अलीपुर थाना पुलिस शराब कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी के दौरान थाना क्षेत्र के भैरवा गांव से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अलीपुर थाना अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि थाना क्षेत्र के भैरवा गांव में शराब कारोबारी के विरुद्ध छापेमारी के लिए गई थी इस दौरान उक्त गांव के रहने वाले सुदर्शन मांझी (उम्र 52वर्ष) को उसके घर से दो लीटर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति के विरुद्ध मद्य निषेध के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
टिकारी संवाददाता: प्रखंड के लाव पंचायत अंतर्गत पंचमहला गांव में मां भगवती की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शनिवार को भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। गांव स्थित मंदिर परिसर से गाजे बाजे के साथ धर्म का जयघोष करते निकली शोभा यात्रा नगर भ्रमण करते हुए मोरहर नदी पहुंची। जंहा वैदिक मंत्रोचारण के बीच कलश में जलभरी का अनुष्ठान संपादित कराया गया। जिसके बाद श्रद्धालु कलश के साथ यज्ञ स्थल पहुंचे। जंहा मंडप प्रवेश और कलश की स्थापना कराई गई। तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान के प्रथम दिन मंगल कलश शोभ यात्रा, वेदी निर्माण और प्रतिमा संस्कार हुआ। रविवार को वेदी पूजन, कलश स्थापन, पुन्यः वाचन, प्रतिमा संस्कार जलाधिवश, अनाधिवास, फलाधिवास और पुस्पाधिवास कराया जाएगा। साथ ही रात में प्रवचन व भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। तीसरे और अंतिम दिन सोमवार को अंगाधिवास, प्राणप्रतिष्ठा, आरती मंगल, कुंवारी कन्या दर्शन, हवन, कुंवारी कन्या भोजन का आयोजन किया जाएगा। जबकि अंतिम दिन प्रसाद वितरण और भंडारा का आयोजन होगा। यज्ञ का आयोजन श्री श्री 1008 श्री स्वामी रंगरामानुजाचार्य के परम स्नेही श्री रामानंद आचार्य की देखरेख में हो रहा है। धार्मिक आयोजन को लेकर गांव का माहौल भक्तिमय हो गया है।
यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर पटना और रांची के मध्य अत्याधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन का परिचालन प्रारंभ किया जा रहा है। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि दिनांक 27.06.2023 को रांची से पटना के लिए वंदे भारत ट्रेन का परिचालन उद्घाटन स्पेशल ट्रेन 02439 के रूप में किया जायेगा तथा दिनांक 28.06.2023 से गाडी सं. 22349/22350 पटना-रांची-पटना वंदे भारत ट्रेन का नियमित परिचालन किया जायेगा। यह ट्रेन पटना और रांची से मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छः दिन परिचालित की जायेगी ।
इन्होंने बताया कि दिनांक 27.06.2023 को गाड़ी सं. 02439 रांची-पटना वंदे भारत उद्घाटन स्पेशल (Inaugural Special) रांची से 10.30 बजे खुलकर 10़.50 बजे मेसरा, 11.45 बजे बरकाकाना, 12.20 बजे चरही, 12.45 बजे हजारीबाग टाउन, 13.20 बजे बरही, 14.08 बजे कोडरमा, 14.50 बजे पहाड़पुर, 15.40 बजे गया, 16.23 बजे जहानाबाद रूकते हुए 17.25 बजे पटना जं. पहुंचेगी। दिनांक 28.06.2023 से गाड़ी सं. 22349 पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन पटना जं. से 07.00 बजे खुलकर 08.25 बजे गया, 09.35 बजे कोडरमा, 10.33 बजे हजारीबाग, 11.35 बजे बरकाकाना, 12.20 बजे मेसरा रूकते हुए 13.00 बजे रांची पहुंचेगी। वहीं वापसी में दिनांक 28.06.2023 से गाड़ी सं. 22350 रांची-पटना वंदे भारत ट्रेन रांची से 16.15 बजे खुलकर 16.35 बजे मेसरा, 17.30 बजे बरकाकाना, 18.30 बजे हजारीबाग, 19.30 बजे कोडरमा, 20.45 बजे गया रूकते हुए 22.05 बजे पटना जं. पहुंचेगी। देखा जाए तो केवल उद्घाटन के दिन जहानाबाद स्टेशन पर ठहराव दिया गया है। वाणिज्यिक ठहराव नियमित रूप से परिचालन के दिन से नहीं दिया गया है।
टिकारी संवाददाता: श्मशान घाट की भूमि पर अतिक्रमण कर निजी रास्ता बनाये जाने की शिकायत जिला पदाधिकारी से की गई है। उक्त मामला टिकारी प्रखण्ड के संडा पंचायत अन्तर्गत गुलजारबाग का है। ग्रामीणों द्वारा शिकायत पत्र में कहा गया है कि दशकों से गांव में श्मशान घाट की भूमि चिन्हित है। जंहा शव का अंतिम संस्कार किया जाता है। लेकिन गांव के ही एक ग्रामीण द्वारा उसमें मिट्टी डालकर निजी रास्ता बनाया जा रहा है। जिससे श्मशान घाट का अधिकांश भूमि अतिक्रमित हो जा रहा है। ग्रामीणों के विरोध पर अतिक्रमणकारी द्वारा देख लेने व मारपीट की धमकी दी जा रही है। आवेदन के माध्यम से ग्रामीणों ने मामले की जांच करते हुए श्मशान घाट की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने और दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। पंचायत के मुखिया रामजी शर्मा ने बताया कि जिनके द्वारा अतिक्रमण कर निजी रास्ता बनाया गया है उनका अन्य मार्ग है। ग्रामीणों की शिकायत को सही ठहराते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आग्रह किया है।
गया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोढ़ा गैंग के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गया में विगत कई दिनों से हो रही छिनतई व लूट की घटनाओं के बाद गया पुलिस इसका सफल उदभेदन करते हुए कई खुलासे किए हैं। एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि कोतवाली, बोधगया, टिकारी, डोभी एवं अन्य थानों के छिनतई में शामिल कोढ़ा गैंग के दो कुख्यात अपराधकर्मियों को कई दिनों के मेहनत के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कोतवाली, बोधगया, टिकारी, डोभी एवं रामपुर एवं अन्य थानों के छिनतई की घटना को पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया तथा इस कांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी शाखा को निर्देश दिया गया। तकनीकी शाखा द्वारा उक्त दोनों थाना क्षेत्र में हुए छिनतई में शामिल अपराधी की पहचान हेतु पारंपरिक एवं तकनीकी अनुसंधान प्रारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि अनुसंधान के दौरान यह पता चला कि कोढ़ा गैंग के अपराधियों द्वारा इस प्रकार के अपराध गया एवं अन्य जिलों में किये जा रहे है। अनुसंधान के कम में आये तथ्यों के आलोक में ऐसे लोगो के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी कम में यह गुप्त सूचना मिली कि गया शहर के आशा सिंह मोड़ स्थित पीएनबी बैंक के पास दो व्यक्ति जिसमें एक सोनू कुमार यादव उर्फ आकाश कुमार यादव, पिता स्व. बल्ला यादव तथा दूसरा रोहित कुमार उर्फ रोहित यादव, पे०-कल्लू यादव, दोनों सा०-नया टोला जुरावरगंज, थाना-कोढ़ा, जिला- कटिहार बैंक की रेकी कर रहे है। इस सूचना पर विशेष टीम गठित कर विशेष टीम के द्वारा छापामारी की गई। छापामारी के दौरान भागने का प्रयास किया। जिसे तकनीकी शाखा तथा रामपुर थाना के सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ा गया। उन्होंने बताया इन दोनों के पास से डिक्की तोड़ने वाला तीन मास्टर चाबी एवं टायर पंचर करने वाला एक टेकुआ मिला। इनके पास रहे पल्सर मोटर साईकिल रजि० नं0-BR O1DW 5267, Engine No-DKYCKE75434 की जॉँच करने पर पाया गया कि यह मोटरसाईकिल चोरी की है। जो पटना रेल थाना क्षेत्र से चोरी हुई जिस संदर्भ में पटना रेल थाना कांड संo-09/ 22, दिनांक-06.01.2022 दर्ज हैं। इन दोनों से गहन पुछताछ की गई तो ये दोनों बताये कि ये कोढ़ा गैंग के सदस्य है तथा बैंक से रूपया निकालने वाले लोगों पर नजर रखते है तथा जब वे रूपया लेकर बैंक से बाहर निकलते है तो घात लगाकर उनका रूपया झपट लेते है। आगे बताया कि कुछ साथी अभी औरंगाबाद, नवादा में सक्रिय है।
