Blog

  • गया में पितृपक्ष मेला 2024 की तैयारियां तेज, रेलवे स्टेशन पर बढ़ेंगी सुविधाएं

    गया में पितृपक्ष मेला 2024 की तैयारियां तेज, रेलवे स्टेशन पर बढ़ेंगी सुविधाएं

    स्टेशन प्रबंधक ने डीएम से कहा- व्हील चेयर की कमी है, डीएम ने सिविल सर्जन से कहा- 25 व्हीलचेयर दें

    गया। आगामी पितृपक्ष मेला 2024 को लेकर गया प्रशासन ने कमर कस ली है। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और वरीय पुलिस अधीक्षक आशीष भारती की अध्यक्षता में रेलवे स्टेशन के सभागार में एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में रेलवे, जीआरपी, आरपीएफ और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। स्टेशन प्रबंधक द्वारा व्हीलचेयर की कमी बताए जाने पर जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से सिविल सर्जन को 25 व्हीलचेयर रेलवे को मेला अवधि के लिए उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

    स्टेशन के चल रहे रिमॉडलिंग कार्य को देखते हुए शौचालय, पार्किंग, पेयजल और रैंप की अस्थायी व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा के लिए क्षेत्रवार दर निर्धारित करने का निर्णय लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर वरीय पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने और अतिरिक्त कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “हर डार्क स्पॉट कवर होना चाहिए।” स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। जिलाधिकारी ने स्टेशन मैनेजर को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और शौचालयों की उत्तम व्यवस्था की जाए।

    डीएम व एसएसपी ने रेलवे के पदाधिकारियों के साथ की बैठक, स्टेशन परिसर का किया निरीक्षण

    रेलवे स्टेशन मैनेजर ने बताया कि मेला अवधि में 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम, अतिरिक्त टिकट रिजर्वेशन काउंटर और रेलवे इंक्वायरी सेंटर चलाए जाएंगे। साथ ही, सिविल सर्जन को 24 घंटे एम्बुलेंस और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टूटी नालियों, रोशनी व्यवस्था और अप्रोच रोड की स्थिति में सुधार के निर्देश दिए।

    जिलाधिकारी ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि पितृपक्ष मेले के दौरान गया आने वाले हर तीर्थयात्री को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिले।” इन व्यापक तैयारियों के साथ गया प्रशासन पितृपक्ष मेला 2024 को सफल और सुव्यवस्थित बनाने की ओर अग्रसर है। आने वाले दिनों में इन निर्देशों के क्रियान्वयन पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

    बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, ज़िला परिवहन पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता रविन्द्र नाथ दिवाकर, राजीव कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, रेलवे के वरीय पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक नगर सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित थे।

  • जमीनी विवाद में हुई मारपीट में एक वृद्ध की मौत

    जमीनी विवाद में हुई मारपीट में एक वृद्ध की मौत

    टिकारी संवाददाता: टिकारी थानाक्षेत्र के पलुहड़ ग्राम में जमीनी विवाद में हुई मारपीट में घायल हुए वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान पलुहड़ ग्राम निवासी 70 वर्षीय पचन राम के रूप में हुई। मृतक के पुत्र उमेश राम ने बताया कि गांव के ही पड़ोसी के साथ जमीन विवाद को लेकर झगड़ा चल रहा था। रविवार की देर रात्रि अचानक घर पर आ धमके व मारपीट करने लगे। इसी क्रम में लाठी के प्रहार से मुझे और मेरे पिता पचन राम को चोट लग गई। पिता को अधिक चोट के कारण मौके पर ही अचेत हो गिर पड़े। जिसके बाद आनन फानन में अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

    घटना को लेकर दर्ज शिकायत में एक व्यक्ति को नामजद आरोपी बनाया गया है। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

  • वाणावर पहाड़ पर भगदड़ के शिकार पूनम का शव घर आते ही मचा हाहाकार, गांव में पसरा मातम

    वाणावर पहाड़ पर भगदड़ के शिकार पूनम का शव घर आते ही मचा हाहाकार, गांव में पसरा मातम

