Blog

  • गया जंक्शन पर पकड़े गए तीन अंतरजिला अपराधी, चोरी के सात मोबाइल जब्त

    गया जंक्शन पर पकड़े गए तीन अंतरजिला अपराधी, चोरी के सात मोबाइल जब्त

    देवब्रत मंडल

    गया रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत एक बड़ी कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम ने तीन अभियुक्तों को सात अदद चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम जाहीर आलम उर्फ अब्बास, सुशील कुमार और शाहनवाज हैं।जाहीर आलम उर्फ अब्बास, उम्र 32 वर्ष, पिता काजिम हुसैन, पता मुकरी चक, थाना टेकारी, जिला गया, सुशील कुमार, उम्र 28 वर्ष, पिता कैलाश ठाकुर, पता सीताराम मंदिर, थाना नगर, जिला सीतामढ़ी तथा शाहनवाज, उम्र 22 वर्ष, पिता मुबारक हुसैन, पता तेलता माधोपुर, थाना बलरामपुर, जिला कटिहार का रहनेवाला है। आरपीएफ के इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से सात एंड्राइड मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत: ₹1,05,000 है। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था, गया स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली तो तीनों अभियुक्तों को पकड़कर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए।अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने गया रेलवे स्टेशन से यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी किए थे। जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 238/25 दिनांक 09.08.25 अंतर्गत धारा 313, 317(5) भारतीय न्याय संहिता दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

  • ब्रेकिंग न्यूज़: गया के मेमू शेड में रेलकर्मियों के साथ लूट व मारपीट, रेल थाना के सामने किया प्रदर्शन, रेल का चक्का जाम करने की चेतावनी

    ब्रेकिंग न्यूज़: गया के मेमू शेड में रेलकर्मियों के साथ लूट व मारपीट, रेल थाना के सामने किया प्रदर्शन, रेल का चक्का जाम करने की चेतावनी

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन के मेमू शेड में ड्यूटी के दौरान लोको पायलट(शंटिंग) राजू कपूर एवं मैन्टेन्स स्टाफ अजित कुमार सिन्हा आदि के साथ मारपीट एवं लूट की घटना हुई है। रेलकर्मी को रिवॉल्वर का भय दिखाकर उसके मोबाइल नंबर से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करवा लिया गया है। पीड़ित रेलकर्मी ने अपने कार्यालय(चीफ क्रू कंट्रोलर अजय कुमार) को इस घटना की लिखित सूचना दी है। चीफ क्रू कंट्रोलर ने बताया कि पीड़ित रेलकर्मी रेल थाना में अपनी शिकायत दर्ज कराने पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि कल श्री कपूर के साथ कुछ मैन्टेन्स स्टाफ को मेमू शेड में ड्यूटी लगाई गई थी, जहां ड्यूटी के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया है। वहीं पीड़ितों को रेल थाना में पूछताछ के लिए बुलाया गया। इधर, पीड़ित रेलकर्मी और उनके सहयोगी रेलकर्मी बुधवार की सुबह गया रेल थाना पहुंचे। यहां रेलकर्मियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दिया। रेलकर्मी अपनी सुरक्षा की गारंटी की मांग करते हुए रेल का चक्का जाम करने की बात कह रहे हैं। इसी बीच डीडीयू मंडल के अपर रेल मंडल प्रबंधक गया जंक्शन पर पहुंच चुके हैं।

    मेमू शेड में रेलकर्मी के साथ हुई इस प्रकार लूट की घटना से रेलकर्मी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। रेलकर्मियों ने बताया कि लोको पायलट शंटिंग राजू कपूर से रिवॉल्वर के नोक पर अपराधियों ने बीस हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करवा लिया है एवं उनके साथ मारपीट भी की गई है।

