Blog

  • मउ पुलिस ने पकड़ी खेत मे छुपाकर रखी शराब की बड़ी खेप ,एक शराब तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे

    मउ पुलिस ने पकड़ी खेत मे छुपाकर रखी शराब की बड़ी खेप ,एक शराब तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे

    प्रतीक चित्र

    टिकारी संवाददाता: मउ ओपी की पुलिस ने शुक्रवार को अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है। साथ ही एक शराब तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता रही। ओपी अध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आलोक में दरियापुर में पुलिस टीम रंजन यादव के घर में छापेमारी करते हुए उसे अपने गिरफ्त में ले लिया। पुलिस ने रंजन से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर खेत में ताड़ के पत्ते से ढंक कर छुपाया हुआ 27 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद किया। जिसमे 750 एमएल के 170 और 375 एमएल का 225 बोतल शामिल है। जो व्यापार करने के उद्देश्य से लाया गया था। पुलिस ने रंजन यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

      कई दिनों से रंजन की तलाश में थी पुलिस
      पुलिस को सूचना थी कि रंजन यादव गांव में रहकर शराब का धंधा कर रहा है। लेकिन पुलिस को उसके विरूद्ध शराब खरीद बिक्री का कोई ठोस सबूत नही मिल पाया था। गुरुवार की शाम पुलिस को उसके सूत्र ने अचानक सूचना दी कि शराब की बड़ी खेप रंजन के पास आ गया है। जिसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की। जिसमे उसे सफलता हाथ लगी। एक ग्रामीण ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि रंजन कई वर्ष से शराब के अवैध धंधे में संलिप्त था। रंजन का गांव में बना मुर्गी फार्म अपराध का अड्डा बना हुआ था। पूर्व में भी रंजन की एक शराब लदा पिकअप जब्त हुआ था जिसके बाद चालक पिकअप छोड़ कर फरार हो गया था।

    • भवनपुर में एसबीआई के कस्टमर सर्विस सेंटर का शुभारंभ

      भवनपुर में एसबीआई के कस्टमर सर्विस सेंटर का शुभारंभ

      टिकारी संवाददाता: प्रखंड के भवनपुर में भारतीय स्टेट बैंक की बेलागंज शाखा से स्वीकृत कस्टमर सर्विस सेंटर का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। जिसका उद्घाटन एसबीआई के बेलागंज शाखा प्रबंधक राजीव रंजन ने अतिथियों की उपस्थिति में फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए शाखा प्रबंधक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के ग्राहकों को सेंटर खुलने से घर बैठे बैंक की सुविधा मिलेगी। पैसा जमा निकासी के लिए अब भागदौड़ एवं आने जाने की परेशानी से ग्राहकों को राहत मिलेगी। वंही सेंटर संचालक राजीव कुमार ने बताया कि हमारे प्वाइंट पर ग्राहकों को किसी भी प्रकार का जमा निकासी करने में परेशानी नही होगा। इस मौके पर अभिषेक कुमार, सुधेश्वर शर्मा, धनंजय यादव, जयनंदन शर्मा, धनंजय शर्मा आदि लोग उपस्थित थे।

    • मुहर्रम के पूर्व संध्या पर टिकारी शहर में प्रशासन का फ्लैग मार्च

      मुहर्रम के पूर्व संध्या पर टिकारी शहर में प्रशासन का फ्लैग मार्च

      टिकारी संवाददाता: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने को लेकर अनुमण्डल प्रशासन द्वारा टिकारी शहर में फ्लैग मार्च किया। टिकारी एसडीएम करिश्मा एवं एसडीपीओ गुलशन कुमार के नेतृत्व में टिकारी थाना की पुलिस ने शहर के सभी मुख्य मार्ग पर फ्लैग मार्च करते हुए आपसी भाईचारे के साथ त्यौहार मनाने और किसी भी तरह के अफवाह पर ध्यान न देने की लोगों से अपील की। थाना परिसर से निकली फ्लैग मार्च मुख्य मार्ग से बेलहड़िया मोड़, नगरपालिका रोड, छावनी, दुर्गा स्थान आदि जगहों सहित संवेदनशील जगहों और मोहल्लों में भ्रमण करते हुए अपनी उपस्थिति दर्ज करते हुए लोगों में प्रशासन का विश्वास पैदा किया।

      टिकारी थानाक्षेत्र में कुल 12 जगहों पर दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किये गये है। फ्लैग मार्च ले दौरान ट्रेनी डीएसपी प्रवीण कुमार, एसएचओ श्रीराम चौधरी, इंचार्ज सीओ कुंदन कुमार, पुलिस अधिकारी विजय कुमार, विकास कुमार, सूर्येश शर्मा, ट्विंकल सिंह, उज्ज्वल कुमार सहित कई अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद थे।

