कोंच। आंती थाना क्षेत्र के कठौतिया गांव में सोमवार की शाम आहर में डूबने से एक युवक की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कठौतिया निवासी नवीन मांझी का पुत्र रामजी मांझी उम्र 20 वर्ष अपने घर के समीप आहर के पास गया था तभी उसे फरका आ गया जिससे वह गिर गया और पानी में डूब गया।जिससे वह घायल हो गया, कुछ देर के बाद ग्रामीणों ने घायल युवक को देखा तो आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जाने लगा तभी धरहरा पहुंचते ही रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक शव को दाह संस्कार किया जा रहा था।
31 जुलाई को पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) द्वारा माह जुलाई 2023 में सेवानिवृत होने वाले रेलकर्मियों को समापक भुगतान करने के लिये मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में समापक भुगतान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक राजेश गुप्ता रहे। डीडीयू मंडल के कुल 46 रेलकर्मियों का सभी कागजात के साथ विभिन्न मदों में कुल ₹ 20,87,33,451/-का समापक भुगतान किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में सभी के स्वागत के साथ समापक भुगतान का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने सेवानिवृत्त रेल कर्मियों के स्वास्थ्य एवं समृद्ध जीवन की कामना की। रेल प्रशासन के भविष्य में सेवानिवृत कर्मियों की सेवा में तत्पर रहने की बात कही गई। सभी को मंडल के चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी। समारोह में मंडल के विभिन्न उच्च अधिकारी, मंडल के यूनियन व एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा रेलकर्मी उपस्थित रहे।
31 जुलाई को केंद्रीय विद्यालय संख्या-2 गया के प्रभारी प्रधानाचार्य जैनेन्द्र कुमार मालवीय को इनके सेवानिवृत्त होने के पश्चात भावभीनी विदाई दी गयी। केन्द्रीय विद्यालय संख्या-2, ओटीए, गया के अत्यंत ही लग्नशील, प्रतिभावान व कर्मठ शिक्षक एवं शिक्षाविद् जैनेन्द्र कुमार मालवीय के सेवाकाल का आज अंतिम कार्य दिवस था। इन्होंने केन्द्रीय विद्यालय में सेवा का आरंभ प्राथमिक शिक्षक के रूप में दिनांक 19.10.1993 को केन्द्रीय विद्यालय पीपीसीएल, अमझोर, रोहतास से किया। तदुपरांत इनका स्थानांतरण केंद्रीय विद्यालय संख्या-1 बैरागी, गया तथा केंद्रीय विद्यालय संख्या-2, गया में हुआ। इन्होने अपने सेवाकाल में अनेक कीर्तिमान स्थापित किये। केवि अमझोर से ले कर केवि संख्या-1 एवं 2, गया तक जिन्होंने भी इनसे शिक्षा प्राप्त की, वे इनके मुरीद हैं ।इनके कक्षा अध्यापन की शैली उच्चकोटि की रही। ये मनोरंजनपूर्ण पाठ शैली से विद्यार्थियों को गुणवान एवं प्रतिभावान बनाते आ रहे हैं। इतना ही नहीं, इनके कुशल दिशा निर्देशन के बलबूते विद्यार्थियों ने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ कलात्मक गतिविधियों में भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक परचम लहराया। इनके आदर्श गुणों, कलात्मक विशेषताओं एवं कार्यशैली में दक्षता के कारण इन्हें पीपीसीएल अमझोर के चेयरमैन, केंद्रीय विद्यालय अमझोर, केंद्रीय विद्यालय संख्या 1 गया के एवं केंद्रीय विद्यालय संख्या 2 गया के विभिन्न प्राचार्य तथा जिले के अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के द्वारा इन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। साथ ही केंद्रीय विद्यालय संगठन के द्वारा इन्हें वर्ष 2011 में कब मास्टर ( भारत स्काउट एवं गाईड) तथा वर्ष 2013 में शैक्षणिक क्षेत्र में संभागीय प्रोत्साहन पुरस्कार से उपायुक्त गुरुमूर्ति एवं एस०के०चौहान ने सम्मानित किया है।
