Blog

  • नगर निगम: भंडारपाल से मांगा गया स्पष्टीकरण, सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त ने की समीक्षा बैठक

    देवब्रत मंडल

    नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में नगर प्रबंधक, नोडल पदाधिकारी सफाई, दिनकर प्रसाद कनीय अभियंता, चंद्रमोहन, प्रभारी मुख्य सफाई निरीक्षक, सिंधु शेखर मिश्र वार्ड निरीक्षक सह सफाई जोनल प्रभारी, जितेंद्र कुमार, भंडारपाल, शमीम आलम आदि मौजूद थे। बैठक में भंडरपाल द्वारा बताया गया की स्टोर में 10 वाहन खराब है, निर्देश दिया गया कि अविलंब सभी खराब वाहन की मरमती कराकर कार्य लें ताकि सफाई व्यवस्था पर असर नहीं पड़े। खराब वाहन की सूचना भंडारपाल के द्वारा समय पर वाहन प्रभारी को नहीं दी जा रही है, इसके लिए भंडारपाल से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया। भंडरपाल को प्रतिदिन रिपोर्ट देने हेतु कहा गया। 20 नए टेंपो टिपर के लिए वार्ड चिन्हित कर भेजने का निर्देश दिया गया। स्टोर में आवश्यकतानुसार बेट्री, टायर, ट्यूब आदि क्रय हेतु नोडल पदाधिकारी सफाई को जेम पोर्टल के माध्यम से क्रय करने का निर्देश दिया गया। भंडरपाल को डिसल्टिंग मशीन का नोजल एवं डिलीवरी पाइप खरीदने तथा सफाई वाहनों को ढंक कर परिचालन कराने हेतु त्रिपाल खरीदने का निर्देश दिया गया। सिंधु शेखर मिश्र को भूगर्भ नाले के कैचपिट कहां कहां लगे हैं एवं कहां लगाने की आवश्यकता है, की सूची दो दिनों के अंदर उपलब्ध कराने तथा अंडरग्राउंड नाले का सर्वे कर सफाई का प्लान प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया ताकि वार्ड 15 एवं 16 में पहले की तरह जल जमाव की समस्या उत्पन्न नहीं हो। प्रभारी मुख्य सफाई निरीक्षक एवं वाहन प्रभारी को डिसिल्टिंग मशीन एवं डंप टैंक से नालों की सफाई हेतु रोस्टरवाइज सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
    सिंधु शेखर मिश्र को वार्ड 52 में एनएच द्वारा बनाए गए नाला की सफाई डिसिल्टिंग से कराने का निर्देश दिया गया, इसके लिए आवश्यकतानुसार डीजल देने का निर्देश दिया गया।

  • ठिठुरन: शहर के 18 स्थान पर नगर निगम ने अलाव जलवाए, रैन बसेरों में भी की गई व्यवस्था

    देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम के द्वारा ठंड को देखते हुए नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा के आदेश पर शहर के 18 स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की गई। शहर के स्टेशन रोड, काशीनाथ मोड, गांधी मैदान रेन बसेरा ,मिर्ज़ा ग़ालिब, न्यू गोदाम ,विष्णु पद ,चंद चौरा, रैन बसेरा बैरागी ,पंचायती अखाड़ा रेन बसेरा, आजाद पार्क, किरण सिनेमा, राजेंद्र आश्रम, कुष्ठ अस्पताल के नजदीक, टावर चौक, शाहमीर तकिया मंदिर के पास, खालिस पार्क, मुफ्फसिल बस स्टैंड, बाटा मोड़ आदि स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त गया नगर निगम के द्वारा संचालित छह स्थलों पर रेन बसेरा जिसकी कुल क्षमता 132 है में आश्रय विहीन के रहने की व्यवस्था की गई है जिसमें बेड ,कंबल, तकिया, चादर, मच्छरदानी आदि उपलब्ध है।

  • जनवितरण विक्रेताओं का हड़ताल जारी, मांगें पूरी नहीं होने तक हड़ताल पर डटे रहने की घोषणा

