Blog

  • पंतनगर मोहल्ले को डूबने से बचाने देर रात को निकले डीएम एवं नगर आयुक्त

    पंतनगर मोहल्ले को डूबने से बचाने देर रात को निकले डीएम एवं नगर आयुक्त

    देवव्रत मंडल

    दिनांक 23.8.24 को डीएम त्यागराजन एसएम एवं नगर आयुक्त को पंत नगर में अचानक मनसरवा नाला के पानी बढ़ने एव जल जमाव की शिकायत मिलने पर देर रात्रि में मनसरवा नाला का निरीक्षण किया। जिन्होंने पाया कि दुबहल आहर से अधिक मात्रा मे पानी को मनसरवा नाला में खोल देने से मनसरवा नाला का पानी का स्तर बढ़ा। जिससे पंत नगर एव आसपास जल जमाव की स्थिति उत्पन्न होने लगी।

    नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा ने पंत नगर एवं आसपास के क्षेत्र को डूबने से बचाने के लिए मनसरवा नाला के फल्गु नदी के पास आउटलेट का स्थल निरीक्षण किया। जहां उन्होंने पाया कि जल संसाधन विभाग द्वारा बायपास पुल से देवघाट तक बनाए जा रहे रोड के कारण मनसरवा नाला के स्लूइस वॉल्व को बंद किया गया था। जिसे जिला पदाधिकारी एवं नगर आयुक्त द्वारा खुलवाया गया। जिसके बाद मनसर्वा नाला का पानी का स्तर कम हुआ। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। बताते चलें कि कुछ साल पहले पंतनगर एवं इसके साथ सटे कई मोहल्ले बरसात के मौसम में डूब गए थे। स्थिति बिगड़ते देख मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को यहां आना पड़ा था।

  • जनता दरबार: डीएम ने सीओ से कहा- ये आम जनता हैं, किसी को बेवजह दौड़ना न पड़े इसका पूरा ख्याल रखें

    जनता दरबार: डीएम ने सीओ से कहा- ये आम जनता हैं, किसी को बेवजह दौड़ना न पड़े इसका पूरा ख्याल रखें

    देवब्रत मंडल

    पूर्व सूचना के अनुसार शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार स्थगित रहने के बाबजूद ज़िला पदाधिकारी के जनता दरबार में करीब एक सौ लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंच गए थे। ज़िला पदाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने उपस्थित लगभग 100 व्यक्तियों के मामले को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को जांच यथाशीघ्र कराते हुए जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। आवेदकों के कई मामलों में जिला पदाधिकारी द्वारा जिले के वरीय पदाधिकारी यथा उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी संबंधित प्रखंड के नामित जिला स्तरीय पदाधिकारी आदि द्वारा मामले को जांच करने का भी जिम्मा दिया गया। जनता दरबार में कई व्यक्ति परिमार्जन के संबंध में आवेदन दिए। जिसपर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारी एवं राजस्व पदाधिकारी को सख्त निर्देश दिया कि परिमार्जन हेतु लंबित आवेदनों को तेजी से निष्पादन करें। जनता दरबार में जमीन से संबंधित आए मामलों में डीएम ने सभी अंचलाधिकारी को कहा कि ये आम जनता ज्यादातर गाँव के ही होते हैं और किसान होते है। इन्हें सरकारी कागजी प्रक्रिया के बारे में हर तरह से मदद करें। जरूरत पड़े तो ग्रामीणों की जो उनकी समस्या है, उसके आलोक में उन्हें आवेदन लिखवाने में मदद करें, किसी को बेवजह दौड़ना न पड़े इसका पूरा ख्याल रखें।

