Blog

  • गया जंक्शन पर पकड़ा गया चोरी के मोबाइल के साथ चिरैयाटांड़ का रहने वाला विक्की

    गया जंक्शन पर पकड़ा गया चोरी के मोबाइल के साथ चिरैयाटांड़ का रहने वाला विक्की

    देवब्रत मंडल

    स्वतंत्रता दिवस के दिन एक व्यक्ति को आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। जिसके पास से चोरी का मोबाइल और नकद रुपए बरामद किया गया है। आरपीएफ़ के पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि 15 अगस्त को कंट्रोल रूम में सीसीटीवी में तैनात बल सदस्य के माध्यम से प्लेटफार्म संख्या एक पर एक संदिग्ध व्यक्ति पर निगरानी रखने हेतु अपराधी गतिविधि में तैनात बल सदस्यों को अवगत कराया गया। अपराधी गतिविधि में तैनात आरपीएफ गया एवं जीआरपी के बल सदस्यों द्वारा निगरानी की जाने लगी। निगरानी के क्रम में प्लेटफार्म नंबर 01 के दिल्ली छोर के फुट ओवर ब्रिज की तरफ पहुंचे तो पुलिस बल को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। शक होने पर उसे घेर कर पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम विक्की कुमार पांडे (24) पिता सरवन पांडे, पता पृथ्वीपुर चिरैयाटांड़ थाना कंकड़बाग, जिला पटना बताया।

    जब भागने का कारण इससे पूछताछ की गई तो वह घबरा गया। उसकी तलाशी ली गई तो बिना सिम का दो अदद एंड्राइड मोबाइल फोन तथा एक पर्स जिसमें 4800 रुपया पाया गया। मोबाइल फोन तथा पैसे के बारे में पूछने पर बताया कि यात्री का चोरी किया हूं। मौके की कार्रवाई करते हुए पकड़े गए व्यक्ति को जीआरपी थाना गया ले जाया गया। जहां कांड संख्या 199/2024, 317 (05) भारतीय न्याय संहिता(बीएनएस) दर्ज किया गया। उन्होंने बताया बरामद सामान का कुल मूल्य ₹36,800 आंका गया है।

  • 2 अक्टूबर के बाद विस उपचुनाव हुआ तो जन सुराज अपनी दावेदारी पेश करेगा :प्रशांत किशोर

    2 अक्टूबर के बाद विस उपचुनाव हुआ तो जन सुराज अपनी दावेदारी पेश करेगा :प्रशांत किशोर

    देवब्रत मंडल

    जन सुराज पदयात्रा के सूत्रधार प्रशांत किशोर उर्फ पीके दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को गया पहुंचे। जिन्होंने कहा कि बेलागंज और इमामगंज उपचुनाव जन सुराज लड़ सकता है। फिलहाल कौन होंगे उम्मीदवार इस पर खुलकर कुछ नहीं कहा।
    जन सुराज पदयात्रा के शिल्पकार प्रशांत किशोर के स्वागत के लिए कई प्रखंडों में कार्यक्रम रखा गया था। जहां हजारों की संख्या में लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। पीके ने सबसे पहले गया जिले के इमामगंज प्रखंड के गांधी मैदान में जनसंवाद किया। गया की जनता को जन सुराज अभियान और पदयात्रा के बारे में बताया। बिहार की जनता को इस पदयात्रा से क्या नफा–नुकसान होगा ? इस बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। प्रशांत ने कहा कि 6-7 महीने बाद वह पदयात्रा पर गया आएंगे और गांव-गांव घूमकर जनता की समस्याओं को समझेंगे।

