Blog

  • बर्थ डे पार्टी में बदमाशों ने चलाई गोलियां, एक ही परिवार के कई लोग घायल

    बर्थ डे पार्टी में बदमाशों ने चलाई गोलियां, एक ही परिवार के कई लोग घायल

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    गया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में बीती रात बर्थ डे पार्टी में बदमाशों ने डांस करने को लेकर हुए विवाद में जमकर गोलियां चलाई। गोलीबारी में एक महिला और लड़के को गोली लगी है। महिला ऋतु गुप्ता के जबड़े में और 8 वर्षीय बिट्‌टू गुप्ता के दाहिने हाथ में गोली लगी है। महिला को जो गोली लगी है वह जबड़े से होते हुए सिर को भेदते हुए निकल गई है। इसके अलावा तीन अन्य लोग जख्मी हैं। सभी का इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना पर वजीरगंज डीएसपी अस्पताल पहुंच कर जख्मी लोगों से मिल कर घटना की जानकारी ली है।

    विज्ञापन

    सुरेश गुप्ता ने बताया कि उनके एक वर्षीय पोते का बर्थ डे पार्टी गांव में ही मनाया जा रहा है। बर्थ डे पार्टी में घर के बाहर डीजे का प्रोग्राम था। पार्टी चल ही रही थी कि चंदन यादव अपने 20-25 साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और पिस्टल व कट्‌टा लेकर डांस करने लगा। इस बात का विरोध किया गया तो वे मारपीट करने लगे। यही नहीं गोलियां भी चलाने लगे। घर में घुस कर बेटी बहन बहू के साथ अभद्रता करने लगे। इसी बीच एक गोली बहू ऋतु गुप्ता को लगी तो दूसरी गोली नाती बिट्‌टू को लग गई। ऋतु गुप्ता के बेटे का ही जन्म दिन मनाया जा रहा था। गोली लगते ही बिट्‌टू और ऋतु जमीन पर गिर पड़े। यह देखते ही चंदन यादव और उसके साथी गोली चलाते हुए मौके से भाग गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। सुरेश यादव ने बताया कि हमलोग कमजोर वर्ग से हैं। चंदन यादव दबंग है। वह अक्सर गांव में रहने वाले किसी न किसी के साथ इस तरह की घटना को अंजाम देता रहता है। बीते दिनों भी उसने एक माली समाज के परिवार के साथ जानलेवा घटना को अंजाम दिया था। इधर थानाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद ने कहा कि पूरी घटना पर नजर बनाए हुए हैं। हर्ष फायरिंग में घटना हुई है। पुलिस अपनी ओर से पड़ताल कर रही है। फिलहाल पीड़ित परिवार जख्मी है मगध मेडिकल में भर्ती है। आवेदन मिलते ही केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थाने का एक दारोगा पीड़ित परिवार से बयान ले रहा है।  
     

  • तस्करी के लिए ले जाए जा रहे तीन पिकअप वैन पर लदे दर्जनों गौवंश को पुलिस ने किया बरामद , तीन तस्कर भी गिरफ्तार

    तस्करी के लिए ले जाए जा रहे तीन पिकअप वैन पर लदे दर्जनों गौवंश को पुलिस ने किया बरामद , तीन तस्कर भी गिरफ्तार

    अजीत कुमार,बेलागंज

    बेलागंज बजार के टीकारी मोड़ के समीप स्थानीय युवाओं के तत्परता से स्थानीय थाना की पुलिस ने तस्करी के लिए कोलकाता जा रही तीन पिकअप भान पर लदे एक दर्जन से अधिक गाय बरामद किया है। घटना सोमवार की देर शाम की है। बेलागंज मुख्य बाजार के टिकारी मोड़ के समीप तीन पिकअप वैन खड़ा था। जिस पर युवाओं को अवैध रूप से गोवंश तस्करी का संदेह हुआ। जिसके बाद मौके पर पहुंच कुछ युवाओं ने पिकअप चालक से सवाल जवाब किया तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। स्थानीय युवाओं ने तीनों पिकअप वैन को अपने कब्जे में लेकर स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंच पुलिस ने तीनों पिकअप को जब्त करते हुए चालकों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों के सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब वाहन चालकों से जानकारी प्राप्त करना चाहा तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला और जानवरों के खरीद बिक्री के कोई कागजात भी नही उपलब्ध कराया गया। जिसके बाद जानवरों सहित पिकअप वैन को जब्त कर थाना ले आई। जहां सख्ती से पूछताछ के दौरान चालक ने बताया कि जानवरों को कोलकाता के किसी शहर में ले जाना है। गिरफ्तार पिकअप चालक अजय यादव, पिता तेतर यादव, ग्राम पिंजरामा, जिला अरवल। चन्दन कुमार, पिता जितेंद्र यादव, ग्राम इब्राहिमपुर, जिला अरवल। शिव कुमार, पिता रमाकांत यादव, ग्राम कुरकुरी, थाना किंजर, जिला अरवल के रहने वाले हैं। तीनों के ऊपर पशु तस्करी के विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया।