    टिकारी संवाददाता: जहानाबाद के वाणावर पहाड़ स्थित सिद्धेश्वर धाम में मची भगदड़ में प्रखंड क्षेत्र के मउ बाजार के निवासी जितेंद्र साव की 35 वर्षीय पत्नी पूनम देवी हो हुई। पूनम अपने पड़ोसियों के साथ चौथी सोमवारी को जलाभिषेक करने मउ से वाणावर पहुंची थी। लेकिन नियति कुछ और ही मंजूर था। मंदिर परिसर के समीप अचानक हुई भगदड़ में पूनम दब गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आनन फानन में प्रशासन के द्वारा शव का अत्यंत परीक्षण करा परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं घटना में पूनम के साथ गई अन्य महिलाओं को भी हल्की चोट आई है। सोमवार की सुबह मृतिका का शव जैसे ही घर पर पहुंचा स्वजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।

    पूनम के शव से उसके पांचों बच्चे लिपट गए और दहाड़ मारकर रोने लगे। जिसे देख वंहा मौजूद भीड़ की आंखे नम हो गयी। पति के आने के बाद होगी अंतिम संस्कार मृतका पूनम के पति जितेंद्र साव चेन्नई में रहकर नौकरी करते है। घटना की सूचना के बाद जितेंद्र साव घर के लिए रवाना हो गये है। स्वजनों के मुताबिक जितेंद्र के आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं शव आने की सूचना पर मउ थानाध्यक्ष राहुल कुमार पीड़ित के घर पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली। प्रखण्ड प्रशासन द्वारा पति के आने पर मुआवजा की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

  • एस एन सिन्हा कालेज में बालिका वर्ग में खो खो और कबड्डी टीम के लिए हुए ट्रायल

    एस एन सिन्हा कालेज में बालिका वर्ग में खो खो और कबड्डी टीम के लिए हुए ट्रायल

    टिकारी संवाददाता: स्थानीय सत्येंद्र नारायण सिन्हा कालेज में सोमवार को महिला वर्ग में खो – खो और कबड्डी टीम के लिए ट्रायल के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया गया। कालेज के खेल प्रभारी प्रो. राज कुमार की देखरेख में पूरी प्रक्रिया का संचालन किया गया। कालेज परिसर स्थित खेल मैदान में आयोजित ट्रायल में चंदन, दीपक, राहुल, अंकित और संजीव ने नेतृत्व में किया। जिसमे खो – खो में रितू, अंजली, सोनाली, रागिनी, सिंधू, मुस्कान, श्रुति, निशा, काजल, सुधा, खुशी, जागृति, सोनम आदि ने अपना दमखम दिखाया। वंही कबड्डी के लिए भी खिलाड़ियों का ट्रायल लिया गया।

    महिला वर्ग में दोनों टीमों की घोषणा शीघ्र की जाएगी। खेल प्रभारी ने बताया कि आज मंगलवार को बालक वर्ग में खो-खो और कबड्डी के साथ वोलीबाल एवं एथलेटिक्स टीम का चयन किया जाएगा । पहले राउंड में 22 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। खिलाड़ियों के बीच मैच का आयोजन कर टीम को अंतिम रूप दिया जाएगा और फाइनल में 15 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया के दौरान प्रो. दीनदयाल गुप्ता, प्रो. शक्ति पासवान, प्रो. रत्नेश कुमार आदि मौजूद थे।

  • गया शहर के रामशिला-प्रेतशिला मार्ग पर अचानक टूटकर गिरा पेड़, ई रिक्शा चालक सहित यात्री बाल बाल बचे

    गया शहर के रामशिला-प्रेतशिला मार्ग पर अचानक टूटकर गिरा पेड़, ई रिक्शा चालक सहित यात्री बाल बाल बचे

    गया शहर के उत्तरी हिस्से में रामशिला-प्रेतशिला मार्ग पर कुष्ठ अस्पताल के पास एक पेड़ अचानक टूटकर गिर गया। पेड़ की टहनी इस रास्ते से गुजर रहे एक ई रिक्शा पर गिर गया। गनीमत रही कि चालक और इस पर सवार लोग बाल बाल बच गए। किसी को चोट नहीं आई लेकिन ई रिक्शा को क्षति पहुंची। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार आदि ने बताया कि सोमवार को दोपहर बाद रामशिला की तरफ से एक ई रिक्शा प्रेतशिला की तरफ जा रहा था, इसी बीच अचानक नीम का पेड़ टूट गया।

