14 सितम्बर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर एक बैठक सिविल कोर्ट के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गया नलिन कुमार पांडेय ने किया। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव अरविंद कुमार दास के अलावे CJM रोमी कुमारी एवम सभी अवर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी और प्रथम एवम द्वितीय श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी शामिल हुए। बैठक में प्राधिकार के प्रभारी अध्यक्ष के द्वारा चिन्हित मामलों में नोटिस निर्गत करने एवं ज्यादा से ज्यादा मामलों के निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है। सभी न्यायिक पदाधिकारी को अपने कोर्ट के चिन्हित मामलों को चौकीदार एवं PLV के माध्यम से नोटिस तामील करने के लिए कहा गया। प्राधिकार के सचिव ने लोगों से आह्वान किया है की इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने विरुद्ध लंबित सुलहनीय बाद का निष्पादन इस लोक अदालत में करा कर चिंता मुक्त हो सकते हैं।
टिकारी संवाददाता: अनुसूचित जाति व जनजाति आरक्षण में क्रीमीलेयर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ बुलाई गई भारत बन्द का व्यापक असर टिकारी में दिखा। विभिन्न संगठनों द्वारा प्रदर्शन किया गया व बन्द को सफल बनाया गया। भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी(कांशीराम), बसपा, भाकपा माले सहित अन्य संगठनों द्वारा क्षेत्र के टिकारी बाजार, पंचानपुर बाजार बन्द कराया गया। बुधवार की सुबह से ही विभिन्न संगठन के कार्यकर्ता सड़क पर उतर जमकर नारेबाजी किये व खुली दुकानों को बन्द कराया। बन्द को लेकर टिकारी से गया व कुर्था जाने वाली यात्री बस भी नही चली। बन्द के समर्थन में उतरे भीम आर्मी के जिला प्रभारी रौशन गहलौत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा एससी एसटी में वर्गीकरण एवं आरक्षण के विरोध में फैसला दिया गया जो सही नही है।
आज भारत बन्द किया गया यदि फैसला नही पलटा गया तो पुनः सड़क पर उतरेंगे। बन्द समर्थकों द्वारा एससी एसटी आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की गई। बन्द के दौरान भीम आर्मी सह आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के रामाश्रय पासवान बोस पासवान, रंजित दास, राजू मांझी, मुकेश पासवान, निरंजन कुमार, छोटे पासवान, भाकपा माले के रवि कुमार, रोहन यादव, बसपा से अनुज दास उर्फ रौशन, घनश्याम दास सहित अन्य लोग मौजूद थे।
1947 में भारत की आजादी के साथ ही देश का विभाजन भी हो गया। ब्रिटिश सरकार ने इंडिया इंडिपेंडेंस एक्ट 1947 पारित कर भारत को दो स्वतंत्र डोमिनियन राज्यों – भारत और पाकिस्तान में बांट दिया। इस विभाजन को माउंटबेटन योजना के नाम से भी जाना जाता है। आइए जानते हैं कि कैसे हुआ यह विभाजन और क्या थे इसके मुख्य प्रावधान।
माउंटबेटन योजना के मुख्य प्रस्ताव
ब्रिटिश इंडिया को दो स्वतंत्र देशों, भारत और पाकिस्तान में विभाजित करना।
दोनों देशों के लिए अलग-अलग संविधान तैयार करना।
रियासतों को यह अधिकार देना कि वे भारत या पाकिस्तान में शामिल हो सकते हैं या स्वतंत्र रह सकते हैं।
15 अगस्त 1947 को भारत और पाकिस्तान को डोमिनियन स्टेटस प्रदान करना।
बंगाल और पंजाब प्रांतों का विभाजन करना और जनमत संग्रह का प्रावधान करना।
डोमिनियन स्टेट क्या है?
