गया जिले के कोंच प्रखंड समेत विभिन्न इलाकों में गुरुवार रात शब-ए-बारात का मुकद्दस त्योहार पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस मौके पर मस्जिदों में रातभर इबादत हुई, वहीं अकीदतमंद कब्रिस्तानों में जाकर अपने मरहूमीन की मगफिरत के लिए दुआएं मांगते रहे।
कोंच प्रखंड के आंती, काबर, उसास देवरा, नेहोरा सहित अन्य गांवों में मस्जिदों को रोशनी से सजाया गया था। समाजसेवी मो. अरशद अंसारी उर्फ चुन्नू ने बताया कि इस्लामी कैलेंडर के शाबान महीने की 14वीं से 15वीं तारीख की रात मनाया जाने वाला यह त्योहार मगरिब की नमाज से शुरू होकर अगले दिन फजर की नमाज तक जारी रहा।
इस मौके पर कब्रिस्तानों की खास तौर से सफाई की गई और रातभर इबादत के लिए तमाम जरूरी इंतजाम किए गए। अकीदतमंदों ने पूरी रात अल्लाह की बारगाह में सजदा करके अपने परिजनों और मरहूमीन की मगफिरत के लिए दुआएं कीं। शब-ए-बारात को दुआ, मगफिरत और निजात की रात माना जाता है, जिसमें लोग अपने और अपने अहबाब के गुनाहों की माफी के लिए अल्लाह से इल्तिजा करते हैं। रिवायती तौर पर इस मौके पर खास पकवान के तौर पर हलवा तैयार किया गया और अकीदतमंदों ने अपने मरहूमीन के इसाल-ए-सवाब के लिए फातेहा पढ़ी। पूरे इलाके में रूहानी माहौल और दीनी जज्बा देखने को मिला।
गया के इमामगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम 6:30 बजे एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात जमुना बसेता सीमा के पास सड़क किनारे स्थित मंदिर के निकट हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने सीने में गोली मारकर 33 वर्षीय संतोष कुमार साहू की हत्या कर दी। मृतक रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के तिलमा चौगड़ि गांव का निवासी था और आरोहण आविष्कार (माइक्रो फाइनेंस कंपनी) में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत था।
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई
सूचना मिलते ही इमामगंज थाना प्रभारी अमित कुमार अपने सहयोगी अधिकारियों, सब-इंस्पेक्टर चंदन कुमार, रास बिहारी और आकाश कुमार के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने संतोष कुमार को तत्काल इमामगंज सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक, गया के मार्गदर्शन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इमामगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया है। इस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल हॉस्पिटल, गया भेजा।
पुलिस को मौके से दो बाइक और मृतक के बैग से ₹44,700 नकद बरामद हुए हैं। इसके अलावा FSL (फॉरेंसिक) और तकनीकी टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या के पीछे क्या कारण था और हमलावर कौन थे। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है और मृतक के परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रखंड के महुड़ी खेल परिसर में मनरेगा योजना के तहत निर्मित महात्मा गांधी खेल स्टेडियम का उद्घाटन मुखिया निर्मला कुमारी ने अपने कर-कमलों से किया। करीब 14 लाख रुपये की लागत से बने इस स्टेडियम के उद्घाटन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में उत्साह है।
मुखिया प्रतिनिधि श्रीराम ने बताया कि इस स्टेडियम से युवाओं की खेल प्रतिभा को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यहाँ समय-समय पर क्रिकेट, फुटबॉल और वॉलीबॉल जैसे खेलों के आयोजन किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा।
मुखिया निर्मला कुमारी ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि वे खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगी। इसी क्रम में उन्होंने महुड़ी आहर में निर्मित कचरा प्रबंधन केंद्र का भी उद्घाटन किया।
सफाई कर्मियों के योगदान को सराहते हुए मुखिया ने उन्हें ड्रेस और टोपी देकर सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह में संतन यादव, महेंद्र पासवान, सतेंद्र पासवान और अशोक कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मानित होने पर सफाई कर्मियों ने खुशी जाहिर की और मुखिया के इस पहल की सराहना की।