    जनता दरबार में प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास योजना से संबंधित आए मामलों को जिला पदाधिकारी ने उपविकास आयुक्त को संबंधित आवेदनों को यथाशीघ्र जांच करते हुए पात्रता रखने वाले व्यक्तियों को प्रधानमंत्री/ मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ देने हेतु अग्रेतर कार्य करने का निर्देश दिया।
    जनता दरबार में फिर कई व्यक्तियों ने भूमि विवाद, आपसी बंटवारा, अतिक्रमण, जमीन संबंधी दिक्कते आदि से संबंधित आवेदन दिए। इन सभी आवेदन के आलोक में जिला पदाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष एवं अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की अध्यक्षता में थाना स्तर एवं अनुमंडल स्तर पर हर शनिवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में दोनों पक्षों के व्यक्तियों को बुलाकर संबधित मामलों को प्राथमिकता देते हुए निराकरण कराने का निर्देश दिए। उन्होंने बताया जनता दरबार में जमीन से संबंधित अत्यधिक मामले को देखते हुए प्राप्त आवेदनों को सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ता को निर्देश दिया कि आए आवेदनों को अच्छे तरीके से जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमानुसार उचित कार्रवाई करने हेतु आदेशित करें। इसके साथ ही प्राप्त कई आवेदनों के विरुद्ध वरीय पदाधिकारी नामित कर जांच हेतु निर्देशित किया। साथ ही जांच पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि प्राप्त आवेदन को अधिकतम 7 दिनों में जांच करते हुए दोषी कर्मी/ पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई हेतु प्रेषित करे।

  • बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा 24 अगस्त को आएंगे गया

    बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा 24 अगस्त को आएंगे गया

    देवब्रत मंडल

    बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा 24 अगस्त को गया आने वाले हैं। इस आशय की जानकारी गया जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी संतोष ठाकुर ने दी है। इनके गया आगमन और परिभ्रमण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री ठाकुर ने बताया कि
    उप मुख्यमंत्री प्रातः 08ः20 बजे विष्णुपद मंदिर एवं मंगालागौरी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद 09ः30 बजे गया अतिथि गृह  पहुंचेंगे। जहां से 10ः30 महाबोधि कन्वेंशन सेंटर, बोधगया पहुंचेंगे।

    जहां कला संस्कृति एवं युवा विभाग के द्वारा आयोजित बिहार विरासत ज्ञानोत्सव कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके पश्चात दोपहर बाद 3ः30 पुनः गया के अतिथि गृह आ जाएंगे। इसके बाद 5ः30 बजे -ए. पी। कॉलोनी, गया में एक निजी विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे शिव कैलाश डालमिया के यहाँ आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके बाद 7ः30 गया से प्रस्थान करेंगे।

  • एसिड अटैक और यौन उत्पीड़न पीड़ितों के लिए सरकार ने किया पुनर्वास और मुआवजा की व्यवस्था: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया का जागरूकता अभियान

    एसिड अटैक और यौन उत्पीड़न पीड़ितों के लिए सरकार ने किया पुनर्वास और मुआवजा की व्यवस्था: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया का जागरूकता अभियान

    देवब्रत मंडल

    गया। शुक्रवार को बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गया ने “संवेदनशीलता और जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में हाशिए पर मौजूद पीड़ितों के लिए न्याय और पुनर्वास की दिशा में जागरूकता फैलाना था।

    कार्यक्रम में मौजूद LADCS के अधिवक्ताओं, पैनल अधिवक्ताओं और पारा विधिक स्वयंसेवकों को बिहार पीड़ित प्रतिकर अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान सचिव अरविंद कुमार दास ने बताया कि बिहार पीड़ित प्रतिकर स्कीम के तहत तेजाब हमले और यौन उत्पीड़न जैसी घटनाओं के पीड़ितों को मुआवजा राशि और विधिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एसिड अटैक और बलात्कार जैसी गंभीर घटनाओं के पीड़ितों के पुनर्वास के लिए सरकार द्वारा प्रतिकर की व्यवस्था की गई है।

    सचिव ने सभी पैनल अधिवक्ताओं और पारा विधिक स्वयंसेवकों को जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर इस योजना के बारे में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।

