Blog

  • एकजुट होकर काम करने से ही पितृपक्ष मेला सफल होगा:राजीव रंजन

    एकजुट होकर काम करने से ही पितृपक्ष मेला सफल होगा:राजीव रंजन

    देवब्रत मंडल

    निरीक्षण करते हुए निर्देश देते सीनियर डीसीएम

    गया रेलवे स्टेशन पर पितृपक्ष मेले के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए रेलवे अधिकारी लगातार प्रयासरत हैं। सीनियर डीसीएम राजीव रंजन कुमार ने सोमवार को गया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और कहा कि सभी प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को समान सुविधाएं मिल रही हैं।

    निरीक्षण के प्रमुख बिंदु:

    • यात्री सुविधाएं: रेलयात्रियों की सुविधाओं पर चर्चा करते हुए एक सूची तैयार की गई है।
    • बेटिकट यात्री: बेटिकट यात्रियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
    • वाहन पार्किंग: स्टेशन परिसर में ऑटो, इ-रिक्शा, रिक्शा और बाइक अपने निर्धारित स्थान पर ही लगाने की अपील की गई है।
    • जाम की समस्या: ऑटो स्टैंड में ऑटो लगने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म से आने-जाने में जाम की समस्या नहीं हो रही है।
    • नियम पालन: नियम और कानून के तहत ही वाहनों का परिचालन करने की सलाह दी गई है, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

    सीनियर डीसीएम राजीव रंजन कुमार ने जोर देकर कहा कि एकजुट होकर काम करने से ही पितृपक्ष मेला सफल होगा। उनका कहना है कि सभी को मिलकर प्रयास करना होगा ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।

  • रेल कर्मचारियों के नेता सुरेश प्रसाद उर्फ मामा जी नहीं रहे, शोक में डूबे रेलकर्मी व लोको कॉलोनी के लोग

    रेल कर्मचारियों के नेता सुरेश प्रसाद उर्फ मामा जी नहीं रहे, शोक में डूबे रेलकर्मी व लोको कॉलोनी के लोग

    देवब्रत मंडल

    File photo

    रेल कर्मचारियों के नेता सुरेश प्रसाद उर्फ मामा जी का निधन सोमवार की शाम पटना में इलाज के दौरान हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही लोको कॉलोनी के लोग शोक में डूब गए। लोगों ने इनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।स्व. मामा जी आल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के सर्वमान्य नेता थे। लोको पायलट की समस्याओं को लेकर बराबर संघर्षशील रहे। लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के नेताओं ने भी इनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। शुरू से ही रेलकर्मियों एवं उनके आश्रितों के हितों को लेकर संघर्ष करते हुए आए हैं। इनके निधन पर वार्ड नं 04 के पूर्व पार्षद डॉ विनोद कुमार मंडल ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हमने अपना अभिभावक खो दिया। वहीं सेवानिवृत्त रेलकर्मी देवकीनंदन प्रसाद उर्फ डीएन प्रसाद, बलदेव प्रसाद, तौहिद आलम, नेहाल खान, सनाउल्लाह खां, गयासुद्दीन आदि ने इनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वहीं लोको कॉलोनी के फुटबॉल, क्रिकेट खिलाड़ियों ने इनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि लोको फील्ड में खेलकूद की गतिविधियों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने वाले एक सशक्त अभिभावक को हम सभी ने खो दिया है। सभी ने इस दुःख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार को धीरज धारण करने की असीम शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

  • वरिष्ठ साहित्यकार सुनील सौरभ रचित पुस्तक यात्रा वृतांत ‘यायावर’ का विमोचन

    वरिष्ठ साहित्यकार सुनील सौरभ रचित पुस्तक यात्रा वृतांत ‘यायावर’ का विमोचन

    स्तुत्य कार्य है पिता की अप्रकाशित पुस्तक का प्रकाशन कराना, वरिष्ठ पत्रकार सुनील सौरभ का निधन 22 अप्रैल 2023 को हुआ था

