गया जी: रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया द्वारा रेलवे परिसर में कार्यवाही करते हुए वर्ष 2025 में अभी तक 104 बच्चों को रेस्क्यू कराया गया है। जिसमें 84 लड़के एवं 20 लडकियां शामिल हैं। ये सभी बच्चे किसी न किसी कारणवश अपने परिजनों से बिछुड़ गए थे या संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए थे। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव ने कहा कि आरपीएफ के जवानों व अधिकारियों की सतर्कता, मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के चलते इन बच्चों को सुरक्षित बचाया गया। चाइल्डलाइन और संबंधित संस्थाओं के माध्यम से उचित संरक्षण दिलाया गया। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल बच्चों की सुरक्षा और मानव तस्करी के विरुद्ध प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जो पोस्ट के जवानों व अधिकारियों के संयुक्त प्रयास व समर्पण से कार्य करने का परिणाम है। बता दें कि इंस्पेक्टर बनारसी यादव 27 मार्च 2025 को गया पोस्ट का पदभार ग्रहण किया है। इसके पूर्व इस पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी रहे अजय कुमार थे। जिनके तीन साल के कार्यकाल में भी काफी संख्या में बच्चों को रेस्क्यू कराया गया था। कई मानव तस्कर भी पकड़े गए थे। बहरहाल, श्री यादव के कार्यकाल में भी मानव तस्कर(दलाल) पकड़े गए हैं।
गया जी: राष्ट्रीय स्तर पर ‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता’ अभियान को गति प्रदान के लिए कई स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 01 जुलाई से 30 सितंबर तक चलने वाले मध्यस्थता अभियान में वादों की निष्पादन की गतिशीलता को जारी रखने के उद्देश्य से शनिवार को व्यवहार न्यायालय गया जी में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मदन किशोर कौशिक, अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम शशिकांत ओझा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय नलिन कुमार पाण्डेय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविंद कुमार दास ने संयुक्त रूप से अध्यक्षता की। बैठक में सभी एसीजेएम, एसडीजेएम, प्रथम श्रेणी न्यायिक पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि 1 जुलाई से 30 सितंबर तक चलने वाले राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान में अधिक से अधिक सुलहनीय वादों का मध्यस्थता के माध्यम से निष्पादन करने के लिये सभी न्यायिक पदाधिकारीगण को निर्देशित किया गया। वैवाहिक विवाद, दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, वाणिज्यिक विवाद, चेक बाउंस, सेवा संबंधी मामले, आपराधिक संज्ञेय वाद, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, संपत्ति विभाजन, निष्कासन, भूमि अधिग्रहण आदि जैसे वादें को मध्यस्थता केंद्र के माध्यम से निस्तारण हेतु पूर्ण सहयोग की आवश्यकता जताई गई। इस अभियान के अंतर्गत आए अभिलेख में यथाशीघ्र आपसी सहमति से निष्पादन प्रशिक्षित न्यायिक पदाधिकारी एवं प्रशिक्षित मध्यस्थ द्वारा किया जा रहा है। प्रधान जिला जज ने मध्यस्थता कैम्पेन के लिये चिन्हित किये गए वादों को सभी पक्षकारों को नोटिस तामिला करवाने पर बल दिया। जिससे अधिक से अधिक वादों निष्पादन की प्रकिया गतिशील रहे।
