Category: MAGADH

  • पंचदेवता सूर्यमंदिर के समीप हो सार्वजनिक शौचालय व स्नानागार- सागर दिवान

    पंचदेवता सूर्यमंदिर के समीप हो सार्वजनिक शौचालय व स्नानागार- सागर दिवान

    सूर्य मंदिर ,पंचदेवता टिकारी

    नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद सागर कुमार द्वारा पंचदेवता स्थित सूर्य मंदिर के समीप सार्वजनिक शौचालय, स्नानागार व प्याऊ का निर्माण करने की मांग की है। श्री कुमार द्वारा कर्यपालक पदाधिकारी को लिखे गये पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक वर्ष वैवाहिक लग्न, छठ पूजा व अन्य शुभ अवसर पर आमजनों की भीड़ मंदिर में जुटती है। इसके बावजूद लोगो की सहूलियत के लिए उक्त स्थल पर अब तक सार्वजनिक शौचालय, स्नानागार व प्याऊ की सुविधा नही है जिस कारण लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगो को सुविधा मुहैया कराने को लेकर निर्माण कार्य कराना आवश्यक है। सागर ने कार्यपालक को पत्र लिखकर निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

  • फतेहपुर थाना क्षेत्र के दो जगहों से पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब के साथ 9बाइक किया जब्त

    फतेहपुर थाना क्षेत्र के दो जगहों से पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब के साथ 9बाइक किया जब्त

    फतेहपुर से मनोज कुमार की रिपोर्ट

    चरका पत्थर गांव से जब्त शराब तथा बाइक
    रघवाचक गांव से जब्त शराब एवं गिरफ्तार तस्कर

    फतेहपुर थाना क्षेत्र में एकबार फिर से झारखंड से बढ़ती शराब तस्करी पुलिस के लिए सरदर्द बन रही है। झारखंड सीमा से सटे कई रास्तों के द्वारा शराब तस्करी का खेल लगातार जारी है। हालांकि फतेहपुर थाने की पुलिस भी शराब तस्करों के हौसले पस्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। फतेहपुर थाने की पुलिस ने बुधवार को राघवाचक से 90लीटर देशी शराब तथा 3बाइक समेत एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया हालांकि अन्य शराब तस्कर भागने में सफल रहा। गिरफ्तार शराब तस्कर गुड्डू कुमार पिता बालेश्वर प्रसाद थाना क्षेत्र के डोभातांड के रहने वाला है।

    वहीं गुरपा ओपी पुलिस ने चरका पत्थर रेलवे लाइन किनारे से झारखंड से तस्करी के लिए शराब लेकर आ रही 6बाइक समेत 180लीटर देशी शराब को जब्त किया है। इस संबंध में अपर थाना प्रभारी (फतेहपुर) सत्यनारायण शर्मा ने बताया की मिली गुप्त सूचना के आधार पर गुरपा ओपी प्रभारी राजेश पासवान के नेतृत्व में चरका पत्थर गांव से 180लीटर देशी शराब सहित 6बाइक जब्त किया गया है। उन्होंने बताया की शराब तस्कर पुलिस को देख बाइक छोड़कर भागने लगा हालांकि पुलिस दल ने दौड़ाकर पकड़ने की कोशिश किया पर घने झाड़ियों का फायदा उठाकर सभी शराब तस्कर भागने में सफल रहा।

  • सीयूएसबी में पेयजल उपलब्धता पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव पर विशेष व्याख्यान

    सीयूएसबी में पेयजल उपलब्धता पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव पर विशेष व्याख्यान

