Blog

  • फतेहपुर पुलिस ने दुष्कर्म मामले में आरोपी को 24 घंटे में किया गिरफ्तार

    फतेहपुर: फतेहपुर थाने की पुलिस ने फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम ललन कुमार है, जो थाना क्षेत्र के हसरा टोला गोपालपुर का रहने वाला है। इस संबंध में गया एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि पीड़िता ने 1 मार्च को फतेहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह अपने घर में अकेली थी तो ललन ने उसे जबरदस्ती घर में खींचकर ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ धारा 376, 323, 504, 506 भा०द०वि० और 4/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया।

    वरीय पुलिस अधीक्षक ने इस मामले को संवेदनशील मानते हुए त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष फतेहपुर को आरोपी को अविलम्ब गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष फतेहपुर ने अपनी टीम के साथ छापेमारी करते हुए आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार किया। थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि इस मामले में प्रभावी वैज्ञानिक अनुसंधान करके आरोप पत्र जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा और आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। गया पुलिस ने यह भी कहा कि वह महिला सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है और किसी भी अपराध के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करेगी।

  • पीएम नरेंद्र मोदी ने गया जंक्शन के नवनिर्मित मेमू शेड का किया उद्घाटन

    देवब्रत मंडल

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार में 27 हजार करोड़ से अधिक की लागत से 27 परियोजनाओं का वर्चुअल शिलान्यास और उद्घाटन किया। जिसमें एक गया जंक्शन का अत्याधुनिक मेमू शेड भी था। 20 कोच वाले 20 रेक  की क्षमता वाले इस मेमू शेड के निर्माण पर 110 करोड़ रुपए की लागत आई है। पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत गया में इस अत्याधुनिक तकनीक से लैश इस मेमू शेड के शुरू हो जाने से जहां पैसेंजर्स ट्रेनों के रेक को रिप्लेस करने में मदद मिलेगी, वहीं  इससे रेल लाइन की परिचालन की क्षमता में बढ़ोतरी के साथ साथ बिजली की भी बचत होगी।


    इस मेमू शेड के उद्घाटन के मौके पर डीडीयू मंडल के विद्युत अभियंता के. के. गुप्ता, मेमू शेड इंचार्ज अभियंता मशरुर आलम,  स्टेशन प्रबंधक उमेश कुमार, मेमू शेड के संवेदक गुड्डू खान, आरपीएफ़ पोस्ट के सब-इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह, एसएसई(विद्युत) धनंजय कुमार, एसएसई(कार्य) आरके सिन्हा आदि सहित कई लोग मौजूद रहे।

  • गया में अनियंत्रित बोलेरो ने मां बेटे की ली जान, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

    गया: गया-पटना मुख्य सड़क मार्ग एनएच-83 पर अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से एक मां और उसका एक साल का बेटा का मौके पर ही मौत हो गई। घटना बेलागंज थाना क्षेत्र के नीमचक गांव के पास हुई है। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गया पटना सड़क मार्ग को जाम कर दिया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को आक्रोशित लोगों ने रोककर चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

    मिली जानकारी के अनुसार मृतक महिला वज्रन्ती कुमारी (उम्र 33वर्ष) अपने मायके आई हुई थी। और वह अपने एक साल के बेटे को गोद में लेकर खेत में काम करने जा रही थी। रोड पार करने  के दौरान तेज रफ्तार बोलेरो के चपेट में आ जाने से मौके पर ही मौत हो गई।

  • खुशखबरी: 1 मार्च से जहानाबाद स्टेशन पर रुकेगी पटना-रांची वंदे भारत एक्स.

    देवब्रत मंडल

    दानापुर मंडल के जहानाबाद स्टेशन पर गाड़ी सं. 22349/22350 पटना-रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस का प्रायौगिक तौर पर 02 मिनट का ठहराव प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। दिनांक 01.03.2024 से गाड़ी संख्या 22349 पटना-रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस 07.34 बजे जहानाबाद स्टेशन पहुंचेगी तथा यहां से 07.36 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 22350 रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस 21.25 बजे जहानाबाद स्टेशन पहुंचेगी तथा यहां से 21.27 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। यह जानकारी वीरेन्द्र कुमार
    मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्व मध्य रेल ने दी है।

  • गैस टंकी वाली वैन ने ली युवक की जान, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया घंटो सड़क जाम