डोमिनियन स्टेट ब्रिटिश साम्राज्य का एक स्वायत्त राज्य होता है। इसका मतलब है कि ये राज्य ब्रिटेन के प्रति वफादार रहते हुए भी आंतरिक मामलों में पूर्ण स्वतंत्रता रखते हैं। इंडिया इंडिपेंडेंस एक्ट के तहत भारत और पाकिस्तान को डोमिनियन राज्य घोषित किया गया था।
भारत का विभाजन और उसका असर
भारत के विभाजन से हिंसा और तबाही फैल गई थी। लाखों लोग विस्थापित हुए और कई लोगों की जान चली गई। फिर भी 15 अगस्त 1947 को भारत और पाकिस्तान पूर्ण स्वतंत्रता प्राप्त कर लिए।
इस तरह से भारत की आजादी के साथ ही देश का विभाजन भी हो गया। ब्रिटिश सरकार ने इंडिया इंडिपेंडेंस एक्ट 1947 के तहत भारत को दो स्वतंत्र डोमिनियन राज्यों में बांट दिया। हालांकि इस विभाजन ने कई समस्याएं पैदा कीं, लेकिन भारत और पाकिस्तान ने अपनी मुश्किलों का सामना करते हुए आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर गाड़ी संख्या 08439/08440 पुरी-पटना-पुरी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के परिचालन अवधि में वृद्धि की गयी है। इस आशय की जानकारी देते हुए पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया विस्तारित अवधि के साथ अब इस ट्रेन का परिचालन (मोकामा, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर के रास्ते) पूजा स्पेशल ट्रेन के रूप में दिनांक 05.10.2024 से 01.12.2024 तक और 9-9 ट्रिप किया जाएगा। उन्होंने बताया गाड़ी संख्या 08439 पुरी-पटना पूजा स्पेशल प्रत्येक शनिवार को पुरी से 14.55 बजे खुलकर अगले दिन 09.25 बजे पटना पहुंचती है। वापसी में गाड़ी संख्या 08440 पटना-पुरी पूजा स्पेशल प्रत्येक रविवार को पटना से 13.30 बजे खुलकर अगले दिन 09.45 बजे पुरी पहुंचती है ।
6 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित दस दिवसीय नौवीं कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप के सातवें दिन मंगलवार को अफसर प्रशिक्षण अकादमी गया के लौंग रेंज में कैडेटों को फायरिंग का प्रशिक्षण दिया गया।इस मौके पर 6 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग आफिसर कर्नल पंकज कुमार (कीर्ति चक्र) एडम अधिकारी कर्नल एमके शुक्ला अफसर प्रशिक्षण अकादमी लांग रेंज पर पहुंचे। जिन्होंने फायरिंग करते एनसीसी कैडेटों को प्रोत्साहित किया। 6 बिहार बटालियन एनसीसी के एडम आफिसर कर्नल एमके शुक्ला ने कहा कि एनसीसी कैडेटों को ड्रिल एवं कमांड्स, शस्त्र प्रशिक्षण, मानचित्र अध्ययन, क्षेत्र एवं युद्ध कौशल, शूटिंग प्रशिक्षण, राष्ट्रीय एकता एवं नेतृत्व व्यक्तित्व का विकास की शिक्षा व प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि फायरिंग के समय अनुशासन बनाए रखने के लिए रेंज ड्रिल आवश्यक होती है। उस दौरान रेंज पर सुरक्षा व अनुशासन आवश्यक है। सभी कैडेटों को रेंज कार्य विधि का ज्ञान होना आवश्यक है। साथ ही रेंज पर सुरक्षात्मक उपाय होना चाहिए। रेंज के सबसे ऊंचे स्थान पर लाल झंडा लगाएं। इसके अलावा दाएं, बाएं व पीछे भी लाल झंडा अवश्य लगाएं जिससे रेंज पर सुरक्षा बनी रहे। इस मौके पर सूबेदार मेजर अमलेन्दु मंडल, एनसीसी अधिकारी कैप्टन मुनि चंद्र मोची सहित कई पीआई स्टाफ मौजूद थे।
पितृपक्ष मेला 2024 को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र एवम शहर के अन्य क्षेत्र के प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा नगर निगम के द्वारा की गई। नगर आयुक्त आईएएस अभिलाषा शर्मा ने गया नगर निगम कार्यालय में समीक्षा बैठक करते हुए एक एक बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त कीं। बैठक में प्रकाश व्यवस्था के नोडल पदाधिकारी सहायक अभियंता गौरव सिंह, कनीय अभियंता देवनन्दन प्रसाद, सहायक सौरव कुमार, ईईएसएल के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में सहायक अभियंता द्वारा बताया गया कि ईईएसएल, नगर निगम एवं अन्य विभागों द्वारा लगाए गए लाइटों का मेला क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्र के खराब लाइटों का सर्वे करा लिया गया है। ईईएसएल द्वारा लगाए गए लाइटों के संबंध में शिकायतें मिल रही है। उनके द्वारा बिजली मिस्री की टीम की संख्या बढ़ाकर मरम्मत कराए जाने की आवश्यकता है।
