Blog

  • गया में स्कूल बस को अज्ञात अपराधियों ने किया आग के हवाले

    गया में स्कूल बस को अज्ञात अपराधियों ने किया आग के हवाले

    गया, बिहार। रविवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना में, सिंधूगढ़ थाना क्षेत्र के केवला में एक स्कूल बस को अज्ञात अपराधियों ने जला दिया। मिलेनियम मॉडर्न स्कूल की यह बस केवला मोड़ पर खड़ी थी जब यह घटना लगभग रात 12 बजे हुई।

    स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जब घटना की सूचना मिली, ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जलकर राख हो चुकी थी। वहीं स्कूल संचालक गौतम कुमार उर्फ छोटू ने बताया की घटना की सूचना मुझे रात में ड्राइवर के द्वारा मिला ,जिसके बाद मैंने 112 को कॉल कर घटना की जानकारी दिया। उन्होंने बताया की घटना स्थल से महज 600 मीटर को दूरी पर खड़ी 112 पुलिस टीम की गाड़ी घटनास्थल पर समय पर नहीं पहुंच पाई। स्कूल संचालक ने सिंधुगढ़ थाना पुलिस के खिलाफ भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना रात 12 बजे की है पर पुलिस 10 बजे सुबह पहुंची। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग किया है।

    वहीं इस संबंध में सिंधूगढ थाना अध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि पुलिस रात में ही घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। इस तरह की घटना स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। स्थानीय प्रशासन से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की जा रही है।

  • ब्रेकिंग: गया में महिला और बच्चे के शव कुएं से बरामद, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

    ब्रेकिंग: गया में महिला और बच्चे के शव कुएं से बरामद, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

    गया, बिहार। सिंधुगढ थाना क्षेत्र के जरलाही गांव में सोमवार को एक महिला और उसके चार वर्षीय बच्चे का शव घर के पीछे स्थित एक कुएं से बरामद किया गया है। मृतका की पहचान सविता कुमार उर्फ मुन्नी के रूप में हुई है, जिनका विवाह 2018 में जरलाही गांव के रहने वाले राहुल चौधरी के साथ हुआ था।

    मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह दहेज के लिए की गई हत्या का मामला है। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही सविता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इसके अलावा, उसके पति द्वारा उसके रंग-रूप को लेकर अक्सर मारपीट की जाती थी।

    घटना की सूचना मिलने पर सिंधुगढ थाना अध्यक्ष गौतम कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है।

    मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन और भांजे की हत्या कर शवों को कुएं में फेंक दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि चार महीने पहले उसके पति के किसी अन्य महिला के साथ संबंध के विरोध पर सविता के साथ मारपीट की गई थी, जिस मामले में पंचायत भी हुई थी।

    पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। सिंधुगढ़ थाना अध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया की मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा को आत्महत्या है किसी के द्वारा हत्या कर शव को कुएं में डाला गया है। उन्होंने बताया की वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए फोरेंसिक जांच टीम और डॉग स्क्वायड की टीम बुलाया जा रहा है।

  • भारत की न्याय व्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन: आज से पूरे देश में लागू हुआ तीन नए कानून

    भारत की न्याय व्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन: आज से पूरे देश में लागू हुआ तीन नए कानून

    न्यूज डेस्क: भारत ने अपनी आपराधिक न्याय प्रणाली में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। 1 जुलाई, 2024 से, देश भर में तीन नए कानून लागू हो गए हैं, जो औपनिवेशिक युग के पुराने कानूनों का स्थान लेंगे। ये नए कानून हैं – भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम। इन कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रणाली को आधुनिक, कुशल और अधिक न्यायसंगत बनाना है।

    नए कानूनों की मुख्य विशेषताएं:

    1. डिजिटल युग में न्याय:
    • जीरो एफआईआर की अवधारणा
    • इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से समन
    • ऑनलाइन शिकायत पंजीकरण
    • अपराध स्थलों की अनिवार्य वीडियोग्राफी
    1. त्वरित न्याय:
    • मामलों के निपटारे के लिए समय सीमा
    • आरोप निर्धारण में तेजी
    1. पीड़ित-केंद्रित दृष्टिकोण:
    • महिला और बाल पीड़ितों के लिए विशेष प्रावधान
    • पीड़ितों को नियमित अपडेट और मुफ्त प्राथमिक चिकित्सा
    • गवाह सुरक्षा योजनाएं
    1. अपराधियों के प्रति कड़ा रुख:
    • बाल तस्करी और नाबालिगों के साथ सामूहिक बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों के लिए कठोर दंड
    • शादी के झूठे वादे पर दंड का प्रावधान
    1. पारदर्शिता और जवाबदेही:
    • आरोपी और पीड़ित दोनों को दस्तावेजों तक पहुंच
    • गिरफ्तारी का विवरण सार्वजनिक प्रदर्शन
    1. वैज्ञानिक जांच:
    • गंभीर अपराधों में फोरेंसिक विशेषज्ञों की अनिवार्य भागीदारी
    1. समावेशी दृष्टिकोण:
    • “लिंग” की परिभाषा में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों का समावेश

    इन नए कानूनों का उद्देश्य न केवल अपराध को रोकना है, बल्कि समाज के सभी वर्गों के लिए न्याय सुनिश्चित करना भी है। यह भारत की न्याय प्रणाली में एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है, जो आधुनिक तकनीक और मानवीय संवेदनाओं का संयोजन है।

    हालांकि, इन कानूनों की सफलता उनके प्रभावी कार्यान्वयन पर निर्भर करेगी। सरकार, न्यायपालिका और नागरिक समाज को मिलकर काम करना होगा ताकि ये कानून वास्तव में न्याय प्रदान करने में सक्षम हो सकें। यह परिवर्तन भारत के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो देश को एक आधुनिक, न्यायसंगत और समावेशी समाज की ओर ले जाने का प्रयास करता है।

    इस बीच, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने (NCRB अपराधिक कानून का संकलन) नाम से एक मोबाइल ऐप लॉन्च किया है, जिससे नागरिक इन नए कानूनों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसे आप प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते है। App को डाउनलोड करने के लिए यहां क्लिक करें 👆

  • गया पुलिस की बड़ी कामयाबी: गुरुआ लूट कांड में शामिल वांछित अपराधी गिरफ्तार, कई वारदातों का खुलासा

    गया पुलिस की बड़ी कामयाबी: गुरुआ लूट कांड में शामिल वांछित अपराधी गिरफ्तार, कई वारदातों का खुलासा

    गया, बिहार – गया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लूट के एक प्रमुख मामले में वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी न केवल एक हालिया लूट का खुलासा करती है, बल्कि क्षेत्र में हुई कई अन्य आपराधिक घटनाओं का भी खुलासा करता है।

    घटनाक्रम की शुरुआत

    10 मार्च, 2024 को नगवा गांव से पैसा कलेक्शन कर लौट रहे एक व्यक्ति से नौडीहा के पास तीन मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने 1,60,000 रुपये और एक मोबाइल फोन लूट लिया। इस घटना के बाद गुरुआ थाने में धारा 392 के तहत मामला दर्ज किया गया।

    विशेष जांच टीम का गठन

    गया के एसएसपी आशीष भारती ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया। इस टीम में शेरघाटी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में गुरुआ थाना के अधिकारी और तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे। एसएसपी आशीष भारती ने मीडिया को बताया कि 18 मार्च, 2024 को टीम को सूचना मिली कि संदिग्ध अमरजीत कुमार बस से फरार होने की कोशिश कर रहा है। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे सगाही बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया।

    बरामदगी और खुलासे

    अमरजीत कुमार की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से:

    1. 1,15,000 रुपये नकद (लूट का हिस्सा)
    2. 600 ग्राम गांजा
    3. 6,000 रुपये अतिरिक्त नकद
    4. 1 स्मार्टफोन और 5 कीपैड मोबाइल
    5. लूट में इस्तेमाल की गई 1 मोटरसाइकिल

    बरामद किए।

    अन्य अपराधों का खुलासा

    पूछताछ के दौरान अमरजीत ने कई अन्य लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिनमें शामिल हैं:

    1. बाराचट्टी थाना क्षेत्र में 3 मई और 13 मई, 2024 को हुई दो अलग-अलग लूट
    2. इमामगंज थाना क्षेत्र में 19 सितंबर, 2023 को हुई लूट
    3. बोधगया थाना क्षेत्र में 9 नवंबर, 2023 को हुई लूट