अपने सेवाकाल में अपने कला कौशल से अनेक शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी व ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में अभिनय के क्षेत्र में स्वलिखित व निर्देशित लघुनाटिका में प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चमाध्यमिक के छात्र-छात्राओं को अपनी कड़ी मेहनत व लग्न के द्वारा पांच बार संभागीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कराते हुए राष्ट्रीय स्तर तक सफलता दिलायी। जिसमे “जागो भारत जागो” एवं “अग्रसोची सदा सुखी” राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन्होने केंद्रीय विद्यालय द्वारा आयोजित प्राचार्य सम्मलेन, युवा संसद कार्यक्रम , भारत स्काउट एवं गाईड के कार्यक्रम इत्यादि को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इन्होने नवनिर्मित(नवसृजित) केंद्रीय विद्यालय के उद्घाटन समारोह के अवसर पर सम्मानित केंद्रीय मंत्री, केंद्रीय विद्यालय के आयुक्त महोदय के उपस्थिति में स्वागत गान, स्वागत नृत्य अपने निर्देशन में विद्यालय के बच्चों के द्वारा प्रस्तुत करवाया तथा मंच का संचालन सफलतापूर्वक किया। ये अपने सेवा काल में सभी प्राचार्य, छात्र-छात्राएं व केंद्रीय विद्यालय संगठन के उच्चाधिकारियों के बीच अत्यंत ही लोकप्रिय रहे तथा सीसीए कोर्डिनेटर का पदभार सँभालते हुए विद्यालय के चहुमुखी विकास में समर्पित रहे। इनके सुपुत्र जीवेन्द्र एवं शिवेंद्र तथा सुपुत्री जागृति मालवीय ने भी केंद्रीय विद्यालय से ही शिक्षा ग्रहण की है। इनके सेवानिवृत पर केंद्रीय विद्यालय संख्या-2 गया के छात्र- छात्रओं के साथ-साथ पूर्व में इनसे शिक्षा प्राप्त किये विद्यार्थियों के चेहरे पर भी मायूसी छायी है। वे सभी सोशल मिडिया के माध्यम से अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए अपने विद्यार्थी जीवन को याद कर भावुक हो रहे हैं और मालवीय सर को उत्कृष्ट कार्य हेतु शुभकामनाएं प्रेषित कर रहे हैं ।
केंद्रीय विद्यालय संख्या-2 गया के विद्यार्थियों ने सेवानिवृति पर इन्हें अश्रुपूर्ण विदाई दी तथा इनके मंगलमय जीवम हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है। केंद्रीय विद्यालय राजगीर, केंद्रीय विद्यालय कंकड़बाग पटना , केंद्रीय विद्यालय दानापुर पटना, केंद्रीय विद्यालय झाझा व केंद्रीय विद्यालय के पूर्व सेवानिवृत शिख्सकों भी इनकी विदाई समारोह में सम्मिलित होते हुए सुखमय जीवन की कामना की। केंद्रीय विद्यालय संख्या-2, ओटीए, गया के प्राचार्य उमेश पाण्डेय ने अश्रुपूर्ण नेत्रों से विदाई देते हुए कहा कि वास्तव में जैनेंद्र कुमार मालवीय के सेवानिवृति से इनकी कमी हमें काफी खलेगी। उन्होंने कहा कि श्री मालवीय जी से निवेदन है कि ये केंद्रीय विद्यालय को कभी भूलेंगे नहीं और केंद्रीय विद्यालय तो इन्हें कभी भूलेगा ही नहीं। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक- शिक्षिका एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।