    देवब्रत मंडल

    2 जनवरी को फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन शाखा गया जिला बैनर के तले चले आ रहे देश व्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल का दूसरा दिन पूर्ण रूप से सफल रहा हड़ताल अवधि में गया जिला स्थित गांधी मंडप में उपस्थित सभी जन वितरण विक्रेताओं ने पूर्ण रूप से हड़ताल का समर्थन किया एवं संपूर्ण जिला में फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के सभी प्रखंड अध्यक्ष एवं सक्रिय जन वितरण विक्रेता साथी अपने-अपने प्रखंडों में भ्रमणशील रहे और वैसे-वैसे विक्रेताओं के पास जाकर संपर्क किया जिन्होंने जाने अनजाने में या जानकारी के अभाव में एका दुक्का मशीन का संचालन कर चुके थे उनसे संपर्क स्थापित किया गया। उन्होंने पूर्ण रूप से हड़ताल का समर्थन करते हुए आगे पॉस मशीन का संचालन नहीं करने का आश्वासन दिया ऑल इंडिया फेयर शॉप प्राइस डीलर फेडरेशन के महामंत्री विशंभर बसु एवं बिहार प्रदेश फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के महामंत्री वरुण कुमार सिंह के द्वारा सरकार से सार्थक पहल शुरू किया जा चुका है जो सराहनीय कदम है। गया जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब तक जन वितरण विक्रेताओं के हित में 9 सूत्री लंबित मुख्य‌ मांगों में गुजरात सरकार की तर्ज पर प्रत्येक विक्रेताओं को ₹30,000 मानदेय एवं दिल्ली सरकार एवं हरियाणा सरकार के तर्ज पर प्रत्येक विक्रेताओं को प्रति क्विंटल ₹300 कमिशन या मार्जिन मनी, साथ-साथ अनुकंपा में उम्र सीमा की बाध्यता को समाप्त नहीं किया जाता और वर्ष 2001 के कंट्रोल ऑर्डर एवं 2007 में निहित आदेश को लागू नहीं किया जाता है और साथ ही साथ अन्य लंबित मांगे पूरी नहीं की जाती है अनिश्चितकालीन हड़ताल आगे भी जारी रहेगा। इस मौके पर गया जिला फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र कुमार सिंह सह संगठन मंत्री बिहार, डॉ विजय कुमार यादव जिला सचिव गया सह प्रखंड अध्यक्ष बोधगया, जन वितरण विक्रेता संगीता देवी, रमेश कुमार, रवि कुमार, जोगेंद्र सिंह ,राजेंद्र पासवान अनवर खान मोहम्मद इस्लाम आदि विक्रेताओं ने भाग लिए।

  • 23 दिसंबर 2023 को 23 हजार करोड़ रुपये की प्रारंभिक आय के बेंचमार्क को पार कर पूमरे ने रिकॉर्ड कायम किया

    देवब्रत मंडल

    ऑरिजनेटिंग आय में प्रथम स्थान लाने पर रेलकर्मियों को दी बधाई, महाप्रबंधक ने माल लदान में प्रथम स्थान लाने के लिए किया आह्वान

    पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक अनिल कुमार खंडेलवाल ने सभी अधिकारियों, रेलकर्मियों, कर्मचारी यूनियन को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर आज मुख्यालय प्रांगण के रेल निकेतन में महाप्रबंधक सहित सभी अधिकरी एवं रेलकर्मी एकत्रित हुए जहां उन्होंने सभी रेलकर्मियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें नववर्ष की बधाई दी और उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की ।महाप्रबंधक ने कहा कि रेलकर्मियों के सामूहिक प्रयासों से वर्ष 2023 में पूर्व मध्य रेल द्वारा कठिन चुनौतियों के बावजूद प्रत्येक क्षेत्र में अनेक कीर्तिमान स्थापित किये गए। उन्होंने कहा कि पूर्व मध्य रेल भारतीय रेल में सर्वाधिक ऑरिजनेटिंग आय वाला जोन है। दिनांक 23 दिसंबर, 2023 को 23 हजार करोड़ रुपये की प्रारंभिक आय (Originating Earning) के बेंचमार्क को पार करते हुए न्यूनतम अवधि में इस आंकड़ा को प्राप्त कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया गया । दिसंबर, 2023 में पूर्व मध्य रेल को 232.03 करोड़ रूपए की इंक्रीमेंटल अर्निंग प्राप्त हुई है। इस दौरान भारतीय रेल को 523.37 करोड़ की इंक्रीमेंटल अर्निंग प्राप्त हुआ। इस प्रकार भारतीय को प्राप्त इंक्रीमेंटल अर्निंग में पूर्व मध्य रेल का योगदान 44.33 प्रतिशत है । जबकि चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से दिसंबर तक पूर्व मध्य रेल को 2596.15 करोड़ रूपए का इंक्रीमेंटल अर्निंग प्राप्त हुआ है । इस अवधि में भारतीय रेल को 4626.90 करोड़ रुपये का इंक्रीमेंटल अर्निंग प्राप्त हुआ जिसमें पूर्व मध्य रेल का योगदान 56.11 प्रतिशत है। उन्होंने कहा माल ढुलाई में वृद्धि दर उत्साहवर्द्धक रही है। वर्ष 2023-24 में दिसंबर माह तक 145.39 मीलियन टन माल ढुलाई की गयी जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 10.48 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आप सभी के कठिन प्रयास से 23 दिसंबर को एक दिन में हमने 164 रेक की लोडिंग की, जो एक रिकॉर्ड है । महाप्रबंधक ने विश्वास व्यक्त किया कि शीघ्र ही पूर्व मध्य रेल आय के साथ-साथ माल लदान में भी भारतीय रेल के समस्त जोनों में प्रथम स्थान पर होगा। यात्री सुविधा की दिशा में कार्य करते हुए स्टेशनों पर उन्नत यात्री सुविधायें उपलब्ध करायी गयी। इसी कड़ी में 92 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य जारी है । ये सभी उपलब्धियां आप सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। महाप्रबंधक ने कहा कि देश की पहली अमृत भारत एक्सप्रेस ‘‘दरभंगा-अयोध्या धाम-आनंद विहार टर्मिनल‘ का परिचालन प्रारंभ करने का गौरव पूर्व मध्य रेल को हासिल हुआ है। आगे उन्होंने कहा कि देश निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। हम विश्व की पांचवीं इकोनॉमी बन चुके हैं तथा तीसरी इकोनॉमी बनने की ओर अग्रसर है । इसमें भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। विदित हो कि पूर्व मध्य रेल द्वारा चालू वित्त वर्ष (2023-24) के दिसंबर तक लगभग 262 किलोमीटर नई लाईन/आमान परिवर्तन/ दोहरीकरण का कार्य पूरा किया गया एवं लगभग 190 ट्रैक किलोमीटर का विद्युतीकरण का कार्य पूरा किया गया । साथ ही 27 आर.ओ.बी./आर.यू.बी. का निर्माण कार्य भी पूर्ण किया गया । महाप्रबंधक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उत्साहवर्द्धन हेतु उनके साथ खाना भी खाए । महाप्रबंधक ने विश्वास व्यक्त किया कि रेलकर्मियों के सम्मिलित प्रयासों से 2024 में पूर्व मध्य रेल सफलता की नई ऊँचाईयों को प्राप्त कर माल लदान के क्षेत्र में 200 मीलियन टन के ब्रेकिट में प्रवेश कर प्रत्येक क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित करेगा।

  • भूतपूर्व मुखिया सह राजद नेता देवनंदन प्रसाद यादव का निधन ,शोक में डूबा क्षेत्रवासी

    भूतपूर्व मुखिया सह राजद नेता देवनंदन प्रसाद यादव का निधन ,शोक में डूबा क्षेत्रवासी

    गया जिले के मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के अंबातरी पंचायत के जाने माने भूतपूर्व मुखिया सह राजद नेता देवनन्दन प्रसाद यादव का मंगलवार देर रात को निधन हो गया। मुखिया देवनन्दन प्रसाद यादव करीब एक माह से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज दिल्ली के आईएलबीएस हॉस्पिटल में चल रहा था। जहां से कल ही उन्हें सिंधुगढ़ गांव लाया गया था। उनकी मृत्यु की खबर सुनते ही मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सिंधुगढ पंचायत के ढेलवाटांड गांव के रहने वाले विजय यादव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुखिया जी के कारण हमारा पंचायत ही नही बल्कि पूरा क्षेत्र वासी शांति और सुरक्षित महसूस करते थे। आज उनके निधन से पूरा अंबातरी पंचायत शोक में डूब गया है।