  • विष्णुपद मंदिर से देवघाट को जाने वाली संकीर्ण गलियों में जर्जर मकानों को ध्वस्त करने का डीएम ने दिया निर्देश

    विष्णुपद मंदिर से देवघाट को जाने वाली संकीर्ण गलियों में जर्जर मकानों को ध्वस्त करने का डीएम ने दिया निर्देश

    देवब्रत मंडल

    पितृपक्ष मेला 2024 के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी एक एक बिंदुओं पर अपनी नजरें बनाए हुए हैं। हालांकि विश्वप्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 17 सितंबर से शुरू होना है लेकिन तैयारियां काफी पहले से शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों को साथ लेकर लगातार निरीक्षण करते हुए उन्हें ससमय सारे टास्क पूरा करने का निर्देश जारी कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को विष्णुपद मंदिर से देवघाट को जाने वाली तंग गलियों में जर्जर मकानों को देखा और मौके पर ही सदर एसडीओ को निर्देश दिया कि जर्जर हालत में रहे मकान मालिक को नोटिस दें और इसे ध्वस्त करें। वहीं विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह में तीर्थयात्रियों के दर्शन को लेकर सारी व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। भीड़ प्रबंधन से लेकर सोलह वेदी तक बिजली के पंखे लगाने तथा लगातार सफाई किए जाने की जरूरतों की ओर ध्यान रखने का निर्देश संबंधित अधिकारी व पदाधिकारी को दिया गया।

    उन्होंने कहा कि देश विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व में किए जा रहे तैयारियों का जायजा लिया गया है। विष्णुपद मंदिर प्रांगण, सोलह वेदी स्थल, गयाजी डैम, देवघाट, गजाधर घाट, निर्माणाधीन विष्णु पथ, शमशान घाट, सूर्यकुंड, ब्रह्मशत सरोवर, बैतरणी, गोदावरी सरोवर इत्यादि का निरीक्षण कर यात्रियों की सुविधा हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने विष्णुपद मंदिर पहुच कर जायजा लिया। इस वर्ष पहले मंदिर के गेट से मंदिर परिसर के साथ साथ सोलह वेदी के समीप तक नेट वाला कार्पेट लगाने को कहा। प्रवेश के दौरान गर्मी एव धूप से बचाव के लिए शेड के रूप में चांदनी लगाने के साथ ही सीलिंग पंखे की पूरी पूरा व्यवस्था रखने को कहा। डीएम ने कहा कि बिजली के शार्ट सर्किट नहीं हो, इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा। डीएम ने मंदिर प्रबंधन समिति एव नगर आयुक्त को कई आवश्यक निर्देश दिए।

    इसके बाद मंदिर से देवघाट जाने वाले संकीर्ण गली में कुछ जर्जर भवनों को देखा। उन्होंने सदर अनुमण्डल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित जर्जर भवनों के मालिकों को नोटिस भेजते हुए खाली करवाते हुए डिमोलिश करवाएं। संकीर्ण गलियों में नालियों की दुबारा सफाई करवाने को कहा। शमशान घाट के गेट पास नगर निगम की एक जर्जर भवन को भी डिमोलिश(ध्वस्त) करवाने को कहा।

    गयाजी डैम के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि नदी के किनारा में जमे कचड़े को साफ कराएं ताकि समुचित रूप से पवित्र फल्गु नदी के सीढ़ियों तक पानी आ सके। ताकि यात्रियों को तर्पण करने में आसानी हो। अपर समाहर्ता आपदा को निर्देश दिया कि नदी के दोनों साइड बैरिकेडिंग प्रॉपर मजबूती से करवाएं।