बोधगया-भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बोधगया ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के डीलरों के लिए तीन दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम (MDP) का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रबंधकीय और परिचालन कौशल को सशक्त बनाना था, जिसे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के सहयोग से आयोजित किया गया। बिहार के विभिन्न जिलों से आए 35 एचपीसीएल डीलरों ने इस सत्र में भाग लिया और आधुनिक व्यावसायिक रणनीतियों की गहरी समझ हासिल की।
प्रबंधन कौशल और नवाचार पर जोर
आईआईएम बोधगया की निदेशक प्रो. विनीता एस. सहाय ने जिम्मेदार प्रबंधन और व्यक्तिगत प्रभावशीलता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सही रणनीतिक सोच और नवीनतम व्यावसायिक दृष्टिकोण व्यवसायों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।
इस कार्यक्रम के तहत रणनीतिक योजना, वित्तीय प्रबंधन, टीम निर्माण, इंडस्ट्री 4.0, ग्राहक-केंद्रितता और परिचालन उत्कृष्टता जैसे विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। आईआईएम बोधगया के वरिष्ठ फैकल्टी सदस्यों ने इन विषयों पर गहन मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सामंत सौरभ और डॉ. शशांक कुमार ने इसके प्रभावी संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान एचपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
डेप्युटी जनरल मैनेजर, एआरबी बिजनेस, एचपीसीएल – श्री देवता पांडा ने लुब्रिकेंट और खुदरा बिक्री के उभरते रुझानों पर अपने विचार साझा किए।
चीफ जनरल मैनेजर, पटना रिटेल आरओ, एचपीसीएल – श्री पंकज वासवानी ने नेतृत्व कौशल और प्रबंधकीय दक्षताओं पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कार्यक्रम का समापन वेलेडिक्टरी सेरेमनी के साथ हुआ, जहां सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस सफल आयोजन ने आईआईएम बोधगया की व्यावसायिक नेतृत्व विकसित करने और समाज की बदलती जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण देने की प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित किया।
टिकारी संवाददाता: टिकारी शहर अंतर्गत तिताईगंज मुहल्ले में एक बन्द घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। जिसमे नगदी सहित घरेलू सामान आदि की चोरी कर ली। घटना को लेकर पीड़ित द्वारा टिकारी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पीड़ित केदार लाल गुप्ता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि 22 जनवरी को परिवार सहित इलाज कराने बाहर गये थे। इसी क्रम में स्वजनों ने घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही घर पहुंचकर कमरों की जांच पड़ताल की तो पाया कि अज्ञात चोरों द्वारा घर में रखे पीतल व अन्य धातु के बर्तन, कपड़े, जेवर, 50 हजार नगदी आदि कीमती सामान गायब मिला। गुप्ता के अनुसार तीन लाख रुपए मूल्य का सामान चोरी हो जाने की बात कही गई है। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर घटनास्थल का जायजा लिया गया है। शिकायत दर्ज कर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
टिकारी संवाददाता: नक्सली हमले में शहीद थानाध्यक्ष मिथिलेश प्रसाद की 15 वीं शहादत दिवस बुधवार को टिकारी थाना परिसर में मनाई गई। उनकी याद में बने शहीद स्मारक स्थल पर एसएचओ चंद्रशेखर कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर दिवगंत आत्मा की शांति की कामना के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पुलिस के जवानों ने शहीद थानाध्यक्ष के सम्मान में शोक सलामी दी। जानकारी हो कि वर्ष 2010 में टिकारी थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष मिथिलेश प्रसाद नक्सलियों की टोह में कोंच थाना के मंझियावां ग्राम में गये थे। जहां एमसीसी के साथ मुठभेड़ का शिकार होकर शहिद हो गये थे। इस अवसर पर टिकारी थाना पर नक्सली हमले में शहीद पुलिसकर्मियों को भी कांड के 24 दिनों बाद श्रद्धांजलि अर्पित कर याद किया गया। श्रद्धांजलि सभा मे पुलिस अधिकारी विवेकानंद सिंह, सुभाष चन्द्र पासवान, राहुल कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद थे। 29 वें वर्ष में टूटी परंपरा टिकारी थाना पर 20 जनवरी 1996 को नक्सलियों द्वारा दिन दहाड़े हमला में शहीद पुलिस कर्मियों की 29 वीं बरसी इस वर्ष निर्धारित तिथि को नही मनाई जा सकी।
