Category: MAGADH

  • आईआईएम बोधगया ने अपने 7वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में 471 छात्रों को प्रदान की स्नातक उपाधि

    आईआईएम बोधगया ने अपने 7वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में 471 छात्रों को प्रदान की स्नातक उपाधि

    News Desk: भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बोधगया ने अपने 7वें वार्षिक दीक्षांत समारोह का आयोजन किया, जिसमें 471 छात्रों ने तीन प्रतिष्ठित शैक्षणिक कार्यक्रमों से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इस समारोह में मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) से 310, एमबीए डिजिटल बिजनेस मैनेजमेंट (डीबीएम) से 91 और एमबीए अस्पताल एवं हेल्थकेयर मैनेजमेंट (एचएचएम) से 70 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। यह आयोजन संस्थान के फ्लैगशिप एमबीए प्रोग्राम के साथ-साथ डीबीएम और एचएचएम के पहले बैचों के स्नातक का प्रतीक बना, जो उद्योग-केंद्रित और भविष्योन्मुखी शिक्षा पर आईआईएम बोधगया के बढ़ते फोकस को दर्शाता है।

    दीक्षांत समारोह की शुरुआत आईआईएम बोधगया के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य डॉ. जनमेजया सिन्हा के स्वागत भाषण से हुई। अपने प्रेरणादायक संबोधन में डॉ. सिन्हा ने कहा, “जहां आप हैं, वहां से शुरू करें, जो आपके पास है उसका उपयोग करें और जो आप कर सकते हैं, वह करें।” उनके शब्दों ने उपस्थित छात्रों और दर्शकों में उत्साह का संचार किया।

    संस्थान की निदेशक डॉ. विनीता सिंह सहाय ने वर्ष 2024-25 की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें शैक्षणिक उत्कृष्टता, बुनियादी ढांचे के विकास और वैश्विक सहयोग पर प्रकाश डाला गया। प्लेसमेंट के आंकड़े साझा करते हुए उन्होंने बताया कि तीनों कार्यक्रमों के 441 पात्र उम्मीदवारों में से 370 से अधिक छात्रों को सफलतापूर्वक प्लेसमेंट प्राप्त हुआ। एमबीए बैच के शीर्ष 25% छात्रों ने औसतन 18 लाख रुपये प्रति वर्ष (एलपीए), डीबीएम के शीर्ष 25% ने 21 एलपीए और एचएचएम के शीर्ष 25% ने 15 एलपीए का औसत सीटीसी हासिल किया। समग्र बैच औसत क्रमशः एमबीए के लिए 12 एलपीए, डीबीएम के लिए 12 एलपीए और एचएचएम के लिए 11 एलपीए रहा। डेलॉइट, पीडब्ल्यूसी, एक्सेंचर, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा पावर जैसी प्रमुख कंपनियों ने भर्ती में हिस्सा लिया, जिसमें कंसल्टिंग, बीएफएसआई, आईटी और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्र शामिल रहे।

    समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। तीन श्रेणियों में स्वर्ण पदक प्रदान किए गए: चेयरमैन स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक और सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए आईआईएम बोधगया स्वर्ण पदक। एमबीए प्रोग्राम से मिहिर शॉ (चेयरमैन स्वर्ण पदक), अनिकेत कुमार गुप्ता (निदेशक स्वर्ण पदक) और गौड़ श्रीप्रसाद अरुण (सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन) सम्मानित हुए। डीबीएम प्रोग्राम से अंकिता (चेयरमैन स्वर्ण पदक), उदित अग्रवाल (निदेशक स्वर्ण पदक) और स्वप्निल संजय नरखेड़े (सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन) को पुरस्कार मिला। वहीं, एचएचएम प्रोग्राम से सत्यम कुमार (चेयरमैन स्वर्ण पदक), अभिनबा मन्ना (निदेशक स्वर्ण पदक) और आदर्श (सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण प्रदर्शन) को सम्मानित किया गया।

    समारोह का समापन ओएनजीसी के चेयरमैन और सीईओ अरुण कुमार सिंह के मुख्य अतिथि संबोधन के साथ हुआ। अपने प्रेरक भाषण में उन्होंने छात्रों से कहा, “एक बार जब आप चौड़ाई हासिल कर लें, तो गहराई पर ध्यान दें। शुद्ध लेने वाले के बजाय शुद्ध देने वाले बनें। सच्चा नेतृत्व लेने से ज्यादा देने से आता है।” उनके शब्दों ने जिम्मेदारी और दीर्घकालिक विकास का संदेश दिया।

