गया जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत गुरी सर्वे गांव के रहने वाले जीवित कुमार ने आईआईटी 2024 प्रवेश परीक्षा में 3012वीं रैंक हासिल करके अपने गांव और परिवार का नाम रोशन किया है। जीवित के पिता जितेंद्र चौधरी और मां ज्योति कुमारी दोनों ही सरकारी शिक्षक हैं।
जीवित की इस उपलब्धि पर गदगद माता-पिता ने कहा, “हम बेहद खुश हैं। हमने उसकी हर संभव मदद की और हौसला बढ़ाया।” चाचा योगेंद्र चौधरी ने कहा, “जीवित हमेशा से ही मेहनती था। उसकी यह कामयाबी पूरे गांव के लिए गर्व की बात है।”
सीपीआर स्कूल के निर्देशक राजकुमार सिन्हा उर्फ कुन्नी सर ने जीवित को बधाई दी और कहा, “जीवित हमारे स्कूल का गौरव है। उसने अपनी लगन से यह मुकाम हासिल किया है। हम उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।”
जीवित के दादा अर्जुन चौधरी और भाई जयंत भी इस उपलब्धि पर बेहद खुश हैं। गांव वासियों ने भी जीवित की सफलता पर खुशी जाहिर की है। अपनी मेहनत से जीवित ने न केवल आईआईटी में प्रवेश पाया है, बल्कि गांव और परिवार का नाम भी रोशन किया है। उनकी सफलता अब बिहार के गरीब क्षेत्रों के युवाओं के लिए एक नई उम्मीद बन गई है। जीवित की यह सफलता बिहार के गरीब गांवों के युवाओं के लिए एक मिसाल है कि मेहनत करने पर कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है।
27 बिहार बटालियन, रैशनल कैडेट कोर (एनसीसी) द्वारा गया स्थित डेव्ही अनुसंधान एवं विकास विवि (डेव्ही मेडिकल कॉलेज) में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-IV) का आयोजन किया गया। शिविर के छठे दिन की शुरुआत योग सत्र से हुई, जिसका संचालन एनसीओ सी.एच.एम. बीरबल, हवलदार रोबिन, रमेश और जयदीप ने किया। इसके बाद फायरिंग प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया।
सशस्त्र सेना भर्ती कार्यालय गया से डॉ. मेजर अशोक कुमार ने भारतीय सेना में भर्ती प्रक्रिया, आवश्यक योग्यताएं, मेडिकल परीक्षण आदि पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेना में कई प्रकार की रिक्तियां होती हैं और उनके लिए अलग-अलग योग्यताएं निर्धारित हैं। साथ ही, भर्ती के दौरान एक मेडिकल टेस्ट भी होता है, जिसे छात्रों को पास करना होता है। उन्होंने भर्ती से संबंधित पाठ्यक्रम की जानकारी भी दी और संबंधित पुस्तिकाएं व दस्तावेज भी वितरित किए।
इसके बाद, 27 बटालियन के समादेशक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल एम.के.शुक्ला ने भारतीय सेना के बारे में विस्तार से बताया। एएनओ द्वितीय अधिकारी मुकेश प्रसाद वर्मा ने समय प्रबंधन के महत्व और इसके विभिन्न पहलुओं पर व्याख्यान दिया। तृतीय अधिकारी पंकज कुमार ने डिजिटल जागरूकता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर एसएम जाकिर हुसैन, सूबेदार नेत्र बहादुर थापा, सूबेदार मनोज कुमार यादव, लेफ्टिनेंट सुनील कुमार और लगभग 600 एनसीसी कैडेट उपस्थित थे।
न्यूज डेस्क: पूर्व मध्य रेलवे ने गुरुवार को बिना टिकट/अनियमित यात्रियों के खिलाफ एक बड़े अभियान की शुरुआत की। इस विशेष टिकट चेकिंग अभियान में पूरे रेलवे मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रेलवे अधिकारी, पर्यवेक्षक, रेलकर्मी, ट्रेवलिंग टिकट एग्जामिनर (टीटीई) और भारी संख्या में रेलवे सुरक्षा बल के कर्मी तैनात किए गए थे।
शहरों और गांवों से गुजरने वाली सभी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों के एसी कोचों की विशेष जांच की गई। साथ ही, सभी पैसेंजर और मेमू ट्रेनों में भी टिकट जांच की गई। यह विशाल अभियान पूरे दिन चलता रहा।
इस दौरान, रेलवे ने कुल 14,580 बिना टिकट/अनियमित यात्रियों को पकड़ा और उनसे 96 लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। सबसे ज्यादा 4,800 यात्री सोनपुर मंडल में पकड़े गए, जिनसे 31.62 लाख रुपये का जुर्माना लिया गया। दानापुर मंडल में 4,010 यात्रियों से 27.63 लाख रुपये वसूले गए।