टिकारी पुलिस प्रशासन ने घटना के बाद से शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में शहादत दिवस मनाने की परंपरा तोड़ दी। इसे पुलिस प्रशासन की लापरवाही कहा जाय या शहादत का अपमान यह तो जिम्मेदार अधिकारी ही बता सकते हैं। बता दें कि वर्ष 1996 के 20 जनवरी को दिन के उजाले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन एमसीसी के सैकड़ों हथियारबंद दस्ता ने हमला कर थाना को आग के हवाले करते हुए 14 पुलिस राइफल के साथ लगभग 1000 कारतूस लूट लिए थे। हमले में नक्सलियों का मुकाबला करते व कर्तव्य का निर्वहन करते हुए स० अ० नि० परशुराम सिंह, हवलदार गेना राय, आरक्षी रामविलास पासवान, पारस सिंह, दुधेस्वर प्रसाद शर्मा सभी कर्तव्य की बलिवेदी पर शहीद हो गए थे। उस घटना को याद कर आज भी लोग सिहर उठते है। शहीदों की स्मृति में टिकारी थाना परिसर में शहीद स्मारक बना है। जिसपर शहीदों के नाम दर्ज है।स्मारक पर प्रत्येक वर्ष शहीदों को श्रद्धांजलि देने की परंपरा रही है।
प्रगति यात्रा अंतर्गत बोधगया में बतसपुर गांव में नगर निगम द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई थी। जिसमें ‘साफ सुथरा हो गया’ अभियान के थीम पर स्टॉल को बनाया गया था। जिसमें मैकेनिकल स्विपिंग मशीन से स्टॉल का शुरुआत किया गया था। इसके बाद उसमें चलचित्र के माध्यम से नैली अवस्थित कचरा प्रसंस्करण इकाई में पूर्ण गया जिले के कचरे का प्रसंस्करण का विद्या भी दर्शाया गया था। साथ ही, नैली अवस्थित प्रोसेसिंग प्लांट का मॉडल भी लगाया गया था। जिसमें पूरे प्रोसेस के बारे में लोग जानकारी ले सकते थे। स्टॉल में अत्याधुनिक मशीनें जो गया नगर निगम शहर को साफ सुथरा रखने में इस्तमाल करती है, उनको भी प्रदर्शित किया था। जैसे कि मोबाइल वैक्यूम मशीन, स्क्रबर मशीन इत्यादि।
इन सभी मशीनों का प्रयोग नगर निगम पर्व, त्यौहार एवं मुख्य पर्यटन स्थल जैसे कि विष्णुपद मंदिर, देवघाट, रुक्मिणी तालाब इत्यादि को साफ रखने में इस्तेमाल करता है। साथ ही, नैली में आए हुए कचरों से वेस्ट टू आर्ट के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक स्मृति चित्र भी बनाया गया था। इसमें गया नगर क्षेत्र से एकत्रित कचरों में से प्लास्टिक, कपड़े, ग्लास, माचिस के डब्बे, टूटे हुए कप इत्यादि जो अक्सर फेंक दिए जाते हैं, उसका इस्तेमाल कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का चित्र बनाया गया था। नगर आयुक्त कुमार अनुराग द्वारा मुख्यमंत्री को गया नगर निगम के तरफ से उपहार के रूप में इसे दिया गया एवं जिसकी मुख्यमंत्री ने सहराना भी की। इसके साथ हीं नैली अवस्थित प्लांट से जो खाद बनते हैं, उसको भी प्रदर्शित किया गया। वहां के स्थानीय लोगों को इसकी भेंट भी की गई।
इसके साथ हीं, गया में NULM अंतर्गत जीविका दीदियों द्वारा भी प्रदर्शनी लगाई गई थी जहां निगम के विभिन्न वार्डों एवं क्षेत्रों से दीदियों ने अपने स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रदर्शित किया था। मानपुर तरफ के स्वयं सहायता समूह ने गमछे एवं तौलिया इत्यादि। साथ हीं, मधु, अचार, कलाकारी किया हुआ बैग इत्यादि को भी दर्शाया गया था।
गया, 13 फरवरी 2025: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गया जिले में आयोजित एक समीक्षा बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और भाजपा के साथ मिलकर बिहार तथा देश के विकास के लिए काम करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से लेकर अब तक बिहार में हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।
विकास योजनाओं की समीक्षा और नई घोषणाएं
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गया जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा करते हुए कई नई घोषणाएं कीं। समीक्षा बैठक में गया के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसमें बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, कुशल युवा कार्यक्रम, हर घर नल का जल, हर घर तक पक्की गली-नाली, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, हर खेत तक सिंचाई का पानी, कृषि फीडर का निर्माण, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत कनेक्शन योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, उच्चतर शिक्षा हेतु महिलाओं को प्रोत्साहन, स्वास्थ्य उपकेंद्र में टेलीमेडिसिन के माध्यम से चिकित्सा परामर्श, पशु चिकित्सा सेवाओं की डोर स्टेप डिलीवरी, पंचायत सरकार भवन के निर्माण आदि योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा के साथ मिलकर बिहार का विकास करेंगे”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से बिहार में विकास के लिए काम कर रहे हैं और भाजपा के साथ मिलकर यह सफर जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, “हमलोग भाजपा के साथ मिलकर शुरू से काम कर रहे हैं। बीच में गलती से दो बार उघर चले गए थे, लेकिन अब हमेशा भाजपा के साथ ही रहेंगे और मिलकर बिहार तथा देश का विकास करेंगे।”
