर से मिलेंगे और इस परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।

  • ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन की गया शाखा ने अखिल भारतीय मांग दिवस पर किया प्रदर्शन

    देवब्रत मंडल

    ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन, नई दिल्ली के आह्वान पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन गया शाखा ने ‘अखिल भारतीय मांग दिवस’ के अवसर शुक्रवार को संयुक्त क्रु लॉबी के सामने अपने प्रदर्शन द्वारा रेल प्रशासन के समक्ष 21 सूत्री प्रमुख मांगों के अलावा अन्य मांगों को भी रखा। ईसीआरकेयू गया शाखा ने क्षेत्रीय समस्याओं के अलावा राष्ट्रीय समस्याओं को भी रेल कर्मचारियों के हित में मेमोरेंडम द्वारा रेल प्रशासन के समक्ष रखा। मिथिलेश कुमार केंद्रीय कोषाध्यक्ष हाजीपुर सह केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य एआईआरएफ नई दिल्ली ने उपस्थित कर्मचारियों एवं यूनियन पदाधिकारी को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी लोकल मांगो को मंडल स्तर पर समाधान में बहुत विलंब हो रहा है साथ ही केंद्रीय स्तर पर रेलवे बोर्ड के पीएनएम एजेंडा को भी स्वीकृत करने के उपरांत लागू करने में काफी विलंब हो रहा है जिसके कारण रेल कर्मचारियों के बीच आक्रोश व्याप्त है। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन गया शाखा के शाखा सचिव मुकेश सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के हित में हमारी यूनियन पहले भी लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ाई जारी रखेगी। कर्मचारियों को परेशान होने नहीं दिया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय कोषाध्यक्ष हाजीपुर मिथिलेश कुमार के अलावा गया शाखा अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद शाखा मंत्री मुकेश सिंह, अजीत कुमार श्रीवास्तव ,बीके चौधरी, वीरेंद्र कुमार ,विनोद कुमार, सुमित कुमार ,बबलू कुमार सिंहा, सुजीत कुमार ,युवा शाखा अध्यक्ष रविंद्र कुमार सचिव राकेश कुमार ,छेदीलाल गुप्ता, राकेश रंजन, किरण कुमारी, योगेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार के अलावा बहुत सारे लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर उपस्थित थे।

  • बिना टिकट रेलयात्रा करने को सोच रहे हैं तो हो जाएं सावधान, जेल भी पड़ सकता है जाना

    बिना टिकट रेलयात्रा करने को सोच रहे हैं तो हो जाएं सावधान, जेल भी पड़ सकता है जाना

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेलवे द्वारा पूरे डीडीयू मंडल अंतर्गत स्पेशल टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में बिना टिकट तथा बिना उचित प्राधिकार के रेल यात्रा करने पर लगाम लगाए जाने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही यात्री जागरूकता के लिए लगातार सघन टिकट चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। गया जंक्शन पर भी यह अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें कई लोग पकड़े गए, जिनसे जुर्माना वसूला गया है।

    सतर्क हो जाएं, नहीं तो जाएंगे पकड़े

    अगर आपके पास टिकट नही है, या फिर आपने प्लेटफार्म टिकट भी नहीं लिया है तो सतर्क हो जाएं। आपको बड़ा जुर्माना देना पड़ सकता है।

    महाकुंभ अब अंतिम पड़ाव पर, परंतु भीड़ अभी भी

    बता दें कि इन दिनों प्रयागराज महाकुंभ अब अंतिम पड़ाव पर है। आखिरी दिनों में भी लोगों की आस्था में कमी नहीं देखी जा रही है। ट्रेनों में भीड़ है।

    आरपीएफ और जीआरपी यात्रियों की सुविधा के लिए कर रहे जीतोड़ मेहनत

    जीआरपी और आरपीएफ के जवानों द्वारा यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा के लिए जीतोड़ मेहनत की जा रही है। इन सभी के बीच कुछ लोग ऐसे भी है जो कि कुम्भ के भीड़ का फायदा उठाते हुए बिना टिकट रेल द्वारा सफर करने की सोच रहे हैं। ऐसे में उन यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा जो कि उचित प्राधिकार के यात्रा कर रहें।

    बड़ी संख्या में टिकट चेकिंग कर्मी व आरपीएफ कर्मी हैं तैनात

    टिकट चेकिंग अभियान में वाणिज्य अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में टिकट चेकिंग कर्मी व आरपीएफ कर्मी तैनात हैं। अलग-अलग विशेष टिकट चेकिंग दस्ते बनाकर गया जंक्शन पर सभी दिशाओं से आवागमन वाली ट्रेनों में तथा स्टेशनों के प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रवेश/निकास आदि जगहों पर पूरी किलेबंदी के साथ सघन टिकट जांच की जा रही है।

