Blog

  • जन सुनवाई में रैयतों ने स्वीकृत नक्शे पर आरओबी नहीं बनाने की रखी मांग, कहा-हम सभी बर्बाद हो जाएंगे

    जन सुनवाई में रैयतों ने स्वीकृत नक्शे पर आरओबी नहीं बनाने की रखी मांग, कहा-हम सभी बर्बाद हो जाएंगे

    मामला गया जी शहर में बागेश्वरी गुमटी पर आरओबी निर्माण का

    देवब्रत मंडल

    जन सुनवाई में उपस्थित पदाधिकारी


    गया जी: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के क्रम में बागेश्वरी रेलवे समपार फाटक के उपर से रोड ओवर ब्रिज बनाने की घोषणा की थी। इस आरओबी के निर्माण में भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता है। ऐसे में प्रभावित रैयतों को अपनी बात रखने के लिए 28 जुलाई को बागेश्वरी मंदिर परिसर में स्थित सामुदायिक भवन में ‘जन सुनवाई’ हुई। जिसमें भूमि अधिग्रहण से प्रभावित हो रहे रैयतों ने एकस्वर में कहा कि वर्तमान नक्शा गलत ही नहीं अवैध है और इस नक्शे के आधार पर आरओबी नहीं बनना चाहिए। क्योंकि इसके बन जाने से हम सभी बर्बाद हो जाएंगे। घर, मकान, दुकान, रोजी-रोजगार सबकुछ खत्म हो जाएगा। कई लोग बेघर हो जाएंगे तो अधिकांश लोगों के पास रोजी रोजगार नहीं रह जायेगा। इसलिए यहां पर पुल नहीं बनना चाहिए।

    1914 के नक्शे को आधार बनाकर आरओबी पारित किया गया

    शिव सागर गुप्ता, राजेश कुमार, प्रभु गुप्ता, दिलीप कुमार गुप्ता आदि ने कहा कि वर्तमान में आरओबी का नक्शा जो स्वीकृत किया गया है वो 1914 के राजस्व नक्शा के आधार पर तैयार किया गया है। जबकि वर्तमान स्वरूप को ध्यान में नहीं रख कर आरओबी के नक्शा को पारित कर स्वीकृति दे दी गई है। जिसे इन सभी ने गलत करार दिया।

    इधर जन सुनवाई के लिए बुलाया गया और उधर टेंडर जारी

    जनसुनवाई के दौरान शिव सागर गुप्ता ने कहा कि ये कैसा जनसुनवाई है। इधर हम रैयतों को अपनी बात रखने के लिए बुलाया गया है और उधर सरकार आरओबी निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। ये तो सरासर गलत है। हम लोगों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा जब हम सभी शुरू से यहां पर पुल बनाने का विरोध करते हुए आ रहे हैं तो फिर टेंडर कैसे हो रहा है। उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि बहुत जल्द ही इस आरओबी के निर्माण कार्य शुरू करने के लिए शिलान्यास करने की भी तैयारी है।

    महिलाएं व व्यवसायियों ने भी रखी अपनी बात

    जन सुनवाई में उपस्थित लोगों में कई महिलाएं भी थीं। जिन्होंने भी अपनी अपनी बात रखते हुए कहा कि किसी भी हाल में पुल नहीं बनना चाहिए। यदि पुल बन जाता है तो हम सभी बेघर और बेरोजगार हो जाएंगे। वहीं कई रैयतों का कहना था कि इससे हमलोग भूखे मर जाएंगे। वहीं व्यवसासियों ने भी अपनी अपनी बातों को रखा।

    विकल्प के तौर पर अंडरपास बनाने की भी उठी मांग

    रैयतों की भीड़ में पदाधिकारी

    कई रैयतों ने जनसुनवाई में मौजूद पदाधिकारियों से कहा कि पॉवरगंज-बागेश्वरी रोड के जमीन के नीचे से अंडरपास बना देने से हम सभी के घर, दुकान, रोजी रोजगार बच जाएंगे। इस पर पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता खुर्शीद करीम ने लोगों को बताया कि पहले तो अंडरपास बनना संभव नहीं है और यदि आप जो मांग कर रहे अंडरपास की तो इससे और भी ज्यादा हानि आप लोगों को होगी।

