Blog

  • गया में सौंदर्यीकरण के नाम पर ‘अहिंसा स्तंभ’ को पहुंचाया जा रहा नुकसान, मामला अल्पसंख्यक मंत्रालय व आयोग जा पहुंचा

    गया में सौंदर्यीकरण के नाम पर ‘अहिंसा स्तंभ’ को पहुंचाया जा रहा नुकसान, मामला अल्पसंख्यक मंत्रालय व आयोग जा पहुंचा

    देवब्रत मंडल

    उत्तर भारत की सांस्कृतिक नगरी ‘गयाजी’ में सौंदर्यीकरण के बहाने विरासतों को संभालने के बजाय उसे नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। जिसको लेकर गया के अधिवक्ता अंशुमन नागेन ने एक महत्वपूर्ण विरासत की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए अल्पसंख्यक मामले के मंत्री एवं आयोग को एक पत्र लिखकर विरासत को बचाने और इसके वजूद को नष्ट करने वाले दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

    मामला गया समाहरणालय के सामने जल फव्वारा का

    अधिवक्ता श्री नागेन ने आयोग को लिखे पत्र में कहा है कि हम प्राचीन शहर ‘गयाजी’ के नागरिक हैं। हर साल लाखों-लाख तीर्थयात्री इस शहर में आते थे। कि यह भगवान विष्णु, भगवान बुद्ध और भगवान महावीर की प्रतीक नगरी है। उन्होंने बताया है कि गया समाहरणालय के पास एक फव्वारा था जिसे विकसित किया गया था और संगमरमर से सजाया गया था। जिस पर महावीर के शिक्षण संदेश और अतीत की घटनाओं का सचित्र चित्रण था और भगवान महावीर और पवित्र चिन्ह अंकित थे।

    1905 ई. में शिल्पकार पद्मश्री उपेंद्र महारथी ने बनाया था यह ‘अहिंसा स्तंभ’

    जिस स्तंभ की बात हो रही है, उसका निर्माण 1905 ई. में दीपावली के दिन हुआ था। जिसके अभिकर्ता देश के महान शिल्पकार पद्मश्री उपेंद्र महारथी थे। इस स्तंभ के एक हिस्से में यह बात उल्लेखित है।

    भगवान महावीर के संदेश लिखे शिलालेख को तोड़ दिया गया

    उन्होंने कहा है कि जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए इस फव्वारे पर जैन धर्म का संदेश ‘अहिंसा परमो धर्म:’ विवरण वाला शिलालेख तोड़ दिया गया। जो अहिंसा और सार्वभौमिक का संकेत था। उन्होंने कहा है कि जैन समुदाय ने बड़े पैमाने पर जनता के हित में कई विकास कार्य किए हैं और इस तरह से नुकसान पहुंचाया जा रहा है। यह कृत्य पूरी तरह से अमानवीय है और अहिंसा में विश्वास रखने वाले पूरे समुदाय की भावना के खिलाफ है।

    फव्वारे के विकास की आड़ में क्रूरतापूर्वक नुकसान पहुंचाया गया

    उन्होंने कहा है कि गया नगर निगम द्वारा अच्छी तरह से काम करने वाले फव्वारे के विकास की आड़ में क्रूरतापूर्वक नुकसान पहुंचाया गया है। मूर्ति और उसमें अंकित संदेश, जनता की मेहनत की कमाई को बर्बाद कर रहे हैं। इनकी शिकायत है कि बस! घटिया ठेकेदारों को संपर्क देना और फव्वारा के विकास की आड़ में जनता के पैसे की हेराफेरी करना। जो निगम का नियमित फैशन बन गया है। उन्होंने कहा कि सीएजी ने गया म्युनिसिपल कारपोरेशन की कार्यप्रणाली पर कई आपत्तियां उठाई है।

    इस फव्वारे को उसके मूल आकार में बहाल करने की मांग

    अधिवक्ता श्री नागेन ने आयोग से अनुरोध किया है कि इस फव्वारे को उसके मूल आकार में बहाल किया जाए। इस फव्वारे को क्रूरतापूर्वक नष्ट करने के लिए संबंधित कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए और न्याय करें।