  • गया जंक्शन पर नवादा जिले की महिला विदेशी शराब के साथ पकड़ी गई

    गया जंक्शन पर नवादा जिले की महिला विदेशी शराब के साथ पकड़ी गई

    देवब्रत मंडल

    गया रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक महिला को 20.5 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला का नाम सपना कुमारी है, जो नवादा जिले की रहने वाली है।

    गिरफ्तार महिला के पास से बरामद सामान:

    • 24 अदद Budweiser MAGNUM OFFICIAL Beer (प्रत्येक 500 मिली लीटर)
    • 17 अदद HAYWARDS 5000 PREMIUM Strong Beer (प्रत्येक 500 मिली लीटर)
    • कुल अंग्रेजी शराब की मात्रा: 20.5 लीटर
    • अनुमानित मूल्य: ₹5470

    कार्रवाई का विवरण:

    • रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम ने प्लेटफार्म संख्या 1(C) पर गश्त के दौरान सपना कुमारी को संदिग्ध अवस्था में देखा।
    • टीम ने महिला को रोककर तलाशी ली, जिसमें अवैध शराब बरामद हुई।
    • महिला को गिरफ्तार कर लिया गया और बरामद शराब को जब्त कर लिया गया।

    आगे की कार्रवाई:

    • जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 233/25 दिनांक 03.08.25 अंतर्गत धारा 30(a) बिहार मध निषेध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
    • पुलिस आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ने शराब कहां से प्राप्त की थी और कहां ले जा रही थी।
  • गया जी के बैरागी मोहल्ले में गोली मारकर युवक की हत्या, पुलिस जांच में जुटी, तीन की हुई पहचान, टायर जलाकर जताया विरोध

    गया जी के बैरागी मोहल्ले में गोली मारकर युवक की हत्या, पुलिस जांच में जुटी, तीन की हुई पहचान, टायर जलाकर जताया विरोध

    न्यूज डेस्क

    गया जी: शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना बैरागी मोहल्ले की है। पुलिस शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। घटना के विरोध में पावरगंज-स्टेशन रोड को जाम कर दिया गया था। टायर जलाया गया। हालांकि पुलिस तुरंत ही जाम को हटवा दिया। पुलिस घटना को कारित करने वाले की तलाश में जुट गई है। मृतक की पहचान बैरागी मोहल्ला निवासी स्व. बूटा मांझी के पुत्र मनीष मांझी(25) के रूप में हुई है। घटना शनिवार देर शाम की है। बताया गया कि मनीष मांझी की हत्या का कारण आपसी रंजिश का परिणाम है। मृतक मनीष मांझी दैनिक मजदूर था। जिससे वह अपने परिवार का पेट भरने का काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही डेल्हा थाना सहित शहर के कई थानों की पुलिस देर रात क्षेत्र में घटना को कारित करने वाले कि टोह लेती रही है।

    एसएसपी आनंद कुमार के निर्देश पर रविवार की सुबह इस कांड के उद्भेदन के लिए गठित एक विशेष टीम सघन छापेमारी कर रही है। डेल्हा थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि मनीष मांझी को गोली मारी गई है। एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि पुलिस को प्रारंभिक अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि घटना को अंजाम देने वाला बबलू मांझी एवं मृतक के परिवार के बीच पूर्व से आपसी विवाद चला आ रहा था। पुलिस ने बताया कि डेल्हा थाना कांड संख्या 122/25, जो कि मृतक के परिजन के आवेदन पर दर्ज किया गया था, में अभियुक्त बबलू मांझी को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था।

    वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार के द्वारा इस कांड में संलिप्त अपराधकर्मियों के शीघ्र गिरफ्तारी हेतु नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल एवं तकनीकी टीम को घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी श्री कुमार ने बताया कि घटना से संबंधित मानवीय एवं तकनीकी आसूचना के आधार पर अबतक तीन अपराधकर्मियों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर निरंतर छापामारी की जा रही है। शीघ्र ही इस घटना में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस संबंध में डेल्हा थाना द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