    वहीं उनकी मृत्यु की खबर सुनते ही क्षेत्र स. 42 जिला पार्षद प्रेम कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि मुखिया देवनन्दन यादव शांतिप्रिय नेता के रूप में जाने जाते थे। वे करीब 35 वर्ष मुखिया रहे। मुखिया जी राजद नेता लालू प्रसाद यादव के काफी करीबी नेता रह चुके है। इनके मुखिया के शासन काल में बिहार के पुर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव इनके पंचायत में दो बार आए और इस क्षेत्र की जनता को संबोधित कर लालू यादव ने इस क्षेत्र मे एक अलग पहचान बनाया। उनके पुत्र श्रीधरनारायण यादव ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार कल यानी बुधवार को विष्णुपद शमशान घाट में किया जाएगा। उनके मृत्यु की खबर सुनते ही पंचायत की जनता समेत कई जन प्रतिनिधि उनके सिंधु गढ़ आवास पर पहुंचना शुरू कर दिया है। उनके निधन पर पूर्व जिला पार्षद नागेंद्र यादव, जयपुर पंचायत मुखिया राजेंद्र सिंह उर्फ राजू यादव, पूर्व मुखिया मिथलेश यादव, पूर्व मुखिया रवींद्र यादव, बीडीएच न्यूज के पत्रकार प्रेमचंद कुमार सहित कई लोगो ने शोक संवेदना व्यक्त किया है।

  • मनीष कश्यप को 9 महीने के बाद जेल से रिहा करने की जमानत मिली

    मनीष कश्यप को 9 महीने के बाद जेल से रिहा करने की जमानत मिली

    पटना। नौ माह से जेल में बंद बिहार के यू़ट्यूबर मनीष कश्यप जल्द ही जेल से बाहर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि उनके खिलाफ चल सभी मुकदमों से कोर्ट से जमानत मिल गई है।  संभावना है कि आज रात या कल सुबह वह जेल से बाहर आ सकते हैं। मनीष कश्यप फिलहाल पटना के बेऊर जेल में बंद हैं।  इसकी पुष्टि मनीष कश्यप के दोस्त और सच तक के डायरेक्टर मणि द्विवेदी ने की है। ज्ञात हो कि तमिलनाडु में बिहार के मजदूरों के साथ मारपीट का फर्जी वीडियो शेयर करने को लेकर यूट्यूबर मनीष कश्यप के खिलाफ कई मामले दर्ज हुए थे। इस मामले में बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मनीष कश्यप के खिलाफ FIR दर्ज की थी।

    बताया जा रहा है कि मनीष के ऊपर तमिलनाडू में दर्ज सारे मामलों में पहले ही जमानत मिल गयी थी। वहीं पटना सिविल कोर्ट और बेतिया सिविल कोर्ट से भी उन्हें सारे मामले में जमानत मिल गई थी। एक मामला हाईकोर्ट में पेंडिंग था, जिसमें भी अब जमानत मिल गई है। जैसे ही मनीष कश्यप के जमानत को कोर्ट ने मंजूरी की यह जानकारी सामने आने के बाद बेतिया में मनीष कश्यप के परिवार और समर्थकों के बीच खुशी का माहौल है। उसकी मां और भाइयों के साथ समर्थकों द्वारा मिठाई बांटी जा रही ही।

