Blog

  • चाचा से बकाया पैसा मांगना भतीजी को पड़ा भारी, पति व पुत्री सहित महिला को पीटकर किया जख्मी, एक आरोपी गिरफ्तार

    चाचा से बकाया पैसा मांगना भतीजी को पड़ा भारी, पति व पुत्री सहित महिला को पीटकर किया जख्मी, एक आरोपी गिरफ्तार

    टिकारी संवाददाता: थानाक्षेत्र के आमाकुआं गांव में अपने चाचा से कर्ज के रूप में दिए गये रुपए मांगने पहुंची महिला एवं उसके पति के साथ मारपीट कर जख्मी कर दिया। पीड़ित महिला द्वारा टिकारी थाना में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय को सुपुर्द कर दिया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार शेरघाटी थानाक्षेत्र के चिताबकला गांव के रहने वाले बिरजू यादव के पत्नी सुनीता देवी पिछले चार जून को आमाकुआं स्थित अपने चाचा धनंजय यादव के घर पहुंची और कर्ज में दिए गये रुपए की मांग की। लेकिन रुपया मांगना धनंजय एवं उसके स्वजनों को नगावर लगा और दोनो पक्षो के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं होने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि धनंजय एवं उसके परिवार के सदस्यों ने सुनीता, उसके पति व उसके बच्चे के साथ मारपीट जमकर मारपीट कर दी। जिसमे सुनीता एवं पति बिरजू यादव के साथ उसके सात वर्षीय पुत्री अलका घायल हो गई। जिसके बाद मामले को लेकर सुनीता ने टिकारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी व नगद राशि और सोने के चेन छीने जाने का आरोप लगाया था। मामले को लेकर सुनीता द्वारा अपने चाचा धनंजय यादव, धनंजय का पुत्र विकास कुमार, पत्नी ज्ञानती देवी व ब्रजेश कुमार पर मारपीट व छिनतई करने का आरोप लगाया था।

    सात वर्ष इलाज कराने के नाम पर चाचा ने मांगा था कर्ज

    सुनीता ने बताया कि सात वर्ष उसके चाचा धनंजय यादव व चाची ज्ञानती देवी ने सुनीता के ससुराल पहुंचकर बीमारी के इलाज के नाम पर बतौर कर्ज मांगा था जिसके बाद सुनीता के पति द्वारा कर्ज के रूप में तीस हजार रुपये दिये गये थे। कर्ज देने के बाद सुनीता द्वारा जब भी रकम लौटाने की बात कही जाती थी तब तब चाचा द्वारा टाल मटोल किया जाता रहा। सुनीता ने बताया कि मायके पहुंच जब रकम मांगी गई तो मारपीट की गई। मारपीट में घायल सुनीता के पति का इलाज गया मगध मेडिकल में किया जा रहा है।

  • चाइल्ड हेल्प लाइन ने नाबालिग की रुकवाई शादी,आज ही आने वाली थी बारात

    चाइल्ड हेल्प लाइन ने नाबालिग की रुकवाई शादी,आज ही आने वाली थी बारात

    लड़का और लड़की दोनों घरों में पसरा सन्नटा

    टिकारी संवाददाता: घर मे विवाह के उत्सव का माहौल अपने चरम पर था और महिलाएं शादी की मंगल गीत गाने गा रही थी। घर के पुरुष और ग्रामीण बारात के स्वागत की तैयारी में लगे थे। लेकिन तभी चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम की सूचना पर स्थानीय पदाधिकारियों की ओर से लड़का और लड़की के पिता को थाना में बुलाहट आ गयी। दुल्हन बनने की तैयारी में लगी लड़की और बारात जाने के लिए सजधज रहे लड़का के उम्र का प्रमाण भी साथ लाने को कहा गया। यह खबर सुन घर के सदस्य और ग्रामीण सकते में आ गए। उसके बाद जो हुआ अब तक दोनों पक्षों में किसी ने नही सोंचा था। टिकारी प्रखंड के छठवां गांव की है। आज होने वाली शादी को चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने स्थानीय प्रशासन की मदद से लड़का और लड़की के नाबालिग होने के कारण रोक लगा दी।
    स्थानीय प्रशासन ने दोनो पक्षों को थाना में बैठाकर समझा बुझाकर बालिग होने पर शादी करने के लिए राजी किया। साथ ही उससे पहले शादी करने पर कार्यवाई की सख्त चेतावनी भी दी। प्रखण्ड बाल विवाह प्रतिषेध पदाधिकारी सह प्रखण्ड विकास पदाधिकारी नीरज आनंद थानाध्यक्ष श्रीराम चौधरी, सिमुआर पंचायत के मुखिया प्रभु रजक, छठवा पंचायत के मुखिया योगेंद यादव सहित लड़का और लड़की पक्ष के लोग मौजूद थे।
    छठवां के रहने वाले कमलेश यादव की पुत्री का विवाह सिमुआरा गांव के रहने वाले उरेश नारायण यादव के पुत्र से तय हुई थी। तीन जून को लड़की पक्ष द्वारा लड़का के घर जाकर धूमधाम से तिलक का रस्म भी पूरा कर लिया गया था। लेकिन बारात के दिन किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन गया को नाबालिग जोड़े की शादी होने की गुप्त सूचना दे दी गयी। जिसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम के एक्शन के बाद शादी रुक गयी।

