Blog

  • बहुचर्चित सोना लूटकांड: मोहित अग्रवाल की जमानत याचिका खारिज, बाकी आरोपी फरार, जानते हैं अबतक क्या-2 हुआ

    बहुचर्चित सोना लूटकांड: मोहित अग्रवाल की जमानत याचिका खारिज, बाकी आरोपी फरार, जानते हैं अबतक क्या-2 हुआ

    देवब्रत मंडल

    File photo

    गया रेल थाना का बहुचर्चित सोना लूटकांड मामले में मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू की जमानत याचिका खारिज कर दी गई है। इस मामले में नामजद छह आरोपी अबतक पुलिस पकड़ से दूर है। गया रेलवे के अपर न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में मोहित अग्रवाल की तरफ से सीनियर अधिवक्ता नीरज कुमार द्वारा जमानत याचिका दाखिल की गई, उन्होंने न्यायालय से जमानत देने की अपील की। जिसका विरोध सरकार की ओर से लोक अभियोजक ने किया। जमानत याचिका पर दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद याचिका नामंजूर कर दी गई। इस बात की जानकारी देते हुए वरीय अधिवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि मोहित अग्रवाल की जमानत याचिका खारिज कर दी गई है। इधर, रेलवे कोर्ट के लोक अभियोजक विजय कुमार ने बताया कि उन्होंने जमानत याचिका को ना मंजूर करने के पक्ष में अपनी ओर से दलीलें दी थी।

    न्यायिक हिरासत में है मोहित अग्रवाल

    बता दें कि गया रेल थाना कांड संख्या 334/25 में इसके पहले तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को जमानत मिल गई है। इस मामले में 31 दिसंबर 2025 को राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इसके बाद इस कांड की जांच कर रही एसआईटी की टीम ने गया बुलियन एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया था। जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में गया के सेंट्रल जेल में बंद है।

    मोहित के घर से 41.75 ग्राम सोना हुआ है बरामद

    पिछले दिनों गिरफ्तार किए गए मोहित अग्रवाल को लेकर गया रेल थाना में पटना रेल पुलिस मुख्यालय के डीएसपी भास्कर रंजन ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया था कि मोहित के घर के एक आलमारी से लूटा गया करीब 41.75 ग्राम सोना बरामद हुआ है। जबकि उसने लूटे गए करीब एक किलोग्राम सोना में से करीब 98 ग्राम सोना खरीदने की बात पुलिस को बताई है।

    चार सिपाही और दो बाहरी व्यक्ति गिरफ्त से बाहर

    इस कांड में गया रेल थाना के तत्कालीन चार सिपाही और दो बाहरी व्यक्ति के विरुद्ध यात्री धनञ्जय शाश्वत से करीब एक किलोग्राम सोना लूट लिए जाने का आरोप है। एसआईटी की टीम अबतक चार सिपाही एवं दो बाहरी व्यक्तियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इन सभी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

    हावड़ा-जोधपुर एक्स. में 21 नवंबर को हुई थी घटना

    बता दें कि यह घटना 21 नवंबर 2025 को हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस में गया जंक्शन के पहले मानपुर जंक्शन के आसपास हुई बताई गई है। मनोज सोनी नामक सोने के कारोबारी का सोना लेकर इनका कूरियर धनञ्जय शास्वत हावड़ा से इस ट्रेन से लेकर जयपुर जा रहा था। ट्रेन के गया जंक्शन पहुंचने पहले ही यह वारदात हो गई थी।

  • दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, आइए जानते हैं क्यों होती है इसकी तस्करी, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

    दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, आइए जानते हैं क्यों होती है इसकी तस्करी, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

    देवब्रत मंडल

    कार्यवाही में शामिल टीम के सदस्य

    गया जंक्शन पर गश्त कर रही आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने आपरेशन विलेप के तहत कार्रवाई करते हुए एक दुर्लभ प्रजाति के सांप को तस्करी के लिए ले जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। सांप की बरामदगी के बाद वन विभाग की टीम को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद आगे की कार्रवाही की गई।

