Tag: Indian railway

  • ठीकेदार की मनमानी के खिलाफ ऑटो रिक्शा चालकों में आक्रोश, मामले को ऊपर तक ले जाने का निर्णय

    देवब्रत मंडल

    ऑटो रिक्शा चालकों ने ठीकेदार की मनमानी के खिलाफ एकजुट होकर मामले को उच्च अधिकारियों तक ले जाने का निर्णय लिया है। गया जिला ऑटो चालक बेरोजगार संघ ने जबरन अधिक वसूली पर कड़ी आपत्ति जताई है। संघ के नेता एहतेशाम ने कहा है कि यदि चालकों के साथ न्याय नहीं होता है तो हड़ताल पर भी चालक जा सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।

    अचानक ₹50/- वसूली के फरमान से आक्रोश, कहा-गुंडई है

    गुरुवार को गया जंक्शन के डेल्हा साइड के ऑटो स्टैंड पर चालकों में आक्रोश फैल गया, जब इन चालकों से ₹50/- की वसूली किए जाने का फरमान सुना। चालकों का कहना है एक तो पहले से ही निर्धारित दर प्रति ट्रिप ₹ 10/- की जगह ₹ 30/- लिया जा रहा था। इसके बाद इसमें दस रुपये की वृद्धि कर दी गई। तब तक चालक सह ले रहे थे लेकिन अचानक बगैर किसी सूचना के ₹ 50/- की मांग की जाने लगी, जो असहनीय ही नहीं बल्कि गुंडई है।

    चालकों ने बताया- एक दिन में ₹120/- देते हैं ठीकेदारी

    चालकों ने बताया कि एक दिन में ₹ 110/- एक ऑटो रिक्शा व ई रिक्शा चालक इस स्टैंड पर तैनात कर्मचारियों को देते हैं। ऊपर से ऑटो रिक्शा चालक बेरोजगार संघ के नाम पर ₹ 10/- वसूली की जाती है।

    करीब 400 ऑटो व ई-रिक्शा आते जाते हैं यहां

    इन चालकों ने बताया कि इस स्टैंड पर प्रतिदिन करीब चार सौ के आसपास ऑटो रिक्शा लेकर आते हैं और जाते हैं। जो इस मनमानी के खिलाफ एकजुट होकर अपने हक़ के लिए संघर्ष करने को तैयार हैं। यदि इसी तरह की मनमानी चलती रहती है तो यहां से एक भी ऑटो रिक्शा को न जाने दिया जाएगा और न यहां पर आने दिया जाएगा। जिससे रेलयात्रियों की समस्या बढ़ सकती है।

    डीडीयू से पूर्व मध्य रेल मुख्यालय तक रखेंगे बात

    इस स्टैंड पर गया जिला ऑटो रिक्शा चालक बेरोजगार संघ का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को पहुंचा। इसमें रहे एक नेता मो. एहतेशाम ने बताया कि ऑटो रिक्शा चालकों के साथ रेलवे के ठीकेदार मनमानी करने पर उतारू हैं। उन्होंने कहा कि यदि चालकों की बात नहीं मानी जाती है डीडीयू रेल मंडल मुख्यालय से लेकर पूर्व मध्य रेल मुख्यालय तक बातों को लेकर जाएंगे।

    रसीद पर न तो संवेदक और ना ही राशि अंकित

    इन चालकों से जितनी राशि वसूली जा रही है। उसके एवज में इन्हें दिए जाने वाली रसीद पर न तो वसूली गई राशि का जिक्र किया जा रहा है और न तो संवेदक का ही नाम रसीद पर अंकित किया गया है। जिससे भ्रष्टाचार की बू आ रही है। जबकि नियमानुसार रसीद पर समय, तिथि, शुल्क का विवरण एवं संवेदक के नाम का जिक्र किया जाना है।

    स्टैंड पर रेट चार्ट भी नहीं लगाया गया

    रेलवे स्टेशन के डेल्हा साइड में ऑटो स्टैंड के लिए निर्धारित स्थान पर कहीं पर भी निर्धारित शुल्क का चार्ट डिस्प्ले नहीं किया गया है। जबकि नियम है कि रेट चार्ट सार्वजनिक किया जाना है। इससे साफ स्पष्ट है कि यहां ठीकेदार(संवेदक) कानून और नियमों को भी नहीं मानते हैं।