गया जी: गया जंक्शन पर आरपीएफ ने चोरी के महंगे मोबाइल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जो बिहार के औरंगाबाद जिले का रहनेवाला है। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव ने बताया कि प्लेटफार्म पर आरपीएफ के जवानों द्वारा गश्त की जा रही थी। इसी क्रम में प्लेटफार्म संख्या 04/05 पर एक संदिग्ध लड़के को देखा गया। जिसे पूछताछ के लिए रोका गया। पूछताछ करने पर अपना नाम मो. राजा पिता मो. एनुल शाह, पता-गली नंबर 12, राजाबाग, थाना-रफीगंज, जिला-औरंगाबाद, बिहार बताया। जिसकी तलाशी ली गई तो एक आसमानी रंग का एप्पल कम्पनी का आईफोन पाया गया। उसने बताया कि स्टेशन पर से यात्री का मोबाइल चुराया हूं। श्री यादव ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त एवं जप्त मोबाइल को जीआरपी के हवाले कर दिया गया। उन्होंने बताया बरामद मोबाइल का अनुमानित कीमत एक लाख 15 हजार है।
गया जी: हिट एंड रन को लेकर सड़क दुर्घटना में अज्ञात वाहनों से दुर्घटनाओं में पीड़ित परिवार को दो-दो लाख रुपये भुगतान के लिए ज़िला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने स्वीकृत दे दी है। जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार के माध्यम से जनरल इन्सुरेंस कंपनी बॉम्बे को भुगतान हेतु भेज दिया गया है। डीएम ने बताया कि गया जिले के नौरंगा मुफस्सिल मानपुर में पूनम कुमारी की मृत्यु अज्ञात वाहन से हुई थी। जांचोपरांत उनके पति दिलीप कुमार को मुआवजा की राशि दी जाएगी। वहीं खिजरसराय में दीपक कुमार की मृत्यु अज्ञात वाहन से हुई थी। जिनकी मां सुनीता देवी को मुआवजा की राशि दी जाएगी। जबकि गोगा गांव मुफसिल मानपुर में उमेश यादव की मृत्यु उपरांत उनकी पत्नी शकुंतला देवी को मुआवजा की राशि दी जाएगी। मगध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के छोटकी पररिया में सुधीर कुमार का मृत्यु अज्ञात वाहन से हुई थी। ज़िला परिवहन पदाधिकारी के जांचोपरांत उनके निकटतम आश्रित उनकी माता अनिता देवी को मुआवजा की राशि दी जाएगी। सरनवादा परैया में मुकेश पासवान की मृत्यु अज्ञात वाहन से हुई थी। ज़िला परिवहन पदाधिकारी के जांचोपरांत उनके निकटतम आश्रित पत्नी खुशबू कुमारी को मुआवजा की राशि दी जाएगी। डीएम द्वारा 02 लाख रुपया की राशि स्वीकृत करते हुए इन्सुरेंस कंपनी को भेजा गया है।
गया-कोडरमा ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर गया-मानपुर जंक्शन के बीच एलसी गेट 71/ए (बागेश्वरी गुमटी) पर आरओबी निर्माण को लेकर जन सुनवाई की तारीख तय कर दी गई। बागेश्वरी मंदिर के प्रांगण में सामुदायिक भवन में प्रभावित भूधारियों को अपनी बात रखने के लिए जिला प्रशासन ने बुलाया है। इस संबंध में शनिवार को जिला भू अर्जन पदाधिकारी ने पत्र जारी कर दिया है। इस आरओबी के निर्माण के लिए अधिग्रहण की जाने वाली भूमि के मालिकों की बात सुनने के लिए ‘जन सुनवाई’ 28 जुलाई को की जाएगी।
इस संस्था की रिपोर्ट पर होनी है जन सुनवाई
चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, पटना नामक संस्था द्वारा पिछले दिनों पॉवरगंज एवं बागेश्वरी रोड स्थित उन घरों/खेसरा(जमीन) के मालिकों से मिलकर अपनी रिपोर्ट तैयार किया गया था। रिपोर्ट सरकार को भेजी गई थी। इसके बाद उसी रिपोर्ट के आधार पर जन सुनवाई की जाएगी।
बागेश्वरी मंदिर के प्रांगण में होगी जन सुनवाई
गया जी शहर के बागेश्वरी मंदिर के प्रांगण में निर्मित सामुदायिक भवन में जन सुनवाई के लिए प्रभावित परिवार के लोगों को शामिल होने के जिला प्रशासन ने अपील की है। सुबह 10 बजे से जन सुनवाई शुरू होगा। जिसमें प्रभावित भूधारियों को अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा।
इसके बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया होगी शुरू
जन सुनवाई के बाद नए भूमि अधिग्रहण कानून के तहत प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। बताया गया कि जन सुनवाई के दौरान प्रभावित परिवारों की बातें सुनी जाएगी। इसके बाद सरकार को इससे अवगत कराया जाएगा। इसके बाद नए भूमि अधिग्रहण कानून के तहत प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। जिसमें नए पुनर्वास एवं पुनर्स्थापित कानून के तहत प्रभावित परिवारों को मुआवजा व अन्य लाभ दिया जाएगा।
