Blog

  • उप विकास आयुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

    उप विकास आयुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

    बेलागंज प्रखंड मुख्यालय स्थित पड़ाव मैदान में खेल परिसर के निर्माण को लेकर स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री डा सुरेंद्र प्रसाद यादव के अनुशंसा के बाद स्थल निरीक्षण को लेकर बुधवार को उप विकास आयुक्त बिनोद दूहन बेलागंज बेलागंज पहुंचे। जहां उप विकास आयुक्त ने पड़ाव मैदान पर खेल परिसर निर्माण की स्थिति का जायजा लिया एवं स्थानीय अंचलाधिकारी को जमीन की वास्तविक स्थिति के बारे में जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। इस दौरान उप विकास आयुक्त द्वारा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। डीडीसी के वाहन को प्रखंड सह अंचल कार्यालय में प्रवेश करते हीं अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अफरा तफरी का माहौल बन गया। डीडीसी सर्वप्रथम अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। जहां उपस्थित सीओ अजीत कुमार लाल को तत्काल पड़ाव मैदान की नापी करा वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने का आदेश दिया। वहीं डीडीसी द्वारा सीओ को जमीन के मोटेशन कार्य में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया गया।

    वहीं प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण दौरान डीडीसी बिनोद दूहन ने प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। वहीं बीडीओ कुंदन कुमार को जातिगत जनगणना में सरकार के आदेश का अक्षरशः पालन किए जाने का सख्त निर्देश दिया। डीडीसी ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय में फैली गंदगी और सीढ़ी दीवार पर यत्र तत्र बने पिलकदान पर भी नाराजगी जताई। डीडीसी के औचक निरीक्षण के दौरान बीडीओ कुंदन कुमार और सीओ अजीत कुमार लाल के अलावे प्रभारी नीमचक बथानी डीसीएलआर प्रवीण चंदन बीपीआरओ स्मिता वर्मा, आरओ निकिता अग्रवाल, मनरेगा पीओ सरिता कुमारी सहित सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

  • जीबीएम कॉलेज में हिंदी विभाग द्वारा मुंशी प्रेमचंद की कृतियों पर परिचर्चा एवं कहानी पाठ का आयोजन

    जीबीएम कॉलेज में हिंदी विभाग द्वारा मुंशी प्रेमचंद की कृतियों पर परिचर्चा एवं कहानी पाठ का आयोजन

    गया। गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में हिंदी विभाग द्वारा प्रो. जावैद अशरफ़ की अध्यक्षता तथा हिंदी विभाग के सहायक प्रोफेसर्स डॉ प्यारे मांझी (विभागाध्यक्ष), डॉ सुनीता कुमारी एवं डॉ सुरबाला कृष्णा की देखरेख में कथा सम्राट प्रेमचन्द की जयंती पर ‘परिचर्चा-सह-कहानी पाठ’ का आयोजन किया गया। छात्राओं ने मुंशी प्रेमचंद की सर्वश्रेष्ठ कहानियों को उद्धृत करते हुए मुंशी प्रेमचंद के जीवनी पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रो. जावैद अशरफ़ एवं उपस्थित फैकल्टीज द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। तत्पश्चात, मुंशी प्रेमचंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण करके श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। छात्राओं ने सुमधुर मंगलगान की प्रस्तुति दी। तत्पश्चात, छात्रा अंजली, खुशी, नीलम, अमीषा भारती, रिशू, रानी, मुस्कान, शिवानी, निकिता, मनीषा, अन्या, पूनम, तान्या, राजनंदनी, श्रुति, निधि प्रिया ने प्रेमचंद के जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनकी प्रतिनिधि कहानी ईदगाह, पूस की रात, माँ का हृदय, दो बैलों की कथा, कफ़न, ठाकुर का कुँआ, बूढ़ी काकी, प्रतिबोध आदि का सारगर्भित विश्लेषण प्रस्तुत किया।