नगर आयुक्त ने ईईएसएल को और टीम की संख्या बढ़ाकर जल्द से जल्द मरमती का कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। नगर निगम द्वारा अधिस्थापित लाइटों को नगर निगम द्वारा मरमती कराई जा रही है। कनीय अभियंता ने भी बताया गया कि अधिक मिस्री रखने की आवश्यकता है। कनीय अभियंता को आवश्यकतानुसार मिस्त्री रखकर कार्य कराने का निर्देश दिया गया। कनीय अभियंता द्वारा यह भी बताया गया कि स्काई लिफ्टर की भी मरम्मत करानेकी आवश्यकता है। इस पर नगर आयुक्त ने इसे अविलंब मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
प्रकाश व्यवस्था से जुड़े सभी पदाधिकारी एवम कर्मचारी को नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि मुस्तैद होकर पितृपक्ष मेला प्रारंभ होने के पहले सभी लाइट जले, यह सुनिश्चित करेंगे। नगर आयुक्त को बताया गया कि नगर विकास एवम आवास विभाग द्वारा नए लाइट की खरीदारी पर पूरे बिहार में रोक लगाई गई है। ऐसे में पितृपक्ष मेला में लाइटों के अतिआवश्यकता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए मरम्मती में लगने वाले नए लाइटों के क्रय हेतु नगर विकास विभाग से अनुमति एवं आवंटन की मांग की गई है। नगर आयुक्त ने बताया कि इसकी अनुमति और आवंटन प्राप्त होते ही खरीद कर एलईडी लाईट को बदलने की कार्यवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सहायक अभियंता ने समीक्षा के क्रम में नगर आयुक्त श्रीमती शर्मा को बताया कि फल्गु नदी के देवघाट पर सभी लाइट जल रहे हैं। कनीय अभियंता देवनंदन प्रसाद को निर्देश दिया गया कि स्टेशन से बैरागी जाने वाले पथ पर डार्क जोन का स्थल निरीक्षण कर प्रतिवेदन समर्पित करें। इधर वार्ड नं 04, 05 एवं 06 अंतर्गत कई जगहों पर मेला के दौरान प्रकाश की मुकम्मल व्यवस्था की आवश्यकता देखी जा रही है। क्योंकि वार्ड 04, 05 एवं 06 अंतर्गत कागबलि वेदी, रामकुंड, रामशिला और रामशिला-प्रेतशिला मार्ग से पिंडदान करने के लिए काफी संख्या में पिंडदानी आना जाना करते हैं। इन क्षेत्रों में भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी पर्याप्त संख्या में लाइट लगाने की आवश्यकता क्षेत्रीय वार्ड पार्षद और क्षेत्र के लोग महसूस करते हैं।
बोधगया: रक्षाबंधन, जो भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के अटूट प्रेम और समर्पण का प्रतीक है, अब केवल हिंदू धर्म का पर्व नहीं रह गया है। इस पवित्र पर्व का प्रभाव अब अन्य धर्मों के अनुयायियों के बीच भी देखा जा रहा है। बोधगया के महाबोधि मंदिर परिसर में आज एक ऐसा ही अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब एक थाई महिला पर्यटक ने रक्षाबंधन के मौके पर एक बौद्ध भिक्षु को राखी बांधकर भाई-बहन के इस अद्वितीय रिश्ते को निभाया।
थाई महिला पर्यटक ,भंते बोधानंद को राखी बांधते हुए
थाई महिला ने बोधगया में रक्षाबंधन पर्व पर बौद्ध भिक्षु को राखी बांध भाव-विभोर हुई
यह घटना तब घटी जब बोधगया महाबोधि मंदिर में भ्रमण कर रही थाई महिला पर्यटक ने कुछ हिंदू भक्तों को एक-दूसरे की कलाई में राखी बंधा देख जिज्ञासा व्यक्त की। भंते जी ने उसे रक्षाबंधन के महत्व और परंपरा के बारे में विस्तार से बताया। उसकी उत्सुकता को देखते हुए, बौद्ध भिक्षु भंते बोधानंद, जो बीटीएमसी से जुड़े हैं, ने उसे रक्षाबंधन पर्व के बारे में विस्तार से बताया। भंते जी ने समझाया कि यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और भाई द्वारा बहन की सुरक्षा की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