आरओबी निर्माण के लिए पुनः निविदा आमंत्रित
विभागीय सूत्रों ने बताया कि 17 जुलाई को पटना से प्रकाशित एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र के पेज नंबर 14 पर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी-सह-पहुंच पथ निर्माण कार्य के लिए पुनः निविदा आमंत्रित कर दिया गया है। निविदा प्रक्रिया अगस्त महीने के अंत तक पूरा कर लिए जाने की उम्मीद है।
इन लोगों की जमीन/मकान का किया जाना है अधिग्रहण
इस आरओबी के निर्माण में बागेश्वरी तथा पॉवरगंज रोड के दोनों किनारों की भूमि और इस पर बने मकान व दुकानों का अधिग्रहण किया जाना है। इसको लेकर हर स्तर से सर्वेक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। पिछले दिनों गया जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर स्थल निरीक्षण कर चुके हैं। संबंधित विभाग बिहार राज्य पुल निर्माण निगम,गया जी को शीघ्र टेंडर जारी करने का निर्देश दिया था।
सीएम ने की थी आरओबी बनाने की घोषणा
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब प्रगति यात्रा पर निकले थे तो गया जी में आए थे। उस वक्त मुख्यमंत्री ने लोगों की मांग पर बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी बनाने की घोषणा की थी।
स्थानीय लोगों का रोजी रोजगार हो जाएगा खत्म
बागेश्वरी तथा पॉवरगंज रोड के दोनों किनारों पर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, विद्यालय, शैक्षणिक संस्थान, नर्सिंग होम, छोटे मोटे दुकानदार, बैंक की शाखा संचालित हो रहे हैं। जो भूमि अधिग्रहण के कारण बंद हो जाएंगे। हजारों परिवार इससे प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में प्रभावित लोगों का कहना है कि उनके रोजी रोटी के साधन खत्म हो जाएंगे।
गया जी: शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र के घुघरीटांड़ मोहल्ले में एक कब्रिस्तान के पास पेड़ से लटका हुआ एक युवक का शव पुलिस ने शनिवार की सुबह बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान सौरभ कुमार के रूप में हुई है। जो घुघरीटांड़ निवासी जितेंद्र पासवान उर्फ बिट्ठल पासवान का पुत्र बताया गया है।
बच्चों ने पेड़ से लटका शव देखा, तब परिवार को पता चला
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह में कुछ लड़कों ने कब्रिस्तान से करीब 10-12 मीटर की दूरी पर एक शीशम के पेड़ से लटका हुआ व्यक्ति को देखा। यह जानकारी परिवार के लोगों तक पहुंच गई। बताया गया कि मृतक का घर घटनास्थल के आसपास ही है। परिवार के लोग जब पहुंचे तो मृतक की पहचान कर लिया।
नायलॉन की रस्सी से लटका हुआ था मृतक का शव
स्थानीय लोगों ने बताया कि सौरभ के गले में नायलॉन की रस्सी थी। जिसके सहारे शीशम के पेड़ में शव लटका हुआ था। मृतक के परिजनों ने प्रथम दृष्टया में इस घटना के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
गुजरात में काम करने चार सप्ताह पहले ही गया था
परिजनों के अनुसार सौरभ गुजरात में काम करता था। करीब चार सप्ताह पहले ही घर से काम करने के लिए गुजरात गया हुआ था। लेकिन गुजरात से कब लौटा घर वालों को भी नहीं मालूम है।
22 जुलाई को गुजरात से चला था, टिकट बता रहा
बताया गया कि मृतक के पास से एक रेल टिकट मिला है। जिससे पता चलता है कि सौरभ 22 जुलाई को गुजरात से गया के लिए चला था लेकिन ये बात उसने घर वालों को नहीं बताया था। परिजनों को पता नहीं है कि सौरभ गुजरात से गया आया हुआ है।
यहां आने के बाद कहां रहा, इस बात का पता नहीं
गुजरात से गया आने के बाद सौरभ जब अपने घर में नहीं आया था तो दो दिनों तक कहां रहा, ये बात परिवार वालों को भी नहीं मालूम। जो पुलिस के लिए जांच का विषय है।
सिटी एसपी ने कहा जांच की जा रही है, मामला सुसाइड का
सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। सिटी डीएसपी को जांच के लिए आदेश दिया गया है।
शुक्रवार को गया जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के जवानों ने एक यात्री के साथ होने वाली अनहोनी को टाल दिया। समय रहते जवानों की नजर पड़ गई और यात्री की जान बचा लिया। आरपीएफ के पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव ने बताया कि शशिशेखर, नवनीत कुमार व सुजीत कुमार गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या छः पर ट्रेन को पास कराने के लिए गश्त कर रहे थे। गश्त के क्रम मे ट्रेन नम्बर 03697 गया-दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस खुल रही थी। खुलने के क्रम में एक यात्री कोच में चढने के क्रम में फिसलकर चलती ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच फसकर घिसटाने लगे। जिसे देखकर तीनों जवान त्वरित कार्यवाही करते हुए तत्परता, सतर्कता से समय रहते यात्री जिसका जीवन खतरे में था को सुरक्षित बचा लिया। यात्री राणा रंजीत सिंह (45) ने इस नेक काम के लिए आरपीएफ के प्रति कृतज्ञता प्रकट की है। सुरक्षित बचा लिए गए यात्री रंजीत सिंह अरवल जिले के गांव नेगवा, थाना-कुर्था, जिला-अरवल, बिहार के रहने हैं। जिन्होंने आरपीएफ को बताया कि वे दिल्ली जाने वाले थे। कोच एस-5 में बर्थ-7 का कन्फर्म टिकट है। इस बीच यात्री की ट्रेन छूट गई। जिन्होंने बताया कि वे अपना टिकट रद्द करवा लेंगे। हालांकि इस घटना में उन्हें हल्की चोट आई थी लेकिन उन्होंने किसी तरह की स्वास्थ्य सेवा लेने से खुद मना कर दिया।
अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी सह अपर मंडल रेल प्रबंधक महोदय, पूर्व मध्य रेल ,डीडीयू के पर शुक्रवार को राजभाषा विभाग के तत्वावधान में गया स्टेशन स्थित रामधारी सिंह ‘दिनकर’ स्टेशन हिंदी पुस्तकालय के द्वारा गया स्टेशन परिसर में पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें राजभाषा विभाग पूर्व मध्य रेल डीडीयू के वरिष्ठ अनुवादक प्रिंस कुमार के अलावा स्टेशन अधीक्षक-2, गया मिथिलेश कुमार ,पुस्तकालयाध्यक्ष सह मुख्य कार्यालय अधीक्षक राज कपूर , आईआईटी राकेश कुमार सिन्हा एवं मुख्य कार्यालय अधीक्षक भुवनेश्वर कुमार के अलावा अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति रही। मंडल के अलग अलग क्षेत्र से आए विभिन्न कर्मचारियों ने इसमें भाग लिया। लगभग तीन दर्जन से अधिक पुस्तक निर्गत करवाया। इस तरह के कार्यक्रमों से पठन पाठन का माहौल विकसित करने का प्रयास किया गया।
गया जंक्शन पर निरीक्षण करते डीएम, एसएसपी व रेल पदाधिकारी
जिलाधिकारी शशांक शुभंकर एवं एसएसपी आनंद कुमार ने पितृ तर्पण हेतु आने वाले यात्रियों के बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने हेतु रेलवे के पदाधिकारियों एव ज़िला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए स्टेशन परिसर का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान जहां भी कमियां नजर आई, उसे समय से पहले दुरुस्त कर लिए जाने को कहा। विदित हो कि इस वर्ष 06 सितंबर से 21 सितंबर तक पितृपक्ष मेला का आयोजन रहेगा। इसमे बड़ी संख्या में यात्री रेल मार्ग से गया जी आते हैं।
रेलवे स्टेशन पर बैठक करते डीएम व एसएसपी
बैठक में स्टेशन प्रबंधक बिनोद कुमार सिंह ने डीएम को बताया कि वर्तमान समय में लगभग 85 जोड़ी से ऊपर ट्रेन का परिचालन है। 40 हजार से 50 हजार यात्री प्रतिदिन गया रेलवे स्टेशन से यात्रा कर रहे हैं। पितृपक्ष मेला के समय लगभग 80 हजार से 90 हजार यात्री प्रतिदिन गया जिला आते हैं। बैठक में बताया गया कि ज्यादातर ट्रेनें रात्रि 09 से सुबह 04 बजे समय के बीच ही आती है। यात्रियों की सुविधा हेतु 20 टॉयलेट की व्यवस्था है। जिसमें 5 रेलवे स्टेशन के अंदर तथा 15 रेलवे स्टेशन के बाहर में है। इसके अलावा अस्थायी टॉयलेट का भी निर्माण करवाया जा रहा है। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी शौचालयों को नियमित साफ-सफाई अच्छे तरीके से साफ सफाई करवाते रहने का निर्देश दिए।