    सर्वे रिपोर्ट पढ़कर लोगों को सुनाया गया, लाभ हानि की दी गई जानकारी

    सामाजिक प्रभाव आकलन के लिए अधिकृत की गई संस्था चित्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनजमेंट, पटना के रिसर्च अफसर गोपेश कुमार ने जन सुनवाई शुरू करते हुए पूर्व में किए गए सर्वे रिपोर्ट को पढ़कर लोगों को सुनाया। जिसे लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने लाभ हानि के बारे में भी बताया। इसके बाद बारी बारी से रैयत अपनी बात कहते गए। जिसे संस्था द्वारा लिपिबद्ध किया गया। इसके बाद उन्होंने कहा कि आप सभी ने जो भी सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं व्यक्त की है। इसके आधार पर एक रिपोर्ट तैयार कर जिलापदधिकारी को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा ऐसा नहीं है कि आज आपकी बात सुने हैं और कल से काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत अभी कई चरणों से गुजरना पड़ता है।

    अपर जिला भूअर्जन पदाधिकारी ने लोगों को किया आश्वस्त

    जन सुनवाई में शामिल पॉवरगंज और बागेश्वरी रोड के रैयत

    जन सुनवाई में मौजूद एडीएलओ अशोक कुमार ने जमीन से संबंधित लोगों की समस्या और कागजातों के अद्यतन करने में आ रही परेशानियों को सुनने के बाद कहा कि इसके लिए सदर अंचलाधिकारी को विशेष शिविर आयोजित करने के लिए कहा जायेगा। शिविर के माध्यम से सारी समस्याएं दूर कराई जाएगी। वहीं अंचल कार्यालय में कथित रूप से नाजायज राशि मांगे जाने का भी मुद्दा लोगों ने उठाया। जिस पर एडीएलओ श्री कुमार ने कहा यदि कोई सरकारी कर्मचारी नजयज राशि की मांग करते हैं तो सीधे जिलापदधिकारी से मिलकर इसकी शिकायत करें।

    जनसुनवाई में ये सभी पदाधिकारी व अन्य रहे उपस्थित

    जन सुनवाई में अपर भूअर्जन पदाधिकारी अशोक कुमार, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता खुर्शीद करीम, प्रोजेक्ट अभियंता आकाश दीप, जेई अजय कुमार चौधरी, जेई प्रीति कुमारी, राजस्व पदाधिकारी, नीरज मंडल, अंचल अमीन विकास चौधरी, राकेश कुमार, चित्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, पटना के रिसर्च अधिकारी गोपेश कुमार, रिसर्च सहायक पांडेय ऋषि राज, वार्ड पार्षद अनुपमा कुमारी के प्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप कुमार मंडल आदि सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।

  • एटीएम बदलकर पैसा निकालने के मामले में मामला होगा दर्ज, वायरल वीडियो पर पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान

    एटीएम बदलकर पैसा निकालने के मामले में मामला होगा दर्ज, वायरल वीडियो पर पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान

    देवब्रत मंडल

    वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर

    गया जी: जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के एक एटीएम से एक महिला के एटीएम कार्ड बदलकर रुपए निकालने का वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि magadhlive नहीं करता है लेकिन खिजरसराय थाना की पुलिस ने वायरल हुई वीडियो पर स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई करने की बात कही है।

    थानाध्यक्ष ने कहा पुलिस स्वयं एफआईआर दर्ज करेगी

    खिजरसराय थानाध्यक्ष से magadhlive के इस संवाददाता ने जब वायरल हो रहे वीडियो के बारे में हकीकत जानना चाहा तो उन्होंने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।लेकिन पुलिस महिला का पता लगा चुकी है। वीडियो में जो कुछ दिखाया जा रहा है तो उस पर पुलिस स्वयं मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई करेगी।

    मामला 26 जुलाई का है, वीडियो में दिखाई दे रहे शख्स कौन

    वायरल हुआ वीडियो को देखने से प्रतीत होता है कि घटना 26 जुलाई दोपहर बाद की है। एक महिला एटीएम से पैसे निकालने के लिए आती है लेकिन उसका पैसा नहीं निकलता है। इसके बाद एक युवक महिला को मदद करने के ख्याल से उनका एटीएम बदल देता है और इसके बाद वह वहां से निकल जाता है। पुलिस एटीएम बदलने वाले शख्स की पहचान कराने में जुट गई है।

    चर्चा है कि मामले को रफा दफा कर दिया गया

    वायरल हो रहे वीडियो के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि जिस महिला के एटीएम कार्ड बदल दिए गए थे और जितनी राशि की निकासी एटीएम गिरोह के इस सदस्य ने निकाले थे। उस राशि और एटीएम कार्ड को गिरोह के द्वारा लौटा दिया गया है और मामले को रफा दफा कर दिया गया है। इसी कारण से महिला ने थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

    खिजरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव के कुछ लोगों पर शक

    इस तरह के वीडियो वायरल होने के बाद इस बात की भी चर्चाएं होने लगी है कि खिजरसराय थाना क्षेत्र के ही एक गांव के कुछ युवक एटीएम गिरोह के सदस्य हैं। लोगों की मानें तो हो सकता है कि मामला स्थानीय होने के कारण एटीएम गिरोह के लोगों पर दवाब बनाया गया, जिसके बाद मामला थाने तक नहीं पहुंच सका।

    सतर्क रहें, सजग रहें, तुरंत दें पुलिस को सूचना

    बहरहाल, जब खिजरसराय थाने की पुलिस स्वतः इस मामले को संज्ञान में ले चुकी है तो पुलिस मामला दर्ज करते हुए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश करेगी। magadhlive आम लोगों से अपील करती है कि एटीएम से पैसे निकालने वक्त आपके आसपास कोई ना रहे इसका ख्याल रखें। साथ ही कुछ गड़बड़ी की आशंका होती है तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें ताकि इस तरह के गिरोह समय रहते पकड़े जाएं।

  • एटीएम बदलकर पैसा निकालने के मामले में मामला होगा दर्ज, वायरल वीडियो पर पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान

    एटीएम बदलकर पैसा निकालने के मामले में मामला होगा दर्ज, वायरल वीडियो पर पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान

    देवब्रत मंडल

    वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर

    गया जी: जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के एक एटीएम से एक महिला के एटीएम कार्ड बदलकर रुपए निकालने का वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि magadhlive नहीं करता है लेकिन खिजरसराय थाना की पुलिस ने वायरल हुई वीडियो पर स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई करेगी।

    थानाध्यक्ष ने कहा पुलिस स्वयं एफआईआर दर्ज करेगी

    खिजरसराय थानाध्यक्ष से magadhlive के इस संवाददाता ने जब वायरल हो रहे वीडियो के बारे में हकीकत जानना चाहा तो उन्होंने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।लेकिन पुलिस महिला का पता लगा चुकी है। वीडियो में जो कुछ दिखाया जा रहा है तो उस पर पुलिस स्वयं मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई करेगी।

    मामला 26 जुलाई का है, वीडियो में दिखाई दे रहे शख्स कौन

    वायरल हुआ वीडियो को देखने से प्रतीत होता है कि घटना 26 जुलाई दोपहर बाद की है। एक महिला एटीएम से पैसे निकालने के लिए आती है लेकिन उसका पैसा नहीं निकलता है। इसके बाद एक युवक महिला को मदद करने के ख्याल से उनका एटीएम बदल देता है और इसके बाद वह वहां से निकल जाता है। पुलिस एटीएम बदलने वाले शख्स की पहचान कराने में जुट गई है।

    चर्चा है कि मामले को रफा दफा कर दिया गया

    वायरल हो रहे वीडियो के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि जिस महिला के एटीएम कार्ड बदल दिए गए थे और जितनी राशि की निकासी एटीएम गिरोह के इस सदस्य ने निकाले थे। उस राशि और एटीएम कार्ड को गिरोह के द्वारा लौटा दिया गया है और मामले को रफा दफा कर दिया गया है। इसी कारण से महिला ने थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

    खिजरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव के कुछ लोगों पर शक

    इस तरह के वीडियो वायरल होने के बाद इस बात की भी चर्चाएं होने लगी है कि खिजरसराय थाना क्षेत्र के ही एक गांव के कुछ युवक एटीएम गिरोह के सदस्य हैं। लोगों की मानें तो हो सकता है कि मामला स्थानीय होने के कारण एटीएम गिरोह के लोगों पर दवाब बनाया गया, जिसके बाद मामला थाने तक नहीं पहुंच सका।

    सतर्क रहें, सजग रहें, तुरंत दें पुलिस को सूचना

    बहरहाल, जब खिजरसराय थाने की पुलिस स्वतः इस मामले को संज्ञान में ले चुकी है तो पुलिस मामला दर्ज करते हुए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश करेगी। magadhlive आम लोगों से अपील करती है कि एटीएम से पैसे निकालने वक्त आपके आसपास कोई ना रहे इसका ख्याल रखें। साथ ही कुछ गड़बड़ी की आशंका होती है तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें ताकि इस तरह के गिरोह समय रहते पकड़े जाएं।

  • रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी कार्रवाई, रेल संपत्ति के साथ दो पकड़े गए, कारण जान रह जाएंगे हैरान

    रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी कार्रवाई, रेल संपत्ति के साथ दो पकड़े गए, कारण जान रह जाएंगे हैरान

    देवब्रत मंडल

    रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कोडरमा ने गया-कोडरमा ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड के पहाड़पुर स्टेशन पर एक बड़ी कार्रवाई में दो व्यक्तियों को रेलवे की संपत्ति चोरी करते हुए पकड़ा। दोनों व्यक्तियों के पास से 15 अदद ERC (इलेक्ट्रिक रेलवे कंट्रोल) बरामद किए गए।

    गिरफ्तार दोनों आरोपी फतेहपुर थाना क्षेत्र के हैं निवासी

    कोडरमा आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार राज कुमार यादव, उम्र 60 वर्ष, पिता स्वर्गीय देवकी यादव, पता पहाड़पुर स्टेशन रोड वार्ड नंबर 07, थाना फतेहपुर, जिला गया (बिहार) के निवासी हैं। जबकि दूसरा राजेंद्र पासवान, उम्र करीब 37 वर्ष, पिता स्वर्गीय ब्रह्मदेव पासवान, पता जम्हेता वार्ड नंबर 02, थाना फतेहपुर, जिला गया (बिहार) का रहनेवाला है।

    नशा करने के लिए करते हैं रेल संपत्ति की चोरी

    पोस्ट प्रभारी ने बताया कि दोनों व्यक्तियों को पहाड़पुर स्टेशन के पास स्थित रेलवे पोल किमी संख्या 437/04ए एवं 437/06ए के बीच अप लूप लाइन से उत्तर दिशा में चोरी करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नशा करते हैं और उसे पूरा करने के लिए चोरी कर रहे थे।

    सोमवार को न्यायालय में उपस्थापित कराया जाएगा

    उन्होंने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल आउट पोस्ट गुरपा के अधिकारी और जवान घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन करने के बाद बरामद रेल संपत्ति को जप्त कर लिया। दोनों व्यक्तियों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कोडरमा पर कांड संख्या 06/2025 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों को सोमवार को माननीय न्यायालय रेलवे गया जी के समक्ष पेश किया जाएगा।

    रेलवे सुरक्षा बल की पहल

    रेलवे सुरक्षा बल लगातार रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा और चोरी को रोकने के लिए काम कर रहा है। मिशन रेल सुरक्षा के तहत रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि रेलवे सुरक्षा बल रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की चोरी या अपराध को बर्दाश्त नहीं करेगा।

  • महाबोधि एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला प्रसव पीड़ा से थी परेशान, प्लेटफॉर्म पर कराया गया सुरक्षित प्रसव

    महाबोधि एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला प्रसव पीड़ा से थी परेशान, प्लेटफॉर्म पर कराया गया सुरक्षित प्रसव

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन

    गया जी: नई दिल्ली से चलकर गया को आ रही 12398 महाबोधि एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला प्रसव पीड़ा से बेचैन थी। ट्रेन के टीटीई ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। ट्रेन के गया जंक्शन आने पर चिकित्सक की देखरेख में सुरक्षित प्रसव कराया गया।
    बताया गया कि महिला गया जिले के शेरघाटी की रहने वाली है। ट्रेन जब परैया स्टेशन के आसपास पहुंची तो महिला प्रसव पीड़ा से परेशान हो गई। जिसकी जानकारी कोच के टीटीई को मिली तो उन्होंने कंट्रोल को इत्तिला दी। इधर, गया जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक(वाणिज्य) ने रेल अनुमंडल अस्पताल को सूचना दी। जहां से चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ गया जंक्शन पहुंचे। ट्रेन जब प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 पर आई तो मेडिकल टीम ने प्लेटफॉर्म पर महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। बताया गया कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। इसके बाद उचित चिकित्सीय परामर्श के लिए गया जी के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। रेल मदद से मिली इस सहायता पर महिला यात्री ने रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त की है।

  • 47 बटालियन सीआरपीएफ ने धूमधाम से मनाया 87 वां स्थापना दिवस, शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि

    47 बटालियन सीआरपीएफ ने धूमधाम से मनाया 87 वां स्थापना दिवस, शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि

    देवब्रत मंडल

    शहीदों को श्रद्धांजलि देते सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान

    गया जी: 47 बटालियन सीआरपीएफ ने अपना 87 वां स्थापना दिवस बड़े धूमधाम से मनाया।रविवार को मुख्यालय में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। 47 बटालियन सीआरपीएफ कमांडेंट अवधेश कुमार ने शहीद स्मारक पर देश की सुरक्षा में शहीद हुए जवानों को याद करके श्रद्धांजलि अर्पित की। बटालियन क्वार्टर गार्ड पर सेरेमोनियल गार्ड से सलामी ली।कमांडेंट अवधेश कुमार ने सभी जवानों और अधिकारियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि यह दिन राष्ट्र की एकता,अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने में बल के अपार और अद्वितीय योगदान का जश्न मनाता है।सीआरपीएफ भारत का सबसे बड़ा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल है,जो गृह मंत्रालय के अधिकार के तहत काम करता है। इस दौरान जवानों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत और संगीत के जरिए जवानों शानदार प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति पर दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। सीआरपीएफ अति नक्सल प्रभावित इलाकों में नक्सलियों के दांत खट्टे कर दिए और उनके मांद में जाकर दबोचा। इसी का परिणाम है कि आज इलाके से नक्सलियों के कदम उखड़ गए हैं। इस दौरान जवानों और कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत संगीत की प्रस्तुति की। जबकि पौधरोपण, टेबुल टेनिस, रस्सा कस्सी सहित खेलकूद की कई प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इस मौके पर द्वितीय कमान अधिकारी मनोज सांगा, डिप्टी कमांडेंट उत्तम कुमार सहित अधिकारी, जवान व उनके परिजन शामिल थे।

  • ‘बदलो सरकार, बचाओ बिहार’ नारे के साथ जो भी इंडिया गठबंधन का उम्मीदवार होगा, उसे ही कम्युनिस्ट पार्टी देगी समर्थन

    ‘बदलो सरकार, बचाओ बिहार’ नारे के साथ जो भी इंडिया गठबंधन का उम्मीदवार होगा, उसे ही कम्युनिस्ट पार्टी देगी समर्थन

    देवब्रत मंडल

    सम्मेलन में उपस्थित सीपीआई के नेता

    गया जी: गया जी शहर के भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की खरखुरा शाखा का सम्मेलन कॉमरेड रामचंद्र प्रसाद के आवास पर श्री प्रसाद की अध्यक्षता में हुई। सम्मेलन में भारतीय सैनिक, कवि, लेखक, पत्रकार के साथ घटित घटना, दुर्घटना, हत्या तथा हरिद्वार के मनसा माता की मंदिर में हुई भगदड़ में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। सम्मेलन का उद्घाटन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डेल्हा प्रभारी राम जगन गिरी ने किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री गिरी ने कहा कि डेल्हा गुमटी नंबर एक पर फुट ओवरब्रिज निर्माण करने के लिए संघर्ष को तेज किया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं से संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। कहा कि पार्टी के संगठन को मजबूत करें क्योंकि शाखा पार्टी की रीढ़ होती है और इसका विस्तार करने की जरूरत है। आगामी विधानसभा चुनाव में ‘बदलो सरकार, बचाओ बिहार’ नारे के साथ जो भी इंडिया गठबंधन का उम्मीदवार होगा, उसे विजयी बनाने की अपील की गई। पार्टी के नगर के सहायक मंत्री सतेन्द्र सुमन ने कहा कि पार्टी का पूरे प्रदेश में शाखा, अंचल, जिला सम्मेलन का दौर चल रहा है। श्री गिरी ने बताया कि सर्वसम्मति से अजय प्रसाद को खरखुरा शाखा का सचिव और सहायक शाखा सचिव भोला प्रसाद चुने गए। सम्मेलन को पूर्व शाखा मंत्री यमुना यादव, महादेव प्रसाद, अनिल कुमार, कृष्णा प्रसाद आदि ने संबोधित किया। वहीं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी वार्ड नंबर 07 पंचायतीय अखाड़ा शाखा का सम्मेलन मसूद मंजर के आवास पर अख्तर हुसैन अकेला की अध्यक्षता में हुई। सम्मेलन का उदघाटन जिला मंत्री सीता राम शर्मा ने किया और कहा कि बिहार में दिन प्रतिदिन अपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही है। अब तो हालात और चिंताजनक बनते जा रही है। बहन, बेटियां भी सुरक्षित नहीं बच पा रही। अब किस पर विश्वास किया जाय। उन्होंने सदस्यों से आह्वान किया कि शाखा को और मजबूत कर आंदोलन तेज करें। सम्मेलन में सर्वसम्मत से अख्तर हुसैन अकेला को शाखा सचिव बनाया गया और सहायक सचिव नेहाल अहमद चुने गए। यहां सम्मेलन को पूर्व शाखा मंत्री अफरोज उर्फ बाबू, राज कुमार गुप्ता, मोहम्मद शहाबुद्दीन अधिवक्ता आदि ने संबोधित किया।