    इन चालकों को कोई देखने के लिए भी नहीं आते

    इन चालकों से जब पूछा गया कि यदि आप सभी के साथ इस तरह की मनमानी हो रही है तो स्थानीय रेल प्रशासन देखने सुनने नहीं आते हैं? इस सवाल के जावाब में चालकों ने जो कहा, उसे लिखना उचित नहीं, क्योंकि इन बातों का प्रमाण नहीं है लेकिन इतना कहा कि कोई देखने के लिए स्टैंड पर नहीं आते हैं। यहां(स्टैंड) से बसें भी खुलती है। जिसके कारण ऑटो रिक्शा चालकों को पैसेंजर कम मिलते हैं और ऊपर से अधिक शुल्क के लिए दवाब दिया जाता है।

    आरपीएफ एवं वाणिज्य पर्यवेक्षक की बनती है जिम्मेदारी

    एक रेलकर्मी ने नाम न सामने लाने की शर्त पर बताया कि रेलवे सुरक्षा बल एवं वाणिज्य पर्यवेक्षक(सामान्य) की जिम्मेदारी बनती है कि इन सभी चीजों को देखेंगे, लेकिन ये सभी चुप्पी साध रखे हैं।

  • गया जंक्शन का पुनर्विकास: तोड़ दिया जा सकता हैं भारत सेवाश्रम संघ का यह कार्यालय भवन

    देवब्रत मंडल

    गया जंक्शन पर जारी निर्माण कार्य

    गया जंक्शन विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है। इसे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैश करने का कार्य चल रहा है। इस बीच खबर ये आई है कि गया जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में 1924 ई. से संचालित भारत सेवाश्रम संघ के इस कार्यालय भवन को तोड़ दिया जाएगा और यह कार्यालय स्टेशन के किसी अन्य हिस्से में फिर से संचालित किया जायेगा।

    सहायक मंडल अभियंता के साथ हुई वार्ता

    गया जंक्शन के सहायक मंडल अभियंता(ADEN) ऋषिकेश मीणा के साथ संघ के स्थानीय प्राधिकार हरि पद की बैठक शनिवार को उनके कार्यालय कक्ष में हुई। बताया गया कि श्री मीणा ने स्टेशन के विकास कार्य को जल्द पूरा करने के लिए इस भवन को तोड दिए जाने की बात कही है। इस बात की जानकारी अब संघ के प्रधान को बता दिया गया है।

    कई सालों से किराया भी बकाया चला आ रहा

    रेलवे सूत्रों ने बताया कि भारत सेवाश्रम संघ का कार्यालय जिस भवन में संचालित हो रहा है, उसका किराया भी वर्षों से बकाया चला आ रहा है। इस बात पर जब चर्चा हुई तो सहायक मंडल अभियंता ने संघ के स्थानीय प्राधिकार को पूरे कागजात के साथ डीडीयू मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक(सीनियर डीसीएम) के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है। संभावना है कि सोमवार को संघ से जुड़े लोग सीनियर डीसीएम से मिलने जाएंगे।

    एक सौ साल से संचालित है भारत सेवाश्रम संघ

    जैसा कि बताया गया है कि गया जंक्शन के बाहरी परिसर में संचालित भारत सेवाश्रम का कार्यालय काफी सालों से है। जब गया जंक्शन पूर्वी रेलवे अंतर्गत दानापुर मंडल के अधीन था, तब से यह कार्यालय संचालित है। भारत सेवाश्रम संघ की स्थापना 1924 ई. हुई थी। गया जी में इसका मुख्य कार्यालय सह आश्रम स्वराजपुरी रोड में है। जहां से इस संघ की सारी गतिविधियां संचालित होती है और इसका प्रधान कार्यालय पश्चिम बंगाल में है।

    कार्यालय भवन के पास बनाया जा रहा पाथवे

    गया जंक्शन के पुनर्विकास कार्य को 2026 तक पूरा करने का टारगेट तय किया गया है। इसे लेकर यहां पर पाथवे का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस क्रम में इस कार्यालय के भवन को तोड़ना जरूरी हो रहा है। जिसके लिए विभागीय प्रक्रिया के तहत इसे यहां से हटाकर किसी दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने की बात चल रही है। आने वाले दिनों में यह भवन यहां नहीं रहेगा।