    रिपोर्ट: अजीत कुमार ,बेलागंज

    बेलागंज थाना क्षेत्र के डीहा गांव के समीप एक गैस टंकी लदे पिकअप वैन के चपेट में आ जाने से एक युवक को मौत घटनास्थल पर हीं हो गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची ग्रामीणों की भीड़ ने शव के साथ घंटो प्रदर्शन करते रहे। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची बेलागंज थाना की पुलिस को अक्रोशित ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस के अधिकारियों के पहल के बाद ग्रामीण शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल गया भेज दिया गया।

    इधर घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि डीहा बाजार निवासी स्व देवकी पंडित के 45 वर्षीय पुत्र दिलीप प्रजापत अपने घर से निकलकर बधार की ओर जा रहा था। उसी दौरान सड़क पार करने के क्रम गैस सिलेंडर से भरा पिकअप वैन दिलीप को अपने चपेट में ले लिया। पिकअप वैन के चपेट में आने से दिलीप की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला पुरूष घटनास्थल पर जुट गए और शव को बीच सड़क पर रखकर प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सूचना के बाद मौके पर पहुंच बेलागंज थाना की पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अक्रोषित ग्रामीणों को समझा बुझाकर कर शांत किया तब जाकर शव को उठाया गया। थानाध्यक्ष विनय कृष्ण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल गया भेज दिया गया है।

  • गया पुलिस ने फिरौती के लिए अपहरण किए गए दो लड़कों को बचाया, तीन अपराधी गिरफ्तार

    गया: बाराचट्टी थाना क्षेत्र के दो लड़कों का अपहरण कर फिरौती मांगने वाले तीन अपराधियों को गया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गया पुलिस ने अपहृत दोनो लड़के को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से प्राथमिकी दर्ज होने के 30 घंटे के अन्दर बिना फिरौती के रकम दिए सकुशल बरामद किया है।

    इस संबंध में सिटी एसपी प्रेरणा कुमार ने प्रेस कान्फ्रेस कर बताया कि दिनांक 27.02.2024 को बाराचट्टी थाना में एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति ने अपने भाई का अपहरण होने की शिकायत की थी। उसने बताया कि उसका भाई बबलू कुमार अपने मित्र कल्लु कुमार के साथ बाजार घुमने गया था, लेकिन वापस नहीं आया। बाद में कल्लु के मोबाइल से व्हाट्सएप कॉल आया और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।

    इसके बाद गया पुलिस अधीक्षक ने एक विशेष टीम का गठन करके इस मामले की जांच शुरू कर दी। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के जरिए अपहरण करने वालों का पता लगाया। टीम ने औरंगाबाद जिले में छापेमारी करके अपहरण किए गए लड़कों को बचाया और उन्हें अपने परिवार के हवाले किया। अपहृत व्यक्ति ने पुछ-ताछ में पुलिस को बताया की कल्लु के द्वारा मुझे मिलने के लिए भुसुन्डा बुलाया गया था। मैं अपने मित्र कल्लु के साथ उससे मिलने के लिए गया था जहाँ पर पहले से तैनात अज्ञात अपराधकर्मियों के द्वारा मुझे और मेरे मित्र कल्लु का अपहरण कर कल्लु के ही फोन से फिरौती की रकम की मॉग की जा रही थी।

    पुलिस टीम ने इस मामले में संलिप्त तीन अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियो का नाम मोहनपुर थाना क्षेत्र के अजय कुमार पिता रामाशीष यादव , विकाश कुमार पिता शम्भु यादव भवानी बिगहा थाना मोहनपुर, मनीष कुमार पिता बिरजू यादव बोधगया थाना क्षेत्र के रहने वाला हैं। गिरफ्तार अपराधियों के पास से इस घटना में उपयोग किया गया स्कॉर्पियो गाड़ी और मोबाइल फोन बरामद किया गया। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका पहले से ही अपहरण किए गए लड़कों के साथ विवाद था, इसलिए उन्होंने यह योजना बनाई थी।

    गया पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस कांड के उद्भेदन में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पुरस्कृत करने का भी आश्वासन दिया। इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