  • नगर आयुक्त ने छठ घाटों का निरीक्षण करते हुए दिए आवश्यक निर्देश

    नगर आयुक्त ने छठ घाटों का निरीक्षण करते हुए दिए आवश्यक निर्देश

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    मंगलवार को नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा भाप्रसे ने पितामहेश्वर, मल्लाह टोली एवं ब्राह्मणी छठ घाट का स्थल निरीक्षण किया गया। पितामहेश्वर में कुंड निर्माण का कार्य चल रहा था। पितामहेश्वर घाट के निरीक्षण के क्रम में पितामहेश्वर तालाब को अच्छे से सफाई कराने एवं फिटकिरी डालकर पानी के सफाई कराने का निर्देश दिया गया। तालाब में लगे अरेटर को भी लगातार चलवाने का निर्देश दिया गया। पितामहेश्वर घाट के ओर जाने वाले तीन स्थानों पर पहुंच पथ का समतलीकरण कराने हेतु कनीय अभियंता सुबोध कुमार सिंह को निर्देश दिया। कुंड का निर्माण एवं अच्छे से सफाई कराने का निर्देश दिया गया। मल्लाह टोली घाट के निरीक्षण के क्रम में धर्मेंद्र कुमार कनीय अभियंता को पहुंच पथ में पाए गए गड्ढे को अविलंब समतलीकरण कराने तथा पार पथ का अविलंब निर्माण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यक कुंड निर्माण कराने का निर्देश दिया गया। यहां पर उपस्थित रहे वार्ड निरीक्षक एवं जमादार को दो दिनों में घाट की अच्छी एवं सम्पूर्ण सफाई करा लेने का निर्देश दिया गया। पुनः निरीक्षण में गंदगी पाए जाने पर जमादार के विरुद्ध कारवाई किया जाएगा। ब्राह्मणी घाट के निरीक्षण के क्रम में धर्मेंद्र कुमार कनीय अभियंता को नाली का निर्माण कल तक समाप्त कर लेने का निर्देश दिया गया। पार पथ को और चौड़ा करने का निर्देश दिया गया,ल। आवश्यक कुंड का निर्माण कराने एवं और अच्छे से सफाई कराने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद संजय सिन्हा, कनीय अभियंता एवं सफाई के वार्ड निरीक्षक एवं जमादार मौजूद थे।
    शिवनाथ ठाकुर उप नगर आयुक्त द्वारा केंदुई घाट, पॉलीटेक्निक घाट, झारखंडे घाट, सीताकुंड आदि का निरीक्षण किया गया एवं निर्देश दिया गया। नगर प्रबंधक द्वारा धोबिया घाट, बिंदेश्वरी घाट, महादेव घाट एवं सीढ़िया घाट का स्थल निरीक्षण किया गया एवं उपस्थित रहकर कार्य कराया गया एवं आवश्यक निर्देश दिया गया।

  • नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा का फतेहपुर सहित विभिन्न जगहों पर भव्य स्वागत

    नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा का फतेहपुर सहित विभिन्न जगहों पर भव्य स्वागत

    टिकारी संवाददाता: भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा का शनिवार को फतेहपुर में भाजपा नेताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। गया से गुलरियाचक जाने के क्रम में भाजपा के जिला मंत्री प्रो बेंकटेश शर्मा के नेतृत्व में फतेहपुर में नेता प्रतिपक्ष श्री सिन्हा के साथ उनके साथ चल रहे भाजपा विधायक डॉ प्रेम कुमार को माला और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में भाजपा नेता पूर्व जिलाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार, प्रखंड उप प्रमुख गयादत शर्मा, उत्तरी मंडल के पूर्व अध्यक्ष प्रो सुरेंद्र कुमार, मुखिया प्रतिनिधि बुलबुल शर्मा, अनिल सिंह, संतोष कुमार आदि कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं।


    वंही पंचानपुर स्थित अंबेडकर चौक के समीप भाजपा दक्षिणी मंडल अध्यक्ष अनिल पासवान के नेतृत्व में नेता प्रतिपक्ष का स्वागत पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। मौके पर महामंत्री शिवबल्लभ मिश्र, राधेश्याम शर्मा, विनोद शर्मा, संजीत यादव, धर्मेंद्र कुमार, आरएसएस के ललन गुप्ता आदि मौजूद थे। इसी प्रकार टिकारी पहुंचने पर भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष पुष्पा चौरसिया के नेतृत्व में रमेश गुप्ता, प्रभाष आनंद, सुधीर कुमार टूटू, संजय गुप्ता, विनोद कुमार आदि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा नेता प्रतिपक्ष श्री सिन्हा एवं विधायक श्री कुमार का स्वागत किया गया।

