टिकारी संवाददाता: संघ लोक सेवा आयोग की सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ) असिस्टेंट कमांडेंट भर्ती परीक्षा-2022 में बाजी मारने वाले टिकारी के लाल निखिल का चयन बॉर्डर सिक्यूरिटी फोर्स (बीएसएफ) में हुआ है। निखिल बीएसएफ में बतौर असिस्टेंट कमांडेंट अपनी सेवा देंगे। निखिल के चयन पर परिजनों और क्षेत्र के लोगाें ने खुशी जतायी है। एसडीएम सुजीत कुमार और एसडीपीओ गुलशन कुमार ने गुरुवार को निखिल को सम्मानित किया।
दोनों अधिकारियों ने क्षेत्र का नाम रौशन करने के लिए निखिल को बधाई दी। एसडीएम ने निखिल को अपने गृह क्षेत्र से जुड़े रहने का सुझाव दिया। एसडीपीओ ने निखिल को ईमानदारी से देश सेवा करने की प्रेरणा दी। अपनी क्षमता के हिसाब से गरीब और परेशान लोगों की मदद करने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही घर से तैयारी करने पर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। बता दें कि निखिल के पिता संजीव कुमार द्विवेदी सीआईएसएफ से हवलदार पद से सेवानिवृत हुए हैं। पिता से मिली प्रेरणा के बाद निखिल ने देश सेवा में जाने का निश्चय किया। निखिल को सीएपीएफ – एसी की परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 94वां प्राप्त हुआ है।
टिकारी संवाददाता: हिंदी दिवस पर टिकारी के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एस एन सिन्हा कालेज, राज इंटर महाविद्यालय, प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय, प्लस टू सर्वोदय उच्च विद्यालय मखदुमपुर सहित अन्य सरकारी संस्थानों में छात्रों के बीच वाद-विवाद, हिन्दी लेखन, निबंध, भाषण आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वंही आर०डी० पब्लिक स्कूल में व्याख्यान के साथ रंगारंग कार्यक्रम हुआ। छात्रों और शिक्षकों ने हिंदी के महान विभूतियों एवं साहित्य सेवा के लिए सर्वस्व समर्पित हिंदी के लेखक, कवि एवं नाटकारों के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। निदेशक ई० विक्रमादित्य सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी देश, समाज एवं व्यक्ति का विकास उसके मातृभाषा एवं राष्ट्रभाषा के विकास से ही सम्भव है।
उस राष्ट्र को तब तक गुलाम नहीं बनाया जा सकता जब तक उसके भाषा, साहित्य एवं संस्कृति को नष्ट न कर दिया जाए। इस अवसर पर भारतेंदु हरिशचंद्र, रामधारी सिंह दिनकर, जयशंकर प्रसाद, सुमित्रानंदनपंत एवं सुभद्रा कुमारी चौहान का भी प्रमुख कविताओं का पाठ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य उप-प्राचार्या एवं सभी शिक्षकगण उपस्थित थे। इसी प्रकार एम. सी. एच. में हिंदी दिवस समारोह का शुभारंभ करते हुए निदेशक अनूप कुमार अनुपम ने हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत पर बहुत भाषाई एवं संस्कृतिक आक्रमण हुआ। लेकिन हिंदी भाषा को कोई भी मिटा नहीं सका। यही कारण है कि भारत आज स्वतंत्रता के साथ अपने सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखा है। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गयी। वंही नेशनल पब्लिक स्कूल में निदेशक अभिषेक रंजन की अध्यक्षता और प्राचार्य सविता कुमारी के नेतृत्व में बच्चों के बीच हिंदी दिवस मनाया गया।
टिकारी संवाददाता: टिकारी शहर के मुख्य बाजार में प्रशासन द्वारा शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। गुरुवार की शाम नगर प्रशासन द्वारा माइकिंग कर लोगों से स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लेने की अपील की गई है। निर्देश का पालन नही करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है। ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से शहर के दुर्गास्थान से लेकर बेल्हड़िया मोड़ तक मुख्य बाजार में अतिक्रमणकारियों से अपना अपना अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। प्रशासन के इस घोषणा के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।