  • ‘मगध लाइव’ की खबर का असर, कई दिनों से पड़ी लाश देर रात पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा

    ‘मगध लाइव’ की खबर का असर, कई दिनों से पड़ी लाश देर रात पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा

    देवब्रत मंडल

    ‘मगध लाइव’ न्यूज़ चैनल पर सोमवार को प्रसारित खबर का असर हुआ और पिछले कई दिनों से फल्गु नदी के पास पड़ी एक अज्ञात व्यक्ति की लाश को पुलिस ने बरामद कर देर रात ही पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

    सोमवार को magadhlive ने अपने चैनल पर ‘गया में फल्गु नदी के पास अज्ञात व्यक्ति की लाश बनी पहेली’ शीर्षक से एक रिपोर्ट प्रसारित किया था। देर शाम तक यह खबर रेल महकमे में खोज का विषय बन गया। इसके बाद लाश को पुलिस ने बरामद कर पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचवा दिया।

    खबर के आधार पर रेल पुलिस कार्रवाई में जुट गई

    गया रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने खबर पर संज्ञान लिया। इसके बाद उन्होंने लाश की बरामदगी के लिए लखन(जो रेल क्षेत्र में लाशों को डिस्पोजल करने का काम करता है) को बुलाया। इसके बाद आगे की कार्यवाही शुरू हुई।

    पिता और दो पुत्रों ने मिलकर उठाया लाश को

    लाशों को डिस्पोजल करने का काम करने वाले लखन ने magadhlive को बताया कि उन्हें रेल थाना द्वारा बताया गया था कि ट्रेन से कटकर किसी की मौत हो गई है। इसके बाद सोमवार की देर रात वे(लखन) और उनके दो पुत्र कार्तिक और गणेश घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता था तो कोतवाली पुलिस ने लाश को बरामद किया। इसके बाद रात 10:30 बजे के बाद लाश को अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया गया।

    केवल कंकाल बचा हुआ था

    जिस अज्ञात व्यक्ति की लाश पिछले कई दिनों से लाश पड़ी थी उसका केवल कंकाल ही शेष बचा हुआ था, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पहचान अबतक नहीं हुई है। मौत कैसे हुई? इसका पता अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही चल पाएगा।

    घटनास्थल के आसपास मोहल्ले वालों से हो सकती है पूछताछ

    जिस जगह पर से लाश को बरामद किया गया है। उस जगह आसपास दो मोहल्ले हैं। एक बेलदारी टोला और दूसरा बादाम टोला। इस मोहल्ले के लोगों से पूछताछ के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर यहां लाश कैसे और किस हालात में इतने दिनों तक पड़ी हुई थी। इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करती है तो इस रहस्य पर से पर्दा उठ सकता है।

    लाश से सिर थे गायब, पहचान कर पाना मुश्किल

    बता दें कि गया-मानपुर रेलखंड के किमी 476/19-21(अप लाइन) से कुछ दूर एक झाड़ी में लाश पड़ी हुई थी। जहां रेल पथ बिछाने के लिए कंक्रीट के स्लीपर रखे हुए थे। इसी के बगल में व्यक्ति की लाश पड़ी हुई थी। लाश के सिर नहीं थे। जिससे उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है।

  • गया में रूसी महिला का iPhone झपटकर चोर फरार, चोर की हुई पहचान, पुलिस की पकड़ से बाहर

    गया में रूसी महिला का iPhone झपटकर चोर फरार, चोर की हुई पहचान, पुलिस की पकड़ से बाहर

    देवब्रत मंडल

    प्रतीकात्मक चित्र

    गया: बिहार के गया में एक रूसी महिला यात्री का आईफोन चलती ट्रेन से झपट लिया गया। घटना के बाद से पुलिस ने अपराधी की पहचान कर ली है, लेकिन अब तक वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के दिन घटी, जब देशभर में जश्न का माहौल था।