  • सुश्री सोनाली मिश्रा ने आरपीएफ के महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया, आरपीएफ के 143 साल की यात्रा में पहला ऐतिहासिक कदम

    सुश्री सोनाली मिश्रा ने आरपीएफ के महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया, आरपीएफ के 143 साल की यात्रा में पहला ऐतिहासिक कदम

    देवब्रत मंडल

    सुश्री सोनाली मिश्रा(फोटो पीआईबी)

    रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच की आईपीएस सुश्री सोनाली मिश्रा का आरपीएफ के नए महानिदेशक के रूप में स्वागत किया है, जो रेलवे सुरक्षा बल की 143 साल की यात्रा में पहला ऐतिहासिक कदम है

    कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने 31 अक्टूबर, 2026 को उनकी सेवानिवृत्ति तक डीजी/आरपीएफ के पद पर उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है, इसके बाद 01 अगस्त 2025 को इन्होंने अपना कार्यक्रम ग्रहण कर लिया है।

    सीबीआई और बीएसएफ में सेवाएं दे चुकी हैं

    प्रमुख पुलिस भूमिकाओं में अपनी व्यावसायिकता, समर्पण और नेतृत्व क्षमता के लिए जानी जाने वाली सुश्री मिश्रा इस पद पर तीन दशकों से अधिक की विशिष्ट सेवा का अनुभव रखती हैं। इस कार्यभार से पहले, उन्होंने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (चयन/भर्ती) के रूप में कार्य किया, साथ ही पुलिस प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान, भोपाल में एडीजी और मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला। उन्होंने सीबीआई और बीएसएफ में भी सेवा की है और कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में सेवा देने का अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी प्राप्त है।

    फोटो(पीआईबी)

    राष्ट्रपति पुलिस पदक, पुलिस पदक सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित

    उत्कृष्टता और व्यावसायिकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए इन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

    दूरदर्शी और समावेशी नेतृत्व का मिलेगा लाभ

    दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्कों में से एक, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, यात्री सुरक्षा और अपराध रोकथाम के लिए ज़िम्मेदार रेलवे सुरक्षा बल को उनके दूरदर्शी और समावेशी नेतृत्व का लाभ मिलेगा। राज्य और केन्द्रीय पुलिस संगठनों में उनके व्यापक अनुभव से बल के आधुनिकीकरण, क्षमता निर्माण और सामुदायिक सहभागिता को नई गति मिलने की उम्मीद है।

    मानव तस्करी तथा असुरक्षित यात्रियों के विरुद्ध अपराधों को रोकने पर बल

    विशेष रूप से, उनका ध्यान अत्याधुनिक तकनीक का लाभ उठाने में आरपीएफ की पहल को मज़बूत करने और मानव तस्करी तथा असुरक्षित यात्रियों के विरुद्ध अपराधों जैसे संगठित अपराधों को रोकने में इसकी भूमिका को बढ़ाने पर होगा। कार्यभार ग्रहण करते हुए, सुश्री मिश्रा ने सेवा के अवसर के लिए आभार व्यक्त किया और सतर्कता, साहस और सेवा के मूल्यों को बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जो आरपीएफ के आदर्श वाक्य “यशो लाभस्व” को परिभाषित करते हैं।

  • गया जंक्शन पर टल गया बड़ा हादसा, ट्रेन के इंजन से उठने लगा धुआं, बदला गया इंजन

    गया जंक्शन पर टल गया बड़ा हादसा, ट्रेन के इंजन से उठने लगा धुआं, बदला गया इंजन

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन पर रुकी अजमेर-सियालदह एक्स.