इसके अलावा, पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल से 9.12 लाख रुपये, धनबाद मंडल से 10.02 लाख रुपये और समस्तीपुर मंडल से 18.18 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस बड़े अभियान के दौरान कई बिना टिकट यात्रियों का रोना भी फूट पड़ा। वहीं, कई लोगों ने टिकट खरीदने के बजाय जुर्माना देने को तरजीह दी क्योंकि जुर्माना कम था।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने कहा कि यात्रियों से अनुरोध है कि वे सदैव उचित यात्रा टिकट लेकर ही सफर करें। उन्होंने कहा कि बिना टिकट यात्रा करना गैरकानूनी है और भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
इस प्रकार, रेलवे ने बिना टिकट यात्रा करने वालों पर शिकंजा कसते हुए उनसे करीब 1 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला है। यह अभियान रेलवे की आय बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों में से एक है।
27 बिहार बटालियन एनसीसी गया द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर कैंप के पांचवें दिन फायरिंग प्रशिक्षण की शुरुआत हुई। कैंप कमांडेंट कर्नल ए.एस. पारकर ने सभी कैडेट्स को फायरिंग रेंज पर “एक गोली, एक दुश्मन” के सिद्धांत पर फायरिंग का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि युद्ध के दौरान प्रत्येक गोली का महत्व होता है, इसलिए लक्ष्य यह होना चाहिए कि एक गोली से एक दुश्मन को निशाना बनाया जाए, नहीं तो न केवल गोलियां बर्बाद होंगी, बल्कि दुश्मन को बर्बाद करने का मौका भी कम रहेगा।
Video
जिला स्कूल, एस.पी.वाई., एस.एस.वाई., समता गुरुकुल एवं +2 जिला स्कूल गया के कैडेट्स को भी इस फायरिंग अभ्यास में शामिल किया गया। कर्नल पारकर ने बताया कि 27 बिहार बटालियन के तहत आने वाले सभी स्कूल-कॉलेजों के कैडेट्स को लगातार फायरिंग अभ्यास कराया जाएगा। जो कैडेट अच्छा प्रदर्शन करेगा, उसे भविष्य में और अधिक फायरिंग के अवसर दिए जाएंगे साथ ही पुरस्कृत भी किया जाएगा।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट सुनील कुमार, अशोक कुमार, सुबेदार मेजर ज़ाकिर हुसैन, सेकेंड ऑफिसर मुकेश प्रसाद वर्मा, थर्ड ऑफिसर पंकज कुमार, सूबेदार संजय कुमार यादव, हवलदार दीपक कुमार, हवलदार रंजन, हवलदार वाई.के. यादव, नायब सूबेदार भूपेन्द्र, हवलदार विनोद, हवलदार राजेन्द्र एवं सैकड़ों एनसीसी कैडेट उपस्थित थे।
गया जिले के टनकुप्पा थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में शुक्रवार रात एक घटना सामने आई है, जिसमें एक पत्नी ने अपने पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मानिकपुर निवासी विजय मांझी के रूप में हुई है, जो ज्ञानी मांझी का पुत्र था।
ग्रामीणों के अनुसार, प्रेम प्रसंग को लेकर दंपति के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते पत्नी ने विजय मांझी को बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। विजय शुक्रवार को ही रायपुर शहर से मजदूरी करके घर लौटा था।
इस घटना की सूचना मिलने पर टनकुप्पा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि घरेलू विवाद के कारण पत्नी ने पति की हत्या की है। हत्या के बाद पत्नी और बच्चे मौके से फरार हो गए हैं। उन्होंने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया गया है, पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।
