टिकारी संवाददाता: शहर के आर० डी० पब्लिक स्कूल के कक्षा 3 से 10 तक के चयनित बच्चों को ग्रीष्मावकाश मे समर कैंप के तहत क्रेजी वर्ल्ड वाटर पार्क, बोध गया का भ्रमण कराया गया। जंहा बच्चों ने जमकर आनंद उठाया। भ्रमण का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक गुणों का विकास करना है। निदेशक विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि आज जंहा बच्चे मोबाइल गेम और इंडोर गेम में अपनी क्षमताओं को संकुचित करते जा रहे हैं वहां समर कैंप का आयोजन इनके व्यक्तित्व विकास के लिए उपयुक्त है। भ्रमण के दौरान स्कूल के शैक्षिक प्रबंधक प्रणव कुमार के साथ राजेश कुमार ने कहा कि बच्चों को समाज में खुलकर जीने की चाहत का आगाज है। बच्चे भी खुली हवा में सांस ले सके इसलिए ऐसा कार्यक्रम आवश्यक है। इस अवसर पर बच्चों के साथ शिक्षकगण ने भी भ्रमण कर जल क्रीड़ा का आनंद प्राप्त किया ।
टिकारी संवाददाता: टिकारी थाना क्षेत्र के लाव गांव में पिछले दिनों एक विधवा की गला रेतकर हत्या मामले का कातिल कोई और नही उसका दामाद निकला। पुलिस ने हत्यारा दामाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्या का कारण सास एवं दामाद के बीच अवैध सम्बन्ध की बात सामने आई है। 17 मई को विधवा शांति देवी की हुई हत्या मामले में मृतका के पुत्र विक्रम कुमार द्वारा अपने सगे बहनोई पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद आरोपित बनाया था। विक्रम ने अपने बहनोई पर अपनी मां के साथ गलत सम्बन्ध स्थापित करने के लिए जोर जबरदस्ती करने व मारपीट करने की बात कहते हुए बहनोई के द्वारा ही हत्या की आशंका जताई थी। जिसके बाद पुलिस ने कांड दर्ज करते आरोपी सिंटू पासवान को बाराचट्टी थानाक्षेत्र के भगहर से दबोच लिया। पुलिसिया पूछताछ में सिंटू ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। सिंटू ने पुलिस को बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही उसकी विधवा सास के साथ अवैध सम्बन्ध था। लेकिन सास द्वारा अन्य लोगो के साथ भी अवैध सम्बन्ध स्थापित करने लगी जो सिंटू को नगावर गुजरा और गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने सिंटू की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक टांगी भी बरामद किया है।
टिकारी संवाददाता: टिकारी थानाक्षेत्र के मदारपुर गांव में बुधवार को शादी में मड़वा का पकवान बनाने के दौरान गैस सिलिंडर फटने से सात महिला सहित 11 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये। घटना के बाद जंहा शादी का मंगल गीत की गूंज सुनाई पड़ रही थी, वंहा अचानक अफरातफरी और चीख पुकार मच गई। घटना की सुचना के बाद वंहा पहुंची एम्बुलेंस ने आननफानन में सभी को अनुमंडलीय अस्पताल लाया। जंहा सभी का प्राथमिक इलाज किया गया। इसके बाद गंभीर रूप से जख्मी सभी मरीजों को बेहतर इलाज हेतु मगध मेडिकल कालेज एवं अस्पताल गया रेफर कर दिया गया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मदारपुर निवासी रंजीत सिंह के घर में उनके पुत्र नीतीश कुमार के शादी का रस्म चल रहा था। घर की महिलायें मण्डपाछादन के रस्म के बाद आंगन में एकसाथ बैठकर पकवान (दलपुड़ी, खीर, पीठा आदि) बना रही थी। इसी क्रम में अचानक तेज आवाज के साथ गैस सिलिंडर ब्लास्ट कर गया और आग का बड़ा गोला बन गया। जिसके चपेट में महिलाऐं व घर के सदस्य आ गए। आग का गोला इतना तेज प्रेशर वाला था कि घर के मुख्य दरवाजा से बाहर निकलने के बाद बाहर बैठे दो पुरूष सदस्य को भी अपने चपेट में ले लिया। कुछ पल में ही माहौल बदल गया और चीख पुकार के साथ अफरा तफरी मच गया।