    गिरफ्तार तस्करों का विवरण

    • उपेन्द्र कुमार, उम्र-28 वर्ष, पिता-राजेन्द्र ठाकुर, निवासी-वार्ड नं0-06, ग्राम-सिरीपुर, थाना-मकदुमपुर, जिला-जहानाबाद, बिहार
    • मोहम्मद सादुल्ला, उम्र-46 वर्ष, पिता-एकमुल्ला हक, निवासी-ग्राम-अमराहा, पोस्ट-बारा, थाना-चाकन्द, जिला-गया, बिहार

    बरामद सांप का विवरण

    फोटो: स्रोत इंटरनेट
    • रेड सैंड बोआ (Eryx Johnii) सॉप
    • लंबाई- 04 फिट लगभग
    • वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के अन्तर्गत अनुसुची-1 में सुचीबद्ध एक दुर्लभ अमूल्य जन्तु है।

    कार्यवाही

    तस्करों के विरुद्ध मु0अ0सं0- 09/26 U/S 2, 9, 39, 40(2), 48, 58A, 59, 50, 51 वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    बोआ सांप, विशेष रूप से रेड सैंड बोआ (Eryx Johnii), की तस्करी कई कारणों से की जाती है:

    1. पारंपरिक चिकित्सा: बोआ सांप के विभिन्न अंगों का उपयोग पारंपरिक चिकित्सा में किया जाता है, जैसे कि सांप का मांस, हड्डियाँ, और वसा। इनका उपयोग विभिन्न बीमारियों के इलाज के लिए किया जाता है, जैसे कि जोड़ों का दर्द, त्वचा की समस्याएं, और श्वसन संबंधी समस्याएं।
    2. सजावटी वस्तुएँ: बोआ सांप की त्वचा और हड्डियों का उपयोग सजावटी वस्तुओं जैसे कि बैग, बेल्ट, और जूतों के निर्माण में किया जाता है।
    3. पालतू जानवर: बोआ सांप एक लोकप्रिय पालतू जानवर है, और उनकी तस्करी की जाती है ताकि उन्हें पालतू जानवर के रूप में बेचा जा सके।
    4. मैजिक और वूडू: बोआ सांप का उपयोग मैजिक और वूडू में भी किया जाता है, जहां उन्हें शक्ति और सुरक्षा के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।
    5. आधार सामग्री: बोआ सांप की हड्डियों और वसा का उपयोग आधार सामग्री के रूप में किया जाता है, जैसे कि सौंदर्य प्रसाधन और दवाओं में।

    इन कारणों से बोआ सांप की तस्करी की जाती है, जो उनकी आबादी के लिए खतरा है और उन्हें विलुप्ति के कगार पर ले जा रही है।

    आइए और कुछ जानते हैं बोआ सांप के बारे में

    रेड सैंड बोआ(Eryx Johnii) यह बोआ सांप की एक प्रजाति है,जो भारत और पाकिस्तान में पाई जाती है। बोआ सांप की लगभग 40 प्रजातियां है। जिनमें अधिकांश मध्य और दक्षिण अमेरिका में पाई जाती है