    रेलवे की यात्रियों से अपील

    रेलवे ने लोगों से अपील किया है कि टिकट चेकिंग अभियान जारी रहेगा। रेलवे का यात्रियों से अनुरोध है कि बिना टिकट कभी भी रेल यात्रा न करें। यह दंडनीय है। रेलवे का सहयोग करें और सभी की सुविधा हेतु सदैव रेल टिकट लेकर चयनित श्रेणी में ही रेल यात्रा करें।

  • गया में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला: पुलिस ने पहले आरोपी शिक्षक को छोड़ा, बाद में मीडिया में सुर्खियां बनी तो दर्ज की गई FIR

    गया में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला: पुलिस ने पहले आरोपी शिक्षक को छोड़ा, बाद में मीडिया में सुर्खियां बनी तो दर्ज की गई FIR

    रिपोर्ट: दीपक कुमार

    फतेहपुर, गया – गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बगोदर में एक शिक्षक द्वारा 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठे हैं। आरोपी शिक्षक धीरज पांडे को पुलिस ने थाने में लाकर कुछ घंटों बाद ही छोड़ दिया, लेकिन मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद दूसरे दिन FIR दर्ज की गई।

    घटना की पृष्ठभूमि

    पीड़िता के दादा द्वारा थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, 18 फरवरी 2025 को स्कूल की छात्रा पिंकी कुमारी (काल्पनिक नाम) जब अपनी दो सहेलियों के साथ चापाकल पर पानी पीने जा रही थी, तो प्रभारी शिक्षक धीरज पांडे (50 वर्ष) ने उसे अपने कक्ष में बुलाकर अशोभनीय व्यवहार किया। घटना के बाद बच्ची रोती हुई घर पहुंची और परिवार को सारी बात बताई।

    परिवार का आरोप: पुलिस ने दिखाई मेहरबानी

    19 फरवरी को परिवार और ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर धीरज पांडे से सवाल किए, लेकिन उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। ग्रामीणों की सूचना पर विद्यालय पहुंची फतेहपुर थाने की पुलिस ने आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की, मगर कुछ घंटों बाद ही उसे छोड़ दिया। पीड़िता के दादा ने आरोप लगाया, “पुलिस ने हमारी बात नहीं सुनी। दूसरे दिन जब केस की नकल लेने थाने गया तो ड्यूटी पर रहे अपर थाना प्रभारी ओमशंकर ओझा से हमने सिर्फ इतना पूछा कि सर आप शिक्षक को क्यों छोड़ दिए इतने में अपर थाना अध्यक्ष ने हमें  डांट फटकार कर भगा दिया और कहा, ‘तुम मेरा मालिक हो क्या? “

    वहीं इस संबंध में थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि कल शाम में छुट्टी से लौटा हूं। आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

    मीडिया में खबरों के बाद FIR, पुलिस की खामोशी

    जब यह मामला स्थानीय मीडिया एवं सोशल मीडिया में सुर्खियां बनी, तो 20 फरवरी को पुलिस ने धीरज पांडे के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज की। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने यह स्पष्ट करने से इनकार कर दिया कि आरोपी को पहले क्यों छोड़ा गया।

    आरोपी का पुराना रिकॉर्ड भी खराब

    पीड़िता के दादा द्वारा दिए गए लिखित शिकायत में खुलासा हुआ कि धीरज पांडे पर पहले भी स्कूल की एक शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ का आरोप लग चुका है। उस समय उसने माफी मांगकर मामला रफा-दफा करवाया था।

    शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच

    इस मामले पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) ने प्रखंड शिक्षा अधिकारी को तत्काल जांच का आदेश दिया है। DEO ने बताया, “अगर शिक्षक दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।” ग्रामीणों ने स्कूल प्रशासन और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए त्वरित न्याय की मांग की है।

    यह मामला न केवल एक शिक्षक की नैतिक जिम्मेदारी पर सवाल उठाता है, बल्कि पुलिस की जवाबदेही और मीडिया की भूमिका को भी रेखांकित करता है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या पीड़िता के परिवार को न्याय मिल पाएगा या फिर यह मामला भी फाइलों की धूल चाटने के लिए अटक जाएगा।