    पुलिस की सराहनीय कार्रवाई

    इस सफल अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को पुरस्कृत किया जा रहा है। गया के एसएसपी ने कहा, “यह गिरफ्तारी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम अपराधियों के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेंगे।”

  • नक्सल प्रभावित गुरपा क्षेत्र में एसएसबी और पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन जारी

    नक्सल प्रभावित गुरपा क्षेत्र में एसएसबी और पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन जारी

    गुरपा (गया) : बिहार के गया जिले के गुरपा इलाके में नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। हाल ही में गया-कोडरमा रेलखंड पर केन बम मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है।

    सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं वाहिनी के कमांडेंट ललित कुमार के निर्देश पर गुरपा स्थित एसएसबी की जी कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर मनीष कुमार चौबे के नेतृत्व में नक्सली गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। चौबे ने कहा, “इस क्षेत्र में किसी भी नक्सली गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसएसबी की पूरी टीम नक्सलियों के खिलाफ लगातार सर्च अभियान चला रही है।” उन्होंने बताया की एसएसबी तथा गया पुलिस द्वारा गुरपा क्षेत्र के बस कटवा तथा पतवास के जंगलों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

    चौबे ने यह भी कहा कि एसएसबी इस क्षेत्र को पूरी तरह से सुरक्षित करने और नक्सली खतरे से मुक्त कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में सुरक्षा बलों को सूचित करें।

    गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष भारती ने भी घटनास्थल का दौरा किया और एसएसबी, थाना पुलिस एवं आरपीएफ के समन्वय से इस घटना में शामिल अपराधियों को पकड़ने के आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र की जनता को सुरक्षा का विश्वास भी दिलाया।

    गौरतलब है कि बीते दिनों गया-कोडरमा रेलखंड के बस कटवा और यदुग्राम स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर केन बम मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

  • यात्री भीड़ को देखते हुए पटना-दिल्ली, गया-आनंदविहार रूट पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

    न्यूज डेस्क: यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पटना से नई दिल्ली और गया से आनंद विहार के लिए कुछ विशेष ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। ये नई ट्रेनें 14 जून से 30 जून तक चलाई जाएंगी।

    पटना से नई दिल्ली के लिए गाड़ी संख्या 02393/02394 पटना-नई दिल्ली-पटना सुपरफास्ट क्लोन एक्सप्रेस स्पेशल (संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस का क्लोन) सप्ताह में छः दिन चलेगी। यह ट्रेन दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और गोविंदपुरी स्टेशनों पर रुकेगी।

    इसी तरह, गाड़ी संख्या 02397/02398 गया-आनंद विहार-गया सुपरफास्ट क्लोन एक्सप्रेस स्पेशल (महाबोधी एक्सप्रेस का क्लोन) भी सप्ताह में छः दिन चलाई जाएगी। इसके अलावा, 14 जून को पटना से नई दिल्ली के लिए एक अनारक्षित वन-वे स्पेशल ट्रेन 04001 भी चलेगी।

    दोनों विशेष ट्रेनों में AC और नॉन-AC दोनों ही कोचों की व्यवस्था की गई है। पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों का संचालन गर्मियों की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए किया जा रहा है। इन ट्रेनों से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी और सफर भी आरामदायक होगा।
    यात्री इन स्पेशल ट्रेनों की टिकटें किसी भी आरक्षण केंद्र या रेलवे की वेबसाइट से बुक कर सकते हैं। रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते टिकटें बुक कराएं और सफर के दौरान सभी जरूरी एहतियात बरतें।

  • गया नगर निगम के मेयर की जाति को लेकर आया महत्वपूर्ण निर्णय, अब डीएम को है करना आगे की कार्रवाई

    गया नगर निगम के मेयर की जाति को लेकर आया महत्वपूर्ण निर्णय, अब डीएम को है करना आगे की कार्रवाई