    इमामगंज और बेलागंज में होने वाले विधानसभा उप-चुनाव पर बोले पीके

    इमामगंज और बेलागंज में होने वाले विधानसभा उप-चुनाव में जन सुराज की भागीदारी पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सूराज चुनाव लड़ेगा तो बेलागंज और इमामगंज दोनों जगह लड़ेगा। उन्होंने कहा 2 अक्तूबर के बाद अगर चुनाव होगा तो निश्चित तौर पर चुनाव लड़ा जाएगा। अगर 02 अक्तूबर से पहले चुनाव होता है तो जन सुराज के साथी अगर मिल कर तय करते हैं कि चुनाव लड़ना है तो जन सुराज से जुड़े किसी निर्दलीय साथी को समर्थन देकर चुनाव लड़ाया जा सकता है।

    पीके ने तेजस्वी को लिया आड़े हाथ

    पीके ने तेजस्वी को लिया आड़े हाथ लेते हुए कहा- पढ़ाई लिखाई की नहीं, अपने ही कार्यकर्ता को बिकाऊ बोल रहें हैं। गया में प्रेस वार्ता के दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि राजद के प्रदेश अध्यक्ष ने चिट्ठी निकालकर अपने नेताओं को रोकने का प्रयास किया और कहां आप लालू के सिपाही हैं, समाजवाद के रक्षक हैं, दल छोड़ कर नहीं जाने का आग्रह किया। तेजस्वी जी खुद समझ नहीं पा रहें वह क्या बोल रहें हैं, अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को गाली दे रहे हैं। उन्होंने तेजस्वी पर हमला बोलते हुए कहा कि पढ़ाई लिखाई उन्होंने किया नहीं हैं, ‘बाबूजी’ का दुकान था तो राजनीति में आ गए हैं। इनका इशारा लालू प्रसाद की ओर था। उन्होंने कहा तेजस्वी अपने नेताओं को ही भ्रष्ट बोल रहें हैं।

  • लोग आजादी के जश्न मनाने में व्यस्त, इधर, शराब माफिया अपने धंधे में मस्त, फिर आगे जो हुआ…

    लोग आजादी के जश्न मनाने में व्यस्त, इधर, शराब माफिया अपने धंधे में मस्त, फिर आगे जो हुआ…

    देवब्रत मंडल

    गया जिले के टनकुप्पा थाना क्षेत्र के रहने वाले शराब तस्कर को मोहनपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। एक तरफ लोग देश की आजादी के जश्न मनाने में व्यस्त थे, वहीं शराब माफिया रात के अंधेरे का फायदा लेना चाह रहा था। परंतु मद्य निषेध विभाग की टीम सजग थी और माफिया पकड़ा गया। गया जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगा पाना किसी चुनौती से कम नहीं। पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम भी क्या कर सकती है। अनेकों रास्ते से इसका अवैध कारोबार में जुटे माफिया रोज नई तकनीक का प्रयोग करते हुए शराब की ढुलाई कर शराबबंदी नीति को झुठलाने में लगे हुए हैं।

    प्रियरंजन, सहायक आयुक्त मद्य निषेध, गया

    जिस दिन पूरा देश देश की आजादी के 78 वीं समारोह मनाने में व्यस्त और मस्त थे, उसी रात मोहनपुर थाना क्षेत्र के लेम्बो चक से बाइक पर शराब लिए जा रहे एक शख्स को मद्य निषेध विभाग की टीम ने धर दबोचा। सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रियरंजन ने बताया कि शेरघाटी मद्य निषेध थाना में प्रतिनियुक्त अवर निरीक्षक प्रभात कुमार झा के नेतृत्व में टीम सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी क्रम में एक बाइक से प्लास्टिक के बोरे में पैक कर देसी शराब ले जा रहा चंदन कुमार को रोका गया। उन्होंने बताया होंडा साइन बाइक से डेढ़ सौ लीटर शराब लेकर जा रहे चंदन को लेम्बो चक गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। जो टनकुप्पा थाना क्षेत्र के मन माधो गांव का निवासी है। उन्होंने बताया कि बाइक और शराब दोनों जब्त कर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर न्यायिक आदेश पर हिरासत में भेज दिया गया।