  • शब-ए-बारात की छुट्टी 04 फरवरी को, इस दिन बंद रहेगा गया व्यवहार न्यायालय

    शब-ए-बारात की छुट्टी 04 फरवरी को, इस दिन बंद रहेगा गया व्यवहार न्यायालय

    देवब्रत मंडल

    शब-ए-बारात की छुट्टी 5 फरवरी के बजाय 4 फरवरी को कर दी गई है। बार एसोसिएशन, गया जी के सचिव रबिन्द्र प्रसाद ने बताया कि बार एसोसिएशन, गया जी के मुस्लिम समुदाय के सम्मानित अधिवक्ताओं ने 02.02.2026 को एक रिप्रेजेंटेशन दिया था। जिसे उन्होंने सेक्रेटरी, बार एसोसिएशन, गया होने के नाते रेफरेंस नंबर 22/G.B.A./2026 के साथ आगे बढ़ाया। जिसमें उन्होंने बताया है कि कोर्ट कैलेंडर के अनुसार, “शब-ए-बारात” की छुट्टी 05.02.2026 को है, लेकिन चांद दिखने के कारण यह त्योहार 04.02.2026 को पड़ रहा है। इसलिए, उन्होंने “शब-ए-बारात” की छुट्टी में बदलाव के लिए प्रार्थना की थी, और चांद दिखने के अनुसार 05.02.2026 के बजाय 04.02.2026 को “शब-ए-बारात” की छुट्टी घोषित करने का अनुरोध किया है। जिस पर विचार करते हुए उच्च न्यायालय द्वारा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को दिए गए अधिकार का प्रयोग करते हुए और माननीय न्यायालय द्वारा प्रकाशित कैलेंडर के अनुसार, गया जजशिप में “शब-ए-बारात” की छुट्टी 05.02.2026 के बजाय 04.02.2026 को घोषित की गई है। उन्होंने बताया कि कोर्ट 05.02.2026 को खुला रहेगा।

  • बिहार में रेल बजट नौ गुना बढ़ा, 11 सालों में 2000 किमी की नई रेल पटरियाँ बिछाई गयीं: अश्विनी वैष्णव

    बिहार में रेल बजट नौ गुना बढ़ा, 11 सालों में 2000 किमी की नई रेल पटरियाँ बिछाई गयीं: अश्विनी वैष्णव

    देवब्रत मंडल

    रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 02 फरवरी को बजट 2026-27 हेतु बिहार में रेल परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने हेतु रिकार्ड बजट आवंटन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा भारतीय रेलवे हेतु रिकॉर्ड धनराशि रूपये 2,78,000 करोड़ आवंटित की गयी है।

    सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोरों को ‘ग्रोथ कनेक्टर्स’ के रूप में विकसित करने की घोषणा

    दीर्घकालिक विजन के तहत, सरकार ने पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ यात्री परिवहन को बढ़ावा देने के लिए शहरों के बीच सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोरों को ‘ग्रोथ कनेक्टर्स’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। इनमें मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी शामिल हैं। इन प्रस्तावित कॉरिडोरों से शहरों के बीच यात्रा के समय में उल्लेखनीय कमी आएगी और यात्रियों के लिए बिना किसी रुकावट के बहु-माध्यमीय आवाजाही आसान हो जाएगा।

    दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड कॉरिडोर के माध्यम से यात्रा लगभग 3:50 घंटे में पूरी होगी

    उत्तरी और पूर्वी भारत में, वाराणसी से पटना होते हुए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से वाराणसी-सिलीगुड़ी की यात्रा लगभग 2 घंटे 55 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त, दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड कॉरिडोर के माध्यम से यात्रा लगभग 3 घंटे 50 मिनट में पूरी होगी। यह कनेक्टिविटी पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली को जोड़ते हुए एक नया आर्थिक कॉरिडोर विकसित करेगी, जिससे क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को काफी बढ़ावा मिलेगा।

    बिहार में रेलवे के विकास के लिए प्रतिवर्ष औसतन 1,132 करोड़ रुपए आवंटित

    इसी कड़ी में उन्होंने बिहार राज्य के लिए रेलवे हेतु आवंटित धनराशि का जिक्र करते हुए बताया कि 2009 से 2014 में बिहार में रेलवे के विकास के लिए प्रतिवर्ष औसतन 1,132 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में बढ़ाकर इस वर्ष 10 हजार 379 करोड़ रूपये कर दिया गया है, जो कि पिछली सरकार की तुलना में 09 गुना ज्यादा है।

    बिहार के दो स्टेशन थावे और पीरपैंती रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास का कार्य पूरा

    रेलमंत्री श्री वैष्णव ने कहा कि बिहार में 01,09,158 करोड़ रूपये की लागत से आधारभूत संरचनाओं के परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। साथ ही 3287 करोड़ की लागत से बिहार में 98 अमृत भारत स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य चल रहा है। इनमें से बिहार के दो स्टेशन थावे और पीरपैंती रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास का कार्य पूरा हो चुका है। बता दें कि गया जंक्शन पर यह कार्य जारी है बिहार में 14 जोड़ी वंदे भारत एवं 21 जोड़ी अमृत भारत ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है तथा पटना और जयनगर के मध्य नमो भारत एक्सप्रेस का भी परिचालन किया जा रहा है।