  • चाकंद थाना परिसर में जिला स्तरीय पुलिस पब्लिक मैत्री सद्भावना टूर्नामेंट का किया गया आयोजन

    चाकंद थाना परिसर में जिला स्तरीय पुलिस पब्लिक मैत्री सद्भावना टूर्नामेंट का किया गया आयोजन

    अजीत कुमार ,बेलागंज

    बेलागंज। चाकन्द थाना परिसर में जिला स्तरीय पुलिस पब्लिक मैत्री सदभावना टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ डीएसपी विधि व्यवस्था खुर्शीद आलम ने दीप प्रज्वलित कर किया। मैच में संयुक्त रूप से चाकंद और बेलागंज थाना की पुलिस के साथ रौना की टीम ने भाग लिया।
    इस मौके पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए डीएसपी विधि व्यवस्था खुर्शीद आलम ने कहा कि पुलिस पब्लिक में मैत्री बढ़ाने हेतु इस तरह के मैच का आयोजन थाना स्तर पर पूरे जिला में आयोजित किया जा रहा है। जिससे समाज मे सदभावना बढेगा। डीएसपी ने कहा कि आज वर्तमान समय मे पुलिस के कार्यशैली में काफी बदलाव आया है। पुलिस एवं आम जनता के बीच दूरी कम हुआ है। समाजिक सदभाव हो, अपराध नियंत्रण हो या नक्सल वाद हो। यदि जनता का सहयोग मिलती है तो पुलिस और बेहतर कार्य करेगी। मौके पर बेलागंज अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, चाकंद थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

  • फतेहपुर और वजीरगंज प्रखंड में संचालित अल्ट्रासाउंड एवं जांच घर का सदर एसडीओ ने किया निरीक्षण, जांच केंद्र संचालकों में मचा हड़कंप

    फतेहपुर और वजीरगंज प्रखंड में संचालित अल्ट्रासाउंड एवं जांच घर का सदर एसडीओ ने किया निरीक्षण, जांच केंद्र संचालकों में मचा हड़कंप

    गया जिले के फतेहपुर प्रखंड और वजीरगंज प्रखंड मे संचालित दर्जनों अल्ट्रासाउंड और जांच घर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वजीरगंज प्रखंड अंतर्गत नारायण अल्ट्रासाउंड की जॉच की गयी एवं फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत गौतम अल्ट्रासाउंड, भारत अल्ट्रासाउंड, सौरभ अल्ट्रासाउंड, पल्लवी अल्ट्रासाउंड की जांच की गई। जांच के क्रम में जब फतेहपुर बाजार स्थित ओम साई अल्ट्रासाउंड की जांच की गई तो जांच में पाया गया कि बाहर ओम साईं अल्ट्रासाउंड का बोर्ड लगा हुआ है परन्तु उसके स्थान पर बालाजी अल्ट्रासाउंड का संचालन किया जा रहा था। सदर एसडीओ राजेश कुमार ने बताया की बालाजी अल्ट्रासाउंड के जॉच के क्रम में पाए गए अनियमितता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की आदेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि जांच के क्रम में फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत सौरभ अल्ट्रासाउंड, पल्लवी अल्ट्रासाउंड बंद पाया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जांच के क्रम में बालाजी अल्ट्रासाउंड से जांच के दौरान 77हजार नकद राशि भी बरामद किया गया। हालांकि नगद राशि बरामदगी की पुष्टि आधिकारिक तौर पर नहीं हो सकी है। इस जांच के बाद प्रखंड क्षेत्र में संचालित जांच घर संचालकों में हड़कंप मच गया है।