    कार्यक्रम का संचालन छात्रा अमीषा भारती ने किया। विभागाध्यक्ष डॉ मांझी ने कहानी कला की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए प्रेमचंद की लेखनी को अद्वितीय बतलाया। प्रधानाचार्य प्रो जावैद अशरफ़ ने अपने संबोधन में मुंशी प्रेमचंद की कहानियों को अत्यंत मर्मस्पर्शी और समाज का सत्य चित्रण ठहराया। उन्होंने प्रेमचंद के कहानी-संग्रह ‘पाँच फूल’ का स्मरण करते हुए प्रेमचंद की हिंदी और उर्दू दोनों भाषाओं पर मज़बूत पकड़ की प्रशंसा की। उन्होंने हिन्दी विभाग को कार्यक्रम के आयोजन हेतु हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए छात्राओं को हिंदी शब्दकोश का लाभ उठाने का परामर्श दिया। कार्यक्रम को प्रो. अफ्शाँ सुरैया, डॉ सुनीता, डॉ सुरबाला कृष्णा एवं प्रीति शेखर ने भी संबोधित किया। सभी ने प्रेमचंद की कृतियों से अपने मानसिक व भावनात्मक जुड़ाव को साझा किया।

    कॉलेज पीआरओ डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी ने बतलाया कि छात्राओं ने उपन्यास सम्राट प्रेमचंद की प्रतिनिधि कहानियों का पाठ बड़ी ही उमंग के साथ किया। हिंदी विभाग द्वारा आयोजित प्रेमचंद की जीवनी एवं कृतित्व पर आधारित परिचर्चा तथा कथा पाठ से छात्राओं में संवाद शैली, वाचन कला, संप्रेषण क्षमता तथा हिंदी साहित्य में रुचि का संवर्द्धन होगा। कार्यक्रम में बर्सर सहदेब बाउरी, डॉ कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी, डॉ जया चौधरी, डॉ पूजा राय, डॉ पूजा, डॉ अमृता घोष, डॉ नगमा शादाब, डॉ अनामिका कुमारी, कृति सिंह आनंद, डॉ प्रियंका कुमारी, प्रीति शेखर, डॉ शिल्पी बनर्जी, डॉ बनीता कुमारी, डॉ फरहीन वज़ीरी, डॉ रुखसाना परवीन आदि की उपस्थिति रही।

  • अलीपुर थाना क्षेत्र के टॉप टेन की श्रेणी में शुमार अपराधी गिरफ्तार

    अलीपुर थाना क्षेत्र के टॉप टेन की श्रेणी में शुमार अपराधी गिरफ्तार

    गया। अलीपुर थाने की पुलिस ने अपने क्षेत्र के टॉप टेन अपराधियों में शामिल अपराधी सोनू को गिरफ्तार किया है। साथ ही में उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया है। सोनू लंबे समय से फरार चल रहा था। पकड़ा गया अपराधी अलीपुर थाना क्षेत्र के भुइया गांव का रहने वाला है। सोनू के विरुद्ध अलीपुर थाने में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ अलीपुर थाना क्षेत्र के अलावा मखदुमपुर थाने में भी एक केस दर्ज है ।
    अलीपुर थाने की पुलिस ने बताया कि बीती 10 अप्रैल को एक व्यक्ति द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था । आवेदन में उस व्यक्ति का कहना था कि कि रात 8:00 बजे बाइक से वह अपने घर को जा रहा था। दो युवकों ने आवाज़ देकर बाइक रुकवाई। बाइक के पास पहुंचते ही एक युवक ने चेहरे पर जोरदार मुक्का मारा तो दूसरे युवक ने पैर पर डंडे से मारा। इससे वह बाइक से गिर गया। बाइक से गिरते ही दोनों बाइक लेकर भागने लगे। इस पर शोर मचाया तो आसपास के गांव वाले दौड़े और एक को पकड़ लिया। जबकि दूसरा आरोपी भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपी ने भागने वाले की पहचान सोने के रूप में दी।इस पर पुलिस दूसरे अपराधी सोनू की तलाश में जुट गई। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि दिग्गी तालाब के पास सोनू देखा जा रहा है। इस पर पुलिस ने जाल बिछा कर सोनू को गिरफ्तार कर लिया ।

  • स्कूलों में गंदगी रहेगी तो हेडमास्टर के वेतन से कराई जाएगी साफ-सफाई, जारी हुआ आदेश

    स्कूलों में गंदगी रहेगी तो हेडमास्टर के वेतन से कराई जाएगी साफ-सफाई, जारी हुआ आदेश