  • बेलागंज पुलिस ने हत्या के मामले में फरार अपराधी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

    बेलागंज पुलिस ने हत्या के मामले में फरार अपराधी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

    रिपोर्ट – अजीत कुमार, बेलागंज

    बेलागंज पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे अपराधी को नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मुरगांव से गिरफ्तार किया है। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2015 में बेलागंज थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव ने एक वृद्ध की हत्या लाठी डंडे से पीट पीटकर कर दिया गया था। जिसे लेकर मृतक की बेटी रंजू पासवान ने अजीत पासवान पिता विजय पासवान, ग्राम मुरगांव, थाना इस्लामपुर, जिला नालंदा को सहित सोलह लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना को लेकर बेलागंज थाना में कांड संख्या 52/15 दर्ज किया गया था। घटना का आरोपी पिछले कई वर्षों से फरार चल रहा था। जिसे सोमवार की शाम उसके पैतृक गांव नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मुरगांव से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं अन्य अभियुक्तों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में लगी है।

  • तीन वर्षो से फरार हत्या के आरोपी के घर की गई कुर्की जब्ती

    तीन वर्षो से फरार हत्या के आरोपी के घर की गई कुर्की जब्ती

    अतरी थाना क्षेत्र मोहड़ा प्रखंड के गेहुनी गांव में सोमवार को अतरी थाना के पुलिस के द्वारा हत्या के आरोपी के कारू राजवंशी एवं उसका पुत्र सुरेश राजवंशी के घर कुर्की जब्ती की गई। इसकी जानकारी देते हुए अतरी थाना अध्यक्ष दिवाकर कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि 2020 में गेहुनी गांव में जमीनी विवाद को लेकर रामचंद्र राजवंशी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पुत्र मुकेश राजवंशी के द्वारा 4 लोगों के विरुद्ध हत्या करने का आरोप लगाया गया था। जिसके बाद दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। दो आरोपी कारू राजवंशी और सुरेश रजवंशी दोनों पिता और पुत्र हैं । दोनो तीन वर्ष से फरार चल रहे हैं।एक माह पूर्व इनके घर पर इश्तेहार चिपकाया गया था। उसके बाद भी हाजिर नहीं हुआ था जिसके बाद कोर्ट के निर्देश पर सोमवार को उनके घर की कुर्की जब्ती की गई।

  • भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को फतेहपुर थाने की पुलिस ने किया गिरफ्तार

    भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को फतेहपुर थाने की पुलिस ने किया गिरफ्तार

    फतेहपुर थाना क्षेत्र के हरदात बीघा मोड़ के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब समेत एक बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। अपर थाना प्रभारी सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि इंपीरियल ब्लू ब्रांड के 750 ml का 12 बोतल और 375 ml के 20 बोतल, गॉड फादर बीयर 500 ml के 21 बोतल कुल मिलाकर 27 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक बाइक समेत एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार तस्कर रंजीत कुमार उम्र 29वर्ष पिता स्वर्गीय चांदो यादव ग्राम मेयारी थाना फतेहपुर का रहने वाला है।