    • भाकपा माले के संस्थापक सचिव कामरेड चारु मजूमदार का गांवों में मना शहादत दिवस

      भाकपा माले के संस्थापक सचिव कामरेड चारु मजूमदार का गांवों में मना शहादत दिवस

      टिकारी संवाददाता: भाकपा माले के संस्थापक महासचिव कॉमरेड चारु मजूमदार का 52 वां शहादत दिवस शुक्रवार को टिकारी प्रखंड के सिमुआरा, जमूआरा, दरियापुर, बहेलिया बीघा, बरसीमा, ढिबरा, निमसर आदि गांवों में मनाया गया। इस अवसर पर सभी जगह कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित लोगों द्वारा शाहिद वेदी पर माल्यार्पण एवं चारु मजूमदार को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। जिसके बाद केंद्रीय कमिटी के आव्हान से लोगों को अवगत कराते हुए संगठन को मजबूत बनाने की अपील की गई। पार्टी के प्रखंड सचिव रवि कुमार ने कहा कि महंगाई को खत्म करने एवं प्रत्येक वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने वाली सरकार झूठा साबित हो गया।

      मणिपुर की घटना ने देश को पूरे दुनिया में सर्मसार कर दिया है। कार्यक्रम समापन से पूर्व सभी ने मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को 2024 में सत्ता से बेदखल करने का संकल्प लिया और भाजपा भगाओ देश बचाओ का नारा बुलंद किया। इस अवसर पर खेग्रामस के जिला सचिव रोहन यादव, हारी मांझी, शंकर मांझी, उमा मांझी, दिनेश मांझी, विगन मांझी, रेखा देवी, गीता देवी, भोला मांझी, रामजी दास, रामशंकर पासवान आदि बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ता मौजूद थे।

    • सिविल सर्जन ने टिकारी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

      सिविल सर्जन ने टिकारी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

      डायरिया पीड़ित मरीजों का लिया हालचाल

      टिकारी संवाददाता: सिविल सर्जन डा. रंजन कुमार सिंह ने शुक्रवार को अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस क्रम मे सर्वप्रथम अस्पताल में भर्ती डायरिया मरीजों के वार्ड में गए और पीड़ितों से स्वास्थ्य, दवा एवं मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद लैब का निरीक्षण करते हुए टेक्नीशियन से जांच के संबंध में जानकारी प्राप्त की। लैब टेक्नीशियन द्वारा बताया गया कि सीबीसी मशीन में हीमोग्लोबिन का जांच नहीं हो पा रहा है। इसपर सिविल सर्जन ने तुरंत ठीक करवाने का आदेश दिया। ताकि मरीजों को कोई असुविधा न हो। सिविल सर्जन अल्ट्रासाउंड कक्ष पहुंचे और मशीन की जांच की एवं उपाअधीक्षक को निर्देश दिया कि अल्ट्रासाउंड का लाभ सभी जरूरतमंद मरीजों को मिलना चाहिए।

      अस्पताल में जांच के बाद सिविल सर्जन डायरिया रोग से प्रभावित गांव जरही पर पहुंचे। जहां स्थानीय लोगों से मिलकर स्वास्थ सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।डायरिया मरीजों के देखभाल के लिए लगाए गए कैम्प का भी जायजा लिया। जंहा मेडिकल टीम के डा. महेश गुप्ता, स्वास्थ्यकर्मी प्रीति कुमारी, प्रगति कुमारी, मृत्युंजय कुमार आदि से ओआरएस, दवा की उपलब्धता आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। गांव भ्रमण के दौरान ग्रामीणों में सिविल सर्जन को बताया कि यंहा पीने के शुद्ध पानी की कमी है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल उपाधीक्षक डा. विश्वमूर्ति मिश्रा, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अभय कुमार सिन्हा, फार्मासिस्ट जनार्धन कुमार मधुकर, अभय कुमत सहित अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

      • ब्रेकिंग न्यूज: दो ऑटो की आमने सामने की टक्कर में एक महिला सवारी की मौके पर हुई मौत, आधा दर्जन घायल

        ब्रेकिंग न्यूज: दो ऑटो की आमने सामने की टक्कर में एक महिला सवारी की मौके पर हुई मौत, आधा दर्जन घायल

        गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र में सवारियों से भरी दो टेंपो की आमने-सामने की टक्कर होने से टेंपो पर सवार एक महिला सवारी की मौके पर मौत हो गई है। वहीं टेंपो पर सवार आधा दर्जन यात्री घायल हो गए हैं। मृतका की पहचान कोंच थाना क्षेत्र के खजूरी गांव की रहने वाली ललिता देवी के रूप में की गई है। घायल सभी यात्रियों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया है। लगभग आधा दर्जन यात्री घायल बताए जा रहे है। सभी का इलाज कराया जा रहा है।

        आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम

        वहीं इस सड़क दुर्घटना में महिला सवारी ललिता देवी की मौत के बाद आक्रोशित परिजन शव के साथ सड़क जाम कर दिए हैं। मौके पर कोंच थाना की पुलिस टीम सूचना पाकर पहुंची है सड़क जाम कर रहे आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लेने के प्रयास में जुटी है।

      • केन्द्रीय विद्यालय-2 पीएमश्री स्कूल के रूप में हुआ चयनित, राष्ट्रीय शिक्षा नीति से देश बनेगा सुपर पॉवर: प्राचार्य

        केन्द्रीय विद्यालय-2 पीएमश्री स्कूल के रूप में हुआ चयनित, राष्ट्रीय शिक्षा नीति से देश बनेगा सुपर पॉवर: प्राचार्य

        वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

        किसी भी देश की प्रगति का सबसे महत्वपूर्ण आधार शिक्षा होती है। आज जब भारत अपनी आज़ादी के अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है और विश्व अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण स्थान हासिल कर रहा है तो यह आवश्यक हो जाता है कि हमारी शिक्षा नीति भी वर्तमान आवश्यकताओं और माँग के अनुरूप हो। इसी उद्देश्य से व्यापक विचार-मंथन के पश्चात भारत सरकार सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लेकर आई। जिसमें बच्चे को केन्द्र में रखकर उसके सर्वांगीण विकास के लिए सीखने के पारंपरिक और नवीन तरीकों और प्रविधियों पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधान आने के तीन वर्ष पश्चात उन प्रावधानों के क्रियान्वयन की प्रगति से आम जनमानस को जागरूक किए जाने के लिए शिक्षा मंत्रालय, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (एनईपी 2020) की तीसरी वर्षगाँठ का जश्न मनाया जा रहा है। इसी उद्देश्य से केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 2 गया, केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 1 गया, जवाहर नवोदय विद्यालय जेठियन तथा जवाहर नवोदय विद्यालय शेरघाटी के संयुक्त तत्वावधान में केन्द्रीय विद्यालय- 2 गया में शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिसमें केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 2 गया के प्राचार्य के अतिरिक्त केन्द्रीय विद्यालय-1 गया की प्राचार्या डॉ. अमीना खातून, जवाहर नवोदय विद्यालय जेठियन के प्राचार्य श्री ए. के. सिंह तथा जवाहर नवोदय विद्यालय शेरघाटी के प्राचार्य डॉ. एस. के. सिन्हा, आर्मी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री एसके पाठक भी उपस्थित थे।

        कार्यक्रम के आरंभ में केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 2 के प्राचार्य उमेश पांडेय ने पॉवर प्वॉइंट के माध्यम से विद्यालय में संचालित राष्ट्रीय शिक्षा नीति से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। प्राचार्य ने अपने विद्यालय में नई शिक्षा नीति 2020 के सफल कार्यान्वयन पर अपनी बहुमूल्य अंतर्दृष्टि साझा करते हुए बताया कि हमने पटना संभाग के उपायुक्त के नेतृत्व और मार्गदर्शन में अपने छात्रों के लिए समग्र और क्रमबद्ध सीखने का अनुभव सुनिश्चित करते हुए एनईपी 2020 के सिद्धांतों को अपनाने में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि विद्यालय ने एनईपी 2020 के अनुसार महत्वपूर्ण उपाय किए हैं। जिनमें ‘प्रवेश आयु का पुनर्निर्धारण’ करते हुए विद्यालय ने शैक्षणिक प्रकृति और पाठ्यचर्या संबंधी आवश्यकताओं के आधार पर 5+3+3+4 डिज़ाइन लागू किया है। जो छात्रों के लिए अधिक व्यापक और विकासात्मक रूप से सीखने की अनुमति देता है। विद्यालय में कक्षा पहली में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों के लिए औपचारिक स्कूली शिक्षा में परिवर्तन को आसान बनाने के लिए ‘विद्या प्रवेश कार्यक्रम’ लागू किया गया। जो नए छात्रों के लिए एक सहायक और उपयुक्त वातावरण प्रदान करता है। जिसमें बच्चों को विभिन्न खेलकूद तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा मनोरंजन के साथ शिक्षा की ओर प्रेरित किया जाता है।