    देवब्रत मंडल

    पुस्तक विमोचन करते गण्यमान्य

      वरिष्ठ पत्रकार व साहित्यकार सुनील सौरभ रचित यात्रा वृतांत “यायावर” का विमोचन रविवार की रात्रि को विष्णुपद स्थित मुख्य मंच से किया गया। यह पुस्तक स्मृतिशेष साहित्यकार के पुत्र सिद्धार्थ कुमार द्वारा प्रकाशित किया गया है। श्री वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने पुस्तक लोकार्पण करते हुए कहा कि पितृपक्ष के पावन अवसर पर एक पुत्र द्वारा पिता की अप्रकाशित पुस्तक का प्रकाशन कर विमोचन कराना निःसंदेह अद्भुत और स्तुत्य कार्य है। इसकी सर्वत्र सराहना की जानी चाहिए। इस अवसर पर कथा वाचिका देवी अनुराधा सरस्वती, साहित्यकार डॉ. सच्चिदानंद प्रेमी, डॉ. रामकृष्ण मिश्र, मुकेश कुमार सिन्हा, संतोष क्रांति व विनोद बरबिगहिया, पूर्व पार्षद लालजी प्रसाद, स्टेशन मैनेजर जुगेश कुमार सिन्हा, अधिवक्ता धर्मेंद्र कुमार उर्फ़ सिब्लू सिंह, समाजसेवी मुनीराम दूबे, राम प्रवेश शर्मा, ज्ञानेंद्र सिंह, रमाकांत शर्मा उर्फ़ छोटू आदि उपस्थित थे। पुस्तक लोकार्पण के पूर्व स्वामी जी और कथा वाचिका को साहित्यकार पुत्र सिद्धार्थ कुमार एवं पुत्री सुरभि द्वारा माल्यार्पण एवं अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
      गौरतलब हो कि वरिष्ठ पत्रकार सुनील सौरभ का निधन 22 अप्रैल, 2023 को हो गया और यह कृति अप्रकाशित थी, जिसे उनके पुत्र द्वारा प्रकाशित किया गया। प्रस्तुत किताब में श्री नाथद्वारा, उदयपुर, हल्दीघाटी, अयोध्या, कुशीनगर, कौलेश्वरी, जम्मू, वैशाली, इटखोरी, हरिद्वार एवं राजापुर की यात्रा का संस्मरण शामिल है।

    • राजस्व महाअभियान शिविर में उमड़ी रैयतों की भीड़, 350 से अधिक लोगों ने दिए आवेदन

      राजस्व महाअभियान शिविर में उमड़ी रैयतों की भीड़, 350 से अधिक लोगों ने दिए आवेदन

      प्रचार प्रसार के अभाव में छूट जा रहे अधिसंख्य रैयत, कर्मचारियों के सहयोगात्मक व्यवहार से सभी खुश थे

      देवब्रत मंडल

      गया जी जिले के सदर अंचल चंदौती के राजस्व ग्राम कंडी नवादा 189 के रैयतों की सुविधा को लेकर सोमवार को वार्ड नं 04 में शिविर आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से करीब 350 से अधिक रैयतों ने ऑन द स्पोर्ट आवेदन शिविर में उपस्थित कर्मचारियों को उपलब्ध कराया।
      कई रैयतों ने कहा कि इस शिविर के माध्यम से वर्षों से चली आ रही भूमि संबंधित समस्याओं की जानकारी प्राप्त हुई और कर्मचारियों ने उचित मार्गदर्शन किया।
      गया जी नगर निगम के वार्ड 04 अंतर्गत गौतम बुद्ध कुष्ठ आश्रम सह अस्पताल परिसर में आयोजित शिविर में राजस्व कर्मचारी विकास चौधरी के साथ कई स्टाफ उपस्थित रहे। जो शिविर में आ रहे रैयतों को इंडेक्स के अनुसार रैयतों के नाम पता कर क्रमांक से उन्हें सूची से कागजात उपलब्ध करा रहे थे। कई रैयतों की जमीन के कागजातों (अंचल कार्यालय द्वारा निर्गत) में जो त्रुटियां दिखाई दे रही थी उसके निदान के उपाय भी कर्मचारी बता रहे थे।

