देवब्रत मंडल

ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत 3 जवानों ने दिखाई सूझबूझ
गया जी, 26 जुलाई 2026
पूर्व मध्य रेलवे डीडीयू मंडल के गया रेलवे स्टेशन पर आज RPF के जवानों ने एक यात्री की जान बचाकर बहादुरी का परिचय दिया।
क्या हुआ पूरा मामला?
आज सुबह 9:35 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर गाड़ी संख्या 13305 धनबाद-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के बाद गंतव्य की ओर रवाना हो रही थी।
इसी दौरान 56 वर्षीय रवि कुमार पिता दद्दू प्रसाद, निवासी सिवान बिहार, चलती ट्रेन से उतरने के क्रम में लड़खड़ा गए और उनका संतुलन बिगड़ गया। यात्री प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच गैप में गिरने ही वाला था।
RPF ने ऐसे बचाई जान
उसी समय आपराधिक एवं संदिग्ध गतिविधि की निगरानी कर रहे सादे लिबास में तैनात:
– सहायक उप निरीक्षक पवन कुमार
– प्रधान आरक्षी वशिष्ठ यादव
– आरक्षी राकेश कुमार सिंह
तुरंत दौड़े और यात्री को प्लेटफार्म के गैप में जाने से पहले ही बाहर की तरफ खींचकर बचा लिया।
बचाए गए यात्री के पास पहाड़पुर से गया तक का टिकट था।
RPF की अपील
रेलवे सुरक्षा बल गया ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ना और उतरना दोनों खतरनाक है। कृपया ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ें/उतरें और सुरक्षित यात्रा करें। RPF गया ने ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत जवानों की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ की सराहना की है।