    गया में निर्माणाधीन अंडर पास(आरयूबी)

    बिहार में 568 फ्लाई ओवर एवं अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा

    विदित हो कि बिहार में 2014 से 2000 किमी नई लाईन का निर्माण किया जा चुका है जो लगभग मलेशिया के कुल रेल नेटवर्क के बराबर है । बिहार में 2014 से 3330 किमी रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण किया जा चुका है तथा बिहार में रेलवे का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण हो चुका है । साथ ही 568 फ्लाई ओवर एवं अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।

    रेलमंत्री के प्रेस कॉन्फ्रेंस के पश्चात महाप्रबन्धक, पूर्व मध्य रेल छत्रसाल सिंह ने भी उपस्थित संवाददाओं को बजट में रेलवे हेतु किये गये प्रावधानों से उन्हें अवगत कराया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार सहित सभी विभागाध्यक्षगण उपस्थित थे।

  • इसी तर्ज पर बनेगा बागेश्वरी रेल गुमटी के पास वाला आरओबी, जानें और कुछ…

    इसी तर्ज पर बनेगा बागेश्वरी रेल गुमटी के पास वाला आरओबी, जानें और कुछ…

    देवब्रत मंडल

    यह जो आरओबी की तस्वीर आप देख रहे हैं, गया-डीडीयू रेलखंड पर पहलेजा में बनाया गया है और जिस निर्माण कंपनी/ऐजेंसी ने यह आरओबी बनाया है। उस ऐजेंसी की कार्यक्षमता और कुशलता को देखते सरकार ने गया जी में भी बागेश्वरी गुमटी के पास आरओबी बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है।

    जिला भू अर्जन पदाधिकारी ने कहा-

    कल(31.01.2026) को गया जिला भू अर्जन पदाधिकारी से जब इस आरओबी के निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की तो बताया कि सिर्फ एक शीर्ष अधिकारी का हस्ताक्षर बाकी है, प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी।

    पुल निर्माण निगम के पदाधिकारी ने बताया–

    इधर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम से जुड़े इस विभाग के एक पदाधिकारी ने कहा- बस! साहेब के आदेश का इंतजार कर रहे हैं, हमारी तरफ से कोई देरी नहीं, हम तैयार हैं

    सरकार ने बेस कैम्प के लिए जमीन मुहैया कराया

    वहीं आरओबी निर्माण करने वाली ऐजेंसी को सरकार ने बेस कैम्प के लिए जमीन मुहैया करा दिया है, कंपनी के लोग बेस कैम्प बनाने के लिए कार्य शुरू कर दिया है।

    एक से डेढ़ साल में आरओबी बना देने का दावा

    सबकुछ सामान्य रूप से चलता रहा तो निर्माण कंपनी के लोगों का कहना है कि हम एक से डेढ़ साल में आरओबी बनाकर दे देंगे, बसर्ते साइट क्लियर मिल जाए। किसी तरह की अड़चने न आए।

    विस्थापित हो रहे लोगों के दर्द


    इधर, विस्थापित हो रहे प्रभावित लोगों का कहना है हमें उचित मुआवजा मिलना चाहिए क्योंकि रोजी रोटी छीन रही है और बेघर हो रहे हैं तो हमें हमारा हक़ बगैर परेशानी के समय से मिल जाना चाहिए…

    जाम की समस्या से मिलेगी मुक्ति

    गया जी में जाम की समस्याओं से हर पल रूबरू हो रहे नागरिकों को इससे मुक्ति दिलाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश ने अपनी ‘प्रगति यात्रा’ में यहां आरओबी निर्माण की घोषणा की और आधारशिला भी रख चुके हैं और अब ‘समृद्धि यात्रा’ के क्रम में इसी महीने सीएम नीतीश कुमार के गया जी आने की उम्मीद है

