देवब्रत मंडल

गया जी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। रामशिला मोड़ स्थित एक चर्चित ‘मुखिया जी’ के सूने घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने बाहर गया हुआ था।
पीड़ित परिवार स्वर्गीय कैलाश मुखिया के नाम से इलाके में जाना जाता है। उनके पुत्र दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को आसपास के लोगों से सूचना मिलने के बाद जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला बंद मिला। अंदर प्रवेश करने पर घर का नजारा देख परिवार के होश उड़ गए। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी व बक्सों के ताले टूटे हुए थे।

दिलीप सिंह के अनुसार बदमाश घर में रखे सोने-चांदी के सभी कीमती गहने लेकर फरार हो गए, जबकि आर्टिफिशियल ज्वेलरी को हाथ तक नहीं लगाया गया। घटना की सूचना तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। इस बीच वारिशनगर मोहल्ले में भी चोरी की एक अन्य घटना सामने आई, जहां स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसके पास से एक बैग बरामद हुआ है, जिसमें कुछ जेवरात मिले हैं। बरामद गहनों की पहचान कराई जा रही है।

दिलीप सिंह ने दावा किया कि बरामद गहनों में कुछ गहने उनके घर से चोरी हुए सामान से मेल खाते हैं। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ कर रही है। हालांकि, पीड़ित परिवार ने उसकी स्पष्ट पहचान नहीं की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों घटनाओं के पीछे किसी संगठित चोर गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की भी जांच कर रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
