देवब्रत मंडल

गया। गया जंक्शन पर चलती ट्रेन से उतरने के दौरान एक महिला घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर महिला को मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।
घटना शुक्रवार 14 अगस्त को गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के दिल्ली छोर पर हुई। RPF के अनुसार अप-डाउन ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही के दौरान प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षी जीएन राय ने सूचना दी कि ट्रेन संख्या 13435 मालदा टाउन-गोमती नगर अमृत भारत एक्सप्रेस से चलती हालत में उतरने के प्रयास में एक महिला के पैर में चोट लग गई है।
सूचना मिलते ही उप निरीक्षक अजय तिग्गा, सहायक उप निरीक्षक अक्षयवर सिंह सहित RPF कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल महिला को तत्काल मेडिकल सहायता दिलाने के लिए ऑन-ड्यूटी स्टेशन मास्टर को सूचना दी गई। इसके बाद रेलवे चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर महिला का प्राथमिक उपचार किया।
स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने महिला को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। RPF के मुताबिक महिला की उम्र करीब 25-26 वर्ष है। उसके पास न तो कोई यात्रा टिकट मिला और न ही पहचान संबंधी कोई दस्तावेज या सामान था।
पूछताछ के दौरान महिला अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर भी नहीं बता सकी। RPF ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ और भिक्षावृत्ति करने वाली प्रतीत हो रही है। फिलहाल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। उसकी पहचान और परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
RPF ने कहा है कि महिला के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई और प्रगति से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