        उन्होंने कहा केंद्रीय विद्यालय संगठन में ‘बाल-वाटिका’ की शुरुआत हो गई है। उन्होंने बताया कि उनके विद्यालय में बालवाटिका के लिए विद्यार्थी-प्रवेश तथा शिक्षक- साक्षात्कार प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और शीघ्र ही प्रारंभिक बचपन की शिक्षा के महत्व को समझते हुए विद्यालय बाल-शिक्षार्थियों के लिए एक मजबूत नींव को बढ़ावा देते हुए बालवाटिका की शुरुआत कर देगा। विद्यालय ‘निपुण भारत मिशन’ के अंतर्गत कक्षा तीन तक के बच्चों के लिए बुनियादी पढ़ने-लिखने तथा अंक गणित हल करने के लक्ष्य को विभिन्न शिक्षण गतिविधियों के द्वारा संपादित कर रहा है। इसके अंतर्गत एफएलएन (फाउंडेशनल लिट्रेसी एंड न्यूमेरेसी)- मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

        जिसके तहत कक्षा तीसरी तक प्रत्येक कक्षा में बच्चों के लिए भाषा और गणित सीखने के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए खिलौना आधारित शिक्षण, क्लब गतिविधियाँ, समग्र मूल्यांकन प्रणाली और करके सीखो आदि के माध्यम से बच्चों को शिक्षण दिया जाता है। इसके सफलता पूर्वक क्रियान्वयन के लिए नियमित अंतराल पर शिक्षकों को संभागीय स्तर पर, जीट स्तर पर और विद्यालय स्तर पर प्रशिक्षित किया जाता है। उन्होंने कहा रटंत प्रणाली की शिक्षा के स्थान पर विद्यार्थियों के अंदर क्षमता आधारित शिक्षा कौशल का विकास किया जा रहा है। विद्यार्थियों के अंदर ज्ञान स्थाई रूप से अपना स्थान बना सके, इसके लिए आवश्यक है विद्यार्थी ज्ञानार्जन में खुद सक्रिय रूप से भागीदारी करें। जिसके लिए विद्यालय में खेल आधारित शिक्षण, खिलौना आधारित शिक्षण, कला आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है।


        विद्यालय में विद्यार्थियों को डिजिटल और भौतिक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने के अंतर्गत कक्षाओं में प्रोजेक्टर और स्मार्ट बोर्ड लगाए गए हैं। भारत की विविधता और सांस्कृतिक विरासत से विद्यार्थियों को परिचित कराने के लिए विद्यालय में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए परख कार्यक्रम के अंतर्गत उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन और विश्लेषण कर उचित सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित किया जा रहा है। जिसके तहत 360 डिग्री ‘समग्र प्रगति पत्र’ (एचपीसी) जारी किया जा रहा है। 21वीं शताब्दी कौशल विकास के अंतर्गत प्रत्येक बच्चे की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का काम किया जा रहा है ताकि समय के साथ अपने आप को कुशल बना सकें। यह केन्द्रीय विद्यालय पीएमश्री स्कूल के रूप में चयनित हुआ है | जिसके अंतर्गत विद्यालय में बच्चों को सीखने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है, उचित भौतिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि विद्यार्थी यहां से उत्पादक ज्ञान अर्जित कर समाज के कल्याण हेतु कार्य करने के लिए तैयार हो सके। विद्यालय ने सीबीएसई के वेब पोर्टल पर उपलब्ध ‘जादुई पिटारा शिक्षण सामग्री’ द्वारा विद्यालय-शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (एनसीएफ एफएस) पर आधारित नवीन शिक्षण साधनों को अपनाया है। एनईपी 2020 में माता-पिता की महत्वपूर्ण भूमिका को पहचानते हुए विद्यालय सक्रिय रूप से हितधारकों के रूप में माता-पिता को शामिल कर सीखने और विकास के लिए एक सहयोगात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देता है। केन्द्रीय विद्यालय-1 गया, जवाहर नवोदय विद्यालय जेठियन तथा जवाहर नवोदय विद्यालय शेरघाटी के प्राचार्यों ने बताया कि उनके विद्यालय में भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बच्चों के ज्ञान को व्यवहारिक जीवन से जोड़ने और कौशल विकास पर विशेष बल दिया गया है । इस दिशा में विद्यालय निरंतर प्रयास कर रहा है। बच्चों को अनुभव करके सीखने, प्रयोगशाला में सीखने और सीखे गए विषय को दैनिक जीवन में लागू करने पर बल दिया जा रहा है। बच्चों के कौशल विकास के लिए विद्यालय में कार्यानुभव शिक्षक, क्रीड़ा शिक्षक, कला शिक्षक, संगीत शिक्षक, नृत्य, कम्प्यूटर और योग के अनुदेशक नियुक्त हैं। जो अपनी नियमित कक्षाओं में बच्चों की रुचियों और क्षमताओं के अनुसार उनके कौशल विकास में अपना योगदान देते हैं। केन्द्रीय विद्यालय-2 गया शिक्षा मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की पहल के साथ सभी हितधारकों, शिक्षकों और शिक्षा उत्साही लोगों से इस महत्वपूर्ण अवसर का हिस्सा बनने की अपील करता है। एन.ई.पी 2020 के कार्यान्वयन के तीसरे वर्ष का जश्न भारत में भविष्य के लिए तैयार और विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी शिक्षा प्रणाली बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पत्रकार वार्ता में केन्द्रीय विद्यालय- 2 के प्राचार्य उमेश पांडेय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रावधानों पर पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक जैनेन्द्र कुमार मालवीय ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के शिक्षक एस के पाण्डेय ने किया।