  • सेफ्टी काउंसलिंग सत्र सह विदाई समारोह का आयोजन, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने साझा किया अनुभव

    सेफ्टी काउंसलिंग सत्र सह विदाई समारोह का आयोजन, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने साझा किया अनुभव

    देवब्रत मंडल

    विदाई समारोह

    31 जनवरी, 2026 को वरीय प्रशाखा अभियंता संकेत गया के प्रांगण में एक सेफ्टी काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें मानपुर और रफीगंज, स्टेशन में कार्यरत सचिन हसदा और राजेश प्रसाद के लिए विदाई समारोह भी आयोजित किया गया।

    सत्र के दौरान

    सत्र के दौरान, उपस्थित लोगों को फेलियर मेमो प्राप्त करने के बाद ही फेलियर में जाने और किसी भी डिस्कनेक्शन से पहले SI-4 का प्रयोग करने की सलाह दी गई। सिगनलिंग गियर का समर्पण के साथ रखरखाव करने और सेफ्टी से समझौता न करने के महत्व पर जोर दिया गया।

    सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अनुभव

    सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए, जिसमें उन्होंने अपने काम में ईमानदारी और निष्ठा के महत्व को रेखांकित किया, जिससे उन्हें प्रशासनिक सहयोग मिला।

    समापन

    आभियान का समापन सभी उपस्थित लोगों, जिसमें वरिष्ठ और कनिष्ठ अभियंता भी शामिल थे, ने अपने काम में सेफ्टी को प्राथमिकता देने की शपथ के साथ किया।

  • न्यायमूर्ति संगम कुमार शाहू ने मध्यस्थता अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

    न्यायमूर्ति संगम कुमार शाहू ने मध्यस्थता अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

    देवब्रत मंडल

    रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते न्यायमूर्ति

    राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) नई दिल्ली और माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता” अभियान 90 दिनों के लिए चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य विवादों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में निष्पादन करना है। पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सह-संरक्षक बालसा न्यायमूर्ति संगम कुमार शाहू ने मध्यस्थता अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पटना हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल प्रदीप कुमार मलिक, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष मदन किशोर कौशिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गयाजी, उपाध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार सह जिला दंडाधिकारी शशांक शुभंकर, सदस्य जिला विधिक सेवा प्राधिकार वरीय आरक्षी अधीक्षक सुशील कुमार और सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविंद कुमार दास उपस्थित थे। इस अभियान का उद्देश्य व्यवहार न्यायालय और सरकारी संस्थाओं में लंबित वादों को पक्षकारों के बीच मध्यस्थ और सुलह के आधार पर निष्पादन करना है। यह अभियान न्याय की प्रत्याशा में विचाराधीन स्थिति में वादों का निपटारा करने में मदद करेगा।

  • गया जंक्शन पर आरपीएफ/जीआरपी की संयुक्त कार्यवाही, ₹2.25 लाख के मादक पदार्थ के साथ एक गिरफ्तार

    गया जंक्शन पर आरपीएफ/जीआरपी की संयुक्त कार्यवाही, ₹2.25 लाख के मादक पदार्थ के साथ एक गिरफ्तार

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति को 15 किग्रा पॉपी हस्क पाउडर(डोडा) मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है।

    अभियुक्त का विवरण

    • नाम: नीतीश कुमार
    • उम्र: 21 वर्ष
    • पिता: कौशल प्रसाद यादव
    • पता: गांव – रेवा, थाना मसौढ़ी, जिला पटना, बिहार

    बरामदशुदा मादक पदार्थ

    • पॉपी हस्क पाउडर
    • वजन: 15 किलोग्राम
    • अनुमानित कीमत: 2,25,000 (दो लाख पच्चीस हजार रुपया)

    अभियुक्त का बयान

    अभियुक्त ने बताया कि वह मादक पदार्थ को मसौढ़ी, जहानाबाद (बिहार) से अयोध्या (उत्तर प्रदेश) ले जाने के लिए गया स्टेशन आया था।

