फतेहपुर प्रखंड में पैक्स चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल रंजन ने बताया कि मतदाता सूची और मतदान केंद्रों की सूची प्रकाशित कर दी गई है। नामांकन प्रक्रिया 11 नवंबर से प्रारंभ होगी, जहां इच्छुक उम्मीदवार पैक्स अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए एनआर रसीद कटवा सकते हैं। सामान्य वर्ग के लिए नामांकन शुल्क 1000 रुपये और महिला एवं आरक्षित वर्ग के लिए 500 रुपये रखा गया है। रसीद काटने का कार्य सोमवार से शुरू होगा और इसे 13 नवंबर तक कराया जा सकेगा।
पांच काउंटर पर होगा नामांकन पत्र जमा:
नामांकन के लिए पांच काउंटर बनाए गए हैं, जिन पर अलग-अलग पंचायतों के उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे।
काउंटर 1: मतासो, नगर पंचायत फतेहपुर, मोरहे, मेयारी
काउंटर 2: नौडिहा सुल्तानपुर, नगवां, नीमी भारे
काउंटर 3: बारा, उत्तरी लोधवे, दक्षिणी लोधवे, कठौतिया केवाल
प्रत्येक काउंटर पर बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं ताकि नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
निर्वाचन की तिथियां:
संवीक्षा (स्क्रूटनी): 14 से 16 नवंबर 2024
नाम वापसी: 19 नवंबर 2024
मतदान: 26 नवंबर 2024
मतगणना: 27 नवंबर 2024
निर्वाचन प्रक्रिया का समापन: 29 नवंबर 2024
फतेहपुर प्रखंड में पैक्स चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने सभी जरूरी कदम उठाए हैं।
गया नगर निगम पहुंचे भारतीय प्रशासनिक सेवा के 24 प्रशिक्षु अधिकारियों के दल ने श्रमदान कर मोक्षदायिनी फल्गु नदी के तट पर बने सीता पथ की साफ सफाई की। सभी झाड़ू लेकर स्वच्छता का संदेश दिया। रविवार को इन सभी का भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी नगर निगम आयुक्त कुमार अनुराग ने नगर निगम के सभागार में स्वागत किया। यहां इन सभी प्रशिक्षु आईएएस का स्वागत करते हुए नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने इस दल को गया नगर निगम के कार्यों और दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद यह दल गया नगर निगम परिसर में बने QR कंट्रोल रूम में पहुंचे। यहां डोर टू डोर कचरे के उठाव से लेकर कचरा ढोने वाले वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम को करीब से देखने के बाद नैली स्थित कचरा प्रबंधन के प्लांट को देखा। ये सभी जानना चाहते थे कि शहर में उठाए जा रहे विभिन्न प्रकार के कचरों का आखिर क्या किया जाता है यानी ठोस कचरा प्रबंधन की बारीकियों को समझने की कोशिश की।
यहां के बाद यह दल विष्णुपद मंदिर के नजदीक फल्गु नदी पर शमशान घाट से सीताकुंड को जाने वाली सीता पथ की कर्मचारियों के साथ साफ सफाई की। ऐसा करते हुए दल ने शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक बने रहने का संदेश दिया। यहां के बाद प्रशिक्षु आईएएस का दल देवघाट, गयाजी डैम आदि को देखा। हालांकि इस दल में शामिल प्रशिक्षु अधिकारियों को अलग अलग ग्रुप में शहर के कई हिस्सों में भ्रमण के लिए निकलना था लेकिन समयाभाव के कारण सभी एकसाथ ही नगर निगम के कार्यकलापों को देखा।
देर शाम विष्णुपद मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद सभी बिपार्ड लौट गए। इस भ्रमण और प्रशिक्षण कार्य के दौरान सिटी मैनेजर आशिफ़ सेराज, उप नगर आयुक्त शिवनाथ ठाकुर, स्वछता पदाधिकारी मानव सारंग उर्फ मोनू, नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक चंद्रमोहन उर्फ चिंटू आदि साथ थे।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 24 प्रशिक्षु अधिकारी रविवार को गया नगर निगम पहुंचे। इन सभी का भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी नगर निगम आयुक्त कुमार अनुराग ने किया। अपने स्वागत के लिए प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने नगर आयुक्त के प्रति आभार जताते हुए बधाई दी है। गया नगर निगम के सभागार में इन सभी प्रशिक्षु आईएएस का स्वागत करते हुए नगर आयुक्त कुमार अनुराग ने इस दल को गया नगर निगम के कार्यों के बारे में बताया। इसके बाद यह दल गया नगर निगम क्षेत्र में भ्रमण पर निकल गए हैं। विश्वसनीय स्रोत से मिली जानकारी के अनुसार प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी का दल मेयर के आवास जिस वार्ड नंबर 10 में है वहां जायेगा।