  • गया इलेक्ट्रॉनिक्स और न्यू गया इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक ने एक दूसरे के विरुद्ध थाना में दर्ज कराया मामला, दोनों तरफ से लगाए गए गंभीर आरोप

    गया इलेक्ट्रॉनिक्स और न्यू गया इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक ने एक दूसरे के विरुद्ध थाना में दर्ज कराया मामला, दोनों तरफ से लगाए गए गंभीर आरोप

    देवब्रत मंडल

    टूटी हुई दीवार

    गया शहर में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के विक्रेताओं में शुमार नाम “गया इलेक्ट्रॉनिक” के विपेंद्र कुमार अग्रवाल और उनके पुत्र के विरुद्ध एक मामला कोतवाली थाना में दर्ज किया गया है। वहीं विपेंद्र कुमार के पुत्र तरुण कुमार ने भी न्यू गया इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रोपराइटर के विरुद्ध थाना में कांड दर्ज कराया है। घटना कुछ दिन पहले इसी महीने की है। इस दोनों मामले में पुलिस कांड दर्ज कर अनुसंधान में जुट गई है। दोनों पक्षों की ओर कांड दर्ज करा दिए जाने के बाद तनाव बना हुआ है।

    रेखा अग्रवाल के द्वारा लगाए गए हैं कई गंभीर आरोप


    पहले कांड की सूचक रेखा अग्रवाल पति योगेन्द्र कुमार निवासी लहेरिया टोला, भागीरथ मार्ग, थाना कोतवाली, गया-823001 (बिहार) की रहने वाली हैं। जिन्होंने पुलिस को दिए अपने लिखित शिकायत में बताई है कि उनके पति शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं और उनका इकलौता बेटा मयंक कुमार ओडिशा में यूको बैंक के उप क्षेत्रीय प्रमुख के रूप में कार्यरत है। आरोप लगाया गया है कि 17.07.2025 की सुबह तरुण कुमार अग्रवाल और विपेंद्र कुमार अग्रवाल ने 4-5 अज्ञात लोगों के साथ आपराधिक साजिश के तहत दीवार को ध्वस्त कर दिया और हमारे हिस्से में अवैध रूप से घुस आए। और एक लाख रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक्स को भी तोड़ दिया और चुरा लिया। आरोप है कि इलेक्ट्रॉनिक्स सामान तरुण कुमार और बिपेंद्र कुमार ने ले लिया है। साथ ही गंदी भाषा का इस्तेमाल करने और पति तथा उन्हें बुरी तरह पीटने का भी आरोप लगाया गया है। विपेंद्र अग्रवाल के पुत्र तरुण कुमार पर महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने व फिरौती की मांग करने का भी आरोप है।

    पुलिस को दिए गए तहरीर में अवैध रूप से संपत्ति पर कब्जा का भी आरोप

    रेखा अग्रवाल

    रेखा अग्रवाल ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि इससे पहले तरुण कुमार और विपेंद्र कुमार और असामाजिक तत्व द्वारा अवैध रूप से संपत्ति को लूटा गया और कब्जा किया गया था। यह संपत्ति शर्मा होटल के नाम से जानी जाती है।
    रेखा अग्रवाल ने पुलिस को बताई हैं कि उनके शांतिपूर्ण कब्जे में कई दशकों से संपत्ति है। जिसका होल्डिंग संख्या 65 (नया), 86 (पुराना), पीआईडी संख्या 70017328 लहेरिया टोला, कोतवाली, गया है। उन्होंने बताया है कि प्रोबेट केस संख्या 08/2008 (नरेंद्र कुमार अग्रवाल एवं अन्य बनाम सुरेंद्र कुमार एवं अन्य) एडीजे प्रथम, गया की अदालत ने दिनांक 10.04. 2015 को निर्णय किया कि योगेंद्र कुमार अग्रवाल एवं अन्य के पक्ष में और प्रोबेट किया। आगे इनका कहना है कि नरेंद्र कुमार को सामने से 16 फीट 8 इंच की जगह आवंटित की गई थी। लेकिन संपत्ति हड़पने और उनकी आवंटित संपत्ति पर अवैध कब्जा करने की आपराधिक साजिश धोखे से विपेंद्र कुमार और तरुण कुमार ने नरेंद्र कुमार अग्रवाल से 25 फीट × 81.6 फीट (2040 वर्गफुट) जमीन के साथ-साथ सत्येंद्र कुमार अग्रवाल और बुलियन एसोसिएशन की संपत्ति का हिस्सा भी उपहार में ले लिया। जिसका डीड नंबर 28123 दिनांक 07.12.2023 एवं डीड नंबर 26266 दिनांक 08.10.2024 है को रेखा अग्रवाल ने नकली व मनगढंत विलेख बताते हुए कहा है कि यह पूरी तरह से अवैध है और अमान्य है। आगे इन्होंने पुलिस को यह भी जानकारी दी है कि नरेंद्र कुमार अग्रवाल के खिलाफ ‘रेड वारंट’ जारी किया गया है। जो कि धोखाधड़ी से विभिन्न बैंकों से भारी ऋण से सम्बंधित है। कोतवाली थानाध्यक्ष ने रेखा अग्रवाल की शिकायत पर 20 जुलाई को कांड संख्या 350/25 बीएनएस की विभिन्न धारा के तहत दर्ज करते हुए उपनिरीक्षक नौशाद खान को कांड का अनुसंधानकर्ता बनाया है।