घटना में जख्मी
सिलेंडर ब्लास्ट की घटना में आशा देवी, पूनम देवी, प्रेमकली देवी, विकास कुमार, उर्मिला देवी, ज्ञानती देवी, पुतुल कुमारी, सुमन देवी, श्रीकांत सिंह, आरती देवी एवं एक अन्य शामिल है। घटना की सूचना आते ही अस्पताल की मेडिकल टीम थी एलर्ट सिलेंडर ब्लास्ट में जख्मी होने की सूचना आते ही अस्पताल प्रबंधन द्वारा तत्काल एम्बुलेंस को घटना स्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही डाक्टर, नर्स व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को आपातकालीन वार्ड में एलर्ट मोड पर तैनात कर दिया गया। जैसे ही एम्बुलेंस जख्मी मरीजों को लेकर अस्पताल पहुंची युद्ध स्तर पर चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी जख्मी का उपचार करने में लग गये। हेल्थ मैनेजर अभय कुमार सिन्हा ने बताया कि मरीजों की संख्या अधिक रहने के कारण एक साथ चार एम्बुलेंस को अस्पताल से मेडिकल के लिए रवाना किया गया। इनमे कुछ मरीजों की स्थिति ज्यादा गंभीर देखी गयी है।
यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर 31 मई से गाड़ी संख्या 12281 भुवनेश्वर-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस का पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के गया जंक्शन पर ठहराव प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। विदित हो कि अब तक इस ट्रेन का गया जंक्शन पर परिचालनिक ठहराव था परंतु दिनांक 31मई से वाणिज्यिक ठहराव प्रारंभ हो जाएगा। गाड़ी संख्या 12281 भुवनेश्वर-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस शाम 6 बजकर 40 मिनट बजे गया जंक्शन पहुंचेगी तथा यहां से 6.43 बजे प्रस्थान करेगी। इस आशय की जानकारी पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने दी।
गया जिला मुख्यालय से लगभग 103 किलोमीटर बिहार-झारखंड की सीमा पर डुमरिया प्रखंड के अतिनक्सल प्रभावित के साथ साथ पहाड़ी एवं घना जंगल क्षेत्र छकरबंधा पंचायत में पानी समस्या जुझ रहे महादलित टोला में पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। जिला पदाधिकारी डॉ० त्यागराजन एसएम के निर्देश पर तीन पालियों में टैंकर से पानी की व्यवस्था की गई है। गया जिला का एक मात्र डुमरिया प्रखड कें छकरबंधा पंचायत जो चारो ओर पहाड से धिरा है। एक ओर पथरीली क्षेत्र होने के कारण व दूसरी ओर दिन -प्रतिदिन बढ़ते गर्मी के कारण भुगर्भ जल स्तर में आ रही गिरावट के बावजूद दूरदराज पहाड़ी क्षेत्र में रह रहे लोगों को पानी की समस्या ना हो, इस पर विशेष निगरानी रखने को जिला पदाधिकारी ने निर्देश जारी किया है। जिला पदाधिकारी ने विभाग को निर्देश दिया है कि किसी भी क्षेत्र से पेयजल की समस्या आने या सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किए गए समस्या या वैसा कोई टोला जहां मिलो दूर से पानी लाने की सूचना मिलने पर तुरंत उक्त स्थान पर पानी उपलब्ध कराने की वैकल्पिक व्यवस्था प्रशासन द्वारा कराई गयी है।
