गया नगर निगम के दो वार्ड में उपचुनाव की तिथि की घोषणा के साथ आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। ऐसे में इसका पालन करने के लिए निर्वाचन आयोग के द्वारा कई तरह के गाइडलाइंस जारी किए गए हैं। आम आदमी चुनाव की चर्चा करे तो कोई बात नहीं। लेकिन यहां तो नगर निगम कार्यालय में पदस्थापित कर्मचारी ही चुनाव को लेकर ड्यूटी के दौरान चर्चा करते सुने गए हैं। जिस पर नगर आयुक्त ने संबंधित कर्मचारी को कड़ी फटकार लगाते हुए कर्मचारी के विरुद्ध एक पत्र जारी करते हुए कड़ी फटकार लगाई है। दरअसल, नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा को उपमहापौर चिंता देवी एवं कुछ पार्षदों ने आवेदन देकर बताया था कि नगर निगम के सहायक (आवास योजना शाखा) के पद पर कार्यरत निशांत कुमार कार्यालय में रहकर ड्यूटी के दौरान चुनाव प्रचार करते रहते हैं। नगर आयुक्त ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक निशांत को कहा कि वार्ड नं 15 एवं 26 में पार्षद पद के लिए उपचुनाव होना है और आदर्श आचार संहिता लागू/प्रभावी है। एक सरकारी सेवक को कोई ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए जिससे आदर्श आचार संहिता को प्रभावित करे। नगर आयुक्त ने कहा है सहायक श्री कुमार द्वारा कार्यालय में कही गई बातें आचार संहिता के उल्लंघन का मामला हो सकता है। नगर आयुक्त ने सहायक निशांत कुमार से तीन दिनों के अंदर इस संबंध में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।
फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर से बाइक का डिक्की तोड़कर रूपये चुराने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे फतेहपुर के मुख्य बाजार स्थित आरोही स्वीट्स के समीप से एक बाइक का डिक्की तोड़कर उसमें रखे करीब एक लाख रुपए को उच्चको ने उड़ा लिया। मिली जानकारी के अनुसार टनकुप्पा थाना क्षेत्र के पुनौल गांव निवासी अनिल सिंह , झंडा चौक स्थित एसबीआई बैंक से पैसे निकाल कर लौट रहा था इस दौरान अपनी बाइक आरोही स्वीट्स रेस्टुरेंट के आगे लगाकर मिठाई खरीदने लगा तभी चोर ने डिक्की तोड़कर उसमें रखे रुपए लेकर फरार हो गया। जिसके बाद घटना की सूचना फतेहपुर थाने की पुलिस को दी गई है। एसबीआई बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद एक संदिग्ध व्यक्ति दिख रहा है उक्त व्यक्ति रेस्टुरेंट के पास भी देखा गया है। अपर थाना प्रभारी सत्यनारायण शर्मा ने बताया की पुलिस मामले की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अपराधी जल्द ही पुलिस के गिरफ्त में होगी।
गया RPF पोस्ट और गया रेल थाना के अधिकारी एवं बल की एक टीम ने यात्रियों के सामान चुराने वाले एक गिरोह को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। गिरफ्तार गिरोह के सदस्यों के पास से यात्रियों के चुराए गए सोने के चेन और एंड्रॉयड स्मार्टफोन के साथ नकद राशि भी बरामद किया गया है। ये सभी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं, जो गया के एक होटल में रहकर कांडों को अंजाम दे रहे थे। आरपीएफ और रेल पुलिस के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से मीडिया को बताया कि टीम द्वारा गया रेलवे स्टेशन पर अपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है, इसी क्रम में सोमवार को एक व्यक्ति नाम आशीष दत्ता पाइक उम्र करीब 42 वर्ष पेसर मंटू दत्ता पाइक, साकीन कुमरसा, थाना कैनिग, जिला दक्षिण 24 परगना (पश्चिम बंगाल) को गाड़ी संख्या 13305 धनबाद – डेहरी ऑन सोन इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री के गले से चोरित कर प्राप्त किया हुआ 01 अदद सोने का चैन, वजन करीब 09.430 gms, 01 अदद लोहे का कटर तथा एक अदद सैमसंग कंपनी का एंड्राइड मोबाइल फोन को बरामद व जप्त किया गया।