  • जीबीएम कॉलेज की छात्राओं ने बिहार विरासत ज्ञान उत्सव में किया शानदार प्रदर्शन

    जीबीएम कॉलेज की छात्राओं ने बिहार विरासत ज्ञान उत्सव में किया शानदार प्रदर्शन

    गया। कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार, पटना की पहल पर जगजीवन कॉलेज, गया में आयोजित “बिहार विरासत ज्ञान उत्सव” में गौतम बुद्ध महिला (जीबीएम) कॉलेज की छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम रौशन किया। प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. सहदेब बाउरी के नेतृत्व और अंग्रेजी विभागाध्यक्ष व एनसीसी सीटीओ डॉ. कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी के समन्वय में छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई पुरस्कार जीते।

    प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन

    • लोकगीत गायन: स्नातक तृतीय वर्ष की छात्रा चाँदनी कुमारी ने “रेलिया बैरन पिया को लिये जाये रे” की प्रस्तुति देकर लोकगीत गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
    • चित्रकला: बीबीएम फाइनल ईयर की छात्रा राखी कुमारी ने बिहार की विभिन्न विरासतों को दर्शाने वाली पेंटिंग बनाकर प्रथम स्थान हासिल किया।
    • शास्त्रीय नृत्य: कक्षा द्वादश की छात्रा खुशी कुमारी ने प्रसिद्ध तबला वादक श्री दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में शानदार कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे सभी मंत्रमुग्ध हो गए और खुशी को शास्त्रीय नृत्य (कत्थक एकल) में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

    अन्य प्रमुख उपलब्धियां

    • शास्त्रीय गायन: कक्षा द्वादश की खुशी कुमारी ने हारमोनियम पर राग देश में छोटा ख्याल प्रस्तुत कर द्वितीय स्थान, और वैष्णवी श्रीवास्तव ने राग पटदीप में प्रस्तुति देकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
    • वादन प्रतियोगिता: राग देश की प्रस्तुति के लिए खुशी कुमारी ने द्वितीय और वैष्णवी श्रीवास्तव ने राग मालकोश में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
    • समूह गायन और नृत्य: हारमोनियम पर चाँदनी कुमारी और झाल पर खुशी कुमारी के नेतृत्व में समूह गायन “सावन की कजरी” प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं, तान्या बनर्जी के घूमर नृत्य और श्रुति द्वारा प्रस्तुत छठ गीत को भी काफी प्रशंसा मिली।

    महाबोधि कन्वेंशन सेंटर में पुरस्कार वितरण

    इस शानदार प्रदर्शन पर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. सहदेब बाउरी और अन्य प्राध्यापकों ने डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी और उनकी टीम को बधाई दी। डॉ. रश्मि ने बताया कि सभी विजेता छात्राओं को 24 अगस्त, 2024 को महाबोधि कन्वेंशन सेंटर, बोधगया में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। वहां, प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन भी करेंगी।

  • ट्रेन में सफर के दौरान पति से बिछड़ गई पत्नी व नाबालिग बच्ची, आरपीएफ ने दोनों को मिलवाया

    ट्रेन में सफर के दौरान पति से बिछड़ गई पत्नी व नाबालिग बच्ची, आरपीएफ ने दोनों को मिलवाया

    बीकानेर-हावड़ा सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन से सफर कर रहे पति पत्नी जब एक दूसरे से बिछड़ गए तो आरपीएफ़ की टीम ने गया जंक्शन पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की मदद से बिछड़ गई पत्नी व पुत्री को ढूंढ कर पति को सुपुर्द कर दिया। गया जंक्शन के आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश ने बताया कि डीडीयू मंडल के सिक्योरिटी कंट्रोल से सूचना प्राप्त हुआ कि गाड़ी संख्या 12372 DN बीकानेर-हावड़ा सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के पिछले डब्बा (गार्ड साहब को जानकारी में ) एक महिला अपने पति से बिछड़ गई है। इस महिला के पति मो. अकबर का मोबाइल नंबर 6374794482 उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया सूचना मिलने के उपरान्त गाड़ी गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर आगमन पर ऑन ड्यूटी आरपीएफ़ के अधिकारी व ‘मेरी सहेली’ टीम ने उक्त गाड़ी को अटेंड किया। गाड़ी के ऑन ड्यूटी ट्रेन मैनेजर से पूछने पर बताया कि गया स्टेशन पर जैसे ही गाड़ी रुकी, उतर कर महिला जाने लगी। जब उनसे पूछा व रोका भी गया तो बताई कि वह जहानाबाद चली