  • बेलागंज के सिलौंजा मोड़ पर भीषण हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौत

    बेलागंज (गया): बेलागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलौंजा मोड़ के समीप रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार 45 वर्षीय चितरंजन कुमार की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब कोरमथु गांव निवासी चितरंजन अपनी मोटरसाइकिल से बेलागंज स्थित अपने आवास से गया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी, जिसके परिणामस्वरूप उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

    घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, किंतु परिजनों के पहुंचने तक भीड़ ने शव को पुलिस के हवाले करने में देरी की। इस कारण कुछ समय के लिए सड़क की एक लेन पर यातायात प्रभावित रहा। परिजनों के आगमन के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गया भेज दिया।

    हादसे की सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) गजानन मेहता, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) डॉ. राघवेंद्र कुमार शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बेलागंज थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि परिजनों से लिखित शिकायत प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक के खिलाफ जांच शुरू कर चुकी है।

  • शादी की तैयारी कर रहा था किसान, आग में राख हुए 580 बोझा गेहूं – बोला: अब बहन की शादी कैसे करूंगा?

    शादी की तैयारी कर रहा था किसान, आग में राख हुए 580 बोझा गेहूं – बोला: अब बहन की शादी कैसे करूंगा?

    रिपोर्ट: दीपक कुमार

    गया जिले के फतेहपुर प्रखंड के डुमरीचट्टी पंचायत अंतर्गत शाहपोखर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने एक गरीब किसान परिवार की उम्मीदों को राख में मिला दिया। शनिवार देर रात करीब 12 बजे, किसान द्वारिका यादव के खेत में रखे गेहूं के करीब 580 बोझे आग की भेंट चढ़ गए। खलिहान में रखी यह फसल उस मेहनत का नतीजा थी, जिसके भरोसे द्वारिका यादव और उनके परिवार का जीवन चलता था। लेकिन अब, इस आग ने न सिर्फ उनकी आजीविका छीन ली, बल्कि उनके सपनों को भी जलाकर खाक कर दिया।

    पीड़ित किसान के बेटे श्याम सुंदर यादव ने मगध लाइव को बताया कि यह फसल उनके परिवार के लिए जीवन रेखा थी। “हम छोटे किसान हैं। इसी खेती के भरोसे मेरा घर चलता है। इस बार अच्छी फसल हुई थी, और इसी के दम पर मेरी छोटी बहन की शादी तय हुई थी। कुछ महीनों बाद उसकी शादी होनी थी,” श्याम सुंदर ने भावुक होते हुए कहा। उनकी आवाज में दर्द साफ झलक रहा था जब उन्होंने आगे कहा, “लेकिन अब ये आग मेरे पूरे परिवार के लिए संकट बन गई है। मैं अपनी बहन की शादी कैसे कर पाऊंगा? सब कुछ खत्म हो गया।”

    रात के सन्नाटे में गूंजी चीखें

    वीडियो

    शनिवार की रात जब आग की लपटें खलिहान में उठीं, तो ग्रामीणों ने शोर सुनकर मदद के लिए दौड़ लगाई। लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि ग्रामीणों के तमाम प्रयास बेकार साबित हुए। देखते ही देखते, मेहनत से उगाई गई गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।

    परिवार की गुहार: सरकार से मुआवजे की मांग

    श्याम सुंदर ने बताया कि घटना की जानकारी फतेहपुर थाने में लिखित आवेदन के जरिए दी गई है। साथ ही, अंचलाधिकारी को फोन पर सूचना दी गई है। परिवार ने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि इस संकट की घड़ी में उनकी कुछ मदद हो सके। “हमारे पास अब कुछ नहीं बचा। सरकार अगर मदद नहीं करेगी, तो हमारा परिवार कहां जाएगा?” श्याम सुंदर की यह पुकार हर उस किसान की व्यथा को बयां करती है, जो प्रकृति और परिस्थितियों की मार से जूझता है।

    एक अनसुलझा सवाल: आग कैसे लगी?

    आग लगने के कारणों की जांच अभी बाकी है। क्या यह हादसा था, या इसके पीछे कोई साजिश? ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन सच्चाई सामने आने का इंतजार है। फिलहाल, द्वारिका यादव और उनके परिवार के लिए यह घटना एक ऐसी त्रासदी बन गई है, जिसने उनकी जिंदगी को अंधेरे में धकेल दिया।

    समाज और सरकार की जिम्मेदारी

    यह घटना न सिर्फ एक परिवार की कहानी है, बल्कि उन लाखों छोटे किसानों की हकीकत को उजागर करती है, जो अपनी मेहनत और फसल के भरोसे जिंदगी चलाते हैं। अब सवाल यह है कि क्या सरकार और समाज इस परिवार के साथ खड़ा होगा? क्या द्वारिका यादव के सपने फिर से हकीकत बन पाएंगे? शाहपोखर की यह आग सिर्फ गेहूं के बोझों को नहीं जलाकर गई, बल्कि एक गरीब किसान के परिवार की उम्मीदों को भी अपने साथ ले गई।

  • बेलागंज में रामनवमी की तैयारियां जोरों पर, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

    रिपोर्ट: अजीत कुमार ,बेलागंज

    बेलागंज: रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और उत्साह के साथ मनाने के लिए बेलागंज थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को थानाध्यक्ष धनंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला, जिसका उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाना और असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देना था। यह कदम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आनंद कुमार के निर्देश पर उठाया गया।

    फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने बेलागंज बाजार, सब्जी मार्केट, बेल्हाड़ी मोड़, सिदानी, बेल्हाड़ी बाजार, लोदीपुर, नेउरी बाजार और काली मंदिर जैसे प्रमुख इलाकों का दौरा किया। इस मौके पर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “रामनवमी के इस पावन अवसर पर सभी लोग मिलजुल कर उत्सव का आनंद लें। लेकिन जो भी असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों की खैर नहीं होगी।”

    पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पर्व के दौरान सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा, सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र पर कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को तुरंत रोका जा सके।

    फ्लैग मार्च में अपर थानाध्यक्ष अरविंद किशोर सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि इससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहेगा।

  • मगही महोत्सव में गया घराने के कलाकारों ने बिखेरा जलवा, बापू टावर के सभागार में गूंजी तालियों की गड़गड़ाहट

    पटना: आज बापू टावर, पटना के सभागार में आयोजित मगही महोत्सव में गया घराने के प्रख्यात कलाकारों ने अपनी कला का ऐसा जादू बिखेरा कि श्रोता मंत्रमुग्ध हो उठे। इस संगीतमय शाम की शुरुआत पंडित राजन सिजुवार के शास्त्रीय गायन से हुई, जिन्होंने राग भीमपलासी में ख्याल प्रस्तुत कर माहौल को भावपूर्ण बना दिया। इसके बाद राग मिश्र भैरवी में उनकी ठुमरी ने श्रोताओं के दिलों को छू लिया। दर्शकों की फरमाइश पर पंडित जी ने चैती गायन भी प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

    पंडित राजन सिजुवार के साथ तबले पर संगत करने वाले दिनेश कुमार मौआर ने अपने शानदार वादन से सभी का मन मोह लिया। उनकी उंगलियों से निकली हर थाप ने प्रदर्शन में जान डाल दी, जिसे देखकर दर्शकों ने जोरदार तालियों से अपनी प्रशंसा व्यक्त की। वहीं, सारंगी पर श्री विनायक सहाय की मधुर संगत ने इस प्रस्तुति को और भी संजीदा बना दिया। उनकी सारंगी की सुमधुर तानें श्रोताओं के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गईं। हरमोनियम पर सर्वोत्तम कुमार ने भी अपने कुशल वादन से इस संगीतमय समारोह को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

    इस अवसर पर उपस्थित दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था। हर प्रस्तुति के बाद तालियों की गूंज और समर्थन ने इस कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजकों ने सभी कलाकारों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अंग वस्त्र, मोमेंटो और पौधे भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान न केवल कलाकारों की प्रतिभा का कद्रदान था, बल्कि मगही संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक बना।

    मगही महोत्सव का यह आयोजन न सिर्फ संगीत प्रेमियों के लिए एक सौगात साबित हुआ, बल्कि गया घराने की समृद्ध परंपरा को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सफल रहा। बापू टावर का सभागार आज कला और संस्कृति के इस अनुपम संगम का साक्षी बना।

  • बोधगया विधायक कुमार सर्वजीत ने किया सबदो बड़का आहार का शिलान्यास, ग्रामीणों में खुशी की लहर