    राज्य के शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव केके पाठक शिक्षा प्रणाली को चुस्त दुरुस्त करने को लेकर नित्य नए आदेश जारी कर रहे हैं। स्कूल टाइम में कोचिंग के संचालन पर रोक लगाने का आदेश इसके पहले भी जारी किया गया था लेकिन इसे अमल में लाने के लिए जिम्मेदार पदाधिकारी कहीं न कहीं लापरवाही बरत रहे थे। ऐसे में श्री पाठक ने सख्ती से इसे लागू करने का निर्देश जारी किया। अब एक और नया निर्देश विद्यालय प्रधान के लिए मुसीबत बन सकती है, यदि वे इसका अनुपालन नहीं करते या कराते हैं। ऐसे में श्री पाठक के एक्शन से राज्य भर के शिक्षक टेंशन में हैं। पाठक आए दिन कोई न कोई नया फरमान जारी कर देते हैं जिससे शिक्षकों की चिंता पहले से अधिक बढ़ जाती है। अब शिक्षा विभाग में एक और नया फरमान जारी किया है जिसके मुताबिक अब अगर स्कूल में निरीक्षण के दौरान गंदगी मिली तो प्रधानाध्यापक के वेतन से पूरे स्कूल की साफ सफाई करवाई जाएगी।
    दरअसल, बात है कि वैशाली जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रधानाध्यापक को शिक्षा विभाग के दिशा निर्देश का एक पत्र जारी किया है। जिसमें साफ तौर पर कहा गया है कि विद्यालय के शौचालय और परिसर में गंदगी पाए जाने पर विद्यालय प्रधान के वेतन मद से राशि की कटौती कर साफ सफाई की जाएगी। वहीं छात्रों की उपस्थिति कम पाए जाने पर विद्यालय प्रधान पर कार्रवाई की जाएगी।

    श्री पाठक स्कूल से टीचर और अधिकारियों को सुधारने का मिशन शुरू कर चुके हैं। लगातार एक के बाद एक कड़े फैसले ले रहे हैं। बताया गया है कि यदि स्कूल के वॉशरूम और कैंपस में कहीं भी किसी प्रकार की कोई गंदगी पाई जाती है तो इसके लिए प्रिंसिपल खुद जिम्मेदार होंगे। कैंपस में गंदगी पाए जाने पर स्कूल प्रिंसिपल के वेतन से कटौती कर साफ सफाई करवाई जाएगी। इसके साथ ही साथ अगर स्कूल में स्टूडेंट की कमी नजर आए तो उसके लिए भी प्रिंसिपल पर एक्शन लिया जाएगा।
    इधर, डीईओ ने यह भी कहा है कि विद्यालय में अगर कोई बेकार सामान पड़े हैं तो उसकी सूची बनाकर नीलामी प्रक्रिया शुरू करें और इसकी सूचना विभाग को दिया जाए। इसके साथ ही साथ क्लासरूम में पर्याप्त रोशनी और हवा के लिए बल्ब और पंखे लगाया जाए। इसके साथ ही साथ क्लास संचालन से संबंधित फोटोग्राफ एवं साफ सफाई से संबंधित फोटो ग्रुप पर भेजना सुनिश्चित करेंगे।

  • ब्रेकिंग: नगर निकाय चुनाव 2022 को लेकर 2 अगस्त को पटना हाई कोर्ट में होने वाली है सुनवाई

    ब्रेकिंग: नगर निकाय चुनाव 2022 को लेकर 2 अगस्त को पटना हाई कोर्ट में होने वाली है सुनवाई

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम सहित पूरे बिहार में संपन्न हुए नगर निकाय चुनाव 2022 को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। पटना उच्च न्यायालय में 02 अगस्त को इस मामले की सुनवाई के लिए जस्टिस राजीव राय ने तारीख मुक़र्रर कर दी है। मामला ओबीसी/ईबीसी के आरक्षण को लेकर सुनील कुमार द्वारा याचिका से जुड़ा हुआ है। बता दें कि सुनील कुमार ने उच्चतम न्यायालय के निर्देश/आदेश पर पटना उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर किया है। जिसमें उन्होंने राज्य सरकार द्वारा ओबीसी और ईबीसी को दिए जाने वाले आरक्षण को लेकर गठित एक समर्पित आयोग की वैधता को चुनौती देते हुए संपन्न चुनाव को गलत ठहरा रहे हैं। अब जब 02 अगस्त को इसी मामले में सुनवाई के लिए जस्टिस राजीव राय ने सुनील कुमार की याचिका को मेंशन/लिस्टिंग करते हुए तिथि मुकर्रर कर दी है। अब 02 अगस्त को इस याचिका पर सुनवाई होनी है।