    जायेगी। बाद में महिला के पति मो. अकबर के मोबाइल नम्बर संपर्क करने पर महिला का नाम पूछने पर सबरी खातून बताए। साथ ही पहनावा व हुलिया पूछा गया। उससे फ़ोटो की माग की गई। मो. अकबर के ने बताया कि उनकी पत्नी के साथ एक 4 साल की बच्ची है, जो लाला रंग का फ्रॉक पहने हुई है। जिसे गया स्टेशन पर रोकने के लिए अनुरोध किया गया।इंस्पेक्टर श्री प्रकाश ने बताया कि इस संबंध में पूछताछ कार्यालय से अनाउंसमेंट कराया गया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज को छानबीन की गई तो फोटो व शिकायकर्ता मो. अकबर के बताए अनुसार एक महिला एक बच्ची के साथ प्लेटफार्म नंबर 04/05 पर जाते हुए दिखाई दी। जिसके बाद ऑन ड्यूटी अधिकारी, स्टाफ व मेरी सहेली टीम द्वारा खोजबीन कर सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट पर लाया गया। महिला के पति को सूचना दी गई।

    महिला से नाम पता पूछने पर अपना नाम सबरी खातून, पति मो. अकबर राइन, जो अपना पता थाना सकुराबाद, जिला जहानाबाद एवम बच्ची का नाम नायरा प्रवीण बताई। जिसने बताई कि आज सुबह में जयपुर जाना था, लेकिन गाड़ी छूट गई थी। जिसके कारण दूसरे गाड़ी में बैठ गई और पति दूसरे गाड़ी में चढ़ गए और हम दोनो बिछड़ गए। उसके बाद अनुग्रह नारायण स्टेशन पर मैं उतर गई। सूचना पर महिला के पति मो. अकबर राइन,पिता- मो. इस्लाम, पता सकुराबाद , थाना सकुराबाद, जिला जहानाबाद निवासी लगेज के साथ आरपीएफ थाना पर उपस्थित हुए। जिन्हे देख पत्नी व पुत्री बहुत खुश हुई। यहां से जाने के लिए बोलने लगी। सत्यापन के बाद महिला एवं नाबालिक बच्ची को पति मो.अकबर राइन को सुरक्षित सुपुर्द किया गया। जिसके लिए मो. अकबर व उनकी पत्नी ने आरपीएफ को इस नेक काम के लिए आभार जताया।

  • विरासत ज्ञानोत्सव 2024: गया की खुशी कुमारी ने नृत्य प्रतियोगिता में जीता प्रथम स्थान

    विरासत ज्ञानोत्सव 2024: गया की खुशी कुमारी ने नृत्य प्रतियोगिता में जीता प्रथम स्थान

    पटना में बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के विशेष सचिव द्वारा आयोजित विरासत ज्ञानोत्सव कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार के युवाओं में सामाजिक और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना और बिहार की गौरवशाली विरासत का ज्ञान बढ़ाना था। इस अवसर पर 20 और 22 अगस्त को जगजीवन कॉलेज में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें सरकारी अंतर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने वाद-विवाद, नृत्य, गायन, वादन, चित्रकला, और निबंध जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लिया।

    गया के गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की छात्रा खुशी कुमारी ने इस कार्यक्रम में आयोजित कथक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। खुशी के साथ तबले पर संगत की दिनेश कुमार ने और हारमोनियम पर स्वयं खुशी कुमारी ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