    बिहार के गया से एक बड़ी खबर आई है। राज्य निर्वाचन आयोग की एक विशेष जांच समिति ने गया नगर निगम के मेयर बिरेन्द्र कुमार उर्फ गणेश पासवान की जाति को लेकर एक अहम निर्णय सुनाया है। समिति ने श्री पासवान द्वारा अनुसूचित जाति (दुसाध) होने के दावे को सर्वसम्मत रूप से खारिज कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इसकी जांच अपराध अनुसंधान विभाग से कराई गई, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच कर रही टीम ने यह निर्णय दिया कि गया के मेयर दुसाध जाति से नहीं आते हैं। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने इनकी जाति को खारिज कर दिया। जिसकी जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग सहित सभी संबंधित पदाधिकारी तथा पक्षों को दे दी गई। जिसके आधार पर अब गया के जिला पदाधिकारी को इस आदेश के आलोक में समुचित कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिया गया है। बोधगया के पूर्व विधायक श्यामदेव पासवान जो कि इस मामले में पक्षकार हैं ने आदेश की एक प्रति सलंग्न करते अपने आवेदन में मेयर को निगम के किसी कार्य में हस्तक्षेप नहीं करने के लिए सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के आलोक में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। इसी आशय का पत्र उन्होंने नगर निगम के आयुक्त को दिया है।
    बुधवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उक्त बातें डॉ श्यामदेव पासवान ने कही।

    उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के हक़ को लेकर उनकी लड़ाई का परिणाम है कि न्याय मिला है। उन्होंने कहा कि जिस पद पर एक अनुसूचित जाति के किसी व्यक्ति को पदासीन होना चाहिए था लेकिन किसी गैर के हाथ में यह पद है। उन्होंने बताया कि जितनी जल्द इनके निर्वाचन की मान्यता को रद्द कर दिया जाए वह अनुसूचित जाति के लोगों के हक़ में अच्छा रहेगा। प्रेस कांफ्रेंस में अखिल भारतीय भारतीय दुसाध उत्थान संघ के राजद नेता आकाश कुमार उर्फ भंटा पासवान, पार्षद राहुल कुमार, पूर्व मेयर सोनी देवी के प्रतिनिधि विक्की शर्मा आदि उपस्थित थे।

    पृष्ठभूमि:

    गत वर्ष पूर्व विधायक श्यामदेव पासवान द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग में एक वाद 39/2023 दायर किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि बिरेन्द्र कुमार उर्फ गणेश पासवान गलत जाति प्रमाण पत्र के आधार पर नगर निगम मेयर का पद प्राप्त किया है। इस शिकायत पर विचार करते हुए निर्वाचन आयोग ने अपराध अनुसंधान विभाग से मेयर की जाति की जांच करवाई।

    जांच के निष्कर्ष:

    विभिन्न स्तरों पर विस्तृत जांच के बाद अपराध अनुसंधान विभाग ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि वर्ष 1980 से पहले बिरेन्द्र कुमार के पूर्वजों की जाति सभी दस्तावेजों में बंगाली दर्ज थी। लेकिन 1980 के बाद असंगत रूप से उनकी जाति दुसाध(पासवान) दर्ज की जाने लगी। विभाग ने कहा कि इस बदलाव के लिए श्री पासवान ने कोई संतोषजनक कारण नहीं बताया।

    राज्य निर्वाचन आयोग की जांच समिति ने मामले पर गंभीरता से विचार किया। समिति ने दस्तावेजी साक्ष्यों और श्री पासवान के बचाव को देखने के बाद अपराध अनुसंधान विभाग के निष्कर्षों से सहमति व्यक्त की। आयोग ने फैसला सुनाते हुए कहा कि श्री बिरेन्द्र कुमार उर्फ गणेश पासवान की जाति वास्तव में बंगाली है, न कि दुसाध (अनुसूचित जाति)।

    महत्वपूर्ण तथ्य:

    जांच में सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज एक बख्शीशनामा (गिफ्ट डीड) पाया गया, जिसमें श्री पासवान के दादा हनुमान प्रसाद सरकार ने अपने पुत्र बाला सरकार (श्री पासवान के पिता) की जाति बंगाली लिखी थी। इसके अलावा 1914-15 के म्युनिसिपल सर्वे खतियान और 1978-79 के नगर निगम के डिमांड रजिस्टर में भी उनके पूर्वजों की जाति बंगाली दर्ज थी।

    निर्णय का महत्व:

    यह फैसला गया नगर निगम मेयर पद के लिए अहम है, जो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। आयोग के इस निर्णय के बाद श्री बिरेन्द्र कुमार उर्फ गणेश पासवान के मेयर बने रहने पर संशय उत्पन्न हो गया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि आयोग उनके खिलाफ क्या कार्रवाई करेगा।

    18 को है राज्य निर्वाचन आयोग में सुनवाई

    वहीं इस संबंध में गया नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने कहा कि राजनीति से प्रेरित है। 18 जून को राज्य निर्वाचन आयोग में सुनवाई है। जाति से संबंधित सारा तथ्य मेरे पक्ष में है। विरोधी लोग ख्याली पुलाव पका रहे हैं। फैसला मेरे पक्ष में आएगा।


    जाति प्रमाण पत्र धारण करने को लेकर यह मामला काफी जटिल साबित हुआ। लेकिन जांच समिति के गंभीर अध्ययन और निष्पक्ष निर्णय से इस मामले में बहुत हद तक स्पष्टता आई है। हालांकि मामले की अंतिम भूमिका और उसके निहितार्थ अभी स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन निर्वाचन आयोग के इस फैसले से जातीय पहचान और आरक्षण से जुड़े कई सवाल उठते हैं।

  • पूर्व मध्य रेल यात्रियों के लिए बना रही सुविधा का नया अध्याय

    पूर्व मध्य रेल यात्रियों के लिए बना रही सुविधा का नया अध्याय

    न्यूज डेस्क: पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रेलवे ने अपने प्रमुख स्टेशनों पर एस्केलेटर और लिफ्ट लगाने का बड़ा अभियान शुरू किया है। इससे वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को प्लेटफार्म पर आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी।

    प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्व मध्य रेल के मुख्यालय हाजीपुर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस रेलवे ने अब तक 33 एस्केलेटर और 49 लिफ्ट लगा दिए हैं। इसके अलावा, विभिन्न स्टेशनों पर और 35 एस्केलेटर तथा 34 लिफ्ट लगाने की योजना है।

    इन एस्केलेटरों और लिफ्टों को रेलवे के सबसे व्यस्त स्टेशनों पर लगाया गया है। पटना, पाटलिपुत्र, राजेंद्रनगर टर्मिनल, आरा, बक्सर, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, धनबाद, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर एस्केलेटर लगा दिए गए हैं।

    साथ ही, दानापुर, धनबाद, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, सोनपुर और समस्तीपुर मंडलों के अन्य स्टेशनों पर भी एस्केलेटर और लिफ्ट लगाए जा रहे हैं। इनमें पटना साहिब, दानापुर, आरा, पारसनाथ, गढ़वा रोड, डालटनगंज, कोडरमा, सासाराम, अनुग्रह नारायण रोड, हाजीपुर, सोनपुर, बरौनी, दरभंगा, सहरसा, नरकटियागंज, बेतिया, मधुबनी, गोमो और सिंगरौली जैसे स्टेशन शामिल हैं।

    रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि इन एस्केलेटरों और लिफ्टों से शारीरिक रूप से असमर्थ और बुजुर्ग यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। वे आसानी से ट्रेनों में सवार और उतर पाएंगे। साथ ही परिवार के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए भी यह सुविधा अत्यंत उपयोगी साबित होगी।

    इस अभियान के तहत रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आगामी दिनों में और भी कई स्टेशनों पर एस्केलेटर और लिफ्ट लगाए जाएंगे ताकि किसी को भी परेशानी न हो। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की प्राथमिकता है और वह इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।

  • देशभर में 1 जुलाई से लागू होने जा रही तीन नए अपराधिक कानूनों को लेकर गया पुलिस अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू

    देशभर में 1 जुलाई से लागू होने जा रही तीन नए अपराधिक कानूनों को लेकर गया पुलिस अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू

    न्यूज डेस्क: गया के वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती के निर्देशन में तीन नए अपराधिक कानूनों – भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम पर पुलिस अधिकारियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार में शुरू हुआ और इसका उद्घाटन पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र द्वारा किया गया।