  • एनसीसी का दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण बोधगया में शुरू, 25 संस्थानों के कैडेट्स हैं शामिल

    एनसीसी का दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण बोधगया में शुरू, 25 संस्थानों के कैडेट्स हैं शामिल

    देवब्रत मंडल

    बोधगया के निगमा मोनास्ट्री में 6 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप की सफलतापूर्वक शुरुआत की गई। इस कैंप में गया जिला के 25 शैक्षणिक संस्थानों से 250 से अधिक एन.सी.सी. कैडेट्स जोश एवं उत्साह के साथ हिस्सा लिया।कैंप के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए 6 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार (कीर्ति चक्र) ने सबसे पहले एन.सी.सी.के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से लड़कियों के द्वारा एन.सी.सी. को अपनी शिक्षा के साथ साथ चुनने के लिए शाबाशी दी। उन्होंने जीवन में अनुशासन की अहमियत पर बात करते हुए युवाओं में अनुशासन की भावना पर ज़ोर दिया ताकि देश के विकास में सभी के द्वारा बढ़-चढ़कर योगदान दिया जा सके।

    इसके साथ ही उन्होंने सभी कैडेट्स को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने एवं इन्हें पूरा करने के लिए निरंतर लगन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। एडम ऑफिसर कर्नल एमके शुक्ला कैडेट्स का ट्रेनिंग कैंप में स्वागत किया। सभी को निष्ठा एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय डिफेंस सर्विसेज़ के बारे में बातें की। कैडेट्स को भारतीय फौज का हिस्सा बनने की प्रक्रिया एवं इसके लाभ के बारे में बताया‌। इस मौके पर एडम अधिकारी कर्नल एमके शुक्ला, सूबेदार मेजर अमलेंदु मंडल, सूबेदार सुंदर सिंह, सूबेदार प्रमोद कुमार, नयाब सूबेदार विक्रम, नयाब मुकेश कुमार, बीएचएम कानाराम सहित अन्य मौजूद थे।

  • टिकारी के आदर्श मध्य विद्यालय के बच्चों ने बिखेरे जलवा

    टिकारी के आदर्श मध्य विद्यालय के बच्चों ने बिखेरे जलवा

    टिकारी संवाददाता: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आदर्श मध्य विद्यालय टिकारी में प्रधानाध्यापक मुकेश प्रसाद वर्मा ने विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों एवम गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय तिरंगा फहराया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इनमे देशभक्ति और शिक्षाप्रद गीत के साथ फिल्मी गीतों पर छात्र छात्राओं ने नृत्य भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मौजूद छात्र छात्राओं और अभिभावकों ने कार्यक्रमों की खूब प्रसंशा की। मौके पर सभी प्रतिभागी कलाकारों को प्रधानाध्यापक ने मेडल देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षक एवं शिक्षकाएँ मौजूद थे।

  • ज्ञान भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रस्तुत किया देशभक्ति कार्यक्रम

    ज्ञान भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रस्तुत किया देशभक्ति कार्यक्रम

    टिकारी संवाददाता: स्वतंत्रता दिवस के 77 वीं वर्षगाठ के पुनीत पावन अवसर पर ज्ञान भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रानीगंज टिकारी के विशाल प्रांगण में शैक्षिक निदेशक विनोद कुमार भारद्वाज के द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा शानदार ‘गार्ड ऑफ़ ओनर’ पेश किया और राष्ट्रीय तिरंगा को सलामी दी। बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गयी जिसमें ‘ये मेरे वतन के लोगों’, ‘है प्रीत जहाँ की रीत सदा’ आदि एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत-संगीत के साथ नृत्य प्रस्तुत करते हुए छात्रों और अभिभावकों में देश भक्ति का जोश व भावना को जागृत किया।