    इसके अलावा, शास्त्रीय गायन में पूजा मिश्रा ने एकल गायन में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसमें कृष्ले कुमार ने संगत की। वैष्णवी श्रीवास्तव ने द्वितीय स्थान और खुशी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिनके साथ भी संगतकार दिनेश कुमार थे। हारमोनियम वादन में खुशी कुमारी ने द्वितीय और वैष्णवी श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान पाया। तबला वादन में शिव शक्ति पांडे प्रथम स्थान पर रहे।

    लोकगीत प्रतियोगिता में चांदनी कुमारी ने प्रथम और रिया कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इन सभी प्रतिभागियों ने बिहार बाल भवन किलकारी में नृत्य और संगीत की शिक्षा प्राप्त की है। नृत्य निर्देशक गौतम कुमार ने खुशी कुमारी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त की है और इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में बिहार के युवा कलाकारों को मंच और सम्मान मिलता है, जो उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।

  • गया के प्रसिद्ध हार्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टर अभय नारायण से साइबर ठगों ने उड़ाए 4 करोड़ 40 लाख, झूठे केस का डर दिखाकर रची अनोखी साजिश

    गया के प्रसिद्ध हार्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टर अभय नारायण से साइबर ठगों ने उड़ाए 4 करोड़ 40 लाख, झूठे केस का डर दिखाकर रची अनोखी साजिश

    गया: बिहार आईएमए के अध्यक्ष और प्रतिष्ठित हार्ट स्पेशलिस्ट, डॉ. अभय नारायण राय, एक बेहद चौंकाने वाली साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। ठगों ने उन्हें एक फर्जी क्रिमिनल केस में फंसाने की धमकी देकर पूरे 4 करोड़ 40 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। यह घटना किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं लगती, जहां एक दिन में नहीं, बल्कि पूरे छह दिनों तक, डॉ. राय का दिमाग ठगों के चंगुल में फंसा रहा।

    यह सब 29 जुलाई को शुरू हुआ, जब डॉ. राय के फोन पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप हैं, और उनके नाम से एक फर्जी बैंक खाता मुंबई में खोला गया है। ठगों ने यह भी कहा कि अगर वे गिरफ्तार होने से बचना चाहते हैं, तो तुरंत अपने बैंक खाते से सारा पैसा एक दिए गए खाते में ट्रांसफर कर दें।

    डॉ. राय, जो अपने दिल के मरीजों के इलाज के लिए जाने जाते हैं, खुद इस स्थिति में इतना घबरा गए कि उन्होंने ठगों की बातों पर विश्वास कर लिया। नतीजतन, उन्होंने 31 जुलाई से 5 अगस्त तक विभिन्न खातों में 4 करोड़ 40 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन जब ठगों से संपर्क टूट गया और फोन नंबर बंद मिला, तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। तुरंत ही उन्होंने गया साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।

    गया के एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। जांच के दौरान अब तक 61 लाख रुपये की राशि होल्ड कर दी गई है और उसे जल्द ही डॉ. राय को वापस दिलाने की प्रक्रिया चल रही है। ठगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है, और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

  • 130 लीटर देसी शराब, देसी कट्टा, और मोटरसाइकिल के साथ महिला गिरफ्तार

    130 लीटर देसी शराब, देसी कट्टा, और मोटरसाइकिल के साथ महिला गिरफ्तार

    अतरी थाना क्षेत्र के मोहड़ा प्रखंड के जगतपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर 130 लीटर देसी शराब, एक देसी कट्टा, 5 खोखा, और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने कौशल्या देवी नामक महिला को गिरफ्तार किया है।

    अतरी थाना अध्यक्ष नरेंद्र प्रसाद ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान, कौशल्या देवी के घर से भारी मात्रा में अवैध शराब और हथियार बरामद हुए। पुलिस ने मौके से कौशल्या देवी को गिरफ्तार कर लिया है, और इस मामले में उसके चार पुत्रों पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    गिरफ्तार महिला को शुक्रवार को जेल भेजा जाएगा। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    रिपोर्ट: गौरव सिंह ,अतरी संवाददाता