डुमरिया जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र के साथ-साथ पहाड़ी जंगल का क्षेत्र भी है। इन क्षेत्र में पहाड़ो पर बसे महादलित बस्तियों में पानी की कमी न हो इसके लिये पूरी दुरुस्त व्यवस्था रखी गयी है. छकरबंधा पंचायत के वार्ड 8 छकरबंधा एवं 9 पिछुलिया, कचनार, परनटांड, केन्दुआटांड आदि जैसे महादलित टोला में पानी की घोर समस्या है। इन पहाड़ी क्षेत्रों में पर्याप्त टैंकर से तीन पालियों में रूट चार्ट तैयार करते हुए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही छकरबंधा पंचायत से सटे इमामगंज प्रखंड के खरांव एवं लुटीटांड गांव मे भी पानी की घोर किल्लत है, इसके लिए बरहा से टैंकर मे पानी भरकर वहा पानी की समस्या को दूर किया जा रहा है। दूसरी ओर सेवरा पंचायत के वार्ड 10 में लगभग दो वर्षो से पानी सप्लाई बंद था, पानी की समस्या को देखते हुए व जिला पदाधिकारी के निर्देश पर पानी सप्लाई शुरू किया गया है। डुमरिया प्रखंड के घोर नक्सल प्रभावित व पहाडी क्षेत्र भोकहा पंचायत के नवीगढ, पननवाटांड, आदि जगहो में भी पानी की समस्या को जिला पदाधिकारी के निर्देशन पर दूर किया गया। भंगिया पंचायत के कविसा गांव में भी टैंकर से पानी की समस्या को दूर किया गया। वही पनकारा पंचायत में लगातार टैंकर से पानी सप्लाई दिया जा रहा है।
गया नगर निगम के दो वार्ड में पार्षद पद के लिए उपचुनाव हो रहे हैं। इसमें एक वार्ड 15 है जबकि दूसरा 26 नंबर वार्ड। इन दोनों वार्ड में 9 जून को मतदान होना है। मतों की गिनती 11 जून को होगी। केवल दो वार्ड की मतों की गिनती होनी है तो नतीजे भी अहले सुबह आ जाने की उम्मीद है। इन दोनों वार्ड में से एक वार्ड नं. 15 में जहां पूर्व पार्षद दीपक कुमार चंद्रवंशी की तो दूसरे वार्ड नं 26 में पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव के साथ इस वार्ड के पार्षद पद से इस्तीफा दे चुके अबरार अहमद उर्फ भोला मियां की भी साख दाव पर लगी हुई है। क्योंकि दीपक कुमार चंद्रवंशी का कहना है कि हमने क्षेत्र में काफी कार्य किया है। इसी को आधार बनाकर वे इस बार उपचुनाव में उतरे हैं। इस बार यहां 8 प्रत्याशी हैं। वहीं वार्ड नं. 26 में चार प्रत्याशी हैं। जिसमें पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव के अलावा पूर्व वार्ड पार्षद अशद परवेज उर्फ कमांडर, आसिफ़ हसन और रियाज़ अहमद चुनाव मैदान में हैं। यहां सबसे दिलचस्प बात है कि वार्ड नं. 26 के पार्षद अबरार अहमद ने पूर्व डिप्टी मेयर के लिए अपनी सीट खाली कर दिया है। भोला मियां यहां से निर्विरोध चुनाव जीत हासिल किया था। इसलिए पूर्व डिप्टी मेयर को यहां से चुनाव लड़ने की बात कही थी। ऐसे में पूर्व डिप्टी मेयर के साथ साथ पूर्व पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति के सदस्य रह चुके भोला मियां की भी साख दाव पर लगी हुई है। ऐसा माना जा रहा था कि मोहन श्रीवास्तव निर्विरोध निर्वाचित करा लिए जाएंगे, पर ऐसा नहीं हो सका। यहां से चार उम्मीदवार चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। ऐसे में किसी की जीत की राह आसान नजर नहीं आ रहे हैं। क्योंकि नाम वापसी की भी समय सीमा समाप्त हो चुकी है। बुधवार को चुनाव चिन्ह भी सभी 12 प्रत्याशियों को आवंटित कर दिए जाएंगे। वार्ड नंबर 26 पर नजर सबकी है। चुनावी समर में कौन बाजी मार ले जाएगा, यह तो अब मतदाता ही 9 जून को तय करेंगे।
पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा मंगलवार को यात्री सुविधा एवं संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। गया स्टेशन के पुनर्विकास से जुड़े कार्याें की समीक्षा की। डीडीयू के प्लांट डिपो का निरीक्षण कर यहां मशीनों, उपकरणों सहित उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। महाप्रबंधक ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन-गया रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक एवं उसके अनुरक्षण की गुणवत्ता, प्वाइंट, क्रासिंग सहित रेल संरक्षा से संबंधित अन्य विंदुओं का जायजा लिया।