उन्होंने बिहार में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार की स्थिति बहुत खराब थी। शाम के बाद लोग घरों से बाहर निकलने में डरते थे, अस्पतालों में इलाज की सुविधा नहीं थी, सड़कें जर्जर थीं, और शिक्षा की हालत ठीक नहीं थी। लेकिन अब बिहार में शांति और भाईचारे का माहौल है, और हर क्षेत्र में विकास के काम किए जा रहे हैं।
गया जिले में विकास के लिए नई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने गया जिले में विकास के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा की। इनमें शामिल हैं:
इमामगंज प्रखंड में मोरहर नदी पर कोठी वीयर का निर्माण
लावाबार, बारा एवं सोनदाहा बांधों का जीर्णोद्धार
बसतपुर वीयर से लोदीपुर तक पईन का जीर्णोद्धार और पुलिया का चौड़ीकरण
नगर क्षेत्र में घुघरीटांड एवं मुफस्सिल मोड़ पर 2 फ्लाई ओवर का निर्माण
गया-परैया-गुरारू होते हुए औरंगाबाद रफीगंज जोड़ने वाले पथ का चौड़ीकरण
बेल्थू गांव में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण
कंडी नवादा एवं सिलौंजा में 2 पार्कों का निर्माण
14 प्रखंडों में नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण
गया रेलवे स्टेशन से रामशिला जाने वाले पथ में बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर आर.ओ.बी. का निर्माण
इमामगंज में डिग्री कॉलेज की स्थापना
शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हुए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार में अब सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को पोशाक और साइकिल योजना के तहत साइकिलें दी जा रही हैं। इससे लड़कियों की शिक्षा में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि बिहार में अब 12 सरकारी मेडिकल कॉलेज हैं और पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को 5400 बेड की क्षमता का बनाया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण के लिए उन्होंने कहा कि बिहार में पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। इसके अलावा, पुलिस और सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है।
गया जिले में हुए विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने गया जिले में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां इंजीनियरिंग कॉलेज, पारा मेडिकल संस्थान, छात्रावासों, राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, महिला आई.टी.आई., और अनेक सड़क तथा पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है। गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को 2500 बेड की क्षमता का अस्पताल बनाया जा रहा है। इसके अलावा, गया-मानपुर-हिसुआ-राजगीर-नालंदा-बिहारशरीफ राष्ट्रीय उच्च पथ का चौड़ीकरण किया गया है।
जल-जीवन-हरियाली अभियान
मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत गया एवं बोधगया में गंगाजल को पेयजल के रूप में पहुंचाने, पौधारोपण, और जीर्णोद्धार कराए गए सार्वजनिक कुओं, पोखर तथा तालाबों की स्थिति के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गया में फल्गू नदी में पानी की कमी को ध्यान में रखते हुए गयाजी डैम का निर्माण कराया गया है।
समापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के हर क्षेत्र में विकास के काम किए जा रहे हैं और आगे भी तेजी से काम होगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों के सुझावों का सम्मान करते हुए कहा कि हर इलाके की मांगों को पूरा किया जाएगा। बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पर्यावरण मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, और अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
इस तरह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गया जिले में विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और भाजपा के साथ मिलकर बिहार तथा देश के विकास का संकल्प दोहराया।