गया के सांसद विजय कुमार मांझी के बड़े पुत्र राजेश कुमार का निधन हो गया। मृत्यु का कारण ब्रेन हैमरेज होना बताया जा रहा है। इधर कुछ दिनों से पटना स्थित इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। इलाज के क्रम में रविवार को देर रात सांसद विजय कुमार मांझी के युवा पुत्र राजेश कुमार की मौत की खबर आई। बताया गया कि गत बुधवार को बाराचट्टी स्थित अपने घर के बाथरूम में स्नान के क्रम में गिर पड़े थे। जिससे सिर में चोट आई थी। बाराचट्टी में प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें गया और इसके बाद पटना रेफर कर दिया गया था।
सांसद के पुत्र के निधन की खबर फैलते ही सांसद के परिजन एवं पूरे बाराचट्टी क्षेत्र में शोक व्याप्त है। सांसद मांझी के बड़े पुत्र राजेश कुमार का शव जैसे ही बाराचट्टी स्थित उनके पैतृक आवास पर पहुंचा। लोगों की भीड़ जमा हो गई। सांसद विजय कुमार मांझी के पुत्र राजेश कुमार के निधन पर भारतीय जनता पार्टी गया जिला गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि किसी पिता के लिए युवा पुत्र को खोना बहुत दुखद है। इस इस दुखद समय में भाजपा परिवार गहरी संवेदना व्यक्त करता है। वहीं पूर्व वार्ड पार्षद डॉ विनोद कुमार मंडल, जदयू कार्यकर्ता मनीष चौधरी, हेबलु पांडेय, श्यामप्यारे प्रसाद, वार्ड पार्षद अनुपमा कुमारी, पार्षद प्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप कुमार मंडल आदि ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
सोमवार को एक व्यक्ति रवि भूषण पिता स्वर्गीय गगन देव प्रसाद पता काली बाजार थाना जिला अररिया के रहनेवाले एक रेलकर्मी का मोबाइल गया जंक्शन पर चार्जिंग पॉइंट से चोरी हो गया। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ की टीम ने चोरी के मोबाइल के साथ एक अपराधी को धर दबोचा। गया आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति वर्तमान में टेक्नीशियन थर्ड के पद पर कैंपिंग कोचिंग स्टाफ है। जो घबराए हुए आरपीएफ पोस्ट गया पर आए और सूचना दिया कि इनके द्वारा अपना सैमसंग कंपनी का एंड्राइड मोबाइल प्लेटफार्म संख्या 01A पर चार्जिंग पॉइंट में लगाया था। जिसे अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया तो पाया गया कि एक व्यक्ति चार्जिंग पॉइंट से मोबाइल चोरी कर हावड़ा छोर की तरफ चला गया है।
सीसीटीवी से प्राप्त फुटेज के आधार पर आरपीएफ गया एवं सीआईबी गया की टीम द्वारा उक्त व्यक्ति के पहनावे एवं कद काठी के अनुसार खोजबीन किया जाने लगा। दोपहर 14: 30 बजे फुटेज से मिलता जुलता एक व्यक्ति को गया स्टेशन परिसर में पकड़ा गया। फुटेज से मिलान कर पहचान सुनिश्चित करते हुए नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम जितेंद्र कुमार उर्फ बूटा उम्र 32 वर्ष पिता स्वर्गीय राजू प्रसाद पता मुरली पहाड़ी स्टेशन रोड थाना कोतवाली जिला गया बताया। जिसकी तलाशी लेने पर दो एंड्राइड मोबाइल पाया गया। जिसमें से एक अदद मोबाइल को पीड़ित व्यक्ति द्वारा पहचान सुनिश्चित करते हुए अपना मोबाइल होना बताया। तत्पश्चात मौके की कार्रवाई करते हुए उपरोक्त पीड़ित यात्री द्वारा लिखित शिकायत के साथ जीआरपी गया को सुपुर्द किया गया। जीआरपी गया द्वारा कांड पंजीकृत किया गया। बरामद मोबाइल का अनुमानित कीमत ₹35000 है।