    घटना का विवरण: रूसी महिला यात्री नीना नीकोनिरोवा, जो गया से कामाख्या जा रही थी, के साथ यह घटना 17 सितंबर को गया-कामाख्या एक्सप्रेस के कोच एस-10 में हुई। जब ट्रेन गया-मानपुर रेलवे स्टेशन के बीच से गुजर रही थी, उस वक्त नीना अपने मोबाइल से फल्गु नदी का वीडियो बना रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके हाथ से झपट्टा मारकर आईफोन छीन लिया और फरार हो गया।

    कांड दर्ज होने में हुई देरी: हालांकि घटना 17 सितंबर को हुई थी, लेकिन पीड़िता के शिकायत दर्ज कराने में कुछ देरी हुई, क्योंकि वह सफर के दौरान थी। 3 अक्टूबर को जब पीड़िता की लिखित शिकायत रेल थाना पहुंची, तब जाकर गया रेल थाना में मामला दर्ज किया गया।

    रेल प्रशासन में मची हलचल: रूसी महिला के साथ हुई इस घटना की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी तुरंत रेलवे एसपी और आईजी तक पहुंचाई गई। कंट्रोल मैसेज जारी होते ही पुलिस ने अपराधी की तलाश के लिए अपने पूरे तंत्र को सक्रिय कर दिया।

    अपराधी की पहचान लेकिन गिरफ्तारी बाकी: गया रेल थानाध्यक्ष, निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि अपराधी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और अपराधी की गिरफ्तारी की कोशिशें जारी हैं।

  • गया जंक्शन पर 22.8 करोड़ रुपए के सोना चांदी व नकद पकड़ी गई, 35.50 लाख के मादक पदार्थ

    गया जंक्शन पर 22.8 करोड़ रुपए के सोना चांदी व नकद पकड़ी गई, 35.50 लाख के मादक पदार्थ

    आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय प्रकाश का उपलब्धियों से भरा रहा तीन साल का कार्यकाल

    ✍️देवब्रत मंडल

    अनुकूल परिस्थितियों में सही तरह से काम करना तो ज्यादातर लोग जानते हैं। मगर जो विपरीत परिस्थितियों में खुद पर काबू रखते हुए काम को अंजाम देता है, असल में वही विजेता होता है। अक्सर लोग परिस्थितियां प्रतिकूल रहने पर घबरा जाते हैं और लक्ष्य और दायित्व दोनों छूट जाते हैं। हम बात आरपीएफ के एक ऐसे पदाधिकारी की कर रहे हैं जिन्होंने अपने दायित्व को संभालने के बात कभी थके नहीं, हारे नहीं, निरंतर चिंता और चिंतन के साथ साथ मनन करते हुए आ रहे हैं।

    विगत समय में अपराधियों का गया जंक्शन पर बोलबाला रहा था

    आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश

    एक समय था कि गया जंक्शन के इर्द गिर्द अपराधियों का एक ऐसा साम्राज्य स्थापित था कि रेल संपति से लेकर रेलयात्रियों की सुरक्षा में सेंधमारी की अक्सर कहानियां सुनने को मिलते थे लेकिन इधर तीन चार सालों से ऐसे अपराधियों पर केवल अंकुश हीं नहीं लगा है बल्कि अपराध की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी कहीं छिप भी जाता है तो रसातल से भी ढूंढ निकाला जाता है।

    हम बात कर रहे हैं पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल के गया जंक्शन की। इस जंक्शन पर कार्यरत रेलवे सुरक्षा बल के पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश की। जिन्होंने इस पोस्ट में 7.10.2021 को अपना पदभार ग्रहण किया। इनके तीन साल के कार्यकाल का जब आंकलन किया गया तो जो तथ्य सामने आए, जिसे देख कहा जा सकता है एक कुशल नेतृत्व देने वाले पदाधिकारियों के अधीनस्थ कार्य करने वाली टीम भी बहुत कुछ सीख सकती है।