    कार्यक्रम के दौरान बच्चों का हौसला अफजाई करते हुए निदेशक रोमित कुमार ने उनकी प्रशंशा और उज्जवल भविष्य की कामना की। मौके पर स्कूल के सभी शिक्षिकाएं व शिक्षक सहित आमंत्रित अतिथि व गणमान्य नागरिक मौजूद थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भारत माता व अमर शहीदों के सम्मान में गगनभेदी नारा गूंजता रहा। साथ ही देशभक्ति गीत संगीतो के दौरान बच्चे झूमते नजर आए।

  • फतेहपुर में स्वतंत्रता दिवस पर निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा

    फतेहपुर में स्वतंत्रता दिवस पर निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा

    गया जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत बदउआं में स्थित मगध इंटरनेशनल स्कूल द्वारा 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ-साथ क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिक भी शामिल हुए। यात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर बराकैल मोड़ तक निकाली गई। इस दौरान देशभक्ति के नारों और गीतों से पूरा वातावरण उत्साहपूर्ण हो उठा।

    विज्ञापन

    कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज कुमार पंकज ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “हमारे देश की आजादी बहुत कीमती है। इसे प्राप्त करने के लिए अनेक देशभक्तों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके बलिदान की बदौलत ही हम आज स्वतंत्रता का आनंद ले पा रहे हैं।”

    विद्यालय के निदेशक भोला सिंह ने इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों से अपने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “शिक्षा ही वह माध्यम है जो हमारे देश की नींव को मजबूत करती है। अतः हमें अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए।”

    यह तिरंगा यात्रा न केवल राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने का एक सफल प्रयास रही, बल्कि इसने युवा पीढ़ी को देश के इतिहास और शिक्षा के महत्व से भी अवगत कराया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने भावपूर्ण ढंग से भाग लिया।

  • किलकारी बिहार बाल भवन में 78वें स्वतंत्रता दिवस पर धूमधाम से झंडोत्तोलन, बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने जीता दिल

    किलकारी बिहार बाल भवन में 78वें स्वतंत्रता दिवस पर धूमधाम से झंडोत्तोलन, बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने जीता दिल

    भारत के 78वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर किलकारी बिहार बाल भवन, गया में धूमधाम से झंडोत्तोलन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

    इस अवसर पर किलकारी के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, नृत्य और नाटक प्रस्तुत किए। नृत्य प्रशिक्षक गौतम कुमार गोलू द्वारा निर्देशित “तेरी मिट्टी में मिल जावा” समूह नृत्य ने सभी का दिल जीत लिया। इसके बाद, दिनेश कुमार महुआर और उनके बच्चों ने “ए मेरे वतन के लोगों” गीत की प्रस्तुति दी। शास्त्रीय नृत्य में अंजली कुमारी और उनके बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। मनीष कुमार की देखरेख में बच्चों ने नाटक की प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

    इस कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे, जिनमें विकास कुमार बिल्डर, मनोज कुमार निराला, सचिव सुर सलीला राजेश्वर,अशोक कुमार पत्रकार रूपक सिन्हा, झूना जी,मनोज सिन्हा आदि मौजूद थे किलकारी के प्रशिक्षक में प्रियंका कुमारी, कल्पना कुमारी, निशि खान ,पिंटू कुमार ,गोविंद कुमार, अखिलेश्वर राय ,मनीष कुमार ,गौतम कुमार, सुरेंद्र कुमार, दिनेश महुआर, अंजली कुमारी ,अक्षय कुमार मुकुल कुमार, पंकज कुमार एपीओ धर्मवीर शर्मा, सीआरपी महमूद, ऐओओ गुड़िया कुमारी उपस्थित रहे।

    प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक श्रीवास्तव ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में किलकारी के प्रशिक्षकों और बच्चों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वतंत्रता दिवस के इस मौके पर तीन लोगों के जन्मदिन भी मनाए गए, जिनमें सहायक लेखा पदाधिकारी गुड़िया कुमारी, नाट्य प्रशिक्षक मनीष कुमार, और क्राफ्ट विद्या की छात्रा सिया कुमारी शामिल थे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन धर्मवीर कुमार शर्मा द्वारा किया गया।