आज दैनिक समाचार पत्र हिंदुस्तान में एक लेखक के स्वतंत्र विचार (आलेख) को पढ़ने के बाद यह खबर सोशल साइट्स पर लिखने की जरूरत है कि यदि कोई अखबार खबर नहीं परोस रहा हो तो क्या सोशल मीडिया भी चुप्पी साधे हुए रह जाए? Magadhlive ने हमेशा सच लिखने की कोशिश की है। आगे भी हमारी टीम की कोशिश यही रहेगी। बात हम मुद्दे की करते हैं। कलम की नोक कइयों को चुभ जा रही है। चुभेगी भी क्यों नहीं, सच से कुछ देर के लिए मुंह मोड़ा जा सकता है पर सच बदल नहीं सकता। बात गया नगर निगम की हम कर रहे हैं। पिछले कई महीनों से इस स्वायत्त शासन के अंग बने लोगों को magadhlive की खबरों से काफ़ी तकलीफ़ हो रही है। लेकिन, कलम का मूल कर्तव्य और दायित्व है कुछ न कुछ लिखते रहना, वर्ना लिखने योग्य कलम उसी प्रकार कचरे के डिब्बे में पड़ी मिलेगी, जिस प्रकार अन्य अनुपयोगी वस्तुएं डाल दी जाती है। मणिपुर के बारे में जो आलेख हिंदुस्तान समाचार पत्र में प्रकाशित करने की हिम्मत इस लेखक ने की है, उसकी प्रशंसा करनी होगी। वर्ना अखबारों के भरोसे देशवासियों को सूचना तंत्र से ऐसे नहीं मरहूम किया जाना चाहिए।
स्वतंत्र मीडिया की परिभाषा को एक बार फिर से परिभाषित करने की जरूरत है। इसके पहले सोशल साइट्स, वेब पोर्टल के माध्यम से magadhlive ने लगातार गया नगर निगम में चल रही गतिविधियों को अपनी लेखिनी के माध्यम से लोगों तक सामने लाया तो मेरी कलम की स्याही से कई लोग विचलित हो गए। एक नहीं कई बार लिखने से रोका गया। अखबारों में खबरें नहीं आई पर magadhlive में आती रही। चाहे चुनाव से संबंधित रही या फिर अंदर तहखाने में चल रही गतिविधियों की। इसमें कोई दो राय नहीं कि magadhlive का एक बहुत बड़ा पाठक वर्ग है, जो गया नगर निगम के अंदर चल रहे सच को जानने के लिए व्याकुल रहते हैं। हमने 11, 22 जुलाई और इसके पहले एक प्रेस कांफ्रेंस की खबर लोगों तक पहुंचाई। इसके बाद कुछ लोग मेरे घर पर आकर खबर नहीं लिखने की बात कही। एक प्रकार से मनोवैज्ञानिक दवाब डाला गया। मेरे पास आने वाले लोगों ने जो बातें कही उसे सुनकर अचंभित रह गया! आए हुए लोगों का कहना था कि “जब कोई अखबार वाले नहीं लिख रहे हैं तो आप क्यों लिख रहे हैं। क्या कोई व्यक्तिगत जीवन में किन्हीं को लेकर परेशानी है?” इस प्रश्न के जवाब में मैंने सिर्फ यही कहा कि अखबार वाले क्या कर रहे हैं या कर सकते हैं, मुझे नहीं मालूम पर जब खबर है तो magadhlive खबर लिखेगा।
इस पर उनका कोई जवाब नहीं था। पर विनती की गई कि न लिखें तो अच्छा लगता। इसके बाद कॉन्फ्रेंस कॉल पर लिया गया हमें। कहा गया कि निगम के अलावा कोई और क्षेत्र से खबरें नहीं दिखाई देती है magadhlive की टीम को। हमने कहा- magadhlive खबर लिखने के लिए स्वतंत्र है और अन्य क्षेत्रों से भी खबरें आती रहती है, जिसे शायद आप लोग नहीं देखना पसंद करते हैं। इसके बाद मुझे एक और नई जानकारी मिली कि कुछ अखबार वाले अपने सूत्रों से यह कह रहे हैं कि मुझे अंदर बाहर चल रही गतिविधियों की जानकारी क्यों नहीं दी जाती है, मुझे भी बताएं, लिखूंगा। खैर, इस पर मैं ज्यादा नहीं कुछ कह सकता हूं। क्योंकि यह उनके हाउस का मामला है। बहरहाल, 27 जुलाई भी इसी बीच गुजर गया। इसके आगे क्या हो रहा है या इस बीच क्या क्या हुआ, ये सब पता है magadhlive की पूरी टीम को। आगे जो होगा, उससे सभी को भी अवगत कराने की कोशिश होगी। फिलहाल, भविष्य के गर्त में क्या छिपा है? भला ये कैसे magadhlive को पता होगा। यदि कुछ लिख दूं तो युधिष्ठिर की तरह ‘कालजेयी’ की संज्ञा देते हुए भी लोग नहीं चूकेंगे।
अंतस में यदि ठेस लगे, सहलाया जाता है : रवि प्रताप सिंह