    घटना से संबंधित फोटो

    विपेंद्र अग्रवाल के पुत्र ने भी दर्ज कराया है मामला, जानें क्या क्या है आरोप

    जबकि दूसरी तरफ विपेंद्र कुमार अग्रवाल के पुत्र के बयान पर इसी थाना में कार्य में अवरोध डालने एवं जान माल की क्षति को लेकर एक अलग से कांड दर्ज किया गया है। जिसमें तरूण कुमार पिता बिपेन्द्र कुमार टावर चौक थाना- कोतवाली, जिला-गया निवासी का कहना है कि मेरा एक मकान जो कि लहेरिया टोला थाना कोतवाली गया में स्थित है। मकान काफी पुराना एएवं जर्जर स्थिति में है। उन्होंने रेखा अग्रवाल के साथ हुई घटना के अगले दिन 18.07.2025 की बात कोतवाली थाना को बताया है। जिसमें तरुण का कहना है कि वे और उनके पिता अपने मकान पर गए। तभी वहां योगेन्द्र कुमार पिता रेवती रमण प्रसाद, रेखा अग्रवाल पति योगेन्द्र कुमार, मयंक अग्रवाल पिता योगेन्द्र कुमार एवं अन्य 3-4 लोग वहां आए और योगेन्द्र कुमार, रेखा अग्रवाल ने मयंक अग्रवाल को कहा कि इन दोनों को जान से मार दो, तब मयंक अग्रवाल ने उनके साथ मारपीट करने लगे और पिताजी को धक्का देकर गिरा दिया। गला दबाकर मारने की कोशिश करने लगे। मयंक अग्रवाल पर गले में सोने की चैन और लगभग 15,000 रुपए भी छीन लेने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी आरोप है कि मकान मरम्मत करना है और जान बचाना है तो दस लाख रंगदारी पहुंचा दो वरना जमीन और जान दोनों से हाथ धो दोगे। परिवार को भी खत्म कर देंगे। कोतवाली थाना में तरुण कुमार के बयान पर भी कांड संख्या 351/25 बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कांड के भी आईओ सब इंस्पेक्टर नौशाद खान ही बनाए गए हैं।

  • भागने के चक्कर में शराब माफिया का स्कोर्पियो गड्ढे में गिरा, गया का शराब माफिया गिरफ्तार, औरंगाबाद का फरार

    भागने के चक्कर में शराब माफिया का स्कोर्पियो गड्ढे में गिरा, गया का शराब माफिया गिरफ्तार, औरंगाबाद का फरार