गया शहर के डेल्हा थानांतर्गत छोटकी नवादा मोहल्ला में गांधी मोड़ के पास एक ऑटो रिक्शा चालक ने सब्जी बेच रहे दुकानदार के ठेले में जबरदस्त टक्कर मार दी। जिसमें सब्जी विक्रेता को गंभीर चोट लगी। इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो रिक्शा पर सवार चार लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए सभी नशे की हालात में बताए जा रहे हैं। जिस सब्जी के ठेले में टक्कर लगी, वह ठेला उलट गया। सड़क पर ही सारी सब्जियां तितर बितर हो गई। सब्जी विक्रेता अपने को बचाने की कोशिश की लेकिन इस टक्कर में वह घायल हो गया। जिसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए भेजा गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ऑटो पर सभी मादक पदार्थ हेरोइन के नशे में भी थे। कुछ लोगों का कहना है कि नशे में ऑटो रिक्शा चालक भी था। जो नशे की हालात में ऑटो रिक्शा को बेतरतीब चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। पकड़े गए लोग कहां के रहने वाले हैं, इसका पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस पकड़े गए लोगों को अपने साथ ले गई है। लोग चर्चा करते हुए सुने गए कि घटनास्थल के आसपास अवैध मादक पदार्थ का कारोबार काफी तेजी से फल फूल रहा है। शहर के कई हिस्से से लोगों का इधर आना जाना रहता है।
प्रगति यात्रा पर गया पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैसे तो सौगातों की बौछार लगा दिए लेकिन गया शहर की वर्षों से चली आ रही जाम और आम लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने घोषणाएं की कि गया रेलवे स्टेशन से रामशिला जाने वाले पथ में बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर आरओबी का निर्माण कराया जायेगा। वहीं घुघरीटांड एवं मुफस्सिल मोड़ पर फ्लाई ओवर भी बनेगा। यानी शहर के उत्तर, दक्षिण और पूरब में तीन ब्रिज बनाने की घोषणा कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्षों की मांग को पूरा करने का वचन दिया। उन्होंने कहा कि—
✅ गया रेलवे स्टेशन से रामशिला जाने वाले मार्ग में बागेश्वरी रेलवे गुमटी पर आरओबी (रेल ओवरब्रिज) का निर्माण होगा। ✅ नगर क्षेत्र में घुघरीटांड और मुफस्सिल मोड़ पर दो फ्लाईओवर बनाए जाएंगे, जिससे शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने सड़क, शिक्षा, जल संसाधन और आधारभूत संरचना से जुड़े कई अन्य बड़े विकास कार्यों की भी घोषणा की –
मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं:
बतसपुर गांव में लगी ग्रामीणों की भीड़बागेश्वरी रेलवे फाटक
पुल और सड़क निर्माण:
✔ गया-परैया-गुरारू होते हुए औरंगाबाद-रफीगंज को जोड़ने वाली सड़क चौड़ी की जाएगी। ✔ इमामगंज प्रखंड के कोठी से सलैया होते हुए झारखंड सीमा तक सड़क का चौड़ीकरण होगा। ✔ बेला-पनारी रोड से शाकिर बिगहा तक सड़क को चौड़ा और मजबूत किया जाएगा। ✔ बांकेबाजार प्रखंड के ग्राम बारा में बड़की और मंझियावों नदियों पर दो पुलों का निर्माण होगा।
जल संसाधन और सिंचाई से जुड़े कार्य:
✔ इमामगंज प्रखंड में मोरहर नदी पर कोठी वीयर का निर्माण होगा। ✔ इमामगंज के लावावार, बारा और सोनदाहा बांधों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। ✔ बसतपुर वीयर से लोदीपुर तक पईन का जीर्णोद्धार, पुलिया का चौड़ीकरण और विस्तारीकरण होगा।
शिक्षा और आधारभूत संरचना:
✔ बेल्थू गांव में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण होगा। ✔ इमामगंज में एक डिग्री कॉलेज की स्थापना होगी। ✔ गया जिले के 14 प्रखंडों—अत्तरी, कोंच, गया सदर, टेकारी, डुमरिया, परैया, फतेहपुर, बाराचट्टी, मानपुर, वजीरगंज, आमस, मोहनपुर, गुरारू और बांकेबाजार—में नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन बनाए जाएंगे।
पर्यावरण और शहरी विकास:
✔ कंडी नवादा और सिलौंजा में दो पार्कों का निर्माण किया जाएगा।
मगध लाइव की खबर हुई सच!
गया में बनने वाले तीनों पुलों को लेकर मगध लाइव न्यूज़ ने पहले ही खबर प्रकाशित की थी, जो अब पूरी तरह सत्य साबित हुई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बिहार के हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और आगे और भी योजनाएं लागू की जाएंगी।
इन घोषणाओं से गया जिले के लाखों लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा, शिक्षा, जल संसाधन और आधारभूत संरचना का लाभ मिलेगा। वर्षों से लंबित मांगों को पूरा करने की यह घोषणा गयावासियों के लिए एक बड़ी सौगात है।