भंते बोधानंद की बातों से प्रभावित होकर, थाई महिला पर्यटक ने उनसे आग्रह किया कि वह उन्हें राखी बांधना चाहती हैं। भंते जी ने उसकी भावना का आदर करते हुए तुरंत ही राखी का प्रबंध कराया और खुशी-खुशी उसकी कलाई पर राखी बंधवाई।
भंते बोधानंद ,थाई महिला पर्यटक को राखी बांधते हुए
इस भावपूर्ण पल के दौरान, भंते बोधानंद ने भी एक कदम आगे बढ़ाते हुए उस महिला को बहन के रूप में स्वीकार किया और उसके कलाई पर राखी बांधते हुए कहा, “अब हमारे बीच भाई-बहन के अटूट संबंधों की कड़ी जुड़ गई है, जिसमें एक-दूसरे की रक्षा और सम्मान का दायित्व भी शामिल है।”
यह अनूठा दृश्य देखने के बाद, महिला पर्यटक अत्यंत भावुक हो गईं और उनकी आंखों में खुशी के आंसू झलक उठे। बोधगया के इस ऐतिहासिक स्थल पर रक्षाबंधन का यह विशिष्ट समारोह न केवल भारतीय संस्कृति की महानता को प्रदर्शित करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि प्रेम और समर्पण की भावनाएं सभी धर्मों और संस्कृतियों में समान रूप से गहराई से व्याप्त हैं।
बोधगया का यह अद्वितीय पल इस बात का प्रतीक है कि भारतीय त्योहारों की महत्ता विश्वभर में फैली हुई है, और अब यह सीमाओं को पार कर अन्य संस्कृतियों और धर्मों के लोगों के दिलों को भी छू रही है।
जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने समाहरणालय सभाकक्ष में राजस्व से संबंधित कार्यों की समीक्षा जिले के सभी अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी तथा भूमि सुधार उप समाहर्ता के साथ की गई। बैठक में मुख्य रूप से दाखिल खारिज के निष्पादन, परिमार्जन, वास भूमि विहीन परिवारों को भूमि बंदोबस्ती, वासगीत पर्चा एवं क्रय नीति के तहत अद्यतन स्थिति की समीक्षा, भूमि विवाद से संबंधित शनिवार में बैठक की समीक्षा, जमाबंदी पंजी के प्रगति की समीक्षा, अतिक्रमण वाद के द्वारा अतिक्रमण हटाने में प्रगति की समीक्षा तथा जनता दरबार में आने वाले जमीन से संबंधित मामलों में निष्पादन के स्थिति की समीक्षा की गई। ऑनलाइन म्यूटेशन के समीक्षा के दौरान पाया गया कि बोधगया, मानपुर, खिजरसराय, सदर, बेलागंज, टिकारी अंचल का कार्य काफी धीमी है। उन्होंने बताया कि 75 दिनों से अधिक अंचलाधिकारी के लॉगिन में म्यूटेशन के आवेदन लंबित रखने वाले जिनमें बोधगया में 4287, टिकारी 2384, सदर 1934, बेला 1858, परैया 1668, कोच 1451 आवेदनों को पेंडिंग रखे हैं। जो सर्वाधिक है।
जिलाधिकारी ने इस पर काफी अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी अंचलाधिकारियों को इन मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता से निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि अगस्त माह के अंत तक हर हाल में लंबित आवेदनों को निबटारा करे। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रायः यह देखा जा रहा है कि अंचलाधिकारी या राजस्व कर्मचारी के स्तर पर म्यूटेशन से संबंधित आने वाले आवेदनों को रिजेक्ट करने के दौरान, आवेदन रिजेक्ट करने का कारण नहीं दर्शाया जाता है। जिसके कारण आम जनता को काफी समस्या होती है।
उन्होंने निर्देश दिया कि म्यूटेशन के आवेदन के आलोक में नोटिस देते हुए 7 दिनों में सुनवाई करें तथा कौन-कौन से कागजात की आवश्यकता है, उसे पूरी स्पष्टता से लिखते हुए मांग करें ताकि आवेदक पूरी विवरण के साथ नोटिस की तिथि में उपस्थित होकर अपनी भूमि संबंधित सभी कागजात दिखा सके। सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता को अंचल के कार्यों की नियमित रूप से समीक्षा तथा म्यूटेशन के मामलों, विशेष रुप से अस्वीकृत किए गए मामलों के अभिलेख की रैंडम जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला स्तर से भी अंचल कार्यालयों की नियमित रूप से जांच कराई जाएगी। म्यूटेशन में संतोषजनक प्रगति नहीं रहने पर उन्होंने कम प्रगति वाले अंचल के राजस्व कर्मचारियों से मौजा वार लंबित स्थिति की समीक्षा की तथा भूमि सुधार उप समाहर्ता को निर्देश दिया कि कम प्रगति वाले अंचलों का निरीक्षण सात दिनों के अंदर करना सुनिश्चित करें।