    ऐसे में न्यायालय में सुनवाई के दौरान सुनील कुमार के अधिवक्ता और राज्य सरकार की ओर नियुक्त अधिवक्ता क्या दलीलें पेश करते हैं। यह देखना होगा। दो जजों की खंडपीठ इस मामले की सुनवाई करेंगे। बता दें कि ओबीसी और ईबीसी को आरक्षण का लाभ देते हुए राज्य सरकार ने इस मामले में गठित समर्पित आयोग की अनुशंसा पर नगर निकाय चुनाव करवाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग को हरी झंडी दी थी। इसके बाद पूरे बिहार के नगर निगम, नगर परिषद का चुनाव 2022 में कराया गया था। संपन्न हुए चुनाव में विजयी मेयर/मुख्य पार्षद, उपमेयर/उप मुख्य पार्षद सहित पार्षदों ने अपना काम करना भी शुरू कर दिया है। इस परिप्रेक्ष्य में देखें तो गया नगर निगम में ओबीसी कोटे से 10 पार्षद चुनाव जीत कर आए हैं। अब सबकी नजर पटना उच्च न्यायालय में होने जा रही सुनवाई पर और न्यायालय के आदेश पर रहेगी।

  • गया के एक निजी स्कूल बस में लगी आग, शुक्र रहा कि बस में बच्चे नहीं बैठे थे

    गया के एक निजी स्कूल बस में लगी आग, शुक्र रहा कि बस में बच्चे नहीं बैठे थे

    अजीत कुमार ,बेलागंज

    गया जिले के बेलागंज प्रखंड मुख्यालय स्थित एक निजी विद्यालय के वाहन में अचानक आग लग गयी। काफी मशक्कत के बाद अग्निशमन दल के दस्ता ने आग पर काबू पाया। शुक्र रहा कि घटना के वक़्त वाहन में कोई बच्चे बैठे नहीं थे।
    बाज़ार-स्टेशन रोड स्थित प्रखंड कार्यालय के समीप संचालित एक निजी विद्यालय के विंगर वाहन बच्चों को उतार कर खड़ी ही हुई थी कि इस दौरान वाहन में अचानक धुआं के साथ आग की लपटें उठने लगी। जिसे देख उस रास्ते से जा रहे राहगिरों ने शोर मचाया तो विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मी आग बुझाने में जुट गये। तब तक आग पूरे वाहन को अपने आगोश में ले चुका था। घटना की तत्काल सूचना बेलागंज थाना को दी गयी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल के दस्ते ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जबकि उक्त वाहन के बगल में विद्यालय की अन्य वाहन भी खड़ी थी। जो बच गए। घटना के कारणों का पता नहीं चला है। थानाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना में वाहन संख्या बीआर 02पी ए/6507 नम्बर की गाड़ी जल गया है। घटना को लेकर अभी तक विद्यालय प्रशासन की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

  • 29वी वाहिनी एसएसबी गया और बोध गया पुलिस के संयुक्त अभियान में हथियारों के साथ अपराधी गिरफ्तार

    29वी वाहिनी एसएसबी गया और बोध गया पुलिस के संयुक्त अभियान में हथियारों के साथ अपराधी गिरफ्तार

    29वी वाहिनी एसएसबी गया के कमांडेंट श्री एच के गुप्ता को मिलिट्री इंटेलिजेंस से एक गुप्त सूचना मिली की एक व्यक्ति अवैध हथियारों का लेन देन करता है और यह सूचना को कमांडेंट महोदय ने ई समवाए बीबीपेसरा एसएसबी के कम्पनी कमांडर श्री रवि कुमार के साथ साझा करते हुए एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। कम्पनी कमांडर रवि कुमार के नेतृत्व में बोध गया पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त टीम बोध गया थाना के अंतर्गत मढ़ई गांव में त्वरित छापामारी करते हुए एक कुख्यात क्रिमिनल बचन मांझी को 03 अवैध हथियारो के साथ गिरफ्तार किया है ।

    बचन मांझी के पास से एक देसी राइफल(.315 बोर) , एक देसी कार्बाइन(थर्नेट) तथा एक देसी कट्टा बरामद हुआ। बचन मांझी पहले भी कई बार अवैध हथियारों के लेन देन में जेल जा चुका है । गौरतलब है कि इन्ही हथियारों का इस्तेमाल करके क्रिमिनल गैंग और नक्सली आम जनता को डराते धमकाते हैं। यह 29वी वाहिनी एसएसबी गया और गया पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी और यह पुलिस के द्वारा क्षेत्र में शांति बनाए रखने के अथक प्रयासों को दर्शाता है।