    गया रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया जब अजमेर सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। ट्रेन दो नंबर प्लेटफार्म पर खड़ी थी, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत डिप्टी एसएस को सूचित किया, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। इसके पहले भी रेलवे के विभिन्न हिस्सों में ट्रेन के इंजन से धुआं उठने की घटनाएं हो चुकी है लेकिन समय रहते रेलकर्मियों ने स्थितियों को नियंत्रित कर लिया है।

    स्थिति को नियंत्रित करने में लगा एक घन्टे का वक्त

    बहरहाल गुरुवार की सुबह गया जंक्शन पर हुई इस घटना के कारण इस ट्रेन से सफर कर रहे यात्रियों में अफरा तफरी का माहौल बना रहा। इस ट्रेन में दूसरे इंजन को जोड़ा गया इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। इस घटना के कारण ट्रेन गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर करीब एक घन्टे से अधिक समय तक रुकी हुई रही।

    जांच में पता चला घटना के कारण

    रेलवे की टीम जब जांच की तो पता चला कि इंजन का चक्का जबरदस्त जाम हो गया था। जिससे घर्षण के दौरान धुआं निकलने लगा। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूसरा इंजन लगाया और ट्रेन को रवाना किया।रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन के यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है और कहा कि नियमित जांच और रखरखाव के माध्यम से ऐसी घटनाओं को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि ऐसी घटनाएं रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं, लेकिन समय पर कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

    कुछ इसी तरह की घटनाएं हाल ही में देखने को मिली हैं:

    • जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन: बठिंडा रेलवे स्टेशन पर खड़ी जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक धुआं निकलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया था। जांच में पता चला कि कोच की बेल्ट गर्म हो जाने के कारण धुआं निकल रहा था।
      गरीब रथ एक्सप्रेस: अजमेर के सेंदड़ा रेलवे स्टेशन पर गरीब रथ एक्सप्रेस के इंजन से अचानक आग की लपटें उठने लगी थी। लोको पायलट की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
      जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस: नागौर जिले के गोटन रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन के इंजन से धुआं निकलने लगा था। रेलवे टीम ने इंजन को काबू में कर लिया और ट्रेन को आगे रवाना किया।
    • इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार काम किया जा रहा है, लेकिन कभी-कभी तकनीकी खराबी के कारण ऐसी घटनाएं हो जाती हैं।
  • झारखंड की महिला चोरी की मोबाइल व नकद के साथ पकड़ी गई, जीआरपी थाने में मामला दर्ज

    झारखंड की महिला चोरी की मोबाइल व नकद के साथ पकड़ी गई, जीआरपी थाने में मामला दर्ज

    देवब्रत मंडल

    रेल थाने में गिरफ्तार महिला व टीम के सदस्य

    गया रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत एक बड़ी कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक महिला को चोरी का मोबाइल फोन और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला का नाम मुन्नमा मोसमत है, जो झारखंड के कोडरमा जिले की रहने वाली है।

    गिरफ्तार महिला के पास से बरामद सामान:

    • एक TECNO SPARK कंपनी का स्क्रीन टच मोबाइल फोन (लॉक अवस्था में बिना सिम)
    • एक सैमसंग कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन (बंद अवस्था में)
    • नकदी: ₹2655 (500×1, 200×3, 100×13, 50×4, 20×2, 5×3)

    कार्रवाई का विवरण:

    • रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम ने प्लेटफार्म संख्या 1 के दिल्ली छोर फुट ओवर ब्रिज के पास मुन्नमा मोसमत को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा।
    • पूछताछ के दौरान, महिला ने बताया कि उसने स्टेशन पर यात्रियों से मोबाइल फोन चोरी किए थे।
    • टीम ने महिला को गिरफ्तार कर लिया और बरामद सामान को जब्त कर लिया।

    आगे की कार्रवाई:

    • जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 229/25 अंतर्गत धारा 317(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।
    • जप्त मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत ₹22,000 है।
    • पुलिस आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ने और कितने अपराध किए हैं।

    कार्रवाई में शामिल टीम:

    • निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया
    • अ.आ.शा. गया निरीक्षक चंदन कुमार
    • सहायक उप निरीक्षक पवन कुमार
    • प्रधान आरक्षी संजय कुमार राय
    • आरक्षी मुकेश कुमार
    • आरक्षी देवेंद्र प्रसाद
    • आरक्षी आलोक कुमार सक्सेना
    • आरक्षी नवीन पांडेय, सीआईबी/गया
    • महिला सिपाही 705 उषा कुमारी
    • महिला सिपाही वंदना कुमारी, जीआरपी गया
  • गया जंक्शन पर पकड़ा गया भारी मात्रा में मादक पदार्थ, ट्रेन से ले जाना था लुधियाना

    गया जंक्शन पर पकड़ा गया भारी मात्रा में मादक पदार्थ, ट्रेन से ले जाना था लुधियाना

    देवब्रत मंडल

    गिरफ्तार तस्करों के साथ पुलिस

    गया जंक्शन पर आरपीएफ एवं जीआरपी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों के तस्करों की गिरफ्तार किया है। इन लोगों के पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ डोडा बरामद हुआ है। जिसकी कीमत 23 लाख रुपए से अधिक है। कभी तस्कर वाहन से मादक पदार्थ लेकर गया जंक्शन पहुंचे थे। सभी गिरफ्तार तस्कर पकड़े जाने पर पहले तो झूठी कहानी बनाने की कोशिश करते हुए बचने की कोशिश की। टीम को जब शक गहरा गया तो जांच की तो मामला सामने आया। बुधवार को निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव रेसुब गया एवं निरीक्षक प्रभारी चंदन कुमार अपराध आसूचना शाखा गया के निर्देशन में उ.नि. मुकेश कुमार साथ मे आरक्षी सुनिल कुमार, आरक्षी राजु कुमार सीपीडीएस टीम/गया साथ मे स.उ.नि. मृत्युुंजय कुमार अकेला, प्र.आ.-विवेकानंद शर्मा, आ. शशि शेखर, आ. अमित कुमार सभी रे.सु.ब./पोस्ट/गया, तथा सीआईबी गया के आरक्षी दीपक ओझा एवं जीआरपी गया के सिपाही 434 करण कुमार के साथ श्रावणी मेला को लेकर गया रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म पर अपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। निगरानी के क्रम में देखा गया कि प्लेटफार्म सं0-01 बी टायलेट के पास एक चार पहिया वाहन बोलेरो आकर रूका। उक्त गाडी के बीच वाले सीट से दो व्यक्ति एवं ड्राइवर सीट से एक व्यक्ति उतरा तथा तीनो व्यक्ति ने उक्त गाडी के पीछे डिक्की से एक-एक ट्राली बैग एवं एक-एक बैग लेकर गाडी के आगे लाकर रखा। जिसपर शक होने पर हम सभी गाडी के पास पहुंचे। तीनों व्यक्ति को रोका तो घबरा गये। जिसपर और शक बढ गया। रोके गये तीनो व्यक्ति से नाम पता पूछा गया तो तीनों ने अपना-अपना नाम मनदीप कुमार उम्र-24 वर्ष, पिता-रामशीष प्रसाद निवासी रामनगर मण्डी गोविन्दगढ मकान सं0 319 वार्ड सं0-29, थाना-गोविन्दगढ, जिला-फतेहगढ़ साहिब (पंजाब) (02) सुजित कुमार उम्र-20 वर्ष पिता-सुरेन्द्र प्रसाद निवासी-मुजफ्फरपुर वार्ड सं0-10, थाना-बेन, जिला-नालन्दा, बिहार (03) संजीव कुमार उम्र 25 वर्ष पिता-विनोद सिंह निवासी मकान सं0-278, सेक्टर-9 बी रामनगर मण्डी गोविन्दगढ, थाना-गोविन्दगढ, जिला-फतेहगढ़ साहिब (पंजाब) बताया। तीनों के कब्जे के ट्राली बैग में रखे सामान के बारे में पूछा गया तो कहानी बनाकर कभी कुछ तो कभी कुछ बता रहा था। शक गहरा होता जा रहा था तो विश्वास में लेकर पूछताछ की गई तो इसमें पॉपी हस्क (डोडा) होना बताया। इसकी सूचना वरीय अधिकारी सहायक सुरक्षा आयुक्त हरमंगत सिंह को दी गई।  व्यक्तियो की तलाशी ली गई तो मादक पदार्थ डोडा का कुल वजन 116.700 कि.ग्रा. एवं वाहन पंजीयन बीआर 21 एफ 6181 को जप्ती सूची बनाकर जप्त किया गया ।
    आगे पूछताछ में बताया कि कुतलूपुर (नालंदा जिला) से सडक मार्ग से गया एवं गया से लुधियाना ले जाने हेतु उपरोक्त वाहन से भाडा पर लेकर गया स्टेशन लाया हॅू। इसे गाडी सं0 13307 अप से लुधियान ले जाने वाले थे।  जीआरपी थाना में कांड दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की गई। मादक पदार्थ का अनुमानित किमत 23,34, 000 रुपया है।