    1 जुलाई, 2024 से पूरे देश में इन तीन नए अपराधिक कानूनों को लागू किया जाएगा। ये कानून औपनिवेशिक युग के पुराने कानूनों की जगह लेंगे और भारतीय आपराधिक न्याय प्रणाली को आधुनिक बनाएंगे। इन कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए बिहार पुलिस मुख्यालय स्तर से एक त्रि-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

    प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले चरण में गया पुलिस के अलावा बीएसएपी-03 और विशेष शाखा के लगभग 400 पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में पीटीसी स्तर से लेकर पुलिस अधीक्षक स्तर के सभी पदाधिकारी (कुल 1130 से अधिक) शामिल होंगे।

    नए कानूनों का उद्देश्य न्याय व्यवस्था को बेहतर, पारदर्शी और पीड़ित-केंद्रित बनाना है। इन कानूनों के लागू होने से बेहतर न्याय व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

    नए कानूनों की कुछ प्रमुख विशेषताएं:

    1. महिलाओं और बच्चों के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए, भारतीय न्याय संहिता में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध को लेकर एक नया अध्याय जोड़ा गया है।
    2. एफआईआर, केस डायरी, आरोप पत्र और पूरी जांच प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है।
    3. मॉब लिंचिंग में मौत की सजा का प्रावधान किया गया है।
    4. पारदर्शिता लाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के अधिक उपयोग पर जोर दिया गया है, जैसे तलाशी, बरामदगी, पूछताछ और सुनवाई की रिकॉर्डिंग का प्रावधान।
    5. जांच और न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

    इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस अधिकारियों को नए कानूनों के प्रावधानों और उनके कार्यान्वयन की विधि से अवगत कराया जाएगा। इससे न केवल न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता आएगी, बल्कि अपराध के पीड़ितों को भी समय पर न्याय मिलने की संभावना बढ़ेगी।

  • धार्मिक उत्साह और युवा उमंग का मिलन – गया के रघवाचक गांव में सात दिवसीय श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य शुभारंभ

    धार्मिक उत्साह और युवा उमंग का मिलन – गया के रघवाचक गांव में सात दिवसीय श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य शुभारंभ

    गया जिले के फतेहपुर प्रखंड के रघवाचक गांव में रविवार को सप्तदीवसीय भव्य श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। सुबह से ही गांव में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु विशाल कलश यात्रा में शामिल होने उमड़ पड़े।

    कलश यात्रा रघवाचक गांव से शुरू होकर धरहरा कलां, चपरी, कोसमहार और पतेया गांव से होते हुए देवठिका गांव स्थित विशाल नदी घाट पर पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और भजन-कीर्तन किए। घाट पर पहुंचकर महिलाओं ने नदी से जल भरा और फिर रघवाचक गांव स्थित मंदिर परिसर में लौट आईं।

    इसके बाद शाम को सात दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर से लेकर गांव के आसपास के इलाकों में डीजे पर “जय श्री राम” के नारे गूंजने लगे। आधुनिक और पारंपरिक का यह मिश्रण देखने लायक था। युवाओं ने खासा उत्साह देखने को मिला।

    इस कलश यात्रा के दौरान समुदाय की एकता का भी नजारा देखने को मिला। पूर्व मुखिया मिथलेश यादव ने बतौर समाजसेवी अपनी ओर से श्रद्धालुओं के लिए शरबत का इंतजाम किया। लोगों ने इसकी काफी सराहना की।

    यज्ञ से पूरे क्षेत्र की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। ऐसे धार्मिक समारोहों से समुदाय में एकता और आध्यात्मिकता को भी बढ़ावा मिलता है। अगले सात दिनों तक गांव में यज्ञ कार्यक्रमों का दौर चलेगा। इस कलश यात्रा के दौरान क्षेत्र संख्या 42 जिला पार्षद वीरेंद्र साव, क्षेत्र संख्या 40 के जिला पार्षद प्रेम कुमार , समाजसेवी मुखिया रविंद्र यादव , डॉ. परशुराम यादव, गोपाल यादव, युवा समाजसेवी छोटू यादव ,रंजीत शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा , गुरुकुल संस्था के नरेश भारती समेत क्षेत्र के सैकड़ो गणमान्य लोगो के अलावा हजारों की संख्या में महिलाए एवं पुरुष शामिल हुए।