    कार्यवाही

    अभियुक्त को जीआरपी थाना गया में मु.अ.सं.- 25/26 Dated 31.01.25 U/S 8/18(C) /20(C) एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

  • अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में जनसमूह ने कुष्ठ मरीज के हितों की रक्षा का दुहराया संकल्प, दयालु प्रसाद बने राष्ट्रीय अध्यक्ष

    अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में जनसमूह ने कुष्ठ मरीज के हितों की रक्षा का दुहराया संकल्प, दयालु प्रसाद बने राष्ट्रीय अध्यक्ष

    देवब्रत मंडल

    प्रदेश अध्यक्ष डॉ. वी.के मंडल का मुंह मीठा करते राष्ट्रीय सुरक्षा दयालु प्रसाद

    बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के तत्वावधान में 30 जनवरी को कुष्ठ निवारण दिवस व अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा का आयोजन किया गया। गया जी के गौतम बुद्ध कुष्ठ आश्रम, छोटकी नवादा में कार्यक्रम आयोजित की गई। महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार के रक्सौल, बख्तियारपुर, दानापुर, मसौढ़ी, गया जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुष्ठ रोगियों के हित कार्य कर रही संस्थाओं व आश्रम के मरीज एवं इनके प्रतिनिधि शामिल हुए।

    सभा को संबोधित करते मेयर गणेश पासवान


    सभा को संबोधित करते हुए गया जी नगर निगम के महापौर बीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने कुष्ठ रोगियों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष का वचन दिया। पूर्व डिप्टी मेयर अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने हर पल साथ देने की बात कही। आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार मंडल ने कहा वे देश के कई राज्यों का भ्रमण कर वहां के कुष्ठ रोगियों की समस्याओं को जाना है। उनके अधिकार को सरकार से दिलवाने का काम किया है।

    उन्होंने पूरे देश में कुष्ठ रोगियों को सरकार की ओर से ₹5000/- मासिक पेंशन देने की मांग की। उन्होंने कहा गौतमबुद्ध कुष्ठ आश्रम परिसर में आवास योजना का लाभ मरीजों को मिलना चाहिए। श्री मंडल ने आगे कहा कि कुष्ठ रोगियों के बैंक में खोले गए खाते का केवाईसी नहीं हो पा रहा है। ऐसे लोगों के लिए देश के सभी बैंक में आंखों से (मशीन द्वारा) केवाईसी किए जाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। ताकि सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहें। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोगियों के लिए मोबाइल फोन, आधार कार्ड की अनिवार्यता को समाप्त होना चाहिए। अस्पताल से मरीजों को हटाकर इस आश्रम से बाहर भेजने और जमीन को किसी दूसरे प्रयोग में लाने हेतु साजिश रची जा रही है। जो कतई नहीं होने दिया जाएगा।

    सभा में उपस्थिति लोग


    उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोगियों के हितों की रक्षा के लिए नीतीश कुमार की सरकार कृतसंकल्पित है। लेकिन कुछ लोगों के द्वारा सरकार को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। श्री मंडल ने कहा किसी हाल में गौतम बुद्ध कुष्ठ आश्रम की जमीन को किसी दूसरे प्रयोग में नहीं लाए जाने दिया जाएगा। क्योंकि यह जमीन कुष्ठ मरीजों को आश्रम के लिए दान में मिला है।

    सभा को संबोधित करते पूर्व डिप्टी मेयर


    इसके पहले गांधी जी की पुण्यतिथि पर कुष्ठ आश्रम परिसर में बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस मौके पर जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ पंकज कुमार सिंह, जिला कुष्ठ समीक्षा समिति के सदस्य डॉ जितेंद्र कुमार, कमलेश कुमार, बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष डॉ विनोद कुमार मंडल आदि उपस्थित थे।

    बापू की प्रतिमा के समक्ष संकल्प दुहराते लोग
    सभा का संचालन करते देवब्रत मंडल, संपादक, मगध लाइव न्यूज़