      20 सितंबर को पुनः आयोजित किया जाएगा शिविर, कई लोग छूट रहे

      राजस्व कर्मचारी विकास चौधरी ने बताया कि इस राजस्व ग्राम के रैयतों के लिए पुनः 20 सितंबर को शिविर आयोजित किया जाएगा। जिसमें रैयत पर्याप्त कागजातों के साथ जमा करेंगे। इसके बाद उनकी समस्याओं का हल निकालने का कार्य किया जाएगा। हालांकि इस शिविर में यह भी देखने को मिले कि कई रैयत सरकारी जमीन के भी केवाला लेकर आए थे, जो जमाबंदी कायम करने के लिए कर्मचारियों के पास मनुहार कर रहे थे। वहीं कुछ लोग ऐसे में थे, जिनकी जमीन बेलगान थी। उन्हें भी कर्मचारी के द्वारा आवश्यक प्रक्रिया अपनाने के लिए सलाह दे रहे थे। कुल मिलाकर शिविर में काफी संख्या में लोग आए और अधिसंख्य लोग नहीं आ सके थे।
      कुछ रैयतों का कहना था कि सरकार को चाहिए कि जिस दिन, जिस स्थान पर शिविर आयोजित किया जाना है, उस राजस्व ग्राम में दो दिन पहले प्रचार प्रसार करा दें ताकि जरूरतमंद लोग इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।

    • यहां इस वजह से लग जाते हैं जूते चप्पल के मेले, फिर ये विभाग संभालती है जिम्मेदारी

      यहां इस वजह से लग जाते हैं जूते चप्पल के मेले, फिर ये विभाग संभालती है जिम्मेदारी

      देवब्रत मंडल

      गया जी के मेला क्षेत्र में छोड़ दी गई जूते व चप्पल

      आप इस खबर के साथ लगाई गई तस्वीर को देख कर हैरान हो रहे होंगे कि आखिर इतने सारे जूते चप्पल यहां क्यों पड़े हैं। ये तस्वीर सच्ची है और इसके पीछे की कहानी कुछ और है। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर ये जूते चप्पल यहां किसके छूट गए हैं तो ये गलती से छूट नहीं गए हैं बल्कि छोड़ दिए गए हैं।

      लाखों की संख्या में आते हैं यहां पिंडदानी

      गया जी में पितरों को मोक्ष प्राप्त हो इसके लिए यहां हर वर्ष आश्विन मास के कृष्ण पक्ष में पितृपक्ष मेला लगता है। सनातन धर्म के मानने वाले लोगों की अवधारणा है कि गया जी में पिंडदान करने से पितरों को मोक्ष प्राप्त होता है। इसको लेकर लाखों की संख्या में पिंडदानी आते हैं और पिंडदान करते हैं।

      पिंडदानियों में कुछ रहती है इस बात की अवधारणा

      इस पितृपक्ष मेला में आने वाले लोगों में एक अवधारणा है कि यहां पिंडदान करने के लिए आने के बाद अपने शरीर में धारण करने वाले कोई वस्तु यहीं छोड़ देना चाहिए। इसी अवधारणा के मानने वाले लोगों में से कोई जूता तो कोई चप्पल, कोई वस्त्र तो कोई और अंगवस्त्र या वस्तुएं छोड़ कर अपने घर को लौट जाते हैं। यही वजह है कि यहां जूते चप्पल का मेला सा लग जाता है।

      पिंडदानियों ने बताया अपनी बातें

      महाराष्ट्र से आए पिंडदानी रमेश चंद्र ने बताया कि उनके घरवालों ने कहा था कि पिंडदान करने गया जी जाने के बाद कोई वस्तु वहीं छोड़ कर आएं। वहीं गुजरात से आए पिंडदानी कृष्ण, योगेश आदि ने कहा कि पितरों को पिंडदान और जल अर्पित करने के बाद शरीर में धारण किए गए कोई वस्तु को यहीं छोड़कर जाने की मान्यता रही है तो हम अपने चप्पल छोड़कर चले जायेंगे।

      नगर विकास एवं आवास विभाग संभालती है जिम्मेदारी

      इसके आगे चलकर अब इन जूते चप्पल व वस्त्रों या अन्य त्याजी गई वस्तुओं को हटाने की जिम्मेदारी नगर विकास एवं आवास विभाग की है। गया जी नगर निगम के द्वारा इन जूते चप्पलों और वस्त्रों को मेला क्षेत्र से उठवाया जाता है। ताकि मेला क्षेत्र में गंदगी नहीं हो जिससे श्रद्धालुओं की भावना आहत नहीं हो।