गया। राष्ट्रीय साहित्यिक संस्था ‘शब्दाक्षर’ की त्रैमासिक पत्रिका के जुलाई-सितंबर 2023 अंक का लोकार्पण ‘शब्दाक्षर’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष-सह-पत्रिका के मुख्य संपादक रवि प्रताप सिंह, लोकार्पण विभूति प्रदेश अध्यक्ष मध्य प्रदेश राजीव खरे, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दया शंकर मिश्रा, डॉ आदर्श प्रकाश, सत्येन्द्र सिंह ‘सत्य’, कार्यक्रम संचालिका ज्योति नारायण एवं भारत के अनेक राज्यों से जुड़े ‘शब्दाक्षर’ के अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। लोकार्पण समारोह का शुभारंभ वंदना चौधरी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना “माँ मेरी शारदे” की सुमधुर प्रस्तुति से हुआ। लोकार्पण के पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह ने पत्रिका के संपादन एवं प्रकाशन में संलग्न सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। लोकार्पण के उपरांत काव्यानुष्ठान सत्र में शायर रवि प्रताप सिंह की ग़ज़ल “अपने दिल पर लग जाये या ग़ैरों के उर पे, अंतस में यदि ठेस लगे, सहलाया जाता है” पर खूब वाहवाहियाँ लगीं। ज्योति नारायण की “सावन मनभावन बहुत, सुर छेड़े है सात” तथा तमिलनाडु शब्दाक्षर प्रदेश अध्यक्ष केवल कोठारी की “ऊखल में सिर देने की जब हिम्मत है कर ली, मूसल की चोटों से क्यों घबराया है” को भी श्रोताओं ने खूब सराहा। काव्य-सत्र में लोकार्पण अतिथियों के अतिरिक्त कवि कृष्ण कुमार दूबे, अनामिका सिंह, अजय मदहोश, सीमा स्वस्तिका, विश्वजीत शर्मा सागर , शिल्पी भटनागर, डॉ सुमन सुरभि, ईशा गुप्ता, गीता अग्रवाल, डॉ. राजीव सिंह, अमेरिका से जुड़ी सीमा त्रिवेदी, विनोद कुमार सिंह व अन्य ने भी अपनी कविताओं का सुमधुर पाठ किया।
शब्दाक्षर पत्रिका में है देश भर के साहित्यकारों की हिंदी रचनाओं का सुंदर संकलन : डॉ. रश्मि
शब्दाक्षर की राष्ट्रीय प्रवक्ता-सह-प्रसारण प्रभारी प्रो. डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी ने बताया कि ‘शब्दाक्षर त्रैमासिकी’ के जुलाई-सितंबर-2023 के अंक में देश भर के शब्दाक्षर पदाधिकारियों एवं साहित्यकारों की विभिन्न विधाओं में लिखी गयी हिन्दी रचनाओं का सुंदर संकलन है, जो पाठकों को अवश्य पसंद आयेगा। इसे निर्धारित शुल्क के साथ बुक पोस्ट से मंगवाया जा सकता है। डॉ. रश्मि ने कहा कि काव्यानुष्ठान के साथ पत्रिका का लोकार्पण किया जाना ‘शब्दाक्षर’ की साहित्यनिष्ठा को दर्शाता है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ‘शब्दाक्षर केन्द्रीय पेज’ से किया गया, जिससे अनेक साहित्य-प्रेमी श्रोता व दर्शकों ने जुड़ कर साहित्य का रसपान किया।
गया। जिले के अति नक्सल प्रभावित इलाका डुमरिया प्रखंड में ताजिया ले जाने के दौरान दो पक्षों के बीच जबरदस्त झड़प हो हो गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर जमकर रोड़ीबाजी की है। हालांकि पुलिस भी ताजिए के साथ थी लेकिन उनकी उपस्थिति में ही जमकर रोड़े बाजी हुई है। इस रोड़ेबाजी में एक इंस्पेक्टर जख्मी हो गए हैं। फ़िलहाल स्थिति को काबू में कर लिया गया है। अतिरिक्त फोर्स की रवानगी कर दी गई है। जिले के डीएम डॉ त्यागराजन व एसएसपी आशीष भारती का कहना स्थिति नियंत्रण में है। लोगों को शांत करा दिया गया है। ताजिया को निश्चित स्थान के लिए रवाना कर दिया गया है।
सूत्रों का कहना है कि भंगिया से निकल कर ताजिया ढोल नगाड़े के साथ बलिया गांव में पहुंचा। ताजिया शिव मंदिर के पास रुका। यहां पर जमकर ढोल नगाड़े बजाए गए। इस बीच गांव के कुछ लोगों ने मंदिर के पास से ताजिया को आगे बढ़ाने कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस होने लगी। देखते ही देखते ही दोनों पक्षों के बीच रोड़ेबाजी शुरू ही गई। इससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। मौके पर पहुची अतिरिक्त पुलिस ने मोर्चा संभाला और स्थिति को काबू में किया। एसएसपी आशीष भारती ने बताया की गया पुलिस इस मामले में त्वरित कारवाई करते हुए 13 लोगो को गिरफ्तार कर लिया है और स्थिति नियंत्रण में है।