  • 2026 में वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने की तैयारी अब अंतिम चरण में, पीएम कर सकते हैं उद्घाटन

    देवब्रत मंडल

    सर्कुलेटिंग एरिया में निरीक्षण करते एजीएम व अधीनस्थ

    गया जंक्शन को 2026 में वर्ल्ड‑क्लास स्टेशन बनाने की तैयारी अब अंतिम चरण में है। पूर्व मध्य रेल के एजीएम अमरेंद्र कुमार ने बुधवार को ब्रांच अधिकारियों के साथ बैठक में बताया कि डेल्हा साइड का काम लगभग पूरा हो चुका है और मुख्य भवन का निर्माण तेज़ी से चल रहा है। लक्ष्य है कि स्टेशन पर पहुँचते ही यात्रियों को एयरपोर्ट जैसा अनुभव मिले।

    यात्रियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधा शामिल

    गया जंक्शन का पुनर्विकास एक बड़े प्रोजेक्ट के रूप में आगे बढ़ रहा है। जिसमें आधुनिक इफ़्रास्ट्रक्चर, ग्रीन बिल्डिंग तकनीक और यात्रियों के लिए विश्व‑स्तरीय सुविधा शामिल है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो 2026 में पूरी तरह से नया, चमकदार गया जंक्शन देख सकेंगे।

    घूम-घूमकर अपर महाप्रबंधक ने लिया जायजा

    अपर रेल महाप्रबंधक श्री कुमार गया जंक्शन पर जारी निर्माण कार्य का घूम घूमकर अवलोकन किया। साथ में मंडल रेल प्रबंधक, डीडीयू उदय सिंह मीणा, ब्रांच अधिकारी, गया जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी व पर्यवेक्षक भी थे।

    कार्ययोजना पर की समीक्षात्मक बैठक

    समीक्षा बैठक करते अधिकारी

    अपर रेल महाप्रबंधक अमरेंद्र कुमार यहां अधीनस्थ पदाधिकारियों, परियोजना से जुड़े अभियंता व पर्यवेक्षक स्तर के कर्मचारियों के साथ बैठक करते हुए परियोजना पर हो रहे कार्य और समय से इसे पूरा करने आदि बातों पर चर्चा करते हुए फीडबैक भी लिए।

    प्रमुख सुविधाएँ जो मिलने वाली हैं

    • पुरुष एवं महिला प्रतीक्षालय – आरामदायक बैठने की व्यवस्था
    • वेटिंग हॉल – एसी और नॉन‑एसी दोनों विकल्प
    • डिलक्स शौचालय व स्नानघर – स्वच्छता पर विशेष ध्यान
    • प्लेटफ़ॉर्म – विस्तृत और ऊँचे, एस्केलेटर व लिफ्ट से जुड़े
    • एयर कॉनकोर्स – बड़े खुला क्षेत्र, फूड कोर्ट और शॉपिंग स्टॉल
    • वाय‑फ़ाय, चार्जिंग पॉइंट, टिकट वेंडिंग मशीन – डिजिटल सुविधाएँ
    • पार्किंग – मल्टी‑स्टोरी या अंडरग्राउंड विकल्प पर विचार 

    इन सुविधाओं का उद्देश्य केवल रेल यात्रियों को ही नहीं, बल्कि पितृपक्ष मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी लाभान्वित करना है। एजीएम ने निर्देश दिया है कि सभी काम अगले साल यानी 2026 तक पूर्ण कर लिया जाए, ताकि स्टेशन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी संभव हो सके।

  • गया जंक्शन पर अंधेरगर्दी, पिक एंड ड्राप करने वाले वाहनों से वसूली की शिकायतें हुई आम, दुबई के युवक ने सोशल मीडिया पर डाला वीडियो