सुविधाओं और कमियों का अवलोकन करते डीएम
पेयजल के संबंध में डीएम ने निर्देश दिया कि प्लेटफार्म पर एवं प्लेटफार्म के बाहरी परिसर में भी पेयजल की व्यवस्था रखना सुनिश्चित करें। पानी के गुणवत्ता की भी जांच करवाया जाए ताकि यात्रियों को शुद्ध पानी पीने के लिए मिल सके। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त साइनेज लगवाने का निर्देश दिया गया। ताकि लोगों को हर चीजों की जानकारी मिल सके। विष्णुपद मंदिर किस दिशा में पड़ता है, किस दिशा में जाना है इत्यादि संबंधित भी साइनेज लगाने को कहा। डीएम ने कहा कि वर्तमान समय में गया रेलवे स्टेशन का नए सिरे से निर्माण करवाया जा रहा है, जिसे लेकर थोड़ी बहुत परेशानी हो रही है। यात्रियों के आवागमन एवं उनकी सुरक्षा को पूरा ध्यान में रखते हुए अनुपयोगी उपकरणों को किसी दूसरे स्थान पर शिफ्ट करवाने को कहा ताकि यात्रियों का मूवमेंट पूरी अच्छी तरीके से रहे। यत्र तत्र लोहे का सामान फैले और बिखरे रहने से यात्रियों का पैर फंस सकता है और यात्री गिर सकते हैं इसे पूरा ध्यान रखकर यत्र तत्र लोहे के इक्विपमेंट को किसी दूसरे स्थान पर रखवा दें।
सुविधाओं को लेकर मंत्रणा करते डीएम व एसएसपी के साथ अन्य
जिला पदाधिकारी ने रेलवे के पदाधिकारी को स्पष्ट रूप से कहा कि आगामी 15 अगस्त तक रेलवे स्टेशन से बाहर निकलने वाले सभी रास्ते एवं रेलवे स्टेशन से प्लेटफार्म तक जाने वाली रास्तों को पूरी तरह समतल करवाएं। कहीं भी कोई रास्ता उबड़ खाबड़ या जलजमाव नहीं रहे। सड़क पर या आसपास रास्ते में कहीं कोई अवरोधक नहीं रहे। नवनिर्मित प्रतीक्षालय को पूरी चलंत हालत में रखने को कहा गया। रेलवे स्टेशन पर पार्किग स्थल समतल कराने एवं बेहतर बनवाने का निर्देश दिए हैं ताकि छोटी बड़ी वाहनों को कतारबद्ध में लगाया जा सके। पितृपक्ष मेला में रेलवे स्टेशन पर भीड़ की निगरानी के लिए पर्याप्त संख्या में हाई रेजोल्यूशन वाले सीसीटीवी कैमरा लगवाने एवं उसकी मॉनिटरिंग जिला नियंत्रण कक्ष में करवाने की व्यवस्था हेतु रेलवे के अधिकारियों को जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म पर लगातार अनाउंसमेंट की सुविधा रखने को कहा है ताकि समय-समय पर लगातार जरूरी जानकारियां उन्हें दी जा सके। मेला अवधि में रेलवे स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में व्हीलचेयर भी उपलब्ध रखने की बात डीएम ने कही। जिला पदाधिकारी ने रेलवे प्रशासन को निर्देश दिया कि भीड़ नियंत्रण को बेहतर तरीके से अनुपालन कराएंगे। सभी तीर्थ यात्रियों के साथ कुशल व्यवहार अपनाएंगे। जीआरपी, आरपीएफ तथा अन्य पदाधिकारियों को अच्छे तरीके से प्रतिनियुक्ति करने को कहा। उन्होंने कहा कि रेलवे के पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारी संयुक्त रूप से पूरे रेलवे परिसर का घूम कर निरीक्षण कर लें और जहां कहीं भी आवागमन के दौरान ऊंचा नीचा गड्ढे इत्यादि दिखाई दें उसे पूरी तरह तुरंत समतल करवा दें। ताकि तीर्थ यात्रियों को कहीं कोई असुविधा नहीं हो। प्लेटफार्म पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से ट्रेनों के आवागमन की जानकारी प्रसारित करवाते रहने को भी कहा गया। अंदर और बाहर कहीं कोई डार्क स्पॉट नहीं रहे। इसके लिए पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। रेलवे स्टेशन से निकलने वाले विभिन्न एप्रोच रोड में रोशनी की व्यवस्था मुकम्मल रखने का निर्देश दिए हैं। जिला पदाधिकारी ने स्टेशन मैनेजर श्री सिंह को स्पष्ट निर्देश