    आइये जानते हैं कुछ ऐसे तथ्य जो अन्य पदाधिकारियों से कुछ अलग अंदाज है इनके

    आरपी(यूपी) एक्ट यानी अवैध कब्जे में रेल संपति के 75 मामलों का उद्भेदन के साथ 155 अपराधियों की गिरफ्तारी हुई। साथ ही करीब चार लाख की रेल संपति बरामद किया गया। वहीं अन्य रेलवे एक्ट के तहत 5666 मामलों में 5716 लोगों की गिरफ्तारी के साथ 99 लोगों को जेल भेजा गया। 16.51 लाख रुपए जुर्माना वसूला गया।

    मादक पदार्थों से लेकर पशु पक्षियों कर तस्कर पकड़े गए

    ट्रेन द्वारा शराब, प्रतिबंधित मादक पदार्थ अफीम, गांजा व पशु पक्षियों के तस्करी के कई मामले पकड़ने में कामयाबी हासिल की। करीब 35.50 लाख रुपए मूल्य के बराबर इन चीजों की बरामदगी के साथ 115 लोगों को सलाखों के पीछे भेजा।

    सोना चांदी के अलावा नकद तो करोड़ रुपए से उपर जब्त किए गए

    इंस्पेक्टर अजय प्रकाश के नेतृत्व में टीम ने 10.11 करोड़ रुपए मूल्य के बराबर सोने चांदी जब्त किए गए साथ ही इन मामलों में 15 को डिटेन किया गया। भारतीय मुद्रा यानी नोट बरामदगी के मामले में 12 करोड़ 07 लाख करीब 52 हजार रुपए बरामद करते हुए आधा दर्जन लोगों को डिटेन किया गया। वहीं आठ रिवाल्वर और 10 जिंदा कारतूस के साथ 13 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

    सैकड़ों यात्रियों के छूट गए सामानों की बरामदगी कर हुई सुपुर्दगी

    यात्रियों की सेवा में निरंतर लगी हुई टीम ने 332 यात्रियों के 34 लाख 30 हजार 412 रुपए के सामानों को उन्हें सुपुर्द किया। 54 यात्रियों की जीवन की रक्षा की। 114 बच्चों को बाल मजदूरी कराने वाले तस्करों से मुक्त कराया। तीन तस्कर को गिरफ्तार किया गया। साथ ही करीब 500 निःशक्त यात्रियों को सेवाएं प्रदान करते हुए सहायता पहुंचाई गई।

    1.37 हजार लोगों को अनाधिकृत यात्रा करने के जुर्म में पकड़ा गया

    पोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश के अबतक के कार्यकाल के दौरान इनके नेतृत्व में टीम ने अनाधिकृत रूप से विभिन्न ट्रेनों में यात्रा करने वाले 1.37 लाख लोगों को पकड़ा। जिससे रेल को अतिरिक्त राजस्व के रूप में 8 करोड़ 72 हजार रुपये प्राप्त हुए।

    रेल थाना के भी कई कांडों के सफल उद्भेदन में किया सहयोग

    गया जंक्शन पर लंबे समय से जारी विकासोन्मुखी कार्यों के कारण रेलवे स्टेशन चारो तरफ से खुला खुला हुआ है। ऐसे में अपराधियों द्वारा कई तरह की घटना को अंजाम दिया गया और कई अंजाम देने के फिराक में प्लेटफॉर्म पर विचरण करते हैं। ऐसे अपराधियों की गिरफ्तारी में रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने कई कांडों का केवल सफल उद्भेदन नहीं किया बल्कि कई शातिर अपराधियों को जेल के सलाखों के पीछे भेजने में कामयाबी हासिल की।

  • बेलागंज के पड़ाव मैदान पर रावण वध की तैयारियों का एसडीएम और डीएसपी ने किया निरीक्षण

    रिर्पोट -अजीत कुमार ,बेलागंज

    बेलागंज: आगामी रावण वध कार्यक्रम को लेकर बेलागंज के ऐतिहासिक पड़ाव मैदान में तैयारियां जोरों पर हैं। इसी सिलसिले में सदर अनुमंडल पदाधिकारी कृशलय श्रीवास्तव, विधि व्यवस्था डीएसपी रवि प्रकाश सिंह, और अंचलाधिकारी गजानंद मेहता ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

    निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने रावण वध समिति के सदस्यों से कार्यक्रम के दौरान जुटने वाली भीड़ और अन्य तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। समिति के सदस्यों ने बताया कि मैदान में स्थित प्राचीन काली मंदिर के कारण बेलागंज, टिकारी, और मखदुमपुर थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल होते हैं, जिससे भीड़ प्रबंधन एक महत्वपूर्ण पहलू रहेगा।

    इस मौके पर एसडीएम और डीएसपी ने स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों को सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण टीम में एसआई विपिन कुमार सिंह, रंजीत कुमार, कार्यक्रम के अध्यक्ष रविंद्र नाथ त्रिपाठी, रघुवंश त्रिपाठी, महेश पांडे, और अरुंजय कुमार सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे।

    अधिकारियों ने स्थल पर की जा रही तैयारियों की सराहना करते हुए सुनिश्चित किया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। रावण वध का यह वार्षिक आयोजन क्षेत्र के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है, और प्रशासन इसे सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।

  • गया बार एसोसिएशन की आठ वर्षों से चुनाव नहीं हुआ, वर्तमान कमेटी को भंग करने की मांग, तीन सौ अधिवक्ताओं ने लिखा पत्र

    गया बार एसोसिएशन की आठ वर्षों से चुनाव नहीं हुआ, वर्तमान कमेटी को भंग करने की मांग, तीन सौ अधिवक्ताओं ने लिखा पत्र

    देवब्रत मंडल

    गया बार एसोसिएशन, गया के 300 अधिवक्ता सदस्यों ने गया बार एसोसिएशन के सचिव को एक पत्र लिखकर सदस्यों की आम बैठक बुलाकर वर्तमान कमिटी को भंग करने और आम चुनाव की घोषणा करने की मांग की है।

    2016-18 सत्र के लिए हुए चुनाव के बाद नहीं हुए चुनाव

    अधिवक्ताओं ने सचिव को सौंपे पत्र में कहा है कि गया बार एसोसिएशन की वर्तमान कमिटी के गठन, गया बार एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा की गयी चयन के अनुकूल सत्र 2016-18 के लिए की गयी थी। पूर्व की परम्परा के मुताबिक एसोसिएशन के प्रशासनिक कमिटी के सदस्यों का चुनाव एक वर्ष के लिए की जाती थी, परंतु बाद में बिहार स्टेट बार काउंसिल, पटना के द्वारा दिए गये नियमन के अनुकूल, सत्र की अवधि दो वर्षों के लिए की गयी। आगे कहा है कि बिहार स्टेट बार कॉसिल, पटना द्वारा दिए गये नियमों के अनुकूल एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव का चुनाव दो वर्षों के लिए की जाती रही है,

    आठ वर्षों से लेखा जोखा प्रस्तुत नहीं किया गया

    परन्तु वर्तमान कमिटी, द्वारा विगत 8 वर्षों में आज तक गया बार एसोसिएशन के सदस्यों की कोई आम बैठक तक नही बुलायी गयी। साथ ही पूर्व के परम्परा के मुताबिक कमिटी को एसोसिएशन के आमदनी खर्च का लेखा-जोखा एसोसिएशन के सदस्यों के समक्ष प्रत्येक वर्ष देने की परम्परा रही है, परन्तु वर्तमान कमिटी द्वारा विगत 8 वर्षों से एसोसिएशन के आमदनी खर्च का कोई लेखा-जोखा आम बैठक बुलाकर नहीं दी गयी। जिसे अधिवक्ताओं ने शर्मनाक विषय बताया है।

    चुनाव की प्रक्रिया को शिथिल करने का आरोप

    आगे लिखा गया है कि बिहार स्टेट बार कॉसिल, पटना के द्वारा यह नियमन प्रस्तावित है कि कोई भी सचिव और अध्यक्ष लगातार दो चुनाव के उपरांत तीसरे सत्र के लिए चुनाव नहीं लड़ सकते है, परन्तु वर्तमान कमिटी द्वारा चुनाव लड़ना, संचालन कराना तो दूर, चुनाव की प्रक्रिया को शिथिल कर आजीवन कमिटी को बनाये रखना चाहते हैं। जिसका परिणाम है कि विगत चार सत्र बीत जाने के उपरांत भी चुनाव कराना तो दूर रहा, चुनाव की घोषणा तक नहीं की गयी।