      • दुःखद: गया के जाने माने चिकित्सक-सह-समाजसेवी डॉ. फ़रासत हुसैन नहीं रहे

        दुःखद: गया के जाने माने चिकित्सक-सह-समाजसेवी डॉ. फ़रासत हुसैन नहीं रहे

        वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

        गया के जाने माने चिकित्सक हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. फ़रासत हुसैन अब इस दुनिया में नहीं रहे। नई दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में पिछले कुछ दिनों से इनका इलाज चल रहा था। इनके निधन से चिकित्सा जगत के साथ साथ, समाज के सभी वर्ग में और खेल की दुनियां में एक शून्यता आ गई है, जिसकी भरपाई असंभव है। इनके निधन की खबर सुनने के बाद जीडीएसए से जुड़े और गया जिला फुटबॉल संघ के मोती करीमी, पूर्व वार्ड पार्षद ख़तीब अहमद, डॉ. विनोद कुमार मंडल आदि ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। पिछले 20 दिनों से मैक्स हॉस्पिटल, नई दिल्ली में इनका इलाज चल रहा था। शोकाकुल पारिजनों के अनुसार स्व. फ़रासत हुसैन का पार्थिव शरीर दोपहर बाद विशेष विमान से गया आने की उम्मीद है। इनके निधन की खबर गया पहुंचते ही हर वर्ग के लोग मर्माहत हैं।

      • Sc/st मामले में फरार अभियुक्त को अलीपुर थाने की पुलिस ने किया गिरफ्तार

        Sc/st मामले में फरार अभियुक्त को अलीपुर थाने की पुलिस ने किया गिरफ्तार

        अलीपुर थाने की पुलिस ने डिहुरा गांव से कांड संख्या 98/23 के एससी-एसटी एक्ट मामले में फरार चल रहे युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक मुकेश कुमार उम्र 24 वर्ष पिता शंकर साव ग्राम डिहूरा थाना अलीपुर के रहने वाले है। अलीपुर थाना अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया की गिरफ्तार युवक मुकेश कुमार लंबे वक्त से एससी-एसटी एक्ट मामले में फरार चल रहा था। जिसको अलीपुर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

      • लड़की के फोटो खींचने को लेकर दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट

        लड़की के फोटो खींचने को लेकर दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट

        बेलागंज थाना क्षेत्र के पथरा गांव में लड़की के फोटो खींचने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गयी। जिसमें सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये।जख्मी महिला ने बतायी की गांव के बधार में एक युवती जानवर चरा रही थी। उसी दौरान गांव के कुछ मनचले युवकों ने जबरन युवती का फोटो खींच लिया। जिसकी शिकायत घर आकर युवती ने अपने परिजनों को दी। इसके उपरांत युवती के परिजनों ने मनचले युवकों के घर जाकर इसकी शिकायत किया। इस दौरान दोनो पक्षों गाली गलौच होते होते हिंसक रूप धारण कर लिया। इस दौरान दोनो पक्षों के तरफ से लाठी डंडे के साथ साथ रोड़ेबाजी होने लगी। जिसमें गिरजा देवी, ममता देवी,मोहन पासवान, पंकज पासवान, सुधीर पासवान, सुरेश पासवान एवं जयंती देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गये। जिन्हें बेलागंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया है। वहीं पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच में जुटी है।

        अजीत कुमार ,बेलागंज