  • गया में नकली नोट की खोज में निकली पुलिस को मिल गया असली नोटों के कई बंडल, एक करोड़ से अधिक रुपयों के साथ एक गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    गया पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हवाला रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक व्यक्ति को 1 करोड़ 6 लाख 28 हजार 900 रुपये की अवैध नकदी के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी इस भारी-भरकम रकम के स्रोत को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।

    गया के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अपराध की रोकथाम और अवैध गतिविधियों में लिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 19-20 फरवरी 2025 की रात्री में पुलिस को सूचना मिली कि कोतवाली थाना क्षेत्र के पीपरपाती इलाके में जाली नोट और हवाला कारोबार चलाया जा रहा है।

    सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें कोतवाली और सिविल लाइन थानों के पुलिसकर्मियों के साथ-साथ तकनीकी शाखा के अधिकारी भी शामिल थे। विशेष टीम ने जब कोतवाली थाना क्षेत्र के पीपरपाती इलाके में एक किराए के मकान में छापेमारी की, तो वहां एक कमरे से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। कमरे में रखे बैग और झोले की तलाशी लेने पर 1 करोड़ 6 लाख 28 हजार 900 रुपये की नकदी मिली। जांच में यह रकम असली पाई गई।

    जब पुलिस ने वहां मौजूद व्यक्ति से इस नकदी के बारे में पूछताछ की, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। बाद में उसने कबूला कि यह पूरा पैसा हवाला कारोबार से जुड़ा हुआ है और उसे अपने मालिक के निर्देश पर लाया गया था। गया पुलिस ने बरामद नकदी को विधिवत ज़ब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच के लिए आरोपी को आयकर विभाग (पटना) के अधिकारियों के हवाले कर दिया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति  सुनील शर्मा राजस्थान के चूरू जिले के रहने वाला है। गया पुलिस की इस कार्रवाई से हवाला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रकम का असली मालिक कौन है और यह पैसा कहां इस्तेमाल होने वाला था।

  • खेल आयोजन से समाज मे बढ़ती है आपसी समरसता, खिलाड़ियों में आता है निखार: सांसद कुशवाहा

    टिकारी संवाददाता: टिकारी प्रखंड के अर्कडिबरीया के खेल मैदान पर आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच बुधवार को खेला गया। जिसमें हरना मठ की टीम ने सुंदरपुर की टीम को 111 के बड़ी अंतर से पराजित कर दिया। इस अवसर पर आयोजित शील्ड वितरण समारोह के मुख्य अतिथि औरंगाबाद के राजद सांसद अभय कुशवाहा ने मंचासीन अतिथियों के साथ विजेता और उप विजेता टीम को ट्राफी और पुरस्कार प्रदान किया। समारोह को संबोधित करते हुए सांसद कुशवाहा ने कहा खेल से भाईचारा और आपसी एकता बढ़ता है। साथ ही स्थानीय तौर पर खेल के प्रति युवाओं में प्रेरणा का संचार होता है और प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान होता है।

    सांसद ने क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि संसदीय क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हम कृतसंकल्पित है। इस अवसर पर आयोजन समिति द्वारा सांसद से गांव में खेल स्टेडियम निर्माण करने की मांग रखी। जिसपर सांसद कुशवाहा में युवाओं से आवेदन की मांग करते हुए शीघ्र स्टेडियम निर्माण कराने का भरोसा दिया। इससे पूर्व सांसद के पहुंचने पर आयोजक व ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत और सम्मान में जिंदाबाद के नारे लगाए गए। आयोजित समारोह में पूर्व जिला पार्षद पिंकराज चक्रवर्ती, राजद नेता सुरेश यादव, विनोद शर्मा, बंटी यादव, टूर्नामेंट आयोजन समिति के दीपक कुमार, ऋषि कुमार, राजीव शर्मा, गोलू कुमार, संजय कुमार, किन्नू कुमार आदि सहित बड़ी संख्या खेल प्रेमी व ग्रामीण मौजूद थे।

  • परैया के अमोखर में शहीद सूबेदार संतोष कुमार को नम आंखों से अंतिम विदाई, अंतिम यात्रा के उमड़ा जन सैलाब

    परैया के अमोखर में शहीद सूबेदार संतोष कुमार को नम आंखों से अंतिम विदाई, अंतिम यात्रा के उमड़ा जन सैलाब

    टिकारी संवाददाता: लेह टैंक हादसे में शहीद हुए भारतीय सेना की 71 इंजीनियरिंग रेजिमेंट के वीर सपूत सूबेदार संतोष कुमार का अंतिम संस्कार बुधवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव परैया के अमोखर में किया गया। जैसे ही तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, चारों ओर गमगीन माहौल में ‘संतोष कुमार अमर रहें’ के नारे गूंज उठे।