    कानूनसम्मत कार्रवाई एवं आंदोलन की घोषणा

    ऐसी स्थिति में अधिवक्ताओं ने कहा कि हमलोग बार एसोसिएशन के सदस्य व्यथित होकर यह आवेदन दे रहे है कि इस अनियमित व्यवस्था को अविलंब भंग कर गया बार एसोसिएशन के सदस्यों की आम बैठक एक सप्ताह के अन्दर बुलाकर चुनाव की घोषणा करने की कृपा करें। अन्यथा गया बार एसोसिएशन के सदस्य कानून सम्मत कार्रवाई करने तथा आपेक्षित आंदोलन करने के लिए बाध्य होगें।

  • फतेहपुर में अनियंत्रित वाहन ने दो महिलाओं को कुचला, एक की मौत

    फतेहपुर में अनियंत्रित वाहन ने दो महिलाओं को कुचला, एक की मौत

    गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गया-रजौली सड़क मार्ग पर स्थित कठीऔंध गांव के पास एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने सड़क किनारे मवेशी चरा रही दो महिलाओं को कुचल दिया। घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन चालक नशे में धुत था।

    घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया, लेकिन मौका पाते ही वह फरार हो गया। घायल महिलाओं को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फतेहपुर में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें गया रेफर कर दिया गया। गया जाने के दौरान एक महिला, मुन्नी देवी (पति मनोज पंडित), ने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरी घायल महिला रामरती देवी का इलाज मगध मेडिकल में चल रहा है।

    इस दर्दनाक घटना के बाद कठीऔंध गांव में मातम पसर गया है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और वे प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।

  • पति के लिए बिछाया मौत का जाल, पत्नी ही हो गई शिकार: गया में हत्या की साजिश का सनसनीखेज खुलासा

    पति के लिए बिछाया मौत का जाल, पत्नी ही हो गई शिकार: गया में हत्या की साजिश का सनसनीखेज खुलासा

    गया, (बिहार) – चंदौती थाना क्षेत्र के कंडी नवादा से बुनियादगंज जाने वाली सड़क पर एक दिल दहला देने वाली घटना ने सबको चौंका दिया है। यहां एक महिला को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। हैरानी की बात यह है कि इस हत्या की असली साजिश उसके पति की हत्या करने की थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पुलिस ने इस मामले में 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों – एक महिला रेशमी देवी और एक युवक सिद्धि कुमार – को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने इस पूरी साजिश को अंजाम दिया। इस केस में बेवफाई, हत्या और ईश्वर के न्याय का ऐसा संयोग हुआ है, जो किसी भी इंसान के रोंगटे खड़े कर दे।

    प्रेम-प्रसंग और बेवफाई की कहानी

    जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मृतक महिला के पति की हत्या की साजिश उसी की बेवफाई का नतीजा थी। सिद्धि कुमार ने पुलिस को बताया कि उसके दोस्त का मृतक महिला के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस प्रेम कहानी में एक और मोड़ तब आया, जब प्रेमी ने अपने ही प्रेमिका के पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई, ताकि वह बेफिक्र होकर अपनी प्रेमिका के साथ रह सके। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था—गोली पति के बजाय पत्नी को लग गई, जिससे यह साजिश ही उसके लिए मौत का कारण बन गई।

    ईश्वर का न्याय या महज एक इत्तेफाक?

    देखे गया एसएसपी आशीष भारती क्या बता रहे है?