  • संवेदक और नगर निगम के बीच झूल रही योजना, अब पार्षद करेंगी आमरण अनशन

    देवब्रत मंडल

    वार्ड नं 04 में घरों से निकल रहा गंदा पानी

    जनता जब जनप्रतिनिधियों को चुनने के लिए अपना वोट करती है तो यह उम्मीद लगाकर कि उनकी समस्याओं का निदान करा दिया जाएगा। निर्वाचित जनप्रतिनिधि इसके लिए संबंधित सदन में समस्याओं को पटल पर रखते हैं। सदन में विकास संबंधी योजनाओं पर चर्चा होती है और पारित हो जाने के बाद उसे क्रियान्वयन के लिए आदेश जारी किया जाता है। इसके बाद विभागीय या खुली निविदा के माध्यम से योजनाओं को धरातल पर उतार कर जनता की समस्याओं का निराकरण करा दिया जाता है। इसके बाद नेता जनता का विश्वास हासिल करते हैं। लेकिन, गया नगर निगम में ये ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है। गया नगर निगम के वार्ड नं 04 की पार्षद अनुपमा कुमारी की माने तो इनके निर्वाचन क्षेत्र में ऐसा कुछ नहीं होता है। पार्षद अनुपमा कुमारी ने गुरुवार को महापौर और नगर आयुक्त को संबोधित एक ज्ञापन में कहा है कि उनके क्षेत्र में नाला निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। संवेदक को कार्य करने के लिए कार्यालय से एक पत्र लिखकर एकरारनामा की प्रक्रिया को पूरी करने को कहा गया है। वार्ड पार्षद का कहना है कि उनके वार्ड में बड़े नाले का निर्माण कार्य अबतक प्रारम्भ नहीं हो सका है। इसको लेकर न तो संबंधित अधिकारी और न ही संवेदक द्वारा रुचि ली जा रही है। जिसके कारण योजना फ़ाइल में ही सिमटी पड़ी है और इधर जनता उनसे तरह-2 के सवाल खड़े कर रही है।

    विभागीय आदेश

    पार्षद ने मेयर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है और कहा है कि यदि योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतार कर पूर्ण नहीं किया जाता है तो वे निगम प्रशासन के समक्ष आमरण अनशन करूंगी। उन्होंने कहा कि नाला का निर्माण नहीं होने से क्षेत्र की जनता को बरसात के दिनों में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। वहीं कई एकड़ भूमि जलजमाव के कारण बेकार पड़ी रहती है, जिससे किसानों को लाखों का नुकसान हो रहा है।

    जलजमाव के कारण बेकार पड़ी भूमि
  • गया: नक्सल प्रभावित मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र को मिला नया थाना, वरीय पुलिस अधीक्षक ने किया शुभारंभ

    गया जिले के बोधगया अनुमंडल में नक्सल एवं उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्र में एक नया थाना सिन्धुगढ़ का शुभारंभ किया गया है। इसकी स्वीकृति सरकार के सचिव बिहार पटना ने 23 फरवरी को दी थी। गया के वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने 28 फरवरी को इस थाने का उद्घाटन किया।

    सिन्धुगढ़ थाना गया जिले के मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र  के अंतर्गत आता है। यह क्षेत्र पहाड़ों और घने जंगलों से घिरा हुआ है और झारखण्ड राज्य की सीमा से लगा हुआ है। सिन्धुगढ़ थाना के अंतर्गत तीन पंचायतों के 34 गाँव शामिल हैं। इन गाँवों की दूरी मोहनपुर थाना से 18 किलोमीटर है। इस कारण इन गाँवों के लोगों को विधि व्यवस्था से संबंधित कोई भी समस्या होने पर थाने तक पहुँचने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता था।

    सिंधुगढ़ थाना उद्घाटन कार्यक्रम का लाइव विडियो

    सिन्धुगढ़ थाना में थानाध्यक्ष के रूप में गौरव कुमार को पदभार मिला है इनके अलावा अन्य पदाधिकारीयों और सशस्त्र बल को पदस्थापित किया गया है। इससे नक्सली गतिविधियों को रोकने, ग्रामीणों की सुरक्षा बनाए रखने, अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकने और शराब बंदी को लागू करने में मदद मिलेगी।

    वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने इस थाने के शुभारंभ पर कहा कि यह एक महत्वपूर्ण कदम है जो इस क्षेत्र में विधि व्यवस्था को मजबूत करेगा। उन्होंने इस थाने के प्रभारी और कर्मचारियों से अपील की कि वे निष्ठा और ईमानदारी से अपना काम करें और जनता के साथ सहयोग बनाए रखें। उन्होंने कहा की मोहनपुर ओपी को भी पूर्ण थाना का दर्जा जल्द ही मिल जायेगा।