  • तिरंगे की छाँव में रेलवे ने मनाया आजादी का जश्न, स्कूली बच्चों ने जगाई वीर शहीदों की स्मृति

    तिरंगे की छाँव में रेलवे ने मनाया आजादी का जश्न, स्कूली बच्चों ने जगाई वीर शहीदों की स्मृति

    पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल, 15 अगस्त 2024: भारत के 78वें स्वतंत्रता दिवस पर पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश गुप्ता ने मंडल कार्यालय प्रांगण में राष्ट्रध्वज फहराया, जिसके बाद स्कूली बच्चों ने राष्ट्रगान गाया।

    श्री गुप्ता ने अपने संबोधन में मंडल की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया और सभी रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी ने प्रेमचंद मंडल हिंदी पुस्तकालय को पुस्तकें भेंट कीं। समारोह में एक विशेष पल तब आया जब श्री गुप्ता और श्रीमती मीनाक्षी ने अन्य उपस्थित लोगों के साथ तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े, जो स्वतंत्रता के संदेश का प्रतीक बने।

    समारोह का सबसे मार्मिक हिस्सा स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया सांस्कृतिक कार्यक्रम था। बच्चों ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम के महत्वपूर्ण क्षणों को जीवंत किया, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया।

    कार्यक्रम की शुरुआत एक छोटे बालक द्वारा महात्मा गांधी के रूप में प्रस्तुति से हुई। खादी के वस्त्र पहने, चश्मा लगाए और लाठी थामे, इस बालक ने गांधी जी के अहिंसा के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इसके बाद आया कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण, जब तीन युवा विद्यार्थियों ने भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के रूप में उनके बलिदान को दर्शाया। फांसी के फंदे पर झूलते हुए, इन बच्चों ने “इंकलाब जिंदाबाद” का नारा लगाया, जिसने उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम कर दीं। यह दृश्य स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हमारे वीर क्रांतिकारियों के साहस और बलिदान का एक शक्तिशाली स्मरण था।

    समारोह के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिलीप कुमार व अन्य शाखा अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएँ, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में रेलकर्मी व आमजन मौजूद रहे।

    विज्ञापन
    विज्ञापन
    विज्ञापन
  • 78वें स्वतंत्रता दिवस पर रेल अधिकारियों ने दिखाई अनोखी पहल,रेल अधिकारियों ने मरीजों से मिलकर बांटी खुशियां

    78वें स्वतंत्रता दिवस पर रेल अधिकारियों ने दिखाई अनोखी पहल,रेल अधिकारियों ने मरीजों से मिलकर बांटी खुशियां

    न्यूज डेस्क/ 15 अगस्त 2024: भारत के 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज एक अनूठी पहल देखने को मिली। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश गुप्ता और महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी ने मंडल रेल अस्पताल का दौरा किया, जहां उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगठन की सदस्याओं ने अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को उपहार वितरित किए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

    श्री गुप्ता ने इस अवसर पर कहा, “स्वतंत्रता दिवस हमें न केवल देश की आजादी का जश्न मनाने का, बल्कि समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को याद दिलाने का भी अवसर देता है। आज हमने अपने उन साथियों के साथ समय बिताया, जो इस समय स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।” श्रीमती मीनाक्षी ने बताया कि यह पहल महिला कल्याण संगठन की वार्षिक गतिविधियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि हम समाज के हर वर्ग तक पहुंचें और जरूरतमंदों की मदद करें।”

    विज्ञापन

    इस कार्यक्रम में महिला कल्याण संगठन की अन्य सदस्याएं और वरिष्ठ रेल अधिकारी भी उपस्थित थे। मरीजों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम उनके मनोबल को बढ़ाने में मददगार साबित होते हैं।

    विज्ञापन
    विज्ञापन