      एक ट्रैक्टर जूते चप्पल को उठाकर स्टोर में रखा गया

      एक ट्रैक्टर जूते चप्पलों को उठवाकर गया जी नगर निगम के स्टोर में लाया गया है। वस्त्रों को कचरा प्रबंधन से जुड़े लोगों के हवाले कर दिया जाता है। ताकि इसका सदुपयोग किया जा सके। निगम के पदाधिकारी ने नाम न सामने लाने की शर्त पर बताया कि एक ट्रैक्टर जूते चप्पल विष्णुपद मंदिर क्षेत्र से उठवाकर रखा गया है। और भी लाया जाना है।

    • ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर रेलपथ में आई दरार, थम गई ट्रेनों की रफ्तार

      ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर रेलपथ में आई दरार, थम गई ट्रेनों की रफ्तार

      देवब्रत मंडल

      पटरी में आई दरार, युगल फिस प्लेट

      पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल अंतर्गत गया-कोडरमा ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर रविवार को रेलकर्मियों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। इस रेलखंड के अप लाइन पर ट्रेनें धीमी गति से पास कराई गई। दअरसल हुआ यह कि रेल पटरी में दरार(क्रैक) की जानकारी की मैन द्वारा प्राप्त होते ही एहतियातन ट्रेन को विभिन्न स्टेशनों पर रोक लिया गया। बताया गया कि टनकुप्पा रेलवे स्टेशन के पास 450/7-9 किमी पर अप लाइन के रेलवे ट्रैक में दरार आने से कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। यह घटना रविवार सुबह हुई, जब स्थानीय रेलवे कर्मचारियों ने ट्रैक में दरार की सूचना दी।

      इन ट्रेनों को एहतियात के तौर पर रोक लिया गया

      • धनबाद-गया-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस
      • कुछ मालगाड़ियां

      कार्रवाई:

      • रेलवे अधिकारियों और इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक की जांच की और दरार को ठीक किया।
      • सुबह 7:35 बजे से 10:30 बजे तक मरम्मत का काम चला।
      • इसके बाद से गया-कोडरमा रेलखंड पर ट्रेन परिचालन सामान्य रूप से शुरू हो गया।
      • दरार वाले हिस्से को अस्थायी रूप से युगल जोड़ी लोहे की प्लेट लगाकर दुरुस्त किया गया और ट्रेनों को धीमी गति 30 किमी प्रति घन्टे की रफ्तार से कॉशन पर गुजारा गया।

      महत्वपूर्ण पहलू:

      • पेट्रोल मैन (ट्रैक देखने वाला कर्मचारी) की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया।
      • इस दौरान कोई हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
      • रेलवे ने ट्रैक की निगरानी और पेट्रोलिंग व्यवस्था को और सख्त करने का निर्देश दिया है।
    • पटना में गया जी के रेवाड़ा निवासी वसीम अंसारी लगातार तीसरी बार हुए सम्मानित

      पटना में गया जी के रेवाड़ा निवासी वसीम अंसारी लगातार तीसरी बार हुए सम्मानित

      देवब्रत मंडल

      रविन्द्र भवन पटना में रविवार को प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से 13वाँ शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बिहार के डीजीपी विनय कुमार सिंह, आईपीएस विकाश वैभव, कटिहार के सांसद तारिक अनवर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैय्यद स्माइल अहमद ने बेलागंज प्रखंड के एम डब्लू मिशन स्कूल, रेवाड़ा के संचालक मोहम्मद वसीम अंसारी को बैग और मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया।
      खास बात यह रही कि वसीम अंसारी को यह सम्मान लगातार तीसरी बार मिला है। सम्मान प्राप्त करने पर उन्होंने कहा कि “शिक्षा ही समाज का असली प्रकाश है। हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना जरूरी है।”

    • बाराचट्टी में केन्द्रीय विद्यालय के नए भवन निर्माण कार्य का प्रधानमंत्री करेंगे शिलान्यास, तैयारियां पूरी