    एसएसपी आशीष भारती ने प्रेस वार्ता में बताया कि ” 28 अगस्त को जब पति-पत्नी बाइक से कंडी नवादा से बुनियादगंज जा रहे थे, तो पीछे से एक दूसरी बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें गोली मारी। अपराधी का निशाना पति था।” लेकिन ईश्वर का न्याय देखिए, जिसने पति को बचाकर बेवफाई करने वाली पत्नी को ही सजा दिला दी। घटना के बाद, घायल महिला को मगध मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

    गिरफ्तार महिला का रोल और साजिश का पर्दाफाश

    पुलिस की छानबीन में गिरफ्तार महिला रेशमी देवी की भूमिका भी बेहद अहम रही। वह इस खौफनाक साजिश में ‘लाइनर’ का काम कर रही थी और अपराधियों को पल-पल की खबर देती रही। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

    क्या यही है ईश्वर का न्याय?

    लोग इस घटना को ईश्वर के न्याय के रूप में भी देख रहे हैं। एक बेवफा महिला, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची, उसी की जान चली गई। यह घटना न केवल अपराधियों के लिए एक सबक है, बल्कि इसे सुनने वाले हर व्यक्ति को सोचने पर मजबूर करती है कि ईश्वर के न्याय से बड़ा कोई न्याय नहीं होता।

    अभी भी फरार हैं साजिशकर्ता, पुलिस की खोज जारी

    रेशमी देवी और सिद्धि कुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब अन्य फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है। एसएसपी ने कहा है कि जल्द ही बाकी दोषियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इस खौफनाक साजिश ने गया में हड़कंप मचा दिया है, और अब हर कोई इस बात का इंतजार कर रहा है कि आगे क्या होता है।

    अपराध और ईश्वर का न्याय: इंसान चाहे जो भी करे, सजा तय है

    इस खौफनाक गोलीकांड ने एक बार फिर साबित कर दिया कि इंसान भले ही कितनी भी चालाकी कर ले, ईश्वर का न्याय अटल है। और इस बार, बेवफाई की कहानी का अंत ऐसा हुआ जो किसी ने नहीं सोचा था—जिसने अपने पति की मौत की साजिश रची, उसी को मौत के मुंह में जाना पड़ा।

  • गंगा दामोदर एक्सप्रेस में टीटीई ने महिला के साथ की छेड़खानी, शोर मचाई तो स्कोर्ट पार्टी ने किया गिरफ्तार

    गंगा दामोदर एक्सप्रेस में टीटीई ने महिला के साथ की छेड़खानी, शोर मचाई तो स्कोर्ट पार्टी ने किया गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    पटना से चलकर धनबाद जाने वाली गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में एक महिला यात्री के साथ छेड़खानी के मामले में ट्रेन के टीटीई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार टीटीई धनबाद रेल मंडल में कार्यरत है। पीड़ित महिला यात्री के बयान पर गया रेल थाना में मामला दर्ज करते हुए आरोपी टीटीई को पुलिस ने न्यायालय में उपस्थापित कराया। न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया। पीड़ित महिला मूलरूप से नवादा जिले की रहने वाली है।

    गया रेल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर कांड आंकित करते हुए आरोपी टीटीई को जेल भेज दिया गया है। घटना 29 अगस्त की रात की है।
    बताया गया कि पटना से धनबाद जा रही गंगा दामोदर एक्सप्रेस में एक महिला यात्री से टीटीई ने टिकट बनाने के बहाने उसके साथ छेड़छाड़ की। पीड़ित महिला ने जब कोच में शोर मचाई तो ट्रेन में स्कोर्ट कर रहे जीआरपी की टीम ने टीटीई को पकड़ कर गया जंक्शन पर उतार लिया। गिरफ्तार टीटीई धनबाद रेल मंडल में पदस्थापित है। जिसका नाम रोहन कुमार है। जो कि बिहार के रोहतास जिले के डिहरी थाना क्षेत्र के डालमिया नगर का निवासी है।