    रिपोर्ट – मनोज कुमार , फतेहपुर

  • पोखरण दिवस पर एनसीसी कैडेटों ने टिकारी में किया मार्च पास

    पोखरण दिवस पर एनसीसी कैडेटों ने टिकारी में किया मार्च पास

    टिकारी संवाददाता: पोखरण परमाणु परीक्षण के 25 वें वर्षगांठ पर राज स्कूल के एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र छात्राओं ने टिकारी शहर के मुख्य मार्ग पर मार्च पास किया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स हांथ में तिरंगा लिए डंका, लिजियम आदि वाद्ययंत्रों के साथ पूरे शहर में भ्रमण किया। मार्च में शामिल स्कूली छात्रों ने भारत की शान, बुद्ध की मुस्कान के साथ देश भक्ति नारा गुंजायमान कर रहे थे। इससे पूर्व स्कूल के प्रभारी प्राचार्य डा. मो॰ कलीमुद्दीन अंसारी ने हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया। मार्च समापन के बाद एएनओ सह शिक्षक चंदन कुमार के नेतृत्व में स्कूल सभागार में पोखरण दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें चंदन एवं शिक्षक राहुल सिन्हा आदि ने बच्चों को पोखरण 2 के बारे में बिस्तार पुर्वक जानकारी दी। उक्त कार्यक्रम एनसीसी 27 बिहार बटालियन के कमांडेंट वी कृष्णा के निर्देश पर आयोजित किया गया था। मौके पर शिक्षक मोहन कुमार कैडेट रजनीश, सनत, सिद्धांत, सोनू, सुरज के साथ राजा, अनु, डौली, मुस्कान आदि छात्र-छात्र मौजूद थे।

  • टिकारी मे वाहनो की जांच से मचा हड़कंप, पकड़े गए 21 वाहनो पर 1लाख 82 हजार का जुर्माना

    टिकारी मे वाहनो की जांच से मचा हड़कंप, पकड़े गए 21 वाहनो पर 1लाख 82 हजार का जुर्माना

    टिकारी संवाददाता: एसडीओ के पहल पर परिवहन विभाग की टीम ने स्थानीय प्रशासन के साथ शनिवार को वाहनो का टिकारी में औचक जांच किया। जिसमें सरकारी बस सहित छोटी-बड़ी 21 वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनो पर परिवहन विभाग ने 1 लाख 82 हजार रुपया का जुर्माना लगाया है। टिकारी में पहली बार वाहनो के जांच की कार्रवाई के बाद भाड़े के वाहन संचालकों एवं चालकों में हड़कंप मच गया। इस अभियान में मोटर यान निरीक्षक अजय कुमार, एसडीओ करिश्मा, प्रशिक्षु आईएएस आकाश चौधरी, एसडीपीओ गुलशन कुमार, टिकारी एसएचओ श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में बेलहड़िया मोड़ से बस स्टैंड पर वाहनों की सघन जांच की गई। जिसमे बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की एक यात्री बस, तीन निजी यात्री बस, एक पिकअप गाड़ी एवं 16 आटो को पकड़ा गया।

    अधिकांश वाहन नो पार्किंग जोन में खड़ा करने, गाड़ी का कागजात नही दिखाने और सड़क पर अवैध परिचालन करने के कारण पकड़े गए हैं। टिकारी थाना की पुलिस के सहयोग से सभी वाहनों को जब्त कर थाना लाया गया। जहां दस्तावेज की जांच कर वाहन पर जुर्माना लगाया गया है। बस मालिको पर अवैध पार्किंग के आरोप में पांच-पांच सौ रुपया जुर्माना लगाया गया। जबकि जब्त अधिकांश आटो एवं पिकअप का आवश्यक कागजात नही दिखाने के कारण 22 से 27 हजार जुर्माना का चालान काटा गया है। मोटर यान निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि लगातार शिकायत मिलने पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से जांच अभियान चलाया गया। अब यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी हाल में वाहन मालिकों व वाहन चालकों को नियम का पालन करना होगा।

  • कर्नाटक में कांग्रेस की प्रचंड जीत पर टिकारी में कांग्रेस और महागठबंधन कार्यकर्ताओं में जश्न

    कर्नाटक में कांग्रेस की प्रचंड जीत पर टिकारी में कांग्रेस और महागठबंधन कार्यकर्ताओं में जश्न