पूछताछ में ये दोनों गया जिला के विगत 04 कांडों 1. टिकारी थाना कांड संo-58/23, दिनांक-1901.23 धारा-379 भा०द0विo (जिसमें वादी के झोला से 1,57.000 रु तथा वादी का पासबुक झपट लिया गया था) ০2, बोधगया थाना कांड संo-344/23,दिनांक-15.0423 (जिसमें पेट्रोल पम्प पर मोटर साईकिल का डिक्की तोड़कर 1,94,000 रु निकाल लिया गया था]) 3. कोतवाली थाना कांड संo-367/23, दिनांक 31.05. 2023 (जिसमें मोटर साईकिल का डिक्की तोड़कर 2.00,000 रु निकाल लिया गया था।) 04. शेरघाटी(डोभी) थाना कांड सं०-653/23 दिनांक-22.06. 23(जिसमें पेट्रोल पम्प पर मोटर साईकिल का डिक्की तोड़कर 2,00,000 रु निकाल लिया गया था) में अपनी संलिप्ता स्वीकार किया है। ये कोढ़ा गैंग के शातिर सदस्य है। उक्त मामलो के अनुसंधान में आये तथ्यों को अन्य जिलों के साथ साझा किया गया। ये सभी अपराधी अन्तरजिला गिरोह के सदस्य हैं तथा इन लोगों पर पूर्व से कई कांड बिहार के विभिन्न जिलों में दर्ज है। उपरोक्त सभी अपराधियों से पूछताछ में पता चला है कि इनके कई साथी गया एवं बिहार के अन्य जिला में सक्रिय है, जिनकी गिरफ्तारी हेतु संबंधित जिलों से सम्पर्क स्थापित कर छापामारी की जा रही है। उक्त अभियुक्तो का अन्य मामलो में भी शामिल रहने की संभावना है। जिस संबंध में अनुसंधान किया जा रहा हैं। कांड के उदभेदन् एवं गिरफ्तारी में शामिल रहे पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को पुरस्कृत किया जा रहा हैं।
सोनू कुमार उफ सोनू कुमार यादव उर्फ आकाश यादव, पिता स्व. बल्ला यादव, सा0- नया टोला जुरावगंज, थाना-कोढा, जिला-कटिहार का आपराधिक इतिहास
समस्तीपुर नगर थाना कांड संo- 293/11, दिनांक-02/06/11, धारा-414/411 भा०द०विo
मधुवनी नगर थाना कांड सं०- 86/11, दिनांक-09/11/11, धारा-379 भा0दoवि०
कोंच। गया गोह मार्ग पर स्थित कौड़िया गांव के समीप दो टेंपो की टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। जिसमे दो लोगों की हालत नाजुक रहने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज गया रेफर किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कौड़िया गांव के समीप गया की ओर से आ रही दो टेम्पो में टक्कर हुई जिसमें पांच लोग घायल हुए। सभी घायलों को पुलिस बल के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोंच में इलाज कराने के लिए भर्ती कराया गया।
जहां चिकित्सक डॉ यसवंत कुमार के द्वारा तत्काल ईलाज किया गया। वही इलाज के दौरान गंभीर रुपं से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज गया भेजा गया है। कोंच के प्रभारी थानाध्यक्ष चाहत कुमार ने बताया कि नीरज कुमार, दिवाकर कुमार, कौशल कुमार, सूरज कुमार एवं दीपक कुमार को केवाली गांव से किसानों को बीज वितरण करने के लिए कोंच ब्लॉक में लाया जा रहा था तो उसी क्रम में एक टेम्पो के ओवरटैक करने में दुर्घटना हुई हैं।
गया व्यवहार न्यायालय परिसर में टूटकर गिरा पड़ा मलवा और कोर्ट जाते अधिवक्ता व अन्य