इसके साथ ही वार्ड नंबर 11 के अलावा विष्णुपद क्षेत्र, फल्गु नदी के तट पर देवघाट और सीताकुंड आदि सहित व्यवसायिक वार्डों का भी भ्रमण करेगा। इसी बीच दल को यह सूचना मिल गई कि वार्ड नं 10 एवं 11 में दल को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराने के लिए कुछ लोग तैयारियां कर रहे हैं तो दल को अपने कार्यक्रम में फेरबदल करना पड़ गया। इसके बाद नैली टंचिंग ग्राउंड का अवलोकन करने निकल गए हैं। इस बीच एक बात चर्चा में यह आई कि प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों के दल का मेयर के वार्ड में स्वागत की तैयारियां की जा रही थी लेकिन दल के नहीं आने के कारण क्षेत्र के लोग मायूस हो गए।
गया में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक खास अवसर आ रहा है। अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया के तत्वावधान में Delhivery Private Limited द्वारा मंगलवार, 12 नवंबर को एक दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर गया-बोधगया रोड, केंदुई स्थित नियोजनालय कार्यालय (सरकारी आईटीआई के बगल में) में सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा।
भर्ती पद और आवश्यकताएं
इस रोजगार शिविर में Delhivery Private Limited द्वारा Delivery Boy के पद पर भर्ती की जाएगी। इस पद के लिए उम्मीदवारों के पास निम्नलिखित योग्यताएं होना अनिवार्य है:
शैक्षिक योग्यता: 10वीं या 12वीं पास
अनिवार्य दस्तावेज: बाइक ड्राइविंग लाइसेंस और मोबाइल फोन
आयु सीमा: 18 से 60 वर्ष
इस शिविर में चयनित उम्मीदवारों को गया जिले में ही रोजगार का अवसर प्राप्त होगा, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर काम करने का लाभ मिलेगा।
वेतन और लाभ
चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन (₹10,000 – ₹16,000 प्रतिमाह) के साथ-साथ पीएफ और ईएसआईसी की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
पंजीकरण और प्रक्रिया
नियोजन पदाधिकारी सुश्री आकृति कुमारी ने बताया कि इस शिविर में Delhivery Private Limited द्वारा कुल 50 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। रोजगार शिविर में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों का एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। यदि किसी अभ्यर्थी का पंजीकरण नहीं है, तो वह नियोजनालय में आकर इसे निःशुल्क पूरा कर सकते हैं। इस शिविर में भाग लेना पूर्णतः निःशुल्क है।
कैसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार अपने बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथि पर नियोजनालय पहुंच सकते हैं। इस शिविर में शामिल होने से गया के युवाओं को बेहतर भविष्य की ओर कदम बढ़ाने का मौका मिलेगा।
गया जिले के महकार थाना अंतर्गत कुडवा बाजार के पास एक बालू लोड ट्रैक्टर से गश्ती दल द्वारा पैसे मांगने की सूचना सामने आई है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गया के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष भारती ने त्वरित कार्रवाई की है।सूचना के आधार पर एसएसपी ने इस घटना की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), नीमचक बथानी को निर्देश दिए। जांच के बाद गश्ती दल में शामिल पुलिसकर्मियों को गलत आचरण का दोषी पाया गया।