    ई रिक्शा चालक जबतक खुद और वाहन पर सवार लोगों को बचा पाता कि एक बड़ी टहनी ई रिक्शा पर गिर गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्र रहा कि ई रिक्शा चालक और इस पर सवार लोगों को किसी तरह की हानि नहीं हुई लेकिन ई रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया।

    इस मार्ग पर पेड़ टूट कर गिरने से कुछ देर के लिए अफरा तफरी रहा। यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित रहा। स्थानीय लोग पेड़ की छोटी छोटी टहनियों को काटकर अलग किया। जिसके बाद इस मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।

  • स्मार्ट मीटर के खिलाफ गोलबंद हुए शहर के लोग, धरना के माध्यम से आंदोलन का किया आगाज

    स्मार्ट मीटर के खिलाफ गोलबंद हुए शहर के लोग, धरना के माध्यम से आंदोलन का किया आगाज

    ✍️देवब्रत मंडल

    स्मार्ट मीटर को लेकर जहां संसद भवन में सांसद इसका विरोध कर रहे हैं। वहीं गया शहर के लोग स्मार्ट मीटर के खिलाफ गोलबंद हो रहे हैं। गया में सोमवार को विद्युत उप-महाप्रबंधक सह विद्युत अधीक्षण अभियंता, मगध विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, गया के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना की अध्यक्षता रामजगन गिरि ने किया। धरना को संबोधित करते हुए भाकपा के वरिष्ठ नेता मसूद मंज़र ने कहा कि स्मार्ट मीटर के बिल से जनता त्राहि त्राहि कर रही है। मीटर लोगों के घर में जबर्दस्ती लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को धमकाया जा रहा है। उन्होंने अवैध वसूली की भी बात कही। उन्होंने कहा इस पर अविलंब रोक लगाई जाए, नहीं तो अभी धरना के माध्यम से केवल चेतावनी दी जा रही है।

    आगे आंदोलन का रुख कुछ और होगा। सीताराम शर्मा ने कहा कि आम उपभोक्ता पर यह स्मार्ट मीटर जबरन थोपा जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्राम पॉवर से तिगुना बिल स्मार्ट मीटर से आ रहा है। जिसे तत्काल प्रभाव से बंद किया जाये। उन्होंने इसके बिलिंग की जांच कराने की मांग की। अमृत प्रसाद ने कहा कि गया शहर में विद्युत के लगाए गए अधिकतर पोल झुके हुए हैं। जिसे हटाकर दुसरा लगाया जाए। साथ ही जर्जर तार को बदल कर नया तार लगाए जाने, दलित, महादलित को मुफ्त में बिजली देने, सभी उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने की मांग की।

    धरना के उपरांत एक प्रतिनिधिमंडल कार्यपालक अभियंता प्रेम कुमार से मिला। जिनसे स्मार्ट मीटर नहीं लगाने, स्मार्ट मीटर के गलत बिलिंग की जाँच कराने, शहर के जर्जर तार के बदले जाने तथा जिन क्षेत्रों में पोल और केबल नहीं लगाया गया है वहां शीघ्र लगाने आदि की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अधिकारी ने 15 दिनों का समय मांगा है। प्रतिनिधिमंडल में अमृत प्र।साद, नेहाल अहमद, वसीम, दिलीप कुमार मंडल, रामाशिष यादव, रामजगन गिरी, संजीत कुमार सिंह, विजय कुमार पान, कुमार जितेंद्र आदि शामिल थे। धरना को अखिलेश कुमार, यमुना यादव, रामेश्वर प्रजापति, कांग्रेस के शशि कान्त सिन्हा, विनोद कुमार विद्रोही, सुनील यादव, शहरुउद्दीन, संतोष कुमार, उदय यादव, अरुण कुमार वर्मा , शिवबच्चन शर्मा, हरिनंदन शर्मा, आदि लोगों ने भी संबोधित किया।

  • पानी मे तैर रहा है करहरा गांव, बीमारी फैलने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत

    पानी मे तैर रहा है करहरा गांव, बीमारी फैलने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत

    टिकारी संवाददाता: टिकारी प्रखण्ड के दिघौरा पंचायत अंतर्गत करहरा ग्राम में लगभग 100 घर जलजमाव की समस्या से जूझ रहे है। सीयूएसबी से बारिश की पानी का निकास करहरा गांव में ही किया गया। विगत दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण गांव में जलजमाव अधिक हो चुका है। ग्रामीण बबलू कुमार ने बताया कि सड़क पक्कीकरण किया गया एवं नाला का निर्माण नही किया जिसके कारण सेंट्रल यूनिवर्सिटी परिसर से निकलने वाली पानी गांव में ही जमा हो रहा है। कई घरों में पानी घुस चुका है।

    बबलू ने यह भी बताया कि जहां आवश्यकता थी नाला बनाने की वहां संवेदक द्वारा नाला न बनाकर दूसरे जगह बना दिया गया जो ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब है। जलजमाव के कारण बीमारी फैलने की भी आशंका जो ग्रामीणों के सेहत पर बुरा प्रभाव डाल सकता है। मामले को लेकर मुखिया स्मति देवी के पति मुन्ना शर्मा ने बताया कि मामले को लेकर यूनिवर्सिटी को अवगत कराया गया है परंतु कोई सुनवाई नही हो सकी। स्थानीय प्रशासन से भी समस्या के निदान की मांग की गई है।

  • बालू खनन से बने गड्ढे में डूबने से किशोर की मौत, परिजनों में मातम

    बालू खनन से बने गड्ढे में डूबने से किशोर की मौत, परिजनों में मातम

    टिकारी संवाददाता: पंचानपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत कसिमा ग्राम स्थित मोरहर नदी के गहरे पानी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान कसिमा ग्राम निवासी सुरेश पासी के 12 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार नदी से बालू के खनन के बाद जगह जगह अधिक गड्ढा बन गया है। रविवार को रोहित गांव अन्य बच्चों के साथ नदी किनारे खेल रहा था। इसी क्रम में वह पानी भरे गड्ढे में चला गया और डूबने लगा। जिसके बाद सहयोगी बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज पर जुटे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद रोहित पानी भरे गड्ढे से बाहर निकाला आनन फानन में पंचानपुर स्थित एक निजी चिकित्सक के क्लिनिक में लाया।

    जहां जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया। इधर घटना की सूचना पर पहुंची पंचानपुर थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर थाना आई और स्वजनों की सहमति के बाद आवश्यक कार्यवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कालेज एवं अस्पताल गया भेज दिया। पंचायत के मुखिया रूबी कुमारी व विक्रांत कुमार ने बताया कि कबीर अंत्येष्टि के तहत तत्काल तीन हजार रुपए प्रदान किया गया है। पारिवारिक लाभ एवं आपदा राहत की राशि के लिए प्रशासन से आग्रह किया गया है। घटना को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि अवैध खनन का नतीजा है कि गांव के किनारे ही नदी में कई जगह जानलेवा गड्ढा बने है। प्रशासन की लापरवाही के कारण मानसून आने से पूर्व गड्ढा समतल नही करना मौत का कारण बना।

  • शब्दवीणा के राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में विभिन्न प्रांतों के रचनाकारों ने पढ़ीं एक से बढ़ कर एक कविताएं

    शब्दवीणा के राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में विभिन्न प्रांतों के रचनाकारों ने पढ़ीं एक से बढ़ कर एक कविताएं

    गया। राष्ट्रीय साहित्यिक-सह-सांस्कृतिक संस्था ‘शब्दवीणा’ की दिल्ली प्रदेश समिति द्वारा आयोजित एक राष्ट्रीय कवि सम्मेलन “कवियों का संसार: सावन की बहार” में शब्दवीणा की बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, गुजरात, राजस्थान, गुजरात, तेलंगाना, झारखंड, दिल्ली, गोवा आदि विभिन्न प्रदेश एवं जिला समितियों से उपस्थित पदाधिकारियों एवं अन्य रचनाकारों ने मनभावन सावन पर एक से बढ़कर एक रचनाएँ पढ़ीं। कवि सम्मेलन का शुभारंभ शब्दवीणा की संस्थापक-सह-राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो डॉ रश्मि प्रियदर्शनी द्वारा स्वरचित सरस्वती वंदना “ज्ञान दे, सुर-तान दे, माँ शारदे वरदान दे” से हुआ।