    प्रतिनिधि सभा में सर्वसम्मति से स्वाबलंबी सेवाश्रम, बिंदउआ, लखनऊ, उत्तर प्रदेश के दयालु प्रसाद को ‘अखिल भारतीय कुष्ठ एवं सर्वहितकारी कल्याण समिति’ का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। सभा का संचालन magadhlive news के ब्यूरो चीफ देवब्रत मंडल, अधिवक्ता ने किया। कार्यक्रम का समापन वार्ड नं 04 के पार्षद प्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप कुमार मंडल के अभिभाषण से हुआ। इस मौके पर कई वार्ड पार्षद, विभिन्न राजनीतिक दलों के अलावा सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग उपस्थित थे। सभा के समापन पर सभी ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि कुष्ठ रोगियों के हितों के लिए बगैर किसी भेदभाव के संघर्ष करेंगे।

  • सोना लूटकांड: सफलउद्भेदन, लूटे गए सोने में से 41.75 ग्राम बरामद, पूर्व थानाध्यक्ष को मिला था 98 ग्राम हिस्सा, जो मोहित से दिया था बेच

    सोना लूटकांड: सफलउद्भेदन, लूटे गए सोने में से 41.75 ग्राम बरामद, पूर्व थानाध्यक्ष को मिला था 98 ग्राम हिस्सा, जो मोहित से दिया था बेच

    देवब्रत मंडल

    प्रेस कांफ्रेंस में रेल मुख्यालय डीएसपी भास्कर रंजन

    मंगलवार की शाम गया रेल थाना में प्रेस कांफ्रेंस में पटना रेल मुख्यालय के डीएसपी भास्कर रंजन ने गया में 21 नवंबर 2025 को हुए सोना लूटकांड मामले में एक बड़ा खुलासा किया। डीएसपी श्री रंजन ने बताया कि गया रेल थाना के अंतर्गत मानपुर जंक्शन के समीप अज्ञात अपराधियों द्वारा गोल्ड कुरियर धनंजय शास्वत पिता-स्व. बनवारी लाल शास्वत, सा.-बाना-करचा, जिला-पूर्णिया से सोना लूट की गंभीर घटना हुई थी। घटना की सूचना प्राप्त होते ही पटना रेल के तत्कालीन एसपी के निर्देश पर रेल थाना गया के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह द्वारा 29.11.2025 को संबंधित कांड में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।

    अनुसंधान में आई कई चौकाने वाले तथ्य सामने

    पूर्व गया रेल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह

    डीएसपी श्री रंजन ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में यह तथ्य प्रकाश में आया कि उक्त कांड में तत्कालीन थानाध्यक्ष के साथ-साथ चार सिपाही एवं दो अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता पाई गई है। इसके पश्चात दिनांक-30.12.2025 को रेल पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर उनके (रेल पुलिस उपाधीक्षक,मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। रेल पुलिस अधीक्षक, पटना द्वारा तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह एवं चार फरार सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। आगे बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 24 घंटे के अंदर दिनांक 31.12.2025 को तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में गया सेंट्रल जेल भेज दिया गया।

    परवेज आलम का आरओ प्लांट,जहाँ सोना काटा गया

    सोना परवेज के आरओ प्लांट पर ही काटा गया था

    उन्होंने बताया एसआईटी टीम द्वारा अग्रतर अनुसंधान में यह तथ्य सामने आया कि लूटे गए सोने को विनोद कुमार द्वारा 1500/-रू में चाकंद थाना अंतर्गत स्थित परवेज आलम के ASM RO Plant में काटा गया था। जिसके लिए विनोद बरनवाल को ले जाया गया था।

    अप्रथमिक अभियुक्त मोहित अग्रवाल की दुकान

    अनुसंधान में मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू का नाम आया सामने

    अनुसंधान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू जो गया स्थित “गोल्ड हाउस” नामक स्वर्णाभूषण दुकान का संचालक है(गया बुलियन एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष) का नाम प्रकाश में आया। उन्होंने बताया कि अनुसंधान के दौरान मोहित अग्रवाल, परवेज आलम एवं तत्कालीन रेल थानाध्यक्ष के तकनीकी अनुसंधान से साक्ष्य प्राप्त हुए। संदिग्ध पाए जाने पर उनसे पूछताछ की गई।