      बाराचट्टी में केन्द्रीय विद्यालय के नए भवन निर्माण कार्य का प्रधानमंत्री करेंगे शिलान्यास, तैयारियां पूरी

      देवब्रत मंडल

      विद्यालय भवन

      गया जी जिले के बाराचट्टी स्थित 205 कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ परिसर में केंद्रीय विद्यालय के नए भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
      प्रधानमंत्री श्री मोदी इस भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास आभासी(वर्चुअल) माध्यम से 16 सितंबर को करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर तैयारी की जा रही है। इस कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां होंगे। इस शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य रूप से सांसद सह केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, बाराचट्टी के विद्यायक ज्योति देवी आदि भी उपस्थित रहेंगे।

      कार्यक्रम स्थल पर तैयारी


      विद्यालय के प्रिंसिपल नवनीत कुमार ने बताया कि यहां पूर्व से ही विद्यालय संचालित हो रहे हैं विद्यालय का नया भवन हो जाने से इस सुदूरवर्ती इलाके के बच्चों  की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्चतर माध्यमिक शिक्षा और भी बेहतर तरीके से प्रदान करने में सहायक साबित होगा।
      उन्होंने बताया बाल बाटिका, प्राथमिक एवं + 2 तक माध्यमिक शिक्षा के लिए यहां छात्र छात्राओं के लिए वर्ग संचालन किया जाएगा। उन्होंने बताया इस कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय संगठन, पटना संभाग के पदाधिकारियों के साथ 205 कोबरा बटालियन सीआरपीएफ के अधिकारियों के अलावा क्षेत्र के गण्यमान्य भी शामिल हो रहे हैं।

      नवनीत कुमार, प्राचार्य
    • बागेश्वरी गुमटी:आरओबी निर्माण को लेकर आया नया अपडेट, 16 सितंबर को होगी महत्वपूर्ण बैठक

      बागेश्वरी गुमटी:आरओबी निर्माण को लेकर आया नया अपडेट, 16 सितंबर को होगी महत्वपूर्ण बैठक

      देवब्रत मंडल

      बागेश्वरी गुमटी

      पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत गया-मानपुर जंक्शन के बीच ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर आरओबी निर्माण को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है। बागेश्वरी गुमटी के पास आरओबी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण बैठक 16 सितंबर को गया जी के अपर समाहर्ता के कक्ष में होगी। इस बैठक में अबतक हुए सामाजिक प्रभाव आंकलन की रिपोर्ट(प्रतिवेदन) पर विशेषज्ञ समिति के लोगों के साथ चर्चा, विचार विमर्श व इसका मूल्यांकन किया जाएगा। उम्मीद जताई गई है कि इस बैठक में रखे जाने वाले सुझावों पर सहमति बनाई जाएगी। इसके बाद उसके आधार पर आरओबी के निर्माण कार्य में आगे की कार्यवाही बढ़ेगी।

      बैठक में ये सभी रहेंगे शामिल

      इस बैठक में मविवि, बोधगया के समाज शास्त्र के विभागाध्यक्ष प्रो. दीपक कुमार, समाज शास्त्र विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर प्रो. प्रमोद चौधरी, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर-सह-वरीय परियोजना अभियंता आकाश दीप, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान के शोधकर्ता, गया जी नगर निगम के वार्ड नं 04 की पार्षद अनुपमा कुमारी, वार्ड नं 10 के पार्षद गोपाल पासवान एवं भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता शामिल होंगे।

      जनसुनवाई में प्रभावित लोगों ने रखी थी अपनी-2 बातें

      28 जुलाई को शहर के बागेश्वरी मंदिर के जनसुनवाई हुई थी। जिसमें बागेश्वरी, पावरगंज, बैरागी, पहसी के लोग शामिल हुए थे। चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, पटना के तत्वावधान में हुई इस जनसुनवाई में इस परियोजना से प्रभावित लोगों ने अपनी अपनी बातें रखते हुए सरकार से आग्रह किया था कि यहां पर पुल बनने से उन्हें काफी नुकसान होगा। इस जनसुनवाई में अपर जिला भू अर्जन पदाधिकारी, सदर अंचल के पदाधिकारी उपस्थित हुए थे। प्रभावित परिवारों ने एकस्वर में अपनी हितों की रक्षा करने की बात कही थी। इसके बाद संस्थान ने अपनी रिपोर्ट जिलापदधिकारी को समर्पित किया था।