    जीत की खुशी में मिठाई बांटते कार्यकर्ता

    टिकारी संवाददाता: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली भारी जीत के बाद प्रखंड कांग्रेस कमिटी एवं राजद कार्यकर्ताओं ने खुशी की लहर दौड़ गई। चुनाव परिणाम में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलते ही कार्यकर्ता मिठाई बांटना शुरू कर दिए। कमिटी के प्रखण्ड अध्यक्ष नाथुन पासवान ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस को बहुमत देकर यह साबित कर दिया कि देश में साम्प्रदायिक एवं विघटनकारी तत्वों का नाश होना प्रारंभ हो गया है। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई। जीत पर बधाई देने वालों में पूर्व जिला पार्षद सत्येंद्र नारायण सिंह, बृजमोहन शर्मा, मिथिलेश सिंह कई लोग शामिल है। वंही टिकारी डाक बंगला में महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी मनाई। मौके पर मौजूद जिला परिषद सदस्य सुरेश प्रसाद यादव, जिला परिषद प्रतिनिधि राजीव शर्मा, प्रखंड राजद अध्यक्ष बंटी यादव, अरुण कुमार आदि ने कहा कि भाजपा के अहंकार और फुट डालो राज करो नीति की हार हुई है।

  • समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम कार्यालय और पम्पिंग केंद्र का लोगों ने किया घेराव

    समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम कार्यालय और पम्पिंग केंद्र का लोगों ने किया घेराव

    समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम कार्यालय और पम्पिंग केंद्र का लोगों ने किया घेराव

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    वार्ड नंबर 34 में भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या, वार्ड की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाईट सहित अन्य समस्याओं को लेकर वार्ड के प्रतिनिधि ओम यादव के नेतृत्व में गया नगर निगम कार्यालय का घेराव किया गया। जिसमें महिलाओं ने बढ़- चढ़ कर हिस्सा लिया। इस कड़कती धूप में जन प्रतिनिधि ओम यादव के साथ बड़ी संख्या में वार्ड की जनता पैदल चल कर नगर निगम पहुंची और नगर आयुक्त का घेराव किया गया। ओम यादव ने कहा कि पानी, वार्ड की साफ-सफाई और स्ट्रीट लाईट की समस्या को लेकर पिछले 5 महीनों से कई बार नगर आयुक्त और संबंधित नोडल पदाधिकारी को आवेदन दिया गया लेकिन उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। नगर निगम में चुनाव होने के 5 महीने बीत जाने के बावजूद वार्ड में अभी तक कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। इस भीषण गर्मी में वार्ड नंबर 34 की जनता पानी के अभाव में त्रस्त है और नगर निगम के पदाधिकारी मस्त है। इसी बीच कार्यपालक अभियंता प्रदीप कुमार झा से बात हुई और उन्होंने वार्ड नंबर 34 में पानी की समस्या को जल्द से जल्द दूर करने का आश्वासन दिया।

    इधर वार्ड नं 07 की जनता ने पानी की मांग को लेकर पंचायती अखाड़ा पम्पिंग केंद्र पर हमला बोल दिया। यहां पहुंचे लोग पानी की मांग करते हुए नगर निगम के खिलाफ नारे लगाए। वार्ड पार्षद चुन्नू खान ने बताया कि लोग इतने उग्र थे कि पम्पिंग केंद्र पर कार्यरत रहे कर्मचारियों को मारने पर उतारू हो गए थे लेकिन किसी तरह ऐसा करने से बचा लिया गया। वहीं वार्ड नं 04 की पार्षद अनुपमा कुमारी ने बताया कि कुछ दिनों से वार्ड नं 04 और 06 की प्यासी जनता पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में निगम कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना दिया गया था, बुडको के द्वारा आश्वासन दिया गया था कि रामशिला स्थित वाटर टैंक से जलापूर्ति करा दिया जाएगा, लेकिन समस्या यथावत बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इन्ही बातों को लेकर 15 मई को निगम कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन करने जा रही हूं। इससे भी समस्याओं का हल नहीं निकला तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

  • रेल कौशल विकास योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित 66 प्रशिक्षणार्थियों को दिया गया प्रमाण पत्र

    रेल कौशल विकास योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित 66 प्रशिक्षणार्थियों को दिया गया प्रमाण पत्र