    देवब्रत मंडल

    निर्माणाधीन गया जंक्शन का भवन

    गया जंक्शन पर अंधेरगर्दी की बात है। जिसे देखने वाला मानो कोई नहीं। आए दिन यात्रियों को पिक अप करने या ड्रॉप करने वाले वाहनों के मालिक से या फिर चालकों से ठीकेदारी शुल्क वसूली की शिकायतें दर्ज हो रही है लेकिन इस पर अंकुश नहीं लग रहा है।

    पार्किंग शुल्क मांगे जाने पर भड़क गया युवक

    ताजी घटना का संबंध दुबई में रहने वाले एक युवक से है। जो खुद को यूट्यूब पर (सोशल मीडिया) अपनी पोस्ट डालता है। जिसका नाम तबरेज़ मलिक है। जिसके साथ 13 नवंबर को गया जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में प्रीमियम पार्किंग के संवेदक का एक कर्मचारी उलझ गया। पार्किंग शुल्क की मांग किए जाने पर तबरेज़ मलिक भड़क उठा।

    नवादा से किराए के वाहन से आए थे गया जंक्शन

    तुरंत वीडियो बनाने लगे। सोशल मीडिया पर उसने अपलोड कर दिया है। जिसने बताया कि वे अपने परिवार के नौ सदस्यों के साथ 12381 अप हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस से नई दिल्ली जाने के लिए दोपहर एक बजे के आसपास किराए के एक बोलेरो वाहन द्वारा नवादा जिले से गया जंक्शन आए थे। दिल्ली से वह दुबई के लिए निकल जाएगा। जिन्होंने बताया कि जब हम सभी वाहन से उतरने लगे तो संवेदक का एक आदमी पार्किंग शुल्क जमा करने को कहने लगा। जिसका उन्होंने विरोध किया।

    आईडी प्रूफ मांगा तो स्कूटी सवार कर्मचारी भाग गया

    तबरेज़ मलिक ने बताया कि जब उस व्यक्ति से कहा कि पिक एंड ड्रॉप का भारतीय रेल के किसी रेलवे स्टेशन पर पैसा(शुल्क) नहीं लेने का रूल है तो आप कैसे पैसे मांग रहे हो। इसके बाद जब तबरेज़ मलिक ने कर्मचारी से उसका आईडी प्रूफ मांगा तो स्कूटी सवार कर्मचारी भाग निकला।

    इसके पहले एक चर्चित चिकित्सक ने की थी शिकायत

    इसके पहले भी गया जी के एक चर्चित डॉक्टर वैभव विकास के साथ इसी प्रकार का वाक्या हुआ था। जिन्होंने रेल प्रशासन से इस बात की शिकायत की थी। बाद में पता चला कि चिकित्सक ने अपनी शिकायत वापस ले ली और मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।

    यहां पर आए दिन होती है अवैध वसूली

    इसके अलावा गया जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में दोपहिया वाहन से आने वाले लोगों से अवैध वसूली नो पार्किंग के नाम पर हो रही है। द्वितीय श्रेणी के टिकट बुकिंग कार्यालय के सामने(पश्चिम दिशा में) और गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 01 के प्रवेश मार्ग(वर्तमान) के बगल में में दोपहिया वाहन लगाने पर इसमें ताला(सिकड़) जड़ दिया जाता है। इसके बाद जब व्यक्ति बेचैन हो जाते हैं तो एक आदमी आता है और कुछ लेनदेन करने के बाद ताला खोल दिया करता है। उन्हें कोई रसीद नहीं दिया जाता है। ये आए दिन हो रहा है।

    …और अंत में

    नो पार्किंग के नाम पर अंधेरगर्दी आम बात हो गई है। शिकायत दर्ज होना अलग बात है लेकिन ऐसा हो नहीं, इसके लिए यहां आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्यिक विभाग के अधिकारियों को ऐसे लोगों को चिन्हित करते हुए उचित कार्रवाई की जरूरत है, अन्यथा गया जंक्शन से लोग अच्छा संदेश नहीं लेकर जाएंगे।

  • ट्रेनों से अवैध रूप से लकड़ियों का परिवहन जारी, यात्रियों को होती है परेशानी,आरपीएफ की भूमिका संदिग्ध