गया। गौतम बुद्ध महिला महाविद्यालय में प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) जावैद अशरफ़ की सेवानिवृत्ति पर विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों ने प्रधानाचार्य प्रो. अशरफ़ को सम्मान सहित पुष्पगुच्छ, सेवानिवृत्ति प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्रम, स्मृति-उपहार आदि प्रदान करके उनके नेतृत्व में महाविद्यालय में प्राप्त खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर कॉलेज के बर्सर डॉ सहदेव बाउरी, रसायनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो अफशां सुरैया, संगीत विभागाध्यक्ष डॉ नूतन कुमारी, नैक समन्वयक डॉ शगुफ्ता अंसारी, अंग्रेज़ी विभागाध्यक्ष डॉ. कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी, डॉ पूजा, डॉ कृति सिंह आनंद, डॉ रूही खातून, अध्यक्ष, शिक्षकेतर कर्मी, प्रो. अशरफ़ के पीएचडी शोध छात्र डॉ. पुरुषोत्तम विश्वकर्मा ने प्रो.अशरफ़ के नेतृत्व में प्राप्त कार्यानुभवों को साझा किया। डॉ. कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी ने सेवानिवृत्ति प्रशस्ति पत्र पढ़कर शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी एवं समस्त महाविद्यालय की ओर से महाविद्यालय के यशस्वी प्रधानाचार्य प्रो जावैद अशरफ़ के सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्यारे माँझी ने किया।
सेवानिवृत्ति-सह-सम्मान समारोह में बोलते हुए प्रधानाचार्य प्रो.अशरफ़ ने कॉलेज की तुलना एक रेलगाड़ी से करते हुए प्रधानाचार्य को इंजन तथा शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मियों को इंजन से संलग्न डब्बा ठहराया। उन्होंने टीम वर्क के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक उपलब्धियों के पीछे उनके नेतृत्व में निष्ठापूर्वक कार्य कर रही पूरी टीम को श्रेय दिया। अपने शैक्षणिक, गैर-शैक्षणिक तथा प्रशासनिक अनुभवों की चर्चा करते हुए उन्होंने प्राप्त सहयोग और समर्थन हेतु पूरे महाविद्यालय परिवार के प्रति हार्दिक कृतज्ञता जतायी। साथ ही, कॉलेज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सेवानिवृत्ति उपरांत भी कॉलेज के हितार्थ यथोपयुक्त सहयोग देते रहने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में डॉ निर्मला कुमारी, डॉ जया चौधरी, डॉ पूजा राय, डॉ अमृता घोष, डॉ रुखसाना परवीन, डॉ फरहीन वजीरी, डॉ बनीता कुमारी, प्रीति शेखर, डॉ सुनीता कुमारी, डॉ सुरबाला कृष्णा, दरख्शां परवीन, डॉ दीपशिखा पांडे, शिक्षकेतर कर्मी सुनील कुमार, सुरेन्द्र प्रसाद, अजय कुमार, विक्रम कुमार, अभिषेक कुमार, नीरज कुमार, रौशन कुमार, अभिषेक कुमार भोलू, राजेश कुमार, रेणु सिंह, संजू, विवेक, मीरा देवी, तनवीर अली, रंजीत आदि की उपस्थिति रही।
कॉलेज पीआरओ डॉ रश्मि ने बतलाया कि प्रो. जावैद अशरफ़ ने 27 नवंबर 1990 ई. को एस.एम. एस. जी. कॉलेज, शेरघाटी में मनोविज्ञान विभाग में लेक्चरर के रूप में योगदान दिया था। उन्होंने गया कॉलेज में भी लंबी अवधि तक अध्यापन-कार्य किया। गौतम बुद्ध महिला महाविद्यालय में प्रधानाचार्य पद पर प्रो. अशरफ़ दिनांक 01.03.2019 से लेकर दिनांक 30.04.2024 तक कार्यरत रहे।
पहाड़पुर, (गया): गया-कोडरमा रेलखंड के पहाड़पुर स्टेशन पर आरपीएफ ने एक टिकट दलाल को हिरासत में लिया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर जवाहर लाल ने बताया की टिकट काउंटर के समीप से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हिरासत में लिए गया व्यक्ति फतेहपुर थाना क्षेत्र के रहनेवाला है।
आरपीएफ द्वारा इस कार्रवाई को रेलवे स्टेशनों पर अवैध टिकट बनाने वाले दलालों के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। इस घटना से अन्य दलालों को भी चेतावनी मिलेगी और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था में और सुधार की उम्मीद है।आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ जारी है और इस मामले में और भी जानकारी सामने आ सकती है।
बिहार के दरभंगा में हुए शादी के दौरान एक सिलेंडर ब्लास्ट के कारण 6 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा गुरुवार रात 11 बजे के बाद हुआ था। बारात को पड़ोसी रामचंद्र पासवान के घर पर ठहराया गया था।