  • शहर के डेल्हा संगम चौक के इलाके में पेयजल संकट गहराया, डीएम को लिखा पत्र

    शहर के डेल्हा संगम चौक के इलाके में पेयजल संकट गहराया, डीएम को लिखा पत्र

    प्रतीक चित्र

    गया शहर के वार्ड नं 3 अंतर्गत डेल्हा संगम चौक के इर्द गिर्द बसे सैकड़ो घर परिवार में पेयजल संकट काफी गहरा हो गया है। भूगर्भ का जलस्तर काफी नीचे चले जाने के कारण कई घरों के समरसेबल मोटर पंप फेल हो गया है। चापाकल बन्द भी हो गया है। यहां के लोगों का जीना दूभर हो गया है।
    जबकि नल जल योजना के तहत काफी हद तक पाइप लाइन बिछा दिया गया है लेकिन नल जल योजना चालू नही होने से लोगों के घरों तक जलापूर्ति नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों की शिकायत है कि इस कार्य में व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। योजना में तय मानक के अनुसार कार्य नही हो रहे हैं। वही पाइप बिछाने के क्रम में नाली और गलियों को भी तोड़ दिया गया है। जिसकी अबतक मरम्मती भी नहीं हुई है। परिणाम लोगों को आने जाने में भी कठिनाई हो रही है। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने एक आवेदन देकर डीएम का ध्यानाकृष्ट कराया है। लोगों ने जिलाधिकारी और नगर आयुक्त से आग्रह किया है कि इस समस्या का समाधान जनहित में अविलम्ब करवाया जाए। मांग करने वाले लोगों में महेश शर्मा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बिहार भाजपा सह सचिव रास्ट्रीय ब्रह्मर्षि सेवा अभियान, संतोष कुमार, सजंय कुमार, सतीश कुमार, अमित कुमार, अजय कुमार ज़िला अध्यक्ष सहित संतोस कुमार, सतेंद्र शर्मा, अजीत शर्मा, सहेंद्र शर्मा, महेंद्र शर्मा, रविन्द्र कुमार सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।

    रिपोर्ट – वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

  • पटना-गया ट्रेन के एक कोच में महिला की मौत, रेल पुलिस जांच में जुटी

    पटना-गया ट्रेन के एक कोच में महिला की मौत, रेल पुलिस जांच में जुटी

    पटना-गया स्पेशल ट्रेन के एक कोच से गया रेल थाना की पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया है। जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। रेल थानाध्यक्ष एस के द्विवेदी ने बताया कि रेल थाना को सूचना मिली कि गया जंक्शन के वाशिंग पिट लाइन पर मेंटेनेन्स के लिए गया 03613 पटना-गया ट्रेन के एक कोच के शौचालय के पास महिला का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद रेल थाना के सब इंस्पेक्टर मजीद आलम को घटना की जांच के लिए पिट लाइन भेजा गया। उन्होंने बताया कि गया रेलवे स्टेशन के एनसीसी पीट-1 गाड़ी संख्या 03613 के कोच संख्या 135090 के शौचालय के पास एक अज्ञात महिला जिसकी उम्र लगभग 70 वर्ष की मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में रेल थाना गया यूडी कांड पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई की गई। जिसकी जांच एसआई मजीद आलम कर रहे हैं।

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

  • बड़े शहरों की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों का औचक निरीक्षण कर बाल श्रमिकों को विमुक्त कराया जायेगा

    बड़े शहरों की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों का औचक निरीक्षण कर बाल श्रमिकों को विमुक्त कराया जायेगा

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    पीपुल फर्स्ट के सहयोग से संचालित चाइल्ड लाइन गया,रेलवे चाइल्ड लाइन गया,श्रम विभाग गया ,श्रम संसाधन विभाग ,बिहार सरकार द्वारा बाल निषेध दिवस के अवसर पर गया रेलवे स्टेशन पर NCPCR भारत सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में बालश्रम उन्मूलन एव पूर्णवास हेतु एक अभियान प्रारंभ किया गया। इस संबंध में चाइल्ड लाइन के निदेशक दीपक कुमार ने बताया कि यह अभियान दिनांक 1 जून 2023 से 30 जून 2023 तक चलेगा। इस दौरान दिल्ली ,राजस्थान,मुंबई एव अन्य शहरों की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों का औचक निरीक्षण कर बाल श्रमिकों को विमुक्त कराया जायेगा। उनके पूर्णवास की व्यवसथा सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि बाल श्रम की रोकथाम के बारे में लोगों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करने की आवश्यकता है। इस अभियान को सफल बनाने में श्रम नोडल पदाधिकारी मनोज कुमार ,चाइल्ड लाइन की समन्वयक अपराजिता आजाद, रेलवे चाइल्ड लाइन के समन्वयक विकास कुमार, प्रयास संस्था से गौतम कुमार एव अन्य कर्मी भी शामिल हैं।