    देवब्रत मंडल

    13305 अप धनबाद-गया इंटरसिटी एक्सप्रेस

    पूर्व मध्य रेल के गया-कोडरमा ग्रन्डकोर्ड रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेनों में अवैध रूप से जंगली लकड़ियों का परिवहन निर्बाध रूप से जारी है। कोच के गेट से लेकर यात्रियों के आने जाने वाले रास्ते पर लकड़ियों के गट्ठर इस कदर रख दिए जाते हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है।

    यात्री बेचारे होकर मुंह तक नहीं लगाते हैं इनसे

    यात्री बेचारे बने रहते हैं, कोई प्रतिकार करते हैं तो लकड़ियों की ढुलाई करने वाले माफिया मुंहतोड़ जवाब देते हैं। यहां तक की उन्हें धमिकयां भी देने से ये लोग गुरेज नहीं करते। ऐसे में यात्री चुप लगा देना ही उचित समझते हैं। ऐसे लोगों से उलझने से डरते हैं।

    गुरपा स्टेशन के आसपास लोड कर दी जाती है लकड़ियां

    बुधवार को 13305 धनबाद-गया इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक कोच में एक महिला अवैध लकड़ियां गुरपा स्टेशन के आसपास लोड कर दी। कई और थे जो कोच में लकड़ी चढ़ा रहे थे लेकिन आरपीएफ कहीं भी नजर नहीं आए। कुछ यात्रियों ने बताया इनकी मिलीभगत से ही यह अवैध कारोबार फल फूल रहा है। ये लोग (आरपीएफ) चाह लें तो एक दिन भी लकड़ी ट्रेन में नहीं चढ़ पायेगा।

    पूर्व में हुई थी कार्रवाई, लेकिन कुछ समय बाद फिर जारी

    इसी वर्ष कुछ माह पहले ट्रेनों में अवैध लकड़ियों के परिवहन की शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंची थी तो त्वरित कार्यवाही हुई। केवल दिखावे के लिए ही कहा जा सकता है कि लकड़ियां जब्त की गई लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। इस रेलखंड के दैनिक यात्रियों का कहना है कि ये तो रोज का धंधा है। कोई रोकने वाला नहीं है।

    प्रतिदिन लाखों की लकड़ियों का होता है परिवहन

    इधर रेलवे सूत्रों का कहना है कि इन अवैध कारोबार से जुड़े माफियाओं से रेलवे सुरक्षा बलों के मधुर संबंध स्थापित हैं। यही वजह है कि बगैर किसी रोक टोक के निर्भय होकर ये सभी प्रतिदिन लाखों रुपये की लकड़ी गुरपा वन क्षेत्रों से काटकर बाजार में बेचने के लिए लाते हैं।

    अवैध शराब का भी होता है परिवहन लेकिन कार्रवाई शून्य

    दैनिक यात्रियों की माने तो केवल लकड़ियों का ही अवैध परिवहन ट्रेन से नहीं हो रहा है, बल्कि झारखंड से अवैध शराब भी बिहार(गया जी) में लाए जा रहे हैं, जिसे देखने वाला कोई नहीं। विशेषकर देसी शराब का परिवहन भारी मात्रा में होते हैं। जो शहीद ईश्वर चौधरी हाल्ट, मानपुर स्टेशन के आसपास उतार लिया जाता है।

  • रेलकर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त होने से बचा लिया हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस को, डीआरएम ने किया पुरस्कृत

    देवब्रत मंडल

    कीमैन को पुरस्कृत करते डीआरएम


    डीडीयू मंडल के चंदौली मझवार और गंजख्वाजा स्टेशनों के बीच एक बड़ा रेल हादसा टल गया। प्रातः 08:57 बजे कीमैन श्रवण कुमार ने नियमित निरीक्षण के दौरान अप लाइन पर एक रेल फ्रैक्चर की पहचान की। उन्होंने तुरंत स्टेशन मास्टर संतोष कुमार को सूचित किया और फाटक की तरफ दौड़े। स्टेशन मास्टर ने सतर्कता दिखाते हुए समपार फाटक पर गेटमैन दिनेश कुमार को सूचित किया, जिन्होंने संरक्षा के लिए तत्काल गेट सिग्नल बंद कर दिया।

    घटना की जानकारी:

    • समय: प्रातः 08:57 बजे
    • स्थान: चंदौली मझवार और गंजख्वाजा स्टेशनों के बीच समपार फाटक संख्या 78 के पास
    • घटना: अप लाइन पर रेल फ्रैक्चर की पहचान

    त्वरित कार्रवाई:

    • कीमैन श्रवण कुमार ने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचित किया।
    • स्टेशन मास्टर संतोष कुमार ने समपार फाटक पर गेटमैन दिनेश कुमार को सूचित किया।
    • गेटमैन ने संरक्षा के लिए तत्काल गेट सिग्नल बंद कर दिया।
    • स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल ऑफिस को सूचित किया और ओवरहेड उपकरण बंद किए गए।

    परिणाम:

    • आ रही ट्रेन संख्या 22307 (हावड़ा–बीकानेर एक्सप्रेस) को संरक्षित रूप से रोका जा सका।
    • वरिष्ठ अनुभाग अभियंता की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक मरम्मत की।
    • 09:30 बजे ट्रैक को 30 किमी/घंटा की गति सीमा के साथ संरक्षित रूप से फिट घोषित किया गया।

    पुरस्कार और सराहना:

    • मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कीमैन श्रवण कुमार, स्टेशन मास्टर संतोष कुमार, स्टेशन मास्टर विनय कुमार और गेटमैन दिनेश कुमार को शाबाशी देते हुए उन्हें पुरस्कृत किया।

    निष्कर्ष:

    यह घटना डीडीयू मंडल की संरक्षा संस्कृति का जीवंत उदाहरण है, जहाँ प्रत्येक कर्मचारी संरक्षित संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। मंडल प्रशासन ऐसे कर्मठ और सजग कर्मचारियों की सराहना करता है, जिनके प्रयासों से संरक्षा सुनिश्चित होती है।

  • पहली बार बिहार आ रहीं हैं आरपीएफ के महानिदेशक सुश्री सोनाली मिश्रा, विस चुनाव को लेकर करेंगी महत्वपूर्ण बैठक

    देवब्रत मंडल

    फोटो: इंटरनेट से

    मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच की आईपीएस सुश्री सोनाली मिश्रा आरपीएफ के नए महानिदेशक के रूप में पदभार संभालने के बाद पहली बार बिहार आ रही हैं। बता दें कि रेलवे सुरक्षा बल की 143 साल की यात्रा में पहला ऐतिहासिक कदम है कि किसी महिला पदाधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। आरपीएफ के महानिदेशक सोनाली मिश्रा का बिहार आगमन बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेलवे सूत्रों के अनुसार महानिदेशक सुश्री मिश्रा के गुरुवार की सुबह पटना पहुंचने की संभावना है। जो एयर इंडिया के विमान से आने वाली हैं।

    बिहार में चुनाव को लेकर करेंगी अहम बैठक

    पूर्व मध्य रेल के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमरेश कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बैठक करेंगे। बिहार में चुनाव के दौरान आरपीएफ की भूमिकाओं पर चर्चा करेंगी।

    फेस्टिवल को देखते हुए भी बैठक में होगी चर्चा

    आरपीएफ के महानिदेशक सुश्री सोनाली मिश्रा बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर तो बैठक में चर्चा करेंगी ही। साथ ही साथ फेस्टिवल सीजन, दीपावली और छठ पर्व को लेकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने, अपराध पर काबू, नशीली पदार्थ आदि के तस्करी जैसे मुद्दे पर भी अधीनस्थ पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगी।

    बिहार के डीजीपी से भी कर सकती हैं मुलाकात

    रेलवे सूत्रों की मानें तो आरपीएफ के महानिदेशक बिहार के डीजीपी विनय कुमार से भी मुलाकात कर बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चर्चा करेंगी। जानकर बताते हैं कि दोनों एक ही बैच के अधिकारी हैं।

    महानिदेशक शुक्रवार को वापस होंगे दिल्ली

    रेलवे सूत्रों की माने तो आरपीएफ के महानिदेशक सुश्री मिश्रा 16 अक्टूबर को पटना आएंगी। पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। 16 अक्टूबर को बिहार में ही रहेंगी और इसके बाद अगले दिन 17 अक्टूबर को पटना से नई दिल्ली के लिए लौट जाएंगी।