गिरफ्तार आशीष के निशानदेही के आधार पर गया शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत स्थित होटल अतिथि के कमरा संख्या 1201 में छापामारी कर गिरोह में शामिल अन्य 07 अभियुक्त को दबोच लिया गया। जिनके नाम क्रमशः (1) एनुल गायन उम्र 18 वर्ष पेसर हौबी गायन, सकीन सुंदरवन थाना कैनिंग(2) शाकिद शेख उम्र 18 वर्ष पेसर जमाल शेख, साकिन झोड़ कासी, थाना कैनिंग (3) पॉल मंडल उम्र 19 वर्ष पेसर तापस मंडल, साकिन रामबगानी, थाना कैनिंग (4) तारक चंद्र माझी उम्र 25 वर्ष पेसर सतीश मांझी, साकिन मसेया, थाना मिनखा (5) सलाउद्दीन सरदान उम्र 27 वर्ष पेसर करीमुद्दीन सरदान, सकीन बयारपिट, थाना कैनिंग (6) रेबिवुल सरदान उम्र 38 वर्ष पेसर खालिक सरदान, साकिन बरईपुर, थाना बरईपुर,(7) आनंद खटुआ उम्र 19 वर्ष पेसर मानिक खटुआ, साकिन राम बगानी थाना कैनीग, सभी जिला दक्षिण 24 परगना (पश्चिम बंगाल) को अन्य चोरी गले में प्रयोग किया हुआ सोने का चैन कुल वजन 36.990 gms, 04 अदद एंड्राइड मोबाइल एवं दो अदद कीपैड मोबाइल फोन के साथ ( कुल अनुमानित मूल्य 2,40,950/- रुपए ) गिरफ्तार किया गया। सभी ने जप्त व चोरित सामानों के बाबत स्पष्ट रूप से स्वीकार किया कि विभिन्न ट्रेनों के यात्रियों से चोरित कर प्राप्त किया गया है। मामले में जीआरपी गया के उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह के द्वारा लिखित शिकायत प्राथमिकी समर्पित किया गया। जिसके आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 132/2023 दिनांक 08.05.2023 us 414/34 IPC पंजीकृत किया गया। मामले के अनुसंधानकर्ता उनि पुलेन्दु कुमार सिन्हा है।
वहीं इसटीम में आइपीएफ अजय प्रकाश, अनि अजय तिग्गा, सअनि जितेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल अनिल सिंह, बीबी मिश्रा, कांस्टेबल नरेंद्र कुमार आदि शामिल थे।
तीन बार्ड पार्षदों के निष्कासन पर भड़के 15 पार्षद, बैठक का किया बहिष्कार
टिकारी संवाददाता: नगर परिषद, टिकारी का सोमवार को आयोजित बोर्ड की बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। मामला इतना आगे बढ़ गया कि बैठक में चर्चा के लिए लाए गए 14 प्रस्तावों में से किसी तरह 10 पर ही चर्चा हो सकी। उसके बाद हंगामा को देखते हुए बैठक स्थगित कर दिया गया। मुख्य पार्षद अजहर इमाम की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक में परिषद कार्यालय में आरओ वाटर लगाने, पब्लिक लाइब्रेरी का निर्माण करने, तालाब पोखर की उड़ाही एवं जीर्णोद्वार करने, अस्मशान घाट पर शवदाह गृह एवं शेड निर्माण करने, सभी वार्ड में नल जल की व्यवस्था ठीक करने, कुआं का जीर्णोद्धार करने, वार्डों में ढक्कन सहित नाली के निर्माण करने, स्टील धातु युक्त टैंकर की खरीदारी करने एवं नगर परिषद कार्यालय में बायोमेट्रिक मशीन से कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। लेकिन