    रेल थानाध्यक्ष का सरकारी आवास

    निलंबित थानाध्यक्ष ने ही कॉल कर अपने सरकारी आवास पर बुलाया था

    डीएसपी भास्कर रंजन ने अहम जानकारी दी कि पूछताछ के क्रम में मोहित अग्रवाल द्वारा यह स्वीकार किया गया कि तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह द्वारा उसे मोबाइल फोन पर कॉल कर अपने आवास पर बुलाया गया था। जब वह तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह के आवास पर पहुंचा तो यहीं परवेज आलम पहले से ही थानाध्यक्ष के आवास पर मौजूद था।

    निलंबित थानाध्यक्ष ने हिस्से में मिले सोना को ₹11.28 लाख में बेच दिया

    डीएसपी ने बताया कि इस मामले में हुई पूछताछ में यह बात मोहित ने स्वीकार कर लिया है कि तत्कालीन थानाध्यक्ष द्वारा 98 ग्राम सोना उसे विक्रय किया गया। जिसके बाजार मूल्य की जानकारी लेने के पश्चात निर्धारित दर पर उसके द्वारा ₹ 11,28,000/- (ग्यारह लाख अठाईस हजार रू) का भुगतान किया गया। मोहित के इस बयान से साफ हो रहा है कि लूट का सोना जो काटा गया था, उसमें से 98 ग्राम सोना इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह को हिस्से में मिला था।

    मोहित अग्रवाल के घर से मिला 41.75 ग्राम लूट का सोना

    उन्होंने बताया कि अनुसंधान के क्रम में मोहित अग्रवाल (स्वर्णकार) के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर एसआईटी टीम के द्वारा छापामारी की गई। छापामारी के दौरान गोल्ड हाउस के ज्वेलरी दुकानदार मोहित अग्रवाल के घर के कमरा में रखा आलमीरा से 41.75 ग्राम सोना बरामद किया गया। शेष सोने के संबंध में उनके द्वारा बताया गया कि उससे आभूषण तैयार कर ग्राहकों को विक्रय कर दिया गया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मोहित अग्रवाल को इस कांड में अप्राथमिकी अभियुक्त पाते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

    अप्राथमिक अभियुक्त मोहित गया सराफा बाजार का है रहने वाला

    डीएसपी श्री रंजन ने बताया कि कांड में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी एवं शेष सोने की बरामदगी हेतु एसआईटी टीम के द्वारा विभिन्न जगहों पर छापामारी की जा रही है। उन्होंने बताया अप्राथमिकी अभियुक्त का नाम/पता- मोहित अग्रवाल उर्फ गोलू (गोल्ड हाउस नामक स्वर्णाभूषण दुकान का संचालक) पे०-रामजी अग्रवाल, सा०-टावर चौक सराफा, थाना कोतवाली, जिला-गयाजी है।

    फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाने का दावा

    रेल मुख्यालय डीएसपी भास्कर रंजन ने यह भी कहा कि इस कांड में फरार चल रहे रेल थाना के चार सिपाही तथा परवेज आलम और गया रेल थाना के पूर्व वाहन चालक सीताराम को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इन सभी के गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट जारी कर दिया गया है।

    घटना हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस में हुई थी

    बताते चलें कि यह घटना 21 नवंबर 2025 हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस में को हुई थी। इस ट्रेन के साधारण कोच में मनोज सोनी नामक स्वर्ण व्यवसायी का कूरियर धनञ्जय शाश्वत सोना लेकर जयपुर के लिए चला था। इस बीच गया रेल थाना का चार सिपाही बगैर उच्चाधिकारियों के अनुमति के क्षेत्राधिकार से बाहर कोडरमा चले गए थे। साथ में परवेज आलम और सीताराम भी था। घटना गया रेल थाना क्षेत्र में मानपुर जंक्शन के आसपास हुई थी।