गया व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। यदि कुछ देर बाद घटना घटित होती तो कई लोग जख्मी हो सकते थे। ये तो शुक्र माने की उस वक्त घटनास्थल के आसपास कोई नहीं थे। जिस जगह पर न्यायालय के भवन के एक हिस्से का छज्जा टूट कर गिरा, उसी रास्ते से जिला जज, अन्य न्यायिक पदाधिकारी के साथ साथ अधिवक्ता और मुवक्किल के अलावा कर्मचारियों के आने जाने का मुख्य रास्ता है। घटना के बारे में अधिवक्ताओं का कहना है कि उस वक्त कोर्ट परिसर में आने जाने वाले लोगों की गतिविधियां कम थी। नहीं तो भीड़ होती तो कुछ भी अप्रिय घटना हो सकती थी। शुक्र माने कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुए। बताया गया कि जिस भवन के छज्जा टूटकर गिर गया वह मुख्य प्रवेश द्वार ही है। यहां से होकर सीढ़ियों से होते हुए न्यायिक पदाधिकारी के अलावा अधिवक्ता, मुवक्किल और कर्मचारी के साथ साथ सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मी भी उपर के तल पर जाते आते हैं। अधिवक्ताओं ने जर्जर हालत में पहुंच चुके भवन पर गहरी चिंता जताई है।
बस और कार के बीच हुई टक्कर में चार लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। घायलों के निकट के पहचान और जानने वाले ने magadhlive को बताया कि जो कार दुर्घटनाग्रस्त हुई है। उस पर पांच लोग सवार थे, जिसमें एक घटनास्थल से भाग गया। जिसके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। बाकी विकास, दिलीप, नचिकेता और गौरव घायल हुए हैं। ये सभी लखीबाग मोहल्ले के ही रहने वाले हैं। जिनमें विकास और दिलीप की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पटना के रुबन हॉस्पिटल में सभी का इलाज चल रहा है। अस्पताल में रहे इन घायलों के एक करीबी दोस्त के अनुसार घटना के बाद जिप्सी में सवार किसी थाने की पुलिस और एक और पुलिस वाहन पहुंची थी। जिस बस से टक्कर हुई वो बस डबल डेकर बस थी। जिसका रंग सफेद था। जिसके चालक और बस को पुलिस अपने कब्जे में ले लिया था। शुक्रवार की रात करीब पौने बारह बजे की यह घटना कोडीहरा के पास हुई बताई गई। फिलहाल दिलीप और विकास की हालत नाजुक बनी हुई है। नचिकेता और गौरव के बारे में बताया गया कि ये दोनों खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद सभी को पटना के एक निजी अस्पताल रुबन में ले जाया गया था। जहां इलाज चल रहा है। इनके पहचान के एक दोस्त ने उक्त सारी बातें बताते हुए कहा कि घटना के बाद सभी की जान पहले बचाना जरूरी था इसलिए बस चालक से नहीं उलझना मुनासिब समझा गया।
बताया कि जब मौके पर पुलिस पहुंच चुकी थी तो वे लोग घायलों को लेकर देर रात ही पटना के लिए निकल पड़े थे। बताते चलें कि घटना में घायल हुए लोगों की पहचान मानपुर के लखीबाग मोहल्ला निवासी के रूप में हुई है। ये सभी एक कार से बोधगया में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। घटना के बाद पहचान वाले एक मैकेनिक को भी घटनास्थल पर पहुंचा था। बताया गया कि पुल पर एक बस भी आ गई। जिससे कार की जबरदस्त टक्कर हो गई घटना के बाद स्थानीय लोगों को इसकी सूचना मिलने पर घटनास्थल पर गए लोगों में से एक ने magadhlive को जो जानकारी दी, उसके अनुसार घायलों में एक का नाम विकास कुमार, दूसरे का नाम दिलीप कुमार है। ये दोनों जगजीवन कॉलेज के सामने एक बयूटी पार्लर, लखीबाग के रहनेवाले बताए गए हैं। अब जाकर चार लोगों की पहचान हो चुकी है।