कोंच। प्रखंड के आंती, काबर, उदास देवरा, शाहगंज, कोंच समेत अन्य स्थानों पर मुहर्रम पर्व को लेकर शनिवार को मुस्लिम समुदाय द्वारा जुलूस निकाला गया जिसमें भारी संख्या में लोग शामिल थे और या अली या हुसैन के नारे लगाए गए। डीजे की धून पर मर्सिया गूंजती रही। अखाड़ा में शामिल युवक विभिन्न प्रकार के हैरत अंगेज खेलों का प्रदर्शन कर रहे थे। जुलूस का नेतृत्व मोहर्रम कमेटियों के खलीफा कर रहे थे।
निशान के साथ जुलूस अपने-अपने मोहल्लों से शुरू हुआ। उसके बाद विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए आंती कर्बला के मैदान में पहुंचा और वहां पर निशान मिलान के साथ जुलूस वापस हो गया। पारंपरिक हथियारों से लैस अकीदतमंदों ने विभिन्न प्रकार के खेलों का प्रदर्शन किया। लाठी, डंडा और तलवार के खेलों का प्रदर्शन कर जुलूस की परंपरा का निर्वहन किया। जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस की स्काट पार्टी साथ थी।
कोंच थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद एवं आंती थानाध्यक्ष अजय कुमार सुरक्षा का कमान संभाले हुए थे। जुलूस के कारण कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था बाधित रहा। हालांकि राहगीर दूसरे सड़कों से अपने गंतव्य स्थान के लिए आते-जाते रहे। सभी अखाड़ा कमेटी फाटक और निशान के साथ जुलूस निकाले हुए थे। मुहर्रम जुलूस को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक प्रबंधक किया है। अखाड़ों को स्कार्ट करने के अलावा सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ सुरक्षा बलों को प्रतिनियुक्त किया गया है। उनकी प्रतिनियुक्ति जुलूस संपन्न होने तक कायम रहेगी।
जुलूस में शामिल लोगों के लिए मो नियाज़, मो टून एवं मो मिंटू ने शरबत और पानी की लगातार व्यवस्था दी। मौके पर एस डी ओ श्रीमती करिश्मा, इंस्पेक्टर सुरेश राम, अंचलाधिकारी महेंद्र शुक्ला, मनरेगा पदाधिकारी निरंजन कुमार, जिला पार्षद प्रतिनिधि सत्येंद्र प्रजापति, जिला पार्षद शरीफा कुमारी, मुखिया संजय यादव समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।
गया: गया जिले के अति नक्सल प्रभावित इलाकों में शुमार इमामगंज विधानसभा क्षेत्र में मुहर्रम के मौके पर ताजिया के रूप में चंद्रयान 3 की अद्भुत झांकी निकाली गई है। यह झांकी लोगों के लिए आकर्षण की केंद्र बनी हुई है। यही नहीं इसी इलाके से लालकिला की भी झांकी अकीदत मन्दों द्वारा निकाली गई है। दोनों झांकियां चर्चा का विषय बनी हैं । इन झांकियों के माध्यम से भारत की अखंडता का आलोकिक प्रदर्शन किया गया है। झांकी निकालने वालों के बीच गजब का उत्साह कायम है। इससे इलाके में लोगो के बीच एक अलग ही माहौल देखने को मिल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों में chandrayaan-3 और लाल किला की झांकी को देखने के लिए खासी भीड़ उमड़ रही है। लोगों के बीच चंद्रयान 3 की झांकी के समक्ष खड़ा होकर सेल्फी लेने की होड़ लगी है।
इमामगंज विधानसभा के मैगर थाना अंतर्गत मुस्लिम समुदाय के द्वारा मुहर्रम पर्व को लेकर ताजिया का निर्माण कराया गया था। वहीं ताजिया का रूप chandrayaan-3 व लाल किले के रूप में दिया गया। दोनों झांकियी को पूरे इलाके में भ्रमण कराया जा रहा है।