जांच रिपोर्ट के बाद स०अ०नि० राजेश कुमार राय, महिला सिपाही 1292/खुशबू कुमारी, महिला सिपाही 2817/पिंकी कुमारी और सैफ चालक संतोष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसके साथ ही, महकार थानाध्यक्ष से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है और अनुशासनहीनता के लिए उन पर भी कार्रवाई की संभावना है। एसएसपी के इस कदम को भ्रष्टाचार के मामलों पर कड़ी कार्रवाई का संकेत माना जा रहा है, जिससे पुलिसकर्मियों के अनुशासनहीन आचरण पर सख्त संदेश गया है।
गया जिले के अतरी प्रखंड के सीढ़ पंचायत के टेउसा गांव में स्थित श्री सूर्य नारायण मनोकामना मंदिर के तालाब में छठ पूजा घाट के निर्माण का शिलान्यास समारोह शुक्रवार को विधिवत तरीके से सम्पन्न हुआ। अतरी विधानसभा के विधायक अजय कुमार यादव उर्फ रंजीत यादव ने पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़ते हुए छठ घाट निर्माण का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
टेउसा समाज विकास संगठन के मीडिया प्रभारी कुलदीप कुमार चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस छठ घाट के निर्माण के लिए विधायक फंड से 13 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। विधायक अजय कुमार यादव ने कहा कि उन्होंने जो वादा किया था, उसे आज पूरा कर रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही इस मंदिर के समीप एक सामुदायिक भवन का भी निर्माण कराया जाएगा।
विधायक ने कहा कि स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं और छठ व्रतियों की यह मांग थी कि उन्हें छठ पूजा के लिए दूर नहीं जाना पड़े। अब इस छठ घाट के निर्माण से लोगों को इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी और वे इसी स्थान पर छठ पूजा के महापर्व को सम्पन्न कर सकेंगे।
इस शिलान्यास कार्यक्रम में टेउसा समाज विकास संगठन के अध्यक्ष छोटू चौधरी, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार गुप्ता, सचिव मुकेश कुमार, उपाध्यक्ष डब्लू कुमार और अनिल चौधरी सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी कुलदीप चौधरी के अलावा जर्मनी पासवान, लाल बाबू, धनंजय कुमार, मनीष कुमार यादव, संतोष सागर, रंजीत पासवान, मुन्ना यादव और सरजू यादव समेत अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
गया जिले के सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के केवला टोला रामचक गाँव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां 59 वर्षीय खेलावन मांझी की शौच के दौरान पैर फिसलने से आहार में डूबने से मौत हो गई। खेलावन मांझी सुबह शौच के लिए गाँव के पास स्थित छोटकी बांध आहर गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया, जिससे वे संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में डूब गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने खेलावन को पानी से निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्यवश तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही सिंधुगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हादसे ने गाँव में शोक की लहर फैला दी है। खेलावन मांझी के अचानक निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा दुःख व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चेन्नई स्थित उनके आवास पर कुष्ठ रोगियों के हितों को लेकर हुई लंबी बातचीत
देवब्रत मंडल
गया नगर निगम के पूर्व वार्ड पार्षद डॉ विनोद कुमार मंडल पूर्व राष्ट्रपति स्व. आर. वेंकटरमन की पुत्री पद्मा(पदमा) वेंकटरमन से मुलाकात कर पूरे देश में कुष्ठ रोगियों के कल्याण को लेकर लंबी बातचीत की है। डॉ. मंडल बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष हैं। जो चेन्नई जाकर पूर्व राष्ट्रपति स्व. आर. वेंकटरमन की पुत्री पद्मा वेंकटरमन से मिलने उनके आवास पर गए थे। डॉ. मंडल ने बताया कि श्रीमती पद्मा से कुष्ठ रोगियों के साथ अपृश्यता (छुआछूत) और उनकी समस्याओं पर उनकी लंबी बातचीत हुई है। इसके बाद उन्होंने इस कार्य में अपनी तरफ से बढ़-चढ़कर सहयोग करने का भरोसा दिलाई हैं।