    जब तक इस धरती पर रहूँगा, विकास का कार्य करता रहूँगा – कुमार सर्वजीत ,विधायक बोधगया

    फतेहपुर (गया): बोधगया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सबदो, पंचायत पहाड़पुर, प्रखंड फतेहपुर में आज सबदो बड़का आहार के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया गया। यह शिलान्यास बिहार सरकार के पूर्व कृषि मंत्री एवं बोधगया के लोकप्रिय विधायक कुमार सर्वजीत के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।

    इस ऐतिहासिक मौके पर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने माननीय विधायक का भव्य स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। आहार के जीर्णोद्धार से क्षेत्र में जल संचयन की सुविधा बेहतर होगी और कृषि कार्यों में भी वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।

    शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा,
    “जब तक इस धरती पर रहूँगा, विकास का कार्य करता रहूँगा। मेरी कोशिश रहती है कि मेरे क्षेत्र के लोग खुशहाल रहें और सभी जाति-धर्म के लोग आपसी भाईचारे के साथ जीवन यापन करें।”

    ग्रामीणों में इस पहल को लेकर भारी उत्साह देखा गया। लोगों ने इसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत के पदाधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

  • बुलेट ट्रेन की तर्ज पर एक घंटा 50 मिनट में 205 किमी की दूरी तय कर गया जंक्शन पहुंची ट्रायल ट्रेन, चल रही रूट पर परिंदा भी नजर नहीं आया

    देवब्रत मंडल

    पूर्व मध्य रेल के डीडीयू जंक्शन से 160 किमी प्रति घंटा की गति से चली ट्रायल ट्रेन को गया जंक्शन पर पहुंचने में केवल 1:50 घंटा का समय लगा। चीते की तरह तेज गति से चल रही यह ट्रेन मानो बुलेट ट्रेन से कम नहीं। गया जंक्शन पर जब यह ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 02 पर आई तो यहां पहले से मौजूद धनबाद रेल मंडल प्रबंधक और गया जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह तथा इनके साथ पूर्व मध्य रेल के अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

    10:46 में डीडीयू से खुली और 12:36 में पहुंच गई गया जंक्शन

    जानकारी के अनुसार ट्रायल ट्रेन को डीडीयू से पूर्व निर्धारित समय के अनुसार सुबह 10:30 में खुलना था लेकिन डीडीयू से यह ट्रेन 10:46 में खुली। जहां से खुलने के बाद हवा से बातें करते हुए चीते की तरह ट्रायल ट्रेन गया जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर दोपहर बाद करीब 12:36 में प्रवेश कर गई। डीडीयू से गया जंक्शन की दूरी 205 किमी है तो इस दूरी को तय करने में ट्रायल ट्रेन को केवल एक घंटा 50 मिनट का समय लगा।

    Video

    रेल लाइन पर परिंदा भी नजर नहीं आया, आरपीएफ लोगों को कर रहे थे सचेत

    डीडीयू-गया जंक्शन के बीच इस ट्रायल ट्रेन के लिए बनाए गए पाथ(रूट)पर परिंदा भी नजर नहीं आ रहे थे। रेलवे लाइन के किनारे रेलवे सुरक्षा बल की टीम पारखी नजर बनाए हुए थी। किसी को भी रेलवे लाइन को पार करने से मनाही करते हुए लाउड स्पीकर से बार बार सावधान कर थे। लोगों को रेलवे लाइन से दूरी बनाए रखने के लिए स्कोर्ट करते नजर आए।

    गया जंक्शन के बाद मानपुर जंक्शन से सुरक्षित थ्रू निकल गई ट्रेन

    गया जंक्शन पर जब ट्रायल ट्रेन पहुंची तो डीडीयू मंडल के डीआरएम इस ट्रेन से उतर गए। साथ में इनके अधीनस्थ पदाधिकारी भी। यहां से धनबाद मंडल के डीआरएम और उनकी टीम इस ट्रेन पर सवार हुए। कुछ देर के लिए गया जंक्शन पर रुकने के बाद ट्रेन प्रधानखुनता(धनबाद) के लिए खुली। चंद मिनटों में यह ट्रेन नार्थ आउटर केबिन(बागेश्वरी गुमटी) से होते हुए थ्रू मानपुर जंक्शन क्रॉस कर गई। यहां स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार एवं परिचालन विभाग के कर्मचारियों ने ट्रेन को सुरक्षित पास कराया।