  • टिकारी के मैक्स को राष्ट्रपति से मिला अवार्ड

    टिकारी के मैक्स को राष्ट्रपति से मिला अवार्ड

    राष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त करते मैक्स कुमार

    टिकारी संवाददाता: टिकारी शहर अंतर्गत बहेलिया बिगहा के निवासी मैक्स कुमार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में शुक्रवार को आयोजित समारोह में मैक्स को नेशनल सर्विस स्कीम अवार्ड 2021-22 से सम्मानित किया गया। मैक्स को राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने पर क्षेत्र के लोगो ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। मैक्स गया के जगजीवन महाविद्यालय में अध्ययनरत है एवं एनएसएस के सक्रिय कार्यकर्ता है। समाज एवं राष्ट्रहित में निष्ठावान होकर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए पूर्व में भी जिला व राज्य सरकार द्वारा सम्मानित हो चुके हैं।

    नेशनल सर्विस स्कीम अवार्ड 2021-22 के लिए देश भर से 30 स्वयंसेवकों का चयन किया गया था। जिसमे मैक्स भी शामिल थे। एबीवीपी छात्र संगठन से मैक्स लगातार छात्र हित एवं समाजहित में कार्य करते रहे है। मैक्स की इस उपलब्धि पर उनके भाई शिवांग अवस्थी, उप मुख्य पार्षद सागर कुमार, वार्ड पार्षद सोनू दुबे, उत्तम पाठक, अरविंद अवस्थी, छात्र नेता सौरभ शर्मा, कुणाल कुमार, सचिन कुमार सहित दर्जनों लोगो ने उन्हें बधाई दी है।

  • प्रेमिका ने प्रेमी को घर बुलाकर की हत्या, प्रेमिका के परिवार वालों ने पिट पीटकर किया हत्या

    प्रेमिका ने प्रेमी को घर बुलाकर की हत्या, प्रेमिका के परिवार वालों ने पिट पीटकर किया हत्या

    नीमचक बथानी थाना क्षेत्र भिनक बिगहा गांव में रविवार की देर रात को प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी को प्रेमिका के परिवार वालों ने पिट पीट कर हत्या कर दिया । मृतक के परिवारों ने बताया कि धनंजय कुमार उर्फ गोलू कुमार गांव में बर्थडे में गया हुआ था इसी दौरान उसकी प्रेमिका फोन कर घर बुला ली और अपने परिवार वालों के साथ मिलकर उसे पीट-पीट कर हत्या कर दिया। सुबह 5 बजे भिनक बिगहा गांव के ग्रामीणों के द्वारा सूचना दी गई तो हमलोग दौड़े दौड़े योगेंद्र चौधरी के घर के पास पहुंचे तो देखा की पैर हाथ बांध हुआ है और उसको सब मिलकर पिटाई कर रहे थे। हमलोग किसी तरह छुड़ाकर बथानी थाना लाया जिसके बाद पुलिस ने इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया । नाजुक स्थिति होने के कारण चिकित्सक ने उसे प्राथमिक उपचार करने के बाद जेपीएन अस्पताल गया रेफर कर दिया लेकिन उसकी मौत रास्ते में ही हो गई।

    इस मामले में मृतक के मां प्यारी देवी ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए 8 लोगों के विरुद्ध थाना में नामजद आवेदन दिया है। मृतक तीन भाई में सबसे बड़ा था। दसवीं कक्षा में पढ़ाई करता था। थाना अध्यक्ष ददन प्रसाद ने बताया कि भिनक बिगहा गांव में प्रेम प्रसंग में पीट पीटकर एक नाबालिक की हत्या कर दिया गया है।शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज गया भेज दिया गया है । मृतक के मां के द्वारा 8 लोगों के विरुद्ध नामजद आवेदन दिया गया है। इस मामले में लड़की के पिता और एक भाई सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और 5 लोगों की गिरफ्तारी के लिए गांव में छापेमारी की जा रही है।