पूर्व राष्ट्रपति की पुत्री की संप्रति
श्रीमती पद्मा ग्लोबल कैंसर कंसर्न की ट्रस्टी, वीमेन इंडियन सोसाइटी के अध्यक्ष, गांधी पीस फाउंडेशन, चेन्नई की संरक्षक, रेजिंग स्टार आउटरीच संस्था की चेयरमैन, नेशनल फोरम की सलाहकार, गणोदय पुनर्वास एसोसिएशन की अध्यक्ष के साथ साथ श्रीनिवासा गांधी निलायम संस्था की उपाध्यक्ष भी हैं। सबसे बड़ी बात है कि श्रीमती पद्मा कुष्ठ रोगियों के लिए काफी कुछ कर रही हैं।
कुष्ठ रोगियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल
डॉ. विनोद कुमार मंडल ने बताया कि श्रीमती पद्मा से मिलकर उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोगियों को आज समाज की मुख्यधारा में साथ लेकर चलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान भी कह चुका है कि कुष्ठ रोग छुआछूत की बीमारी नहीं है लेकिन समाज में इनके प्रति गलत अवधारणा आज भी बनी हुई है। सभ्य समाज में रहने वाले बड़े बड़े पदों पर आसीन लोग भी कुष्ठ रोगियों को हीन भावना से देखते हैं, जिससे समाज के अंतिम पायदान पर रह रहे कुष्ठ रोगियों और इनके परिवार स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। श्री मंडल ने बताया कि श्रीमती पद्मा ने उनकी बातों से सहमति जताई है कि कुष्ठ रोगियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए होटलों और बंद कमरों में इस पर चर्चा करने की जरूरत नहीं है बल्कि गांव गांव और मोहल्ले मोहल्ले में जाकर इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। सरकार के अलावा जिला प्रशासन एवं समाज के सभी वर्ग के लोगों को इसके लिए आगे आना होगा।
कुष्ठ रोगियों के साथ सामूहिक भोज करने से लोग होंगे जागरूक
डॉ. विनोद कुमार मंडल ने कहा इन्हें(कुष्ठ रोगियों को) साथ लेकर सामूहिक भोज आदि जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक दूरियों को मिटाना होगा। जगह जगह जागरूक करने के लिए कार्यक्रम करने की जरूरत है। तब कहीं जाकर हाशिये पर जीवन व्यतीत कर रहे कुष्ठ रोगियों का कल्याण संभव है।
कुष्ठ रोगियों के पेंशन में असमानता, आंध्र प्रदेश की तर्ज पर देने की मांग
डॉ. विनोद कुमार मंडल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ सबका विकास के विचारों को लेकर देशवासियों के लिए काफी कुछ कर रहे हैं लेकिन इन कुष्ठ रोगियों के पेंशन अलग अलग राज्यों में विभिन्नता, असमानता देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश में कुष्ठ रोगियों को छह हजार रुपए मासिक पेंशन दिया जाता है। जबकि बिहार में 15 सौ रुपए, झारखंड में एक हजार, उत्तर प्रदेश में 35 सौ, चेन्नई में एक हजार, मेघालय, नागालैंड और मिजोरम में दो सौ रुपये पेंशन दिया जाता है जबकि पश्चिम बंगाल में यह राशि एक हजार रुपए है। श्री मंडल ने केंद्र सरकार से आंध्र प्रदेश की तर्ज पर पूरे देश के कुष्ठ रोगियों को एक समान छः हजार रुपए मासिक पेंशन की राशि देने की मांग की है।
आंदोलन में साथ देने का श्रीमती पद्मा ने दिया आश्वासन
उन्होंने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति स्व. आर. वेंकटरमन की पुत्री पद्मा वेंकटरमन ने उनकी मांगों का समर्थन किया है और समरूपता के दृष्टिकोण से उनके भविष्य के आंदोलन में साथ देने की बात कहीं हैं। डॉ मंडल ने बताया कि पहले राज्यों में और इसके बाद दिल्ली में बापू की समाधि स्थल के पास धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। इसको लेकर जल्द ही कार्यक्रम तय कर दिए जाएंगे।
पूर्व राष्ट्रपति की पुत्री और डॉ. मंडल एक दूसरे की सेवा से हुए प्रभावित