    कुछ भी कहने से परहेज कर गए रेल महाप्रबंधक

    ट्रायल ट्रेन से गया जंक्शन पर आए रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह से जब magadhlive के इस संवाददाता(संपादक) ने ट्रायल ट्रेन के उद्देश्यों और इसके बारे में कुछ सवाल किए तो कुछ भी कहने से परहेज कर गए।
    बता दें कि पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक श्री सिंह और इनके साथ कई अधिकारी इस ट्रेन में डीडीयू से चलकर धनबाद मंडल के प्रधानखुनता तक विंडो ट्रेलिंग करते हुए जा रहे थे।

    धनबाद मंडल के पायलट और गार्ड गया से लेकर गए ट्रेन

    रेलवे सूत्रों ने बताया कि डीडीयू से गया जंक्शन तक इस ट्रायल ट्रेन को लेकर डीडीयू मंडल के पायलट और गार्ड लेकर आए थे और यहां से प्रधानखुनता तक धनबाद मंडल के क्रू और गार्ड लेकर गए। बताया गया कि इस ट्रेन के पायलट डब्ल्यू. हेरेंज और सहायक लोको पायलट एमएस अली थे और गार्ड ए. खान थे जो कि धनबाद मंडल के हैं।

  • गया पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई: 8 साल से फरार कुख्यात नक्सली ब्रिजेश सिंह गिरफ्तार

    दीपक कुमार

    गया: गया जिला पुलिस और विशेष कार्य बल (STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 8 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात नक्सली ब्रिजेश कुमार सिंह उर्फ ब्रिजेश सिंह उर्फ ब्रजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी मंगलवार, 01 अप्रैल 2025 को शुरू हुई एक सिलसिलेवार कार्रवाई का परिणाम है, जिसमें दो अन्य नक्सलियों को पहले ही पकड़ा जा चुका था। गुरुवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी सुनील पांडेय ने इस ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी साझा की।

    डीएसपी पांडेय ने बताया कि 01 अप्रैल को गया पुलिस ने दो नक्सलियों, विक्रम कुमार उर्फ कैलु यादव और लाला शर्मा उर्फ लाल शर्मा, को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर खुफिया जानकारी मिली कि कोंच थाना क्षेत्र के डबुर गांव में कुख्यात नक्सली ब्रिजेश सिंह छिपा हुआ है। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), गया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), वजीरगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में मुफस्सिल थानाध्यक्ष, अन्य पुलिसकर्मी और STF के जवान शामिल थे।

    ऑपरेशन का विवरण

    डीएसपी ने बताया कि विशेष टीम ने डबुर गांव में छापेमारी की, जहां ब्रिजेश सिंह पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। सशस्त्र बलों की तत्परता से उसे धर दबोचा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम ब्रिजेश कुमार सिंह, पिता स्वर्गीय नेमन सिंह, निवासी डबुर, थाना कोंच, जिला गया बताया।

    अपराध का इतिहास

    ब्रिजेश सिंह 2016 से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ मुफस्सिल थाना में दर्ज कांड संख्या 412/16 के तहत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। यह मामला 05 सितंबर 2016 का है, जब नक्सलियों ने बुढ़ीपैमार नदी पर एक निर्माण कंपनी के बेस कैंप पर हमला किया था। हमले में नक्सलियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की, रुपये और मोबाइल लूटे, और लेवी न देने पर मशीनों में आग लगा दी थी। इस मामले में भादवि की धारा 147, 148, 149, 323, 341, 386, 453, 379 के साथ-साथ यूएपी एक्ट और सीएलए एक्ट की धाराएं लगाई गई थीं। इस कांड में ब्रिजेश की संलिप्तता सामने आई थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचता रहा।

    अन्य नक्सलियों पर कार्रवाई

    डीएसपी पांडेय ने बताया कि इस मामले में पहले ही 8 अन्य नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ब्रिजेश की गिरफ्तारी के साथ इस कांड के प्रमुख आरोपियों में से एक और सलाखों के पीछे पहुंच गया है। पुलिस अब उसके अपराधिक इतिहास की गहन जांच कर रही है और अन्य फरार नक्सलियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।

    डीएसपी ने यह भी घोषणा की कि इस सफल ऑपरेशन में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा, “यह गया पुलिस और STF की संयुक्त मेहनत का नतीजा है। हम नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