    बिहार में पहली बार हो रहा है आगमन

    बता दें कि सुश्री मिश्रा 01 अगस्त को अपना पदभार ग्रहण की थीं। पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार इनका बिहार का दौरा हो रहा है। पूर्व मध्य रेल अंतर्गत पांच मंडल हैं। इनके बिहार आगमन से इन सभी मंडल के आरपीएफ पदाधिकारियों को एक नई ऊर्जा मिलेगी।

    सीबीआई और बीएसएफ में सेवाएं दे चुकी हैं

    प्रमुख पुलिस भूमिकाओं में अपनी व्यावसायिकता, समर्पण और नेतृत्व क्षमता के लिए जानी जाने वाली सुश्री मिश्रा इस पद पर तीन दशकों से अधिक की विशिष्ट सेवा का अनुभव रखती हैं। इस कार्यभार से पहले, उन्होंने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (चयन/भर्ती) के रूप में कार्य किया, साथ ही पुलिस प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान, भोपाल में एडीजी और मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला। उन्होंने सीबीआई और बीएसएफ में भी सेवा की है और कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में सेवा देने का अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी प्राप्त है।

    राष्ट्रपति पुलिस पदक, पुलिस पदक सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित

    उत्कृष्टता और व्यावसायिकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए इन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

    दूरदर्शी और समावेशी नेतृत्व का मिलेगा लाभ

    दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्कों में से एक, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा, यात्री सुरक्षा और अपराध रोकथाम के लिए ज़िम्मेदार रेलवे सुरक्षा बल को उनके दूरदर्शी और समावेशी नेतृत्व का लाभ मिलेगा। राज्य और केन्द्रीय पुलिस संगठनों में उनके व्यापक अनुभव से बल के आधुनिकीकरण, क्षमता निर्माण और सामुदायिक सहभागिता को नई गति मिलने की उम्मीद है।

    मानव तस्करी तथा असुरक्षित यात्रियों के विरुद्ध अपराधों को रोकने पर बल

    विशेष रूप से, इनका ध्यान अत्याधुनिक तकनीक का लाभ उठाने में आरपीएफ की पहल को मज़बूत करने और मानव तस्करी तथा असुरक्षित यात्रियों के विरुद्ध अपराधों जैसे संगठित अपराधों को रोकने में इसकी भूमिका को बढ़ाने पर होगा। सतर्कता, साहस और सेवा के मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जो आरपीएफ के आदर्श वाक्य “यशो लाभस्व” को परिभाषित करते हैं।

  • ई-रिक्शा ने रेल फाटक में मारी टक्कर, फाटक क्षतिग्रस्त, वाहन जब्त

    देवब्रत मंडल

    जब्त ई रिक्शा

    गया-कोडरमा ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड पर एक ई रिक्शा चालक तेज गति से रेल फाटक में जबरदस्त टक्कर मार दिया। जिसके कारण रेल फाटक क्षतिग्रस्त हो गया। घटनास्थल पर रहे आरपीएफ के जवान ने वाहन को जब्त कर लिया है। इस घटना के कारण ट्रेन परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। रेलवे सूत्रों ने बताया कि घटना गया जंक्शन के आगे नार्थ आउटर केबिन के समीप एलसी 17/ए पर हुई है। घटना के कारण टूटे हुए बम्बू को हटाकर रॉलिंग बम्बू से काम चलाया जाने लगा। इसके पश्चात संबंधित विभाग के कर्मचारी क्षतिग्रस्त बम्बू की मरम्मत कार्य मे जुट गए। जब्त ई रिक्शा का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 02 ER 3711 बताया गया है। इस सम्बंध में आरपीएफ पोस्ट द्वारा अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

  • ब्रेकिंग न्यूज़:महाबोधि एक्सप्रेस के कोच में सांप रहने की सूचना पर हडकंप, गया से देरी से इस ट्रेन के खुलने की संभावना