टिकारी संवाददाता: भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी शाखा, टिकारी के कार्यालय में गुरुवार को नवपदस्थापित एसडीओ सह सोसायटी के पदेन अध्यक्ष सुजीत कुमार का अभिनंदन किया गया। उनके कार्यालय आगमन पर सोसायटी के सचिव जितेन्द्र मोहन राम के अगुवाई में सोसायटी के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ एवं माला देकर सम्मानित किया। एसडीओ का पदभार ग्रहण करने के बाद रेड क्रॉस कार्यालय पहुंचे कुमार ने सोसायटी के सदस्यों का परिचय लिया और कार्यों की जानकारी ली। साथ ही कार्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए इसके विकास और जरूरतमंद को मदद पर सदस्यों से चर्चा की। मौके पर विरेन्द्र कुमार सिन्हा, बृजमोहन शर्मा, संजय कुमार जैन, सचिन कुमार सिन्हा, सिंधु जैन, डा. मृत्युंजय कुमार आदि अधिकांश सदस्य मौजूद थे।
न्यूज डेस्क: जिले के टिकारी प्रखंड अंतर्गत लाव पंचायत के सोवाल गांव में नियम की अनदेखी कर ईंट भट्ठा संचालन करने की शिकायत पर्यावरण, वन एवं जलवायु मंत्री, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के साथ लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज कराई गई है। पंचायत के मुखिया आशुतोष कुमार मिश्र द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि सोवाल ग्राम में मानक के विरुद्ध ईंट भट्ठा संचालन किया जा रहा है। मंत्री एवं संबंधित अधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि केंद्रीय, पर्यावरण, वन एवं जलवायु मंत्रालय द्वारा आवासीय क्षेत्र, सरकारी भवन व हरे वृक्ष वाले भूखंड से 800 मीटर की दूरी के उपरांत ही भट्ठा का संचालन करने, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद द्वारा नई तकनीक के अनुसार भट्ठा का निर्माण करने को लेकर नया दिशा निर्देश निकाला गया है। प्रदूषण नियंत्रण को लेकर जारी की गई दिशा निर्देश का पालन नही होने से व प्रदूषण को बढ़ावा देने से क्षेत्र के लोगो को हानि पहुंचाने की बात कही गई है। मुखिया द्वारा शिकायत कर भट्ठा संचालक पर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
गया। हिन्दी दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था ‘शब्दाक्षर’ के मंच पर गौतम बुद्ध महिला कॉलेज के अंग्रेजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर तथा शब्दाक्षर की राष्ट्रीय प्रवक्ता सह प्रसारण प्रभारी डॉ. कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी के चौथे काव्य-संग्रह ‘उस पार क्षितिज के जाना है’ का रविवार 10 सितंबर को यहां लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्वलन तथा माँ शारदे के छात्राचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। वात्सली निर्भया शक्ति की संस्थापिका सत्यवती गुप्ता के नेतृत्व में पधारे नन्हे-मुन्हे बच्चों ने मनमोहक मंगलाचरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी ने ‘उस पार क्षितिज के जाना है’ में प्रकाशित सरस्वती वंदना “माँ वीणापाणि हमें, तुम अपनी शरण दे दो” की सुमधुर प्रस्तुति दी। तत्पश्चात् डॉ रश्मि ने मंचासीन अतिथियों एवं गणमान्य साहित्यसेवियों का स्वागत शॉल प्रदान करके किया। कार्यक्रम अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार कौशल किशोर त्रिवेदी, मुख्य अतिथि प्रो. नीरज कुमार, विशिष्ट अतिथि प्रो. दीनानाथ, प्रो. प्राणेश कुमार सिन्हा, प्रो. मनीष सिन्हा, डॉ. रामकृष्ण मिश्र, प्यारचन्द कुमार मोहन, शब्दाक्षर बिहार प्रदेश अध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार मिश्र ‘पद्मनाभ’, डॉ वीरेन्द्र कुमार, प्रसिद्ध गीतकार कन्हैयालाल मेहरवार, वरिष्ठ पत्रकार कंचन कुमार सिन्हा एवं रवि प्रकाश ने डॉ. रश्मि की चतुर्थ काव्य कृति ‘उस पार क्षितिज के जाना है’ का सामूहिक लोकार्पण किया। हिन्दी साहित्य को उत्कृष्ट रचनाओं से समृद्ध करने की दिशा में डॉ. रश्मि द्वारा किये जा रहे सतत प्रयत्नों की प्रशंसा करते हुए अपने संबोधन में मंचासीन अतिथियों ने डॉ रश्मि को हिन्दी साहित्य जगत में उनकी नयी कृति के आगमन के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। डॉ रश्मि ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए लोकार्पित पुस्तक का प्राक्कथन पढ़ा। उन्होंने पुस्तक में संकलित कविता ‘देखो क्षितिज बुलाता है’ एवं ‘उस पार क्षितिज के जाना है’ का ओजमय पाठ किया। उन्होंने कहा, “भय त्याग, नींद से जाग, मुझे उस पार क्षितिज के जाना है। जीवन अमर बना दे जो, वह रत्न ढूंढकर लाना है।।”
काव्य सत्र में मंचासीन अतिथियों एवं गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर आदि जिलों से आमंत्रित कवि/कवयित्रियों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर स्वरचित कविताओं का पाठ किया। काव्यानुष्ठान की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ रामसिंहासन सिंह ने की। काव्य सत्र में डॉ. रामसिंहासन सिंह, जनकवि सुरेंद्र सिंह सुरेंद्र, मनोज कुमार मिश्र, कन्हैयालाल मेहरवार, खालिक़ हुसैन परदेसी, मणिकांत कौशल, अजय कुमार (वैद्य), महेश कुमार मिश्र मधुकर, पंकज कुमार अमन, नंदन कुमार, धनंजय जयपुरी, विनय मामूली बुद्धि, अनुज बेचैन, नागेंद्र केसरी, अनिल अनल, मणिकांत कौशल, पंकज मिश्र, कुमार आर्यन, सागर आनंद, धनंजय जयपुरी, रामबिलास सिंह, मिथिलेश मिश्र दर्द, सहज कुमार, प्रवेश कुमार, संतोष क्रांति, रामानंद सिंह यादव, विनोद कुमार सिन्हा ने एक से बढ़कर हृदयस्पर्शी रचनाओं का पाठ किया। लोकार्पण सत्र का संचालन मनोज मिश्र ने तथा काव्यानुष्ठान सत्र का संचालन स्वयं डॉ रश्मि ने किया। मौके पर लाल जी प्रसाद, अनीला सिन्हा, मुद्रिका सिंह, रवि प्रकाश, अश्विनी कुमार, प्रमोद कुमार आदि की भी उपस्थिति रही। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की छात्रा श्रेया, अन्या, तान्या, लवली, शिल्पा, प्रतिज्ञा, हर्षिता आदि सहित डेढ़ सौ से अधिक साहित्यसेवियों ने अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करायी।
गया जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन के संरक्षक वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राधानंद सिंह ने पुणे, महाराष्ट्र से डॉ रश्मि की साहित्यिक सक्रियता एवं उपलब्धियों पर गर्वबोध जताते हुए डॉ रश्मि के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। डॉ राधानंद सिंह के अनुसार, डॉ रश्मि का सम्मान गया की साहित्यिक -सांस्कृतिक सर्जना का सम्मान है। शब्दाक्षर के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविप्रताप सिंह ने डॉ. रश्मि की साहित्यिक सक्रियता की सराहना करते हुए उनके चौथे काव्य संग्रह के लोकार्पण हेतु सम्पूर्ण शब्दाक्षर परिवार’ की ओर से बधाइयाँ और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
गया। अन्तरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद की महिला शाखा ओजस्विनी, राष्ट्रीय महिला परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा संयुक्त रूप से श्री कृष्ण जन्माष्टमी समारोह का आयोजन रामसागर तालाब के समीप होटल मंत्रा रिजेंसी में धूमधाम से सम्पन्न हुआ। जन्मोत्सव का शुभारंभ पटना से आये मुख्य अतिथि अनिल कुमार, क्षेत्रीय संगठन मंत्री, अहिप, राजू अग्रवाल, संरक्षक, अहिप, राम बारीक, विभाग महामंत्री अहिप, मुक्तामणि, कार्याध्यक्ष, अहिप, डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी, जिलाध्यक्षा, ओजस्विनी