डीएम ने सभी अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि अपने सभी राजस्व कर्मचारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा करते हुए प्रगति की जानकारी ले, यदि प्रगति में कोई सुधार नही रहने पर संबंधित राजस्व कर्मचारियों का रिपोर्ट करे, निश्चित रूप से कार्रवाई होगी। कम प्रगति वाले कर्मचारियों से राजस्व हल्का को वापस लेकर किसी दूसरे कर्मचारी को राजस्व हल्का सौपे। डीएम ने सभी अंचलाधिकारी को कहा कि फटा हुआ जमाबंदी या ऑनलाइन जमाबंदी नही चढ़ा हुआ है, ये सब मामले अधिक प्राप्त हो रहे हैं, सभी अंचलाधिकारी अपने अंचलों में हल्कावार कैम्प लगाकर कागजात प्राप्त करें एवं ऑनलाइन रसीद कटवाए। ऐसा होने से जमीन संबंधित समस्या या विवाद काफी हद तक कम हो जाएंगे। परिमार्जन से संबंधित लगभग 95 प्रतिशत मामले अद्यतन निष्पादित किये गए हैं। निर्धारित समय सीमा के अंदर सभी लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। बकेबाजर, मोहनपुर, परैया, फतेहपुर, वजीरगंज, टनकुप्पा एव अतरी द्वारा 90% से से अधिक मामलों को निष्पादन किया है। परिमार्जन के आवेदन के साथ वांछित आवश्यक दस्तावेजों में से जो भी दस्तावेज संलग्न नहीं किये गए हों, उन दस्तावेजों को जमा करने के लिए आवेदक को नोटिस करने का निदेश सभी अंचलाधिकारियों को दिया गया। कोई आवश्यक दस्तावेज संलग्न नहीं किये जाने के कारण प्रथम बार ही आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया जाय, आवेदक को नोटिस कर निर्धारित समय के अंतर्गत दस्तावेज जमा करने को कहा जाय। नोटिस के बाद भी अगर वांछित दस्तावेज आवेदक द्वारा जमा नहीं किया जाता है तो उसके आवेदन को अस्वीकृत किया जाना चाहिये। डीएम ने सभी अंचलाधिकारी को कहा कि परिमार्जन संबंधित ऑनलाइन आवेदनों को छोटी छोटी कागजों की कमी के कारण रिजेक्ट न करे, अपने राजस्व कर्मचारियों से मदद लेकर कागजात प्राप्त करवाये। वेवजह जनता को कागजात रिजेक्ट कर परेशान न करें। सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता को म्युटेशन एवं परिमार्जन के अस्वीकृत किए गए मामलों से संबंधित अभिलेख की रेंडम जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आवेदनों के निष्पादन में निर्धारित प्रावधान एवं प्रक्रिया के अनुरूप गुणवत्ता का विशेष रुप से ध्यान रखने को कहा गया। वासभूमि विहीन परिवारों को भूमि बंदोबस्ती पर्चा वितरण करने के समीक्षा के दौरान जिले में 1 अप्रैल 2021 से 16 सितंबर 2022 तक कुल 2598 लाभुकों को सर्वेक्षण किया गया। पर्चा देने हेतु तैयार अभिलेखों में कुल 2304 लाभुक हैं। पर्चा देने हेतु स्वीकृत अभिलेखों में 1254 लाभुक हैं तथा पर्चा देने हेतु लंबित अभिलेखों में कुल 1050 लाभुक है। एलपीसी निर्गत की समीक्षा में ओवरऑल गया ज़िला का बेहतर प्रगति है। 52646 एलपीसी के मामलों में 52105 एलपीसी मामलों का डिस्पोजल किया जा चुका, जो लगभग 98.97 प्रतिशत है।
आधार सीडिंग की समीक्षा में डीएम ने सभी अंचलाधिकारी को कैम्प लगाकर भूमि मालिकों को जागरूक कर आधार से जोड़ने को कहा है। डीएम में आम जनों से अपील किया है कि आप अपने भूमि/ जमीन के सुरक्षा के लिये आधार से जुड़वाए, ताकि हर प्रकार की जानकारी आपको सीधे मोबाइल नंबर पर मिलता रहे। आधार जोड़ने से अनेको फायदे भी मिलेंगे। अभियान बसेरा के तहत चिन्हित लोगों के लिए वास भूमि उपलब्ध कराने हेतु लंबित मामलों में एक सप्ताह के अंतर्गत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता को इसका अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारी को कहा कि अपने अपने क्षेत्र में सरकारी भूमि यदि कहीं अतिक्रमण होता है तो उसे पूरी तत्परता से अतिक्रमण मुक्त करावे साथ ही साथ जल जीवन हरियाली अभियान के तहत पाइन पोखर आहर इत्यादि को कोई व्यक्ति द्वारा