देवब्रत मंडल

गया, 6 मई 2026
गया जंक्शन पर बुधवार सुबह एक और रेल हादसे में यात्री की दर्दनाक मौत हो गई। शालीमार से गोरखपुर जा रही 15021 शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से 60 वर्षीय मो. एलुन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के नई बस्ती इलाके के रहने वाले थे।
पार्सल ऑफिस के सामने हुआ हादसा
घटना सुबह करीब 7:46 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पार्सल ऑफिस के सामने हुई। सूचना मिलते ही RPF और GRP की टीम मौके पर पहुंची। शव को ट्रैक से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पहचान के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
DDU जाना था, गया में हो गई मौत
रेल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शिव कुमार ने बताया कि मृतक मो. एलुन इसी ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। उन्हें शालीमार से DDU जंक्शन तक जाना था, लेकिन गया जंक्शन पर ही हादसे का शिकार हो गए। मृतक के पुत्र मो. सलीम को पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया गया है।
ट्रेन 46 मिनट लेट, परिचालन बाधित
रेलवे सूत्रों के अनुसार शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस का गया जंक्शन पर आगमन समय सुबह 7:00 बजे है और ठहराव 5 मिनट का है। लेकिन बुधवार को यह ट्रेन 46 मिनट विलंब से 7:46 बजे पहुंची। हादसे के कारण ट्रेन और देरी से खुली। घटना के बाद दो नंबर लाइन पर कुछ देर परिचालन भी बाधित रहा।
महाबोधि एक्सप्रेस हादसे की हुई थी जांच
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही गया जंक्शन पर 12397 गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस से कटकर दो यात्रियों की मौत हो गई थी। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया यात्रियों की लापरवाही सामने आई थी। वाशिंग पिट से रेक प्लेटफॉर्म पर आ रही थी और सीट लेने की होड़ में दो यात्री ट्रेन-प्लेटफॉर्म के गैप में गिरकर चपेट में आ गए थे।
RPF की ड्यूटी पर उठे सवाल,अधिकारियों की नजर
बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से आम रेलयात्री रेल सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि जब ट्रेनों को सुरक्षित पास कराने के लिए गया जंक्शन पर RPF की ड्यूटी लगती है, फिर भी हादसे रुक नहीं रहे। चर्चा है कि बुधवार की घटना पर भी DDU मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की नजर है।