जब शहर में सीसीटीवी कैमरा लगाने प्रस्ताव पर सदन में पक्ष और विपक्ष में बहसबाजी शुरू हो गयी। अधिकांश वार्ड पार्षद पहले नागरिकों के मूलभूत सुविधाओं पर कार्य करने के पक्ष में थे। लेकिन मुख्य पार्षद सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी लगाने के पक्ष में थे। फिर क्या था दोनो तरफ से गरमागरम बहस शुरू हो गया। इसी क्रम में मुख्य पार्षद ने तीन वार्ड पार्षदों के सदन से निष्कासित करने का फरमान सुना दिया। इसपर उप मुख्य पार्षद सहित 15 पार्षद विरोध में सदन से बाहर निकल गए और नारेबाजी शुरू कर दी। बैठक का संचालन कर रहे कार्यपालक पदाधिकारी आकाश चौधरी ने बीच बचाव करने का अथक प्रयास किया, लेकिन मामला नही सुलझा। जिसके बाद बीच मे ही बैठक स्थगित कर दी गयी।
बोर्ड की बैठक में कई एजेंडों पर चर्चा के बाद प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक के दौरान कुछ बातों को लेकर हंगामा के बाद कई वार्ड पार्षदों ने बैठक का वॉकआउट कर दिया। हंगामा के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गयी।
– आकाश चौधरी कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, टिकारी
तीन पार्षद के निष्कासन पर सौंपा पत्र
उप मुख्य पार्षद सागर कुमार द्वारा सदन की गरिमा का हवाला देते हुए कार्यपालक पदाधिकारी को एक पत्र सौंपा है। साथ ही बहुमत वार्ड पार्षदों ने मुख्य पार्षद द्वारा बैठक के दौरान सदन में तानाशाही रवैया अपनाने की शिकायत पत्र के माध्यम से एसडीओ से की है। उक्त पत्रों पर हस्ताक्षर बनाने वालों में उप मुख्य पार्षद के अलावे वार्ड पार्षद सन्दीप सिंह, अशोक कुमार, सोनी देवी, अनिरुद्ध शर्मा, कुंती देवी, लक्ष्मी देवी, जीतनी देवी, सोनू कुमार, नीतीश कुमार, अरशद आलम, सन्ध्या गुप्ता, शशिकांत कुमार, निर्मला देवी, ममता चौरसिया व रंजू देवी का नाम शामिल है।
टिकारी संवाददाता: नगर परिषद के हड़ताली सफाई कर्मी सोमवार को नप प्रशासन के विरुद्ध उग्र हो गये। सफाई कर्मियों द्वारा जारी कार्य बहिष्कार के साथ सोमवार को शहर के सभी मुख्य मार्ग पर कूड़ा बिखेर दिया गया। कूड़ा बिखेरने के उपरांत नगर परिषद कार्यालय में हड़ताली सफाईकर्मियों ने मरा हुआ कुत्ता फेंक विरोध जताया। सफाईकर्मियों के प्रदर्शन की सूचना पर कार्यपालक पदाधिकारी सह प्रशिक्षु आईएएस आकाश चौधरी ने सफाईकर्मियों से वार्ता की। श्री चौधरी द्वारा सफाईकर्मियों को लंबित वेतन भुगतान शीघ्र कराने की बात कही गई।
सफाईकर्मियों द्वारा पूर्ण वेतन भुगतान होने पर ही काम पर लौटने की बात कही। वहीं मार्च माह में एनजीओ के माध्यम से किये गये कार्य को लेकर एनजीओ के कर्मी भुगतान करने पहुंचे लेकिन कुछ कर्मी के ही भुगतान की बात होने पर भुगतान नही हो सका। हड़ताली सफाईकर्मी कुंदन कुमार ने बताया कि नगर परिषद प्रशासन द्वारा जब तक पूर्ण भुगतान नही किया जाता है तब तक काम पर कर्मी नही लौटेंगे। सफाईकर्मियों के हड़ताल के कारण शहर में जगह जगह कूड़े का अंबार लग गया है। बीते आठ दिनों से कूड़ा इकट्ठा हो जाने से दुर्गन्ध से भी लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