    अजीत कुमार ,बेलागंज

  • किसान हत्याकांड में दो आरोपितों को पुलिस ने दबोचा, पकड़े गए दोनो आरोपी रिश्ते में हैं सगे भाई, जमीन विवाद में हुई थी हत्या

    किसान हत्याकांड में दो आरोपितों को पुलिस ने दबोचा, पकड़े गए दोनो आरोपी रिश्ते में हैं सगे भाई, जमीन विवाद में हुई थी हत्या

    अजीत कुमार ,बेलागंज

    गया जिले में किसान की गोली मारकर हत्या के मामले में मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मुफस्सिल थाना के वेलहंटी के रहने वाले भोला यादव तथा उसके भाई सरवन यादव को डेल्हा थाना के बस स्टैंड के समीप से पकड़ा गया है। हालांकि की दोनों की गिरफ्तारी डेल्हा थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर करने के बाद दोनों को मुफस्सिल थाना की पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। दोनों को मुफस्सिल पुलिस अपने साथ ले गई है। पकड़े गए दोनों आरोपियों में भोला यादव मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। हालांकि इस मामले में तीन आरोपी और है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

    एक वर्ष पहले हुई हुई थी हत्या

    मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वेलहंटी गांव के रहने वाले किशोरी यादव की अपराधियों ने बीते वर्ष गोली मारकर हत्या कर दी थी। जब वे अपनी बेटी के घर से लौट रहे थे। बिसार पहाड़ के पास ऑटो से उतर कर पैदल ही अपने गांव वेलहंटी को जा रहे थे। इसी क्रम में ताक में रहे बाइक सवार दो अपराधियों ने किशोरी यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी जिससे उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।

    जमीन विवाद में की गई थी हत्या

    जिसके बाद परिजनों ने गांव के ही पांच लोगों को आरोपित बनाया था। घटना का कारण जमीन में तार के पेड़ का विवाद बताया गया था। मुफस्सिल थाना के वेलहंटी के रहने वाले एक किसान किशोर यादव की हत्या 9 जून 2022 को अपराधियों ने गोली मारकर कर दी थी। जिसमें 5 लोगों को आरोपित किया गया था। इनमें मुख्य आरोपी भोला यादव एवं उसका भाई सरवन यादव को सोमवार की मध्यरात्रि डेल्हा थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है दोनों हत्याकांड को अंजाम देकर फरार हो गए थे। पुलिस इनकी तलाश कर रही थी पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।

  • अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को पुलिस ने किया जब्त, चालक हुआ फरार

    अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को पुलिस ने किया जब्त, चालक हुआ फरार

    महताब अंसारी , कोंच थाना

    कोंच: स्थानीय कोंच थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव के समीप से अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को पुलिस ने सोमवार को जब्त किया। वहीं, पुलिस को देख मौके से चालक फरार हो गया।
    जानकारी देते हुए कोंच थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने कहा कि बिहार सनुदान खनिज खनन परिवहन एवं भंडारण अधिनियम 2019 एवं पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को मनोहरपुर गांव के समीप से बालू ढुलाई करते हुए जब्त किया गया है। यह कार्रवाई एस आई दीनानाथ यादव ने पुलिस बल के सहयोग से किया जिसे प्राथमिकी दर्ज किया गया है।

  • पूर्व मंत्री सह विधायक डॉ अनिल कुमार ने पीड़ित परिवार से मिलकर दिया सांत्वना

    पूर्व मंत्री सह विधायक डॉ अनिल कुमार ने पीड़ित परिवार से मिलकर दिया सांत्वना

    कोंच: प्रखंड के ग्राम खजुरी में पूर्व मंत्री सह विधायक डॉ अनिल कुमार ने बीते दिनों हुई दुर्घटना में टोला सेवक की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिलकर सोमवार को सांत्वना दिया।
    बता दें कि ग्राम खजूरी में बीते दिनों टोला सेवक कुमारी जयललिता की मौत टेंपू के टक्कर से हो गई थी। जिसके उपरांत पूर्व मंत्री सह टिकारी विधायक डॉक्टर अनिल कुमार ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की एवं इस दुख की घड़ी में शोक सम्मत परिजनों को ढाढस बंधाया एवं धैर्य साहस से काम लेने की बात कहीं।

    विधायक ने मृतक के घर से जिला शिक्षा पदाधिकारी से बात कर अभिलंब चार लाख मुआवजा की राशि उपलब्ध कराने की बात कही।उन्होंने अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज के अधिकारी से बात कर अविलंब पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया।

    महताब अंसारी , कोंच