  • बिग ब्रेकिंग:गया के मेयर को राज्य निर्वाचन आयोग ने भेजा नोटिस, 11 जुलाई को अभिलेख के साथ उपस्थित होने का निर्देश

    बिग ब्रेकिंग:गया के मेयर को राज्य निर्वाचन आयोग ने भेजा नोटिस, 11 जुलाई को अभिलेख के साथ उपस्थित होने का निर्देश

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    गया नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान को राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से एक नोटिस भेजा गया है। जिसमें उन्हें 11 जुलाई को अभिलेख/दस्तावेज के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। आयोग ने कहा है कि या तो वे स्वयं या किसी अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित हो सकते हैं। आयोग ने कहा है कि दो में से कोई एक ही उपस्थित हो सकते हैं। मामला मेयर प्रत्याशी रहे पूर्व विधायक श्यामदेव पासवान द्वारा आयोग से की गई शिकायत से संबंधित है। श्यामदेव पासवान की लिखित शिकायत पर आयोग ने वाद संख्या 39/2023 श्यामदेव पासवान बनाम बीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान दर्ज कर लिया है। आयोग के विशेष कार्य पदाधिकारी( ओएसडी) की ओर से 6 जून को यह नोटिस जारी किया गया है।

    जानें क्या कहा था पूर्व विधायक डॉ. श्यामदेव पासवान

    बता दें कि पिछले दिनों पूर्व विधायक डॉ श्यामदेव पासवान ने शहर के एक निजी होटल में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर मेयर की जाति पर सवाल उठाया था। जिसमें उन्होंने कहा है कि मेयर जिस जाति के प्रमाण पत्र पर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित श्रेणी के पद(मेयर) के लिए चुनाव लड़े थे, उस जाति प्रमाण पत्र में उल्लेख की गई जाति से वे नहीं आते हैं। पूर्व विधायक अपनी शिकायत गया के जिला पदाधिकारी से भी की थी। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग में भी एक परिवाद दायर करने की बात प्रेस कांफ्रेंस में कही थी।

    आयोग में सुनवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई

    अब राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से दायर वाद संख्या 39/23 के इसी मामले में सुनवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए आयोग की ओर से मेयर बीरेन्द्र कुमार उर्फ गणेश पासवान को नोटिस भेजकर 11 जुलाई को श्यामदेव पासवान द्वारा समर्पित अभिलेख/दस्तावेज के आधार पर अपना पक्ष रखने का मौका दिया है।

    आयोग ने यह भी अपने निर्देश में कहा है

    आयोग ने यह भी नोटिस में उल्लेख किया है कि यदि मेयर अपना पक्ष रखने के लिए निर्धारित तिथि को उपस्थित नहीं होते हैं तो आयोग के पास उपलब्ध कागजातों/अभिलेखों के आधार पर इस मामले में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

    बीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, मेयर, गया नगर निगम, गया
    नोटिस:अबतक अप्राप्त है, मिलता है तो पूरे साक्ष्य के साथ उपस्थित रहूंगा

    इधर, गया नगर निगम के मेयर बीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान से इस संबंध में उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क स्थापित किया गया तो उन्होंने बताया राज्य निर्वाचन आयोग से जारी हालिया नोटिस/निर्देश अप्राप्त है। यदि प्राप्त होता है तो साक्ष्य के साथ पेश होऊंगा। उन्होंने कहा कि इसके पहले भी दो बार इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई गई थी, दोनों बार उन्हें क्लीन चिट दे दिया गया है।

  • दहेज हत्या का आरोपी को टिकारी पुलिस ने किया गिरफ्तार

    दहेज हत्या का आरोपी को टिकारी पुलिस ने किया गिरफ्तार


    टिकारी संवाददाता: टिकारी थाना की पुलिस ने दहेज हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। टिकारी थानाध्यक्ष श्रीराम चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 21 मार्च को टिकारी थाना में बेलागंज अंतर्गत कादिरपुर के रहने वाले सुरेश यादव ने अपनी पुत्री की हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के कई लोगो को नामजद आरोपी बनाया था। जिसमे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टिकारी थाना कांड संख्या 190/ 23 में धारा 304 ,(बी) के नामजद अभियुक्त सुनील कुमार यादव को गोह थानाक्षेत्र के घाटो गांव से गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