  • हवा से बातें करते हुए गुजरेगी ट्रायल ट्रेन, एक घण्टा 55 मिनट में 205 किमी की दूरी तय कर लेगी, रेल महाप्रबंधक जाएंगे डीडीयू

    हवा से बातें करते हुए गुजरेगी ट्रायल ट्रेन, एक घण्टा 55 मिनट में 205 किमी की दूरी तय कर लेगी, रेल महाप्रबंधक जाएंगे डीडीयू

    देवब्रत मंडल

    शुक्रवार 04 अप्रैल 2025 को डीडीयू-गया रेलखंड पर 160 किमी/प्रति घन्टे की स्पीड से चलने वाली ट्रायल ट्रेन हवा से बातें करते हुए गया जंक्शन पर पहुंचेगी। यहां से फिर हवा से बातें करते हुए यह ट्रेन धनबाद की ओर निकल जायेगी। डीडीयू जंक्शन से गया की दूरी 205 किमी है। इस दूरी को तय करने में ट्रायल ट्रेन को केवल 1:55 घन्टे का ही समय लगेगा।

    Time schedule

    रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 160 किमी की स्पीड से चलाई जाने वाली ट्रायल ट्रेन डीडीयू जंक्शन से सुबह 10:30 में चलेगी। जो गया जंक्शन पर 12:25 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यहां से यह ट्रेन मानपुर जंक्शन पर 12:39 में पहुंचेगी और थ्रू चलते हुए धनबाद स्टेशन के लिए बढ़ती चली जायेगी। रेलवे सूत्रों ने बताया कि इस ट्रायल ट्रेन को लेकर पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह एक विशेष ट्रेन द्वारा पटना जंक्शन से सुबह करीब 08 बजे डीडीयू(पटना-आरा रेलखंड) के लिए विंडो ट्रेलिंग करते हुए जाएंगे। जिनके साथ पूर्व मध्य रेल के अधिकारियों की एक टीम भी रहेगी।
    ट्रायल के दौरान आमजनों को रेल लाइन से दूरी बनाकर रहने की अपील की गई है। वहीं जंक्शन पर प्लेटफॉर्म बदलने वक्त एफओबी का प्रयोग करने की भी अपील की गई है।

    वीडियो
  • पुरानी पेंशन व्यवस्था की स्थिति को बरकरार रखा जाए: मिथलेश

    पुरानी पेंशन व्यवस्था की स्थिति को बरकरार रखा जाए: मिथलेश

    देवब्रत मंडल

    ऑल इंडिया केंद्रीय एवं राज्य सरकार पेंशनर्स संयुक्त समिति जिला शाखा गया द्वारा केंद्र सरकार द्वारा गठित आठवें वेतन आयोग मे किए गए सिफारिश जिसमें पुराने पेंशनधारियों को अपग्रेडेशन की सुविधा से वंचित रखा गया है इसके खिलाफ केंद्र एवं राज्य सरकार के पुराने पेंशनधारियों में काफी रोष व्याप्त है। मिथिलेश कुमार, को-ऑर्डिनेटर जिला ट्रेड यूनियन संयुक्त समिति गया सह कार्यकारिणी सदस्य ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन नई दिल्ली ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि उसी के सापेक्ष में गुरुवार को प्रधान डाकघर कार्यालय गया के समक्ष पुराने पेंशनधारियों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। पुराने पेंशनधारियों की मांग है कि पुरानी पेंशन व्यवस्था की स्थिति को बरकरार रखा जाए और आठवें वेतन आयोग में की गई सिफारिश जिसमें पुराने पेंशनधारियों को अपग्रेडेशन की सुविधा से वंचित रखने का प्रावधान किया गया है को समाप्त किया जाए एवं अपग्रेडेशन की सुविधा दिया जाए।
    इस विरोध प्रदर्शन में महासंघ के नेता मोहम्मद शमीम अहमद महासंघ के राज्य स्तरीय नेता कपिल देव प्रसाद कोऑर्डिनेटर सह कार्यकारिणी सदस्य ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन नई दिल्ली कामरेड मिथिलेश कुमार ,अजय कुमार, रामप्रवेश प्रसाद ,अखिलेश्वर प्रसाद , राम प्रसाद ,अरविंद कुमार सिंहा ,रघुवीर पाठक, आमिर खान, अबरार हुसैन, विष्णु शंकर श्रीवास्तव के अलावा बहुत सारे केंद्र एवं राज्य सरकार के ट्रेड यूनियन नेता एवं सक्रिय सदस्य उपस्थित थे।