महाप्रबंधक ने गया जंक्शन का निरीक्षण करते हुए यहां उन्होंने यात्रियों के लिए उपलब्ध करायी गयी विभिन्न यात्री सुविधाओं, संरक्षा आदि से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया । महाप्रबंधक ने गया स्टेशन के पुनिर्विकास से जुड़े कार्याें की समीक्षा भी की। इससे जुड़े कार्यों की समीक्षा के क्रम में संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कार्यों के सही तरीके से निष्पादित करने का भी निर्देश दिया। निरीक्षण में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के डीआरएम राजेश गुप्ता के अलावा गया जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक उमेश कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। महाप्रबंधक के गया जंक्शन पर आगमन व निरीक्षण को लेकर सभी विभागों के पर्यवेक्षक अपने स्तर से बेहतर तैयारी कर रखे थे। स्वच्छता का विशेष ख्याल रखा गया था।
वहीं गया जंक्शन के विभिन्न स्टॉल पर रेल नीर नहीं उपलब्ध होने को लेकर यात्रियों में रोष था। एक दैनिक यात्री रमेश कुमार ने कहा कि कुछ दिनों से गया जंक्शन पर रेल नीर की जगह दूसरे ब्रांड के बोतल बंद पानी यात्रियों को दिया जा रहा है। यात्री सरिता कुमारी का कहना था कि स्टॉल पर उपलब्ध पानी के बोतल की कीमत ठंडा के नाम पर अधिक वसूली की जाती है। पे एंड यूज़ में भी अधिक वसूली की शिकायत कई यात्रियों द्वारा की गई। इस संबंध में जब वाणिज्य पर्यवेक्षक (सामान्य) लोकेश कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए उनके सरकारी दूरभाष पर कॉल किया गया तो कोई प्रत्युत्तर नहीं मिला। जिसके कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका। हालांकि रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया गया कि इधर कुछ दिनों से रेल नीर के प्लांट(दानापुर) में कार्य चल रहा है। जिसके कारण रेल नीर की जगह अन्य दूसरे ब्रांड के पानी के बोतल बेचने की अनुमति दी गई है। फिलहाल स्टॉक रहने तक केवल गया से खुलने वाली गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस और गया-चेन्नई एग्मोर एक्सप्रेस में रेल नीर उपलब्ध कराया जा रहा है।
बेलागंज: मंगलवार की दोपहर एक महिला की मौत एनएचएआई के कार्य में लगे कैंट्रक्शन कंपनी के लापरवाही से हो गई। वहीं महिला की मौत के बाद कंपनी के कर्मियों ने महिला के शव को उसके गांव के समीप सड़क किनारे गिराकर चलते बने। महिला की मौत और उसके शव को सड़क किनारे फेंकने के मामले से आक्रोशित ग्रामीणों ने गया पटना सड़क मार्ग को थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव के समीप जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच को लगभग दो घंटे तक जाम रखा। इस दौरान सड़क के दोनो ओर छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना के संबंध में मृत महिला के परिजनों ने बताया कि प्राणपुर गांव के महादलित टोला से प्रतिदिन दस पंद्रह की संख्या महिलाएं एनएच के निर्माण कार्य में मजदूरी करने जाती हैं। नित्य दिन की भांति मंगलवार को भी अन्य महिलाओं के साथ गांव के स्व कामेश्वर मांझी की पत्नी शिवकुमरिया देवी काम करने गई थी। जहां सड़क पर धूल साफ करने वाली कंप्रेशर मशीन में उनका कपड़ा फंस गया और गले पर कपड़ा से खिंचाव होने के कारण उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद आनन फानन में कांस्ट्रेक्शन कंपनी के कर्मियों ने महिला को पिकअप पर लादकर घर पहुंचने के नाम पर लाया और गांव से बाहर सड़क किनारे शव को उतारकर बिना किसी को बताए भाग गया। जब ग्रामीणों ने शव को देखा तो अफरा