  • गया जंक्शन पर यात्रियों के सामान चुराने वाले गिरोह सक्रिय, गया सहित अन्य जिले के चार पकड़े गए

    गया जंक्शन पर यात्रियों के सामान चुराने वाले गिरोह सक्रिय, गया सहित अन्य जिले के चार पकड़े गए

    देवब्रत मंडल

    जीआरपी थाने में गिरफ्तार आरोपी व पुलिस

    गया जी: गया रेलवे स्टेशन पर इन दिनों अपराधियों की सक्रियता बढ़ गई है। विभिन्न जिले के अपराधी गया जंक्शन पर यात्रियों के समान चुराने के फिराक में लगे रहते हैं, लेकिन इन दिनों श्रावणी मेला के मद्देनजर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की संयुक्त टीम लगातार गश्त कर रही है। इसी क्रम में टीम ने सोमवार को चार चोरों को गिरफ्तार किया है। ये चारों आरोपी यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने के इरादे से स्टेशन पर घूम रहे थे। जिनके पास से मोबाइल व अन्य सामान बरामद किए गए हैं। बरामद समान किन लोगों के हैं, जांच शुरू कर दी गई है।
    गिरफ्तार आरोपियों के बारे में आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि शर्मा कुमार उर्फ सरवन कुमार, उम्र 20 वर्ष, पिता स्वर्गीय अनिल प्रसाद, पता मीठापुर थाना जक्कनपुर जिला पटना, दीपक कुमार, उम्र 25 वर्ष, पिता अमर पता महावीर चौक थाना कोतवाली जिला गया, अंशु कुमार, उम्र 17 वर्ष, पिता मनोज गुप्ता निवासी, थाना पुनपुन जिला पटना तथा रिंकू पाल, उम्र 25 वर्ष, पिता शिवदत्त पाल पता कतया थाना जम्होर जिला औरंगाबाद का रहने वाला है।
    उन्होंने बताया कि इन आरोपियों के पास से चार एंड्राइड मोबाइल फोन, दो चार्जर, एक चश्मा, एक आधार कार्ड और एक सिपाही भर्ती का एडमिट कार्ड बरामद किया गया है। उन्होंने बरामद सामान की अनुमानित कीमत 80,000 रुपये है। इस संबंध में जीआरपी थाना गया पर कांड दर्ज किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में सउनि एमके अकेला, प्रधान आरक्षी विवेकानंद शर्मा, सिपाही अमित कुमार, शशि शेखर, सीआईबी के सउनि अनिल कुमार चौधरी और जीआरपी गया के पदाधिकारी एवं स्टाफ शामिल थे। श्री यादव ने बताया कि चारों आरोपी प्लेटफार्म संख्या-1/सी के मध्य में बैठे हुए थे और पुलिस को देखकर भागने लगे, जिसे पुलिस बल ने घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने का काम करते हैं। आरोपियों को जीआरपी थाना गया ले जाया गया, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है। बरामद सामान की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह सामान किसके हैं और कैसे चोरी हुए।