    पीड़ित महिला ने गया रेल थाना में दर्ज कराए अपनी शिकायत में बताई है कि वो पटना से गया आ रही थी। गंगा दामोदर एक्सप्रेस के कोच एस-6 में सवार थी। जब ट्रेन गया जंक्शन के पहले चाकन्द स्टेशन के पास पहुंची तो ट्रेन में रहे टीटीई ने उनसे टिकट दिखाने को कहा। पीड़ित महिला का कहना है कि उसके पास टिकट नहीं था। इस पर टीटीई ने टिकट बनाने के लिए कहा। महिला ने पुलिस को बताया कि टीटीई ने उनसे कहा कि टॉयलेट के पास आओ, टिकट बनाते हैं। महिला का आरोप है कि जब वह टॉयलेट के नजदीक पैसे लेकर टिकट बनवाने के लिए गई तो टीटीई ने उसके साथ छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। जिसका विरोध करने पर उसे टीटीई ने धक्का दिया।

    महिला ने बताया कि वह किसी तरह बचकर सीट पर आ गई और ट्रेन में एस्कॉर्ट कर रही पुलिस वालों से इस बात की शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर टीटीई को पकड़ कर गया रेल थाना ले गई। पीड़ित महिला की शिकायत पर टीटीई के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। महिला के बारे में बताया गया कि वह नवादा जिले की रहने वाली है। जिसके ससुर बीएमपी बोधगया में नौकरी करते हैं। महिला अपने पति के साथ बोधगया में रहती है।

  • आकांक्षी प्रखंड फतेहपुर के सभी पंचायतों में बैठक का आयोजन: स्वास्थ्य, शिक्षा, और विकास पर जोर

    आकांक्षी प्रखंड फतेहपुर के सभी पंचायतों में बैठक का आयोजन: स्वास्थ्य, शिक्षा, और विकास पर जोर

    आकांक्षी प्रखंड फतेहपुर के सभी 18 पंचायतों में आज पंचायत स्तरीय बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों का आयोजन पंचायत के मुखिया और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से किया गया, जिनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, आईसीडीएस, कृषि, जीविका, पंचायती राज, और ग्रामीण विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी देना और उनके समन्वय पर चर्चा करना था।

    प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी प्रमोद कुमार और पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि नीरज कुमार ने नीमी पंचायत के बगोदर में आयोजित बैठक में भाग लिया। उन्होंने बताया कि आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, और कृषि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, और इन क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाकर योजनाओं की पहुंच लोगों तक सुनिश्चित की जा रही है। प्रत्येक महीने के अंतिम शनिवार को पंचायत के मुखिया की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया जाता है, जिसमें कार्यक्रम से संबंधित संकेतकों की गहन समीक्षा की जाती है और सुधार के प्रयास किए जाते हैं।

    पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि नीरज कुमार ने कहा कि आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम का उद्देश्य विभागीय अभिसरण और समन्वय स्थापित कर एक-दूसरे के बीच प्रतियोगिता की भावना को बढ़ावा देना है। बैठक में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतर पहुंच, कुपोषण से संबंधित समस्याओं, संस्थागत प्रसव, विद्यालय से वंचित बच्चों को जोड़ने, आरोग्य दिवस, और एनीमिया से निपटने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

    स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने बैठक के दौरान सम्पूर्णता अभियान के अंतर्गत लगभग 700 लोगों के रक्तचाप और मधुमेह की जांच की। बैठक में डायरिया से बचाव, राष्ट्रीय कृमि मुक्त कार्यक्रम, और शिक्षा से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई।

    स्वास्थ्य प्रबंधक ने कठौतिया केवाल पंचायत के गुरपा समुदाय भवन में बैठक का आयोजन किया, जबकि प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने धरहराकला पंचायत में भाग लिया। इन बैठकों में उपस्थित लोगों के साथ सूचकांकों को बेहतर करने के लिए विचार-विमर्श किया गया। पीरामल फाउंडेशन के गांधी फेलो उदित कुमार और मजहर कुमार ने पहाड़पुर और मोरहे पंचायतों की बैठकों में भाग लेकर आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम और जीरो ड्रॉपआउट पंचायत से संबंधित गतिविधियों पर चर्चा की।

    इन बैठकों का उद्देश्य पंचायत स्तर पर विकास कार्यों का समन्वय और सुधार सुनिश्चित करना है, जिससे फतेहपुर प्रखंड को आकांक्षी प्रखंड के रूप में अधिक सक्षम और सशक्त बनाया जा सके।