    मोरहर नदी के अस्मशान घाट पर उनके पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, गणमान्य व्यक्ति और निजी व सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं चिलचिलाती धूप में सड़क किनारे खड़े रहे और पुष्प वर्षा करते हुए शहीद को श्रद्धांजलि दी।
    सूबेदार संतोष कुमार की पत्नी कनक कुमारी ने अपने पति के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम यात्रा की अगुवाई की। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। वहीं, बड़े पुत्र शुभम ने उन्हें मुखाग्नि दी। शहीद के पिता, पत्नी, और बच्चों की अश्रुपूरित आंखें देख वहां मौजूद लोगों का मन भावुक हो गया।

    शहीद की पत्नी ने दी कंधा, बेटे ने दी मुखाग्नि

    सूबेदार संतोष कुमार की पत्नी कनक कुमारी ने अपने पति के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम यात्रा की अगुवाई की। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। वहीं, बड़े पुत्र शुभम ने उन्हें मुखाग्नि दी। शहीद के पिता, पत्नी, और बच्चों की अश्रुपूरित आंखें देख वहां मौजूद लोगों का मन भावुक हो गया।

    सेना ने दी अंतिम सलामी, गूंजे देशभक्ति के नारे

    अंतिम संस्कार के दौरान सेना के जवानों ने शहीद को सैन्य सम्मान के साथ सलामी दी। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘संतोष कुमार अमर रहें’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। लोगों ने पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

    गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि

    शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। विधान पार्षद कुमुद वर्मा, गुरुआ विधायक विनय कुमार यादव समेत कई नेताओं ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। विधायक विनय कुमार यादव ने कहा, “सूबेदार संतोष कुमार का बलिदान क्षेत्र के लिए गर्व और गौरव का क्षण है। उनके बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा। उनके परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी।”

  • पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने किया पटना-डीडीयू-गया रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, संरक्षा और यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर

    पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने किया पटना-डीडीयू-गया रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण, संरक्षा और यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर

    न्यूज डेस्क: पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने आज पटना-डीडीयू और डीडीयू-गया-किऊल रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशनों, रेल पुलों, रेलवे ट्रैक, ओचई, सिगनलिंग सिस्टम सहित यात्री सुविधा और संरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं का गहन मूल्यांकन किया। महाप्रबंधक ने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

    बक्सर स्टेशन और डीडीयू यार्ड का विस्तृत निरीक्षण

    निरीक्षण के दौरान बक्सर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, पैदल उपरिगामी पुल, सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य बुनियादी ढांचागत व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। इसके साथ ही, डीडीयू यार्ड का निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक ने परंपरागत आईआर लाइन और डीएफसीसी लाइन के जुड़ाव के तकनीकी पहलुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की।

    डीएफसीसी लाइन और सासाराम-डेहरी-गया रेलखंड का गहन मुआयना

    DFCC लाइन की विंडो निरीक्षण करते महाप्रबंधक क्षत्रसाल सिंह

    महाप्रबंधक ने न्यू गंजख्वाजा से न्यू चिरैला पौथू स्टेशन तक डीएफसीसी लाइन पर विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए संरक्षा मानकों की समीक्षा की। इसके बाद, सासाराम-डेहरी ऑन सोन-गया रेलखंड का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें यात्री सुविधा, संरक्षा और परिचालन कुशलता के विभिन्न पहलुओं पर गहन मुआयना किया गया।

    संरक्षा और सेवा गुणवत्ता में सुधार के लिए निर्देश

    निरीक्षण के दौरान, महाप्रबंधक ने संरक्षा और सेवा गुणवत्ता को उच्चतम स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने, तकनीकी खामियों को दूर करने और यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।

    वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति

    निरीक्षण के दौरान दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री जयंत चौधरी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश गुप्ता अपने-अपने क्षेत्राधिकार में उपस्थित रहे। महाप्रबंधक ने दोनों मंडलों के अधिकारियों के साथ संरक्षा और सेवा गुणवत्ता में सुधार की रणनीतियों पर भी चर्चा की।

    यात्रियों की सुविधा और संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

    पूर्व मध्य रेलवे द्वारा किए गए इस विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण का उद्देश्य यात्री सुविधाओं में सतत सुधार और संरक्षा मानकों को सुदृढ़ बनाना है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके। महाप्रबंधक के निर्देशों के अनुसार, सभी संबंधित विभागों को तत्परता से कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।