  • गया जी होकर गोड्डा और दौराई के बीच एक नई ट्रेन का परिचालन 3 अगस्त से, पर्यटन स्थल देवघर, गया आदि पहुंचना आसान

    गया जी होकर गोड्डा और दौराई के बीच एक नई ट्रेन का परिचालन 3 अगस्त से, पर्यटन स्थल देवघर, गया आदि पहुंचना आसान

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन का प्रस्तावित मॉडल

    गया जी: देवघर- जसीडीह- झाझा-किउल-नवादा-गया-डीडीयू के रास्ते गोड्डा और दौराई (अजमेर) के मध्य एक नई ट्रेन का परिचालन 3 अगस्त से किया जाएगा। पूर्व मध्य रेल के प्रवक्ता सरस्वती चंद्र ने बताया गाड़ी संख्या 19604/19603 दौराई-गोड्डा-दौराई एक्सप्रेस का परिचालन प्रारंभ किया जा रहा है। इसका नियमित परिचालन दौराई से 3 अगस्त से प्रत्येक रविवार को तथा गोड्डा से 5अगस्त से प्रत्येक मंगलवार को किया जाएगा। उन्होंने बताया इस ट्रेन में द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के दो कोच, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के तीन कोच, तृतीय वातानुकूलित इकॉनोमी श्रेणी के तीन कोच, शयनयान श्रेणी के सात कोच तथा साधारण श्रेणी के चार कोच होंगे।

    समय सारणी व ठहराव इन स्टेशनों पर होगा

    गाड़ी सं. 19603 दौराई-गोड्डा एक्सप्रेस दौराई से प्रत्येक रविवार को 15.30 बजे खुलकर 23.05 बजे दिल्ली तथा सोमवार को 10.30 बजे डीडीयू, 11.24 बजे भभुआ रोड, 12.02 बजे सासाराम, 12.22 बजे डेहरी ऑन सोन, 13.55 बजे गया, 14.55 बजे तिलैया, 15.13 बजे नवादा, 15.50 बजे शेखपुरा, 16.55 बजे किउल, 18.50 बजे झाझा, 19.42 बजे जसीडीह, 19.55 बजे देवघर सहित अन्य स्टेशनों पर रूकते हुए 22.20 बजे गोड्डा पहुंचेगी। जबकि वापसी में, गाड़ी सं. 19604 गोड्डा-दौराई एक्सप्रेस गोड्डा से प्रत्येक मंगलवार को 05.00 बजे खुलकर 06.18 बजे देवघर, 06.36 बजे जसीडीह, 08.10 बजे झाझा, 08.53 बजे किउल, 09.28 बजे शेखपुरा, 10.13 बजे नवादा, 10.35 बजे तिलैया, 13.20 बजे गया, 14.40 बजे डेहरी ऑन सोन, 14.54 बजे सासाराम, 15.35 बजे भभुआ रोड, 17.00 बजे डीडीयू, बुधवार को 08.15 बजे दिल्ली सहित अन्य स्टेशनों पर रूकते हुए 17.20 बजे दौराई पहुंचेगी ।

    पर्यटन स्थलों जैसे देवघर, गया जी आदि तक पहुंचना आसान होगा

    उन्होंने कहा यह नई ट्रेन पूर्वी भारत के झारखंड और बिहार को पश्चिमी भारत के राजस्थान से सांस्कृतिक आदान-प्रदान एवं संपर्क बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस ट्रेन के शुरू होने से झारखंड एवं बिहार के विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों जैसे देवघर, गया आदि तक पहुंचना आसान हो जाएगा। यह सेवा मार्ग पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने में भी मदद करेगी, जिससे स्थानीय व्यवसायों, पर्यटन और आस-पास के क्षेत्रों में व्यापार को लाभ होगा।