एवं मधु शर्मा, जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय महिला परिषद सहित सभी पदाधिकारियों तथा प्रतिभागियों द्वारा “ॐ पूर्णमदः पूर्णमिदं पूर्णात् पूर्णमुदच्यते। पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते” श्लोक की पावन सामूहिक प्रस्तुति से हुआ। तत्पश्चात कार्यक्रम का संचालन कर रहीं ओजस्विनी जिलाध्यक्षा डॉ० रश्मि प्रियदर्शनी के नेतृत्व में उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक रूप से आरती “ओ३म जय जगदीश हरे” गायी।
प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार से सम्मानित होते नन्हे-मुन्हे बच्चे
जन्माष्टमी समारोह के अंतर्गत बच्चों के लिए आयोजित प्रतियोगिता में माता यशोदा, श्री कृष्ण तथा श्री राधा का रूप धरे प्रस्तुति देते गौरी, नव्या शर्मा, प्रिया साहनी, अनन्या पांडे, राधा, वैष्णवी, सुयश, रूद्रांश, पार्थ, देव्यांश आदि नन्हे-मुन्हों की शोभा देखते ही बन रही थी। निर्णायक मंडल के सदस्यों में अनिल कुमार, राजू अग्रवाल तथा मुक्तामणि थे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान पर क्रमशः अरना, श्रद्धा तथा पल्लवी-कृष्ण रहे। राष्ट्रीय महिला परिषद की जिलाध्यक्ष मधु शर्मा तथा पुत्र युवराज ने माँ यशोदा के साथ नटखट कृष्ण के संवाद को दर्शाता मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। सभी प्रतिभागियों को ओजस्विनी की ओर से पुरस्कृत किया गया। जन्मोत्सव में ओजस्विनी जिलामंत्री अमीषा भारती, प्रगति कुमारी, लवली कुमारी तथा श्रेया कुमारी ने “अच्युतम केशवं, कृष्ण दामोदरं, राम नारायणं, जानकी बल्लभं” भजन की सुमधुर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में रतन गायब, विकास कुमार, विशाल बारीक, विश्वजीत चक्रवर्ती, संदीप पांडेय, ओजस्विनी के मीडिया प्रभारी अश्विनी कुमार, महामंत्री शिल्पा साहनी, कोषाध्यक्ष प्रतिज्ञा कुमारी, रजनी त्यागी, संजीत प्रसाद, निकिता केसरी, निधि प्रिया, माही कुमारी, रागिनी कुमारी, रिया कुमारी, पल्लवी गुप्ता, हर्षिता मिश्रा, मुस्कान सिन्हा की भी उपस्थिति रही।मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी के भव्य आयोजन पर अहिप के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। श्री अनिल ने कहा कि श्री कृष्ण द्वारा दिया गीता का अमृतमय उपदेश आने वाले हर युग का मार्गदर्शन करता रहेगा। कहा कि हम सबको श्री कृष्ण द्वारा रचायी गयी हर लीला से प्रेरणा लेनी चाहिए। ओजस्विनी अध्यक्षा डॉ. रश्मि ने लीला पुरुषोत्तम श्री कृष्ण चन्द्र को अन्याय, अहंकार, अनीति का सक्रिय विरोध करने वाला एक अद्वितीय क्रांतिकारी व योद्धा ठहराया। कहा कि हमें श्री कृष्ण की भाँति ही अत्याचार, अनाचार, शोषण तथा दंभी सत्ताधारियों के विरुद्ध निर्भय होकर आवाज़ उठानी चाहिए। जहाँ कहीं भी अनुचित होता दिखे, निडरता के साथ प्रतिकार करना चाहिए। अपनी स्वरचित कविता ‘आओ कान्हा’ से उद्धृत पंक्तियाँ, “आओ कान्हा, तुम्हें धरा फिर से इक बार बुलाती है, कलियुग के प्रकोप से पीड़ित मानवता अकुलाती है” के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सक्षम युवा कृष्ण का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन डॉ रश्मि के नेतृत्व में सामूहिक शांति पाठ से हुआ। कार्यक्रम की सफलता पर शशिकांत मिश्र, प्रदेश महामंत्री, राष्ट्रीय बजरंग दल ने अहिप गया के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
श्री राधाकृष्ण को समर्पित नृत्य एवं भजन की प्रस्तुति देने वाली प्रतिभागी ओजस्विनियाँ
मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी के भव्य आयोजन पर अहिप के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। श्री अनिल ने कहा कि श्री कृष्ण द्वारा दिया गीता का अमृतमय उपदेश आने वाले हर युग का मार्गदर्शन करता रहेगा। कहा कि हम सबको श्री कृष्ण द्वारा रचायी गयी हर लीला से प्रेरणा लेनी चाहिए। ओजस्विनी अध्यक्षा डॉ. रश्मि ने लीला पुरुषोत्तम श्री कृष्ण चन्द्र को अन्याय, अहंकार, अनीति का सक्रिय विरोध करने वाला एक अद्वितीय क्रांतिकारी व योद्धा ठहराया। कहा कि हमें श्री कृष्ण की भाँति ही अत्याचार, अनाचार, शोषण तथा दंभी सत्ताधारियों के विरुद्ध निर्भय होकर आवाज़ उठानी चाहिए। जहाँ कहीं भी अनुचित होता दिखे, निडरता के साथ प्रतिकार करना चाहिए। अपनी स्वरचित कविता ‘आओ कान्हा’ से उद्धृत पंक्तियाँ, “आओ कान्हा, तुम्हें धरा फिर से इक बार बुलाती है, कलियुग के प्रकोप से पीड़ित मानवता अकुलाती है” के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सक्षम युवा कृष्ण का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन डॉ रश्मि के नेतृत्व में सामूहिक शांति पाठ से हुआ। कार्यक्रम की सफलता पर शशिकांत मिश्र, प्रदेश महामंत्री, राष्ट्रीय बजरंग दल ने अहिप गया के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
बेलागंज: सोमवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 83 पर बेलागंज थाना क्षेत्र के ओर बाजार के समीप अज्ञात वाहन के चपेट में आ जाने से एक 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के शेखपुरा खुर्द गांव निवासी 65 वर्षीय प्रभु मांझी के रूप में किया गया है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों एवं ग्रामीणों ने घटना के आक्रोश में गया पटना राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। इधर एनएच जाम और सड़क दुर्घटना में मौत की सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेने में आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों के आक्रोश का शिकार होना पड़ा। परिजन हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से दुर्घटना का रूप देते हुए शव को फेंके जाने का आरोप लगा रहे थे।
सड़क जाम कर रखे ग्रामीण
घटना से आक्रोशित लोगों ने घंटो एनएच को ओर बाजार के समीप जाम रखा। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंचे बेलागंज थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह, सीओ अजीत कुमार लाल, भाजपा नेता दिलीप कुमार युवा समाजिक कार्यकर्ता सह मुखिया प्रतिनिधि रंजेश कुमार ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम हटाया। थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचने पर परिजन हत्या का आरोप लगा रहे थे। आक्रोशितो को समझा बुझाकर जाम हटाया गया। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर अंतः परीक्षण हेतू मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल गया भेज दिया है। अंतः परीक्षण के रिपोर्ट के उपरांत घटना का खुलासा हो सकेगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना को लेकर अभी परिजनों के द्वारा कोई आवेदन नहीं दिया है।
ऑल इंडिया साईकिल यात्रा पूरी कर वापस बिहार लौटे धीरज कुमार का आज बेलागंज के अग्रवाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में स्वागत किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता और पंडित यदुनंदन शर्मा आश्रम से जुड़े रविशंकर शर्मा और छात्र युवा नेता तारिक अनवर ने उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। जहानाबाद के नौगढ़ निवासी धीरज कुमार ने पटना विश्वविद्यालय और दिल्ली के अंबेडकर विश्वविद्यालय से अपनी उच्च शिक्षा पूरी की है। धीरज कुमार ने अपनी साइकिल यात्रा के दौरान देश के सभी राज्यों के साथ म्यांमार, बांग्लादेश और श्रीलंका की भी यात्रा की। इस दौरान उन्होंने 21 महीना 14 दिन का समय लगा और लगभग 23 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी की।