टिकारी संवाददाता: उत्तर कोयल नहर किसान संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में आंदोलनरत किसानों व उनकी मांगो के समर्थन में भाकपा माले ने सोमवार को भाकपा माले ने टिकारी में जुलूस के साथ प्रतिरोध मार्च निकाला। मार्च का नेतृत्व कर रहे पार्टी के प्रखंड सचिव रवि कुमार ने बताया कि उत्तर कोयल नहर जिसका पानी गया जिला के आमस, गुरुआ, गुरारु, परैया, कोंच और टिकारी प्रखंडों के किसानों को लाभान्वित करता है, उसमें वर्षों से गाद जमा है। गाद की सफाई नही होने के कारण केवल औरंगाबाद के मदनपुर, रफीगंज, गोह और सदर प्रखंड के किसानों को ही नहर के पानी लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर कोयल नहर के 277 आरडी से 306 आरडी तक जमें गाद की सफाई के लिए मोर्चा के बैनर तले किसान आंदोलनरत हैं। विभिन्न माध्यमों स्थानीय सांसद, विधायक के साथ केन्द्र व राज्य सरकार को मांगपत्र दिया गया है। आज तक कोई कार्यवाई नही हुई। सिंचाई विभाग द्वारा सफाई की घोषणा हवाहवाई सावित हो रहा है। भाकपा माले का जिला और राज्य स्तरीय टीम किसानों के मांगों के समर्थन में अंदर किला से बेल्हड़िया मोड़ तक प्रतिवाद मार्च निकालकर सरकार और सांसद व विधायक पर हल्ला बोला। कार्यक्रम में खेग्रामस नेता रोहन यादव, सुरेंद्र यादव, संजय राम, धर्मेन्द्र मांझी, गीता देवी, रमाशंकर पासवान, दिनेश मांझी, गीता देवी, दीना मांझी, रमाशंकर पासवान, कैली देवी, बिनेशर मांझी, धर्मेंद्र मांझी, सुरेंद्र यादव, संजय राम सहित बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ता शामिल थे।
जिले के बाराचट्टी प्रखंड में उपचुनाव की अधिसूचना जारी होते ही प्रत्याशियों में इसका उत्साह प्रखंड परिसर में दिखने लगा है साथ ही नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को पंचायत समिति सदस्य पद के लिए भलुआ पंचायत से कविता देवी और अनिल मांझी ने अपने अपने समर्थको के साथ नामांकन किया। बता दें की लगभग 2 वर्ष पहले पंचायत समिति सदस्य रहे चंद्रदेव सिंह भोक्ता की मृत्यु हो जाने के बाद से पद रिक्त था। नामांकन की कल आखिरी दिन है अभी तक कूल 2 प्रत्याशीयो ने अपना नामांकन किया है जबकि प्रखंड में कुल चार पद जिसमे एक समिति सदस्य, दो पंच और एक वार्ड सदस्य का पद रिक्त है जिसका मतदान आगामी 25 मई और मतगणना 27 को होना है। संबंधित पदाधिकारी इसका तैयारी पूर्ण कर लिए है। इस संबंध में बीपीआरओ नरेश कुमार ने संवाददाता से बताया की भलुआ पंचायत से समिति सदस्य पद के लिए दो प्रत्याशी अनिल मांझी और कविता देवी जिन्हे संबंधित कागजात जांच कर नामांकन करवाया गया है।
G- 20 के आधिकारिक सहभागी समूह Y- 20 परामर्श कार्यकम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नामित करने के पश्चात कीट, भुवनेश्वर में विशिष्ट वक्ता के रूप में सम्मिलित होने तथा डिजाइनिंग डिसरप्टिव टेक्नोलॉजीज विषय पर अपने विचार G-20 के विभिन्न देश से पधारे युवाओं एवं प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु सोमवार को जिला अतिथि गृह गया में शिवेंद्र कुमार मालवीय को गया के जदयू सांसद विजय कुमार ने सम्मानित कर इनके उज्जवल भविष्य की कामना की। शिवेन्द्र ने कार्यक्रम का प्रतिवेदन सांसद को भेंट किया। जिसमें कार्यक्रम सम्बंधित गतिविधियों एवं उनकी प्रस्तुति का विवरण संलग्न था। शिवेंद्र ने बताया कि उनका लगाव बाल्यावस्था से ही कला,संस्कृति एवं सामाजिक क्षेत्र में है तथा इसका बीजारोपण उनके दादाश्री स्व० नवरत्न