दिया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा हेतु स्टेशन परिसर के अंदर एवं स्टेशन परिसर के बाहर पर्याप्त साफ-सफाई, पेयजल की उत्तम व्यवस्था, शौचालयों की निरंतर साफ-सफाई अनिवार्य रूप से कराएं। नगर आयुक्त को अतिरिक्त मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था स्टेशन के बाहरी परिसर में करने का निर्देश दिया। मेला के दौरान एंबुलेंस सहित मेडिकल टीम स्टेशन पर मौजूद रहे, इसे सुनिश्चित कराने को कहा गया। है। निरीक्षण में स्टेशन प्रबंधक विनोद कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल, अपर समाहर्ता राजस्व परितोष कुमार, अपर समाहर्ता आपदा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर किसलय श्रीवास्तव, ज़िला परिवहन पदाधिकारी, ज़िला जन सम्पर्क पदाधिकारी, ज़िला आपूर्ति पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, रेलवे के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, अभियंता आदि भी मौजूद थे।
गया-कोडरमा ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर गया और मानपुर जंक्शन के बीच एलसी गेट 71/ए (बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी निर्माण को लेकर पुनः टेंडर जारी किया गया है। बहुत जल्द ही इस आरओबी के निर्माण में अधिग्रहण की जाने वाली भूमि के मालिकों की बात सुनने के लिए ‘जन सुनवाई’ की जाएगी।
अगस्त माह में निविदा प्रक्रिया पूरी हो जाने की उम्मीद
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा यहां पर आरओबी-सह- पहुंच पथ निर्माण कार्य के लिए पुनः निविदा आमंत्रित कर दिया गया है। निविदा प्रक्रिया अगस्त महीने के अंत तक पूरा कर लिए जाने की उम्मीद जताई गई है।
डीएम ने पिछले दिनों टेंडर शीघ्र आमंत्रित करने का दिया था निर्देश
इस आरओबी के निर्माण में बागेश्वरी तथा पॉवरगंज रोड के दोनों किनारों की भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इसको लेकर सर्वेक्षण कर लिया गया है। पिछले दिनों हुए सर्वेक्षण के बाद गया जिलापदधिकारी शशांक शुभंकर ने स्थल निरीक्षण कर संबंधित विभाग(बिहार राज्य पुल निर्माण निगम,गया जी) को शीघ्र टेंडर जारी करने को कहा था।
लोक सुनवाई की तिथि शीघ्र निर्धारित कर दी जाएगी
इस योजना के तहत जिन लोगों की भूमि का अधिग्रहण किया जाना है तो उनकी आपत्ति और अपेक्षाओं को सुनने के लिए शीघ्र ही ‘लोक सुनवाई’ की जानी है। सूत्रों की मानें तो जिला भूअर्जन पदाधिकारी के पास इसके लिए तिथि निर्धारित करने संबंधित संचिका पहुंच गई है। एक दो दिनों में तिथि का भी निर्धारण कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा में इस आरओबी के निर्माण की घोषणा की थी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब बिहार में प्रगति यात्रा कर रहे थे तो इसी क्रम में गया जी भी आए थे और उसी दिन उन्होंने बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी के निर्माण की घोषणा की थी। शहर में जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने में इस आरओबी के साथ साथ मानपुर एवं घुघरीटांड़ बाइपास में फ्लाई ओवर ब्रिज के निर्माण की घोषणा उसी दिन मुख्यमंत्री ने की थी।
सबकुछ ठीक रहा तो चुनाव की घोषणा के पहले रखी जा सकती है आधारशिला
चुनावी वर्ष चल रहा है। बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सभी राजनीतिक दल अपने फायदे के लिए कुछ ऐसा करती है, जिससे उसे चुनाव में जनता का समर्थन मिले। यदि इसे राजनीति परिप्रेक्ष्य में देखा जाए तो अगस्त महीने तक यदि निविदा प्रक्रियाओं को पूरा कर लिया जाता है तो चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले बागेश्वरी गुमटी पर बनने जा रहे आरओबी सह पहुंच पथ की आधारशिला किसी भी शुभ मुहूर्त में रखी जा सकती है।