उन्होंने कहा की अपनी यात्रा के दौरान समाज से हर तरह के भेदभाव को समाप्त करने की अपील की। पूरी यात्रा के दौरान उन्हें हर जगह लोगों का भरपूर सहयोग मिला। इस मौके पर तारिक अनवर, रविशंकर शर्मा और आइसा नेता मो. शेरजहां ने कहा की अपनी साहसिक यात्रा से धीरज कुमार ने अपने जिले, मगध और राज्य का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने यह साबित किया है की कम बजट में लोगों के सहयोग से इस तरह की यात्रा आराम से की जा सकती है। हमारा देश काफी विविध, खूबसूरत और बड़ा है। लोगों को इसे देखने में दिलचस्पी लेनी चाहिए।
10 सितंबर, 2023 को डॉ रश्मि प्रियदर्शनी के चतुर्थ काव्य-संग्रह “उस पार क्षितिज के जाना है”(2023) का होगा लोकार्पण
गया। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज के अंग्रेजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी को ‘फॉक्स स्टोरी इंडिया’ की ओर से “वीमेन फेस अॉफ द ईयर-2023” के टाइटल से सम्मानित किया गया है। डॉ रश्मि को यह अवार्ड उनकी साहित्यिक उपलब्धियों एवं संगीत, कला, साहित्य, शिक्षा, धर्म तथा समाज सेवा के क्षेत्रों में निष्ठापूर्वक योगदान देने हेतु प्रदान किया है। विगत वर्ष दिनांक 11 दिसंबर, 2022 को डॉ. रश्मि की तीन हिन्दी काव्य-कृतियों “कविता बसंत बन जाती है”, “नये गीत हम गायेंगे” एवं “नव्य मुक्तक माला” का लोकार्पण वरिष्ठ पत्रकार कौशल किशोर त्रिवेदी एवं गया शहर के गणमान्य साहित्यकारों की गौरवमय उपस्थिति में शब्दाक्षर काव्यानुष्ठान के साथ सम्पन्न हुआ था, जो गया जिले के साहित्यिक इतिहास में एक अविस्मरणीय अवसर था। डॉ. रश्मि को ‘फॉक्स स्टोरी इंडिया’ द्वारा “वीमेन फेस अॉफ द ईयर-2023” का टाइटल मूल रूप से 2022 में एक साथ लोकार्पित उनकी त्रय काव्य-कृतियों के लिए प्रदान किया गया है। अवार्ड हेतु चयन की प्रक्रिया विभिन्न चरणों में सम्पन्न हुई, जिसमें देश के विभिन्न भागों से अनेक महिलाओं ने भाग लिया था। “फॉक्स स्टोरी इंडिया” के मार्च 2023 संस्करण के मुखपृष्ठ पर देश भर से विभिन्न क्षेत्रों में चयनित एवं ख्याति प्राप्त 100 प्रतिभाशाली तथा मेहनती महिलाओं की तस्वीरें प्रकाशित हुई हैं, जिनमें डॉ रश्मि की भी तस्वीर शामिल है। इस पत्रिका में उनकी शैक्षणिक, साहित्यिक तथा सामाजिक उपलब्धियाँ भी प्रकाशित हैं। डॉ रश्मि को फॉक्स स्टोरी इंडिया द्वारा भेजा गया अॉनर बोर्ड कूरियर द्वारा प्राप्त हुआ है। ज्ञात हो कि फॉक्स स्टोरी इंडिया भारत का एक प्रसिद्ध समाचार मंच है जो गूगल द्वारा सत्यापित है।पाठकों द्वारा इसे समाचारों की सीधी और सटीक प्रस्तुति के लिए जाना जाता है।
डॉ रश्मि ने बतलाया कि 10 सितंबर, 2023 को उनके चतुर्थ काव्य-संग्रह “उस पार क्षितिज के जाना है”(2023) का लोकार्पण होने जा रहा है। लोकार्पण सत्र के उपरांत आगामी हिंदी दिवस के तत्वावधान में शब्दाक्षर बिहार का प्रादेशिक काव्यानुष्ठान भी आयोजित होगा, जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों से कवि/कवयित्रियों का आगमन होने जा रहा है। प्रिंसेप्स पब्लिशिंग से प्रकाशित अपने चतुर्थ काव्य संग्रह “उस पार क्षितिज के जाना है” के बारे में डॉ रश्मि ने बताया कि इस संकलन में शामिल अधिकतर कविताएँ मनुष्य को नव आशा तथा नूतन स्वप्नों के साथ अपने लक्ष्य की ओर अनवरत रूप से आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देती हैं। क्षितिज के उस पार जाने की अभिलाषा स्वतंत्र रूप से मनोवांछित सफलता पाने एवं अज्ञात सत्य को जानने की उत्कट ललक का भी प्रतीक है। पाठक इस काव्य-संग्रह में सफलता, असफलता, मिलन, विरह, सुख तथा दुःख की घड़ियों में मानव हृदय में उठने वाली भावनाओं का सुंदर काव्यांकन पा सकेंगे।