इस दौरान बारातियों ने जमकर आतिशबाजी की और पटाखों की चिंगारी से शामियाने में आग लग गई। सिलेंडर में आग लगने से ब्लास्ट हो गया। हादसे के बाद दूल्हा-दुल्हन को पास के ही मंदिर में ले जाया गया और वहां दोनों की शादी हुई। इसी दौरान रामचंद्र पासवान के दरवाजे पर रखे डीजल के स्टॉक में भी आग लग गई। इसमें परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। यह मामला अलीनगर प्रखंड के बहेड़ा थाना के अंटोर गांव का है।
मृतकों में कंचन देवी (25वर्ष), साक्षी कुमारी (4वर्ष), सिद्धांत कुमार (2वर्ष ), सुनील पासवान (26वर्ष) और लाली देवी शामिल हैं। बेनीपुर के अनुमंडल पदाधिकारी शंभू नाथ झा ने बताया कि घटना में 6 लोगों की मौत हुई है। मृतक के नजदीकी रिश्तेदारों को 4-4 लाख रुपए की मदद दी जाएगी और 3 मवेशियों की भी मौत हो गई है, उनके भी मुआवजा दिया जाएगा। बाकी सामान के नुकसान के लिए 12 हजार रुपए की मदद की जाएगी।
गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. जावैद अशरफ़ एवं एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-रेड रिबन क्लब, गया की जिला नोडल पदाधिकारी डॉ प्रियंका कुमारी ने बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के रेड रिबन क्लब युवा महोत्सव-2023 के तहत आयोजित गया जिला स्तरीय रेड रिबन रील्स मेकिंग प्रतियोगिता एवं मैराथन दौड़ (महिला वर्ग एवं पुरुष वर्ग) प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रतियोगिता दर्पण की प्रतियाँ पुरस्कार स्वरूप प्रदान कीं। इस अवसर पर कॉलेज के बर्सर डॉ सहदेव बाउरी, एनसीसी केयर टेकर अफिसर डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी और परीक्षा प्रभारी डॉ प्यारे माँझी उपस्थित थे।
प्रधानाचार्य प्रो. अशरफ़ ने निम्नलिखित प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रतियोगिता दर्पण की प्रतियाँ पुरस्कृत किया:
रील्स प्रतियोगिता:
सीयूएसबी के शिंजन चटर्जी
एम कॉलेज गया के अमित कुमार
जीबीएम कॉलेज की वंशिका कुमारी
मैराथन दौड़ (पुरुष वर्ग)
जगजीवन कॉलेज के राजू कुमार
विवेकानंद कुमार (जीबीएम कॉलेज)
विकास कुमार (एसएमएसजी कॉलेज शेरघाटी)
शिवम कुमार (एसएमएसजी कॉलेज)
अमित कुमार (गया कॉलेज, गया)
मैराथन दौड़ (महिला वर्ग):
जीबीएम कॉलेज की शिल्पी कुमारी
तान्या रैना
आरती कुमारी (एसएमएसजी कॉलेज)
प्रियंका कुमारी (जगजीवन कॉलेज, गया
जीबीएम कॉलेज की पीआरओ डॉ रश्मि ने बतलाया की इन सभी विजेताओं को बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के सौजन्य से माह अप्रैल 2024 से लेकर अप्रैल 2025 तक प्रतियोगिता दर्पण पत्रिका की प्रतियाँ निःशुल्क भेजी जायेंगी। विजेताओं को प्रमाण पत्र पहले ही भेजा जा चुका है।
गया जिले के अलीपुर थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति को दहेज प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी, जिनका नाम दीपक कुमार उर्फ चुहरमल बताया जा रहा है, को उनके ग्राम खुटवर स्थित घर से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
यह गिरफ्तारी एक गैर-जमानती वारंट (NBW) के आधार पर की गई, जो कि पूर्व में दर्ज दहेज प्रताड़ना के मामले से संबंधित है। आरोपी पर अपनी पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप है, जिसके चलते उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
अलीपुर थाना अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि आरोपी काफी समय से फरार थे और उन्हें पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को तत्काल न्यायिक हिरासत में लिया गया और उन्हें अदालत में पेश किया गया।
इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और पुलिस ने इसे दहेज प्रताड़ना के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। समाज में दहेज प्रताड़ना के खिलाफ जागरूकता और कठोर कानूनी प्रावधानों के बावजूद, ऐसे मामले सामने आना चिंताजनक है। पीड़िता और उनके परिवार ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि न्याय मिलेगा।