    देवब्रत मंडल

    वाशिंग पिट लाइन, गया जंक्शन

    इस वक्त रेलवे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि नई दिल्ली से चलकर गया जंक्शन को आई 12398 नई दिल्ली-गया महाबोधि एक्सप्रेस के एक कोच में सांप है, जिसके बाद यहां न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स(वाशिंग पिट लाइन) पर रेलकर्मियों में हड़कंप मच गया। जिस कोच में सांप होने की सूचना मिली थी, उस एम-3 कोच की जांच की गई लेकिन सांप नजर नहीं आया। एहतियात के तौर पर इस कोच में फॉगिंग कराया गया। बाद में यह निर्णय लिया गया कि नई दिल्ली की ओर से आई इस एम-3 कोच को हटाकर दूसरा कोच जोड़कर ट्रेन को चलाया जाए।

    रेलवे सूत्रों ने बताया कि इस ट्रेन के एम-3 कोच के यात्रियों ने कानपुर स्टेशन के आसपास x हैंडल पर इसमें सांप रहने की सूचना दी थी। इसके बाद गया पहुंची इस ट्रेन की जांच शुरू कर दी गई। जिसकी सूचना वाशिंग पिट लाइन के इंचार्ज ने स्टेशन अधीक्षक को दी। इसके बाद ट्रैफिक इंस्पेक्टर, स्टेशन मास्टर की उपस्थिति में एम-3 को डिटैच कर दूसरे कोच को लगाया गया। इस सम्बंध में एक पदाधिकारी ने पूछे जाने पर कहा कि 12397 अप गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस को री-शेड्यूल करते हुए एक घन्टे की देरी से 3 बजे खुलेगी।

  • गया-डेहरी मेमू ट्रेन लेकर जा रहे पायलट हुए बेहोश, महिला पायलट ने संभाली ट्रेन

    देवब्रत मंडल

    File photo

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल के गया-डीडीयू रेलखंड पर मेमू ट्रेन के चालक अचानक बेहोश हो गए। इसके बाद किसी तरह सहायक लोको पायलट ने ट्रेन की बागडोर संभाली। इसके बाद ट्रेन देव रोड स्टेशन पहुंची।घटना सोमवार को 63389 गया -डेहरी-ऑन-सोन मेमू सवारी गाड़ी में हुई। बताया गया कि इस ट्रेन के पायलट अनिल कुमार ट्रेन को लेकर डेहरी जा रहे थे। जैसे ही देव रोड स्टेशन पहुंचने को थी कि पायलट अनिल कुमार अचानक बेहोश हो गए। साथ में रहीं महिला सहायक लोको पायलट नेहा कुमारी इंजन को संभाल ली। इसके बाद ट्रेन को लेकर देव रोड पहुंची। इंजन में बेहोश हुए पायलट के बारे में कंट्रोल को सूचना दी। पायलट अनिल कुमार कुछ देर बेहोश रहे। इसके बाद किसी तरह सहायक पायलट नेहा और अन्य रेलकर्मी ने फर्स्ट एड दिया। पायलट अनिल कुमार बेहोशी की स्थिति से बाहर आए।
    इस बाबत पूछे जाने पर एक रेलकर्मी ने बताया कि कुछ देर के लिए अप लाइन पर ट्रेन परिचालन बाधित हो गया। 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस पीछे के स्टेशन पर रुक गई।
    इस संबंध में पूछे जाने पर मुख्य क्रू नियंत्रक ए. के. राय ने magdhlive को बताया कि इस घटना की सूचना मिलने के बाद महिला पायलट नेहा कुमारी को जाखिम स्टेशन तक ट्रेन को लेकर जाने का निर्देश दिया गया। नेहा कुमारी जाखिम स्टेशन पर ट्रेन को पहुंचा दीं। श्री राय ने बताया कि गया से स्पेयर जा रहे पायलट सुभाष कुमार को महाबोधि एक्सप्रेस से जाखिम स्टेशन भेजा गया है। जो मेमू ट्रेन को जाखिम से डेहरी तक ले जाएंगे।
    सूत्रों ने बताया कि पायलट अनिल कुमार के साथ इस प्रकार की घटना(on duty) पहले भी हो चुकी है। जब चीफ क्रू कंट्रोलर एके राय से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में ऐसी स्थिति पहली बार उत्पन्न हुई है। पूर्व में अनिल कुमार के साथ इस प्रकार की घटना हुई है तो हमें पता नहीं।