    तत्पश्चात कोलकाता से जुड़े शब्दवीणा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष-सह-राष्ट्रीय संयोजक कौशल किशोर त्रिवेदी ने कवि सम्मेलन में कार्यक्रम अध्यक्ष एवं शब्दवीणा की राष्ट्रीय कार्यक्रम समन्वयक ज्योति नारायण, मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सचिव महावीर सिंह वीर तथा विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल मेहरवार एवं उपस्थित शब्दवीणा के सभी पदाधिकारियों एवं रचनाकारों का स्वागत किया। श्री त्रिवेदी ने हिन्दी साहित्य, भारतीय संगीत एवं ललित कलाओं के उत्थान में संस्था की स्वस्थ तथा सक्रिय प्रतिबद्धता की चर्चा करते हुए संस्था की संस्थापक सह राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ रश्मि के नेतृत्व में संस्था के तेजी से होते सांगठनिक प्रचार-प्रचार पर हर्ष व्यक्त करते हुए शब्दवीणा परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    कवि सम्मेलन में शब्दवीणा बिहार से राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ प्रियदर्शनी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कन्हैया लाल मेहरवार, राष्ट्रीय उप संगठन मंत्री पंकज मिश्रा, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री डॉ. रवि प्रकाश, प्रो सुनील कुमार उपाध्याय, जैनेन्द्र कुमार मालवीय, अनामिका अनु, विनोद बरबिगहिया, मानसी सिंह एवं चाँदनी बसोया, उत्तर प्रदेश से अनुराग सैनी मुकुंद, अनुराग दीक्षित, रीतू पांडेय, अमिता गुप्ता नव्या एवं ग़ज़लकार राम देव शर्मा ‘राही’, अमिता गुप्ता, मध्य प्रदेश से वरिष्ठ कवि अनंग पाल सिंह भदौरिया ‘अनंग’ एवं संगठन मंत्री कर्नल गोपाल अश्क़, उत्तराखंड से राष्ट्रीय सचिव महावीर सिंह वीर, तेलंगाना से ज्योति नारायण, पश्चिम बंगाल से हीरा लाल साव, कर्नाटक से सुनीता सैनी गुड्डी, विजेंद्र सैनी, ब्रजेन्द्र मिश्र ज्ञासु, निगम राज, एवं संध्या निगम, गोवा से राष्ट्रीय राष्ट्रीय साहित्य मंत्री वंदना चौधरी, राजस्थान से मीना रावलानी, गुजरात से नंदकिशोर जोशी, दिल्ली प्रदेश से राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. संतोष संप्रीति, आशा दिनकर, डॉ. विभा जोशी, रजनी बाला एवं शिव कुमार शिव आदि ने काव्य पाठ किया।

    महावीर सिंह ‘वीर’ के मुक्तक “हर भाई के कर में राखी, मस्तक रोली चंदन है। फिर भी, बहनें सहमी- सहमी, अंतर्मन में क्रंदन है।। जिस दिन मेरे भारत की, हर बहन सुरक्षित हो जाए; मैं उस दिन समझूंगा मेरे देश में रक्षाबंधन है” पर खूब वाहवाहियां लगीं। अनंग पाल सिंह भदौरिया ‘अनंग’ की “बादलों की छुअन सा, अहसास सांसों में बसाये। गगन में फिर वही चिर परिचित लुभावन जलद छाये”, डॉ. सुनील उपाध्याय की कजरी “बदरा घिरि आईल घनघोर, प्रिया बिनु डरत बा मन मोर”, कर्नल गोपाल अश्क़ की “तुझ से दूर हर पल यादों की बौछार होती है।