कोंच। प्रखंड के ददरेजी में भाजपा ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में शुक्रवार को मनाया और चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें पुष्पांजलि दी गई। मुख्य वक्ता उतरी मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए मुखर्जी द्वारा भारतीय राजनीति में राजनीतिक सिद्धांतों की स्थापना में योगदान के बारे में कार्यकर्ताओं को विस्तार से अवगत कराया। साथ ही राष्ट्र व समाज सेवा में प्रत्येक व्यक्ति द्वारा ईमानदारी व निष्ठा से कार्य करने के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी से प्रेरणा लेते हुए कार्य करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया गया। केंद्र सरकार द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 8 वर्षों के कार्यकाल में सेवा, सुशासन व जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया। मौके पर दर्जनों लोग शामिल थे।
गया शहर के बंगला स्थान के समीप मंदिर के जमीन का अवैध कब्जा व निर्माण कार्य की शिकायत पर सख्त हुए डीएम, सीओ को जांच का आदेश
वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल
ज़िला पदाधिकारी के जनता दरबार कार्यक्रम रद्द (स्थगित) रहने के बावजूद लोग दूर-दराज इलाके से समाहरणालय आ गए थे। ज़िला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने अति व्यस्ततम समय निकालकर आये व्यक्तियों की समस्याओं को सुना एवं उनका समाधान भी किया । जनता दरबार में करीब 100 व्यक्तियों के मामले को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की जांच यथाशीघ्र कराते हुए जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। एक आवेदक ने बताया कि नगर क्षेत्र के बंगला स्थान के समीप मंदिर के जमीन का अवैध कब्जा करते हुए कंस्ट्रक्शन का काम कर रहा है, डीएम ने अंचलाधिकारी नगर को निर्देश दिया कि अविलंब स्पॉट विजिट कर मामले की जांच करे। वहीं आवेदक रंजीत कुमार परैया निवासी ने डीएम को बताया कि पूर्व के राजस्व कर्मचारी द्वारा म्यूटेशन बनाने में एक ही पार्टी की बातें सुनकर आदेश पारित का कार्य करा दिया है परंतु दूसरे पक्ष का बात नहीं सुना गया है। इस पर जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि मामले को तुरंत संज्ञान में लेते हुए जांच करें।
जबकि अंचल कार्यालय अतरी से संबंधित शिकायत एक आवेदक द्वारा किया गया कि अंचल अधिकारी अतरी के प्राइवेट वाहन चालक द्वारा परवाना की जमीन सत्यापित कराने के एवज में पैसा के डिमांड किया गया है। साथ ही बताया गया कि ड्राइवर द्वारा अन्य कई तरह के राजस्व से संबंधित कार्यों में नाजायज तरीके से पैसे की मांग की जाती है। जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी अतरी को निर्देश दिया कि तुरंत संबंधित मामले की जांच करें तथा आवेदक को तुरंत पैसा वापस कराने को कहा। साथ ही 24 घंटे के अंदर प्राइवेट ड्राइवर को हटाने का सख्त निर्देश दिए। आवेदकों के कई मामलों में जिला पदाधिकारी द्वारा जिले के वरीय पदाधिकारी द्वारा मामले को जांच करने का भी जिम्मा दिया गया है।
जनता दरबार में प्रधानमंत्री आवास से संबंधित आए मामलों को जिला पदाधिकारी ने निदेशक डीआरडीए को संबंधित आवेदनों को यथाशीघ्र जांच करते हुए पात्रता रखने वाले व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलवाना सुनिश्चित कराएंगे। जनता दरबार में कई व्यक्तियों ने भूमि विवाद, आपसी बटवारा, अतिक्रमण, जमीन संबंधी दिक्कते आदि से संबंधित आवेदन दिए। उन सभी आवेदन के आलोक में जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष एवं अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अध्यक्षता में थाना स्तर एवं अनुमंडल स्तर पर प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में दोनों पक्षों के व्यक्तियों को बुलाकर संबधित मामलों का तेजी से निराकरण कराने का निर्देश दिए।