    देवब्रत मंडल

    गया जी: गया जिले की मद्य निषेध विभाग की टीम ने शराब लेकर भाग रहे एक वाहन का पीछा करते हुए एक माफिया को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य भागने में सफल रहे। गिरफ्तारी के डर से स्कोर्पियो वाहन से भाग रहे माफियाओं को दबोचने के गया जिले की टीम ने औरंगाबाद जिले के मद्य निषेध विभाग की टीम से मदद ली। गया जिले के सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रियरंजन ने बताया कि शनिवार की देर रात चेक पोस्ट प्रभारी, औरंगाबाद उत्पाद विभाग के सहयोग से उत्पाद थाना शेरघाटी के पदाधिकारियों के द्वारा चारपहिया वाहन स्कॉरपियों का आमस टॉल प्लाजा से पिछा किया गया। जो इमामगंज मोड से बांकेबाजार के तरफ भागा। थोडी दूर पर आमस थानान्तर्गत वाजिदपुर गांव के पास तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर रोड के बाएं तरफ वाहन गड्ढे में गिर गया। जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया वाहन की तलाशी लेने पर 17 पिट्ठू बैग में रहे कुल 325 बोतल विदेशी शराब जिसकी कुल मात्रा 148.00 लीटर बरामद किया गया। एक व्यक्ति अमित कुमार चौधरी पिता विजय चौधरी साकिन जयपुर थाना गुरूआ जिला गया को गिरफतार किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अमित ने बताया कि दो व्यक्ति सुधीर यादव पिता आलोक यादव साकिन मदनपुर, थाना मदनपुर, जिला औरंगाबाद तथा संजीत कुमार पिता बाढो चौधरी साकिन खीरयांवा, थाना मदनपुर, जिला औरंगाबाद भागने में सफल रहा। दोनों की उम्र करीब 22-23 वर्ष है। उन्होंने बताया छापामार दल में बमबम कुमार निरीक्षक मो. हाबिल, सहायक अवर निरीक्षक रामप्रीति कुमार, निरीक्षक डोभी चेक पोस्ट एवं उत्पाद विभाग औरंगाबाद मो. रहमत जमा अवर निरीक्षक एवं अन्य लोग शामिल थे।

  • डोभी में चतरा मोड़ के पास मकान मालकिन की किराएदार ने कर दी हत्या, लाखों रूपये का सामान लूटा, एसआईटी जांच में जुटी

    डोभी में चतरा मोड़ के पास मकान मालकिन की किराएदार ने कर दी हत्या, लाखों रूपये का सामान लूटा, एसआईटी जांच में जुटी

    नीरज, डोभी

    घटनास्थल पर जांच करते पुलिस पदाधिकारी

    गया जी: गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र में किराएदार द्वारा मकान मालकिन की हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

    पकौड़ी बेचने वाले दंपति को किराए पर एक कमरा दे रखी थी, दोनों फरार

    घटना के संबंध में बताया गया है कि डोभी में किरायेदार के द्वारा मकान मालकिन की हत्या कर दी गई है। चतरा मोड स्थित 55 वर्षीया मकान मालकिन चमेली देवी अकेले अपने मकान में रहती थी। दो माह पहले एक दंपति को किराए पर एक कमरा दे रखी थी। जो चतरा मोड पर पकौड़ी बेचा करते हैं। दोनों इस घटना के बाद फरार है।

    मृतक का पुत्र पुणे से मां को फोन करता रहा पर कोई जवाब नहीं मिला

    शनिवार की रात मकान मालकिन के बेटे शुभम ने अपनी मां से मोबाइल पर बात करने का प्रयास किया। मोबाइल की घंटी बजती रही परंतु नहीं उठा। शुभम पुणे में रहता है। रविवार की सुबह भी वह माँ से बात करने का कई बार प्रयास किया, किंतु बात नहीं हुई। इसके बाद शुभम ने पास पड़ोस से बात कर मां से बात कराने की बात कही। अगल बगल के लोग जब उसके घर पर पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे पर लगा हुआ है। जिसे ताला तोड़ा गया।

    महिला का हाथ पैर रस्सी से बंधा हुआ और घर का सारा सामान बिखरे पड़े थे

    लोगों ने देखा कि महिला का हाथ पैर रस्सी से बंधा हुआ है और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। किरायेदार भी घर में नहीं है। तब लोगों ने इस बात की जानकारी डोभी थाना को दिया। पुलिस पहुंचकर तहकीकात करनी शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया जी भेज दिया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि फरार किरायेदार का पता लगाया जा रहा है। इधर लोगों का कहना था कि घर के बाहर एक सीएनजी ट्रक तीन दिनों से आ रहा था। जिसके साथ किरायेदार शराब पीता था।

    एसएसपी ने कहा- एसआईटी जांच में जुट गई, छापेमारी की जा रही है

    एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि डोभी थाना अंतर्गत चतरा मोड़ के समीप किरायेदार एवं मकान मालकिन के बीच हुए विवाद में किरायेदार द्वारा मकान मालकिन की मारपीट कर हत्या कर दी गई है। नगर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल के मार्गदर्शन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शेरघाटी-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन करते हुए उन्हें त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिया गया है। गठित विशेष टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों का गहन अवलोकन किया गया है। मृतक के परिजन एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना के संदर्भ में जानकारी एकत्रित की गई। इस कांड में संलिप्त अपराधी के त्वरित गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम कार्रवाई में जुट गई है। लगातार छापामारी की जा रही है, शीघ्र ही दोषी अपराधकर्मी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।