तफरी मच गई। वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। लोग कुछ समझ नहीं पा रहे थे। कुछ देर बाद जब उक्त महिला के साथ काम करने गए मजदूर आए तो मामले का खुलासा हुआ। घटना की जानकारी के बाद आक्रोशित हुए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच को प्राणपुर गांव के समीप जाम कर दिया। जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे स्थानीय सीओ अजीत कुमार लाल और थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर जाम कर रहे लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और निर्माण कंपनी पर एफआईआर किए जाने की मांग को लेकर अड़े रहे। फलस्वरूप लगभग दो घंटे तक एनएच जाम रहा। बाद में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि सह युवा समाजिक कार्यकर्ता अर्जुन सागर, मेल नेता मुंद्रिका राम एरकी पंचायत के मुखिया विरदा प्रसाद आदि लोगों के पहल से ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम हटाया गया। थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय मुखिया के द्वारा कबीर अंतेष्ठि और प्रखंड प्रशासन द्वारा परिवारिक कल्याण योजना के तहत नगद राशि का लाभ दिया गया। वहीं शव को पोस्टमार्टम हेतु अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल गया भेज दिया गया है। घटना को लेकर एनएचएआई और निर्माण कंपनी के अधिकारियों को बुलाया गया है। मृतक के परिजनों के आवेदन पर दोषी कर्मियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया जाएगा।
गया जिले के अतिनक्सल प्रभावित क्षेत्र डुमरिया बाजार के स्व. शंभू प्रसाद गुप्ता के पुत्र संदीप कुमार ने देश की सबसे बड़ी परीक्षा यूपीएससी की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर परिवार के साथ डुमरिया प्रखंड क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संदीप ने 697वीं रैंक लाकर यह सफलता प्राप्त की है। संदीप के भाई नीतीश कुमार ने बताया कि संदीप ने प्रारंभिक शिक्षा डुमरिया से प्राप्त कर आईआईटी मुंबई से बीटेक किया। बीटेक करने के दौरान ही उनके दादा और पिता शंभू प्रसाद गुप्ता की एक ही दिन दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उस समय शुभ चिंतकों ने संदीप को ढांढ़स बंधाते हुए कहा था कि तुम्हारे पिता का सपना था तुम्हें यूपीएससी की परीक्षा में सफल देखना। संदीप के घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। संदीप की मां रेणु देवी, भाई नीतीश और अविनाश लोगों को मिठाइयां खिला रहे हैं।
पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल के डेहरी ऑन सोन-पं. दीन दयाल उपाध्याय रेलखंड के बीच कर्मनाशा रेलवे स्टेशन के निकट सोमवार की अल सुबह एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई। घटना सुबह करीब 03.45 बजे किमी 639/21/A के निकट हुई है। पूर्व मध्य रेल द्वारा जारी बुलेटिन में बताया गया है कि मालगाड़ी के खाली 2 वैगन के अवपथन के कारण इस रेलखंड के अप, डाउन तथा रिवर्सल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है। वरिष्ठ अधिकारी दुर्घटना राहत यान के साथ घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। घटना के कारणों की जांच शुरू करते हुए राहत कार्य शुरू करा दिया गया है। बताया गया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के कर्मनाशा स्टेशन पर मालगाड़ी के अवपथन के कारण गाड़ियों का परिचालान बाधित है। यात्रियों की सुविधा हेतु डीडीयू और गया में हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।