श्रीमती पद्मा ने जब जाना कि बिहार के गया के रहने वाले पूर्व वार्ड पार्षद सह बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष श्री मंडल कुष्ठ रोगियों के घाव पर मरहमपट्टी किया करते हैं। उनके हाथों बने भोजन किया करते हैं। कुष्ठ रोगियों की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर चुके हैं तो ये सारी बातें जानकर उन्हें काफी खुशी हुई। इनसे वे काफी प्रभावित हुईं। श्री मंडल अबतक कई राज्यों में जाकर वहां के कुष्ठ आश्रम व अस्पताल में रह रहे मरीजों से मिल चुके हैं। उनकी समस्याओं को समझने और सुनने के बाद वहां की सरकार और राज्यपाल से मिलकर इनकी समस्याओं को दूर कराने के लिए प्रयास करते आ रहे हैं। यहां तक कि कुष्ठ रोगियों की मृत्यु के पश्चात उनके दाह संस्कार में भी शरीक होते हैं। वहीं डॉ मंडल ने कहा कि श्रीमती पद्मा इतने बड़े घर से आने वाली हैं और जब उन्हें पता चला कि कुष्ठ रोगियों की सेवा में लगी हुई हैं तो इनसे मिलने की इच्छा हुई। मिलकर और इनके कार्यों को देखने के बाद इनसे प्रेरणा लेकर बिहार लौट रहे हैं।
गया। बिहार के गया जिले के वजीरगंज बस स्टैंड पर शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। ढाई साल तक प्रेम संबंध में बंधी एक युवती ने अपने प्रेमी द्वारा शादी से इनकार के बाद आहत होकर आत्मदाह का प्रयास किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब ढाई साल पहले इस प्रेम कहानी की शुरुआत हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरा था और बीते वर्ष जब बात थाने तक पहुंची, तो दोनों परिवारों के बीच समझौता हुआ कि युवती के 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर विवाह कर दिया जाएगा। इस समझौते के बाद युवती अपने 18वें जन्मदिन का इंतजार करती रही, जो 8 नवंबर को था।
अपने जन्मदिन के ठीक बाद, छठ पूजा के अवसर पर वह शादी की उम्मीदों के साथ अपने प्रेमी के घर पहुंची, मगर वहां उसकी उम्मीदें बिखर गईं। प्रेमी के परिवार ने उसका स्वागत करने के बजाय उसे थप्पड़ मारा और उसका मोबाइल छीन लिया। इस अपमान के बाद वह चुपचाप घर लौट आई लेकिन गहरे मानसिक आघात में थी।
शनिवार की सुबह, वह एक बार फिर अपने प्रेमी के घर पहुंची, परंतु वहां भी उसे अस्वीकृति का सामना करना पड़ा और इस बार भी उसे भगा दिया गया। हताशा और गुस्से से तड़पती हुई युवती ने पेट्रोल की बोतल खरीदी और वजीरगंज बस स्टैंड पर स्थित प्रेमी की दुकान पर पहुंचकर आत्मदाह का प्रयास किया। उसके चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई, और आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की। इस घटना के बाद डायल 112 की पुलिस टीम ने उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है, और डॉक्टर उसकी जिंदगी बचाने के प्रयास में जुटे हैं।
इस दर्दनाक घटना का एक पहलू यह भी है कि युवती आठवीं तक पढ़ी है और अपने मूक-बधिर पिता के बिना अपनी मां और भाई के साथ रहती है। उसके पिता कोलकाता में काम करते हैं। दूसरी ओर, उसका प्रेमी सौरभ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पटना में रहता है। सौरभ के परिवार की सब्जी की दुकान वजीरगंज बस स्टैंड पर है, जहां युवती का परिवार भी सब्जी का व्यवसाय करता है।
गया। गया शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी है। बाइपास पुल के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया, जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही विष्णुपद थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया। घायल युवक को तुरंत अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस हादसे से नाराज स्थानीय लोग हाइवा चालक को पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ पड़े। स्थिति बिगड़ते देख चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस मृतक और घायल युवक की पहचान में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।