    इस थाने के शुभारंभ के अवसर पर ,सिटी एसपी प्रेरणा कुमार , बोधगया अनुमंडल अधीक्षक सौरभ जायसवाल ,इंस्पेक्टर अजय कुमार, मोहनपुर थानाध्यक्ष, सिन्धुगढ़ थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। वहीं इस इस उद्घाटन कार्यक्रम के मौके पर पूर्व प्रमुख श्रीधरनारायण यादव, नागेंद्र यादव, थाना क्षेत्र के केवला पंचायत मुखिया अरविंद यादव, पूर्व मुखिया दिलेश्वर यादव, संजय यादव, उपेंद्र पासवान, अंबातारी पंचायत मुखिया प्रतिनिधि अजमत अली , हम पार्टी नेता कैसर अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधियों के अलावे हजारों की संख्या में ग्रामीण पुरुष और महिलाएं उपस्थित रहे।

  • ओपी से थाना बने गहलौर थाना का एसएसपी ने किया उद्घाटन, नक्सली गतिविधियों पर अधिक नियंत्रण का दावा

    गया: गया जिले के नीमचक बथानी अनुमंडल में सुचारू रूप से कार्यरत गेहलौर ओपी को थाना बनाने के बाद, शुक्रवार को एसएसपी आशीष भारती ने इसका उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य नक्सली गतिविधियों पर अधिक नियंत्रण, सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था के संधारण, अवैध उत्खनन / परिवहन एवं पुर्ण शराब बंदी को सख्ती से लागू करने है।

    एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि गेहलौर थाना का क्षेत्रफल 14 कि०मी० है, जिसमें गेहलौर पंचायत के सभी गाँव तथा धुसरी गाँव शामिल हैं। इस क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों का असर देखा जाता है, जिससे लोगों को आतंक और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, अवैध उत्खनन / परिवहन एवं पुर्ण शराब बंदी का पालन नहीं किया जाता है, जिससे राज्य को आर्थिक हानि होती है।

    एसएसपी ने कहा कि गेहलौर थाना बनने से इस क्षेत्र में पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी, जिससे अपराध नियंत्रण में सुधार, विधि-व्यवस्था में स्थिरता और जन सुविधा में वृद्धि होगी। वह कहा कि गेहलौर थाने में थानाध्यक्ष के अलावा प्रयाप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी/कर्मी पदस्थापित किए गए हैं।

    उद्घाटन के अवसर पर, एसएसपी ने गेहलौर के लोगों से अपील की कि वे पुलिस के साथ सहयोग करें, और किसी भी अपराध या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों की सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखती है, और उनकी शिकायतों को तत्काल निपटारा करेगी।

    गेहलौर के लोगों ने एसएसपी का अभिनंदन किया, और उन्होंने कहा कि थाना बनने से उन्हें बहुत राहत मिली है। वे कहा कि अब इस क्षेत्र के लोगो को अतरी थाना जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, और उनकी समस्याओं का समाधान जल्दी होगा।

    गेहलौर थाना का उद्घाटन एक महत्वपूर्ण कदम है, जो गया जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए लिया गया है। इससे उम्मीद है कि इस क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अधिक नियंत्रण, सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था के संधारण, अवैध उत्खनन / परिवहन एवं पुर्ण शराब बंदी को सख्ती से लागू किया जाएगा।

  • 2 मार्च से राशन कार्ड धारक बनवा सकेंगे आयुष्मान कार्ड, मिलेगी 5 लाख तक की फ्री इलाज की सुविधा

    गया जिले में राशन कार्ड धारकों को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाई जा रही है। जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने बताया कि 2 मार्च से राशन कार्ड धारकों का प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना (CMJAY) के तहत आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा।

    आयुष्मान कार्ड एक तरह का स्वास्थ्य बीमा कार्ड है, जिसके जरिए लाभार्थी किसी भी सरकारी या निजी अस्पताल में 5 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त में करवा सकते हैं। इस योजना का लाभ देश के गरीब और आरक्षित वर्ग के लोगों को मिलता है। इस योजना को 2018 में केंद्र सरकार ने शुरू किया था।

    जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने कहा कि राशन कार्ड धारकों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए अपने निकटतम राशन दुकानों पर जाकर अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना आधार कार्ड और राशन कार्ड लाना होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि राशन कार्ड धारकों को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।

    जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि वे राशन कार्ड धारक जिनका नाम PMJAY की सूची में नहीं है, वे CMJAY के लाभार्थी होंगे। इसका मतलब है कि वे भी आयुष्मान कार्ड के जरिए 5लाख की मुफ्त इलाज का लाभ उठा सकते है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनवाने में अगर दिक्कत आती है तो उसके लिए लाभुक स्वास्थ्य विभाग के टोल फ्री नंबर 104 पर भी कॉल कर सकते हैं।