    टिकारी संवाददाता: सीयूएसबी के शिक्षक शिक्षा विभाग (डीटीई) द्वारा जलवायु परिवर्तन के प्रभाव पर एक व्याख्यान का आयोजन किया। जन संपर्क पदाधिकारी मो. मुदस्सीर आलम ने बताया कि कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह की देखरेख में शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार और एनसीटीई के निर्देशानुसार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे डा. जावेद अहसन, सहायक प्राध्यापक, बायोटेक्नोलॉजी विभाग द्वारा ‘इफ़ेक्ट ऑफ क्लाइमेट चेंज आन अवेलेबिलिटी आफ ड्रिंकिंग वाटर एंड इट्स रेमेडीज’ विषय पर व्याख्यान दिया गया। अहसन ने अपने व्याख्यान में जलवायु परिवर्तन और पेयजल उपलब्धता पर इसके प्रभाव का व्यापक परिदृश्य प्रस्तुत किया। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पेयजल की कमी दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। अतिथि वक्ता ने इस समस्या को हल करने के लिए कुछ नवीनतम दृष्टिकोण साझा किए। डा. अहसन ने सीयूएसबी के विश्वविद्यालय परिसर का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए गया क्षेत्र की पेयजल उपलब्धता पर भी चर्चा की। उन्होंने उदाहरण के तौर पर ‘जीरो वाटर डिस्चार्ज मॉडल’ का विस्तार से चर्चा करते हुए सीयूएसबी परिसर की जल प्रबंधन प्रणाली की सराहना की। कार्यक्रम का आयोजन डीटीई की सांस्कृतिक और साहित्यिक समिति द्वारा किया गया था।

  • भव्य कलशयात्रा के साथ देवधरपुर मे शुरू हुआ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा यज्ञ

    भव्य कलशयात्रा के साथ देवधरपुर मे शुरू हुआ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा यज्ञ

    शोभायात्रा में घोड़ा और रथ बना आकर्षण का केंद्र
    कलश यात्रा के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

    टिकारी संवाददाता: टिकारी शहर के देवधरपुर मुहल्ला में गुरुवार को देर शाम कलशयात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा यज्ञ का शुभारम्भ हुआ। पहली बार किसी यज्ञ के लिए देरशाम कलश यात्रा निकाली गई। यज्ञस्थल से कलशधारी श्रद्धालु सैकड़ों महिला व पुरुष शहर का भ्रमण करते हुए गाजे बाजे के साथ जलभरी हेतु मोरहर नदी के पंचदेवता घाट पहुंचे। जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच जलभरी का अनुष्ठान पूरा किया गया। इसके बाद धर्म का जयघोष करते हुए कलश यात्रा यज्ञस्थल पहुंची। संत महात्माओं द्वारा सभी कलाषधारियों का मंडप प्रवेश के बाद कलश स्थापना कराई गई। यज्ञ के आयोजक सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि वृंदावन से आये पुरोहित धन्नजय दास जी महाराज द्वारा प्रतिदिन संध्या प्रवचन और भजन कीर्तन करेंगे। भंडारा एवं बोकारो के श्याम जी ग्रुप द्वारा जागरण की प्रस्तुति के साथ यज्ञ का समापन होगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन और संचालन में आयोजक मंडल के सदस्य संतोष पांडेय, राजीव सिन्हा, राजेश सोनी, बबलू स्वर्णकार, नवीन झा आदि श्रद्धालु लगे है।

  • जमीन पर कथित कब्जा को लेकर महादलितों ने विधायक को घेरा

    जमीन पर कथित कब्जा को लेकर महादलितों ने विधायक को घेरा

    टिकारी संवाददाता: थानाक्षेत्र के चिरैली गांव के अनुसूचित जाति के ग्रामीणों ने सरकारी जमीन पर कथित कब्जा को लेकर स्थानीय विधायक को घेरा और मामले की शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई। गुरुवार को पटना से कोंच जाने के क्रम में विधायक डा. अनिल कुमार की गाड़ी जैसे ही चिरैली गांव के पास पहुंची वंहा पहले से मौजूद ग्रामीणों ने उनके गाड़ी को रुकवाया। जिसके बाद वार्ड पार्षद अक्षय कुमार चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विधायक को अपनी समस्या बताते हुए जमीन पर हो रहे मिट्टी भराव का विरोध किया और उसपर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
    मौके पर मौजूद सुगापरी देवी, राजेश मांझी, करीमन मांझी, प्रेमचंद मांझी, गणेश मांझी, श्यामजी मांझी आदि ग्रामीणों ने बताया कि कई दशक से हमलोग चिरैली तालाब के समीप रह रहे है। तालाब भी राजा के काल का ही निर्मित है। टोला में सौ घर निर्मित है जिनमे से कई परिवार का आवास सरकारी योजना की राशि से बना है। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि इन सब के बावजूद बीते कुछ दिनों से गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा जमीन पर मिट्टी की भराई की जा रही है।

    बसावट के चारो ओर लगभग सात फिट उंचा मिट्टी डाल कर रास्ता बना दिया गया है। बारिश के दिनों में जल जमाव की समस्या से लोगो को जूझना पड़ेगा। वार्ड पार्षद ने विधायक को बताया कि बीते माह हुई बारिश के बाद जेसीबी से मिट्टी हटवाकर जलनिकासी कराई गई थी। गांव के कुंदन सिंह ने विधायक को बताया कि तालाब काफी पुराना है और राज काल का निर्मित है। इसी तालाब में पूरे टिकारी शहर व अन्य जगहों मूर्ति का विसर्जन किया जाता है। लोगों की समस्या सुनने के बाद विधायक डा. अनिल कुमार ने टिकारी एसडीओ से बात कर समस्या का अतिशीघ्र निपटारा करने का निर्देश दिया। विधायक ने बताया कि एसडीओ के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम शुक्रवार को विवादित स्थल का निरीक्षण करेंगे। विधायक के आश्वासन पर ग्रामीणों ने संतोष जताया।

  • मौसमजनित एईएस एवं जेई के प्रशिक्षण में लू से बचने की दी गई जानकारी

    मौसमजनित एईएस एवं जेई के प्रशिक्षण में लू से बचने की दी गई जानकारी

    टिकारी संवाददाता: प्रखंड सभागर, टिकारी में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें शामिल शिक्षक, एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं को एईएस व जेई के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गयी।जिला संचारी रोग पदाधिकारी डा. पंकज कुमार सिंह एवं यूनिसेफ के संजय कुमार ने गर्म हवा एवं लू से बचने के उपाय, लू लगने के कारण, खानपान आदि के बारे प्रशिक्षणार्थियों को बिंदुवार जानकारी दी गयी। साथ लू के चपेट में आने पर क्या करना चाहिए और क्या नही, कंहा सूचना देना है, प्राथमिक उपचार आदि के बारे मे विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। आयोजित प्रशिक्षण मे प्रखंड विकास पदाधिकारी नीरज आनंद, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. विश्वमूर्ति मिश्रा, मैनेजर अभय कुमार सिन्हा के अलावे अस्पताल प्रबंधक, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक, चिकित्सा पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

  • आर डी पब्लिक स्कुल के बच्चों में वाटर पार्क बोधगया का उठाया आनंद

    आर डी पब्लिक स्कुल के बच्चों में वाटर पार्क बोधगया का उठाया आनंद

    टिकारी संवाददाता: शहर के आर० डी० पब्लिक स्कूल के कक्षा 3 से 10 तक के चयनित बच्चों को ग्रीष्मावकाश मे समर कैंप के तहत क्रेजी वर्ल्ड वाटर पार्क, बोध गया का भ्रमण कराया गया। जंहा बच्चों ने जमकर आनंद उठाया। भ्रमण का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक गुणों का विकास करना है। निदेशक विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि आज जंहा बच्चे मोबाइल गेम और इंडोर गेम में अपनी क्षमताओं को संकुचित करते जा रहे हैं वहां समर कैंप का आयोजन इनके व्यक्तित्व विकास के लिए उपयुक्त है। भ्रमण के दौरान स्कूल के शैक्षिक प्रबंधक प्रणव कुमार के साथ राजेश कुमार ने कहा कि बच्चों को समाज में खुलकर जीने की चाहत का आगाज है। बच्चे भी खुली हवा में सांस ले सके इसलिए ऐसा कार्यक्रम आवश्यक है। इस अवसर पर बच्चों के साथ शिक्षकगण ने भी भ्रमण कर जल क्रीड़ा का आनंद प्राप्त किया ।

  • दामाद ही निकला अपने विधवा सास के हत्यारा, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

    दामाद ही निकला अपने विधवा सास के हत्यारा, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

    गिरफ्तार आरोपी

    टिकारी संवाददाता: टिकारी थाना क्षेत्र के लाव गांव में पिछले दिनों एक विधवा की गला रेतकर हत्या मामले का कातिल कोई और नही उसका दामाद निकला। पुलिस ने हत्यारा दामाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्या का कारण सास एवं दामाद के बीच अवैध सम्बन्ध की बात सामने आई है। 17 मई को विधवा शांति देवी की हुई हत्या मामले में मृतका के पुत्र विक्रम कुमार द्वारा अपने सगे बहनोई पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद आरोपित बनाया था। विक्रम ने अपने बहनोई पर अपनी मां के साथ गलत सम्बन्ध स्थापित करने के लिए जोर जबरदस्ती करने व मारपीट करने की बात कहते हुए बहनोई के द्वारा ही हत्या की आशंका जताई थी। जिसके बाद पुलिस ने कांड दर्ज करते आरोपी सिंटू पासवान को बाराचट्टी थानाक्षेत्र के भगहर से दबोच लिया। पुलिसिया पूछताछ में सिंटू ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। सिंटू ने पुलिस को बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही उसकी विधवा सास के साथ अवैध सम्बन्ध था। लेकिन सास द्वारा अन्य लोगो के साथ भी अवैध सम्बन्ध स्थापित करने लगी जो सिंटू को नगावर गुजरा और गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने सिंटू की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक टांगी भी बरामद किया है।

  • गया में शादी के मंगल गीत के बीच पसरा मातम , गैस सिलेंडर फटने से 11 लोग झुलसे

    गया में शादी के मंगल गीत के बीच पसरा मातम , गैस सिलेंडर फटने से 11 लोग झुलसे

    टिकारी अस्पताल में इलाज के बाद गया रेफर

    टिकारी संवाददाता: टिकारी थानाक्षेत्र के मदारपुर गांव में बुधवार को शादी में मड़वा का पकवान बनाने के दौरान गैस सिलिंडर फटने से सात महिला सहित 11 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये। घटना के बाद जंहा शादी का मंगल गीत की गूंज सुनाई पड़ रही थी, वंहा अचानक अफरातफरी और चीख पुकार मच गई। घटना की सुचना के बाद वंहा पहुंची एम्बुलेंस ने आननफानन में सभी को अनुमंडलीय अस्पताल लाया। जंहा सभी का प्राथमिक इलाज किया गया। इसके बाद गंभीर रूप से जख्मी सभी मरीजों को बेहतर इलाज हेतु मगध मेडिकल कालेज एवं अस्पताल गया रेफर कर दिया गया।

    घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मदारपुर निवासी रंजीत सिंह के घर में उनके पुत्र नीतीश कुमार के शादी का रस्म चल रहा था। घर की महिलायें मण्डपाछादन के रस्म के बाद आंगन में एकसाथ बैठकर पकवान (दलपुड़ी, खीर, पीठा आदि) बना रही थी। इसी क्रम में अचानक तेज आवाज के साथ गैस सिलिंडर ब्लास्ट कर गया और आग का बड़ा गोला बन गया। जिसके चपेट में महिलाऐं व घर के सदस्य आ गए। आग का गोला इतना तेज प्रेशर वाला था कि घर के मुख्य दरवाजा से बाहर निकलने के बाद बाहर बैठे दो पुरूष सदस्य को भी अपने चपेट में ले लिया। कुछ पल में ही माहौल बदल गया और चीख पुकार के साथ अफरा तफरी मच गया।

    घटना में जख्मी

    सिलेंडर ब्लास्ट की घटना में आशा देवी, पूनम देवी, प्रेमकली देवी, विकास कुमार, उर्मिला देवी, ज्ञानती देवी, पुतुल कुमारी, सुमन देवी, श्रीकांत सिंह, आरती देवी एवं एक अन्य शामिल है। घटना की सूचना आते ही अस्पताल की मेडिकल टीम थी एलर्ट सिलेंडर ब्लास्ट में जख्मी होने की सूचना आते ही अस्पताल प्रबंधन द्वारा तत्काल एम्बुलेंस को घटना स्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही डाक्टर, नर्स व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को आपातकालीन वार्ड में एलर्ट मोड पर तैनात कर दिया गया। जैसे ही एम्बुलेंस जख्मी मरीजों को लेकर अस्पताल पहुंची युद्ध स्तर पर चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी जख्मी का उपचार करने में लग गये। हेल्थ मैनेजर अभय कुमार सिन्हा ने बताया कि मरीजों की संख्या अधिक रहने के कारण एक साथ चार एम्बुलेंस को अस्पताल से मेडिकल के लिए रवाना किया गया। इनमे कुछ मरीजों की स्थिति ज्यादा गंभीर देखी गयी है।

  • नक्सल प्रभावित छकरबंधा के महादलित टोले में पहुंचाया गया पानी, वार्ड 8 एवं 9 में पानी की समस्या को किया गया दूर

    नक्सल प्रभावित छकरबंधा के महादलित टोले में पहुंचाया गया पानी, वार्ड 8 एवं 9 में पानी की समस्या को किया गया दूर

    वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

    गया जिला मुख्यालय से लगभग 103 किलोमीटर बिहार-झारखंड की सीमा पर डुमरिया प्रखंड के अतिनक्सल प्रभावित के साथ साथ पहाड़ी एवं घना जंगल क्षेत्र छकरबंधा पंचायत में पानी समस्या जुझ रहे महादलित टोला में पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। जिला पदाधिकारी डॉ० त्यागराजन एसएम के निर्देश पर तीन पालियों में टैंकर से पानी की व्यवस्था की गई है। गया जिला का एक मात्र डुमरिया प्रखड कें छकरबंधा पंचायत जो चारो ओर पहाड से धिरा है। एक ओर पथरीली क्षेत्र होने के कारण व दूसरी ओर दिन -प्रतिदिन बढ़ते गर्मी के कारण भुगर्भ जल स्तर में आ रही गिरावट के बावजूद दूरदराज पहाड़ी क्षेत्र में रह रहे लोगों को पानी की समस्या ना हो, इस पर विशेष निगरानी रखने को जिला पदाधिकारी ने निर्देश जारी किया है। जिला पदाधिकारी ने विभाग को निर्देश दिया है कि किसी भी क्षेत्र से पेयजल की समस्या आने या सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किए गए समस्या या वैसा कोई टोला जहां मिलो दूर से पानी लाने की सूचना मिलने पर तुरंत उक्त स्थान पर पानी उपलब्ध कराने की वैकल्पिक व्यवस्था प्रशासन द्वारा कराई गयी है।

    डुमरिया जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र के साथ-साथ पहाड़ी जंगल का क्षेत्र भी है। इन क्षेत्र में पहाड़ो पर बसे महादलित बस्तियों में पानी की कमी न हो इसके लिये पूरी दुरुस्त व्यवस्था रखी गयी है. छकरबंधा पंचायत के वार्ड 8 छकरबंधा एवं 9 पिछुलिया, कचनार, परनटांड, केन्दुआटांड आदि जैसे महादलित टोला में पानी की घोर समस्या है। इन पहाड़ी क्षेत्रों में पर्याप्त टैंकर से तीन पालियों में रूट चार्ट तैयार करते हुए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही छकरबंधा पंचायत से सटे इमामगंज प्रखंड के खरांव एवं लुटीटांड गांव मे भी पानी की घोर किल्लत है, इसके लिए बरहा से टैंकर मे पानी भरकर वहा पानी की समस्या को दूर किया जा रहा है। दूसरी ओर सेवरा पंचायत के वार्ड 10 में लगभग दो वर्षो से पानी सप्लाई बंद था, पानी की समस्या को देखते हुए व जिला पदाधिकारी के निर्देश पर पानी सप्लाई शुरू किया गया है। डुमरिया प्रखंड के घोर नक्सल प्रभावित व पहाडी क्षेत्र भोकहा पंचायत के नवीगढ, पननवाटांड, आदि जगहो में भी पानी की समस्या को जिला पदाधिकारी के निर्देशन पर दूर किया गया। भंगिया पंचायत के कविसा गांव में भी टैंकर से पानी की समस्या को दूर किया गया। वही पनकारा पंचायत में लगातार टैंकर से पानी सप्लाई दिया जा रहा है।