    पूर्व मध्य रेल द्वारा ‘रेल कौशल विकास योजना‘ के अन्तर्गत युवाओं को उद्योग आधारित प्रशिक्षण प्रदान कर कुशल एवं रोजगार के लिए सक्षम बनाने के प्रयास के तहत युवाओं को दिनांक 06.04.2023 से 02.05.2023 तक पर्यवेक्षक प्रशिक्षण केंद्र एवं यांत्रिक कारखाना/समस्तीपुर, सवारी डिब्बा मरम्मत कारखाना/हरनौत तथा इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन प्रशिक्षण केंद्र/पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 19वें बैच तथा सिगनल एवं दूरसंचार प्रशिक्षण केंद्र/दानापुर में 17वें बैच के रूप में प्रशिक्षण दिया गया । प्रशिक्षणोंपरांत कुल 66 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया तथा उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गयी । इस योजना के तहत पूर्व मध्य रेल के इन प्रशिक्षण केंद्रों द्वारा अब तक कुल 1410 युवाओं को प्रशिक्षण के उपरांत प्रमाण पत्र प्रदान किया जा चुका है ।

    पर्यवेक्षक प्रशिक्षण केन्द्र तथा यॉंत्रिक कारखाना समस्तीपुर में 19वें बैच को फिटर ट्रेड में प्रशिक्षण केे उपरांत सुयोग्य एवं उतीर्ण 24 युवकों को प्रमाण पत्र दिया गया। इस दौरान उन्हें विभिन्न प्रकार के माप, कटिंग, फाइलिंग, ड्रिलिंग, चुड़ी कटिंग इत्यादि कार्य का प्रशिक्षण दिया गया।

    इसी क्रम में सवारी डिब्बा मरम्मत कारखाना, हरनौत में 19वें बैच के रूप में प्रशिक्षण के उपरांत सुयोग्य एवं उत्तीर्ण 13 युवकों को बेल्डर ट्रेड में तथा 11 युवकों को मशीनिष्ट ट्रेड में प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया । बेल्डर ट्रेड में आर्क वेल्डिंग, स्टेबिलीटी, फॉर्मेशन ऑफ वेल्डिंग वेड, बट ज्वाइंट, टी ज्वाइंट, गैस कटिंग, फाइलिंग और ग्रिडिंग इत्यादि तथा मशीनिष्ट ट्रेड में लेथ पर कार्य करने, थ्रिंडिग, ड्रिलिंग, फेसिंग, टर्निंग, चैम्फरिंग और मशीनिंग मेजरमेंट कार्य का प्रशिक्षण दिया गया।

    पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के विद्युत कर्षण प्रशिक्षण केंद्र में 19वें बैच में प्रशिक्षण के उपरांत सुयोग्य एवं उत्तीर्ण 08 युवकों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया । प्रशिक्षण के दौरान इन्हें विद्युत आयरन, विद्युत हीटर,स्टेयर केस वायरिंग, सीलिंग फैन, विद्युत बोर्ड बनाना एवं कनेक्शन करना, विभिन्न उपकरणों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। सिगनल एवं दूरसंचार प्रशिक्षण केंद्र, दानापुर में 17वें बैच के 10 युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया । इस दौरान उन्हें डायोड, ट्रांजिस्टर, आईसी, पावर सप्लाई, सोल्डिंग, मल्टीमीटर ट्रांसफार्मर के उपयोग एवं मरम्मत इत्यादि कार्य का प्रशिक्षण दिया गया ।

    प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण पूरा होने पर काफी संतोष व्यक्त किया । उन्होंने ज्ञानवर्द्धन और आत्मविश्वास को बढ़ाने में इस प्रशिक्षण को काफी उपयोगी पाया ।

    आवेदक https://railkvy.indianrailways.gov.in पर विजिट कर ट्रेड से जुड़ी समस्त जानकारी, प्रशिक्षण संस्थान का विवरण, ऑनलाइन आवेदन पत्र सहित अन्य सभी सूचनाएं आसानीपूर्वक प्राप्त कर सकते हैं ।
    इस पहल का मूल उद्देश्य युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में गुणात्मक सुधार लाने के लिए प्रशिक्षण कौशल प्रदान करना है । यह कौशल युवाओं की रोजगार क्षमता में सुधार और उसे उन्नत करेगा । साथ ही युवाओं के रोजगार क्षमता में सुधार तथा स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं के कौशल को भी उन्नत करेगा । रेल कौशल विकास योजना कार्यक्रम के लिए प्रशिक्षुओं का चयन खुले विज्ञापन और पारदर्शी शॉर्ट-लिस्टिंग तंत्र के माध्यम से किया जाता है। प्रशिक्षण के बाद, सभी प्रशिक्षुओं का एक मानकीकृत मूल्यांकन किया जाता है और सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाता है।