स्टेशन मास्टरों के शिष्टमंडल ने रेल अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन, आगरा कैंट मामले की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

Deobarat Mandal

देवब्रत मंडल

image editor output image 1972554797 17866131477441514437883740268166 स्टेशन मास्टरों के शिष्टमंडल ने रेल अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन, आगरा कैंट मामले की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

गया। ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन की ओर से पूर्व मध्य रेल में आयोजित ‘पावर डे’ के तहत डीडीयू मंडल के स्टेशन मास्टरों का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को हाजीपुर स्थित पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने रेल प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात कर स्टेशन मास्टरों की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
डीडीयू मंडल से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में गया के यातायात निरीक्षक (मूवमेंट) सह केंद्रीय अध्यक्ष प्रमोद कुमार, जोनल कार्यकारी अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह, डीडीयू मंडल सचिव प्रिंस कुमार, मंडल अध्यक्ष अमित रंजन कुमार, मुन्ना सिंह सहित अन्य स्टेशन मास्टर शामिल थे। जोनल सचिव कुमार विजय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने क्रमवार महाप्रबंधक, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक तथा प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

स्टेशन मास्टरों की प्रमुख मांगें

ज्ञापन के माध्यम से स्टेशन मास्टर संवर्ग में व्याप्त सभी रिक्तियों को तत्काल भरकर रिक्त पदों की संख्या शून्य करने की मांग की गई। इसके अलावा 12 घंटे की थकाऊ एवं असुरक्षित आवश्यक-अंतराल ड्यूटी व्यवस्था को समाप्त करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने स्तर-6 से स्तर-9 तक के सभी स्टेशन मास्टरों को बिना किसी अधिकतम सीमा के रात्रि ड्यूटी भत्ता देने की मांग की। साथ ही अंतर-रेलवे और अंतर-मंडलीय स्थानांतरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने की मांग रखी गई।

ज्ञापन में आगरा कैंट मामले की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

ज्ञापन में आगरा कैंट मामले की निष्पक्ष जांच कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी शामिल रही। वहीं, जंक्शन और अत्यधिक व्यस्त स्टेशनों पर छह घंटे की ड्यूटी व्यवस्था लागू करने तथा रेल परिचालन की संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने रेल प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि स्टेशन मास्टरों पर बढ़ता कार्यभार और मानसिक दबाव सीधे तौर पर रेल परिचालन की संरक्षा को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई किया जाना आवश्यक है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *