Blog

  • हरेक मंगलवार व शुक्रवार को सीओ और राजस्व कर्मचारी रहेंगे मौजूद, डीएम ने दिए सख़्त निर्देश

    हरेक मंगलवार व शुक्रवार को सीओ और राजस्व कर्मचारी रहेंगे मौजूद, डीएम ने दिए सख़्त निर्देश

    देवब्रत मंडल

    समीक्षा बैठक करते डीएम तथा उपस्थित पदाधिकारी व कर्मचारी

    गया जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में राजस्व विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक समाहरणालय सभागार में सभी डीसीएलआर एवं सभी अंचलाधिकारी के साथ किया गया। ज़िला पदाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारी एवं सभी राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि अब हर मंगलवार एवं शुक्रवार को सुबह 10 से शाम 05 बजे तक अपने अंचल में सभी प्रकार के रजिस्टर/ पंजी एवं कागजातों के साथ उपस्थित रहेंगे, ताकि जनता की समस्याओं को समाधान किया जा सके। ज़िला पदाधिकारी ने आमजनों से अपील किया है जमीन संबंधित कोई समस्या होने से आप अपने अंचल में मंगलवार एवं शुक्रवार को जाए, अंचलो में अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जो सीधे आपकी समस्या को सुनकर निवारण करेंगे। डीएम ने कहा कि जमीन की समस्या संबंधित ज़िला कार्यालय में आने के पूर्व अपने अंचलो में जरूर जाए, निश्चित तौर पर समस्याओं को उचित समाधान करवाया जाएगा। शेष दिनों में सभी अंचलों के सभी राजस्व कर्मचारी अपने आवंटित राजस्व ग्राम हल्का में जरूर बैठकर जमीन संबंधित मामलों का निबटारा करे। डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर को निर्देश दिया है कि राजस्व कर्मचारियों के कार्यकलाप का औचक निरीक्षण हर हाल में करते रहें। अब कल यानी शुक्रवार से ही सभी अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी अपने अंचल कार्यालय में सुबह से शाम तक बैठेंगे। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के कामकाज, राजस्व संग्रह, भू-राजस्व वसूली और लंबित मामलों के निष्पादन, जमीन मापी की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुसार राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने और लंबित मामलों को समय पर निपटाने का निर्देश दिया। साथ ही साथ राजस्व विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रह और भू-राजस्व वसूली पर जोर दिया, ताकि निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। उन्होंने लंबित मामलों के समय पर निष्पादन करवाने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने ई-रेवेन्यू कोर्ट को नियमित रूप से करने और ऑनलाइन रिपोर्ट को अपडेट करने का निर्देश दिया, ताकि कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके साथ ही विधि-व्यवस्था के मामलों में भूमि विवाद को मुख्य कारण बताते हुए, राजस्व संबंधी कार्यों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने का निर्देश दिया, ताकि जनमानस को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अंचल स्तर पर ऑनलाइन जमाबंदी में अंतिम लगान विवरण दर्ज करने, मूल जमाबंदी से मिलान कर अशुद्धियों को दूर करने, छूटे हुए जमाबंदी को ऑनलाइन करने, डिजिटाइजेशन के अंतर्गत लॉक जमाबंदी को अनलॉक करने, सरकारी भूमि का सत्यापन करने एवं अभियान बसेरा-2 के तहत कार्यों का अंतिम निष्पादन करने के लिए दिशा-निर्देश डीसीएलआर व अंचलाधिकारियों को दिए गये l जिलाधिकारी ने संबंधित वरीय अधिकारियों को सभी अंचलों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया।
    भूमि सुधार उप समाहर्ता को निर्देशित किया गया कि वे संबंधित अंचलों में जांच कर प्रतिवेदन राजस्व शाखा को समर्पित करें तथा जहां अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है वहां के कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव प्रस्तुत करें l
    म्यूटेशन की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 75 दिनों से ऊपर वाले लंबित म्यूटेशन के मामलों को तेजी से समाधान करावे।
    अभियान बसेरा-2 के अंतर्गत पर्चा निर्गत से संबंधित लंबित अभिलेखों को स्वीकृति हेतु कैंप लगाकर एक सप्ताह के भीतर सभी प्रस्तावों का निष्पादन करने का भी आदेश दिया गया l जिलाधिकारी ने यह स्पष्ट किया कि सर्वेक्षित भूमिहीन परिवारों के प्रति किसी भी प्रकार की असंवेदनशीलता स्वीकार नहीं की जाएगी। ई- मापी की समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि प्रत्येक अमीन से हर दिन कमसे कम 02 की संख्या में जमीन की मापी करवाये ताकि तेजी से जमीन मापी की समस्याओं का समाधान होगा। आधार सीडिंग की समीक्षा में डीएम ने सभी अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी राजस्व कर्मचारियों को आवंटित हल्का वार में बैठने के बाद जमीन मालिको से आधार कार्ड प्राप्त करते हुए आधार सीडिंग करवाये। सरकारी जमीन की सत्यापन करवाने की समीक्षा में डीएम ने सभी अंचलाधिकारी को कहा कि सरकारी जमीनों की म्युटेशन भी सभी अंचलाधिकारी करवाये। बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व), सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

  • बालश्रम मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से खतरनाक व गैरकानूनी, इसे खत्म कराना हमारा लक्ष्य: गोपा सिन्हा

    बालश्रम मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से खतरनाक व गैरकानूनी, इसे खत्म कराना हमारा लक्ष्य: गोपा सिन्हा

    देवब्रत मंडल

    रेस्क्यू जंक्शन से निकल रही जागरूकता रैली व अध्यक्ष गोपा सिन्हा व कर्मचारी

    दुनिया के सभी देश 12 जून को अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस मना रहे हैं। जो सिर्फ भारत ही नहीं दुनिया के लिए एक गंभीर मुद्दा है। 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा किया जाने वाला वह काम है जो किसी भी तरह से उनका शोषण करता है, उन्हें मानसिक, शारीरिक या सामाजिक नुकसान पहुँचाता है, या उन्हें जानलेवा खतरे में डालता है यह बाल श्रम में आता है। जो गैरकानूनी भी है। बाल श्रम को जड़ से मिटाने व लोगों में इसके दुष्परिणाम से बचाने के लिए पीपुल फर्स्ट संस्था अंतर्गत संचालित रेस्क्यू जंक्शन द्वारा गुरुवार को  संस्था के कार्यालय से एक जागरूकता रैली निकाली गई जो गया जी जंक्शन से होते हुए पुनः रेस्क्यू जंक्शन पहुंची।

    image editor output image 525498350 17497033875011632526606407727503 बालश्रम मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से खतरनाक व गैरकानूनी है: गोपा सिन्हा
    जागरूकता रैली में शामिल रेस्क्यू जंक्शन के बच्चे व स्टाफ

    इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से संस्था की अध्यक्षा गोपा सिन्हा शामिल हुईं। जिनके नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम सह पैदल मार्च का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से आम लोगों, नियोक्ताओं, दुकानदारों, वेंडरों आदि को अवगत कराया गया कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम न करवाएं। यह कानूनन अपराध है। इससे बच्चो के भविष्य भी अंधेरे में पड़ जाएंगे। बच्चों से काम लेने पर छः महीने की जेल अथवा 20,000 से 50,000 तक जुर्माने का प्राविधान है। संस्था की अध्यक्षा गोपा सिन्हा ने बताया कि बाल श्रम की प्रमुख वजह गरीबी है। चाइल्ड लेबर मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से खतरनाक और बच्चों के लिए हानिकारक है। बालश्रम के तहत बच्चे गुलाम बन जाते हैं, अपने परिवारों से अलग हो जाते हैं और बंधुआ मजदूर के रूप में अपने मालिक के पास काम करते रह जाते हैं। इसलिए हमारा संकल्प है कि बालश्रम को रोकने में हमारी संस्था हर संभव प्रयास करती आई है। भविष्य में भी निरंतर करती रहेगी। वहीं रेस्क्यू जंक्शन के परियोजना निदेशक अमित कुमार ने कहा कि बाल श्रम एक चुनौती है इसके लिए हमारे स्टाफ समय समय पर जागरूकता कार्यक्रम चला कर लोगों को जागरूक करते है एवं मलिन बस्तियों में जाकर अभिभावकों को भी समझाते हैं कि बाल श्रम करवाने से उन्हें एवं उनके परिवार को नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। इस जागरूकता सह पैदल मार्च कार्यक्रम में समन्वयक जाहिद अख्तर, टीम मेंबर निशा कुमारी, मनोज कुमार, सुशील कुमार, संध्या कुमारी, कहकशा अम्बर, पारस नाथ, सुषमा कुमारी एवं संस्था में अध्ययनरत स्लम एवं स्ट्रीट के बच्चे भी शामिल थे।

  • रेलवे स्टेशन यार्ड में चोरी करते दो अपराधी गिरफ्तार, ऑपरेशन रेल सुरक्षा के तहत हुई कार्रवाई

    रेलवे स्टेशन यार्ड में चोरी करते दो अपराधी गिरफ्तार, ऑपरेशन रेल सुरक्षा के तहत हुई कार्रवाई

    देवब्रत मंडल

    गया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ऑपरेशन रेल सुरक्षा के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई है। दिनांक 11.06.25 को निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के नेतृत्व में एक टीम ने गया स्टेशन यार्ड में गश्त और अपराधी गतिविधि की निगरानी की।

    कोयला चोरी करते हुए दो व्यक्ति गिरफ्तार

    गश्ती दल ने दो व्यक्तियों को रेलवे मालगाड़ी से कोयला चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान दीपक मांझी उर्फ कारू मांझी (30 वर्ष) और रोशन कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है।

    बरामद कोयला और कानूनी कार्रवाई

    मौके से रेलवे का चोरी किया गया कोयला वजन करीब 160 किलोग्राम बरामद किया गया। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आरपीएफ पोस्ट गया पर कांड संख्या 06/25 दिनांक 11.06.25 अंतर्गत धारा 03 आरपी(यूपी)एक्ट पंजीकृत किया गया। दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

    आरपीएफ की कार्रवाई

    आरपीएफ की इस कार्रवाई से रेलवे संपत्ति की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उनके प्रयासों का पता चलता है।

  • आरपीएफ ने “ऑपरेशन अमानत” के तहत यात्री को सौंपा लेडीज पर्स

    आरपीएफ ने “ऑपरेशन अमानत” के तहत यात्री को सौंपा लेडीज पर्स

    देवब्रत मंडल

    सामान सुपुर्द करते आरपीएफ

    गया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ पोस्ट गया ने “ऑपरेशन अमानत” के तहत एक यात्री का सामान सुरक्षित लौटा दिया है। पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 12382 में यात्रा कर रहे यात्री राजा कुमार छिपी का लेडीज पर्स, जिसमें 1900 रुपये नकद, ब्लूटूथ और कुछ कॉस्मेटिक सामग्री थी, आरपीएफ स्टाफ द्वारा बरामद किया गया और सुरक्षित रखा गया था।

    यात्री को सौंपा गया सामान

    उन्होंने बताया कि यात्री राजा कुमार छिपी (31 वर्ष) पिता राजेंद्र कुमार छिपी, अलवर वसंत गली, थाना कठूमर, जिला अलवर, राजस्थान के रहने वाले हैं। उन्होंने आरपीएफ पोस्ट गया पर पहुंचकर अपने लेडीज पर्स की पहचान की और उचित कागजात सत्यापन के बाद उनि मोनिका कुमारी द्वारा उन्हें उनका सामान सही सलामत सौंप दिया गया।

    सामान की अनुमानित कीमत

    सुपुर्द किए गए सामान की अनुमानित कीमत तीन हजार रुपये है। यात्री ने आरपीएफ पोस्ट गया की इस कार्रवाई की सराहना की और उनका आभार प्रकट किया।

    आरपीएफ की ईमानदारी और निष्ठा

    इस घटना से आरपीएफ की ईमानदारी और निष्ठा का पता चलता है, जो यात्रियों की संपत्ति की सुरक्षा और उन्हें उनका सामान वापस करने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।

  • लेट लतीफी और अनुपस्थिति पर भड़के डीएम, सदर अंचल कार्यालय में सीओ से लेकर लगभग सभी कर्मी नदारद, कहा-ये सब बर्दाश्त नहीं

    लेट लतीफी और अनुपस्थिति पर भड़के डीएम, सदर अंचल कार्यालय में सीओ से लेकर लगभग सभी कर्मी नदारद, कहा-ये सब बर्दाश्त नहीं

    देवब्रत मंडल

    डीएम के औचक निरीक्षण में सीओ सहित कई पदाधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित मिले, वेतन भुगतान पर रोक, सभी से स्पष्टीकरण मांगा

    गया जी के ज़िला पदाधिकारी शशांक शुभंकर मंगलवार की सुबह 10:30 बजे प्रखंड कार्यालय सदर(चंदौती) पहुंच गए। यहां उन्हें समय पर न तो अंचलाधिकारी मिले और न कोई राजस्व कर्मचारी। कई पदाधिकारियों व अमीन से लेकर कई लिपिक अनुपस्थित।कार्यालय में जो कर्मचारी समय से पहुंच चुके थे, उनकी किस्मत अच्छी थी कि यहां डीएम के आने के पहले वे पहुंच गए थे। अंचल कार्यालय में अचानक से डीएम का पहुंचना और औचक निरीक्षण करना एक सामान्य प्रक्रिया नहीं कही जा सकती है। कहीं न कहीं से डीएम को यहां लंबे समय से चल रहे अनियमितता और पदाधिकारी एवं कर्मचारियों के समय से कार्यालय नहीं पहुंचने की शिकायतें मिली होगी, तभी डीएम शशांक शुभंकर औचक निरीक्षण करने चले आए। कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी का अहसास कराने और लेट लतीफी की आदतों में व्यवहारिक रूप से सुधार करने के उद्देश्यों से डीएम का यह औचक निरीक्षण के कई निहितार्थ हो सकते हैं।

    अंचल कार्यालय में सीओ सहित अन्य ये सभी कर्मी गायब मिले

    डीएम सर्वप्रथम अंचल कार्यालय के निरीक्षण करना शुरू किए तो अंचलाधिकारी के साथ-साथ सभी राजस्व कर्मचारी एवं अंचल के प्रधान लिपिक रीता कुमारी, उच्च लिपिक श्याम दास, उच्च लिपिक अशोक कुमार सिंह, निम्न लिपिक शिव शंकर दास, निम्न लिपिक मंजीत कुमार, उर्दू अनुवादक मो० रामदास अहमद, रानू गुप्ता अमीन, सौरव कुमार अमीन, स्वेता कुमारी अमीन, नवीन कुमार संविदा अमीन, प्रणव अली अमीन सहित दो कार्यालय परिचारी अनुपस्थित मिले। ऐसा पाकर डीएम स्वयं को कुछ देर के लिए हतप्रभ रह गए कि आखिर ये सब कब से चल रहा है। जिसके कारण आम नागरिकों को किस प्रकार की परेशानियां हो रही होगी।

    आम नागरिक की तरह आरटीपीएस काउंटर पर लाइन में खड़े हो गए, कर्मचारी एवं नागरिकों से पूछे सवाल

    इसके बाद डीएम आरटीपीएस काउंटर पर पहुंच गए। लाइन में एक आम नागरिक की तरह खड़े हो गए। यहां औचक निरीक्षण करते हुए उन्होंने उपस्थित लोगों से जानकारी ली कि किस काम के लिए आप यहां आए हैं। लोगों से ये भी पूछा कि आवेदन जमा करने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म कहां से प्राप्त किए हैं। इसके अलावा अन्य कुछ आदि की भी जानकारी प्राप्त की। जिला पदाधिकारी ने यहां कार्यरत कर्मियों से आवश्यक जानकारी से संबंधित बातों को काउंटर के  बाहर दीवार पर चिपकाने का निर्देश दिया है ताकि लोगों को जरूरी जानकारी मिल सके। पिछले एक सप्ताह में आरटीपीएस पर कितने आवेदन प्राप्त हुए हैं उनमें से कितने का निष्पादन हुआ, इसकी भी जानकारी ली।

    पैदल ही घूम घूमकर करने लगे एक एक कार्यालय का निरीक्षण, अगले आदेश तक वेतन भुगतान बंद

    डीएम पैदल ही घूम-घूमकर सभी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद बाल विकास परियोजना कार्यालय (सीडीपीओ) का निरीक्षण किया तो पाया कि सीडीपीओ सदर भी अनुपस्थित हैं। प्रखंड कृषि कार्यालय में कृषि पदाधिकारी अनुपस्थित थे। सांख्यकी कार्यालय में ये साहेब भी अनुपस्थित। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी स्तावक्षि, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी रंजीत सवर्था, प्रखंड सांख्यकी पदाधिकारी अशोक कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी छोटे लाल चौधरी, प्रोग्राम पदाधिकारी मनरेगा जय प्रकाश कुमार, मनरेगा के कनिय अभियंता, प्रखंड के कनीय अभियंता भी अनुपस्थित पाए गए। ज़िला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण पूछा है साथ ही अगले आदेश तक वेतन भुगतान को बंद करने का आदेश दिया है।

    लोगों ने डीएम को बताया राजस्व कर्मचारी आम लोगों के फोन कॉल रिसीव नहीं करते और न तो कार्यालय में ही मिलते 


    प्रखंड कार्यालय में अपने काम से आये कुछ आवेदकों को देख डीएम ने बारी बारी से उनकी समस्याओं को सुना। ज्यादातर मामला था कि राजस्व कर्मचारी अपने हल्का में या अंचल कार्यालय में नही मिलते हैं और न ही कॉल रिसीव करते हैं। डीएम ने अंचलाधिकारी नगर को सख्त निर्देश दिया है कि राजस्व कर्मचारी अपने रोस्टर के अनुसार हल्का एवं अंचल कार्यालय में बैठे साथ ही रोस्टर को कार्यालय नोटिस बोर्ड में प्रदर्शित करवाये।

    समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश, कहा-ये सब बर्दाश्त नहीं

    डीएम ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने कार्यालय में निर्धारित समय में हर हाल में उपस्थित होने का सख्त निर्देश दिया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा आमजनों की समस्याओं को समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि समय पर कार्यालय नहीं आने से जनता का काम नहीं हो पाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में ये सब बर्दास्त नही किया जाएगा। निरीक्षण के क्रम में डीएम के साथ इस जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नगर साथ थे।

  • वार्ड पार्षद ने नल जल योजना में हो रही गड़बड़ी व लापरवाही पर जताया रोष, आंदोलन की चेतावनी

    वार्ड पार्षद ने नल जल योजना में हो रही गड़बड़ी व लापरवाही पर जताया रोष, आंदोलन की चेतावनी

    दीपक कुमार

    गया नगर निगम क्षेत्र में हर घर नल जल योजना में कथित गड़बड़ी एवं लापरवाही के कारण आम जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए वार्ड पार्षद ने आंदोलन की चेतावनी दी है। वार्ड पार्षद का कहना है कि अब जनता के साथ सड़क पर उतरने के सिवाय कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है।

    वार्ड नं 04 की पार्षद अनुपमा कुमारी ने मगध प्रमंडलीय आयुक्त, जिला पदाधिकारी, नगर आयुक्त एवं बुडको के कार्यपालक अभियंता को एक ज्ञापन सौंपा है। पार्षद का कहना है कि वार्ड नं 04 अंतर्गत कई घरों में अबतक इस योजना के तहत आपूर्ति पाइप का कनेक्शन नहीं दिया गया है। कई मोहल्ले में तो मुख्य आपूर्ति पाइप नहीं बिछाया गया है। उन्होंने कहा कि उनके वार्ड में इस योजना के तहत चालीस प्रतिशत भी काम ठीक से नहीं हुआ है। जहां पाइप लाइन बिछाए गए हैं, उसमें कई जगहों पर पानी लीकेज की समस्या है।
    वार्ड पार्षद ने इस योजना में कथित लूट की बात कहते हुए इसकी जांच की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछली बार जिला पदाधिकारी हुई संयुक्त बैठक में बुडको के द्वारा आश्वासन दिया गया था कि इस क्षेत्र में जो भी समस्या है उसका बहुत जल्द ही निदान करा लिया जाएगा। परंतु आज भीषण गर्मी में कई मोहल्ले व घरों के लोगों को पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। महादलित टोले में रहने वाले लोग भी इस महत्वकांक्षी योजना से वंचित हैं।
    वार्ड पार्षद ने अधिकारियों को दिए आवेदन में कहा है कि यदि क्षेत्र में जलापूर्ति की समस्याएं दूर नहीं की जाती है तो जनता को साथ लेकर सड़क पर आंदोलन किया जाएगा।

  • छोटकी नवादा के झूलन रजक की संदेहास्पद मौत, परिवार का आरोप जहर देकर मार दिया गया, मामला कमेटी के रुपए से जुड़ा

    छोटकी नवादा के झूलन रजक की संदेहास्पद मौत, परिवार का आरोप जहर देकर मार दिया गया, मामला कमेटी के रुपए से जुड़ा

    देवब्रत मंडल

    शोकाकुल परिजन व मोहल्ले के लोग

    गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के छोटकी नवादा मोहल्ले में कुष्ठ अस्पताल के नजदीक के रहने वाले करीब 60 वर्षीय झूलन रजक की संदेहास्पद मौत हो गई। घटना रविवार की है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उन्हें कोल्ड ड्रिंक में जहर देकर पिला दिया गया, जिसके पीने के बाद उनकी मौत हो गई। आरोप गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के ढोलकिया गली के रहनेवाले एक व्यक्ति और उसके परिवार वालों मृतक के पुत्र ने लगाया है। मामला कमेटी के रुपयों से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
    मृतक झूलन रजक के पुत्र अजित कुमार ने बताया कि उनके पिता ने रविवार को ढोलकिया गली के रहने वाले राजेन्द्र रजक के पास रुपये लाने के लिए जाने की बात बता कर घर से निकले थे। शाम साढ़े छह बजे के बाद एक अनजान नंबर से काल आया। जिसपर उधर से उनके पिता फोन कर बताया कि राजेन्द्र ने उन्हें कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया है, तुम जल्दी राजेन्द्र के घर के पास आ जाओ।
    मृतक के पुत्र अजित का कहना है कि वे कुछ ही देर बाद ढोलकिया गली मोहल्ले में राजेंद्र रजक के घर के पास पहुंचे तो देखा कि उनके पिता जमीन पर गिरे हुए हैं और उनकी तबियत बिगड़ने लगी थी। जिन्हें तुरंत जय प्रकाश नारायण सदर अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सक द्वारा इलाज के क्रम में बताया गया कि पिताजी की हालत बिगड़ रही है तो उन्हें अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल रेफर कर दिया गया, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
    अजित ने कोतवाली थाना को दिए आवेदन में कहा है उनके पिताजी 2018 से ही राजेन्द्र रजक द्वारा संचालित कमेटी(गैरकानूनी) में पैसा जमा करते हुए आ रहे थे। जो करीब छः लाख रुपए होता है।
    उसी रुपये को लेने के लिए राजेन्द्र रजक के घर जाने के लिए रविवार को दोपहर चार बजे के आसपास निकले थे। इसके बाद शाम में पिताजी ने किसी राहगीर के मोबाइल से फोन कर जहर पिला दिए जाने की जानकारी देते हुए जल्द से राजेन्द्र रजक के घर के पास आने के लिए कहा। अजित का आरोप है कि उन्हें कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर दे दिया गया। जिसके पीने के बाद पिताजी की मौत हो गई है। मृतक के पिता ने राजेन्द्र रजक, उनके दो पुत्र और परिवार के अन्य लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। इधर, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।

  • पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से आरपीएफ ने ₹1.85 लाख का मादक पदार्थ गांजा किया बरामद, वजन करने के लिए तराजू बाहर से लाना पड़ा

    पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से आरपीएफ ने ₹1.85 लाख का मादक पदार्थ गांजा किया बरामद, वजन करने के लिए तराजू बाहर से लाना पड़ा

    देवब्रत मंडल

    बरामद मादक पदार्थ के साथ आरपीएफ की टीम

    निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव ने बताया कि 12801 पूरी नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया है लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि उनके निर्देशन में 08.06.2025 को आरपीएफ पोस्ट गया के आरक्षी आलोक कुमार सक्सेना, आरक्षी मुकेश कुमार, आरक्षी शशि शेखर एवं आरक्षी राकेश कुमार, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गया साथ सीपीडीएस/गया उनि मुकेश कुमार, प्रधान आरक्षी अमरेंद्र कुमार, आरक्षी अमित कुमार, आरक्षी राजू कुमार एवं अ.आ.शा./गया स.उ.नि. अनिल चौधरी, आरक्षी दिपक कुमार, गया द्वारा रेलवे स्टेशन पर आपराधिक गतिविधि की निगरानी किया जा रहा था। इसी क्रम में समय करीब 14.24 बजे प्लेटफार्म संख्या 01 गाड़ी संख्या 12801 अप पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आगमन पर चेकिंग के दौरान एस-2 कोच के शौचालय के पास दो लावारिस अवस्था में बैग पाया गया। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर किसी ने भी उसे अपना नहीं बताया। मौके पर चेक करने पर उसमें गाजा जैसा मादक पदार्थ मिला। दोनों लावारिस बैग़ को गाड़ी से नीचे प्लेटफार्म संख्या 01 के मिडिल फुट ओवर ब्रिज के पास उतारा गया। मौके से इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दिया गया तथा विधिसम्म्त कार्यवाही करते हुए पहले बैग को खोला गया तो उसमें 07 पैकेट में एवं दूसरे बैग से 05 पैकेट गांजा बरामद हुआ। सभी बरामद गांजे का कुल वजन 12.370 किलोग्राम पाया गया। जिसकी कीमत 1,85,550 रुपये है। इसके बाद बाद जीआरपी थाना गया में उपनिरीक्षक मुकेश कुमार के लिखित प्रतिवेदन पर कांड संख्या 168/25 दिनांक 09.06.2025 अंतर्गत धारा 08/20(b)/(ii)B एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत किया गया।

    सवाल उठ रहे हैं कि कांड दर्ज कराने में देर क्यों हुई

    इस खबर पर magadhlive की नजर गांजा के बरामदगी से लेकर कांड दर्ज किए जाने की कार्यवाही पर थी। जिसके बाद ये सवाल उठ रहा है कि आखिर जब गांजा 08 जून को दोपहर बाद पकड़ी गई तो रेल थाना में कांड दर्ज कराने की कार्यवाही में एक दिन का वक़्त क्यों लगा। जबकि घटनास्थल से रेल थाना की दूरी महज 200 मीटर के आसपास है।

    तौलने वाले weight machine थाना और पोस्ट में नहीं

    गया जंक्शन के आरपीएफ पोस्ट और रेल थाना में वजन करने वाले weight machine नहीं रहने के कारण मादक पदार्थों के बरामद किए जाने के बाद वजन करने के लिए दोनों को परेशानी होती है। सूत्रों की माने तो 8 जून को बरामद गांजे के वजन करने के लिए एक दुकानदार से मशीन लाना पड़ा था। सूत्रों की माने तो 8 जून की रात करीब 9 बजे के आसपास एक दुकान इलेक्ट्रॉनिक तराजू मंगवाया गया। इसके पहले भी तराजू के लिए उसी दुकान का सहारा लिया गया था। दो दिनों तक तराजू दुकानदार का रोके रखा गया था, जिसके कारण दुकानदार का व्यवसाय प्रभावित हुआ था। यहां तक कि तराजू में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक करवाकर दुकानदार को लौटाया गया।

  • शादी के नियत से भगाई गई युवती बरामद,आरोपी युवक पकड़ा गया, पुलिस कर रही पूछताछ

    शादी के नियत से भगाई गई युवती बरामद,आरोपी युवक पकड़ा गया, पुलिस कर रही पूछताछ

    देवब्रत मंडल

    गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के रामशिला मोहल्ले से एक युवती को शादी के नियत से भगा ले जाने के आरोप में दर्ज मामले में कोतवाली थाना की पुलिस ने आरोपी युवक व युवती दोनों को बरामद कर लिया है। पुलिस इस मामले में अपना अनुसंधान कर रही है। कोतवाली थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पकड़े गए हैं और आगे की कार्यवाही की जा रही है। बता दें कि रविवार को लड़की की माँ ने रोशन नामक युवक के विरुद्ध एक मामला दर्ज कराई थी, माँ का आरोप है कि उनकी बेटी को शादी के नियत से रोशन घर से भगा कर ले गया है। आरोपी युवक लड़की का रिश्तेदार है जो कि शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के रामनगर का मूल निवासी है। जो रामशिला मोहल्ले में ही लड़की के घर के आसपास अपने एक रिश्तेदार के घर में रह रहा था। इधर, लड़की के परिवार वालों का कहना है कि लड़की की उम्र 18 वर्ष पूरे नहीं हुए हैं। दो साल पहले ही मैट्रिक की परीक्षा दी थी लेकिन फेल कर गई थी। आरोपी युवक और लड़की से और इन दोनों के परिवार के लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि लड़की की मां द्वारा दर्ज कराए गए मामले को लेकर आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।

  • गया शहर की एक युवती को शादी का झांसा देकर युवक हुआ फरार, माँ ने थाने में दी तहरीर,आरोपी शेखपुरा जिले का

    गया शहर की एक युवती को शादी का झांसा देकर युवक हुआ फरार, माँ ने थाने में दी तहरीर,आरोपी शेखपुरा जिले का

    देवब्रत मंडल

    गया शहर के कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती को युवक शादी का झांसा देकर फरार हो गया है। युवती की माँ ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करने व पुत्री के सकुशल बरामद करने की मांग की है। पुलिस पीड़िता के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

    करीब केरिश्तेदार युवक पर ही लगाया गया आरोप

    पीड़िता की मां ने थाने में दिए तहरीर में पुलिस को बताई है कि उनकी बेटी को करीब का ही एक रिश्तेदार शादी के नियत से लेकर भाग गया है। पीड़िता कोतवाली क्षेत्र के रामशिला मोड़ के पास की रहने वाली है। जिन्होंने पुलिस को बताया है कि मोहल्ले में ही रहने वाले एक रिश्तेदार का पुत्र उनकी बेटी को शादी के नियत से भगा ले गया है।

    आरोपी युवक मूल रूप से शेखपुरा जिले का है निवासी

    आरोपी युवक मूल रूप से शेखपुरा जिले के रामनगर गांव का रहनेवाला है। जो काफी दिनों से रामशिला पहाड़ के तलहटी में बसे पहास्वर गली में अपने एक रिश्तेदार के यहां रह रहा था और युवती को झांसे में लेकर शादी करने के नियत से लेकर भाग गया है।

    आरोपी युवक साइबर गिरोह का सदस्य

    आरोपी युवक का नाम रोशन बताया गया है। पीड़िता के परिवार के लोगों ने बताया कि रोशन के पिता का नाम रामू राम है जो शेखपुरा जिले रामनगर का रहनेवाला है। जो रामशिला पहाड़ की तलहटी में रह रहा था। पीड़ित परिवार के लोगों ने बताया कि आरोपी युवक साइबर क्राइम के गिरोह का सदस्य है। हालांकि कोतवाली पुलिस को रोशन के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई है।

    दोनों के बीच प्रेम प्रसंग व रजामंदी की चर्चा

    पीड़ित परिवार बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। मोहल्ले में इस बात की भी चर्चा है कि मामला प्रेम प्रसंग के होने के कारण दोनों रजामंदी से भाग गए हैं। इधर पुलिस हर एंगल से जांच करते हुए दोनों के शीघ्र ही सकुशल बरामद कर लेने का आश्वासन युवती की मां एवं उनके परिजनों को देते हुए दोनों की तलाश में जुट गई है।