      मुख्यमंत्री पिछले दिनों ही आरओबी निर्माण कार्य की रखी थी आधारशिला

      बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 3 सितंबर को गया जी आए थे। इस दिन मुख्यमंत्री ने गया जी जिले में अपनी प्रगति यात्रा के क्रम में की गई विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखी थी। जिसमें बागेश्वरी गुमटी पर बनने वाले आरओबी भी शामिल था। इसके अलावा मानपुर के मुफस्सिल मोड़ पर फ्लाई ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य योजना की आधारशिला रखी गई थी।

      … और इसके बाद

      सूत्रों की मानें तो इस महत्वपूर्ण बैठक के बाद इस आरओबी के निर्माण को लेकर भू अर्जन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बता दें कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए सरकार को अपनी जमीन के अतिरिक्त रैयतों की भी भूमि की आवश्यकता हो रही है। जो प्रक्रियाधीन है।

    • मेला चढ़ा परवान, उमड़ रही भीड़, ड्रोन कैमरे से की जा रही निगरानी, स्थितियों पर वरिष्ठ अधिकारियों की नजर

      मेला चढ़ा परवान, उमड़ रही भीड़, ड्रोन कैमरे से की जा रही निगरानी, स्थितियों पर वरिष्ठ अधिकारियों की नजर

      देवब्रत मंडल

      गया जंक्शन पर भीड़

      गया जी में 06 सितंबर से पितृपक्ष मेला 2025 जारी है। कई तीर्थयात्रियों का ट्रेन द्वारा यहां आगमन हो रहा है। गया जंक्शन पर भीड़ उमड़ रही है। यह मेला 21 सितंबर तक चलेगा। ट्रेन द्वारा गया जी आ रहे तीर्थयात्रियों एवं सामान्य यात्रियों की सुरक्षा, सहायता प्रदान करने के लिए आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम प्लेटफार्म पर और स्टेशन परिसर में तैनात किए गए हैं।

      ड्रोन कैमरे से निगरानी की तैयारी में आरपीएफ की टीम


      सुरक्षा के दृष्टिकोण से ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जा रही है। आरपीएफ, सीआईबी, सीडीपीएस, रेल पुलिस की संयुक्त टीम निरंतर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जगह जगह पर नजरें गड़ाए हुए हैं। जरूरतमंद लोगों की सहायता प्रदान की जा रही है। ड्रोन कैमरे के सहारे पूरे स्टेशन क्षेत्र में निगरानी के लिए हर दो घन्टे पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
      पूर्व मध्य रेल प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमरेश कुमार यहां की स्थितियों पर सतत नजर रख रहे हैं। वहीं डीडीयू मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त जेथिन बी. राज गया जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मोनेटरिंग कर रहे हैं।

      गया जंक्शन

      गया जंक्शन पर डीडीयू मंडल मुख्यालय के अलावा अन्य आरपीएफ पोस्ट के पदाधिकारी व जवानों को यहां तैनाती की गई है। वहीं राजकीय रेल पुलिस के वरीय रेल पुलिस अधीक्षक अमृतेन्दु शेखर ठाकुर भी यहां की स्थितियों पर नजर बनाए हुए हैं। दूसरे जिला बल के पदाधिकारी व जवानों की भी यहां ड्यूटी पर लगाई है। फ्लैग मार्च, औचक जांच और निरीक्षण स्थानीय पदाधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में की जा रही है। बता दें कि पितृपक्ष मेला परवान चढ़ गया है। रेल मार्ग से आने जाने वाले यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए डीडीयू मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीना समय समय पर गया जंक्शन आना जाना कर रहे हैं। वहीं सीनियर डीसीएम राजीव रंजन यात्री सुविधाओं की मोनेटरिंग कर रहे हैं।

      होल्डिंग एरिया में लगाई गई किराया तालिका