प्रसाद मालवीय तथा पुष्पित एवं पल्लवित पिताजी जैनेंद्र कुमार मालवीय के द्वारा किया जा रहा है। साथ ही माँ जयंती मालवीय, बड़े भाई जीवेंद्र मालवीय, बहन जागृति मालवीय का सहयोग इस क्षेत्र में निरंतर प्राप्त होते आ रहा है। इन्होंने बताया कि यूथ 20 परामर्श कार्यक्रम में डीजाइनिंग डिसरपटीव टेक्नोलॉजी विषय पर प्रस्तुत वक्तव्य का मुख्य उद्देश समस्त विश्व को वसुधैव कुटुंबकम के ध्येय पर चलते हुए टेक्नोलॉजी एवं अन्य क्षेत्र में एक दूसरे के सहयोगी बन “सर्वे भवंतु साखिनः” का मूल मंत्र अपनाना होगा। शिवेंद्र के इस उपलब्धि पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सुरेंद्र नाथ बहेरा, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी तरुण कुमार सिन्हा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान असघर आलम खाँ, आई ० टी० एस ग़ाज़ियाबाद के निदेशक सुनील कुमार पांडेय,सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार के प्राध्यापक आदित्य मोहंती, शिक्षा विभाग के लेखापाल असित राज, नेटवर्क इंजीनियर मनोज, पीयूष एवं धीरेंद्र ने शुभकामनाएं प्रेषित किया.
कोंच। प्रखंड के माना बीघा में मैट्रिक परीक्षा 2023 में प्रखंड टॉपर आई छात्रा को साइकिल देकर रविवार को पुरस्कृत किया गया है जिसमें मुखिया शामिल हुए। प्राप्त जानकारी के अनुसार माना बिगहा स्थित नवीन मैथमेटिक्स के द्वारा इस वर्ष बिहार बोर्ड दसवीं की परीक्षा में सफल संस्थान में पढ़ने वाले टॉप 10 छात्रों को पुरस्कृत किया गया। जिसमें प्रखंड में प्रथम स्थान लाने वाली ग्राम परसावां टोला शेख बीघा निवासी अन्वी प्रिया को एक साइकिल देकर पुरस्कृत किया गया है। वहीं नीतीश कुमार, रवि कुमार, सुमित कुमार, मुराद अली, बबली कुमारी, प्रिया कुमारी, पूजा कुमारी, रविन्द्र कुमार तथा हरी भाई समेत अन्य सभी छात्रों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में मेडल गिफ्ट देकर पुरस्कृत किया गया है। मौके पर संस्थान के शिक्षक नवीन कुमार, अमित सर, रेणु कुमारी के अलावे मुख्य अतिथि परसावां पंचायत मुखिया दिलीप कुमार, डॉक्टर हरदेव यादव, अनिल कुमार, रामकृपाल यादव, डॉक्टर अरविंद कुमार तथा मनोज मंजिल उपस्थित रहे।
कोंच। मंझियावां पंचायत के बिजहरी गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष में रविवार को मारपीट हुई है जिसमें 6 घायलों में से दो लोगों को चिकित्सक ने गया रेफर किया है। मिली जानकारी के मुताबिक रास्ते के जमीन को लेकर ग्राम बिजहरी निवासी सूर्य दयाल यादव एवं राम दयाल यादव के बीच मारपीट हुई है जिसमें प्रथम पक्ष से मनोरमा कुमारी (15) पिता सूर्य दयाल यादव, विकास कुमार (17) पिता सूर्य दयाल यादव, शांति देवी (36) पति सूर्य दयाल यादव, गुड़िया कुमारी (12) पिता सूर्य दयाल यादव घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से दो लोग घायल हुए हैं जिसमें राम दयाल यादव (46) पिता मुंद्रिका यादव एवं कौशल कुमार (25) पिता राम दयाल यादव शामिल हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां घायलों में मनोरमा कुमारी एवं विकास कुमार को सर में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया है। इस संबंध में कोंच पुलिस ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है जांच कर कार्रवाई की जायेगी।