    पीड़ा से जन्म जिसका, वो शै प्यार होती है”, निगम राज़ की “लहराई है चपल चांदनी, घड़ी है उसके आवन की। उल्लसित हैं पवन, झकोरे, झड़ी लगी है सावन की, संध्या निगम की “सावन में छाई कारी बदरिया, रिमझिम पड़त फुहार रे”, पंकज मिश्र की “मीत है सावन, प्रीत है सावन”, आशा दिनकर की “आया सावन झूम के, रिमझिम बरसत मेह, मधुर-मधुर मौसम हुआ, उमड़त मन में नेह”, डॉ. संतोष संप्रीति की “रिमझिम रिमझिम नन्ही बूँदें सावन की, अँखियाँ देखें राह पिया घर आवन की”, वंदना चौधरी की “पीकर जिसने विष का प्याला, तीन लोक के कष्ट हरे…ऐसा मेरा महादेव, वंदन मेरा स्वीकार करे”, विनोद बरबिगहिया की “समय सावन का, मधुर लगे बदरा की बोली”, तथा डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी की, “हवा बहकी, फ़िजा महकी, मचलने लग गया सावन” एवं “सुनो सहेली सावन आया, मनमोहक, मनभावन आया” सुनकर सभी झूम उठे। कन्हैयालाल मेहरवार के ‘तुमने ही चाहा था मुझको, तुमने ही बिसराया है’ सुनकर मंच मंत्र मुग्ध हो गया।

    कार्यक्रम अध्यक्ष ज्योति नारायण की “मातृभूमि की मिट्टी सबसे पावन है, नंदन वन है यही इन्द्र का कानन है। यहांँ सभी ऋतुओं का नर्तन होता है, फागुन खिलते फूल, बरसता सावन है” तथा अनुराग सैनी मुकंद की “विघ्न पर धैर्य रखो, धैर्य से प्रताप जागे। धैर्य के शौर्य ही अब विघ्न को हरायेंगे” पर खूब तालियाँ बजीं।

    शब्दवीणा प. बंगाल उपाध्यक्ष हीरालाल साव की “दुश्मनी से बाज वो आते नहीं, दोस्ती हम करें तो कब तलक। धैर्य की सीमाएं हद से पार हैं, अब न जागोगे तो जागोगे कब तलक”, सुनीता सैनी गुड्डी की “दुनिया से न्यारे मेरे चारों री बीरा, शत्रु, भरत, लछमन, रघुबीरा”, विजेंद्र सैनी की “इस कवि सम्मेलन से कुछ, संस्कृति-संस्कार लेके जाइये। आपस में जो घट चुका, वो प्यार लेके जाइये”, नंद किशोर जोशी की “सागर है गमों का, जिसका नहीं कोई किनारा। बेसहारा सा हो गया हूं, अब नहीं कोई सहारा”, मीना रावलानी की “ज़रा दूर से देखना ज़ख्म जरा गहरा है” को भी श्रोताओं की खूब सराहना मिली।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रतिष्ठित कवयित्री ज्योति नारायण ने शब्दवीणा के राष्ट्रीय कवि सम्मेलन को अद्भुत तथा अविस्मरणीय बताते हुए डॉ. रश्मि और समस्त शब्दवीणा परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शब्दवीणा के भविष्य को अत्यंत शानदार तथा गौरवपूर्ण बताया। कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन संस्था की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आशा दिनकर ने किया।

  • ददरेजी मोड़ पर बाइक दुर्घटना में महिला की मौत, शोक में डूबा परिवार

    ददरेजी मोड़ पर बाइक दुर्घटना में महिला की मौत, शोक में डूबा परिवार

    कोंच। रविवार सुबह ददरेजी आंती पथ के ददरेजी मोड़ के समीप एक दर्दनाक घटना में बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम साहोपुर थाना टिकारी निवासी 50 वर्षीय सुमित्रा देवी, अपने पति जयराम रजक और पुत्र विकास कुमार के साथ आंती जा रही थीं। वे वहाँ एक शोकाकुल परिवार से मिलने जा रहे थे, जिनके पुत्र की सर्पदंश से कुछ दिन पहले मृत्यु हो गई थी।

    रास्ते में ददरेजी मोड़ के समीप बाइक का संतुलन बिगड़ने से सुमित्रा देवी गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उनकी नब्ज टटोलने की कोशिश के दौरान ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    समाचार लिखे जाने तक, शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज गया भेजा जा रहा था। इस दुर्घटना ने पूरे गांव सहित परिवार में मातम छा गया हैं।