  • बालक वर्ग में गया और बालिका वर्ग में मुजफ्फरपुर बना राज्यस्तरीय बास्केटबॉल चैंपियन

    बालक वर्ग में गया और बालिका वर्ग में मुजफ्फरपुर बना राज्यस्तरीय बास्केटबॉल चैंपियन

    डीएसपी ने अतिथियों के साथ किया ट्रॉफी वितरण

    टिकारी संवाददाता: शहर के प्रतिष्ठित ज्ञान भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल परिसर में पहली बार आयोजित राज्यस्तरीय दसवीं बिहार स्टेट बास्केटबाल चैंपियनशिप का समापन ट्रॉफी वितरण के साथ हुआ। चार दिवसीय इस खेल महोत्सव के अंत में बालक वर्ग में गया ने चैंपियनशिप का ट्राफी अपने नाम किया। जबकि बालिका वर्ग मे मुजफ्फरपुर ने ट्रॉफी अपने नाम करने में सफल रही। मंगलवार की सुबह बालक वर्ग का फाइनल मैच गया और मुजफ्फरपुर टीम के बीच खेला गया। जिसमें कड़ी प्रतिस्पर्धा में गया की टीम ने 28-25 से मुजफ्फरपुर को मात दी। जबकि बालिका वर्ग में मुजफ्फरपुर ने जहानाबाद को 18-10 से हराकर जीत दर्ज की। इससे पूर्व खेले गए बालिका वर्ग में गया और जहानाबाद के बीच खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में जहानाबाद ने गया के टीम को हराकर फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की की। जबकि मुजफ्फरपुर ने सारण को हरा कर फाइनल में पहुंची। वही बालक वर्ग का सेमीफाइनल गया और जहानाबाद के बीच खेला गया। जिसमे गया ने जहानाबाद को 52-40 से पराजित कर फाइनल के लिए जगह पक्की की। जबकि चैंपियनशिप में दूसरे सेमीफाइनल का रोमांचक मुकाबला मुजफ्फरपुर और सारण के बीच खेला गया। जिसमें मुजफ्फरपुर ने दांतो काटी मुकाबला में 58-56 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की I वही तीसरे स्थान के लिए सारण ने जहानाबाद को हरा कर जीत हासिल कीI

    एसोशिएशन के सचिव स्कूल प्रशासन की तारीफ

    खेल प्रतिस्पर्धा के बाद आयोजित ट्रॉफी वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें समापन समारोह के मुख्य अतिथि डीएसपी गुलशन कुमार, स्कूल के प्राचार्य राकेश कुमार, ज्ञान भारती बोधगया के प्राचार्य राजीव कुमार और आरडी पब्लिक स्कूल के निदेशक विक्रमादित्य सिंह द्वारा संयुक्त रूप से विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डीएसपी ने कहा कि खेल समागम में सभी जिलों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। विजेता और उप विजेता टीम के साथ सभी खिलाड़ी बधाई के पात्र हैं। खेल प्रतिस्पर्धा में जीत-हार उसकी खूबसूरती है। वंही बिहार बास्केटबॉल के सचिव सुशील कुमार ने राज्यस्तरीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2023 के सफल आयोजन के लिए ज्ञान भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक रोमित कुमार और उनकी प्रशासनिक टीम के प्रति आभार प्रकट करते हुए बधाई दी। इस अवसर पर सचिव द्वारा एशोसिएशन की ओर से चैंपियनशिप को सफल बनाने में अहम योगदान करने वाले ज्ञान भारती के सभी कर्मियों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि आप सभी के बिना इतना बड़ा आयोजन टिकारी जैसे शहर में संभव नहीं था। ट्रॉफी वितरण समारोह में एशोसिएशन के गया जिला सचिव सरवर अली, संतोष कुमार, आशुतोष कुमार, रंजन कुमार, नीतीश कुमार, संतोष कुमार, देवराजन कुमार सिन्हा, नागेंद्र कुमार सिंह, राहुल कुमार, पंकज मिश्रा सहित शहर के गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी आदि उपस्थित थे।