उसे अतिक्रमण करता है तो उसे सर्वोच्च प्राथमिकता से अतिक्रमण हटाने तथा दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में अधिकांश मामले भूमि संबंधित आते हैं। संबंधित आवेदनों को अंचल अधिकारी को जांच/ निष्पादन हेतु भेजे जाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में आने वाले आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें। हर शनिवार को थाना स्तर पर आयोजित भूमि विवाद की समीक्षा नियमित करे एव क्वालिटी युक्त निष्पादित करे। डीएम ने कहा कि बिहार के सभी जिलों में विशेष सर्वेक्षण का कार्य शुरू है। सभी अंचलाधिकारी इस पर विशेष ध्यान दें। सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ता नियमित रूप से समीक्षा भी करते रहे। आयोजित कैम्प में अच्छे ढंग से लोगो से कागजात एकत्रित करें। कैम्प में बंदोबस्ती पंजी सहित अन्य कागजात निश्चित तौर पर साथ रखें सभी अंचलाधिकारी।
अंत मे डीएम ने कहा कि सभी अंचलों में पर्याप्त अमीन दिए गए हैं, उनका भरपूर सहयोग ले। बेवजह अमीन को बैठाए न रखे। हर दिन रोस्टर बनाये और आदेश पारित करते हुए सभी अमीन को हर दिन अलग अलग जमीनों की मापी हेतु भेजते रहे, जिससे जमीन मापी की अधिकांश मामलों का समाधान हो जाएगा। बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) परितोष कुमार, सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ता, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।
गया जिले के रहने वाले एक युवक ने कतर में अपनी कामयाबी का झंडा बुलंद किया है। उन्होंने कतर को सबसे तेज गति से पार करके गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है।
आशुतोष प्रकाश उर्फ ‘बाबू’ ने 30 घंटे 31 मिनट 32 सेकेंड में 191.7 किलोमीटर की दूरी तय की, जिससे उन्होंने कतर के उत्तर से दक्षिण तक की दूरी को पैदल सबसे तेज पार करने का गिनीज रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बताया जाता है कि आशुतोष गया शहर के नादरागंज मोहल्ले के रहने वाले हैं। उन्होंने मैट्रिक के बाद उड़ीसा से स्नातक की पढ़ाई की और फिर कोलकाता में एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद वह 2011 में कतर चले गए और वहां पर काम करने लगे।
कोरोना काल के दौरान आशुतोष ने लंबी दौड़ शुरू की और धीरे-धीरे उन्होंने अपने प्रदर्शन में सुधार किया। इसी क्रम में उन्होंने अपना यह रिकॉर्ड भी बना लिया। रक्षाबंधन के मौके पर गया पहुंचने के बाद आशुतोष को गया के डीएम और एसपी ने सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।आशुतोष अब अगले लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। उनका अगला लक्ष्य कनाटा की सीमा को पार करना है। वह सात हजार पांच सौ किलोमीटर की दूरी तय करके फिर से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने की तैयारी में जुटे हैं।
बेलागंज, गया – बेलागंज प्रखंड के अगंधा पंचायत स्थित फतेहपुर गांव के 20 वर्षीय युवक रवि रंजन कुमार की फल्गु नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक के पिता, नरेश यादव, ने बताया कि रवि रविवार शाम मवेशी चराने नदी किनारे गया था। उसी दौरान, हसनपुर घाट पर फल्गु नदी में बालू उत्खनन से बने गड्ढे में डूबने की सूचना मिली। रातभर खोजबीन के बाद भी रवि का कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह, ग्रामीणों की मदद से उसका शव नदी के दूसरे किनारे पर, खिजरसराय थाना क्षेत्र के डेगांव घाट से बरामद किया गया।
घटनास्थल पर उपस्थित भाकपा माले नेता मोहम्मद मोजम्मील ने कहा कि बालू माफियाओं द्वारा अवैध खनन के कारण नदी में गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने राज्य सरकार से मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। इस घटना ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है और ग्रामीणों के बीच आक्रोश भी व्याप्त है।